Ratlam News: रतलाम पुलिस की क्राइम मीटिंग हुई, एसपी ने 26 पॉइंट दिए जिन पर होगी पुलिसिंग

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: एसपी अमित कुमार ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक यानी क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की कानून व्यवस्था और अपराधों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी त्योहारों जैसे धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। इनमें थाना क्षेत्र में नियमित गश्त, अवैध गतिविधियों पर सख्ती, असामाजिक तत्वों पर नजर, धोखाधड़ी और गंभीर अपराधों का त्वरित समाधान, और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ शामिल है। एसपी ने थाना प्रभारियों व स्टाफ के लिए 27 पॉइन्ट तैयार किए है। जिसके अनुसार पुलिसिंग होगी। कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात भी एसपी ने कही। अपराधियों की निगरानी और कानून व्यवस्था की सख्तीबैठक में एसपी ने जोर देकर कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे और अवैध गतिविधियों जैसे शराब, जुआ, सट्टा, और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने खुले में शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर देते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम बेहद त्वरित होना चाहिए। चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष गश्त करने के निर्देश भी दिए गए। दीपावली के लिए विशेष निर्देशदीपावली के दृष्टिगत एसपी ने पटाखा विक्रेताओं की बैठक कर सुरक्षा निर्देश देने का आदेश दिया। इसके अलावा, पुलिस को त्योहारों के दौरान गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, महिला संबंधी अपराधों का 60 दिन के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि नारकोटिक्स अपराधियों के खिलाफ संपत्ति अटैच की जाएगी और गोवंश तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडिशनल एसपी रतलाम राकेश खाखा समेत जिले के सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इन 27 बिंदुओं को करवाया नोट डाउन1. सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे।2. अवैध गतिविधियों शराब, जुआ सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ और सख्ती से कार्रवाई की जाए।3. खुले में शराब पीने वालों, असामाजिक तत्वों और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की जाए।4. धोखाधड़ी के गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।5. छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। किसी भी सूचना पर पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम त्वरित होना चाहिए।6. स्थाई वारण्टी-गिरफ़्तारी वारंटियों की भी धरपकड़ करने के निर्देश दिए गए।7. थाना स्तर पर पेट्रोल पंप संचालकों, एटीएम बैंक के सुरक्षाकर्मियों, मंदिर समिति पुजारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक समझाइश प्रदान करेंगे।8. थाना क्षेत्र के होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंट्स की नियमित चेकिंग की जाए।9. थाना क्षेत्र के बस स्टैंड रेलवे स्टेशन की नियमित चेकिंग करेंगे।10. चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु रात्रि गश्त एवं प्रभात गश्त में विशेष सतर्कता बरतेगे।11. थाना क्षेत्र में अवैधानिक लाउड स्पीकर के उपयोग पर कार्यवाही करेंगे।12. थाना क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यापारियों, मुसाफिरों, संदिग्ध फेरी वालों आदि पर निगरानी रखेंगे।13. थाने पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का कैंप लगाकर शीघ्रता से संतुष्टिपूर्वक निराकरण करेंगे।14. दीपावली पर्व के दृष्टिगत पटाखा विक्रेताओं की बैठक लेकर सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश देगे।15. महिला संबंधी अपराधों का पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 60 दिवस के भीतर निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करेंगे।16. चोरी एवं लूट के पुराने ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर क्षेत्र में पुलिस की गश्त एवं सीसीटीवी कैमरे लगवाने की समझाइश दी जाए।17. गंभीर एवं आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही करेंगे।18. नारकोटिक्स के अपराधों स फि मा की कार्यवाही कर संपत्ति अटैच करेंगे। आरोपियों का डोजियार तैयार करेंगे।19. गोवंश तस्करी पर अंकुश लगाने हेतु कार्यवाही करेंगे। गोवंश के 10 वर्ष तक के पुराने आरोपियों पर निगरानी रखेंगे।20. नशे में वाहन चलाने वालों विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करेंगे। 21. थाने पर प्राप्त होने वाले चरित्र सत्यापन के आवेदनों का 15 दिवस के भीतर निराकरण करेंगे।22. थाना क्षेत्र के घरेलू नौकरों, किरायेदारों की जानकारी रखेंगे।23.थाना क्षेत्र के जिलाबदर आरोपियों की नियमित चेकिंग करेंगे।24. आपराधिक प्रवृत्ति में शामिल रहने वाली गैंग सांसी, पारदी, कंजर की क्षेत्र में आवाजाही पर निगरानी रखेंगे।25. नाबालिक बालिकाओं की दस्तयबी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।26. सभी थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र के आसूचना संकलन को और मजबूत करे।

