PM मोदी in रतलाम : 2 घंटे रतलाम में रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खुली जीप से पहुंचेगे सभास्थल

प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने ली बैठक, आज केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर रतलाम में पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजपा के फायरब्रांड नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को रतलाम आएंगे। इस दौरान वे रतलाम समेत आसपास के कुल 17 प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से अपील करेंगे। प्रधानमंत्री की सभा रतलाम शहर के नजदीक ग्राम बंजली में आयोजित की जाएगी। पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार पूरे आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी दो घंटे का समय देंगे, जिसमें एक घंटे तक वह सभा को संबोधित करेंगे। व्यवस्था इस तरह से की जा रही है कि बंजली हवाई पट्टी से सभास्थल पर प्रधानमंत्री मोदी खुली जीप में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए पहुंचेंगे। मोदी की सभा में नीमच जिले की तीन, मंदसौर की चार, रतलाम की पांच विधानसभा सहित बड़नगर, बदनावर, खाचरौद, महिदपुर, झाबुआ विधानसभा के प्रत्याशी भी मंच पर मौजूद रहेंगे। रतलाम में होने जा रही सभा की तैयारियों के संबंध में भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। काश्यप ने बताया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा संबोधित करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को रतलाम आ रहे है। वे बंजली में सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में रतलाम सहित 9 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। इसमें प्रधानमंत्री जी की सभा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में सभा के विभिन्न कार्यों हेतु पदाधिकारियों में कार्य विभाजन भी किया गया। इस दौरान प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। आज केंद्रीय मंत्री तोमर आएंगे :भारतीय जनता पार्टी चुनाव समिति संयोजक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 2 नवंबर को रतलाम आएंगे। वे शाम 6 बजे सज्जनप्रभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा की तैयारियों को लेकर विधानसभा प्रत्याशियों एवं पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 7.30 बजे विसाजी मेंशन पर त्रिदेव कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इस प्रकार रहेगा पूरा कार्यक्रम :भाजपा के संगठन स्तर पर जारी किए गए कार्यक्रम अनुसार प्रधानमंत्री मोदी चार नवंबर को हेलीकाप्टर से दोपहर 1:50 बजे बंजली हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। 2.20 बजे हवाई पट्टी पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। 2.30 बजे खुले वाहन में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर 2.45 बजे मंच पर पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद 3.45 बजे मंच के पीछे कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वह बंजली हवाई पट्टी से 3.55 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे।

मैदान में मयंक : पारस दादा के समर्थन में निकले युवा नेता मयंक जाट, विजय तिलक लगाकर लोगों ने किया स्वागत

मयंक जाट के मोर्चा संभालते ही राजनीतिक गलियारों में चुनावी चर्चा हुई तेज पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव में शहर के कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा “दादा” के चुनाव प्रचार ने अब गति पकड़ ली है। इसी बीच युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और कांग्रेस के कद्दावर नेता मयंक जाट ने भी मोर्चा संभाल लिया है। हालांकि मयंक शुरू से ही प्रचार में जुटे है मगर मंगलवार शाम कांग्रेस नेता मयंक जाट बगैर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जनसपंर्क पर निकले। मयंक के इस जनसंपर्क के बाद से चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई है। चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी रहे जाट ने भाजपा के सामने एक चुनौती खड़ी कर दी थी। निकाय चुनाव में भाजपा ने अपनी लीड भी खो दी थी। मयंक युवाओं में चर्चित चेहरा है उसके अलावा महिला वर्ग व छोटे बच्चों में भी मयंक का अपना फेन बेस मजबूत बना हुआ है। अब विधानसभा चुनाव में एक और पारस सकलेचा प्रचार का मोर्चा संभाले है तो दूसरी और मयंक जाट। सकलेचा के समर्थन में युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने गांधी नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मन्दिर में भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद वार्ड 1 व 2 में  जनसम्पर्क किया। इस दौरान क्षेत्र में बच्चों से लेकर बड़े तक मयंक के स्वागत में जुट गए। बालिकाओं ने विजय तिलक लगाकर जनसंपर्क पर आए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। वहीं दूसरी और कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा ने चांदनी चौक में जनसंपर्क किया। मयंक जाट ने बताया कि जनता का प्रेम व आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। शहर में विकास के नाम पर भोली भाली जनता को केवल ठगा गया। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और यह परिवर्तन जनता अपने मत का प्रयोग कर बहुत जल्द लाने वाली है। रतलाम सहित प्रदेश में कांग्रेस अपनी सरकार बनाने जा रही है। भाजपा से गरीब व अमीर सभी तबके के लोग परेशान है। जनसंपर्क में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रेमलता दवे, सुजीत उपाध्याय, संजय दवे आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चुनावी रण में डॉक्टर साहब : ग्रामीण में भाजपा – कांग्रेस के विकल्प बनकर निर्दलीय उतरे डॉ. अभय ओहरी?, चौपालों से जमा रहे रंग

