भय्याजी ने भरी हुंकार : भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने दाखिल किया नामांकन, रैली में दिखा जोश और उत्साह

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव के लिए रतलाम शहर से भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने गुरुवार को नामांकन प्रस्तुत किया। नए कलेक्टोरेट में नामांकन के लिए विशाल रैली से पूर्व काश्यप श्री कालिका माता मंदिर पहुंचकर सपरिवार आशीर्वाद लिया। नामांकन रैली का मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रैली में सांसद गुमानसिंह डामोर, महापौर प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, जिला प्रवास प्रभारी गुजरात विधायक केयूर भाई रोकड़िया, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, सह संयोजक प्रेम उपाध्याय, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय एवं निर्मल कटारिया, पूर्व जिलाध्सक्ष कन्हैयालाल मौर्य, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा तथा निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा शामिल रहे। श्री कालिका माता मंदिर में ट्रस्ट अध्यक्ष राजाराम मोतियानी के नेतृत्व में काश्यप का स्वागत अभिनन्दन किया गया। काश्यप ने परिसर स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन वंदन भी किए। इसके बाद स्टेशन रोड़ स्थित जैन मंदिर में भी दर्शन वंदन कर आशीर्वाद लिया। नामांकन रैली भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक काश्यप के चुनाव कार्यालय विसाजी मेंशन, स्टेशन रोड़ से आरंभ होकर दिलबहार चौराहा, टी.आई.टी. रोड़, महू रोड़ फव्वारा चौक होते हुए नए कलेक्टोरेट पहुंची। रैली से पूर्व श्रीमती नीता काश्यप एवं परिवार ने श्रीफल भेंट किया। रैली का दिलबहार चौराहा, ऑटो स्टैंड पर वार्ड पार्षद रामू डाबी एवं समस्त व्यापारीगण, ओखली रेस्टोरेंट, जीवन लॉज के सामने रजनीश गोयल, पटेल किराना के पास उजाला ग्रुप एवं कान्हा उस्ताद मित्र मण्डल, उजाला पैलेस पर अश्विन जायसवाल, अशोक भवन, सत्यनारायण मंदिर के पास नरेंद्र सोलंकी, नीलम गेस्ट हाऊस, टी.आई.टी. रोड़ पर सिंधी समाज, अनिता पाहूजा द्वारा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने, टी.आई.टी. रोड़ पर वार्ड पार्षद योगेश पापटवाल, डॉ. पाटनी वाली गली कॉर्नर, टी.आई.टी. रोड़ पर ओम अग्रवाल, पेट्रोल पंप के पास, पोहावाला के सामने राजेश माहेश्वरी, फव्वारा चौराहा पर इब्राहिम शेरानी, सुभाष मार्केट के बाहर बलवंत भाटी, समता सागर पार्किंग के बाहर मंसूर जमादार, इप्का गेस्ट हाऊस के बाहर वार्ड पार्षद परमानन्द योगी एवं एस.पी. कार्यालय के सामने लुनिया एण्ड संस परिवार सहित, धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कलेक्टोरेट में भाजपा प्रत्याशी काश्यप ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किया। इस दौरान सांसद डामोर, जिलाध्यक्ष लुनेरा, प्रवास प्रभारी रोकड़िया, महापौर पटेल उपस्थित रहै। बनाएंगे जीत का इतिहास :भाजपा प्रत्याशी के रूप में विशाल रैली के साथ नामांकन प्रस्तुत करने जाने से पहले विधायक चेतन्य काश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा किया है, उस पर खरा उतरेंगे। मतदाताओं के आशीर्वाद से रतलाम को नगर से महानगर बनाने का जो संकल्प हमने लिया है, उसे पूरा कर नया रतलाम बनाएंगे। उन्हें विश्वास है कि कार्यकर्ताओं ने इस बार छप्पन हज़ार से अधिक जीत का जो लक्ष्य रखा है, आमजन के आशीर्वाद से भाजपा उससे भी अधिक अंतर की जीत दर्ज कर नया इतिहास बनाएगी।

“बा” पर भरोसा : ग्रामीण से पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को भाजपा से टिकट, जमकर मना जश्न