Ratlam News : नगर निगम की फायर ब्रिगेड से हो रही थी सड़क की सफाई, किसी ने वायरल कर दिया वीडियो, जानिए क्या है पूरा मामला

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News : गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर नगर निगम की फायर लॉरी का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो संत रविदास चौक (करमदी रोड) का है। जिसमें नगर निगम की फायर लॉरी व कर्मचारियों पर निजी ठेकेदार के लिए काम करने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो में कहा जा रहा है कि नगर निगम की फायर लारी से सड़क पर बने डिवाइडर की तरी की जा रही है, जबकी यह सड़क निजी ठेकेदार द्वारा बनाई गई है। वीडियो पर लोग तरह – तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहै है। इस मामले में पब्लिक वार्ता ने जब पड़ताल की तो मामला कुछ और ही निकला। संत रविदास चौक से करमदी तक सड़क निर्माण का काम पीडब्ल्युडी का है। जिसे प्राइवेट फर्म रामेश कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाया जा रहा है। क्षेत्र के भाजपा पार्षद अक्षय संघवी ने बताया की फायर लॉरी का उपयोग किसी निजी ठेकेदार के द्वारा नहीं किया जा रहा था। वहां सड़कों की साफ – सफाई के लिए बुलाया गया था।नागरिकों ने शिकायत की थी की दिवाली का त्योहार है आसपास बहुत धूल हो रही है। इसलिए उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फायर लॉरी व मशीन इसलिए भेजी गई थी। किसी ने गलत जानकारी देकर वीडियो वायरल कर दिया। मामले में कंस्ट्रक्शन कंपनी के रुपेश पिरोदिया से संपर्क करना चाहा लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वीडियो के बाद जारी किए निर्देशहालांकी वीडियो के वायरल होने के बाद पीडब्ल्युडी के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह ने कांट्रेक्टर रूपेश पिरोदिया से जवाब मांगा है। उन्होंने बताया की आगे भविष्य में इस प्रकार से कोई काम ना हो, इसके लिए जिले के सभी एसडीओ व कांट्रेक्टर को दिशा निर्देश जारी किए है। यदी ऐसा कोई कार्य पाया जाता है तो संबंधित फर्म व कांट्रेक्टर पर उचित वैधानिक कार्रवाई होगी।

Ratlam News: चोरी की बिजली से रोशन हो रहा DPK ज्वेलर्स का आंगन, होगी कार्रवाई या रसूख आएगा आड़े!

