MP News: परशुराम जी की तुलना औरंगजेब से करने पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड की रतलाम जिला इकाई ने कांग्रेस नेत्री रेखा विनोद जैन (जबलपुर) और स्वतंत्र लेखक अजय तिवारी (दिल्ली) के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव और एसपी अमित कुमार को ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।    सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से आक्रोश   परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला प्रभारी अनुराग लोखंडे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कांग्रेस नेत्री रेखा विनोद जैन और स्वतंत्र लेखक अजय तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर भगवान परशुराम जी की तुलना क्रूर शासक औरंगजेब से की। इसके अलावा धार्मिक आस्था से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हुए कई अनर्गल बातें लिखी गईं। इससे ब्राह्मण समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में भारी रोष है।   प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर देवी-देवताओं, संतों, महापुरुषों और धार्मिक प्रतीकों पर टिप्पणी करने और फिर माफी मांगने का चलन बढ़ता जा रहा है। यह सिर्फ टीआरपी और प्रचार पाने का हथकंडा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह भारतीय सनातन संस्कृति, सभ्यता और धार्मिक आस्था को बदनाम करने की साजिश है।    ब्राह्मण समाज ने की कठोर कार्रवाई की मांग   परशुराम कल्याण बोर्ड और ब्राह्मण समाज ने मांग की है कि रेखा विनोद जैन और अजय तिवारी के सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में उन्माद फैलाने के प्रयास को देखते हुए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।    कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के नाम भी सौंपा ज्ञापन   प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम संबोधित ज्ञापन रतलाम कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया को सौंपा। कटारिया ने आश्वस्त किया कि यह ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने अनुराग लोखंडे से फोन पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि विवादित पोस्ट सामने आने के बाद महिला नेत्री को नोटिस जारी किया गया, जिसके बाद उन्होंने पोस्ट डिलीट कर माफी मांगी।   डॉ. कामले ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है और भविष्य में भी यदि कोई धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कार्य करेगा तो उस पर कार्रवाई होगी।    ये रहे शामिल   ज्ञापन देने वालों में परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला प्रभारी अनुराग लोखंडे, लगन शर्मा, नीरज कुमार शुक्ला, सुनील दुबे, सत्येंद्र जोशी, राजू हॉकी, राजेश व्यास, सुरेश दवे, जैन समाज से कमलेश मोदी (जैन) और सिंधी समाज से श्याम लालवानी भी उपस्थित रहे।  

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, नया सिस्टम एक्टिव, इन 7 जिलों में बारिश का अलर्ट  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। शनिवार को भिंड जिले के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।   मौसम विभाग ने बताई बारिश की वजह   भारतीय मौसम विभाग आईएमडी के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चंबल संभाग में बारिश हुई। भिंड के अटेर क्षेत्र में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा, देश के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई।   अगले 24 घंटे में इन जिलों में बारिश का अलर्ट   मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भिंड, मुरैना, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।   तापमान का हाल: नर्मदापुरम सबसे गर्म, शहडोल सबसे ठंडा   शनिवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   कन्नौद, खजुराहो और टीकमगढ़ में 39.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि राजगढ़, नौगांव, शिवपुरी और कल्याणपुर में तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।   शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।   मार्च के तापमान रिकॉर्ड   सबसे अधिक तापमान 30 मार्च 2021 को 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।   सबसे कम तापमान 9 मार्च 1979 को 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।   पश्चिमी विक्षोभ का असर, बढ़ सकती है हीट वेव   वर्तमान में पश्चिमी अफगानिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपरी वायुमंडल में चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से गुजरात और राजस्थान की गर्म हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे राज्य में तापमान बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश में भी हीट वेव का असर दिख सकता है।   क्यों जरूरी है यह अलर्ट   यदि आप भिंड, मुरैना, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, झाबुआ या रतलाम में रहते हैं, तो हल्की बारिश के लिए तैयार रहें।   गर्मी से बचने के लिए धूप में निकलते समय सावधानी बरतें और हाइड्रेटेड रहें।   मौसम अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक रिपोर्ट्स पर नजर रखें।  

