Ratlam News: बिहार STF की टीम का रतलाम में एक्सीडेंट: दो जवान शहीद, चार घायल, गुप्त मिशन पर जा रहे थे

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुजरात के गांधीधाम में एक कुख्यात अपराधी को पकड़ने जा रही बिहार STF की टीम सोमवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना का शिकार हो गई। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दो STF जवानों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। मारे गए जवानों की पहचान: घायल जवानों की सूची: हादसे का विवरण: कॉन्स्टेबल रंजन कुमार ने बताया कि वह डिक्की में सो रहे थे और उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि गाड़ी कैसे पलटी। मिथिलेश पासवान के अनुसार, वाहन 100 मीटर तक घिसटता चला गया। तीन जवान गाड़ी के पीछे सो रहे थे, जो हादसे के बाद जागे और स्थिति को समझ सके। प्रशासन की प्रतिक्रिया: रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि वाहन STF का ही था और टीम का एक अधिकारी ही गाड़ी चला रहा था। हादसे के कारणों की जांच जारी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के ADG (ऑपरेशन्स) कुंदन कृष्णन ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, “हमारे दो बहादुर जवानों ने ड्यूटी पर शहादत दी है। टीम एक बड़े अपराधी को पकड़ने जा रही थी। घायलों और शहीदों के पार्थिव शरीर को लाने के लिए एक विशेष टीम रतलाम भेज दी गई है।”

Ratlam News: सोने की उधारी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिला मुख्यालय पर बीते दिनों उधारी को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। लकड़ी व्यापारी अशोक कुमार खिमेसरा ने माणक चौक थाना पुलिस में रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक और सर्राफा व्यवसायी श्रीपाल मांडोत व उनके पुत्र सचिन मांडोत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज कराया है। अशोक खिमेसरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने रत्न सम्पत ज्वेलर्स से 18.860 ग्राम सोने की पोची 1,80,678 रुपये में खरीदी थी, जिसके बदले 1 लाख 65 हजार रुपये नकद अदा कर दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान करना शेष था। फरियादी का आरोप है कि 20 मई 2025 को व्यापारी श्रीपाल मांडोत और उनका बेटा सचिन मांडोत उनके रतलाम स्थित लक्कड़पीठा रोड स्थित घर पहुंचे और शेष राशि की तत्काल मांग की। जब खिमेसरा ने असमर्थता जताई, तो दोनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। अशोक खिमेसरा ने बताया कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी मीना कुमारी, पुत्री अंजली एवं दामाद रितेश जैन के साथ भी आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी दी कि यदि शेष राशि जल्द नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इस मामले में श्रीपाल और सचिन मांडोत के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। खिमेसरा ने यह भी आरोप लगाया कि मांडोत परिवार द्वारा संचालित सर्राफा व्यवसाय में पहले भी इस प्रकार की दबाव और धमकी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस जांच में जुटीमाणक चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: मिलावट पर सख्ती: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम में लगातार कार्रवाई जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहे हैं। आज की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा ताल और आलोट क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। ग्राम मंडावल में स्थित श्री कृष्ण टी स्टाल रेस्टोरेंट एंड किराना स्टोर से बेसन, चावल और चायपत्ती के नमूने लिए गए। वहीं, ग्राम आबूपुरा में स्थित सवारियां मावा भट्टी से मावा और दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा, मेन रोड आलोट स्थित स्वागत ट्रेडर्स से रवा, वंदन ट्रेडर्स से देसी घी तथा बड़ौद नाका आलोट स्थित खाटूश्याम टी स्टाल एवं रेस्टोरेंट से बेसन और मिठाई के नमूने एकत्रित किए गए। कार्रवाई के दौरान सभी दुकान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का भंडारण व विक्रय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी लिए गए नमूने भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को मिलावट मुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Ratlam News: बड़ोदिया गांव में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो घायल

