हिंदू विरोधी बयान! : दूसरे दिन विहीप – बजरंगदल ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, संसद की सदस्यता समाप्त करने की मांग

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारतीय संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हिंदू हिंसा करते है वाले बयान को लेकर रतलाम में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले दिन यानी मंगलवार को भाजयुमो ने जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका था। अगले दिन बुधवार दोपहर विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल ने कलेक्टोरेट के बाहर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले को चप्पलों से पीटा जिसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विपक्षी नेता राहुल गांधी की संसद में सदस्यता समाप्त करने की मांग की। पदाधकारियों का कहना था कि लोकतंत्र के मंदिर संसद भवन में नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर रहकर राहुल गांधी ने अपनी पार्टी और उसकी विचार धारा को दर्शाते हुए हिंदू विरोधी बयान दिया है। जिससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। विश्वहिंदू परिषद बजरंग दल मालवा प्रांत इसकी घोर निंदा करता है। पुतला दहन के दौरान पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन मंत्री सुखदेव पांचाल, जिला अध्यक्ष दीपक व्यास, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला उपाध्यक्ष रवि निंदाने, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला सह मंत्री अक्षय गोमो, बजरंगदल जिला सयोंजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टाक, मठ मंदिर प्रमुख मोंटी जायसवाल, प्रचार प्रमुख रिक्की सेन, अखाड़ा प्रमुख लखन वर्मा, साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, विद्यार्थी प्रमुख कृष्णा भामा, सेवा प्रमुख अनिल रोतेला, सहित प्रखण्ड, जिला और विभाग के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मामला अवैध माल गौदाम का : लक्ष्मी नगर में ट्रक ने तोड़ी हाइटेंशन लाइन, बाल-बाल बची घर के बाहर बैठी महिलाएं

रहवासियों के विरोध के बीच गोदाम मालिक ने साथियों को बुलाया, पुलिस ने कराया मामला शांत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के हरमाला रोड स्थित लक्ष्मी नगर में शनिवार रात करीब 9.30 बजे ट्रक ने शीतलामाता मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन तोड़ दी। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। हाईटेंशन लाइन टूटने के दौरान करीब 3 से 4 महिलाएं अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान फॉल्ट होकर चिंगारी निकलने लगी और केबल महिलाओं के ऊपर गिरती इससे पहले महिलाएं इधर उधर हो गई। जिससे उनकी जान बाल – बाल बची। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने ट्रक को घेर लिया। ट्रक कॉलोनी में बने फल गोदाम पर जा रहा था। जिसके बाद ट्रक मालिक ने फोन लगाकर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसी बीच संवेदनशील क्षेत्र में मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। जिसके तुरंत बाद स्टेशन रोड थाना टीआई दिनेश भोजक बल के साथ पहुंचे और स्थिति संभाली। मामले में पुलिस ने ट्रक को जप्त कर ट्रक क्रमांक RJ09GC1247 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर ने बताया कि क्षेत्र में फल स्टोर करने के 6-7 गोदाम हैं। यह सभी गौदाम रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से बगैर अनुमति के बने हुए है। वहां फल खाली करने के लिए दिनभर ट्रक जैसे भारी वाहन गुजरते हैं। इससे हमेशा हादसा होने का डर बना रहता है। क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि जलज सांखला ने बताया की मैं और क्षेत्रवासी चार बार नगर निगम शिकायत कर चुके हैं, जिस पर गोदाम संचालकों को निगम से नोटिस भी मिल चुके हैं। बावजूद रहवासी क्षेत्र से गोदाम नहीं हट रहे हैं और दिनभर भारी वाहन यहां से गुजर रहे हैं। नगर निगम और पुलिस प्रशासन को गोदाम संचालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि यहां किसी प्रकार का बड़ा हादसा नहीं हो। समस्या का निराकरण नहीं होता है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

धार्मिक आयोजन : सिया के राम ग्रुप द्वारा सीता नवमीं पर की गई महाआरती, भक्तों ने लिया महाप्रसादी का लाभ

