MP News: क्रिकेट मैच की जीत का जश्न बना बवाल, पथराव-आगजनी के बाद इलाके में शांति, 13 आरोपी गिरफ्तार

महू/इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में भारतीय क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में जीत का जश्न अचानक हिंसा में बदल गया। जुलूस के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। हालात पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने सेना की क्विक रिस्पांस टीम को तैनात किया है। फिलहाल, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।   कैसे भड़की हिंसा?   भारतीय टीम की जीत के बाद 100 से ज्यादा लोग 50 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जश्न मनाने निकले थे। जब यह जुलूस जामा मस्जिद के पास पहुंचा, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पथराव शुरू हो गया और कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी गई।   मस्जिद के बाहर पटाखों से बिगड़ा माहौल   इंदौर ग्रामीण एसपी हितिका वसल ने बताया कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने मस्जिद के बाहर पटाखे फोड़े, जिससे विवाद की स्थिति बन गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे।   इलाके में भारी पुलिस बल तैनात   हिंसा के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महू के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया। कलेक्टर आशीष सिंह के अनुसार, स्थिति को देखते हुए सेना की 8 टुकड़ियां भी इलाके में तैनात कर दी गई हैं।    15 वाहन क्षतिग्रस्त, 6 से ज्यादा गाड़ियों में आग   मार्केट चौक, जामा मस्जिद, बतख मोहल्ला, धान मंडी और पत्ती बाजार सहित कई इलाकों में हिंसा फैल गई। इस दौरान 15 वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिनमें से 6 से ज्यादा गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।   13 लोग हिरासत में, फुटेज के आधार पर और गिरफ्तारियां होंगी   हिंसा के मामले में पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। महू थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है।   फिलहाल शांति, पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी   अधिकारियों का कहना है कि हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।  

MP News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025: रतलाम मंडल पर महिला सशक्तिकरण के तहत आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। MP News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रेलवे स्टेशनों, कार्यशालाओं और कार्यालयों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता सत्र, परिचर्चाएँ और विशेष आयोजन किए गए।   रतलाम रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य एवं महिला जागरूकता परिचर्चा   रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर स्वास्थ्य एवं महिला जागरूकता विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरीमा भटनागर ने महिलाओं के त्याग और समर्पण पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं को हेल्थ सेफ्टी किट वितरित की गई।    महिला कर्मचारियों ने दिखाई कार्य के प्रति प्रतिबद्धता   महिला दिवस के अवसर पर लोको केयर सेंटर, रतलाम और हेल्थ यूनिट, इंदौर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मियों ने भाग लिया। 06 मार्च को लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम में महिला कर्मचारियों ने लोको का शेड्यूल कार्य किया, जिससे रेलवे में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को और मजबूती मिली।   महिला रेलकर्मियों ने कहा कि वे संरक्षा के साथ कार्य करते हुए खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हैं और अपने कार्य में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।    रेलवे में महिला शक्ति की मजबूत उपस्थिति   महिला दिवस के मौके पर यह भी देखा गया कि रेलवे संचालन से लेकर कंट्रोल ऑफिस, रेलवे स्टेशनों पर ड्यूटी और मेंटेनेंस कार्यों में भी महिला रेलकर्मियों ने अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।  

MP News: आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 25 मार्च को रीवा से होगी रवाना, ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका और शिर्डी के दर्शन  

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा “ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका एवं शिर्डी यात्रा” के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 25 मार्च 2025 को रीवा से रवाना होगी और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।   किन-किन स्टेशनों से यात्री चढ़ सकते हैं   यह ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर, इंदौर, देवास, उज्जैन और रतलाम स्टेशनों पर रुकेगी, जहां से यात्री इसमें सवार हो सकते हैं।   11 दिन की यात्रा में होंगे ये दर्शन   यह यात्रा 10 रातें और 11 दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालु द्वारका, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।    किराया और सुविधाएं   यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध हैं   – स्लीपर (इकॉनमी) – 20,700 रुपये प्रति व्यक्ति   – 3AC (स्टैंडर्ड) – 34,600 रुपये प्रति व्यक्ति   – 2AC (कम्फर्ट) – 45,900 रुपये प्रति व्यक्ति   आईआरसीटीसी इस सर्व-समावेशी टूर पैकेज में यात्रियों को आरामदायक ट्रेन यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन, गुणवत्तायुक्त बसों से दर्शनीय स्थलों की यात्रा, ठहरने की सुविधा, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा और सुरक्षा व हाउसकीपिंग सेवाएं प्रदान करेगा।   बुकिंग और अधिक जानकारी   इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं या अधिकृत एजेंट से संपर्क कर सकते हैं।   अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के भोपाल, जबलपुर और इंदौर रेलवे स्टेशन कार्यालयों से निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है   – भोपाल: 9321901862, 8287931723   – जबलपुर: 0761-2998807, 9321901832, 7021091459   – इंदौर: 0731-2522200, 9321901865, 9321901866, 8287931711, 8287931624  