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News : शहर में दिवाली के त्योहार की रौनक बनी हुई है। ऐसे में बड़े – बड़े दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह – तरह के हथकंडे अपना रहे है। शहर के मुख्य सराफा बाजार चांदनी चौक में डीपीके ज्वेलर्स (DPK Jewellers) द्वारा बिजली कंपनी को चुना लगाया जा रहा है। ऐसे में अब क्या कार्रवाई होगी यह एक बड़ा सवाल है। कई बार देखने में आया है की राजनीतिक पहुंच व रसूख के चलते DPK ज्वेलर्स जैसे बड़े – बड़े कारोबारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है। शिकायतों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। रतलाम सहित पूरे मध्यप्रदेश में नियम व कायदे छोटे व्यापारियों व गरीब लोगों पर ही अमल किए जाते है। दरअसल इस लग्जरी ज्वेलरी शॉप के उदघाटन के दौरान मुख्य सड़क पर विद्युत सज्जा की गई है। दिलचस्प बात यह है की पब्लिक वार्ता ने जब पड़ताल की तो मालूम हुआ की इस साज – सज्जा का विद्युत कनेक्शन शासकीय बिजली पोल से लिया हुआ है, जो की अवैध है। नियमानुसार सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थल पर विद्युत साज – सज्जा के लिए विद्युत विभाग द्वारा अलग से मीटर कनेक्शन जारी किया जाता है। लेकिन अपने रसूख का दुरुपयोग कर खुलेआम DPK ज्वेलर्स द्वारा नियम व कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। आपको बता दे उक्त ज्वेलरी शॉप डीपी ग्रुप ऑफ कंपनीज की एक यूनिट है। डीपी कटारिया ग्रुप उद्योग जगत में जाना पहचाना नाम है। इनका मासिक टर्न ओवर करोड़ो में होता है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रख कर खुलेआम बिजली चोरी की जा रही है। जांच कर करेंगे उचित कार्रवाईमामले में बिजली कंपनी के अधिकारी जेई प्रवीण धाकड़ का कहना है की उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। मौके पर विजिलेंस टीम भेज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं विजिलेंस अधिकारी एई हीरेन्द्र फुलबन्दे ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने की बात कही। जेल और जुर्माने का है प्रावधानएडवोकेट मंथन मुसले के अनुसार मध्य प्रदेश विद्युत अधिनियम के अंतर्गत, सरकारी पोल या अन्य विद्युत उपकरणों से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करना एक गंभीर अपराध माना जाता है। इस पर कार्रवाई भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत की जाती है।विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 और 138 के अनुसार निम्न प्रावधान है: 1. धारा 135: बिजली चोरी करने पर – जैसे कि तारों को काटना, अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करना, या विद्युत उपकरणों से छेड़छाड़ करना। इसके तहत दोषी व्यक्ति को आर्थिक दंड और कारावास की सजा हो सकती है। जुर्माना और सजा बिजली की चोरी की मात्रा और अपराध की गंभीरता के अनुसार तय की जाती है। पहली बार अपराध होने पर 3 साल तक की सजा या भारी जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। 2. धारा 138: विद्युत उपकरणों से छेड़छाड़ करने पर – इसमें किसी भी प्रकार से विद्युत उपकरणों (जैसे मीटर, पोल, तार आदि) को नुकसान पहुंचाना, छेड़छाड़ करना या उसकी कार्यप्रणाली में हस्तक्षेप करना शामिल है। इसके तहत दोषी व्यक्ति पर जुर्माना लगाया जा सकता है या उसे सजा दी जा सकती है। इन धाराओं के अंतर्गत, बिजली कंपनी की टीम और पुलिस द्वारा जांच की जाती है, और प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाती है।

Ratlam News: गुलाब चक्कर में रखी भारत माता की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस ने दर्ज की FIR

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: शहर के पुराने कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर में रखी भारत माता की मूर्ति को अज्ञात आरोपियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश ग्वालियरी को आज सुबह 9:25 बजे मिली, जब चाय विक्रेता अनिल माली ने उन्हें फोन पर बताया कि गुलाब चक्कर में स्थापित भारत माता की मूर्ति क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई है। गौरतलब है की गुलाब चक्कर में पुरातात्विक महत्व की कई प्रतिमाएं भी रखी है, जिनमें से कई क्षतिग्रस्त अवस्था में है। जिनकी देखरेख में लापरवाही कई समय से देखी जा रही है। ऐसे में अब वहां भारत माता की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होना एक गंभीर विषय है। कमलेश ग्वालियरी ने बताया की जब में और साथी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मूर्ति जमीन पर गिरी हुई थी, उसका सिर पास में बनी बेंच पर पड़ा था, और दोनों हाथ टूटे हुए थे। साथ ही, भारत माता के हाथ में तिरंगा झंडा भी नीचे गिरा हुआ पाया गया, जिसकी लकड़ी भी टूटी हुई थी। यह मूर्ति करीब 4-5 साल पहले वर्ष 2018 में श्रीराम सेना के अध्यक्ष भूपेंद्र निनामा द्वारा जनसहयोग से राजस्थान के तलवाड़ा से 55,000 रुपये में खरीदी गई थी और गुलाब चक्कर पर स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर हनुमान ताल बगीचे में स्थापित करने के लिए लाया गया था। लेकिन किसी कारण से इसकी स्थापना नहीं हो सकी थी। घटना से कमलेश ग्वालियरी समेत अन्य देशभक्त नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं, और इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जा रहा है। कमलेश ग्वालियरी, भूपेंद्र निनामा और रवि तंवर ने घटना की रिपोर्ट स्टेशन रोड थाने पर दर्ज करवाई है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 324 (4) और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम संशोधन अधिनियम 2003 की धारा 2 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की तलाश में जुट गई है।