नेता नहीं आपके बीच आपका बेटा और सेवक बनकर आया हूं – डॉ. ओहरी पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम ग्रामीण से निर्दलीय नामंकन दाखिल करने के बाद जयस नेता डॉ. अभय ओहरी ने भी विधानसभा के चुनावी रण में अपना बिगुल फूंक दिया है। डॉ. ओहरी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने में व्यस्त है। इनकी चौपाल पर चर्चा के अंदाज ने सबको हैरत में डाला हुआ है। डॉ. ओहरी के मैदान में आने के बाद ग्रामीण में तीसरे विकल्प के कयास लगने तेज हो गए है। डॉ ओहरी के जनसपंर्क को “बदलाव के लिए तैयार है हम” अभियान का नाम दिया गया है। चौपाल बैठकों में आने वाले नागरिक अपनी – अपनी समस्याओं से डॉ. ओहरी को अवगत करवा रहे है। मंगलवार को डॉ. अभय ओहरी ने समर्थकों के साथ 4 पंचायतों में जनसपंर्क किया। जिसमें राजपुरा, सरवनी खुर्द, बिबड़ोद, रामपुरिया व पलसोड़ी में चौपाल बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व विधायक श्रीमति लक्ष्मीदेवी खराड़ी ने डॉ. ओहरी का स्वागत कर जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी। डॉ. ओहरी ने लक्ष्मीदेवी खराड़ी के पैर छूकर जीत का आशीर्वाद लिया। डॉ. ओहरी ने चौपाल पर दिए एक भाषण में खुद के पीछे हटने से साफ मना कर दिया है। ओहरी ने बताया कि इस बार ग्रामीण की जनता बदलाव चाहती है। ग्रामीण का हर व्यक्ति ना भाजपा को पसंद करता है और ना ही कांग्रेस को। विपक्षी दलों द्वारा एक नई अफवाह को जन्म दिया जा रहा है। जिससे ग्रामीण की भोली भाली जनता को बरगलाया जा सके।विपक्षी दल के लोग कान खोलकर सुन ले की मेरे द्वारा किसी भी कीमत पर नामांकन फार्म वापस नहीं लिया जाएगा। चुनावी मैदान से अब हम पीछे नहीं हटेंगे और जनता का हमें पूरा समर्थन है। इस बार पूरा विश्वास है कि जनता अपना आशीर्वाद देकर हमारी विजयी सुनिश्चित करेगी। ग्रामीण करेगा तरक्की, वादा है! :डॉ. ओहरी ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि में नेता नहीं आपके बीच आपका बेटा और सेवक बनकर आया हूं। लगातार सत्ता व शासन से आपकी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों की लड़ाई में आपके साथ खड़ा रहा और आगे भी खड़ा रहूंगा। पिछले जितने विधायक जीतकर आए उन्होंने ग्रामीण की हमारी भोली भाली जनता को केवल झूठे वादे और आश्वासन दिया। आपका आशीर्वाद मुझ पर बना रहा तो निश्चित ही हमारा ग्रामीण क्षेत्र उम्मीद से अधिक तरक्की करेगा यह वादा भी है और इरादा भी। समस्याओं से घिरा मेरा ग्रामीण परिवार अब बदलाव के लिए तैयार है। जनसंपर्क में जयस के कार्यकर्ता व ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

