Ratlam News: डीजल चोरी करते पकड़े गए दो ड्राइवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में डीजल चोरी का मामला सामने आया है। रोड निर्माण कंपनी के मैनेजर ने डंपर और पोकलेन मशीन से डीजल चोरी करते हुए दो ड्राइवरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।   कैसे पकड़े गए चोर?   मंगलवार रात सरकारी कॉलेज के पास एक खदान में खड़े निर्माण कार्य में लगे वाहनों से डीजल निकाला जा रहा था। इसी दौरान रोड निर्माण कंपनी के मैनेजर भूपेंद्र सिंह चंद्रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने डंपर चालक विष्णु बैरागी और पोकलेन चालक धर्मेंद्र सिंह को डीजल चोरी करते हुए देख लिया।   भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़े गए   मैनेजर को देखते ही दोनों चालक भागने लगे, लेकिन उन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। इसके बाद तुरंत कालूखेड़ा पुलिस को सूचना दी गई।   चोरी के मामले में गिरफ्तार   शिकायत दर्ज होने के बाद कालूखेड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों विष्णु बैरागी (निवासी हाटपिपलिया, जावरा) और धर्मेंद्र सिंह (निवासी सरसोदा, जावरा) को गिरफ्तार कर लिया।   कहां बेचा जाना था डीजल? जांच जारी   फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि चोरी किया गया डीजल कहां बेचा जाना था और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।   इससे पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं   इससे पहले भी कई जगहों से निर्माण कार्य में लगे वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की चोरी के पीछे कोई बड़ा गैंग तो नहीं है।   लेटेस्ट अपडेट्स और खबरों के लिए हमें फॉलो करें।

Ratlam News: आईपीएल सट्टेबाजी; गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते दो आरोपी गिरफ्तार  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आईपीएल 2025 में सट्टेबाजी को लेकर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। माणक चौक थाना क्षेत्र के त्रिवेणी कुण्ड के पास से पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टे की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।   मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई   पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर आईपीएल में सट्टेबाजी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणक चौक उपनिरीक्षक अनुराग यादव के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। बुधवार को थाना प्रभारी अनुराग यादव को सूचना मिली कि त्रिवेणी कुण्ड के पास एक व्यक्ति क्रिकेट सट्टा लगा रहा है।   सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 27 वर्षीय आरोपी आशुतोष सोनीवाल (निवासी तेजा नगर, रतलाम) को गिरफ्तार कर लिया। वह अपने मोबाइल फोन के जरिए park 999 नामक सट्टा आईडी से आईपीएल मैच गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 10,000 रुपये मूल्य का एक realme कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया।    ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क   पुलिस पूछताछ में आशुतोष ने खुलासा किया कि उसे यह सट्टा आईडी अनिल मेनी (निवासी भोयरा बावड़ी सिंधी गली, रतलाम) ने दी थी। अनिल ने ऑनलाइन विज्ञापन के माध्यम से सट्टेबाजी की वेबसाइट की जानकारी प्राप्त की थी। इसके बाद उसने वेबसाइट पर खुद की यूजर आईडी और पासवर्ड बनाए और यूपीआई के जरिए बैलेंस डालकर आशुतोष को सट्टेबाजी की आईडी उपलब्ध करवाई।   पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 4 क के तहत अपराध क्रमांक 158/2025 दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।   गिरफ्तार आरोपी   1. आशुतोष सोनीवाल (27 वर्ष), निवासी 41/2, तेजा नगर, गली नंबर 06, रतलाम।   2. अनिल मेनी (40 वर्ष), पिता स्व. गोवर्धनदास मेनी, निवासी भोयरा बावड़ी सिंधी गली, रतलाम।   पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका   सट्टेबाजों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अनुराग यादव, कार्य. प्रआर अमित त्यागी, कार्य. प्रआर सुधीर, आरक्षक चंद्रशेखर खटवड़ और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।  