Indian Railways: रतलाम मंडल खेलों को देगा बढ़ावा, एमपीसीए के साथ हुआ करार  

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Indian Railways: पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल न केवल ट्रेनों के संचालन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, बल्कि खेलों और खिलाड़ियों को भी बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के प्रयासों से रतलाम मंडल स्पोर्ट्स एसोसिएशन और मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन एमपीसीए के बीच महत्वपूर्ण करार किया गया है।   शिमला कॉलोनी रेलवे ग्राउंड को मिलेगा आधुनिक रूप   रतलाम स्थित शिमला कॉलोनी रेलवे ग्राउंड, जो वर्तमान में क्रिकेट गतिविधियों का केंद्र है, अब इस करार के तहत और अधिक विकसित किया जाएगा। अनुबंध के बाद इस मैदान का रखरखाव और सुविधाएं बेहतर होंगी, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा।    राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय क्रिकेट स्पर्धाओं का बनेगा केंद्र   इस करार से न केवल जिला और संभागीय स्तर के टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकेंगे, बल्कि भविष्य में बीसीसीआई द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिताएं भी इस मैदान पर कराई जा सकेंगी। इससे रतलाम में क्रिकेट को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।   खेलों को मिलेगा नया आयाम   रतलाम मंडल द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट के लिए तैयार किया जाएगा। रेलवे और खेल संगठनों के बीच इस तरह के करार से खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में मदद मिलेगी, जिससे भविष्य में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभर कर सामने आएंगे।  

MP News: चिठ्ठी लिखकर 50 हजार तक का इनाम व विदेश जाने का मौका, उसके लिए लेना होगा डाकघर की इस प्रतियोगिता में भाग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: भारतीय डाक विभाग द्वारा 09 से 15 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राओं के लिए अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय है –   कल्पना करो कि तुम महासागर हो। किसी को यह पत्र लिखो, जिसमें यह समझाओ कि वे तुम्हारी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करें।   “Imagine you are the ocean. Write a letter to someone explaining why and how they should take good care of you.” प्रतियोगिता संभागीय स्तर पर रतलाम प्रधान डाकघर में 16 मार्च 2025 रविवार को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें भाग लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 10 मार्च 2025 तक अपना आवेदन अधीक्षक डाकघर, रतलाम संभाग, रतलाम 457001 के पते पर भेज सकते हैं।   प्रतिभागी अंग्रेजी अथवा हिंदी भाषा में पत्र लेखन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।   मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 5,000 रुपये और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।   राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये और प्रमाण पत्र, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र तथा तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।   अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों का चयन करेगा और सर्वोत्तम तीन प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदान करेगा। इसके अलावा, स्वर्ण पदक विजेता को स्विट्जरलैंड के बर्न स्थित वैश्विक डाक संघ मुख्यालय की यात्रा करने का अवसर या एक वैकल्पिक पुरस्कार दिया जाएगा।   अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं मोबाइल नंबर 9425972971 पर संपर्क कर सकते हैं या भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।   यह प्रतियोगिता न केवल छात्रों की लेखन क्षमता को निखारने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण और महासागर की देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाने का मंच भी प्रदान करेगी। साथ ही, स्विट्जरलैंड यात्रा जीतने का सुनहरा मौका भी मिलेगा।   यदि आप 09 से 15 वर्ष की आयु के बीच हैं, तो इस शानदार प्रतियोगिता का हिस्सा बनें और अपनी लेखनी से दुनिया को जागरूक करें।