जावरा का जीवन! : निर्दलीय हुंकार भरने के बाद जीवनसिंह शेरपुर का हल्ला बोल, भाजपा – कांग्रेस की घोषणाओं पर कही दो टूक

अगर वो बोले राष्ट्र हित में वोट करना, तो आप समझना मुझे वोट करना – जीवनसिंह शेरपुर पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जावरा विधानसभा से निर्दलीय मैदान में उतरे जीवनसिंह शेरपुर अब हल्ला बोल मोड पर दिखाई दे रहे है। जीवनसिंह नामांकन भरने के बाद से ही क्षेत्र में जनसपंर्क पर जुट चुके है। इसी के साथ उनका जनसंपर्क अभियान तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को जावरा में सरदार पटेल जयंती पर माल्यार्पण के बाद शेरपुर ने जनसंपर्क की शुरुआत की। इस दौरान शेरपुर अपने समर्थकों के साथ जावरा गोठड़ा, मुंडला, कामलिया, चौकी, सेदपुर, लालुखेड़ी, आलमपुर ठिकरिया आदि गांवों में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं व लोगों ने जगह – जगह उनका स्वागत किया गया। मंगलवार को जीवनसिंह ने जनसंपर्क के दौरान भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों को आड़े हाथों लिया। इसी के साथ आरोप – प्रत्यारोप की राजनीति जावरा विधानसभा में शुरू हो चुकी है। शेरपुर ने वर्तमान विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे पर  तंज कसते हुए कहा की हमारा विधायक किसानों की फसले खराब होती है तो उसकी आवाज तक सदन में नहीं उठाता है। किसानों को पूरा मुआवजा तक नहीं मिल रहा है। निर्दलीय प्रत्याशी जीवनसिंह शेरपुर ने अपने भाषण में कहा की चाहे वो विधायक बने या ना बने, मगर जनता की समस्या आज से मेरी समस्या है और रहेगी। आपकी हर समस्यायों को प्राथमिक से दूर करूंगा।क्षेत्र का गरीब मेरे लिए पहले होगा। भाजपा वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को हजार रुपए देंगे तो कांग्रेस वाले बोल रहे हैं हम महिलाओं को पंद्रह सौ देंगे लेकिन हमारे बच्चों के भविष्य के बारे में कोई बात नहीं कर रहा की हम आपके बच्चे को रोजगार देंगे, अच्छी शिक्षा देंगे या अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था देंगे। यह लोग जितना दे रहे उस से दो गुना ले रहे है। कांग्रेस ने बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया। क्या पूरे विधानसभा में एक भी लायक उम्मीदवार नहीं था कि कांग्रेस को बाहर से उम्मीदवार चुनना पड़ा। कांग्रेस पुरी तरह खत्म हो गई है। 


युवा कांग्रेस जिला महासचिव शिल्पा सिसोदिया ने थामा भाजपा का हाथ, भावना गुर्जर को मिली जिम्मेदारी

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। प्रदेश में चुनाव का शंखनाद हो चुका है। ऐसे में राजनीतिक दलों में नेताओं का आना और जाना भी लगातार जारी है। वहीं दलों में नवीन नियुक्तियां भी की जा रही है। भाजपा ने महिला मोर्चा में शहर विधानसभा सोशल मीडिया प्रभारी का दायित्व भावना गुर्जर को सौंपा है। इसी बीच युवा कांग्रेस की महासचिव शिल्पा सिसोदिया भाजपा मे शामिल हो गई है। पैलेस रोड़ स्थित भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने शिल्पा सिसोदिया को सदस्यता दिलवाई। जिलाध्यक्ष लुनेरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव मे जीत दर्ज कर भाजपा पुनः सरकार बनाने जा रही है। सरकार ने हर वर्ग का कल्याण किया है, और आने वाले वर्षो मे भाजपा देश को दुनिया की तीसरी महाशक्ति बनाने के लिए संकल्पित है। युवाओं के लिए भाजपा की नीति बहुत कल्याणकारी है, इससे प्रभावित होकर आज कई कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़ भाजपा मे शामिल हो रहे है। भावना गुर्जर को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी :भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम पटवा ने भावना गुर्जर को रतलाम शहर विधानसभा मे महिला मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया । यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा एवं प्रदेश सदस्य अनिता कटारिया की सहमति से की गई। भावना इससे पूर्व नमो ग्रुप की जिलाध्यक्ष रही है। 

