NEET Exams: 4 मई को होगी नीट परीक्षा, स्टूडेंट्स इन बातों का जरूर रखे ध्यान वरना होगी परेशानी, जानिए एक्सपर्ट की राय 

रतलाम – पब्लिक वार्ता, न्यूज डेस्क। NEET Exams: डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए नीट परीक्षा प्रथम पड़ाव होता है। नीट परीक्षा हजारों छात्रों का भविष्य तय करती है की वे डॉक्टर बनेंगे या नहीं! ऐसे में इस अहम परीक्षा में सावधानियां भी जरूरी है। नहीं तो आपकी छोटी सी भूल आपके भविष्य के लिए खतरा बन सकती है। आइए जानते है नीट एक्सपर्ट व अभ्यास कैरियर इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर डॉ राकेश कुमावत से की किन बातों का ध्यान हमें रखने की जरूरत है।  डॉ राकेश के अनुसार NEET  एक अत्यधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षा है जिसके लिए व्यापक तैयारी की आवश्यकता होती है, जो छात्र चिकित्सा क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं उन्हें भारत के विभिन्न मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए इस परीक्षा को पास करना होता है। NTA द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल 23  लाख से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जिससे MBBS, BDS, BAMS, BUMS, BHMS में प्रवेश लिया जाता है व AIIMS, JIPMER में MBBS/BDS पाठ्यक्रम हेतु भी यही प्रवेश परीक्षा है| रतलाम में विभिन्न 8 सेंटर  केंद्रीय विद्यालय , उत्कृष्ट स्कूल, रैलवे स्कूल , जवाहर स्कूल,  MLB स्कूल, PG गर्ल्स कॉलेज ,साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज , स्वामी विवेकानंद कॉमर्स कॉलेज  पर आयोजित होगी , NEET एग्जाम  हेतु  शहर के लगभग 3000 से अधिक विद्यार्थी  विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर एग्ज़ाम देंगे| एग्जाम के दौरान छोटी-छोटी गलतियों से भी बिगड़ता है पेपर सावधानी जरूरी!   परीक्षा देने वाले छात्रों को परीक्षा वाले दिन क्या करना चाहिए? इस बारे में NEET एक्सपर्ट ने  कुछ सलाह दी जिस  पर छात्रों को ध्यान देना चाहिए।  1) एडमिट कार्ड – एडमिट कार्ड में दिए हुए स्थान पर एक पासपोर्ट फोटोग्राफ एवं एक पोस्टकार्ड फोटोग्राफ लगाए साथ ही बांये अंगूठे का थंब प्रिंट भी लगाए। 2)ड्रेस – एग्जाम में आप टी-शर्ट और लोवर पहन कर जा सकते हैं पर ध्यान रखें नाक और कान की बालियां एवं हाथ और गले में पहने हुए धागे  निकाल कर जाए। 3) एग्जाम टाइम – एग्जाम का समय 2pm से 5pm तक हैं | पर  एग्जाम सेंटर पर आपके एडमिट कार्ड में लिखे हुए निर्धारित समय पर उपस्थित हो जाएं ताकि समय पर एंट्री मिल सके और साथ में आधार कार्ड लेकर जाएं, यदि आधार कार्ड ना हो तो ID प्रूफ के रुप में 12 बोर्ड का एडमिट कार्ड लेकर जा सकते हैं। 4) अन्य उपकरण- एग्जाम हॉल में एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के साथ एक पासपोर्ट साइज फोटो लेकर जानी है एवं इसके अलावा अन्य किसी उपकरण को ले जाने की आवश्यकता नहीं है। पेन परीक्षा के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा एवं पानी की व्यवस्था भी की जाएगी 5) प्री–एग्जाम डिस्कशन से बचे– जैसे ही आप एग्जाम सेंटर पहुंचेंगे वहां ज्यादातर बच्चे आपको हाथ में किताबें लिए कुछ पढ़ते नजर आएंगे या फिर यह बात करते नजर आएंगे कि उन्होंने क्या-क्या पढ़ा है | यहां तक की एग्जाम हॉल में,पेपर मिलने से पहले तक भी डिस्कस करते रहते हैं| आपकी तैयारी   कैसी भी हो दूसरो की बाते सुनकर जरा भी घबराए नहीं, इससे पेपर बिगड़ सकता है आप शांत रहे और आत्मविश्वास बनाए रखें आपका पेपर अच्छा ही होगा| (6) बैठने से पहले सीट जांच ले – जो भी टेबल या कुर्सी एलॉट की गई है उसे अच्छी तरह से  जांच ले| देख ले वहां कोई पर्ची , च्यूइंग ,ब्लूटूथ ना हो , अगर कुछ मिले तो तुरंत एग्जामिनर को सूचना दे|  वही यह भी चेक करें कुर्सी या  टेबल हिल तो नहीं रही हैं या टूटी हुई तो नहीं है, ऐसा होने से OMR भरने में परेशानी आ सकती है|    (7)दवाई अपने साथ रख सकते हैं – यदि आप कोई दवा लेते हैं तो आप  प्रिस्क्रिप्शन के साथ टैबलेट लेकर जा सकते हैं (8)मुश्किल सवालों से डरे नहीं– यदि किसी सब्जेक्ट में लगातार सवाल मुश्किल आ रहे हैं तो घबराएं नहीं और संयम रखें| आगे के सवाल आसान हो  सकते हैं, अगर आप घबरा जाएंगे तो आसान सवालों में भी गलती कर बैठेंगे

