Ratlam News: गुर्जर समाज की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न, जिला सम्मेलन और नई कार्यकारिणी गठन का निर्णय

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम की कार्यकारिणी बैठक रविवार को शिवगढ़ में सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार और एकता को मजबूती देने के उद्देश्य से कई निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी समय में गुर्जर समाज का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही तहसील स्तर पर नई कार्यकारिणी गठित कर संगठन को मजबूत बनाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता देवेंद्र सिराधना गुर्जर ने की। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और युवा सहभागिता ही विकास का आधार है। बैठक में राहुल धभाई, अशोक गुर्जर, दयाराम गुर्जर, नीलेश गुर्जर, भूपेंद्र गुर्जर, देव गुर्जर, लाला गुर्जर, विशाल धभाई, दिलीप गुर्जर, राजवीर गुर्जर, सोनू गुर्जर, दिग्विजय धभाई, गोपाल गुर्जर, देव धभाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। बैठक में सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी, संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Ratlam News: रतलाम में 27 जून को निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, सुंदरकांड, सहस्त्रधारा अभिषेक और महाप्रसादी होंगे मुख्य आकर्षण

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन 26 जून से शुरू होगा। थावरिया बाजार स्थित मंदिर से निकलने वाली यह रथयात्रा धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन जगन्नाथ रथयात्रा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के रूप में संपन्न होगा। आयोजन की रूपरेखा तय करने हेतु समिति की बैठक संस्थापक मुन्नालाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समिति अध्यक्ष मंगल लोढ़ा व सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि बीते तीन दशकों से भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा समिति द्वारा भव्यता से निकाली जा रही है। महोत्सव की प्रमुख तिथियां एवं कार्यक्रम:  26 जून (बुधवार):शाम 7:30 बजे थावरिया बाजार मंदिर में महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। 27 जून (गुरुवार):सुबह 9:00 बजे सहस्त्रधारा अभिषेक व भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।दोपहर 2:30 बजे रथयात्रा प्रारंभ होगी। रथयात्रा मार्ग:थावरिया बाजार मंदिर से प्रारंभ होकर यात्रा सूरज पोर, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालू मोदी बाजार, नाहरपुरा, रानीजी का मंदिर, गणेश देवरी, बजाजखाना, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखी पुल, घास बाजार, कलईगर रोड, सेठजी का बाजार, कसारी दरवाजा, बिचला वास, मेहताजी का वास होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। अंत में महाआरती और महाप्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। समिति संरक्षक विश्वमोहन लोढ़ा, अपूर्व जोशी, अशोक लोढ़ा, जितेंद्र जायसवाल, रामचंद्र डोई, रमेश सोलंकी, नारायण सोलंकी, रवींद्रसिंह सोनगरा, कमल सकलेचा, प्रकाश मारोठिया सहित कई सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।

Ratlam News: 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर खड़ा था डंपर, पीछे से क्रेटा घुसी: नोएडा से रतलाम आ रहे थे पति-पत्नी और दो बच्चे, गेट तोड़कर निकाला, इंदौर रेफर

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा से रतलाम आ रही एक क्रेटा कार शिवगढ़ के पास साइड में खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का 60% हिस्सा डंपर में समा गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को कार के दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, प्रद्युम्न दुबे (40) पत्नी पायल (38), बेटा अथर्व (20) और बेटी कामांक्षी (18) के साथ नोएडा से रतलाम अपने पिता शरद दुबे से मिलने आ रहे थे। शिवगढ़ के पास खड़े डंपर में उनकी यूपी पासिंग क्रेटा कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के चलते एयरबैग तो खुल गए लेकिन कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सभी यात्री अंदर ही फंस गए। घटना के समय रतलाम निवासी लोकेश ठाकरे भी एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रोका और राहगीरों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एनएचएआई की एम्बुलेंस से चारों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर शाम को इंदौर रेफर कर दिया गया। परिजन मधुसूदन त्रिवेदी के अनुसार, प्रद्युम्न दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। इस समय छुट्टी लेकर परिवार सहित रतलाम आ रहे थे। हादसे में बेटा और बेटी को ज्यादा चोट आई है क्योंकि टक्कर के समय वे पीछे से झटके में आगे आ गए थे। कार के पीछे से डंपर में घुसने की वजह बनी जानलेवा इस घटना ने 8 लेन एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर खड़े भारी वाहन और उनकी पहचान के लिए न संकेतक होते हैं न रिफ्लेक्टर, जिससे ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं।