तेज होता जनसंपर्क : शहर में भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप का जगह – जगह भव्य स्वागत, समर्थन में लग रहे नारे

पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने परिवार के साथ किया स्वागत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप का जनसंपर्क शनिवार को संत रविदास चौक से आरंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। जनसंपर्क करते हुए डालू मोदी बाजार पैलेस रोड पर काश्यप, पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पहुंचे। कोठारी ने सपरिवार काश्यप का आत्मीय स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप बाद में भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, सह कार्यालय मंत्री राकेश नागर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत-अभिनंदन किया। जनसंपर्क में क्षेत्र के रहवासियों द्वारा काश्यप का आत्मीय स्वागत किया। जनसंपर्क के दौरान बैंड वाले ने अपना यंत्र बजाकर अनोखे अंदाज में कश्यप का स्वागत किया। समर्थक कमल का फूल देकर अबकी बार 56 हजार पार के नारे लगाते भी नजर आए। जनसंपर्क शनिवार को सुबह वार्ड क्रमांक 24, 25, 26, 40 एवं 42 में किया गया। इसकी शुरुआत संत रविदास चौक से हुई। यहां से हरमाला रोड, मेहताजी का वास, थावरिया बाजार से टंकी चौराहा, गायत्री मेडिकल, नागर वास, दौलतगंज से डालूमोदी बाजार होकर पैलेस रोड होकर पैलेस गेट पर समापन हुआ।

अंदाज अपना – अपना : प्रचार के बाद बजरंग पर पहुंचे पारस दादा, युवाओं के साथ ली चाय की चुस्की और सेल्फी

केंद्रीय चुनाव कार्यालय का हुआ उदघाटन… पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव के नामांकन दाखिल होते ही प्रत्याशी जनता के बीच अपने – अपने अंदाज में पहुंच रहे है। यही नजारा रतलाम शहर में भी देखने को मिला। रतलाम में शाम होते ही चाय के शौकीनों का जमावड़ा लगता है। शनिवार को स्टेशन रोड पर शहर की फेमस बजरंग चाय पर कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा अचानक पहुंचे। यहां उन्होंने पहुंचते ही अपने लिए व समर्थकों के लिए चाय का आर्डर दिया। सकलेचा को देखकर हर कोई हैरत में भी पड़ गया। बजरंग चाय पर युवाओं ने सकलेचा के साथ चाय पी और सेल्फी भी ली। इस दौरान करीब 30मिनट तक सकलेचा ने युवाओं से शहर के मुद्दों के बारे में चर्चा की। आपको बता दे की शहर में धीरे धीरे चुनावी रंग परवान चढ़ते नजर आ रहा है। प्रत्याशी अपने- अपने अंदाज में चुनाव प्रचार के लिए जुट गए है। कांग्रेस प्रत्याशी पारस दादा सकलेचा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय  लक्कड़ पीठा (यूको बैंक के सामने) पर खोला गया। जिसका शुभारंभ वरिष्ठ अभिभाषक शांतिलाल मालवीय के हाथों किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को भारी बहुमतों से रतलाम शहर और मध्य प्रदेश में विजय दिलाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर  युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, राजकुमार जैन लाला, विनोद मिश्रा मामा, संदीप शुक्ला, जोएब आरिफ, राकेश झालानी, पीयूष बाफना, पुनीत शर्मा, धर्मेंद्र मंडवारिया, सतीश पुरोहित, अनिल झालानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