Ratlam News: 24 घंटे में दो बार एक ही घर में चोरी, रतलाम में बेलगाम हुए चोर?

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे दिनदहाड़े एक ही मकान को दो बार निशाना बना रहे हैं। कस्तूरबा नगर की गली नंबर 6 में स्थित अनाज व्यापारी मनीष सोमानी के मकान में लगातार दो दिनों तक चोरी की वारदात हुई। पहले दिन जहां नकदी और ज्वेलरी चोरी हुई, वहीं अगले ही दिन स्कूटी भी चोरी हो गई। पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मनीष सोमानी ने मंगलवार को स्टेशन रोड थाने में शिकायत दी थी कि उनके मकान से 1.70 लाख रुपये नकद और लगभग 1.35 लाख रुपये कीमत की तीन सोने की अंगूठियां चोरी हो गईं। कुल मिलाकर 3.05 लाख रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने इस पर केवल आवेदन लिया, एफआईआर दर्ज नहीं की। घटना के बाद मनीष ने नए ताले लगवाए और शाम को अपने पिता के साथ गांव नायन चले गए। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने फिर से सूचना दी कि मकान का नकूचा फिर से कटा हुआ है और ताले नदारद हैं। मनीष जब लौटे तो उन्होंने पाया कि इस बार चोर पोर्च में रखी एक्सेस स्कूटी भी ले गए हैं। बाइक की चाबी मनीष अपने साथ ले गए थे, लेकिन स्कूटी की चाबी घर में ही थी। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध एमबी नगर में एक और मकान का ताला तोड़ते हुए नजर आए हैं, लेकिन पुलिस अब तक उनकी पहचान नहीं कर सकी है। शहर में लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पहला मामला है जब एक ही मकान को चोरों ने 24 घंटे में दो बार निशाना बनाया हो। इससे पहले भी कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। 18 अप्रैल को अंबेडकर सर्कल के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स में मोबाइल शॉप और अन्य दुकानों में चोरी हुई थी, जिसमें एक लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। वहीं 19 मार्च को कोर्ट के सामने रहने वाले इशान उपाध्याय के दो मंजिला मकान से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी है। इन मामलों में भी पुलिस आज तक खाली हाथ है। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया का कहना है कि पुलिस टीम चोरों की तलाश में लगी है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुरानी चोरियों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। रतलाम में बढ़ती चोरियों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर कब जागेगी पुलिस?