टिकट मिलने की खबर से पहले खेत पर कर रहे थे बुवाई, सबसे पहले पंहुचे संघ कार्यालय पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी ने अपनी पांचवी सूची जारी कर दी है। पांचवी सूची में 92 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। पांचवी सूची में नामों का ऐलान करने के साथ ही भाजपा प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर सीटों पर अपने 228 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर चुकी है।भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को तीसरी बार रतलाम ग्रामीण विधानसभा से अपना उम्मीदवार घोषित किया। टिकट की घोषणा के दौरान मथुरालाल डामर खेत में बुवाई के काम को देख रहे थे। लिस्ट आने की सूचना के बाद उनके घर के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लग गया। अंचल व हाईकमान के बीच डामर “मथुरा बा” के नाम से मशहूर है। डामर को भाजपा में सरल व सादगी वाला नेता कहा जाता है। भाजपा के अलावा डामर का संघ से पुराना नाता रहा है, टिकट होने के बाद देर रात सबसे पहले डामर राजस्व कॉलोनी स्थित संघ कार्यालय पहुंचे और करीब आधा घंटे से अधिक वहां रुके। जिसके बाद वे पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी के निवास पर पहुंचे। पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को भारतीय जनता पार्टी द्वारा रतलाम ग्रामीण विधानसभा से उम्मीदवारी की घोषणा के बाद समर्थकों ने उनके निवास पर पहुंच उनका स्वागत किया। सभी ने एक – दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कई कार्यकर्ता डामर के स्वागत के लिए पंहुचे। कार्यकर्ताओं ने “अबकी बार 60 हजार” पार का नारा लगाया। इस दौरान डामर को समर्थकों ने कंधे पर उठा लिया और ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। आपको बता दे वर्तमान विधायक दिलीप मकवाना भी टिकट की दौड़ में थे मगर पार्टी ने ग्रामीण में डामर पर भरोसा जताया। डामर कल रविवार को सुबह काछी बड़ौदा (रूनीजा) स्थित गणेश मंदिर, विरुपाक्ष महादेव बिलपांक व सातरूंडा स्थित कंवलका माता मंदिर पर दर्शन पूजन करेंगे। डामर के स्वागत के लिए पहुंचे समर्थकों ने पहले आतिशबाजी की और फिर ढोल की थाप पर जमकर थिरके। जश्न के दौरान भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं के साथ धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के साथ समर्थक भी उपस्थित रहे। डामर के स्वागत का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान कोई फूलों की माला, तो कोई दुप्पट्टा औढ़ाकर और साफा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन करता दिखाई दिया। मथुरालाल डामर ने बताया कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उसके लिए शीर्ष नेतृत्व का आभर है। 2013 में जो जनता ने आशीर्वाद दिया था इस बार वो दोगुना मिलेगा। गांव के किसान भाइयों, गरीबों और प्रत्येक व्यक्ति के लिए विकास कार्य करना प्राथमिकता रहेगी।

सबका कटेगा “टिकट” ? : कांग्रेस ने रतलाम शहर से प्रभु को दूर से किया प्रणाम, जावरा में जीवनसिंह शेरपुर को अघोषित कार्यकर्ता बनाकर छोड़ा