“दादा” का दम : स्कूटर पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे पारस सकलेचा, बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव में शहर के कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा (दादा) शुक्रवार को रैली के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान सकलेचा युवा नेता मयंक जाट के साथ स्कूटर पर सवार दिखाई दिए। रैली में बड़ी संख्या समर्थक व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा ने कालिका माता मंदिर, साहू बावड़ी स्थित हनुमान मंदिर, ऊँकाला गणेश जी सहित कई देवालयों पर पहुंच कर दर्शन किए व आशीर्वाद प्राप्त किया। कांग्रेस प्रत्याशी सकलेचा की नामांकन रैली शुक्रवार सुबह 10 बजे बाजना बस स्टैंड से शुरू हुई जो शहर के विभन्न मार्गों से होते हुए नवीन कलेक्टोरेट पहुंची। नामांकन रैली के दौरान शहर में जगह – जगह स्वागत भी हुआ। कलेक्टोरेट पहुंचकर सकलेचा ने रिटर्निंग अधिकारी व शहर एसडीएम संजीव केशव पांडे के समक्ष अपना नामांकन फॉर्म जमा कराया। मीडिया से चर्चा में सकलेचा ने कहा की हमारे तीन प्रमुख मुद्दे है जिनमें पहला है राज्य सरकार की असफलता, कुप्रबंधन और कुशासन, दूसरा वर्तमान शहर विधायक की जो राजनीति है उसमें सेवा व श्रम की जगह पैसे और बाहुबल का महत्व है और तीसरा नगर निगम है। आज शहर की सड़कों में गड्ढे ढूंढना आसान है पर सड़क ढूंढना मुश्किल है। इसके अलावा शहर में और भी कई मुद्दे है जिनको लेकर कांग्रेस मैदान में उतरेगी और निश्चित ही जीत हासिल करेगी। नामांकन जमा करने के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, प्रदेश महासचिव यास्मीन शेरानी, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा विशेष रूप से मौजूद थे। रैली में कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्रसिंह अठाना, फैय्याज मंसूरी, महामंत्री राजीव रावत, शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष सय्यैद वुसद जैदी, सेवादल अध्यक्ष रजनीकांत व्यास, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर, महिला सेवादल अध्यक्ष वेणू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दशहरा मिलन समारोह : रतलाम के नेपाली समाज ने मनाया बड़ा दसैं का त्यौहार, तिलक लगाकर निभाई परंपरा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले में नेपाली संस्कृति परिषद द्वारा दशहरा मिलन समारोह का आयोजन किया। बड़बड़ हनुमान मंदिर परिसर स्थित राम भवन में रखे गए इस आयोजन में रतलाम के नेपाली परिवारों ने हिस्सा लिया। आपको बता दे कि नेपाल देश में नेपाली समाज दशहरा को बड़ा दसैं के रूप में मनाते है। गोरखाओं के बीच भी ये त्यौहार मनाया जाता है। यह नेपाल सम्वत् वार्षिक कैलेंडर में सबसे लंबा और सबसे शुभ त्यौहार माना जाता है, जिसे नेपाली लोगों द्वारा दुनिया भर में अपने प्रवासी लोगों के साथ मनाया जाता है। समाज द्वारा रतलाम के इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सामाजिक समरसता संयोजक एडवोकेट देवराज सिंह ने अपना उद्बोधन दिया। देवराजसिंह ने कहा की नेपाली समाज एक बहादुर कौम है। हमारे प्रथम फील्ड मार्शल मानिक शाह द्वारा एक शब्द गोरखाओं के बारे में कहा गया था कि मौत से जो नहीं डरता वो या तो झूठ बोल रहा है या फिर वह गोरखा है। नेपाली कौम बहादुर कौम है। देवराजसिंह ने साथ ही कहा की सभी भारतीय हिंदू सनातन बहुसंख्यक समाज के अभिन्न अंग है। आप लोगों को यहां पर किसी भी प्रकार की समस्या होती है तो समूर्ण हिंदू समाज आपके साथ खड़ा है। परंपरागत त्यौहार मनाता है समाज :नेपाल में इसे देश के सबसे बड़े त्यौहार के रूप में भी जाना जाता है और इस समय 5 दिनों का सबसे लंबा राष्ट्रीय/सार्वजनिक अवकाश रहता है। यह नेपाल में सबसे प्रतीक्षित त्यौहार है। इस समय नेपाल के लोग दुनिया के सभी हिस्सों के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से एक साथ जश्न मनाने के लिए एकत्रित होते हैं। त्यौहार की अवधि के दौरान सभी सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और अन्य कार्यालय बंद रहते हैं।समाज के नरेंद्र श्रेष्ठ ने बताया की दशहरे पर बुजुर्गों व बड़ो का आशीर्वाद लेने के लिए सभी एकत्रित होते हैं  तथा आनेवाली पीढ़ी को भी उसी परंपरा का पालन करने की प्रेरणा देते है। इस दिन सामूहिक तौर पर पूरा परिवार बुजुर्गों से माता दुर्गा का लाल टीका व 9 दिन तक लगाए हरे जमरे को प्रसाद के रूप में ग्रहण करते है। रतलाम में नेपाली समजा करीब 400 की संख्या में निवासरत है।समाज के लोगों ने पशुपति श्रेष्ठ एवं रुक्मणी श्रेष्ठ के हाथों दशहरे का टीका एवं जमरा ग्रहण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में सुमन थापा ,ललित जंगशाही, दिनेश विश्वकर्मा, ज्योति गुरुंग गायत्री सिंह एवं सैकड़ो समाजजन शामिल रहे।