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के युवाओं द्वारा संचालित सिया के राम ग्रुप द्वारा सीता नवमीं पर दीनदयाल नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर आयोजन रखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत आतिशबाजी से की गई। वहीं बालिकाओं ने शस्त्रकला का प्रदर्शन भी किया। जिसके बाद राम दरबार चित्र पर माल्यार्पण कर महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने महा प्रसादी का लाभ लिया। आयोजन में क्षेत्र के रहवासियों व हिंदू संगठनों ने भी हिस्सा लिया। ग्रुप के विकास पांचाल,गोटू सोलंकी, मनीष गेहलोत , राज  डामर, तनीष  चकोटे, कृश पोरवल, वरुण राठौर, दिव्यांश मित्तल , राहुल टाक , जिशांत  टाक , रौनक़ भादर , प्रिंस सोनी, उदय राठौर ,वेदिका पोरवल , माही सिसोदिया , भूमि गोस्वामी, वंशिका सिसोदिया , रिया  सिसोदिया पीहू पोरवल , रिया चौहान , शिवानी ठाकुर, माही  वर्मा आदि उपस्थित रहे।

दारू में गोलमाल? : अवैध दारू से भरी बोलेरो बाइक से टकराई तो फूटा भांडा, वाइन शॉप के सामने ड्राइवर छोड़कर भागा

नए ठेकेदार का नाम आ रहा सामने, लगातार कार्रवाई से सुर्खियों में आई आबकारी टीम ने साधी चुप्पी!, जबकी लागू है आचार संहिता… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बुधवार दोपहर शहर के त्रिपोलिया गेट स्थित वाइन शॉप के सामने एक बोलेरो बाइक से टकरा गई। बोलेरो की टक्कर होने के बाद मौके से वाहन चालक फरार हो गया। जिसके बाद किसी ने बोलेरो का वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। वीडियो में बोलेरो के अंदर शराब की कुछ पेटियां रखी हुई थी। जो कि देशी शराब बताई जा रही है। वीडियो के सामने आने से अवैध शराब का मामला उजागर हुआ। आबकारी के जिम्मेदारों ने कुछ मीडिया संस्थानों को कार्रवाई करने की बात कही है। जबकी चुनावी आचार संहिता लागू है और ऐसे मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश खुद चुनाव आयोग ने दिए हुए है। मामले में पब्लिक वार्ता टीम ने सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी व क्षेत्र के आबकारी वृत्त प्रभारी चेतन वैद से फोन पर चर्चा करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने फोन नहीं रिसीव किया। फोन नहीं रिसीव होने के बाद जिम्मेदारों से जवाब लेने के लिए पब्लिक वार्ता की टीम आबकारी दफ्तर व कंट्रोल रूम भी पहुंची जहां कोई भी नहीं मिला। ऐसे में लोगों द्वारा कई गंभीर सवाल अब आबकारी विभाग और नए ठेकेदार के ऊपर उठाए जा रहे है। दारू किसकी थी?, कहां से आई?, कहां जा रही थी? इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल कोई भी बताने को तैयार नहीं है। कुछ इस प्रकार हुआ घटनाक्रमसुबह करीब साढे दस बजे त्रिपोलिया गेट इलाके में एक सफेद बोलेरो क्र. MP 09 CN 4859 ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। उक्त बोलेरो जीप किसी राकेश पिता मोहन यादव के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस दुर्घटना के बाद ये पता चला कि जीप में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। जहां यह दुर्घटना हुई उसी स्थान पर कम्पोजिट शराब की दुकान भी है। मौके से ड्राइवर के फरार होने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। आचार संहिता में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं ?अवैध शराब परिवहन मामले में तुरंत कार्रवाई करने वाला आबकारी विभाग इस मामले को ठंडा करने में जुट गया है। नए वित्तीय वर्ष के शुरू होते ही एक के बाद एक कार्रवाई से सुर्खियों में आया विभाग बोलेरो में रखी अवैध शराब पर चुप्पी क्यों साधे हुए है यह एक बड़ा सवाल है। सूत्रों के अनुसार बोलेरो में रखी अवैध शराब नए ठेकेदार की पुरानी दुकान की होना बताई जा रही है। जो की जावरा से रतलाम लाई गई थी। वहीं विभागीय जानकारी के अनुसार इस वर्ष रतलाम शहर के सारे ठेके एक ही ठेकेदार के पास है, इसी के पास पिछले वित्तीय वर्ष में जावरा क्षेत्र की दुकानों के ठेके थे। नियमानुसार जिले में शराब के ठेके बदल जाने के बाद पिछले वित्तीय वर्ष में दुकानों पर बची शराब, आबकारी विभाग को लौटाई जाना होती है। लेकिन जावरा की दुकानों में बची हुई शराब विभाग को लौटाई नहीं गई। यही अवैध शराब रतलाम की कंपोजिट दुकानों पर भेजकर उनको बेचे जाने का काम हो रहा था, लेकिन इस दुर्घटना ने यह मामला उजागर कर दिया। विभाग के जिम्मेदार इस अवैध शराब को वैध कराने की जुगत में लगे है, मगर डिपो से परमिट बनकर शराब बाहर निकलती है और कोई भी ठेकेदार इतनी कम मात्रा में डिपो से शराब नहीं मंगवाएगा। वहीं अगर यह शराब दुकान से बाहर जा रही थी तो इतनी बड़ी मात्रा में रिटेल शॉप से शराब कैसे बेची जा रही है यह भी बड़ा और गंभीर सवाल है।