टिकट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों में जमकर बवाल, भाजपा ग्रामीण में तो शुरू हुए उपवास पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के मुकाबलों का दौर अभी शुरू नहीं हुआ है। इससे पहले दोनों ही पार्टियों में अंदरूनी मुकाबले की अग्नि परीक्षा जारी है। भाजपा में संगठन के अच्छे मैनेजमेंट के चलते यह बाहरी स्तर पर कम दिखाई पड़ता है, मगर कांग्रेस में सबकुछ खुली किताब है। हम इधर उधर के फालतू कयास नहीं लगाएंगे जिससे आप भी बोर हो जाए। बात करते है सीधे मुद्दे की। देर रात कांग्रेस ने शहर से पारस सकलेचा को अपना दावेदार घोषित किया। सबकुछ ठीक चल रहा था मगर अचानक ही अज्ञात लोग आते है और पुतला जलाकर रवाना हो जाते है। गौरतलब है कि मयंक जाट के मैदान छोड़ने के बाद ही बाकी को अपने अपने टिकट की आस जागी थी। ऐसे में प्रकाश प्रभु राठौड़ अपनी पूरी तैयारी में थे। चुनाव नजदीक आते ही इन्होंने रतलाम के मार्केट में अपनी मार्केटिंग शुरू कर दी। सनातनी झंडा उठाकर प्रभुजी ने धार्मिक कार्यक्रमों को करते हुए अपना चेहरा चमकाया। मगर अंत में कांग्रेस ने इनको दूर प्रणाम करते हुए पारस दादा को अपना दावेदार घोषित किया। अब प्रभु राठौड़ जी के निर्दलीय मैदान में उतरने की भी फुसफुसाहट बाजार में शुरू हो रही है। खेर इतनी बड़ी कांग्रेस में शहर में पारस दादा का पुतला किसने जलाया यह दोनों पार्टियों के लिए जांच का विषय है। MP के किंग को जावरा में जगह नहीं :जातीय संगठन करणी सेना से देशभर में चमके जीवनसिंह शेरपुर ने 2023 में राजनीतिक एंट्री की शुरुआत का एलान किया। खेर यह कोई नई बात नहीं है, की कोई सामाजिक संगठन से शुरुआत करते हुए फेम बेस बनाकर राजनीति में आ रहा हो। जीवनसिंह शेरपुर ने भी ठीक वैसा ही किया। मगर राजनीति में आने से पहले से 2018 के चुनाव में जीवनसिंह ने कांग्रेस को अप्रत्यक्ष रूप से पूरा समर्थन दिया। इस बार नगरीय निकाय में भी जीवनसिंह ने यही किया। जिसके बाद जीवनसिंह ने अपनी विधानसभा की तैयारी शुरू की और कांग्रेस से टिकट की लगभग ग्यारंटी भी समझी। मगर समर्थकों में एमपी का किंग कहे जाने वाले जीवनसिंह को कांग्रेस ने जावरा में जगह नहीं दी। जिसके पीछे कारण बेदाग छवि का नहीं होना बताया जा रहा है। बरहाल जीवनसिंह का कहना है कि वे उनकी मांगों को लेकर अडिग है, इन मांगों को कांग्रेस ने अपने वचनपत्र में जगह नहीं दी है। जीवनसिंह निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरने का मन बना चुके है। फिलहाल जीवनसिंह शेरपुर 80 के करीब विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी की बात कह रहे है। ऐसे में अब कहीं और तो नहीं मगर जावरा में त्रिकोणीय मुकाबला जरूर देखने में आ सकता है। जीवनसिंह शेरपुर के समर्थकों का मानना है कि राजपूत समाज के अलावा अन्य समाज भी उनके साथ है। खेर अब भाजपा की सूची का सभी को बेसब्री से इंतजार है। इस सूची में जावरा, आलोट और रतलाम ग्रामीण की स्थिति स्पष्ट होगी। मौजूदा रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना दिल्ली-भोपाल दौड़ने में लगे है। वहीं पूर्व विधायक मथुरालाल डामर के समर्थकों का मानना है की त्याग व जनता के बीच रहने वाले “बा” को अवसर दिया जाए। ग्रामीण में मथुरालाल डामर की इस बार हवा तेज है। बात यह भी सामने आ रही है कि कई समर्थक इनके टिकट के लिए उपवास तक रख रहे है। लोग पूजा अनुष्ठान कर रहे है।

भैरव मंदिर ऐसा भी! : यहां गलती होने पर तुरंत मिलती है सजा, निःसंतान दंपत्तियों के लिए वरदान है ये मंदिर

