रतलाम में सस्ती हेल्थ सेवाओं की शुरुआत: संजीवनी सेवा समिति ने शुरू की NABL पैथोलॉजी जांच

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। शहरवासियों को सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सनातन स्वास्थ्य संजीवनी सेवा समिति ने पैथोलॉजी जांच सेवाओं की शुरुआत कर दी है। गुरुवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की उपस्थिति में इस जनहितैषी प्रकल्प का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और महापौर प्रहलाद पटेल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल को आमजन के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य आम नागरिकों को कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधा उपलब्ध कराना है। यहां रक्त और मूत्र से संबंधित सभी प्रमुख जांचें NABL प्रमाणित होंगी, जिससे रिपोर्ट की विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी। खास बात यह है कि यहां की जांच रिपोर्ट देश के बड़े शहरों—बड़ौदा, अहमदाबाद, इंदौर और मुंबई के प्रमुख अस्पतालों में भी मान्य रहेगी। इससे मरीजों को बार-बार बाहर जाकर जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस नई सुविधा के शुरू होने से न केवल गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि उनका समय और खर्च भी बचेगा। समिति ने आने वाले समय में और भी स्वास्थ्य सेवाएं जोड़ने की योजना जताई है, जिससे रतलाम में चिकित्सा सुविधाओं का दायरा और बढ़ेगा।

रॉयल कॉलेज रतलाम का कमाल: MBA, BBA, BCA के 10 छात्र यूनिवर्सिटी मेरिट में शामिल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित सत्र 2025 के वार्षिक परीक्षा परिणामों की मेरिट लिस्ट में संस्थान के 10 विद्यार्थियों ने टॉप-15 में जगह बनाकर रतलाम का नाम रोशन किया है। संस्थान के एमबीए, बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान हासिल किए। इस उपलब्धि से न सिर्फ कॉलेज बल्कि पूरे जिले में खुशी का माहौल है। पाठ्यक्रमवार प्रदर्शन MBA (चतुर्थ सेमेस्टर):  BCA (तृतीय वर्ष): BBA (तृतीय वर्ष): प्रबंधन ने जताई खुशी इस ऐतिहासिक सफलता पर रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन प्रमोद गुगालिया ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत और संस्थान के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। संस्थान के निदेशक एवं स्टाफ ने भी सभी सफल विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

JSG संगिनी उमंग परिवार को MP रीजन में दूसरा स्थान, सेवा गतिविधियों में बनाई पहचान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। JSG (Jain Social Group) के अंतर्गत कार्यरत JSG संगिनी उमंग परिवार ने एक बार फिर मध्य प्रदेश रीजन में अपनी शानदार उपलब्धि दर्ज कराई है। फरवरी माह में आयोजित सेवा गतिविधियों, विशेष रूप से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के उत्कृष्ट आयोजन के लिए समूह को पूरे एमपी रीजन में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल समूह के लिए बल्कि पूरे रतलाम शहर के लिए गर्व का विषय है। ग्रुप अध्यक्ष रेनू लुनिया ने इस सफलता का श्रेय सभी पदाधिकारियों, बोर्ड मेंबर्स और सक्रिय सदस्यों को देते हुए उनके सहयोग और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों और मार्गदर्शन से ही समूह निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर एमपी रीजन के अध्यक्ष राहुल चपलोद की टीम का विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही JSG रतलाम सेंट्रल की पूरी टीम एवं निर्णायक मंडल के दीपक दोषी, प्रफुल्ल लोढ़ा और मनोज कटारिया को भी धन्यवाद और बधाई दी गई। ग्रुप सचिव निर्मला पटवा और अनीता कोठारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य में भी समूह सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। यह उपलब्धि JSG संगिनी उमंग परिवार की टीम वर्क, समर्पण और समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Ratlam News: रतलाम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर FIR: शराब दुकान पर तालाबंदी, 7 दिन बाद दर्ज हुआ केस