श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ : पांचवे दिन हुआ कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन, विधायक चेतन्य काश्यप ने परिवार सहित किया पौथी पूजन

सनातन धर्म कभी अंध विश्वास करना नहीं सिखाता – कथावाचक जया किशोरी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पांचवे दिन शुक्रवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक व मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुमधुर वर्णन किया। इसके बाद गोवर्धन पूजा का सजीव चित्रण किया और भगवान को छप्पन भोग भी लगाए। कथा के दौरान भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शनिवार को कंस वध, रासलीला, गोपी-उद्धव संवाद तथा श्रीकृष्ण-रूकमणी विवाह के प्रसंग को सुनाया जाएगा।कथा में जया किशोरी ने कहा कि सनातन धर्म हमे कभी अंध विश्वास करना नहीं सिखाता, बल्कि वह जिज्ञासा सिखाता हैं। अधिकतर शास्त्र प्रश्नों से शुरू हो रहे है। गीता जी में अर्जुन भी भगवान से प्रश्न कर रहे है। प्रश्न इस मंशा से करो की सच जानना है, इस मंशा से नहीं कि सामने वाले को गलत साबित करना है। विडंबना है कि आज प्रश्नकर्ताओं के प्रश्न में अहंकार अधिक झलकता है, सत्य की जिज्ञासा कम रहती है। जया किशोरी ने कहा की भगवत गीता के माध्यम से भगवान ने कई सीख दी है। उनकी सीख है कि साथ सही का देना है, भले ही सामने अपना खड़ा हो। आज यह बात बोलना आसान है, लेकिन जब वहीं परिस्थिति स्वयं पर आती है तो यह सीख नहीं निभा पाते है। कथा के शुरुआत में फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप, सिद्धार्थ काश्यप, पूर्वी काश्यप एवं श्रवण काश्यप ने पौथी पूजन किया। इसके बाद समिति सदस्यों एवं अतिथियों द्वारा आरती की गई। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सैलाना विधायक संगीता चारेल उपस्थित रही। नगर की विभिन्न संस्थाओं श्री सनातन धर्म महारूद्र यज्ञ समिति, जीव मैत्री परिवार, श्री बद्रीनाथ सेवा ट्रस्ट, श्री हरियाणा गौड़ ब्राहम्ण समाज, श्री गढ़ कैलाश सेवा समिति, रतलाम जिला खाद बीज व्यापारी ऐसोसिएशन, खेल चेतना मेला आयोजन समिति एवं क्रीड़ा भारती, श्री परशुराम युवा मंच, गुर्जर गौड़ समाज महिला मंडल, जीतो महिला विंग चैप्टर, ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन, श्री ब्राह्मण स्वर्णकार समाज, श्री खरतरगच्छ जैन श्री संघ, जांगिड़ ब्राहम्ण मेवाड़ा समाज, सिंधी समाज, दीनदयाल मंडल आदि संस्थाओं द्वारा  जया किशोरी एवं विधायक चेतन्य काश्यप स्वागत-अभिनंदन किया गया।