कई किस्से कहानियों के साथ आज भी जिंदा है परंपरा, पढ़िए विशेष खबर रतलाम के इस अनूठे भैरव मंदिर की…. पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारत धार्मिक मान्यता प्रधान देश है। यहांहर त्यौहार अपना विशेष महत्व रखता है। देश के हर राज्य व शहर में चमत्कारिक देवस्थल मौजूद हैं जहां चमत्कारिक घटनाओं की साक्षात अनुभूति होती है। आज हम बात करेंगे मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में स्थित ऐसे ही एक प्राचीन स्थल की। यहां के धभाई जी का वास में स्थित भैरव मंदिर अपनी अनोखी गाथाओं व किस्से कहानियों के लिए प्रसिद्ध है। कहा जाता है की यहां भूत बाधाओं से छुटकारा मिलने के साथ – साथ निःसंतान दंपत्ति को संतान का सुख भी मिलता है। इसके अलावा यहां अगर पूजन – पाठ में गलती या खराब मन से कोई पहुंचता है तो उसे तुरंत भैरव महाराज सजा देते है। संबंधित व्यक्ति को उसी समय गलती का एहसास हो जाता है। इस मंदिर को पछाड़मल भैरव के नाम से जाना जाता है। इस नाम के पीछे मान्यता है कि जो कोई भी गलती करता है, तो उसे भैरवनाथ पछाड़ कर सजा देते है। भैरवनाथ को मां दुर्गा के बाद पूजने का विशेष महत्व है कहा जाता है कि जिस प्रकार नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना महत्वपूर्ण है, उसी प्रकार भगवान भैरवनाथ की आराधना भी महत्व रखती है। दर्शन के लिए इस मंदिर तक आप शहर के थावरिया बाजार या हरमाला रोड होते हुए आसानी पहुंच सकते है। दो प्रतिमाएं विराजमान, मदिरा व दूध का लगता भोग :पिछले कई वर्षों से मंदिर में सेवा कर रहे रविंद्रसिंह सोनगरा बताते हैं कि यहां भैरवनाथ की काला व गौरा दो प्रतिमाएं विराजमान है। इनमें से एक को मदिरा तो दूसरे को दूध का भोग लगता है। इन प्रतिमाओं की स्थापना की सही जानकारी किसी को नहीं मालूम है। बताया जाता है कि रतलाम रियासतकाल से यह मंदिर स्थापित है। यहां नौ दिन अखंड ज्योत व जवारों की स्थापना होती है। दशहरे पर विधि विधान से जवारों का विसर्जन किया जाता है। देश भर से यहां श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते है। यहां रियासतकाल के दौर से जवारों का विसर्जन किया जा रहा है जिसे स्थानीय लोग बाड़ी के नाम से भी जानते है। फिलहाल मंदिर के जीर्णोद्धार का काम शुरू होगा जो कि जनसहयोग से पूरा किया जाएगा। मनोकामना पूरी करते है पछाड़मल भैरव :इस मंदिर के बारे में कई किस्से कहानियां आज भी जिंदा है। भक्त यहां आज भी मनोकामना लेकर आते है। जिनकी मनोकामनाएं यहां से पूरी हुई है और शहर के बाहर है वे लोग नवरात्रि में विशेष रूप से यहां आते है। मान्यता है की यहां जवार विसर्जन के दौरान शामिल होने पर दुख दर्द भी विसर्जित हो जाते है। विसर्जन के बाद लोग जवार को अपने साथ लेकर घर आते है और लाल कपड़े में बांध कर भी रखते है। लोगों द्वारा दावा किया जाता है कि यहां भूत बाधाओं व शारीरिक कष्टों से भी छुटकारा मिलता है। निःसंतान दंपत्ति यहां संतान की मनोकामना लेकर जाते है तो उन्हें संतान की प्राप्ति होती है। भैरव को यहां मदिरा व दूध के अलावा लोग सिंदूर का चोला चढ़ाते है। कई लोग यहां बकरे की बलि या दाल, बाटी व चूरमे की मन्नत भी रखते है। इस क्षेत्र के लोगों की मान्यता है कि यहां मन्नत लेने से सबकुछ मिलता है। सबसे खास बात है कि यहां मन्नत के समय कुछ खास चढ़ावा नहीं चढ़ाना होता है। मदिरा, दूध या नारियल से ही भैरव बाबा खुश हो जाते है। (Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। पब्लिक वार्ता इस बारे में किसी प्रकार की कोई पुष्टि नहीं करता है। इसे सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है।)

बेख़ौफ गुंडागर्दी : मेला घूमने आए पति,पत्नी व मासूम बच्चों की कर दी पिटाई, सायकल स्टैंड के कर्मचारियों की करतूत