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह, शराब के नशे में स्कूल परिसर में हुआ संघर्ष, 12 पर एफआईआर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। सरकारी स्कूल परिसर में शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरों की बौछार में बदल गई। इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय श्यामलाल पुत्र रूपलाल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरानी रंजिश बनी झगड़े की वजहघटना रात करीब 10 बजे की है, जब गांव से 10 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में दीपक नामक युवक के विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था। मृतक श्यामलाल का चचेरा भाई दीपक इस समारोह का मेजबान था। समारोह में बड़ोदिया और ईटावाखुर्द गांव के युवक शामिल हुए थे। इसी दौरान शराब पीते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जो हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। श्यामलाल की मौके पर ही मौत, दो घायललाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने के दौरान श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायल 28 वर्षीय मनोज और 23 वर्षीय दशरथ का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से पहले तोड़े गए सीसीटीवी कैमरेपुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने वारदात से पहले स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था, जिससे घटना का कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है। हमले की आवाजें सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। 12 पर एफआईआर, 8 हिरासत मेंघटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी स्वराज डाबी और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना एक माह पूर्व डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में हुई है। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 8 आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतक की एक माह पहले हुई थी शादीमृतक श्यामलाल हाल ही में शादी के बंधन में बंधा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चाचा लखन ने बताया कि हमले के वक्त श्यामलाल का छोटा भाई संजय भी वहां मौजूद था। संजय ने गांव के सुनील, गौरीशंकर और जगदीश पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईटावाखुर्द के युवकों को बुलाकर हमला करवाया। गांव में तनाव, पुलिस तैनातघटना के बाद बड़ोदिया गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

Ratlam News: चोरों का मंदिरों पर धावा: एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों में सेंधमारी, पुलिस को खुली चुनौती

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। चोरों ने न सिर्फ क्षेत्र के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया, बल्कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आवासीय क्षेत्र के पास स्थित जैन मंदिर में भी बड़ी चोरी की वारदात कर दी। एक ही रात में तीन मंदिरों में हुई चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए।  गौरतलब है की चोरी होने से एक रात पहले ही एसपी ने शहर में पुलिस की मुस्तेदी जांचने के लिए निरीक्षण किया था। जिसके अगले ही दिन चोरों ने तीन मंदिरों में ताले चटकाकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। यह दूसरी बार है जब पुलिस को चोरों ने खुली चुनोती दी है। नो दिन पूर्व चोरों ने कनेरी पुलिस लाइन में धावा बोला था। यहां हेड कांस्टेबल नीलेश पाठक के सुने मकान से करीब 50 हजार नगद व सोने- चांदी के जेवर उड़ा ले गए थे। पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है। और अब चोरों ने एसपी बंगले के पास के ही मंदिर को निशाना बनाकर खुली चुनौती दी है। जैन मंदिर में सीसीटीवी बंद कर मारी सेंध विक्रम नगर ऑफिसर्स कॉलोनी में स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जो कलेक्टर व एसपी बंगले से चंद मिनट की दूरी पर स्थित है, वहां सोमवार सुबह चोरी की घटना सामने आई। पुजारी शिवलाल जब सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार पर नकूचा लगा मिला, लेकिन ताले गायब थे। अंदर जाकर देखा तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। सूचना ट्रस्टी निर्मल जैन को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से लोहे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी रूम का ताला तोड़ा और डीवीआर के तार काट दिए जिससे कैमरे बंद हो गए। इसके बाद मुख्य मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकद राशि चुरा ले गए। दानपात्र से केवल नोट ले गए और चिल्लर छोड़ गए। पूजा में उपयोग आने वाले चांदी के पात्र भी चोर ले उड़े।  पंचमुखी हनुमान मंदिर भी बना निशाना थावरिया बाजार मेन रोड स्थित पंचेश्वर महादेव पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। पुजारी धर्मेश दशोत्तर ने सुबह मंदिर पहुंचकर जब दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख स्तब्ध रह गए। मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त था। समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा को सूचित किया। जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर के पास स्थित बगीचे के रास्ते से होकर पीछे के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। मंदिर में लगे दो दानपात्रों में से एक को वहीं खोल लिया जबकि बड़े दानपात्र को परिसर में एक तरफ ले जाकर तोड़ा और उसमें रखी राशि निकालकर भाग गए। दान राशि का अनुमान नहीं लगाया जा सका, क्योंकि दानपात्र 4-5 सालों बाद ही खोला जाता है। माताजी मंदिर के कैमरे में कैद हुए बदमाश जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में डॉट की पुल के आगे स्थित मां आद्य शिवशक्ति धाम माताजी मंदिर भी चोरों से नहीं बच सका। जानकारी के अनुसार यहां से चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद चुराए। इसके अलावा, माताजी की मूर्ति पर चढ़े लगभग आधा किलो चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। खास बात यह रही कि इस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। दानपात्र तोड़ते समय की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है। फिंगरप्रिंट मिले, जांच शुरू घटनाओं की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश खाखा, एफएसएल टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंदिरों से एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट जुटाए है। एसपी अमित कुमार ने बताया  तीनों घटनाएं एक ही रात में हुई हैं, जो किसी संगठित बाहरी गैंग की ओर इशारा करती हैं। मामले की जांच बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान को सौंपी गई है। पुलिस को कुछ तकनीकी सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।