मामला सरेराह हत्या का : परिजनों ने शव रख प्रदर्शन शुरू किया, आरोपियों को फांसी व घर तोड़ने की मांग

मामला कल रात हुए हत्याकांड का, करीब 1 घंटे से जारी है विरोध प्रदर्शन.. पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 80 फीट रोड पर हुई 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में परिजनों में आक्रोश फुट चुका है। बुधवार सुबह 11 बजे साक्षी पेट्रोल पंप चौराहे पर परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक विरोध जारी था। परिजन व समाज के लोग हमला करने वाले सभी आरोपियों के मकान तोड़ने, फांसी देने व परिवार के भरण पोषण की मांग कर रहे है। मौके पर थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा, सीएसपी अभिनव बारंगे व तहसीलदार भी पहुंच चुके है। प्रदर्शन के कारण सैलाना रोड पर जाम लग गया है, जिससे आवागमन बाधित हो चुका है। आपको बता दे मृतक बालक गरीब परिवार से था और इकलौता होने के साथ सबसे छोटा था, उससे बड़ी दो बहनें है। मृतक के पिता मजदूरी का कार्य करते है। परिजनों के अनुसार घटना के समय मृतक को फोन लगाकर किसी ने बुलाया और वह घर से कुछ सामान लाने का कहकर निकला था। यह हुआ था कल रात घटनाक्रम :16 वर्षीय विनोद पिता जगदीश पांचाल निवासी महेश नगर की मौत हो गई। मृतक विनोद घटनास्थल पर घायल अवस्था में था जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर 3-4 युवकों ने मिलकर विनोद के साथ चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया की वे एक दूसरे को जानते थे और सोशल मीडिया पर इनके बीच स्टोरी या पोस्ट को लेकर कुछ विवाद हुए थे। 2 – 3 दिन पहले भी इनका आपस में विवाद हुआ था, तब से आरोपी मृतक विनोद की तलाश कर रहा था। आरोपियों ने बताया कि घटना के समय आरोपी व मृतक दोनों 80 फिट रोड से गुजर रहे थे तभी इनकी कहासुनी हुई और विनोद पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से विवाद का मुख्य कारण पता लगाने में जुट गई है।

सरेराह चाकूबाजी : सोशल मीडिया की रंजिश ने दिया हत्या को अंजाम, इलाज के दौरान नाबालिक ने तोड़ा दम