Ratlam News: गुर्जर समाज रतलाम: मानसिंह गुर्जर ताल तहसील अध्यक्ष नियुक्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम को संगठित करने और सामाजिक कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी की अनुशंसा पर मानसिंह गुर्जर (पुत्र नरसिंह गुर्जर, ग्राम चापलाखेड़ी, ताल) को ताल तहसील अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।   गुर्जर समाज के जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र सिराधना ने बताया कि इस नियुक्ति का उद्देश्य समाज को संगठित करना, सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देना और समाज हित में विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मानसिंह गुर्जर समाज को मजबूत करने और उसके उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।    समाज को संगठित करने पर जोर   गुर्जर समाज मध्य प्रदेश की ओर से सामाजिक उत्थान और एकजुटता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में तहसील स्तर पर मजबूत नेतृत्व तैयार किया जा रहा है, जिससे समाज हितैषी कार्यों को गति मिल सके।   शुभकामनाओं के साथ नियुक्ति पत्र जारी   देवेन्द्र सिराधना (जिला अध्यक्ष, गुर्जर समाज, म.प्र.) ने मानसिंह गुर्जर को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।   जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र सिराधना (गुर्जर)   कार्यालय: कोर्ट चौराहा, डॉ. देवीसिंह कॉलोनी, रतलाम, म.प्र.   मोबाइल: 9009323883  

Ratlam News: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के खिलाफ गुर्जर समाज में आक्रोश, पुतला जलाकर किया विरोध  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के दादा राणा सांगा के खिलाफ अपमानजनक बयान देने वाले समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के खिलाफ गुर्जर समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनके इस कथित बयान के विरोध में श्री गुर्जर समाज युवा इकाई के नेतृत्व में समाज के लोगों ने चार चक्की चौराहे पर उनका पुतला जलाया और जोरदार प्रदर्शन किया।   नारेबाजी के साथ जताया विरोध   प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने राणा सांगा अमर रहे, पन्नाधाय अमर रहे के जयकारे लगाए और ऐतिहासिक वीरों को नमन किया। साथ ही, सपा सांसद रामजीलाल सुमन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।   गुर्जर समाज ने बताया आत्मसम्मान का मुद्दा   श्री गुर्जर समाज युवा इकाई के अध्यक्ष मुरलीधर गुर्जर ने बताया कि राणा सांगा केवल एक ऐतिहासिक योद्धा नहीं थे, बल्कि गुर्जर समाज के गौरव का प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा, राणा सांगा के चौथे पुत्र राणा उदय सिंह की धाय मां पन्नाधाय थीं, जो स्वयं एक गुर्जर वीरांगना थीं। ऐसे में राणा सांगा का अपमान पूरे गुर्जर समाज का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।   उन्होंने यह भी कहा कि राणा सांगा ने गुर्जर समाज को धाभाई की उपाधि देकर सम्मानित किया था, इसलिए उनका अपमान पूरे समाज के लिए असहनीय है।   गुर्जर समाज ने दी चेतावनी   पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सांसद रामजीलाल सुमन अपने शब्दों को वापस नहीं लेते और सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तो विरोध और तेज होगा।   प्रमुख लोग रहे मौजूद   इस विरोध प्रदर्शन में गुर्जर समाज युवा इकाई के कई सदस्य और क्षेत्र की जनता शामिल हुई। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, पुष्पेंद्र गुर्जर, भीमा गुर्जर, केशव गुर्जर, प्रथमेश गुर्जर, भोला गुर्जर, मयंक गुर्जर, इंदर सिंह जमाई, मनोज सिंह सिसोदिया, गोपाल वर्मा, विजय ठाकुर, सुरेश सोलंकी, चिटू सोलंकी समेत सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे।  

