Ratlam News: रतलाम में 27 जून को निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, सुंदरकांड, सहस्त्रधारा अभिषेक और महाप्रसादी होंगे मुख्य आकर्षण

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन 26 जून से शुरू होगा। थावरिया बाजार स्थित मंदिर से निकलने वाली यह रथयात्रा धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन जगन्नाथ रथयात्रा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के रूप में संपन्न होगा। आयोजन की रूपरेखा तय करने हेतु समिति की बैठक संस्थापक मुन्नालाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समिति अध्यक्ष मंगल लोढ़ा व सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि बीते तीन दशकों से भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा समिति द्वारा भव्यता से निकाली जा रही है। महोत्सव की प्रमुख तिथियां एवं कार्यक्रम:  26 जून (बुधवार):शाम 7:30 बजे थावरिया बाजार मंदिर में महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। 27 जून (गुरुवार):सुबह 9:00 बजे सहस्त्रधारा अभिषेक व भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।दोपहर 2:30 बजे रथयात्रा प्रारंभ होगी। रथयात्रा मार्ग:थावरिया बाजार मंदिर से प्रारंभ होकर यात्रा सूरज पोर, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालू मोदी बाजार, नाहरपुरा, रानीजी का मंदिर, गणेश देवरी, बजाजखाना, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखी पुल, घास बाजार, कलईगर रोड, सेठजी का बाजार, कसारी दरवाजा, बिचला वास, मेहताजी का वास होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। अंत में महाआरती और महाप्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। समिति संरक्षक विश्वमोहन लोढ़ा, अपूर्व जोशी, अशोक लोढ़ा, जितेंद्र जायसवाल, रामचंद्र डोई, रमेश सोलंकी, नारायण सोलंकी, रवींद्रसिंह सोनगरा, कमल सकलेचा, प्रकाश मारोठिया सहित कई सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।

Ratlam News: खेत मालिक ने जेसीबी चालक पर किया दरांता से हमला, गले में आए 10 टांके

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सड़क पर गड्ढे भरने का काम कर रहे जेसीबी चालक पर खेत मालिक ने धारदार दरांता से गले पर हमला कर दिया। हमले में जेसीबी चालक का गला बुरी तरह कट गया और उसे 10 टांके आए हैं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे कांडरवासा और बड़ौदा गांव के बीच की है। जेसीबी चालक शैलेंद्र पिता राधेश्याम मईड़ा (30), निवासी बड़ौदा, क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में मुर्रम डालने का कार्य कर रहा था। वह पल्टूना निवासी मनोज धाकड़ की जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा था। स्थानीय किसान मिलकर रास्ते को ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पास के खेत का मालिक लोकेंद्रसिंह पिता रामसिंह (निवासी कांडरवासा) वहां पहुंचा और जेसीबी चालक से खेत के पास रास्ता बनाने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने अचानक दरांता निकाला और चालक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। दरांता गर्दन के केंद्र से थोड़ा हटकर लगा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गले में करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने घायल को 10 टांके लगाए हैं। घायल को घटनास्थल से कांडरवासा निवासी जीवन जायसवाल बाइक पर बैठाकर नामली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। नामली थाना पुलिस ने आरोपी लोकेंद्रसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर केके सिंह पटेल के अनुसार, यह रोड सार्वजनिक थी और गड्ढों की मरम्मत का कार्य हो रहा था। आरोपी ने बेवजह हमला किया, मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: रतलाम में रात को बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती: शर्ट उतारकर किया हंगामा, 6 युवक गिरफ्तार कर जेल भेजे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम शहर में देर रात सड़क पर बेवजह घूमने और असामाजिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों और पान-चाय की दुकानों के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई युवकों से पूछताछ की और बेवजह खड़े लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस से बहसबाजी शुरू कर दी। दो बत्ती क्षेत्र में एक युवक ने तो हद पार करते हुए शर्ट उतार दी और सड़क पर हंगामा करने लगा। पुलिस को देखकर वह और उसके साथी वीडियो बनाने की धमकी देने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे डीएसपी अजय सारवान ने युवकों को शांत कराया और थाने ले जाकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए 6 युवकों के नाम व पते: इन सभी युवकों को थाना स्टेशन रोड लाया गया और धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने खुद लिया अभियान का जायजापुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने देर रात खुद शहर में पेट्रोलिंग की निगरानी की। उनके साथ डीएसपी अजय सारवान, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, आरआई मोहन भर्रावत और चारों थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर के व्यस्त क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को सतर्क किया और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों को चेतावनी दी। एसपी का बयान:“बेसिक पुलिसिंग के तहत रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। कुछ युवक बेवजह सड़कों पर घूम रहे थे और चेकिंग के दौरान विवाद कर रहे थे। ऐसे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।”