मेले में सायकल स्टैंड यानी गुंडागर्दी का लाईसेंस?, शुरुआत में ही रहवासियों से कर बैठे विवाद! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर में सरेआम गुंडागर्दी की घटना सामने आई है। जहां एक तरफ पुलिस ने लिस्टेड गुंडों की परेड लगाई वहीं दूसरी और 5 घंटे बाद ही मारपीट की घटना सामने आ गई। पुलिस की चेतावनी से बेख़ौफ बदमाशों ने साथ मेला घूमने आए पति, पत्नी व मासूम बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। फरियादी के अनुसार मारपीट करने वाले सभी युवक मेले में ठेके पर संचालित होने वाले सायकल स्टैंड पर काम करने वाले बताए जा रहे है।घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना स्टेशन रोड पर बड़ी संख्या में परिजन व समाजजन पहुंचे और विरोध दर्ज करवाया। विवाद की सूचना मिलते ही थाने से चिता जवान मौके पर पहुंचे और दो बदमाशों को हिरासत में ले लिया। घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फरियादी महिला फलकनाज पति परवेज निवासी नाहरपुरा ने पुलिस को बताया कि पति परवेज और 3 साल की बेटी हुरेन व 1.5 साल के बेटे अजलान तीनों मेले से लोट रहे थे। तभी ओटो में बैठने के दौरान कान्वेंट तिराहे के यहां दो युवक तेज गति से बाइक चलाते हुए आए और टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों को जब पति परवेज ने सही से बाइक चलाने की बात कही तो पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युवकों के अन्य साथी भी वहां पहुंचे और उन्होनें महिला समेत बच्चों के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। विवाद होता देख आसपास लोगों ने दोनों को बचाया और पुलिस को सूचना की। पुलिस ने मौके से नकुल व गौरव नाम के युवकों को हिरासत में लिया है। अन्य बदमाश पुलिस को देखकर भाग निकले। मारपीट व टक्कर की घटना में मासूम हुरेन को होंठ में व अजलान को हाथ व मुंह में चोट आई है। वहीं दोनों पति – पत्नी भी मारपीट में घायल हुए हैं। जिनका सिविल हॉस्पिटल में इलाज करवाया गया। सायकल स्टैंड या गुंडागर्दी का लाईसेंस :कालिका माता मेले के दौरान सायकल स्टैंड ठेके पर देना, गुंडागर्दी के लाइसेंस देने के समान हो गया है। यहां सायकल स्टैंड पर बगैर गिनती के युवकों को वसूली पर लगाया जा रहा है। जिनमें अधिकांश गुंडा तत्व शामिल होते है। यहां मेला घूमने आने वालो से मनमर्जी के मुताबिक 20 से 50 रुपए तक वसूले जा रहे है। इस बार निगम ने चार स्थानों पर स्टैंड बनाए है। यहां स्टैंड पर काम करने या बैठेने वाले युवकों की जानकारी तक पुलिस या निगम के पास उपलब्ध नहीं है। नवरात्रि शुरू होते ही स्टैंड के कर्मचारियों ने रहवासियों के साथ गुंडागर्दी शुरू कर दी थी। जिसकी शिकायत पुलिस के पास पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने स्टैंड संचालकों को बुलाकर समझाईश दी थी।  

गुंडों की लगाई परेड : चार थानों पर 110 गुंडों ने लगाई हाजरी, सीएसपी ने चेतवानी देकर किया रवाना

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। एसपी राहुल कुमार लोढा ने चुनावी दौर और त्योहारों को देखते हुए पूरे जिले में गुंडा फाइल खुलवा दी है। जिले के सभी अधिकारियों को थाने के गुंडा रजिस्टर में अंकित व्यक्तियों की गुंडा परेड करने के लिए निर्देशित किया गया है।गुरुवार को शहर के चारों थानों पर दोपहर से लगी भीड़ को देखकर हर कोई हैरान था। शाम को जब एक साथ सभी को खड़ा करके चेतवानी दी गई तब मालूम हुआ कि ये सभी गुंडा लिस्ट में लिस्टेड बदमाश है। एएसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी अभिनव बारंगे के मार्गदर्शन में रतलाम शहर के चारो थानों पर गुंडा रजिस्टर में दर्ज 110 गुंडों को थाने पर बुलाकर गुंडा परेड कराई गई। सीएसपी अभिनव बारंगे ने सभी थानों पर पहुंचकर लिस्टेड गुंडों, हिस्ट्रीशीटर से पुछताछ कर उनको चेतावनी दी। सीएसपी ने बताया की आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान शांति भंग करने पर लिस्टेड गुंडों पर कड़ी केकार्रवाई की जाएगी। सभी 110 हिस्ट्रीशीटर, गुंडों, बदमाशों को किसी भी अवैधानिक गतिविधीयो का हिस्सा नहीं बनने की समझाईश दी गई। शहर में संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय गुंडों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक व अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान थाना प्रभारी स्टेशन रोड भुवानीराम वर्मा, थाना प्रभारी डीडी नगर सुरेंद्र गडरिया, थाना प्रभारी आईए राजेंद्र वर्मा, थाना प्रभारी माणकचौक प्रिती कटारे मौजूद रही।