Ashutosh Sharma: भूख मिटाने के लिए अम्पायरिंग तक करने वाले आशुतोष शर्मा की संघर्षभरी कहानी बनी मिसाल  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ashutosh Sharma: मध्य प्रदेश के युवा क्रिकेटर आशुतोष शर्मा की संघर्षभरी कहानी आज हर किसी को प्रेरित कर रही है। एक समय था जब आशुतोष के पास खाने तक के पैसे नहीं थे और गुजारा करने के लिए उन्होंने अम्पायरिंग तक करनी पड़ी। लेकिन अपनी मेहनत और जुनून की बदौलत उन्होंने खुद को साबित किया और अब चारों तरफ उनकी तारीफ हो रही है।   क्रिकेटर बनने का सपना और मुश्किलों से भरा सफर   आशुतोष बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहते थे। उन्होंने कई टूर्नामेंट खेले और शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन एक वक्त ऐसा आया जब उन्हें क्रिकेट में लगातार मौके नहीं मिले। उन्होंने खुलासा किया कि एक ट्रायल मैच में 45 गेंदों पर 90 रन बनाने के बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इस फैसले से वे डिप्रेशन में चले गए।   आशुतोष ने बताया, मैं सिर्फ जिम जाता और होटल के कमरे में जाकर सो जाता। क्रिकेट में कोई मौका न मिलने के कारण मैं बहुत निराश था।   पेट भरने के लिए की अम्पायरिंग   परिस्थितियां इतनी कठिन हो गईं कि आशुतोष के पास खाने तक के पैसे नहीं थे। मजबूरन उन्होंने गुजारा करने के लिए अम्पायरिंग करनी शुरू कर दी। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने क्रिकेट करियर को बचाने के लिए मेहनत जारी रखी।   संघर्ष के बाद मिली पहचान   अपने प्रदर्शन और मेहनत के दम पर आशुतोष ने खुद को साबित किया और अब वे सुर्खियों में हैं। उनकी कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो मुश्किल हालातों में भी अपने सपनों को साकार करने का जुनून रखते हैं।  

Ratlam News: जनसुनवाई में 62 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश, भूमि कब्जे से लेकर सड़क अवरुद्ध होने तक के मामले उठे  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में 62 आवेदनों पर सुनवाई की गई। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने इन आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश जारी किए।   ग्राम आक्याकला निवासी को नहीं मिल रहा भूमि का कब्जा   ग्राम आक्याकला निवासी शंकरलाल चौहान ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई कि तहसीलदार ताल द्वारा तीन बार आदेश जारी होने के बावजूद उन्हें उनकी भूमि का कब्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने गिरदावर, पटवारी और चौकीदार की मिलीभगत का आरोप लगाया। इस पर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ताल को तत्काल आदेश पालन के निर्देश दिए गए।    ग्राम सुनारी में डूब क्षेत्र को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति   सैलाना तहसील के ग्राम सुनारी के ग्रामीणों ने जल संरचना मैराज डेम निर्माण का विरोध किया। उनका कहना था कि इससे उनका गांव और आसपास के चार-पांच अन्य गांव डूब क्षेत्र में आ जाएंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना ही पांचवीं अनुसूची लागू कर दी गई, जो अनुचित है। इस मामले को संबंधित विभाग को निराकरण के लिए भेजा गया है।    दुर्घटना में घायल पुत्र के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग   त्रिमूर्ति नगर निवासी सुरेंद्रसिंह चौधरी ने जनसुनवाई में बताया कि उनके पुत्र का आठ फरवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के कारण इंदौर के बाम्बे हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। उपचार में काफी धन खर्च होने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर एसडीएम रतलाम शहर को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।   आनंद विहार में रास्ता अवरुद्ध, नागरिकों को हो रही परेशानी   महेश नगर स्थित आनंद विहार निवासी रमेश मनानिया ने शिकायत की कि एक निवासी द्वारा रास्ते पर दो बार दीवार बनाकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया था, जिसे कॉलोनीवासियों ने हटाया था। लेकिन अब फिर से दीवार बना दी गई है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने और नागरिकों को बाजार व अस्पताल जाने में परेशानी हो रही है। मामले को निराकरण के लिए नगर निगम आयुक्त को भेजा गया है।   जिला प्रशासन ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान के निर्देश जारी किए हैं।