Ratlam News: सीएम राइज स्कूल सांदीपनी में मीडिया स्किल समर कैंप का दूसरा दिन: कहानी कहने और थिएटर की तकनीकों पर मिला प्रशिक्षण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के सीएम राइज स्कूल विनोबा (अब सांदीपनी विद्यालय) में सक्षम संचार फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मीडिया स्किल समर कैंप के दूसरे दिन विद्यार्थियों को कहानी सुनाने की कला, ओपन माइक सत्र और थिएटर की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इस रचनात्मक शिविर का उद्देश्य छात्रों के संचार कौशल को निखारना और मीडिया के क्षेत्र में संभावनाओं से उन्हें परिचित कराना है। शिविर की शुरुआत आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी जितेन्द्र द्विवेदी के व्याख्यान से हुई। उन्होंने कहा, “रेडियो आज भी एक प्रभावशाली माध्यम है जिसकी पहुंच ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक है। बेहतर वाचन शैली और आवाज में विविधता लाकर युवा रेडियो में एक उज्जवल करियर बना सकते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को रेडियो प्रजेंटेशन की बारीकियों से भी अवगत कराया। इसके पश्चात प्रसिद्ध फिल्म लेखक एवं रंगमंच विशेषज्ञ अरुण शेखर ने छात्रों को कहानी कहने की कला, ओपन माइक के महत्व और थियेटर की प्रस्तुति तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा, “एक सजग पर्यवेक्षक ही बेहतर कहानीकार बन सकता है। ओपन माइक जैसे मंच आज युवाओं के लिए अपनी बात कहने का बेहतरीन जरिया बन रहे हैं।” इस सत्र का संचालन सक्षम संचार फाउंडेशन की निदेशक अर्चना शर्मा ने किया। उन्होंने डिजिटल युग में मीडिया, कंटेंट क्रिएशन, वीडियो एडिटिंग, जनसंचार और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाएं उजागर कीं। उन्होंने छात्रों से कहा, “आज के दौर में प्रभावी संचार हर क्षेत्र की आवश्यकता बन चुका है। यह शिविर आपको इसी दिशा में सक्षम बनाएगा।” विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोरा के निर्देशन में संचालित इस समर कैंप में पंजीकृत 40 विद्यार्थियों को प्रत्येक दिन प्रातः 8 से 11 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैरियर प्रभारी मनीषा चौधरी ने बताया कि शिविर में रचनात्मक लेखन, द्विभाषीय अभिव्यक्ति और संवाद कौशल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर ने कहा, “यह शिविर विद्यार्थियों को मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में भविष्य के अवसरों के लिए तैयार करेगा।” समापन टिप्पणी और धन्यवाद ज्ञापन कैरियर प्रभारी मंजुलिका खरे ने किया। उन्होंने बताया कि आने वाले सत्रों में सोशल मीडिया मैनेजमेंट, वीडियो प्रोडक्शन, इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स और पॉडकास्टिंग पर आधारित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