रतलाम के शिवगढ़ में शराब दुकान पर तालाबंदी करने के मामले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा और समर्थकों पर 7 दिन बाद FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के शिवगढ़ क्षेत्र में शराब दुकान पर जबरन तालाबंदी करने के मामले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई घटना के 7 दिन बाद आबकारी विभाग की शिकायत पर की गई। वीडियो देखे जानकारी के अनुसार, 15 मार्च की रात करीब 10 बजे शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर निनामा अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। यहां उन्होंने कर्मचारियों को बाहर निकालकर दुकान का शटर गिराया और ताला लगा दिया। इस दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और निनामा समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस की समझाइश के बाद खुली दुकान घटना की सूचना मिलने पर शिवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई शांतिलाल चौहान ने निनामा और उनके समर्थकों को समझाया कि शासकीय दुकान को इस तरह बंद करना नियमों के खिलाफ है। समझाइश के बाद सभी मान गए और करीब आधे घंटे बाद दुकान को दोबारा खुलवाया गया। स्थानीय लोगों की समस्या का हवाला तालाबंदी के दौरान निनामा ने आरोप लगाया कि शराब दुकान पर बाहरी लोग काम कर रहे हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग की। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को दुकान से हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान निनामा ने पुलिस के सामने कहा था कि वह कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और उन पर FIR दर्ज की जा सकती है। 7 दिन बाद दर्ज हुआ केस पूरे मामले में आबकारी विभाग के सैलाना वृत्त अधिकारी चेतन वेद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर शनिवार रात शिवगढ़ थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) और 127(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: रतलाम में नाबालिग की संदिग्ध मौत: गले में दुपट्टा, परिजनों ने जताई रेप के बाद हत्या की आशंका

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सरवन थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी का शव उसके घर से करीब 200 फीट दूर जमीन पर पड़ा मिला, जिसके गले में दुपट्टा कसकर लिपटा हुआ था और उसमें गांठ लगी हुई थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। वीडियो देखे शादी से उठाकर ले जाने का आरोप मामला सेमलखेड़ा ग्राम पंचायत के एक गांव का है। मृतका के पिता के अनुसार, बुधवार रात गांव में पारिवारिक शादी समारोह था, जहां उनकी दोनों बेटियां शामिल होने गई थीं। रात करीब 10 बजे वे शादी में गई थीं, जबकि घर पर मां, छोटा भाई और दादा-दादी मौजूद थे। पिता उस समय गेहूं कटाई के लिए मजदूरी पर गया हुआ था। छोटी बहन ने बताई पूरी घटना पिता ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब वह घर लौटा तो पता चला कि दोनों बेटियां घर नहीं पहुंची हैं। शादी स्थल पर पहुंचने पर जानकारी मिली कि बड़ी बेटी रात करीब 3 बजे घर के लिए निकल गई थी, जबकि छोटी बेटी वहीं थी। छोटी बेटी ने बताया कि उसकी बहन को चार युवक जबरन अपने साथ ले गए थे। चार आरोपियों के नाम सामने आए छोटी बेटी द्वारा बताए गए नामों के आधार पर पिता ने चारों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। एक-एक कर चारों युवकों को घर लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने लड़की के घर के पास होने की बात कही। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां घर से करीब 200 फीट दूर किशोरी का शव मिला। तीन आरोपी फरार, एक पुलिस हिरासत में पिता के अनुसार, पकड़े गए चार आरोपियों में से तीन मौके से फरार हो गए, जबकि एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनका कहना है कि अगर यह आत्महत्या होती तो शव पेड़ पर लटका मिलता, जबकि शव जमीन पर पड़ा मिला। डीजे के शोर में दब गई मदद की आवाज परिजनों का आरोप है कि जब आरोपियों ने किशोरी को जबरन ले जाया, तब छोटी बहन ने शोर मचाया था, लेकिन शादी में बज रहे डीजे के तेज शोर के कारण कोई सुन नहीं सका। सड़क पर चक्काजाम, सख्त कार्रवाई की मांग घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके मकान तोड़ने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है। सरवन थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों को राउंडअप कर लिया गया है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि किशोरी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

Ratlam News: रतलाम पुलिस का एक्शन, ₹85 हजार की अफीम जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 381 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब ₹85,000 आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा के मार्गदर्शन में थाना जावरा शहर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। कैसे हुई कार्रवाई पुलिस को 16 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध अफीम लेकर जावरा के नयामालीपुरा क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्मशान घाट नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से 381 ग्राम अफीम और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जावरा शहर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी दोनों आरोपी मंदसौर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। क्या-क्या हुआ जब्त कुल जब्त मशरूका: ₹85,000 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना जावरा शहर के पुलिस अधिकारी एवं सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की है।

