Ratlam News: जड़वासाखुर्द स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जड़वासाखुर्द में मंगलवार को इको क्लब द्वारा पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम (EEP) के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग तथा अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, एप्को भोपाल और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत ग्लोबल वार्मिंग (वैश्विक तपन) विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे:जूनियर वर्ग सीनियर वर्ग सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट थीम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा पेपर क्राफ्ट एवं वुड क्राफ्ट से बनाए गए सजावटी शोपीस सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यालय के प्राचार्य आर एन केरावत ने मृदा, जल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण सहित सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी और उनके समाधान भी बताए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक नागेश्वर उपाध्याय, मुकेश पालीवाल, राजेश दग्दी, नवीन डामोर, रमेश प्रजापत, भंवरलाल धाकड़, शकील अहमद सिद्दीकी, सुस्मिता निगम, रजनी जोनवाल, प्रतीक्षा व्यास, सरस्वती धाकड़, भावना डेविड, रेखा पंवार, सीमा गुप्ता, निक्की पंवार, ममता कुशवाह, अभय मकवाना, सुनील माली सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन राजेश चौहान और भंवरलाल धाकड़ ने किया।

Ratlam News: बागेश्वर धाम सरकार रतलाम में देंगे दिव्य आशीर्वचन, डी. पी. ज्वेलर्स द्वारा आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: डी. पी. ज्वेलर्स (डी. पी. आभूषण लिमिटेड) द्वारा अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए 16 अप्रैल को एक भव्य दिव्य आशीर्वचन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर प्रसिद्ध सनातन धर्म प्रचारक एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री रतलाम आगमन पर अपने अमृतमय वचनों से नगरवासियों को लाभान्वित करेंगे। डी. पी. ज्वेलर्स के संतोष कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन शहरवासियों के लिए एक सौभाग्यपूर्ण अवसर है, क्योंकि बागेश्वर धाम सरकार का यह रतलाम में प्रथम सार्वजनिक संबोधन होगा। वे रामचरितमानस और शिव पुराण के उपदेशों के माध्यम से हिंदू धर्म की महान परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। अनिल कटारिया के अनुसार, बागेश्वर धाम सरकार प्रातः डी. पी. ज्वेलर्स के निजी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, जहां वे बागेश्वर धाम में प्रस्तावित कैंसर हॉस्पिटल प्रोजेक्ट को लेकर शहर के प्रमुख नागरिकों से विचार-विमर्श करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे बंजली चौराहा, दयाल वाटिका के पास स्थित ग्राउंड पर वे अपने दिव्य आशीर्वचन से भक्तों को संबोधित करेंगे। डी. पी. ज्वेलर्स के विकास कटारिया ने बताया कि यह आयोजन उनकी 85वीं वर्षगांठ एवं रतलाम में दूसरे शोरूम के शुभारंभ के उपलक्ष्य में आयोजित उत्सव श्रृंखला का हिस्सा है। आयोजन का उद्देश्य रतलामवासियों को धर्म और संस्कारों की प्रेरणा देना एवं बागेश्वर धाम सरकार से प्राप्त होने वाले आशीर्वाद से नगर को पुण्य भूमि बनाना है। उल्लेखनीय है कि डी. पी. ज्वेलर्स कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत गौ सेवा, डायलिसिस सेवा, वृद्धाश्रम सहयोग, रक्तदान शिविर, पौधारोपण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान देता रहा है। निवेदन: भक्तजन समय पर पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें और धर्ममय वातावरण का हिस्सा बनें।

Ratlam News: रतलाम में मुख्यमंत्री के आगमन पर ट्रैफिक डायवर्जन और नो व्हीकल जोन की व्यवस्था, जानिए पूरा प्लान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: 15 अप्रैल 2025 को मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव रतलाम दौरे पर रहेंगे। वे विधायक सभागृह बरबड़ में आयोजित अखिल भारतीय वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ के सातवें अधिवेशन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नो व्हीकल जोन की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस रतलाम द्वारा जारी रूट डायवर्शन प्लान इस प्रकार है: वाहन पार्किंग व्यवस्था: यातायात पुलिस रतलाम का अनुरोध है कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री के भ्रमण क्षेत्र में चार पहिया वाहनों का प्रवेश न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन क्रेन से हटाए जा सकते हैं। सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद सामाजिक समरसता विभाग द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, रतलाम। Ratlam News: बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद सामाजिक समरसता विभाग द्वारा उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, समानता और बाबा साहेब के आदर्शों को स्मरण करते हुए आयोजित किया गया। इस अवसर पर रतलाम विभाग, जिला एवं प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से विभाग सामाजिक समरसता प्रमुख राहुल सोनी, विभाग सहसंयोजक राजाराम अहोरी, जिला अध्यक्ष राधे श्याम रावल, जिला सह मंत्री अक्षय गोमा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला सहसंयोजक योगेश कुशवाह, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल शामिल रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बाबा साहेब के संविधान, सामाजिक न्याय और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया गया।