MP News: रतलाम पुलिस ने धूमधाम से मनाई होली: डीआईजी, एसपी और कलेक्टर ने किया जमकर डांस, फायर लॉरी से बरसाया पानी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: जिले में शनिवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने धूमधाम से होली का पर्व मनाया। एसपी बंगले पर आयोजित इस खास जश्न में डीआईजी मनोज सिंह, एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, कलेक्टर राजेश बाथम समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने रंग-गुलाल उड़ाया और डीजे की धुन पर झूमकर डांस किया। डीआरएम अश्वनी कुमार भी इस उत्सव का हिस्सा बने और पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली।   एएसपी ने फायर लॉरी से बरसाया पानी   इस जश्न का सबसे अनोखा नजारा तब देखने को मिला जब एएसपी राकेश खाखा ने फायर लॉरी से पुलिसकर्मियों पर पानी बरसाया। रंग और पानी की मस्ती के बीच अधिकारी और जवान पूरे जोश में दिखाई दिए।   त्योहार के बाद पुलिस की होली   हर साल की तरह इस बार भी पुलिस विभाग में होली के बाद होली मनाने की परंपरा निभाई गई। होली और धुलेंडी के दौरान कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मी बाद में एक दिन अपने लिए होली का जश्न मनाते हैं। इस परंपरा के तहत जिलेभर के पुलिसकर्मियों ने मिलकर उत्सव का आनंद लिया।   जिलेभर में पुलिसकर्मियों ने मनाया जश्न   पुलिस लाइन और जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिसकर्मियों ने होली मनाई। रंग और गुलाल के बीच पूरे माहौल में उत्साह, खुशी और भाईचारे की झलक दिखी। पुलिस अधिकारियों और जवानों के इस जश्न से साफ जाहिर हुआ कि वे न सिर्फ जनता की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं, बल्कि त्योहारों का भी पूरा आनंद उठाते हैं।  

MP News: त्योहारों पर रतलाम पुलिस हाई अलर्ट मोड में, ड्रोन कैमरों से रखी जा रही कड़ी निगरानी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: होली, धुलेंडी, रमजान और ईद उल फितर के मद्देनजर रतलाम पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं एसपी अमित कुमार खुद फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।   संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर   एसपी अमित कुमार के निर्देशानुसार, जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जा सके। एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं और ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित कर रहे हैं।   नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई   एसपी अमित कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी प्रकार के हुड़दंग से दूर रहें। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाने वालों, तेज गति से वाहन दौड़ाने वालों और दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सवारी बैठाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है, ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।   पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

MP News:  होली पर गलती से रंग लग जाए तो बुरा न मानें, मुस्कुराएं – रतलाम शहर काजी की अपील  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP News:  रमजान के पाक महीने में इस बार होली और जुमा (शुक्रवार) एक साथ आ रहे हैं, जिससे देशभर में इसे लेकर चर्चाएं हो रही हैं। कई जगहों पर जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया जा रहा है, तो कहीं मुसलमानों को घर में ही नमाज पढ़ने की सलाह दी जा रही है।   इसी बीच रतलाम शहर काजी मौलवी सय्यद अहमद अली ने मुसलमानों से एक अहम अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर होली के दौरान गलती से किसी हिंदू भाई से रंग लग जाए, तो मुस्कुराकर आगे बढ़ जाएं और इसे दिल से न लगाएं।    सब्र और भाईचारे का संदेश   शहर काजी ने अपने पत्र में लिखा, हम सब आका (पैगंबर) के अच्छे उम्मती बनें और सब्र व अच्छे अखलाक (शिष्टाचार) का मुजाहेरा करें। उन्होंने मुसलमानों से आग्रह किया कि वे रमजान की पाकीजगी को ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा नमाज अदा करें और मस्जिदों को आबाद रखें।   उन्होंने आगे कहा, शहर में अमन, शांति और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के फितने-फसाद (विवाद) से दूर रहें और एकता का परिचय दें।   अन्य समुदायों ने किया स्वागत   शहर काजी की इस अपील का अन्य समुदायों के लोगों ने भी स्वागत किया और इसे आपसी सौहार्द को मजबूत करने वाला कदम बताया।   गौरतलब है कि इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण प्रशासन भी सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

MP News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को रतलाम से जोड़ने के लिए 30 करोड़ की सड़क को बजट में मिली मंजूरी  

एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने जताया मुख्यमंत्री मोहन यादव और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का आभार   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP News: मध्यप्रदेश सरकार के वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को रतलाम से जोड़ने के लिए 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 कि.मी. लंबी सड़क को मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए बजट में 1000 रुपये का प्रतीकात्मक प्रावधान किया गया है। इस सड़क के निर्माण से सिटी फोरलेन की लंबाई 6 कि.मी. तक बढ़ जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।   एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने से न सिर्फ रतलाम की कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि व्यापार और उद्योगों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।   आरो आश्रम से एक्सप्रेस-वे तक जुड़ेगा सिटी फोरलेन   वर्तमान में रतलाम शहर के राम मंदिर से आरो आश्रम तक सिटी फोरलेन सड़क बनी हुई है, लेकिन इसके आगे का हिस्सा टू-लेन है। इसी मार्ग पर मेडिकल कॉलेज भी स्थित है, जिससे यातायात का दबाव अधिक रहता है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इस समस्या को देखते हुए लंबे समय से एक्सप्रेस-वे तक सिटी फोरलेन को जोड़ने की मांग की जा रही थी, जिसे अब बजट में शामिल कर लिया गया है।   औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा   रतलाम को राजस्थान से जोड़ने वाले इस अंतरराज्यीय मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय उद्योगों को भी फायदा मिलेगा। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से माल परिवहन आसान होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और निवेश बढ़ने की संभावना भी प्रबल होगी।   रतलाम के विकास को नई दिशा   इस सड़क के निर्माण से रतलाम शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और आम जनता को यातायात जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी। सरकार की इस योजना से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और उद्योगपतियों को लाभ होगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक विकास को नया आयाम मिलेगा।