सट्टे पर संग्राम : पुलिस की पकड़ से कोसों दूर बड़े सफेदपोश, बुलियन की आड़ में फल-फूल रहा MCX का काला धंधा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सेंव, साड़ी और सोना शहर की अपनी पहचान है।  इस पहचान के पीछे सोने का बड़ा रोल है, इसी सोने की आड़ में आज MCX सट्टेबाजी के काले धंधे ने जड़े जमा ली है। सेंव, साड़ी और सोने के अलावा अब “सट्टा” शहर की काली पहचान बन चुका है। पिछले 8 दिनों से थाना माणक चौक पुलिस की एमसीएक्स (MCX) सट्टेबाजों पर की गई कार्रवाई के लिए पीठ थपथपाई जा रही है। सूत्रों की माने तो अब तक MCX सट्टे में जिनको आरोपी बनाया गया है, वे सभी MCX का छोटा सट्टा करते है या करवाते है। इसके पीछे के तार बहुत लंबे और दूर तक फैले है। शहर में बुलियन व्यापार की आड़ में अवैध रूप से एमसीएक्स (MCX) का सट्टा संचालित हो रहा है। यहां व्हाइट कॉलर लोग बुलियन और सर्राफे का सफेद धंधा दिखाकर सट्टेबाजी के काले धंधे को तेजी से बढ़ा रहे है। इस काले कारोबार का महीनों का हिसाब किताब अरबों रुपयों में पहुंचता है। MCX की अवैध सट्टेबाजी से सरकार को करोड़ों के टैक्स की अलग से चपत लगाई जा रही है। इन सफेदपोश सट्टेबाजों को पुलिस या तो जानबूझकर अनदेखा कर रही है या फिर इन तक पहुंचने के पहले ही राजनीतिक रसूख आड़े आ जाता है। पब्लिक वार्ता के पास सट्टे से जुड़ी और भी कई कड़ियां है जो पाठकों तक जल्द ही पहुंचाई जाएगी। गैर कानूनी व काले कारनामे में हुई अचानक इस कार्रवाई के बाद पुलिस की भूमिका व सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे है। थाना प्रभारी प्रीति कटारे के आने के बाद एक के बाद एक कड़ियां खुली, मगर ये केवल छोटे सटोरियों तक सीमित रही। इतने लंबे समय बाद अचानक हुई कार्रवाई से शहर में चर्चा बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इतने समय तक पुलिस केवल पर्ची और क्रिकेट के सट्टे पर ही कार्रवाई क्यों करती थी? खेर देखना यह होगा कि क्या आगे कार्रवाई में शहर के इन व्हाइट कॉलर तक कानून का हाथ पहुंचेगा या नहीं? या फिर हर बार की तरह कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डालकर खानापूर्ति कर दी जाएगी। क्या है बुलियन का व्यापार ? :सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं का व्यापार बूलियन मार्केट के जरिए ही होता है। सोने की खरीद दो तरह से की जाती है। आम लोग सर्राफा बाजार से सोने की खरीददारी करते हैं। वहीं कारोबारी इत्यादि लोग वायदा बाजार के जरिए सोने की खरीददारी करते हैं। बूलियन मार्केट वह जगह होती है जहां सोने-चांदी का व्यापार वायदा बाजार (फ्यूचर मार्केट) के जरिए होता है। साथ ही ओवर द काउंटर भी सोने-चांदी की खरीददारी वहां की जा सकती है। बूलियन मार्केट 24 घंटे खुला रहता है। यहां सोना व चांदी 99 प्रतिशत शुद्ध रूप में मिलती है, जो कि ईंट, सिल्ली, सिक्के या बिस्किट के रूप होती है। सोने-चांदी के औद्योगिक इस्तेमाल से इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। ऐसे में बूलियन मार्केट को सोने के इन्वेस्टमेंट के लिए सबसे सुरक्षित जगह माना जाता है। ऐसे शुरू हुआ MCX पर दबिश का दौर :माणकचौक थाना पुलिस ने एमसीएक्स सट्टा का कारोबार करने वाले फरार आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी का थाने से कोर्ट तक जुलूस निकाला। माणकचौक पुलिस ने एमसीएक्स का सट्टा कारोबार में फरार चल रहे आरोपी विशाल उर्फ लाला पिता अशोक दुग्गड़ निवासी भरावा की कुई को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लाला दुग्गड़ को मुखिया बताया जा रहा है। जिसका कोर्ट तक पैदल जुलूस निकालते हुए ले जाया गया। 11 अक्टूबर को पुलिस ने चांदनीचौक क्षेत्र स्थित तालवालों की गली से सनी उर्फ बंटी (40) पिता लक्ष्मीनारायण राजोरा निवासी तेजा नगर को एमसीएक्स (MCX) का सट्टा करते पकड़ा था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने 12 अक्टूबर को अंकित उर्फ लाला (34) पिता सुशील कुमार जैन निवासी सेठजी का बाजार, विजय (34) पिता मोहनलाल राठौर निवासी कल्याण नगर व पीयूष पिता राजेंद्र कुमार सोनी निवासी बिचलावास को गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपियों ने विशाल उर्फ लाला, राहुल राठौड़, चरण सिंह जाट, कमलेश मराठा, दिनेश राठौर, संजय संघवी, अनिल कटकानी सहित अन्य का नाम बताया था। आरोपियों के कब्जे से जब्त दस्तावेजों से 56 लाख 11 हजार 739 रुपए का हिसाब मिला था। पुलिस फिलहाल फरार चल रहे और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मचा हड़कंप : मेडीकल कॉलेज की बिल्डिंग पर चढ़ी महिला, पाइप के सहारे उतरने का कर रही थी प्रयास