Ratlam News: रतलाम में होगा वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन, सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अखिल भारतीय वनवासी ग्रामीण मजदूर महासंघ का सातवां राष्ट्रीय अधिवेशन 15 अप्रैल से रतलाम में शुरू होगा। दो दिवसीय इस अधिवेशन का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार सुबह 11 बजे सैलाना रोड स्थित विधायक सभागृह में करेंगे। अधिवेशन में मजदूरों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान और उड़ीसा सहित कई राज्यों से करीब 300 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही भारतीय मजदूर संघ से जुड़े करीब 3 हजार श्रमिक भी इसमें भाग लेंगे। मुख्य वक्ता होंगे बी. सुरेंद्रन, करेंगे मजदूरों की आवाज बुलंदअधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रन मुख्य वक्ता होंगे। वे पिछले 21 वर्षों से वनवासी श्रमिकों की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। अधिवेशन की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मथूर भाई मालिवाड़ करेंगे। इस मौके पर संत भूरालाल महाराज पवन पंथ के पीठाधीश्वर भी उपस्थित रहेंगे। इन मुद्दों पर होगी अहम चर्चा: प्रशासन ने सीएम की उपस्थिति को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिवेशन में पारित प्रस्तावों के माध्यम से सरकार पर श्रमिक हित में ठोस नीतियां लागू करने का दबाव बनाया जाएगा।

Ratlam News: आलोट में प्रॉपर्टी कारोबारी पर जानलेवा हमला, बेसबॉल बैट और लाठियों से पीटा – सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के आलोट क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ताल-जावरा रोड पर प्रॉपर्टी कारोबारी फारूक अगवान पर दो हमलावरों ने बेसबॉल बैट और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आ चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमला जाकिर पठान और भूयु पठान नामक व्यक्तियों ने किया। इस हमले में फारूक अगवान के दोनों पैर और एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें रतलाम जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूत्रों के अनुसार यह मामला पुराने लेन-देन और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि फारूक और आरोपियों के बीच पूर्व में समझौता भी हो चुका था। फारूक ने पहले ही पुलिस अधीक्षक (SP) से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना की जानकारी मिलते ही ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी विक्रम चौहान ने बताया कि जाकिर पठान और भूयु पठान के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 325, 506 और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। यह घटना एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब पीड़ित पहले ही सुरक्षा की मांग कर चुका था।

Ratlam News: रतलाम में प्रांतीय पटवारी संघ का निर्वाचन निर्विरोध संपन्‍न, लक्ष्मीनारायण पाटीदार फिर से बने जिलाध्यक्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: प्रांतीय पटवारी संघ, जिला रतलाम के जिला व तहसील स्तरीय पदाधिकारियों का निर्वाचन शनिवार को देवश्री गार्डन में गरिमामयी माहौल में सम्पन्न हुआ। जिलेभर से आए पटवारियों की एकता और उत्साह के साथ हुए इस निर्वाचन में जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला कोषाध्यक्ष सहित सभी 9 तहसीलों के पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश भाटी ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि पटवारियों के सर्वसम्मत समर्थन से लक्ष्मीनारायण पाटीदार पुनः जिलाध्यक्ष चुने गए हैं। वहीं, दीपक राठौड़ को जिला सचिव और दुर्गेश हैदरिया को जिला कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। तहसील स्तरीय निर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं: निर्वाचन उपरांत आयोजित वार्षिक सम्मेलन में प्रांतीय पटवारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विन सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ पटवारियों एवं नव निर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। सम्मेलन में सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के भविष्य की योजनाएं और अपना विजन साझा किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश पाटीदार ने किया तथा आभार प्रदर्शन एम. एल. कोलवार द्वारा किया गया।

Ratlam News: रतलाम एक्सप्रेस-वे बना तस्करी का ट्रैक : शराब से भरी कार लेकर भागा तस्कर, आबकारी टीम ने शिवगढ़ के पास दबोचा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन रतलाम एक्सप्रेस-वे अब शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल होने लगा है। शनिवार रात आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेलनपुर निवासी गौरव पोरवाल को शराब से भरी कार के साथ शिवगढ़ के पास गिरफ्तार किया। उसकी कार से 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बीयर जब्त की गई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरव पोरवाल नामक युवक अवैध रूप से शराब लेकर एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के निर्देशन में दो टीमें गठित की गईं। पहली टीम को धामनोद के पास और दूसरी को शिवगढ़ के पास तैनात किया गया। जब गौरव पोरवाल ने धामनोद पर तैनात टीम को देखा, तो वह घबरा गया और अपनी कार को तेजी से मोड़कर शिवगढ़ की ओर भाग निकला। लेकिन आबकारी विभाग की मुस्तैदी के चलते दूसरी टीम ने उसे शिवगढ़ के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट और डिक्की से 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बीयर बरामद की गई। आरोपी गौरव पोरवाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आबकारी उप निरीक्षक चेतन वेद के नेतृत्व में वंदना अग्रवाल, अर्पित पांडे, संतोष नेका, रामचरण पंवार, नगर सैनिक शंकर भूरिया और नरेंद्र भाटी शामिल रहे। टीम की तत्परता से शराब तस्करी की यह कोशिश नाकाम हो गई।