MP News: विक्रमोत्सव 2025: न्यायप्रियता और आदर्शों की अमर गाथा

उज्जैन- पब्लिक। वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: सम्राट विक्रमादित्य की न्यायप्रियता, साहस और लोककल्याणकारी छवि आज भी समाज में प्रासंगिक बनी हुई है। विक्रमोत्सव 2025 के समापन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में रतलाम के शास्त्री नगर निवासी एडवोकेट एवं पूर्व उप संचालक अभियोजन कैलाश व्यास ने कहा कि विक्रमादित्य का कार्यकाल ईसा की पहली शताब्दी का माना जाता है, फिर भी लगभग 2100 वर्षों बाद भी वे लोकमानस में न्यायप्रिय सम्राट और संरक्षक के रूप में स्थापित हैं।   व्यास ने बताया कि सम्राट विक्रमादित्य को अपने पूज्य भ्राता भृतहरि से राज्य की विरासत के साथ-साथ उच्च आदर्श भी मिले थे। भृतहरि ने कहा था कि न्यायविद एवं विद्वान की प्रशंसा हो या निंदा, वह सौ वर्ष जिए या तत्काल मृत्यु को प्राप्त हो, लेकिन उसे न्याय के मार्ग से कभी विचलित नहीं होना चाहिए।   उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान न्याय व्यवस्था में दंड का सुधारात्मक सिद्धांत, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता का अधिकार, महिलाओं एवं बच्चों के विशेष संरक्षण की अवधारणा उसी न्याय प्रणाली से प्रेरित प्रतीत होती है।   विक्रमोत्सव में न्यायविदों की गरिमामयी उपस्थिति   समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जिला न्यायाधीश आर. एस. चुण्डावत ने विक्रमादित्य कालीन साहित्य और न्याय व्यवस्था पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व जिला जज एस. सी. पाल, पूर्व जिला जज जे. सी. सुनहरे सहित कई विधि शोधार्थी और अभिभाषक उपस्थित रहे।   इस अवसर पर विक्रमोत्सव आयोजन समिति की ओर से कैलाश व्यास का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में विनोद शर्मा, दिनेश पंडिया, रवींद्रसिंह कुशवाह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समापन जिला विधिक सेवा अधिकारी चंद्रेश मंडलोई द्वारा आभार प्रकट करने के साथ हुआ।

MP News: विधायक क्रिकेट महोत्सव: अप्रैल-मई में होगा भव्य आयोजन, लाखों की इनामी राशि के साथ खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक रोमांचक अवसर आने वाला है। कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चेतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में विधायक क्रिकेट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव अप्रैल मध्य से मई मध्य तक चलेगा और इसमें लाखों रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।   खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच   यह टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट होगा, जिसमें रतलाम नगर के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। आयोजन नेहरू स्टेडियम और आईटीआई खेल मैदान में होगा। प्रत्येक टीम में अंडर-19 के खिलाड़ियों की सहभागिता अनिवार्य होगी, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।   आयोजन को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक   इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और क्रीड़ा भारती के सचिव अनुज शर्मा उपस्थित रहे।   रजिस्ट्रेशन और पुरस्कार   स्पर्धा में भाग लेने वाली टीमों के लिए फार्म वितरण नेहरू स्टेडियम से किया जाएगा। विजेता और उपविजेता टीमों को लाखों रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिलेगा।   क्रिकेट प्रेमियों के लिए शानदार मौका   विधायक क्रिकेट महोत्सव न केवल खेल को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर भी देगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट निश्चित रूप से एक शानदार खेल महोत्सव साबित होगा।   इस तरह की ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए हमारे पोर्टल से जुड़े रहें।

MP News: राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में गुरु रामदास स्कूल के भावेश यादव ने 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान किया हासिल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शिवपुरी में किया गया, जिसमें प्रदेशभर से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में इंदौर, उज्जैन, भोपाल, सागर और ग्वालियर संभाग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।   गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र भावेश यादव ने 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल में हर्षोल्लास का माहौल है।   इस मौके पर स्कूल के प्रेसिडेंट श्री जसवंत सिंह सोढ़ी और प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौड़ ने भावेश यादव को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर बधाई दी।   भावेश यादव की इस शानदार जीत से स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रेरित होकर अन्य छात्र भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