पब्लिक वार्ता- रतलाम,जयदीप गुर्जर। मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मानसिक रूप से बीमार महिला कॉलेज की बिल्डिंग पर दिखाई दी। महिला पाइप के सहारे नीचे उतरने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान वह बिल्डिंग के तीसरे माले पर फंस गई। महिला को सबसे पहले मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्ड ने देखा और पुलिस चौकी पर सूचना दी। इसी दौरान महिला का बेटा भी मौके पर पहुंचा। मां की जान बचाने के लिए वह पाइप के सहारे ही ऊपर चढ़ गया और महिला को संभाला। सबकुछ होता देख मेडिकल कॉलेज परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के एएसआई सुनील सिंह ने मौके पर फायर ब्रिगेड बुलवाई और सीढ़ी और रस्सी के सहारे बीमार महिला को नीचे उतारा गया। रेस्क्यू के बाद बीमार महिला को फिर से मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार घटना करीब 10:30 बजे की है जब मेडिकल कॉलेज के गार्ड ने देखा कि एक महिला तीसरे माले की खिड़की के पास बैठी हुई है। मेडिकल कॉलेज स्थित पुलिस चौकी पर इसकी सूचना गार्ड ने दी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी को भी समझ नहीं आ रहा था कि महिला आखिर तीसरे माले की खिड़की के बाहर पहुंची कैसे। इसी दौरान महिला का बेटा महेश चरपोटा मौके पर पहुंचा। अपनी मां को खतरे में देख महेश पाइप के सहारे तीसरी मंजिल पर चढ़ गया और मां को जाकर संभाला। महिला के रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला के बेटे महेश ने बताया कि वह इमलीपाड़ा बाजना के रहने वाले हैं। पिताजी की मृत्यु के बाद माता पारी बाई मानसिक रूप से बीमार हो गई है। उन्हें 17 तारीख को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया था। वह नाश्ता लेने बाहर आया था तभी उसकी मां अस्पताल की छत पर पहुंच गई और पाइप के सहारे नीचे उतरने का प्रयास करने लगी। बहरहाल गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से महेश ने अपनी मां की जान बचा ली। अन्यथा कोई जानलेवा हादसा हो सकता था।