Ratlam News: रतलाम पुलिस द्वारा कबाड़खानों की तलाशी, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रतलाम एसपी अमित कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चोरी का सामान खरीदने और बेचने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सीएसपी अभिलाष भलावी और थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र वी.डी. जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई है। जिसके द्वारा गुरुवार को कबाड़खानों और गोदामों की जांच की गई। पुलिस टीम ने वीरियाखेड़ी और मोहन नगर के विभिन्न कबाड़खानों जैसे मोहम्मद शकूर, छोटू शाह, मुबारिक खान, सलमान, निशार और अहमद के कबाड़खानों में तलाशी ली। इस दौरान, कबाड़ख़ाना मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे किसी भी संदिग्ध या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त न करें। सामान बेचने वालों की जानकारी एक रजिस्टर में दर्ज की जाए, जिसमें नाम, पता आदि का विवरण हो। यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सामान बेचने का प्रयास किया जाता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा, कबाड़खानों पर काम करने वाले कर्मचारियों की पूरी जानकारी पुलिस थाने में जमा करने के लिए भी कहा गया। रतलाम पुलिस द्वारा हर सप्ताह कबाड़खानों की आकस्मिक चेकिंग की जाएगी। यदि किसी कबाड़ख़ाना पर चोरी का सामान खरीदते या बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी अमित कुमार के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य रतलाम पुलिस का उद्देश्य चोरी की घटनाओं को रोकने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।

Ratlam News: शादियों में होटल के अंदर शराब परोसने पर लाइसेंस होगा रद्द, पुलिस ने जारी किए दिशा निर्देश