“बा-साब” का अनोखा अंदाज : ग्रामीण भाजपा प्रत्याशी मथुरालाल डामर ट्रैक्टर से पहुंचे नामांकन भरने, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। विधानसभा चुनाव में भाजपा के ग्रामीण प्रत्याशी मथुरालाल डामर ने गुरुवार को अपना नामांकन फार्म दाखिल किया। नामांकन भरने के दौरान पूर्व विधायक रहे मथुरालाल डामर का अनोखा अंदाज देखने को मिला। वहीं डामर रैली के  दौरान अपनी पारंपरिक वेशभूषा कुर्ता और धोती में नजर आए। नामांकन रैली सालाखेड़ी फोरलेन स्थित मिडवे होटल के पास से शुरू होकर पुराने कलेक्टर कार्यालय पर समाप्त हुई। नामांकन रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल, जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, पदमा जायसवाल आदि नेताओं ने हिस्सा लिया। रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता अबकी बार 60 हजार पार का नारा लगाते हुए जोश के साथ शामिल हुए। नामांकन रैली का कार्यकर्ताओं द्वारा जगह – जगह भव्य स्वागत भी किया गया। प्रत्याशी मथुरालाल डामर ने पुराने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ग्रामीण विधानसभा रिटर्निंग अधिकारी त्रिलोचन गौड़ को अपना नामांकन पत्र सौंपा। वहीं पूरी नामांकन रैली में ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना कहीं नजर नहीं आए। मकवाना के नामांकन के दौरान साथ नहीं होने के सवाल पर डामर थोड़े सकपका गए और कहा की साथ ही है और पार्टी के है, बुधवार को बैठक में उपस्थित थे। प्रत्याशी डामर ने मीडिया से कहा कि में खुद एक किसान हूं और आज भी खेती करता हूं। मेरा क्षेत्र किसानों का है। जिस तरह ट्रैक्टर से नामांकन दाखिल किया है, उसी तरह ट्रैक्टर से विधानसभा पहुंचेगे। रतलाम ग्रामीण में भाजपा प्रचंड बहुमत से विजय होगी। किसान भाइयों के लिए भाजपा ने अब तक कार्य किया है। अब जो कार्य अधूरे है उनको पूरा किया जाएगा। सड़क बिजली पानी की मूलभूत सुविधाएं भाजपा शासन में मिलती आ रही है इसे और व्यवस्थित किया जाएगा।