भाजपा का शंखनाद : शक्ति सम्मेलनों के साथ शुरू हुआ बूथ विजय संकल्प अभियान, ग्रामीण में कन्या पूजन से शुरुआत

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी आव्हान पर जिले में मंगलवार को शक्ति केन्द्र स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों में भाजपा ने बूथ विजय संकल्प के अभियान का शंखनाद किया। रतलाम में कार्यकर्ताओं ने ‘अब की बार-छप्पन हजार पार’ का संकल्प लिया। शक्ति सम्मेलन में अलग-अलग स्थानों पर विधायक एवं पार्टी प्रत्याशी चेतन्य काश्यप, जिला चुनाव प्रभारी वड़ोदरा विधायक केयूर भाई रोकड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा सहित पार्टी के सभी जिला व प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार शक्ति सम्मेलन की शुरुआत सभी मण्डलों में एक साथ दोपहर 12 बजे हुई। वार्ड स्तर पर इनका आयोजन रात तक चलता रहा। 18 एवं 19 अक्टूबर को भी विभिन्न स्थानों पर शक्ति सम्मेलन आयोजित होंगे। शहर विधायक एवं पार्टी प्रत्याशी चेतन्य काश्यप श्री मालीवास स्थित धर्मशाला में वार्ड 40 के सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। मण्डल अध्यक्ष निलेश गांधी, सोमेश पालीवाल, मंगल लोढ़ा, वार्ड पार्षद धर्मेन्द्र व्यास, हेमन्त राहोरी व वार्ड संयोजक सिद्धार्थ कटारिया मंचासीन रहे। ग्रामीण में कन्या पूजन कर हुई शुरुआत :भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने शबरी मण्डल के भाटी बड़ौदिया केन्द्र पर शक्ति सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन की शुरुआत में भाजपा नेताओं द्वारा कन्या पूजन किया गया। जिलाध्यक्ष ने जिले की पांचों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आव्हान किया। मण्डल अध्यक्ष राकेश पाटीदार, अमृतलाल पाटीदार, गणेश मुनिया, नाथुलाल गामड़, हिरालाल चौधरी एवं बिहारीलाल पाटीदार आदि उपस्थित रहे।वड़ौदरा विधायक केयूर भाई रोकड़िया की उपस्थिति में वार्ड क्र. 20 का शक्ति सम्मेलन अंगीरा धाम में संपन्न हुआ। इसमें कार्यकर्ताओं ने बूथ विजय संकल्प लिया। सम्मेलन को जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी ने संबोधित किया। जिसके बाद वार्ड क्र. 19 का शक्ति सम्मेलन भी आयोजित हुआ, जिसे केयूर भाई, जिला सह मीडिया प्रभारी निलेश बाफना, वार्ड संयोजक राजेन्द्र सिंह चौहान ने संबोधित किया। इस दौरान विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, विधानसभा विस्तारक प्रमोद कोठारी, सह कार्यालय मंत्री राकेश नागर, प्रहलाद राठौड़, सुरेन्द्र सिंह भाटी, श्याम सोनी, वार्ड पार्षद संगीता सोनी, कविता चौहान सहित पार्टी के पंच परमेश्वर व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

भाजपा को झटका : ग्रामीण में भाजपा के 30 से अधिक कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, नाराजगी बनी वजह

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद दल बदल की राजनीति का दौर शुरू हो चुका है। रतलाम ग्रामीण में इसका असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। मंगलवार को जिले के सागोद गांव में 35 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इसका बड़ा कारण कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी बताई जा रही है। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल सहित कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे। कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले दिनेश गुर्जर ने बताया कि भाजपा के शासन में रहवासी क्षेत्रों में कोई कार्य नहीं किए गए। जिस कॉलोनी में हम रहते है उसे ही अवैध घोषित करते हुए कई बार नोटिस दे दिए गए। लेकिन भाजपा के किसी नेता ने हमारी सुध नहीं ली। गौरतलब है कि सागोद गांव से भाजपा प्रत्येक चुनाव में लीड लेती है। यहां करीब 1400 वोटर्स है।