Ratlam News: रतलाम में मेडेविज़न (ABVP) द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, जानिए क्यों जरूरी है रक्तदान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा के उद्देश्य से मेडेविज़न रतलाम यूनिट (ABVP) द्वारा 4 जून (बुधवार) को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर रतलाम मेडिकल कॉलेज परिसर में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना है। मेडेविज़न की ओर से बताया गया कि क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया जैसी रक्त संबंधी बीमारियों के मरीजों को समय-समय पर रक्त की अत्यधिक आवश्यकता होती है। इसके अलावा रोड एक्सीडेंट, गर्भावस्था जटिलताएं और नवजात शिशुओं की आपातकालीन स्थितियों में भी रक्तदान जीवन रक्षक साबित हो सकता है। रक्तदान क्यों है जरूरी? मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर रक्त न मिलने पर कई बार एक माँ अपने बच्चे को, एक भाई अपनी बहन को, या एक बेटा अपने पिता को खो सकता है। ऐसे में रक्तदान करना न सिर्फ एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह किसी के जीवन की डोर भी बन सकता है। “आपका 1 यूनिट रक्त किसी के लिए जीवन का संचार बन सकता है,” — मेडेविज़न टीम शिविर से जुड़ी जानकारी: मेडेविज़न का उद्देश्य मेडेविज़न, जिसका स्लोगन है “A Vision for a Healthy Nation”, ABVP से जुड़ा एक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान है, जो युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इस अवसर पर सभी नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Ratlam News: सोने की उधारी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिला मुख्यालय पर बीते दिनों उधारी को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। लकड़ी व्यापारी अशोक कुमार खिमेसरा ने माणक चौक थाना पुलिस में रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक और सर्राफा व्यवसायी श्रीपाल मांडोत व उनके पुत्र सचिन मांडोत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज कराया है। अशोक खिमेसरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने रत्न सम्पत ज्वेलर्स से 18.860 ग्राम सोने की पोची 1,80,678 रुपये में खरीदी थी, जिसके बदले 1 लाख 65 हजार रुपये नकद अदा कर दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान करना शेष था। फरियादी का आरोप है कि 20 मई 2025 को व्यापारी श्रीपाल मांडोत और उनका बेटा सचिन मांडोत उनके रतलाम स्थित लक्कड़पीठा रोड स्थित घर पहुंचे और शेष राशि की तत्काल मांग की। जब खिमेसरा ने असमर्थता जताई, तो दोनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। अशोक खिमेसरा ने बताया कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी मीना कुमारी, पुत्री अंजली एवं दामाद रितेश जैन के साथ भी आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी दी कि यदि शेष राशि जल्द नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इस मामले में श्रीपाल और सचिन मांडोत के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। खिमेसरा ने यह भी आरोप लगाया कि मांडोत परिवार द्वारा संचालित सर्राफा व्यवसाय में पहले भी इस प्रकार की दबाव और धमकी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस जांच में जुटीमाणक चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: स्वामी ज्ञानानंद के 34वें निर्वाण महोत्सव पर श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: स्वामी ज्ञानानंद के 34वें निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर सैलाना बस स्टैंड स्थित अखंड ज्ञान आश्रम में संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ अमृत महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन चित्रकूट पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित डॉ. स्वामी दिव्यानंद महाराज की अध्यक्षता में सोमवार को प्रारंभ हुआ। कथा के प्रारंभ से पूर्व कथा परीक्षित कैलाश जाट, कलाबाई जाट और जाट परिवार सहित नगर के श्रद्धालुओं ने विधिवत पोथी पूजन कर आयोजन की शुरुआत की। कथा वाचक पंडित मोहनलाल दुबे ने श्रीमद् भागवत की अमृतमयी गाथा सुनाते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान से ओतप्रोत किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानी व्यक्ति प्रभु की भक्ति के माध्यम से धर्म, ईश्वर की प्राप्ति और आत्म कल्याण कर सकता है। अर्थ का उपयोग धर्म और भोग दोनों के लिए किया जा सकता है, परंतु संसार संचालन हेतु काम आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि जिसकी वाणी संयमित नहीं होती, वह सच्ची भक्ति नहीं कर सकता। धर्म कभी नफरत नहीं फैलाता, बल्कि प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना को जन्म देता है। पंडित दुबे ने बताया कि भक्त और भगवान का मिलन ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति कराता है, जिससे जीवन सफल होता है और भक्ति से हृदय में करुणा उत्पन्न होती है। कथा के अंत में आरती कर प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर आश्रम व्यवस्थापक स्वामी देव स्वरूपानंद महाराज ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगी। आयोजन में राजेन्द्र पुरोहित, स्वामी ब्रह्म प्रकाश महाराज, स्वामी सूजाना नंद महाराज, स्वामी शास्वतानंद महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Ratlam News: मुबारिक शैरानी बने कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के उपाध्यक्ष, शुभकामनाओं का लगा तांता