Heat Waves Alert: रतलाम, मंदसौर और निमच में अगले दो दिन हीटवेव की चेतावनी, तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Heat Waves Alert: मध्यप्रदेश में गर्मी ने दस्तक दे दी है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 39 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। 29 अप्रैल 2025 को शाम 5:30 बजे तक गुना में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया है। राज्य के ग्वालियर, गुना, रतलाम, उज्जैन, सागर और टीकमगढ़ जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जबकि शेष जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। तापमान पूर्वानुमान:भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा में रहने की संभावना है, लेकिन यह 39 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हीटवेव चेतावनी:आगामी दो दिनों में रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में लू चलने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। सावधानियां व सुझाव:

Ratlam News: रतलाम हादसा: एक साथ उठीं 8 अर्थियां, कुएं में वैन गिरने से 12 की मौत; गांवों में मातम का माहौल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। आंतरी माता के दर्शन के लिए जा रही एक ईको वैन बाइक से टकराने के बाद बेकाबू होकर कुएं में गिर गई। हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में आठ रतलाम जिले के, दो उज्जैन और दो मंदसौर जिले के निवासी थे। सोमवार सुबह रतलाम जिले के खोजनखेड़ा गांव से छह अर्थियां एक साथ उठीं। वहीं पिपलिया और सुरजना गांव से एक-एक शवयात्रा निकली। उज्जैन और मंदसौर में भी दो-दो लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। अर्थियां उठते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो उठी। कैसे हुआ हादसा हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावद फंटे के पास हुआ। वैन उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के आंतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक से वैन की भिड़ंत हो गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर 80 फीट गहरे कुएं में गिर गई। वैन में सवार 14 में से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक बाइक सवार और एक स्थानीय युवक, जो बचाव के लिए कुएं में उतरे थे, उनकी भी जान चली गई। बचाव कार्य में जान गंवाने वाला हीरो दोरवाड़ी गांव के मनोहर सिंह ने बचाव कार्य के दौरान चार लोगों की जान बचाई, लेकिन जहरीली गैस के कारण वे खुद भी जान गंवा बैठे। मनोहर सिंह की कुर्बानी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की मौजूदगी हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रेस्क्यू शुरू किया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, कलेक्टर अदिति गर्ग और एसपी अभिषेक आनंद सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। क्रेन की मदद से वैन को कुएं से बाहर निकाला गया। कुएं का पानी मोटर से निकाला गया ताकि अंदर फंसे शवों को बाहर लाया जा सके। मुआवजा और सरकारी सहायता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। घायल बच्चे की आपबीती हादसे में घायल देवेंद्र गहलोत ने बताया, “हम हराखेड़ी, उज्जैन से आंतरी माता के दर्शन के लिए निकले थे। अचानक सामने से बाइक आ गई और वैन कुएं में गिर गई। बाद में ग्रामीणों ने हमें बचाया और हॉस्पिटल पहुंचाया।”

Ratlam News: रतलाम में बंगाली कारीगरों की पुलिस जांच तेज, पहलगाम हमले के बाद बढ़ा सतर्कता स्तर

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद रतलाम पुलिस सतर्क हो गई है। शहर में रह रहे बंगाली कारीगरों का सत्यापन अभियान रविवार दोपहर से शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार रतलाम में दो से ढाई हजार के बीच बंगाली कारीगर निवास करते हैं, जो मुख्यतः सराफा बाजार में आभूषण निर्माण का कार्य करते हैं। इनमें से कई लोग वर्षों से परिवार समेत यहां रह रहे हैं। अधिकांश कारीगर माणक चौक थाना क्षेत्र में रहते हैं। सत्यापन कार्य एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव और एसआई शिवनाथ राठौर की उपस्थिति में शुरू किया गया। पुलिस टीम ने कारीगरों के आधार कार्ड की जांच ‘माय आधार’ एप के माध्यम से की। कारीगरों से उनका नाम, पता, मकान मालिक की जानकारी, परिवार के सदस्यों की संख्या और रतलाम में निवास की अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाकर रजिस्टर में दर्ज की गईं। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि रतलाम में बाहर से आकर रह रहे लोगों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। सभी व्यक्तियों के वोटर आईडी और आधार कार्ड से ऑनलाइन मिलान किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान समय-समय पर चलते रहेंगे।