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Ratlam News: एसपी अमित कुमार ने मंगलवार को शहर के सभी मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें सुरक्षा और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी ने गार्डन और हॉल संचालकों को सुरक्षा प्रबंधों को सुधारने के सुझाव दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा उल्लंघन न हो। बैठक में मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिसमें सभी मैरिज गार्डन और हॉल में सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। कैमरों को इस तरह से स्थापित करने का निर्देश दिया गया कि वे अंदर और बाहर के सभी हिस्सों को कवर कर सकें, साथ ही कैमरे नाइट विजन और फेस डिटेक्शन वाले हों। इन कैमरों की फीड सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी, जिससे वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा, डेटा को तीन महीने तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जानी चाहिए। एसपी अमित कुमार ने बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। यदि किसी भी गार्डन या हॉल में शराब पाई जाती है, तो उसका रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास दरवाजों, उचित पार्किंग व्यवस्था, और निजी गार्ड की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। प्रत्येक गार्डन संचालक को अपने कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाने का आदेश दिया गया, साथ ही ध्वनि प्रणाली के उपयोग के संबंध में न्यायपालिका और प्रशासन के आदेशों का पालन अनिवार्य बताया गया। इस बैठक का उद्देश्य शहर में शादियों के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को मजबूत करना था, ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो। पुलिस द्वारा दिए गए सुझा व निर्देश 1. सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता: सभी मैरिज गार्डन और हॉल में अंदर और बाहर कैमरे लगाए जाएं, जो नाइट विजन और फेस डिटेक्शन की क्षमता वाले हों और तीन महीने तक डेटा सुरक्षित रखें। 2. शराब परोसने पर सख्त कार्रवाई: बिना लाइसेंस के शराब परोसे जाने पर मैरिज गार्डन या हॉल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा। 3. संबंधित अधिकारियों से अनुमति: गार्डन संचालकों को गार्डन संचालन के लिए उचित अनुमति प्राप्त कर पुलिस स्टेशन में जमा करनी होगी। 4. अग्नि सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था: हॉल में आपातकालीन दरवाजों और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। 5. साउंड सिस्टम का नियमन:  साउंड सिस्टम की आवाज जिला प्रशासन और न्यायपालिका द्वारा निर्धारित सीमा में होनी चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। 6. पार्किंग और यातायात व्यवस्था: गार्डन में दो प्रवेश और निकास द्वार होने चाहिए और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होनी चाहिए। 7. सुरक्षा गार्ड की अनिवार्यता:  कार्यक्रमों के दौरान निजी सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। 8. कैमरों का पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्शन: रोड की दिशा में लगे कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट किया जाएगा ताकि निगरानी हो सके। 9. सुरक्षा उपकरणों की जिम्मेदारी: सभी सुरक्षा उपकरण जैसे शेड, स्टेंट, विद्युत और अग्नि सुरक्षा की जिम्मेदारी गार्डन संचालकों की होगी। 10. कर्मचारियों का सत्यापन: गार्डन के कर्मचारियों और गार्डों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया।

lawrance bishnoi: लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी को मिलेगा 1 करोड़ 11 लाख का इनाम, क्षत्रिय करणी सेना का ऐलान

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क : lawrance bishnoi: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर पर इनाम की घोषणा करते हुए क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने एक बड़ा ऐलान किया है। शेखावत ने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करता है, तो उसे 1 करोड़ 11 लाख, 11 हजार 1 सौ 11 रुपए का इनाम दिया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के माध्यम से की है। गोगामेड़ी की हत्या का आरोप शेखावत ने इस इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि बिश्नोई पर क्षत्रिय करणी सेना के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कराने का आरोप है। पिछले साल 5 दिसंबर 2023 को राजस्थान के जयपुर में गोगामेड़ी की उनके घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। गैंग के सदस्य गोल्डी बराड़ ने दावा किया था कि गोगामेड़ी उनके कामकाज में अड़चन डाल रहे थे और उन्हें चेतावनी देने के बाद उनकी हत्या कराई गई। शेखावत ने अपने बयान में कहा, “हमारे आदरणीय सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या लॉरेंस बिश्नोई द्वारा कराई गई थी। अब हमें भयभीत नहीं, भयमुक्त भारत चाहिए। जो भी पुलिसकर्मी लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करेगा, उसे करणी सेना की ओर से 1 करोड़ 11 लाख, 11 हजार 1 सौ 11 रुपए का इनाम दिया जाएगा।” करणी सेना की केंद्र सरकार से मांगकरणी सेना ने केंद्र सरकार से भी यह मांग की है कि जल्द से जल्द लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर किया जाए, ताकि देश को गैंगस्टर के आतंक से मुक्ति मिल सके। इस संबंध में शेखावत ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर भी एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है। गुजरात की जेल में बंद है बिश्नोईलॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की जेल में बंद है और उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिश्नोई का नाम कई हाई-प्रोफाइल मामलों में भी सामने आया है, जिसमें सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मामला प्रमुख है। करणी सेना द्वारा किए गए इस इनाम के ऐलान के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है और देखना होगा कि इस पर केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां क्या कदम उठाती हैं।

Jammu & Kashmir Terror Attack: गगनगीर में श्रमिकों पर कायराना हमला, पांच की मौत, चार घायल, पूरे देश में उबाल