Ratlam News: रतलाम में करणी सेना रोकी गई: कलेक्ट्रेट घेराव से पहले टकराव, महिला बेहोश

रतलाम में करणी सेना के कलेक्ट्रेट घेराव से पहले पुलिस ने शहर के बाहर ही प्रदर्शनकारियों को रोका। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी, एक महिला बेहोश। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में मंगलवार को करणी सेना परिवार के प्रस्तावित कलेक्ट्रेट घेराव से पहले ही पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शहर की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शहर के बाहर ही रोक दिया। इसके चलते प्रदर्शन स्थल पर घंटों तक हंगामा और नारेबाजी जारी रही। वीडियो देखे शहर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। शहर के सभी एंट्री पॉइंट और महू-नीमच फोरलेन पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। प्रदर्शनकारियों को डोसी गांव के पास ही रोक लिया गया, जिससे वे कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच सके। 5 घंटे से ज्यादा चला प्रदर्शन करीब 5 घंटे से अधिक समय तक प्रदर्शन जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे, लेकिन वे कलेक्टर मिशा सिंह को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जीवन सिंह शेरपुर का बयान करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि कलेक्टर को बीजेपी ज्वाइन करवा दीजिए, और इसके लिए वे सोशल मीडिया पर प्रचार भी करेंगे। महिला प्रदर्शनकारी बेहोश प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब बैरिकेड्स हटाने की कोशिश में जुटी महिलाओं को पुलिस ने रोका। इस दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी बेहोश हो गई, जिसे तुरंत वाहन से अस्पताल भेजा गया। प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप शेरपुर ने आरोप लगाया कि प्रशासन रास्ता रोककर “अपराध” कर रहा है और जनता की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने अवैध शराब और प्रशासन की मिलीभगत जैसे मुद्दों को भी उठाया। डंपर जब्ती से शुरू हुआ विवाद यह पूरा विवाद एक सप्ताह पहले जावरा क्षेत्र में खनिज विभाग द्वारा दो डंपरों की जब्ती से शुरू हुआ था। ये डंपर ठेकेदार आयुष शर्मा के बताए जा रहे हैं, जिन्हें शेरपुर का समर्थक बताया जाता है।शेरपुर का आरोप है कि खाली डंपरों पर गलत कार्रवाई की गई, जिसके विरोध में उन्होंने पहले भी धरना दिया था। 11 सूत्रीय मांगों में क्या शामिल प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के सामने कई प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें शामिल हैं: प्रशासन की सतर्कता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक कुमार लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहे। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Ratlam News: रतलाम में गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केटिंग का खुलासा, 2000 रुपये में बेच रहे थे एजेंसी के ड्राइवर और हॉकर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच ब्लैक मार्केटिंग का मामला सामने आया है। प्रशासन की टीम ने शनिवार दोपहर शास्त्री नगर स्थित सिविक सेंटर पर दबिश देकर घरेलू गैस सिलेंडर को दो हजार रुपये में ब्लैक में बेचने का खुलासा किया। वीडियो देखे टीम के पहुंचते ही गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचने वाला लोडिंग वाहन का ड्राइवर आकाश राव और हॉकर कमल मौके से फरार हो गए। इसके बाद अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक को मौके पर बुलाकर पंचनामा बनाते हुए कार्रवाई की। शिकायत के बाद प्रशासन की कार्रवाई जानकारी के अनुसार प्रशासन को शिकायत मिली थी कि सज्जनमिल रोड स्थित अल्पा गैस सर्विस का लोडिंग वाहन सिविक सेंटर क्षेत्र में खड़ा रहता है और वहीं से बिना बुकिंग के घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने शास्त्री नगर के सांई मंदिर के पास सिलेंडर लेकर जा रहे ग्राहकों से पूछताछ की। ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने दो हजार रुपये देकर सिलेंडर खरीदा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टोकन और ओटीपी नहीं दिखा पाए ग्राहक कार्रवाई के दौरान दो बाइक सवार सिलेंडर लेकर जाते मिले। अधिकारियों ने उनसे टोकन मांगा, लेकिन वे टोकन या ओटीपी नहीं दिखा पाए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लोडिंग वाहन के ड्राइवर आकाश ने उन्हें 2000 रुपये में सिलेंडर दिया है। मामला खुलते ही ड्राइवर आकाश राव मौके से फरार हो गया, जबकि हॉकर कमल भी थोड़ी देर बाद वहां से भाग निकला। एजेंसी संचालक को बुलाकर बनाया पंचनामा इसके बाद अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक अंशुल पीपाड़ा को मौके पर बुलाया। उनके आने के बाद पंचनामा तैयार किया गया और पूरी कार्रवाई दर्ज की गई। कार्रवाई में नायब तहसीलदार प्राची गायकवाड़, नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडे और सहायक कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहानशामिल रहे। सहायक आपूर्ति अधिकारी मुकेश चौहान ने बताया कि मामले में प्रतिवेदन तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को भेजा जाएगा। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई इससे पहले 11 मार्च की रात नामली में भी प्रशासन ने छापामार कार्रवाई की थी, जहां महू रोड स्थित शहजाद मंसूरी के यहां से 31 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे और मामला दर्ज किया गया था। अधिकृत कीमत 991 रुपये, ब्लैक में 2500 तक बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की अधिकृत कीमत 991 रुपये है, लेकिन शहर में इसकी कमी का फायदा उठाकर इसे 1500 से 2500 रुपये तक ब्लैक में बेचा जा रहा है। लगातार सामने आ रहे मामलों से साफ है कि गैस सिलेंडर की कमी के बीच ब्लैक मार्केटिंग का नेटवर्क सक्रिय हो गया है, जिस पर प्रशासन अब सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।