Ratlam News: गुर्जर समाज का प्रदर्शन: भाजपा नेता सुनील गुर्जर पर दर्ज एफआईआर को बताया झूठा, एसपी को सौंपा ज्ञापन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चिकलिया टोल प्लाजा पर अवैध वसूली के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर गुर्जर समाज में आक्रोश है। शनिवार को समाज के सैकड़ों लोग रतलाम एसपी कार्यालय पहुंचे और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया को ज्ञापन सौंपते हुए टोल कंपनी पर झूठा मामला दर्ज कराने का आरोप लगाया। समाजजनों ने कहा कि जमुनिया निवासी सुनील गुर्जर पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। सुनील ने न तो कोई राशि की मांग की थी और न ही कोई अवैध गतिविधि की। वह तो केवल कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने की मांग कर रहा था। एसपी कार्यालय के बाहर समाज के लोगों ने टोल वसूलने वाली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान रामस्वरूप गुर्जर ने कहा कि टोल कंपनी के अधिकारियों ने सुनियोजित तरीके से सुनील को फंसाया है। बिलपांक पुलिस ने बिना किसी जांच के एफआईआर दर्ज कर ली, जो अन्यायपूर्ण है। समाज का कहना है कि टोल कंपनी के अधिकारी सुनील को वेतन वृद्धि की मांग करने से रोकने के लिए दबाव बना रहे थे और धमकियां भी दे रहे थे। ज्ञापन देने के दौरान मुरलीधर गुर्जर, देवेंद्र गुर्जर, संतोष धभाई, जयदीप गुर्जर, गणेश गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, रूपेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। क्या है पूरा मामला:कुछ दिन पहले चिकलिया टोल प्लाजा के अधिकारियों ने सुनील गुर्जर के खिलाफ बिलपांक थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। आरोप था कि सुनील हर महीने ₹50,000 की मांग कर रहा था और टोल के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा था। गुर्जर समाज ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए एफआईआर को रद्द करने की मांग की है।

MP News: रतलाम में तिलक पर विवाद: मुस्लिम युवक ने हिंदू नेता को मारा चांटा, गोली मारने की दी धमकी; हिंदू संगठनों का थाने पर प्रदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम के जावरा शहर में शुक्रवार शाम एक सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई, जब एक मुस्लिम युवक आसिम कुरैशी ने हिंदू जागरण मंच के नगर संयोजक सूरज महावर को तिलक लगाने पर कथित रूप से चांटा मार दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने जावरा सिटी थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया। घटना शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सूरज महावर मुगलपुरा इलाके में स्थित एक नमकीन दुकान में काम करते हैं। उसी समय मोहल्ले का रहने वाला आसिम कुरैशी वहां आया और सूरज महावर से कहा, “यह मुस्लिम मोहल्ला है, तिलक लगाकर मत आना। घर में पिस्टल है, गोली मार दूंगा।” इसके बाद उसने चांटा मारा और धक्का भी दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आसिम की धमकी और मारपीट स्पष्ट रूप से दिख रही है। सूरज महावर ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आसिम के साथ उसकी मां, पिता और एक पड़ोसी महिला भी मौजूद थीं। उन्होंने सूरज को बचाने की बजाय उसके हाथ पकड़कर उसका पर्स छीनने की कोशिश की। सूचना मिलते ही जावरा सिटी थाने पर हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से छह थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय और सीएसपी दुर्गेश आर्मों ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों ने बताया कि आरोपी आसिम कुरैशी, उसके पिता सलीम कुरैशी, मां और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी आठ दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने पर उसके स्वागत में आतिशबाजी की गई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इस घटना के विरोध में शनिवार सुबह 11 बजे सर्व हिंदू समाज ने घंटाघर चौराहे पर तिलक लगाकर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और उसका मकान भी ढहाया जाए।