Ladli Behna Yojana 25th Kist: अब 16 जून को खातों में आएंगे ₹1250, जानिए किसे मिलेगा फायदा और कैसे चेक करें स्टेटस?

भोपाल – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana 25th Kist: मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा जबलपुर में 13 जून को लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त जारी करने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन अहमदाबाद विमान हादसे के चलते यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। अब सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त 16 जून 2025 से महिलाओं के खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगी। करीब 1.27 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को ₹1250 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जो अगले 24 से 48 घंटों में सभी खातों में पहुंच जाएगी। लाड़ली बहना योजना क्या है? लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही एक प्रमुख सामाजिक योजना है, जिसका उद्देश्य राज्य की गरीब, जरूरतमंद और मध्यम वर्गीय महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1250 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। अब तक इस योजना की 24 किस्तें वितरित की जा चुकी हैं और 25वीं किस्त 16 जून को आएगी। लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त किसे मिलेगी? इस किस्त का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो निम्नलिखित पात्रता मानदंडों को पूरा करती हैं: Ladli Behna Yojana 25th Kist Status कैसे चेक करें? अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त आई है या नहीं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें: अगर आप लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी हैं, तो 16 जून 2025 से अपने खाते की जांच जरूर करें। सरकार की तरफ से साफ कर दिया गया है कि 25वीं किस्त की राशि निर्धारित तिथि से ही ट्रांसफर होगी। अपने बैंक खाते को डीबीटी से लिंक रखें और आधार अपडेट करवा लें, जिससे कोई भी भुगतान अटकने की संभावना न रहे।

Ratlam News: रतलाम में बिजली संकट: 24 घंटे से आधा शहर अंधेरे में, ग्रिड कर्मचारी को थाने ले गए रहवासी, नशे में होने का आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शुक्रवार शाम आए प्री-मानसून तूफान को 24 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब भी शहर के पटरी पार और मध्य क्षेत्रों की आधी से ज्यादा आबादी अंधेरे में है। बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार शाम विनोबा नगर के रहवासी बिजली ग्रिड पर पहुंचे और जब उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी को थाने पहुंचा दिया। रहवासियों का आरोप है कि कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नशे में था और उसने उनसे अभद्र व्यवहार किया। “बच्चे-बुजुर्ग बेहाल, इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं”अलकापुरी निवासी सचिन गावड़ेकर ने बताया कि शुक्रवार रात उनके परिवार ने बिना बिजली के बेहद कठिन समय बिताया। उन्होंने कहा, “सुबह से लेकर शाम तक कई बार ग्रिड पर फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब हम वहां पहुंचे, तो बदतमीजी झेलनी पड़ी।”वहीं रहवासी योगेश ने कहा, “बिजली विभाग तुरंत बिल काटता है, लेकिन जब 24 घंटे से सप्लाई बंद हो और कोई जवाबदेही न हो, तो हम कहां जाएं? घर में बच्चे और बुजुर्ग हैं, इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं।” अभी भी सड़कों पर गिरे हैं पेड़ और खंभेशुक्रवार को आए तेज तूफान ने शहर में तबाही मचा दी थी। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए थे। शनिवार शाम तक भी नगर निगम और बिजली विभाग कई इलाकों से पेड़ और खंभे नहीं हटा सके। इससे साफ है कि आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पूरी तरह नाकाम साबित हुई। लापरवाही बनी आम जनता की मुसीबतशहरवासी लगातार सोशल मीडिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब आमजन यह सवाल उठा रहे हैं कि जब संकट में जनता का कोई साथ नहीं देता, तो उन्हें समय पर बिजली बिल चुकाने की बात कैसे की जाती है?