Ratlam News: आलोट में महिला से मारपीट, पुलिस पर हल्की धाराओं में केस दर्ज करने के आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया मारू में रास्ते पर बने गड्ढे को भरने की बात को लेकर महिला के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने बीच सड़क पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना का वीडियो देखे जानकारी के अनुसार फरियादी श्यामुबाई बागरी (उम्र लगभग 41 वर्ष) पत्नी भंवरलाल बागरी, निवासी ग्राम पिपलिया मारू, थाना आलोट, खेती-मजदूरी का काम करती हैं। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर के पीछे से कुएं की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता है। उसी रास्ते में मोहनलाल बागरी ने मकान बनाने के लिए गड्ढा खोद दिया था। 8 मार्च को सुबह करीब 11 बजे श्यामुबाई अपने पति के साथ उस गड्ढे को भर रही थी। इसी दौरान मोहनलाल बागरी, उसकी पत्नी लीलाबाई बागरी तथा उसकी बेटियां कृष्णाबाई और दुर्गाबाई वहां पहुंचे और गड्ढा भरने को लेकर विवाद करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि चारों ने अश्लील गालियां देते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान मोहनलाल ने पत्थर फेंककर मारा, जो उसके चेहरे पर लगा। वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी बेटी धापुबाई के साथ भी कृष्णाबाई और दुर्गाबाई ने मारपीट की। इस घटना में महिला के चेहरे और शरीर पर, उसकी बेटी के गले और शरीर पर तथा उसके पति के हाथ और नाक पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान गांव के शांतिबाई और कारूलाल ने बीच-बचाव किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर दोबारा गड्ढा भरा तो जान से खत्म कर देंगे। पीड़िता की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि महिला का आरोप है कि गंभीर मारपीट और चोट के बावजूद पुलिस ने साधारण धाराओं में केस दर्ज किया है और अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इस मामले को लेकर जब एसडीओपी पल्लवी गौर से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि वे थाने से मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करवाएंगी।

Ratlam News: रतलाम में महिला चेन स्नेचर गिरोह पकड़ा, 24 घंटे में पुलिस का खुलासा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना माणकचौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला चेन स्नेचर गिरोह के पांच सदस्यों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30.580 ग्राम वजनी सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। वीडियो देखे पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी पतिराम डावरे के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। बताया गया कि 13 मार्च को दशा माता के त्योहार के दौरान महिलाएं हरदेवलाल की पीपली स्थित मंदिर में पूजा कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात महिला गिरोह ने फरियादिया विद्या पति आशीष माहेश्वरी (उम्र 42 वर्ष) की सास सावित्री देवी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 115/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी गई करीब 30.580 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एमपी09 एआर 0301 नंबर की आर्टिगा कार भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी: पुलिस के अनुसार यह गिरोह भीड़भाड़ और धार्मिक आयोजनों के दौरान महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। कार्रवाई में थाना माणकचौक पुलिस, साइबर सेल रतलाम और थाना धामनोद जिला धार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

↑
0%