Ratlam News:  साफ-स्वच्छ त्रिवेणी कुण्ड में बच्चे सीखेंगे तैराकी  

नगर निगम ने कराया त्रिवेणी कुण्ड व आसपास के क्षेत्र की सफाई   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गर्मी के मौसम में तैराकी सीखने आने वाले बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने त्रिवेणी कुण्ड और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई करवाई। महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति प्रभारी विशाल शर्मा और विद्युत एवं यांत्रिकी समिति प्रभारी अक्षय संघवी की उपस्थिति में नगर निगम के स्वास्थ्य अमले ने यह सफाई अभियान चलाया।   अब बच्चे स्वच्छ जल में तैराकी सीख सकेंगे। इस अभियान के दौरान स्वच्छता अधिकारी एपी सिंह, झोन प्रभारी तरुण राठौड़, आशीष चौहान, वार्ड दरोगा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।    नगर निगम योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी समिति की बैठक संपन्न   शहर के प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा   रतलाम, 24 मार्च। नगर निगम योजना एवं सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति की बैठक महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार समिति प्रभारी मनोहरलाल राजू सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों से अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा की।   अनुशंसा के अनुसार, स्टेट बैंक मुख्य शाखा, कॉलेज रोड, डोंगरे नगर मुख्य मार्ग, तेजाजी मंदिर के पास, नीम चौक, चांदनी चौक, अंबेडकर ग्राउंड, दो बत्ती देना बैंक के पास आदि स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।   इस बैठक में समिति प्रभारी मनोहरलाल राजू सोनी के अलावा सदस्य शक्तिसिंह राठौर, बलराम भट्ट, श्रीमती हीना मेहता, श्रीमती केसरबाई भानीगामा, सहायक यंत्री सुहास पंडित, समिति सचिव अनवर कुरेशी और प्रवीण तिवारी उपस्थित रहे।

Ratlam News: सैलाना ब्रिज से कूदा व्यक्ति, मौके पर मौत; फल-फ्रूट की ठेला गाड़ी लगाता था  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में मंगलवार दोपहर एक व्यक्ति सैलाना ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिल्ली-मुंबई रेल लाइन के पास रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में राम मंदिर के समीप हुई। घटना के बाद ब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस को हटाना पड़ा।   मृतक की पहचान हुई   मृतक की पहचान संतोष 50 पिता सागरमल निवासी महिदपुर, जिला उज्जैन हाल मुकाम अलकापुरी, रतलाम के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष ब्रिज पर पैदल चलते हुए अचानक नीचे कूद गया। गिरने के दौरान उसका सिर नीचे रखे लोहे के गर्डर से टकराया, जिससे गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।   फल-फ्रूट की ठेला गाड़ी लगाता था मृतक   शव की पहचान सैलाना बस स्टैंड पर फल-फ्रूट की ठेला गाड़ी लगाने वाले करणसिंह ने की। करणसिंह, जो संतोष का भांजा है, ने बताया कि सभी उन्हें मुनीम जी कहकर बुलाते थे। करणसिंह के अनुसार, वह दोपहर में ठेले पर था, तभी किसी ने आकर बताया कि मुनीम जी ब्रिज से गिर गए हैं। मौके पर पहुंचकर देखा तो वह संतोष ही थे।    मानसिक रूप से थे कमजोर, परिवार से था अलगाव   करणसिंह ने बताया कि संतोष पिछले 5-6 साल से रतलाम में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी, जबकि उनका एक बेटा है, लेकिन वह कहां रहता है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।    पुलिस जांच में जुटी   घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी, आरपीएफ व औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि मामला रेलवे क्षेत्र से जुड़ा था, इसलिए जीआरपी ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया।   जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि मर्ग कायम किया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संतोष ब्रिज से दुर्घटनावश गिरा या उसने आत्महत्या की।  

MP News: किसानों को झेलने होगी परेशानियां क्योंकि इस कारण से 5 दिन मंडी के गेट पर लगा रहेगा ताला