Ratlam News: रतलाम में युवती पर सरेराह कैंची से हमला: शादी का दबाव बना रहा था युवक, मां ने बचाई जान

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने सरेराह स्कूटी से जा रही 19 वर्षीय युवती पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। युवती की मां ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बेटी की जान बचाई। आरोपी ने गले, सिर और पीठ पर हमला किया, लेकिन शोर मचने पर वह अपनी स्कूटी छोड़ मौके से भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। पुलिस को पहले ही दी गई थी शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़िता की मां दुर्गा ने बताया कि आरोपी युवक नीलेश पाटीदार पिछले छह माह से उनकी बेटी को फोन कर परेशान कर रहा था और शादी का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को ही उन्होंने थाना औद्योगिक क्षेत्र में इसकी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते अगले ही दिन यह वारदात हो गई। घटना का विवरण: पहले रोका, फिर किया हमला दुर्गा अपनी बेटी के साथ टिफिन डिलीवरी के बाद मंगलमूर्ति कॉलोनी से लौट रही थीं। कॉलोनी गेट नंबर 1 से निकलते ही आरोपी नीलेश ने उन्हें रोका। मां ने विरोध में युवक पर बाल्टी से वार किया, लेकिन उसने युवती पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर दिए। युवती जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ती रही। कॉलोनीवासियों के बाहर आने पर आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकला। 6 माह से कर रहा था मानसिक उत्पीड़न युवती ने बताया कि नीलेश पूर्व परिचित था, लेकिन पिछले छह माह से वह शादी का दबाव बना रहा था। बात न मानने पर आत्महत्या की धमकी देता और लगातार पीछा करता था। परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। आरोपी को पुलिस ने किया राउंडअप थाना औद्योगिक क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर उसे राउंडअप किया गया है। मामले में युवती द्वारा दिए गए आवेदन की भी जांच की जा रही है।

Ratlam News: नाले में मिला महिला का शव, खुले बिजली तार बने मौत का कारण?

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के तेजा नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक महिला का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव के पास बिजली के टूटे तार और कचरा बीनने का थैला मिलने से करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना न सिर्फ प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। जानकारी के अनुसार, घटना माणक चौक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 अंतर्गत तेजा नगर की है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने नाले में महिला का शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और स्थानीय पार्षद अक्षय संघवी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के पास बिजली के टूटे हुए तार और एक थैला मिला, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि मृतका कचरा बीनने का कार्य करती थी। बाद में शव की पहचान ईश्वर नगर निवासी 45 वर्षीय कमला के रूप में हुई, जो सुबह करीब 6 बजे रोज़ की तरह कचरा बीनने निकली थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नाले में गिरे बिजली के तारों से करंट फैल गया और कमला उसकी चपेट में आ गई। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने जानकारी दी कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर लिया गया है। साथ ही महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। लापरवाही बनी मौत की वजह? यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रतलाम में बीते दिन तेज आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए थे। 20 घंटे बीत जाने के बाद भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। खुले तारों और गिरे पोलों को हटाने में देरी जानलेवा साबित हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी बिजली संबंधित हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो बिजली विभाग ने और न ही नगर निगम ने स्थायी समाधान की ओर कदम बढ़ाया। अब बड़ा सवाल यह है कि —क्या इस मौत के बाद किसी की जवाबदेही तय की जाएगी या यह मामला भी बाकी हादसों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा?