 MP Budget 2025: लाड़ली बहनों को लेकर बड़ा ऐलान, DA बढ़ेगा, किसानों को मिलेगा बोनस, पढ़ें पूरी डिटेल  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP Budget 2025: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि यह बजट “आंकड़ों का नहीं, विश्वास का बजट है।” सरकार ने लाड़ली बहनों, किसानों, सरकारी कर्मचारियों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े ऐलान किए हैं। साथ ही, 2025-26 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की गई है। आइए जानते हैं बजट की बड़ी घोषणाएं—   लाड़ली बहनों को मिलेगा अटल पेंशन योजना का लाभ   – सरकार ने लाड़ली बहनों की राशि में बढ़ोतरी नहीं की है   – हालांकि, अब उन्हें अटल पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा   – इस योजना के तहत उन्हें बुढ़ापे में पेंशन का लाभ मिलेगा   सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा डीए   – एक अप्रैल 2025 से डीए यानी महंगाई भत्ता संशोधित किया जाएगा   – इससे लाखों सरकारी कर्मचारियों को राहत मिलेगी   किसानों को मिलेगा धान पर बोनस   – धान की फसल पर किसानों को बोनस देने की घोषणा की गई है   – इसके अलावा, सिंचाई परियोजनाओं के लिए 17,863 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है   शिक्षा क्षेत्र में बड़े ऐलान   – एमबीबीएस की चार सौ सीटें बढ़ाई जाएंगी   – पीजी मेडिकल सीटों में 255 सीटों का इजाफा होगा   – ग्यारह नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जाएंगे   – पचास जनजातीय छात्रों को विदेश में पढ़ाई के लिए भेजा जाएगा   स्वास्थ्य और परिवहन में बड़ा निवेश   – स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 23,533 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है   – शहरों में इलेक्ट्रिक बसे चलाई जाएंगी ताकि प्रदूषण कम किया जा सके   – सभी सरकारी वाहन 15 साल पूरे होने पर स्क्रैप किए जाएंगे    पर्यटन और धार्मिक योजनाओं को बढ़ावा   – धार जिले में डायनासोर जीवाश्म केंद्र बनाया जाएगा   – श्रीकृष्ण पाथेय योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया   – राम वन पथ गमन के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया   – सिंहस्थ महाकुंभ के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया   डिजिटल और औद्योगिक विकास पर जोर   – मध्य प्रदेश में पहली डिजिटल यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी   – प्रदेश में 22 नए आईटीआई कॉलेज खोले जाएंगे ताकि युवाओं को तकनीकी शिक्षा मिल सके   – तीन लाख लोगों को नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है   कांग्रेस ने किया बजट का विरोध   – कांग्रेस ने बजट को जनता विरोधी बताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया   – कांग्रेस का आरोप है कि जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार हो रहा है   – किसानों को वादे के मुताबिक समर्थन मूल्य नहीं दिया गया   MP Budget 2025: किन योजनाओं को कितना बजट मिला   | क्षेत्र | बजट (करोड़ रुपये) |   | स्वास्थ्य | 23,533 |   | कृषि | 58,257 |   | जल जीवन मिशन | 17,135 |   | नगरीय विकास | 18,715 |   | ऊर्जा | 19,000 |   | पर्यटन और संस्कृति | 1,610 |   | गृह विभाग | 13,876 |   आप इस बजट के बारे में क्या सोचते हैं? हमें कमेंट में बताएं