Ratlam News: तालाब से पानी लेने के विवाद में तीन आरोपियों को 5-5 साल की सजा, धारदार हथियार से हमला कर फरियादीगण को पहुंचाई थी गंभीर चोटें

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ग्राम चितावद में तालाब से पानी लेने को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियारों से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में कोर्ट ने तीन आरोपियों को 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास और 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह फैसला माननीय सप्तम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव द्वारा सुनाया गया। प्रकरण में अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक संजीव सिंह चौहान ने पैरवी करते हुए बताया कि घटना 11 फरवरी 2017 की है, जब रात करीब 9:15 बजे ग्राम चितावद तालाब पर फरियादी दिलीप सिंह की दो मोटरें चालू थीं और आरोपी ताज मोहम्मद की एक मोटर। विवाद तब उत्पन्न हुआ जब ताज मोहम्मद की मोटर बंद हो गई और फरियादी की दोनों मोटरें जल गईं। इस विवाद के दौरान ताज मोहम्मद, शहादत हुसैन, शरीफ खान और असलम खान तालाब किनारे मौजूद थे। इसी दौरान ताज मोहम्मद ने लोहे के धारदार हथियार से दिलीप सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए हितेंद्र सिंह और खुद दिलीप सिंह पर भी अन्य आरोपियों ने लोहे की कतार और डरती जैसे हथियारों से प्राणघातक हमला किया, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट दिलीप सिंह द्वारा अस्पताल में देहाती नालिशी के रूप में दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच उपरांत आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 326 एवं आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि यह विवाद एक शासकीय तालाब से पानी लेने को लेकर हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के बीच फ्री फाइट हुई थी। इसी घटना में एक आरोपी ताज मोहम्मद की मृत्यु भी हो गई थी, जिसका अलग से विचारण चल रहा है। अंततः अदालत ने आरोपी शहादत हुसैन पिता एकता नूर, असलम खान पिता अहमद नूर, एवं शरीफ खान पिता अहमद नूर — तीनों निवासी ग्राम चितावद, तहसील एवं जिला रतलाम को दोषी पाते हुए 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

Ratlam News: हनुमान जन्मोत्सव पर रतलाम में हुआ ऐतिहासिक आयोजन, एक लाख 11 हजार 111 हनुमान चालीसा पाठ के साथ दो वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सेवावीर सामाजिक कल्याण समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित “एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह हनुमान चालीसा पाठ” का आयोजन नगर के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। आयोजन में हजारों धर्मप्रेमी जनों की सहभागिता से यह संकल्प न केवल पूर्ण हुआ, बल्कि लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और वज्र बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहा। कार्यक्रम का आरंभ सुबह 5:30 बजे नगर के विभिन्न मोहल्लों में आतिशबाजी के साथ हुआ। इसी क्षण इंद्रदेव की कृपा स्वरूप तेज आंधी और बारिश ने आयोजन की कठिन परीक्षा ली, जिससे टेंट, फ्लेक्स और साउंड सिस्टम पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गए। परंतु सेवावीरों के आत्मविश्वास और समर्पण ने मुश्किलों को मात दी। महज आधे घंटे में संपूर्ण व्यवस्था पुनः सुसंगठित की गई और वातावरण पुनः भक्ति से ओतप्रोत हो गया। हनुमान चालीसा पाठ में नगर के समस्त सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक एवं गैर-राजनैतिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, व्यायामशालाओं, हेल्थ क्लबों, ग्रामीण जनों, एसोसिएशनों, समाज प्रमुखों तथा मातृशक्ति की विशेष भूमिका रही। बच्चों ने हनुमान जी का रूप धारण कर भक्तों का मन मोह लिया। संतों के सान्निध्य में संपन्न हुए इस आयोजन में श्रद्धालु इतने भावविभोर हुए कि हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कई भक्तों की आंखों से अश्रुधारा स्वतः बहने लगी। संतों का स्वागत भव्य पुष्पवर्षा के साथ किया गया और वे मंचासीन होकर आयोजन को दिव्यता प्रदान करते रहे। हनुमान जी महाराज की दिव्य उपस्थिति, भक्तों की अटूट श्रद्धा और सेवावीरों की सेवा भावना ने इस कार्यक्रम को न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक एकजुटता और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सेवावीर परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए भक्ति, सेवा और संगठन की प्रेरणा बन कर सदैव स्मरणीय रहेगा।