थाने से महज 500 मीटर पर हुई वारदात, पुलिस ने 3 नाबालिग आरोपियों को किया राउंडअप पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत 80 फीट रोड पर चाकूबाजी में एक 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर दी गई। हमला करने वाले सभी आरोपी भी नाबालिग बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 14 से 16 वर्ष बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुख्य आरोपी सहित दो अन्य को राउंडअप कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक बालक गरीब परिवार से था और इकलौता होने के साथ सबसे छोटा था, उससे बड़ी दो बहनें है। मृतक के पिता मजदूरी का कार्य करते है। परिजनों के अनुसार घटना के समय मृतक  को फोन लगाकर किसी ने बुलाया और वह घर से कुछ सामान लाने का कहकर निकला था। सुबह अस्पताल से पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9.30  बजे 80 फीट रोड पर चाकूबाजी की घटना हुई। जिसमें 16 वर्षीय विनोद पिता जगदीश पांचाल निवासी महेश नगर की मौत हो गई। मृतक विनोद घटनास्थल पर घायल अवस्था में था जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर 3-4 युवकों ने मिलकर विनोद के साथ चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया की वे एक दूसरे को जानते थे और सोशल मीडिया पर इनके बीच स्टोरी या पोस्ट को लेकर कुछ विवाद हुए थे। 2 – 3 दिन पहले भी इनका आपस में विवाद हुआ था, तब से आरोपी मृतक विनोद की तलाश कर रहा था। आरोपियों ने बताया कि घटना के समय आरोपी व मृतक दोनों 80 फिट रोड से गुजर रहे थे तभी इनकी कहासुनी हुई और विनोद पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से विवाद का मुख्य कारण पता लगाने में जुट गई है। थाने से महज 500 मीटर की दूरी, ट्रेंड बढ़ा रहा अपराध :चाकूबाजी जहां हुई वो घटनास्थल औद्योगिक थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है। पुलिस से बेख़ौफ इन नाबालिग आरोपियों ने पहले मृतक के साथ मारपीट की उसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया पर हुए विवादों ने संगीन अपराधों को जन्म दिया है। गैंगस्टर पर फिल्माये गए कई तरह के गाने ट्रेंड बने हुए। जिस पर युवा वर्ग रील व स्टोरी अपलोड कर अपराध की दुनियां में कदम रख रहे है। इसमें 14 से 17 वर्ष के नाबालिग युवा सबसे अधिक संख्या में है। हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें युवतियां भी शामिल है। कई तरह के गैंगस्टर स्टाइल के डाइलोग है जिनमें मारने काटने की बात होती है और उस पर लिपसिंग कर रिल्स अपलोड किए जाते है। जिसके बाद शुरू होता है सोशल मीडिया पर पर्सनल वार और वह रील से रियल लाइफ में आ जाता है। ट्रेंड में फॉलोवर्स के साथ खुद को आगे व बड़ा दिखाने की होड़ मची हुई है। हैरानी की बात है कि सोशल मीडिया कच्ची उम्र में नाबालिग युवाओं को जुर्म के रास्ते पर धकेल रहा है। बच्चों का परिजनों की निगरानी से दूर मोबाइल चलाना ऐसी घटनाओं पर अंकुश ना लगने का बड़ा कारण बन रहा है।

श्रीमद् भागवत कथा : राजनीति पर कथावाचक जया किशोरी ने कही बड़ी बात, संघ प्रचारक ने कहा – आदर्श विधायक है काश्यप

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक व मोटीवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग जीवंत श्रवण करवाया। शिव बारात और विवाह के अन्य प्रसंगों में श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे। पूरा परिसर प्रभु की जय-जयकार से गूंज उठा। प्रभु के विवाह का दृश्य अद्भुत रहा। गाजे-बाजे के साथ भगवान शंकर की बारात आई और माता पार्वती से विवाह संपन्न हुआ। इससे पूर्व माता अनुसुइया, वराह अवतार के प्रसंगों ने भावविहल किया। कथा का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख मध्य भारत प्रांत पार्थ सारथी की उपस्थिति में पौथी पूजन के साथ किया गया। जया किशोरी ने कहा कि जीवन में कुछ बातों का असर समझाने से नहीं करके दिखाने में होता है, इसलिए आप राजनीति करते है, तो श्री कृष्ण-सी करें, वह अच्छी है। श्री कृष्ण ने धर्म को जीता दिया। वे अपनी हर लीला में सीख देते है। रामायण को उठाए, तो भी उसमें सब कुछ मिलेगा। भगवान ने अपनी लीलाओं से जिंदगी कैसे जीना है, यह सीख दी। आप शास्त्र ले आए तो कुछ सीखने की जरूरत नहीं पढे़गी। दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक ज्ञान श्रीमद् भागवत गीता है। भगवान ने अर्जुन से कभी कुछ छोड़ने को नहीं कहा, बल्कि जो मिला है, उसे अपने पर हावी न होने देने की बात कही। आपके कारण यदि किसी एक व्यक्ति का जीवन थोड़ा अच्छा हो जाए, तो समझ लेना कि आपने इंसान बनने का कर्तव्य पूरा कर लिया। बच्चों को जीवन में आगे रहना नहीं, अपितु अच्छा इंसान बनना सीखाएं, जिससे वह अपने आप आगे हो जाएगा। कथा की द्वितीय संध्या में समापन से पूर्व शिव पार्वती विवाह प्रसंग का मंचन किया गया। इसके बाद महाआरती हुई। आरंभ में संघ प्रचारक पार्थ सारथी ने कहा कि जया किशोरी आज देशभर में सनातन धर्म की ध्वजा फहरा रही है। वे इस तरह का समाज जागरण और प्रेरणा देने का काम लगातार करती रहे। विधायक चेतन्य काश्यप भी आदर्श विधायक के रूप में स्थापित है। वे खेल, धार्मिक, सामाजिक आयोजनों से नित-नए आदर्श स्थापित कर रहे है। श्री काश्यप ने सैकड़ों बच्चों को कुपोषण से बाहर लाने का प्रशंसनीय कार्य किया है। ऐसे विधायक को पाकर हम धन्य है। विभिन्न संस्थाओं ने किया अभिनंदन :कथा के आरंभ में जया किशोरी एवं फाउण्डेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, श्रीमती नीता काश्यप, सिद्धार्थ काश्यप एवं श्रवण काश्यप ने पौथी पूजन किया। शहरवासियों की ओर से श्री बरबड़ हनुमान मंदिर ट्रस्ट, आर्ट ऑफ लीविंग परिवार, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाईजेशन (जीतो) रतलाम चेप्टर, वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक श्रीसंघ नीम चौक, लायंस क्लब समस्त ग्रुप, श्री राजपूत समाजजन, श्री मारवाड़ी सेन समाज, भाजपा अंबेडकर मंडल ने जया किशोरी का अभिनंदन किया। इस दौरान समिति सदस्यगण उपस्थित रहे।