Ratlam News: नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई, फर्जी क्लीनिक पर एफआईआर दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में फर्जी क्लीनिक और मेडिकल स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने नर्सिंग होम एक्ट के तहत जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. एम. एस. सागर ने बताया कि भारत सरकार के अवर सचिव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग भोपाल से मिले आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई।   ग्राम मलवासा में पटेल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण   जिला स्तरीय जांच दल ने ग्राम मलवासा में पटेल मेडिकल स्टोर एवं जनरल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां संचालक के पास वैध लाइसेंस पाया गया। हालांकि, मेडिकल स्टोर के पीछे बने कक्ष में डॉ. एहसान अली मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार करते हुए पाए गए। जांच में सामने आया कि उनके पास केवल जीएनएम जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी का प्रमाण पत्र है, लेकिन वे खुद को चिकित्सक बताकर मरीजों का इलाज कर रहे थे।   बिना पंजीयन चल रहा था अस्पताल, बायोमेडिकल वेस्ट नियमों का उल्लंघन   जांच में अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट अधिनियम 2016 और 2018 के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। साथ ही, नर्सिंग होम एक्ट के तहत अस्पताल का वैधानिक पंजीयन नहीं पाया गया। डॉ. एहसान अली चिकित्सा व्यवसाय संबंधी मध्य प्रदेश मेडिकल काउंसिल का पंजीयन प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सके।   दवाइयां जब्त, एफआईआर दर्ज   जिला स्तरीय जांच दल ने मौके से उपलब्ध दवाइयों को जब्त कर मौका पंचनामा तैयार किया। इसके बाद नामली थाने में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।   जांच दल में शामिल अधिकारी   इस कार्रवाई में डॉ. प्रणब मोदी, डॉ. राजेश मंडलोई, आशीष चौरसिया, पुष्कर राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।  

MP News: एमपी में सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल? 12 मार्च को बजट में हो सकता है बड़ा फैसला  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  MP News: मध्य प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर आ सकती है। 12 मार्च को राज्य का बजट पेश होने वाला है, और इस दौरान सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट टैक्स में कटौती का ऐलान कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हो सकते हैं।   छत्तीसगढ़ सरकार के फैसले से बढ़ी उम्मीदें   हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने बजट में टैक्स कम किया है, जिससे वहां पेट्रोल-डीजल के दाम घटे हैं। अब मध्य प्रदेश के लोग भी सरकार से ऐसी ही उम्मीद लगाए बैठे हैं।    एमपी में पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा टैक्स   मध्य प्रदेश उन राज्यों में शामिल है, जहां पेट्रोल-डीजल पर सबसे अधिक टैक्स लिया जाता है। फिलहाल एमपी में पेट्रोल पर 29 प्रतिशत वैट, 2.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और 1 प्रतिशत सेस लगाया जाता है। वहीं, डीजल पर 19 प्रतिशत वैट, 1.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और 1 प्रतिशत सेस लिया जाता है।    पेट्रोल-डीजल के मौजूदा दाम   – पेट्रोल: 108.34 रुपये प्रति लीटर (9 मार्च को 107.38 रुपये)   – डीजल: 92.69 रुपये प्रति लीटर (9 मार्च को 92.73 रुपये)    12 मार्च को क्या होगा बड़ा फैसला   अगर राज्य सरकार वैट कम करने का फैसला करती है, तो पेट्रोल-डीजल के दाम में राहत मिल सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों को ध्यान में रखते हुए एमपी सरकार इस मुद्दे पर गंभीर निर्णय ले सकती है। अब देखना होगा कि 12 मार्च को पेश होने वाले बजट में जनता को सस्ता पेट्रोल-डीजल मिल पाता है या नहीं।   लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

MP News: लाड़ली बहना योजना पर खतरा? कांग्रेस नेता का बड़ा दावा, बीजेपी सुप्रीम कोर्ट में करेगी बंद  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा सियासी बयान सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने दावा किया है कि बीजेपी खुद सुप्रीम कोर्ट जाकर इस योजना को बंद करवाएगी। उनका कहना है कि बिहार चुनाव के बाद बीजेपी फ्रीबीज योजनाओं पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है।    सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा आरोप   पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी फ्रीबीज की नई पॉलिसी लेकर आई है, जिसका असली मकसद बिहार चुनाव जीतना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही बिहार चुनाव खत्म होंगे, बीजेपी सुप्रीम कोर्ट के जरिए लाड़ली बहना योजना और किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि जैसी योजनाओं को बंद करा देगी।    लाड़ली बहना योजना पर विवाद क्यों   मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि यह सिर्फ चुनावी रणनीति है। सज्जन सिंह वर्मा के बयान के बाद प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है।   10 मार्च को विधानसभा घेराव करेगी कांग्रेस   विधानसभा बजट सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस किसानों के समर्थन में 10 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। कांग्रेस की मांग है कि गेहूं का समर्थन मूल्य 3,000 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, जबकि बीजेपी सरकार 2,600 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीदने की योजना बना रही है।   क्या सच में बंद होगी लाड़ली बहना योजना   बीजेपी ने अब तक इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन अगर सुप्रीम कोर्ट में मामला जाता है तो इस योजना के भविष्य पर असर पड़ सकता है। क्या सच में लाड़ली बहना योजना बंद होने जा रही है या यह सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी है? इसका जवाब आने वाले दिनों में मिल सकता है।   लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

↑
0%