Ratlam News: गुर्जर समाज युवा इकाई ने दी कश्मीर के शहीदों को श्रद्धांजलि, आतंकवाद का पुतला घसीटकर किया दहन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में धर्म के नाम पर शहीद हुए हिंदुस्तानियों की आत्मा की शांति के लिए गुर्जर समाज युवा इकाई द्वारा हरमाला रोड चौराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आतंकवाद के प्रतीकात्मक पुतले को चार चक्की चौराहे से घसीटते हुए हरमाला रोड चौराहे तक ले जाया गया और बाद में उसे जूते-लातों से मारकर आग के हवाले कर दिया गया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए गुर्जर समाज युवा इकाई के अध्यक्ष मुरलीधर गुर्जर ने कहा कि कश्मीर में हुए दर्दनाक घटनाक्रम से पूरा देश शोकाकुल है। उन्होंने शहीदों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सभी से भारतीय सेना के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। सभा के दौरान भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से वातावरण गूंज उठा। पुतला दहन से पूर्व मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, लोकेंद्र सिंह चावड़ा, पुष्पेंद्र गुर्जर, माधव गुर्जर, सुरेश गुर्जर, राजकुमार धभाई, वासुदेव पाटीदार, नाहरू मंसूरी, भगवती पांचाल, नरेंद्र सिंह गुर्जर, सतीश लोहार, दीपक माली, मांगीलाल माली, संतोष खराड़ी, नितिन योगी समेत बड़ी संख्या में युवा सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने आतंकवाद के खिलाफ अपना गुस्सा और देशभक्ति का जज्बा जोरदार तरीके से प्रदर्शित किया।

Ratlam News: राॅयल कॉलेज में 27 अप्रैल को मेगा रोजगार मेला, कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप करेंगे शुभारंभ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राॅयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, सालाखेड़ी द्वारा 27 अप्रैल, रविवार को सुबह 9:30 बजे से मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य कश्यप जी के करकमलों से होगा। मेगा रोजगार मेले में मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के 90 से अधिक औद्योगिक व व्यावसायिक संस्थान भाग लेंगे। ये संस्थान विभिन्न पदों के लिए प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से उम्मीदवारों का सीधा चयन करेंगे। 10वीं, 12वीं, स्नातक व स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। राॅयल कॉलेज के प्रशासक प्रो. प्रफुल्ल उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पहली बार जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इस अवसर में शामिल किया गया है। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, समाजसेवी श्री सुशील अजमेरा, पूर्व महापौर श्री शैलेन्द्र डागा और उद्योगपति श्री जयंत वोहरा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राॅयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन श्री प्रमोद गुगालिया जी करेंगे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अभ्यर्थियों को QR कोड उपलब्ध कराया गया है। उल्लेखनीय है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। मेगा रोजगार मेले के प्रभारी प्रो. दिनेश राजपुरोहित व संयोजक डॉ. रविंद्रकौर अरोरा हैं। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए राॅयल महाविद्यालय के 50 से अधिक प्राध्यापक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें डॉ. प्रवीण मंत्री, डॉ. मनीष सोनी, प्रो. जगदीश डूके, डॉ. अमित शर्मा, प्रो. दीपिका कुमावत, प्रो. कपिल केरोल, डॉ. आनंद त्रिवेदी, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. गजराज सिंह राठौर, प्रो. अल्का उपाध्याय, प्रो. अपूर्वा जोशी, प्रो. स्नेहा चौरसिया, कशिश पोरवाल, गरिमा मिश्रा, आंचल नागर आदि प्रमुख हैं। इस मेगा रोजगार मेले से जिले के हजारों युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर मिलने की उम्मीद है।