Ratlam News: रतलाम में आफत की बारिश: आकाशीय बिजली से 3 की मौत, दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,   न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जिलेभर में दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश इतनी भीषण थी कि रतलाम शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह गिर पड़े। पत्रकार कॉलोनी में तीन बिजली के पोल एक साथ जमींदोज हो गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। रेल यातायात पर भी पड़ा असर गौतमपुरा और बड़नगर के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से इंदौर-रतलाम रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। इंदौर से रतलाम आने वाली डेमू ट्रेन को नजदीकी स्टेशन पर रोकना पड़ा। राहत कार्य के लिए रतलाम से विशेष दल रवाना किया गया है, जो ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य कर रहा है। दीवार पर गिरा पीपल का विशाल पेड़ शहर के पैलेस रोड स्थित महलवाड़ा क्षेत्र में एक जर्जर दीवार पर लगा पीपल का विशाल पेड़ तेज आंधी में भरभराकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति हादसे की चपेट में नहीं आया। वहीं कसार बाजार इलाके में एक पुराना खाली मकान भी भरभराकर गिर पड़ा। शहरभर में बिजली सप्लाई ठप्प तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। विद्युत विभाग की टीमें पूरे शहर में मरम्मत कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के आसपास न जाएं।

Ratlam News: खेत मालिक ने जेसीबी चालक पर किया दरांता से हमला, गले में आए 10 टांके

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सड़क पर गड्ढे भरने का काम कर रहे जेसीबी चालक पर खेत मालिक ने धारदार दरांता से गले पर हमला कर दिया। हमले में जेसीबी चालक का गला बुरी तरह कट गया और उसे 10 टांके आए हैं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे कांडरवासा और बड़ौदा गांव के बीच की है। जेसीबी चालक शैलेंद्र पिता राधेश्याम मईड़ा (30), निवासी बड़ौदा, क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में मुर्रम डालने का कार्य कर रहा था। वह पल्टूना निवासी मनोज धाकड़ की जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा था। स्थानीय किसान मिलकर रास्ते को ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पास के खेत का मालिक लोकेंद्रसिंह पिता रामसिंह (निवासी कांडरवासा) वहां पहुंचा और जेसीबी चालक से खेत के पास रास्ता बनाने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने अचानक दरांता निकाला और चालक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। दरांता गर्दन के केंद्र से थोड़ा हटकर लगा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गले में करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने घायल को 10 टांके लगाए हैं। घायल को घटनास्थल से कांडरवासा निवासी जीवन जायसवाल बाइक पर बैठाकर नामली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। नामली थाना पुलिस ने आरोपी लोकेंद्रसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर केके सिंह पटेल के अनुसार, यह रोड सार्वजनिक थी और गड्ढों की मरम्मत का कार्य हो रहा था। आरोपी ने बेवजह हमला किया, मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: रतलाम में रात को बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती: शर्ट उतारकर किया हंगामा, 6 युवक गिरफ्तार कर जेल भेजे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम शहर में देर रात सड़क पर बेवजह घूमने और असामाजिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों और पान-चाय की दुकानों के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई युवकों से पूछताछ की और बेवजह खड़े लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस से बहसबाजी शुरू कर दी। दो बत्ती क्षेत्र में एक युवक ने तो हद पार करते हुए शर्ट उतार दी और सड़क पर हंगामा करने लगा। पुलिस को देखकर वह और उसके साथी वीडियो बनाने की धमकी देने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे डीएसपी अजय सारवान ने युवकों को शांत कराया और थाने ले जाकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए 6 युवकों के नाम व पते: इन सभी युवकों को थाना स्टेशन रोड लाया गया और धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने खुद लिया अभियान का जायजापुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने देर रात खुद शहर में पेट्रोलिंग की निगरानी की। उनके साथ डीएसपी अजय सारवान, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, आरआई मोहन भर्रावत और चारों थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर के व्यस्त क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को सतर्क किया और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों को चेतावनी दी। एसपी का बयान:“बेसिक पुलिसिंग के तहत रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। कुछ युवक बेवजह सड़कों पर घूम रहे थे और चेकिंग के दौरान विवाद कर रहे थे। ऐसे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।”