भागवत ज्ञानयज्ञ : चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने नगर को बदला धर्म नगरी में, निकली भव्य और विराट भगवामय कलश यात्रा

ड्रोन से पुष्प वर्षा रही आकर्षण का केंद्र, हजारों महिलाओं ने सर पर धारण किया कलश पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रसिद्ध कथावाचक व मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी के मुखारविंद से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पूर्व रतलाम के इतिहास में पहली बार भव्य एवं विराट कलश यात्रा निकाली। इसमें हजारों माता-बहने सिर पर कलश लिए शामिल हुई। कलश यात्रा पर पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा की गई, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।यात्रा का शुभारंभ जैन स्कूल से फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने कलश पूजा कर किया। इसके बाद विधायक काश्यप ने सिर पर भागवत पौथी धारण कर समिति सदस्य मोहनलाल भट्ट को प्रदान की। वे सपत्नीक भागवत पौथी एवं कलश के साथ रथ में सवार हुए। इसके बाद बाजना बस स्टैंड से भगवा ध्वज दिखाकर कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। कलश यात्रा जैन स्कूल, बाजना बस स्टैंड से आरंभ होकर चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, पैलेस रोड, नगर निगम, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल होकर बीमा अस्पताल के पास से होते हुए अंबेडकर ग्राउंड कथा स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा का मार्ग में जगह-जगह मंचों से विभिन्न धार्मिक, व्यापारिक, सामाजिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।कलश यात्रा में आगे-आगे गजराज, ऊंट एवं अश्वारोही धर्म ध्वजा लिए चल रहे थे। इसके पीछे ढोल वाहिनी, बैंड, डीजे सहित रथ में सवार होकर राधा-कृष्ण जी के प्रतीक भी शामिल हुए। कलश यात्रा के पूरे मार्ग में ड्रोन द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे शहरवासियों में धर्म का उत्साह व वातावरण निर्मित हुआ। मार्ग में यात्रा का फाउंडेशन अध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, गुजरात के भावनगर विधायक जीतूभाई वाघानी एवं वडोदरा विधायक केयूर भाई, जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, आयोजन समिति सदस्य कन्हैयालाल मौर्य, गोविंद काकानी, मनोहर पोरवाल, निर्मल लुनिया, प्रेम उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, मुन्नालाल शर्मा, संजय व्यास और सिद्धार्थ काश्यप आदि असंख्य लोगों ने स्वागत किया।

वाह बड़े साहब : जिला अस्पताल में छत का प्लास्टर गिरने से बालिका घायल, सिविल सर्जन ने कहा – छज्जे तो घर के भी गिर जाते है!

पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी पहुंचे अस्पताल, अव्यवस्थाओं पर कहा – “बार बार बोला जा रहा झूठ” पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिला अस्पताल की जर्जर हालात अब मरीजों के लिए आफत बनती जा रही है। कुछ दिनों पहले लगातार बारिश के कारण मरीजों को रातो-रात मेडिकल कॉलेज पहुंचाना पड़ा था। इसके बाद अस्पताल के कई हिस्से पहले से ज्यादा जर्जर बन चुके है। आइसोलेशन वार्ड के शौचालय की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे बालिका घायल हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एमएस सागर से जब मीडिया ने बात की तो उनका गैर जिम्मेदाराना रवैय्या सामने आया। मीडिया से बातचीत में सागर ने कहा कि छज्जे तो घर के भी गिर जाते है। तो क्या उसे इतना गंभीरता से लेते है? साथ ही एक अखबार को दिए बयान में कहा की लोक निर्माण विभाग काफी पहले इसे जर्जर घोषित कर चुका है। ऐसे में प्लास्टर गिरना स्वाभाविक है, फिर भी रिपेयरिंग करवाकर काम चला रहे हैं।खेर बड़ा सवाल यही है कि जिम्मेदारी भूलकर इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान पर कोई एक्शन होगा या नहीं?गौरतलब है कि नवीन 300 बेड का अस्पताल बनने के दौरान इन्ही नए नवेले बड़े साहब ने उसके नक्शे में फेरबदल करवा कर काम रुकवा दिया था। तब तक मौजूदा नक्शे के हिसाब से नवीन अस्पताल का बेस तैयार हो गया था। जिसके बाद ठेकेदार को बेस हटाकर सभी सरिया सीमेंट निकालने पड़े थे। फिलहाल वापस से नक्शा तैयार कर लिया गया है, काम फिर शुरू हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार शाम पूर्व गृहमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उस वार्ड का निरीक्षण कर चश्मदीद मरीजों से घटना की जानकारी ली। सिविल सर्जन के बयान पर कोठारी ने कहा कि इस प्रकार का जवाब देना गैर जिम्मेदारी है। किसी को चोट लगती है तो सबको दुख होना चाहिए। कोठारी ने कहा कि 5 साल से नवीन अस्पताल के लिए बार – बार झूठ बोला जा रहा है। यहां मरीज असुरक्षित महसूस कर रहे है। यह बिल्डिंग रियासतकालीन है अब इसको नया बनाने की जरूरत है। पूर्व मंत्री के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन भी वहां पहुंचे। जिसके बाद कोठारी ने उनके दिए बयान पर जमकर खरी खोटी सुनाई। यह हुआ था घटनाक्रम :हिम्मतनगर कॉलोनी निवासी बालिका जाह्नवी जर्जर सिस्टम की भेंट चढ़ गई। बालिका ने बताया कि उसकी दादी को इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया था। दोपहर बाद दादी का हाथ पकड़कर उन्हें शौचालय में ले गई। थोड़ी दूर पर ही छत के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा फर्श पर आ गिरा। इसका कुछ हिस्सा जाह्नवी के हाथ और सिर पर लगता हुआ नीचे आया। जाह्नवी के हाथ और सिर में चोंट आई। अचानक हुए घटनाक्रम के बाद वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भी हड़कंप मच गया। जिसके बाद घटना को दबाने के प्रयास सेअस्पताल प्रशासन ने चुपचाप घायल बालिका और बुजुर्ग दादी को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जिला अस्पताल में मेल सर्जिकल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड की भी हालत गंभीर है। यहां पूरे बरामदा कई जगह से प्लास्टर पहले ही गिर चुका है, बारिश में पानी टपकता रहता है, जिसके निशान अब भी मौजूद है, वार्ड में भी पानी आता है।

0%