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम कृषि उपज मंडी समिति ने आगामी त्योहारों और बैंक वार्षिक लेखाबंदी को ध्यान में रखते हुए मंडी में अवकाश घोषित किया है। मंडी समिति ने कृषक, व्यापारी, तुलावटी और हैम्माल बंधुओं को सूचित किया है कि रतलाम मंडी के विभिन्न प्रांगण निम्नलिखित तिथियों को बंद रहेंगे।   मंडी अवकाश का विवरण   -28 मार्च, शुक्रवार – रमजान माह का अंतिम शुक्रवार  -29 मार्च, शनिवार – व्यापारी एसोसिएशन के आवेदन अनुसार   -30 मार्च, रविवार – शासकीय अवकाश   -31 मार्च, सोमवार – ईद-उल-फितर पर्व   -1 अप्रैल, मंगलवार – बैंक वार्षिक लेखाबंदी    किन-किन मंडियों में रहेगा अवकाश   इन अवकाश के दौरान मुख्य अनाज मंडी प्रांगण, लहसुन-प्याज मंडी प्रांगण एवं उप मंडी नामली प्रांगण बंद रहेंगे।   हरी सब्जी मंडी रहेगी चालू   मंडी समिति ने स्पष्ट किया है कि इन अवकाश के दौरान हरी सब्जी का क्रय-विक्रय सामान्य रूप से जारी रहेगा।   कृषि उपज मंडी समिति रतलाम का आग्रह   मंडी समिति ने सभी किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों से अपील की है कि वे इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी व्यापारिक एवं कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं।   रतलाम मंडी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए हमारे पोर्टल पर जुड़े रहें।

Ratlam News: रतलाम में हरमाला रोड का नाम बदलेगा: नगर निगम का साधारण सम्मेलन आज, बजट और विकास कार्यों पर होगी चर्चा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर निगम का साधारण सम्मेलन आज, 25 मार्च (मंगलवार) को निगम सभागार में आयोजित होगा। इस सम्मेलन में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पत्रक (बजट) को पेश किया जाएगा। इसके अलावा, शहर के विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।   हरमाला रोड का नाम बदलेगा   सम्मेलन में शहर के वार्ड क्रमांक 26 स्थित हरमाला रोड का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, फूल मंडी चौराहे से हाकीमवाडा तक की सड़क को विरांगना गुजरी माता पन्ना धाय रोड नाम दिया जाएगा।   संपत्ति कर में 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव   नगर निगम संपत्ति कर में 10 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव भी रखेगा। यदि प्रस्ताव पारित होता है, तो शहरवासियों को अगले वित्तीय वर्ष से बढ़े हुए कर का भुगतान करना होगा।   लीज नवीनीकरण पर चर्चा   नगर सुधार न्यास की विभिन्न योजनाओं के तहत 30 वर्ष की लीज पर आवंटित भूखंडों और भवनों की लीज अवधि समाप्त होने पर आगामी 30 वर्षों तक बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा।   शहर में पेड पार्किंग होगी शुरू   नगर निगम प्रमुख स्थानों पर टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों के लिए पेड पार्किंग शुरू करने की योजना बना रहा है। प्रस्तावित पार्किंग स्थलों में शामिल हैं:   – साइंस कॉलेज गेट (कालेज रोड)   – आजाद चौक (चांदनी चौक)   – डॉ. देवीसिंग की गली   – धन जी बाई का नोहरा   – काशी नाथ का नोहरा   – लाडली लक्ष्मी लोकेंद्र भवन के सामने   – सर्वानंद मार्केट के पीछे   – आबकारी कंपाउंड   पार्किंग शुल्क   – टू-व्हीलर: 2 घंटे के लिए 10 रुपए, रात्रि शुल्क 25 रुपए   – फोर-व्हीलर: 2 घंटे के लिए 25 रुपए, रात्रि शुल्क 100 रुपए   मेला शुल्क में होगी बढ़ोतरी   अंबेडकर मांगलिक भवन (पोलोग्राउंड) के पास स्थित खुली भूमि के लिए निजी संस्थाओं से मेले और अन्य कार्यक्रमों के लिए वर्तमान में 1.30 रुपए प्रति वर्ग फीट शुल्क लिया जाता है। प्रस्ताव के तहत इसे बढ़ाकर 2 रुपए प्रति वर्ग फीट किया जाएगा।   भाजपा-कांग्रेस पार्षदों के बीच गरमागरम बहस की संभावना   सम्मेलन में भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच विभिन्न मुद्दों पर गरमागरम बहस होने की संभावना है। नगर निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा होगी।   इस बैठक में रतलाम नगर के भविष्य की कई योजनाओं को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

↑
0%