श्रीनगर – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Jammu & Kashmir Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गगनगीर, सोनमर्ग में रविवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। ज़ेडमोढ़ सुरंग परियोजना में काम कर रहे श्रमिकों पर हुए इस हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (SKIMS) में भर्ती कराया गया है। पुलिस और सेना ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मृतकों में डॉक्टर और इंजीनियर भी शामिलइस हमले में जान गंवाने वालों में मध्य प्रदेश के मैकेनिकल इंजीनियर अमित शुक्ला, बिहार के मोहम्मद हनीफ, कलीम और फहीम नासिर, और जम्मू के शशि अब्रॉल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने निर्माणाधीन सुरंग के पास श्रमिकों के आवास शिविर पर हमला किया। इस हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी प्रतिक्रियाइस कायराना हमले पर देशभर में आक्रोश व्याप्त है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “घृणित और कायरतापूर्ण कृत्य” करार दिया। उन्होंने कहा, “इस हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें हमारे सुरक्षा बलों से कठोरतम जवाब मिलेगा।” शाह ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हों।” उन्होंने इस प्रकार की घटनाओं को शांति और विकास के खिलाफ साजिश करार दिया। आतंकी हमले से देश में उबालस हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश है। सुरक्षा एजेंसियों ने भी आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह इलाका ज़ेडमोढ़ सुरंग और राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक काम कर रहे हैं। देशभर से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांगें उठ रही हैं। जनता और सुरक्षा बल इस हमले को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं, और सरकार से सख्त कदम उठाने की अपील कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस हमले से पहले सुरक्षा एजेंसियों को त्योहारों के दौरान कश्मीर में संभावित आतंकी हमलों की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद इलाके में अलर्ट जारी किया गया था।

Blast In Delhi: धमाके से दहल उठी दिल्ली, आतंकी साजिश की जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

नई दिल्ली – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। Blast In Delhi: राजधानी दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के पास हुए जोरदार धमाके ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को हिला कर रख दिया है। दिवाली से ठीक पहले हुए इस धमाके की जांच दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। घटना स्थल से सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह धमाका किसी आतंकी साजिश का हिस्सा है या किसी और कारण से हुआ है। लेकिन त्योहारों के इस मौसम में हुए इस धमाके ने एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा कड़ी, दिल्ली में हाई अलर्ट घोषितरोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में सुबह करीब 7.47 बजे हुए हुए इस धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से प्रमुख बाजार क्षेत्रों जैसे चांदनी चौक, लाजपत नगर, कमला मार्केट, सरोजिनी नगर, सदर बाजार में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में पुलिस की पैनी नजर संदिग्ध गतिविधियों पर बनी हुई है और सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। 13 साल बाद दिल्ली में बड़ा धमाकायह धमाका दिल्ली में लगभग 13 साल बाद हुआ है। इससे पहले, 2011 के बाद राजधानी में कोई बड़ा विस्फोट नहीं हुआ था। हालांकि, 14 जनवरी 2022 को गाजीपुर फूल मंडी के गेट पर एक बैग में आईईडी विस्फोटक मिला था, जिसे एनएसजी की टीम ने निष्क्रिय किया था। उस विस्फोटक में आरडीएक्स और अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था। अब, इस हालिया धमाके ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। NIA और NSG की टीम जुटी जांच मेंपुलिस सूत्रों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान राजधानी में आतंकी साजिश के इनपुट्स पहले से ही मिले थे, जिसके बाद से दिल्ली में अलर्ट जारी किया गया था। घटना के बाद घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड, बम स्क्वाड, IGL, NIA और NSG की टीमों ने जांच शुरू कर दी है। एनएसजी कमांडो ने सीआरपीएफ स्कूल के पास के इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया है। विशेषज्ञों की जांच जारीरोहिणी के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि धमाके की असल वजह का पता लगाने के लिए एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। शुरुआती जांच में क्रूड बम जैसा मटेरियल मिलने की बात सामने आई है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि धमाके के सोर्स का पता लगाया जा सके। आतंकी साजिश की जांचदिल्ली पुलिस की एटीएस घटना की जांच आतंकी हमले के एंगल से भी कर रही है। आस-पास के पुलिस थानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं और बाजारों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि कोई भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। स्थानीय लोगों में दहशतविस्फोट की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटनास्थल के पास चश्मे की दुकान चलाने वाले सुमित ने कहा, “धमाका इतना जोरदार था कि मेरी दुकान के खिड़की के शीशे टूट गए और सारा सामान जमीन पर गिर गया।” वहीं, स्थानीय निवासी राकेश गुप्ता ने बताया, “सुबह करीब 7.30 बजे हमने बहुत तेज धमाके की आवाज सुनी। हमें लगा कि पास में कोई एलपीजी सिलेंडर फट गया है। कई दुकानों के शीशे टूट गए हैं।” इस धमाके ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है, और इस मामले में आतंकी साजिश की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जांच जारी है, और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