MP News: महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे ने सांसदों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, रेल परियोजनाओं पर हुई चर्चा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP News: पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने 28 फरवरी 2025 को रतलाम मंडल कार्यालय के समिति कक्ष में सांसदों के साथ बैठक की। बैठक में रतलाम मंडल में चल रही विभिन्न रेलवे परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, संरक्षा व सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।    बैठक की मुख्य बातें   – बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने की।   – मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से रतलाम मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।   – सांसदों ने नीमच-रतलाम दोहरीकरण, इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन, महू-सनावद आमान परिवर्तन, उज्जैन एवं इंदौर स्टेशन पुनर्विकास जैसे मुद्दों को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी।   – रतलाम-इंदौर (वाया फतेहाबाद) और उज्जैन-फतेहाबाद खंड के दोहरीकरण, ट्रेनों के स्टॉपेज, विस्तार और नई ट्रेनों के संचालन पर भी चर्चा हुई।   – 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ मेले के लिए विशेष तैयारियों पर अलग से बैठक करने का सुझाव दिया गया।   महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने सभी सांसदों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लिए जाएंगे।    बैठक में शामिल सांसद   – सावित्री ठाकुर (राज्य मंत्री, महिला एवं बाल विकास)   – सुधीर गुप्ता (सांसद, मंदसौर)   – शंकर लालवानी (सांसद, इंदौर)   – जसवंत सिंह भाभोर (सांसद, दाहोद)   – ज्ञानेश्वर पाटिल (सांसद, खंडवा)   – आलोक शर्मा (सांसद, भोपाल)   – कविता पाटीदार (राज्यसभा सांसद)   – बंशीलाल गुर्जर (राज्यसभा सांसद)   – उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया व चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।   रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति   बैठक में महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र, मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, वाणिज्य, सुरक्षा, सिग्नल, दूरसंचार, बिजली, यांत्रिक और परिचालन से जुड़े वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।   यह बैठक रेलवे परियोजनाओं में तेजी लाने और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।   – खेमराज मीना, जनसंपर्क अधिकारी, रतलाम मंडल

MP News: मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025: प्रवासी भारतीयों और वैश्विक निवेशकों ने दिखाई गहरी रुचि  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का भव्य आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश को वैश्विक निवेश हब के रूप में स्थापित करना और विदेशी निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना था।   मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में प्रदेश के आर्थिक विकास और औद्योगिक प्रगति के लिए निवेशकों और प्रवासी भारतीयों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर भारत अभियान का प्रमुख स्तंभ बनाना उनकी प्राथमिकता है।   प्रवासी भारतीयों और वैश्विक नेताओं की विशेष उपस्थिति   इस समिट में दुनिया भर से 500 से अधिक प्रवासी भारतीय प्रतिनिधि और कई अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथि शामिल हुए, जिनमें शामिल हैं:   – फिजी के उच्चायुक्त महामहिम श्री जगन्नाथ सामी   – ज़िम्बाब्वे के उप मंत्री (वाणिज्य एवं व्यापार) महामहिम श्री राज मोदी   – बकिंघमशायर, इंग्लैंड की मेयर सुश्री प्रेरणा भारद्वाज   – प्रमुख सचिव, प्रवासी भारतीय विभाग श्री संदीप यादव   इसके अलावा, यूके, दुबई, हांगकांग, सिंगापुर, मलेशिया, ओमान, जापान, यूएसए, पोलैंड, जर्मनी और फिलीपींस से आए निवेशकों और प्रवासी भारतीयों ने प्रदेश में व्यापारिक संभावनाओं पर गहन चर्चा की।   मालवा-रतलाम की बेटी का वैश्विक मंच पर योगदान   यूके से आई सीए मयूरी चोरड़िया ने मध्यप्रदेश शासन को बताया कि उन्होंने वैश्विक स्तर पर “मैं भारत हूँ, मैं मध्यप्रदेश हूँ” के नारे को प्रस्तुत किया, जिसे अंतरराष्ट्रीय लीडर्स द्वारा सराहा गया। उन्होंने मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर लिखे अपने आर्टिकल को भी साझा किया और बताया कि वे प्रदेश में विदेशी निवेश बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। उनके इस योगदान पर गर्व व्यक्त किया गया।   निवेशकों और सरकार के बीच सार्थक संवाद   इस समिट में निवेशकों और सरकार के बीच संवाद के नए आयाम खुले। चर्चा के दौरान, मध्यप्रदेश में स्टार्टअप्स, इंडस्ट्री, टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश की असीम संभावनाओं पर विचार किया गया।   प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने प्रवासी भारतीयों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं की भागीदारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इस समिट से मध्यप्रदेश में नए अवसरों का द्वार खुलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।   ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 का प्रभाव   इस भव्य आयोजन से यह स्पष्ट हो गया कि मध्यप्रदेश निवेश और औद्योगिक विकास के लिए वैश्विक निवेशकों की पसंदीदा मंजिल बन रहा है। समिट में हुए समझौतों और निवेश प्रस्तावों से प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है।  

↑
0%