Ratlam News: रतलाम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का जोरदार विरोध प्रदर्शन, पाकिस्तान और इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ उठी सख्त आवाज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा रतलाम में एक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हिंदू पर्यटकों की इस्लामिक जिहादी आतंकवादियों द्वारा की गई नृशंस हत्या के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इस जघन्य घटना की तीखी निंदा करते हुए इस्लामिक आतंकवाद और पाकिस्तान का झंडा जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम के माध्यम से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया और केंद्र सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर विभाग सह मंत्री पवन बंजारा, विभाग संयोजक वीनू शर्मा, विभाग सह संयोजक राजाराम ओहरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिले से जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, सह मंत्री अक्षय गोमे, बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश व्यास, सह संयोजक आशु टॉक, मुन्नू कुशवाह, जिला कोषाध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी, विशेष संपर्क प्रमुख मनोज पवार, विद्यार्थी प्रमुख कृष्ण भामा, साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, जिला सुरक्षा प्रमुख सोम कटारिया, सेवा प्रमुख अनिल रोतेला, धर्म प्रसार एवं प्रशासनिक प्रमुख पंकज चौहान, सहित प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। हिंदू समाज के लोगों ने भारी संख्या में इस प्रदर्शन में भाग लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस संबंध में जानकारी जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी।

Ratlam News: रतलाम का चमकता सितारा: JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी के वैदित्य सिंह देवड़ा का राष्ट्रीय चयन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ी वैदित्य सिंह देवड़ा ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वैदित्य का चयन U-14 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में हुआ है। वे 20 अप्रैल से 5 मई 2025 तक देहरादून में आयोजित होने वाली सेंट्रल ज़ोन राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वैदित्य एक होनहार ऑलराउंडर हैं — जहां एक ओर उनकी तेज़ गेंदबाज़ी विपक्षी टीम के लिए चुनौती बनती है, वहीं दूसरी ओर वह उपयोगी बल्लेबाज़ी से भी टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। उनके चयन से यह स्पष्ट है कि रतलाम की JRI रेलवे क्रिकेट एकेडमी से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की श्रृंखला जारी है। इससे पहले रणजी खिलाड़ी राकेश ठाकुर, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर शोएब खान (T-20 वर्ल्ड कप खिलाड़ी) और आशुतोष शर्मा जैसे सितारे इसी अकादमी से निकले हैं। वैदित्य ने अपने इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच लोकपाल सिंह सिसोदिया, माता-पिता के सहयोग, रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और अपनी सतत मेहनत को दिया है। उनके पिता रणजीत सिंह एक कपड़ा व्यवसायी हैं और न्यू ग्लोबस सिटी, रतलाम में निवास करते हैं। वैदित्य के चयन पर रतलाम जिला क्रिकेट संघ के कीर्ति शरण सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास, प्रदीप उपाध्याय, जोस चाको, गौरव अजमेरा, भगत सिंह भदौरिया, अनुज शर्मा, कीर्ति जायसवाल, शैलेंद्र सिंह अठाना, दिनेश शर्मा, रविन्द्र प्रताप सिंह सहित JRI के समस्त सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Ratlam News: वार्ड पार्षद रणजीत टांक का हुआ भव्य सम्मान समारोह, 2 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का दावा

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम नगर के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत बूथ क्रमांक 95 पर आज एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय पार्षद रणजीत टांक का वार्डवासियों द्वारा शॉल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस मौके पर वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पार्षद रणजीत टांक द्वारा अब तक किए गए विकास कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रणजीत टांक न सिर्फ एक ऊर्जावान और कर्तव्यनिष्ठ जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि हर समय वार्डवासियों की सेवा और जरूरतों के लिए तत्पर रहते हैं। अपने संबोधन में पार्षद रणजीत टांक ने कहा, “पिछले ढाई वर्षों में हमने वार्ड में दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए हैं। अभी दो वर्ष का कार्यकाल शेष है और मैं निरंतर सेवा व विकास कार्यों के प्रति समर्पित रहूंगा।” इस सम्मान समारोह में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, वार्ड संयोजक आकाश खड़के, बूथ अध्यक्ष विकास राजावत, वरिष्ठ कार्यकर्ता रवि पांडे, ओमप्रकाश देवड़ा, मुसाफिर खान, चांद मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही। यह आयोजन वार्ड स्तर पर भाजपा की मजबूत पकड़ और जनता से जुड़ाव को दर्शाता है, साथ ही जनप्रतिनिधि द्वारा किए गए कार्यों को लेकर जनसमर्थन का प्रमाण भी है।