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल में मुबारिक शैरानी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अंजुमन सदर इब्राहिम शैरानी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अमजद लाला, जिला अध्यक्ष मंसूर जमादार, वक्फ बोर्ड जिला अध्यक्ष बबलू पटेल, हज कमेटी जिला अध्यक्ष हाजी फैयाज खान, मोर्चा जिला महामंत्री प्रोफेसर इमरान हुसैन, इमरान मेव, पार्षद शबाना खान, सलीम मेव, शब्बीर रही, हारून लाला, प्रभु सोलंकी, नासिर शाह, सलीम कुरैशी, शेख अजहरुद्दीन, रशिद आलम, मरियम मंसूरी, शाहिद अंसारी, मेहमूद सेठ, रियाज पासपोर्ट, इरफान कुरैशी, रफीक मेव, इस्माइल चाचा, रसीद शैरानी, आसिफ अंसारी, सोहेल शाह, सोयु शैरानी, शेरु पठान, सलीम सदर कुरैशी, अफजाल शैरानी, सलामत शाह, साजिद अंसारी, जाकिर शाह, अनवाज अली, अख्तर खान, जहीर खान, सरफराज खान, जुनैद शैरानी, सरफराज शाह, फैजान पठान, अब्दुल शैरानी, इमरान शेख, अकबर खान, संतोष खरे, कन्हैया लाल चौरसिया, अब्दुलहक मामू, प्रदीप सोलंकी, कैलाश मकवाना, किशोर राठौर, मंसूर अब्बासी, सत्तार खान आदि ने मुबारिक शैरानी को शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर पहलाद पटेल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, मंडल अध्यक्ष आदित्य डागा, वरिष्ठ नेता मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा का आभार भी व्यक्त किया। मुबारिक शैरानी की यह नियुक्ति संगठन में अल्पसंख्यक वर्ग की सशक्त भागीदारी को दर्शाती है। स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस घोषणा से उत्साह का माहौल है।

Ratlam News: बाजारवाद में फेक नेरेटिव सबसे बड़ा संकट: डॉ. जोशी, नारद जयंती पर रतलाम प्रेस क्लब और विश्व संवाद केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में व्याख्यान आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व संवाद केंद्र एवं रतलाम प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नारद जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार, लोकसभा टीवी के पूर्व प्रधान संपादक और वर्तमान में रेडियो कर्मवीर से जुड़े डॉ. आशीष जोशी ने “राष्ट्रचिंतन और समाज निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका – नारदीय परंपरा से आज तक” विषय पर उद्बोधन दिया। डॉ. जोशी ने कहा कि आज के दौर में सबसे बड़ा संकट फेक नेरेटिव है, जो बाजारवाद की देन है। फार्मास्यूटिकल, एग्रीकल्चर केमिकल्स, हथियार उद्योग जैसी वैश्विक कंपनियां अपने हितों के लिए सोशल मीडिया पर झूठे नैरेटिव गढ़ती हैं। उन्होंने चेताया कि पत्रकारों को इन बाजारवादी चालों का हिस्सा बनने से बचना होगा और समाजहित को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नारद केवल संवाद के वाहक नहीं थे, बल्कि वे लोकहित में संवाद करते थे। पत्रकारों को नारद के साथ ही भगवान श्री गणेश से भी प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने ऋषि वेदव्यास की बातों को जस का तस लिखा, अपने विचार नहीं थोपे। आज जब भारत-पाक तनाव जैसे मुद्दे सामने हैं, तो पत्रकारिता को और अधिक जिम्मेदार होना होगा। डॉ. जोशी ने यह भी कहा कि आज की पत्रकारिता में यह तय करना सबसे जरूरी है कि क्या प्रसारित नहीं करना है। बाजारवाद सूचनाओं की बाढ़ लेकर आया है, लेकिन इन सूचनाओं में से सार निकालना और समाजहित में कार्य करना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा मुनि नारद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला, सह सचिव हेमंत भट्ट सहित पत्रकारिता क्षेत्र के अनेक वरिष्ठजन, क्लब सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रतलाम की पत्रकारिता की रही समृद्ध परंपराकार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष गोस्वामी ने रतलाम की पत्रकारिता परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में गोपाल सिंह नेपाली जैसे पत्रकारों ने रतलाम से अखबार निकालकर जनजागरण किया। देश की पहली महिला पत्रकार हेमंत कुमारी चौधरी ने भी यहीं से अपनी पत्रिका ‘सुग्रहिणी’ का प्रकाशन कर महिला पत्रकारिता को दिशा दी। आज भी रतलाम के पत्रकार सकारात्मक और समाजमूलक पत्रकारिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन अदिति मिश्रा ने किया और अंत में आभार संस्था के कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों की तुलना में छोटे शहरों के पत्रकार जमीनी सच्चाइयों से ज्यादा रूबरू होते हैं, और डॉ. जोशी जैसे वक्ता जो खुद इसी धरती से निकले हैं, वे इन सच्चाइयों को बेहतर समझते हैं। कार्यक्रम में मौजूद रहे:शरद जोशी, रमेश टांक, दिलीप पाटनी, राजेश मूणत, सुरेंद्र जैन, नरेंद्र जोशी, विजय मीणा, आरिफ कुरैशी, तुषार कोठारी, भेरूलाल टांक, संजय पाठक, असीमराज पांडेय, राजेश पुरोहित, विवेक बाफना, साजिद खान, समीर खान, राकेश पोरवाल, विवेकानंद चौधरी, जयदीप गुर्जर, नारायण चौधरी, महेश पुरोहित, प्रकाश कुमावत, गोवर्धन चौहान, विवेक मल्होत्रा सहित विश्व संवाद केंद्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।