Ratlam News: अब किरायेदार की जानकारी ऑनलाइन दें, थाने जाने की जरूरत नहीं – जानिए

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सभी मकान मालिकों से किरायेदारों और घरेलू नौकरों की जानकारी अनिवार्य रूप से देने की अपील की है। अब यह प्रक्रिया डिजिटल हो गई है – यानी आपको थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। MPeCOP ऐप या वेबसाइट के माध्यम से आप यह जानकारी आसानी से ऑनलाइन दे सकते हैं। जिले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस ने किरायेदारों और घरेलू नौकरों का वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है। मकान मालिक यदि शहर से बाहर रहते हैं या थाने नहीं जा सकते, तो अब वे MPeCOP मोबाइल ऐप या https://citizen.mppolice.gov.in/ वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया: ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया: जरूरी दस्तावेज: पुलिस का निर्देश और चेतावनी:पुलिस अधीक्षक रतलाम द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। यदि किसी मकान मालिक ने निर्धारित समय में जानकारी नहीं दी और उसका किरायेदार किसी अपराध में लिप्त पाया गया, तो मकान मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी। जनता से अपील:जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे 1 सप्ताह के भीतर अपने किरायेदारों और घरेलू नौकरों की जानकारी ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से अनिवार्य रूप से जमा करें।

Ratlam News: जमीन डायवर्शन के लिए 6 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगेहाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: उज्जैन लोकायुक्त टीम ने रतलाम जिले के जावरा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। यह रिश्वत जमीन के डायवर्शन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में मांगी गई थी। आरोपी पटवारी की पहचान प्रवीण जैन के रूप में हुई है, जो जावरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत खेड़ाखेड़ी के हल्का बामनखेड़ी में पदस्थ है। जानकारी के अनुसार, महिला आवेदक श्यामुबाई ने हुसैन टेकरी, जौरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर निर्माण के लिए 525 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा था। डायवर्शन की प्रक्रिया के लिए जब वह हल्का पटवारी से मिली तो उसने 6 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। इसके बाद श्यामुबाई ने 17 मई को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद बुधवार 2:15 बजे जावरा स्थित पटवारी के निजी ऑफिस (पुरानी कोर्ट के पास, सागर पैसा मोहल्ला) में ट्रैप की कार्रवाई की। महिला को तय राशि के साथ भेजा गया और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। टीम में शामिल अधिकारी:इस कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र वर्मा, इंस्पेक्टर राजेंद्र वर्मा, कॉन्स्टेबल अनिल अटोलिया, शिवकुमार शर्मा, हितेश ललावत और नेहा शर्मा मौजूद थे। फिलहाल आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। नोट: आमजन से अपील है कि यदि किसी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगी जाए तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय से संपर्क करें।

Ratlam News: हत्या की गुत्थी सुलझी: कुएं में मिली महिला की लाश का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चाँदी के आभूषण बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कुएं में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी। मृतिका की पहचान राजुबाई पति स्व. रामलाल मालवीय, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम रणायरा पीरखेडा थाना झारड़ा जिला उज्जैन के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मृतिका की हत्या उसके परिचितों ने ही की थी। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाका एवं एसडीओपी आलोट श्री साबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा संदेही शंकरलाल मालवीय और उसके भांजे ईश्वर मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने राजुबाई की हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मृतिका द्वारा उधार दिए गए पैसों की मांग और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर उन्होंने पहले गला दबाकर और फिर कुएं में धकेलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के सोने-चाँदी के आभूषण और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतिका के आभूषण, चप्पल, और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी – जब्त माल –– मृतिका के चाँदी के दो पायलों (वजन लगभग 400 ग्राम), चाँदी की चेन, नाक की बाली, सोने के टॉप्स व बालियाँ, चाँदी की अंगूठी और चप्पल, कुल अनुमानित कीमत ₹73,700। विशेष भूमिका –निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक रविंद्र मालवीय, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, आरक्षक शुभम सिंह, राहुल, प्रीतम, विश्वेन्द्र, मनोज। सराहनीय योगदान –प्र.आर. देवराज सिंह चौधरी, आर. देवेंद्र, आर. सोहन, आर. मनीष, आर. शांतिलाल, आर. कुलदीप सिंह, आर. विक्रम, आर. मनोज, आर. पवन, आर. हरीशंकर। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं टीम के समन्वय से यह जघन्य हत्या का मामला सुलझा, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

0%