दिवाली पर रहे सावधान! : रतलाम जिले में मिलावट का जहर, प्रतिष्ठित दुकानों व फैक्ट्रियों के सैंपल फेल

रतलाम – पब्लिक वार्ता,न्यूज डेस्क। दिवाली पर रहे सावधान! : त्योहारों का मौसम आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, लेकिन इस बीच एक गंभीर खतरा भी मंडरा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा हाल ही में की गई जांच में 13 खाद्य पदार्थों को मानकों पर खरा नहीं पाया गया। कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशन में लिए गए 109 खाद्य सैंपलों की रिपोर्ट ने त्योहार की खुशियों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। दीवाली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के समय पर मिलावटखोरों का यह खेल लाखों लोगों की सेहत और जान से खिलवाड़ प्रतीत हो रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने बताया कि जिन संस्थाओं के नमूने अवमानक पाए गए हैं, उनमें कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। इनमें बिलपांक स्थित ग्रीन ईडन सिस्टमैटिक प्राइवेट लिमिटेड का चना दाल, जावरा के राजश्री नमकीन सेंटर के सेव, ढोढर के श्री गणेश रेस्टोरेंट का सेव, जावरा के श्री राधे नमकीन की मावा बर्फी, रावटी के जाट दूध डेरी का मिक्सड दूध, रतलाम के सज्जन मिल रोड स्थित फायदा बाजार का काबुली चना, पिपलौदा के मां आशापुरा मिल्क चिलिंग सेंटर का मिक्सड दूध, परवलिया के होटल ग्रीन प्लाजा का पनीर, सज्जन पद के साइन मिलकर प्रोसेसिंग प्लांट का भैंस का दूध, सैलाना के हकीम ब्रदर का रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, सैलाना के देवेंद्र स्वीट्स का मावा पेडा, ढोढर के बालाजी नाश्ता सेंटर की मिठाई और पीर हिंगोरिया के नाथूलाल मावा भट्टी का भैंस का दूध शामिल हैं। सवाल उठता है कि क्या ऐसे समय में जब लोग अपने परिवार के साथ त्यौहार की खुशियाँ मना रहे हैं, मिलावटखोर अपनी जेबें भरने के लिए उनकी जिंदगी से खेल रहे हैं? क्या ये मिलावट सिर्फ सस्ती चीजों तक सीमित है या फिर ये हमारे त्योहारी खाद्य पदार्थों में भी जहर घोल रहे हैं? प्रशासन ने सभी संबंधित उत्पादकों को सुधार के लिए एक माह की समय सीमा दी है। अगर इस अवधि में अपील नहीं की गई, तो उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत न्यायालय में मामला दर्ज किया जाएगा। लेकिन सवाल यह भी उठता है कि जब तक कार्रवाई होगी, तब तक कितने और लोग इन मिलावटी उत्पादों का शिकार बनेंगे? खाद्य सुरक्षा की यह ढीली निगरानी लाखों लोगों के जीवन से खेल रही है। इस दीवाली, जहाँ लोग मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं, वहां इस तरह की घातक मिलावट समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। जनता को इस बारे में सतर्क रहना होगा और प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि त्यौहार की खुशियाँ किसी के लिए दुखदाई न बनें।

0%