Ratlam News: रतलाम के न्यू नाइस फुटवियर की धोखाधड़ी बेनकाब; एक दिन में फट गया नया जूता, अब भरना होगा हर्जाना

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। Ratlam News: आम जनता के खून-पसीने की कमाई से कमाया पैसा अगर व्यापारी की ठगी में चला जाए, तो इसे लूट नहीं तो और क्या कहा जाए? रतलाम के प्रतिष्ठित समझे जाने वाले फुटवियर शोरूम “न्यू नाइस फुटवियर” द्वारा उपभोक्ता के साथ की गई लूट अब उजागर हो चुकी है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग रतलाम ने इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए न केवल उपभोक्ता को पूरा न्याय दिलाया, बल्कि फुटवियर व्यापारी को मुआवजा भी भरने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी व सदस्य जयमाला संघवी ने की। क्या था मामला? 24 वर्षीय मंथन मुसले नामक युवक ने इस शोरूम से 1350 रुपये के जूते खरीदे। दुकानदार ने इसे ‘उत्तम गुणवत्ता’ के नाम पर ऊँचे दामों में थमा दिया। लेकिन यह जूते महज़ एक दिन में ही फट गए। जब उपभोक्ता ने दुकानदार से शिकायत की, तो उसे टालने और बहलाने की कोशिश की गई। जब वह पुनः शिकायत लेकर दुकान पहुँचा, तो जूते बदलने की बजाय उसे दुकान से भगा दिया गया। यह न केवल उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी थी, बल्कि एक खुली ठगी थी – और इसे बेनकाब करना ज़रूरी था। मंथन ने इस मामले को उपभोक्ता आयोग में उठाया, और निर्णायक तरीके से न्याय पाया। मामले में दुकान संचालक मुस्तफा ने बताया की ग्राहक का जूता कुछ दिनों के बाद फट गया था। जिसे कुछ दिनों में बदलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने बदलाया नहीं। उपभोक्ता फोरम के हर्जाना भरने के आदेश पर मुस्तफा ने कहा वे अपने वकील से सलाह लेंगे।  आयोग का फैसला – व्यापारी को लगेगा सबक आयोग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह ‘खरी-खरी लूट’ है। आयोग ने दोषी व्यापारी को आदेश दिया कि— • उपभोक्ता को जूते की कीमत 1350 रुपये समेत 6% वार्षिक साधारण ब्याज के साथ लौटाई जाए। • मानसिक क्षतिपूर्ति एवं न्यायिक खर्च के रूप में 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएं। • यदि 60 दिनों में भुगतान नहीं किया गया, तो 8% वार्षिक ब्याज दर से यह राशि वसूल की जाएगी। व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी नहीं चलेगी! यह फैसला उन लालची व्यापारियों के लिए चेतावनी है जो ग्राहकों को “ब्रांडेड” और “गुणवत्ता वाले” प्रोडक्ट के नाम पर घटिया सामान बेचते हैं। उपभोक्ता आयोग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब आम जनता के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले व्यापारी बख्शे नहीं जाएंगे। रतलाम की जनता अब जागरूक हो रही है – और यह फैसला इस मुहिम में एक बड़ा मील का पत्थर है। अब जनता पूछ रही है – ‘क्या ऐसे दुकानदारों की दुकानें चलने लायक हैं?’

↑
0%