Ratlam News: रतलाम में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार, 4 किलो मादक पदार्थ जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड थाना पुलिस ने गांजा तस्करों पर बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने बाइक से 4 किलोग्राम गांजा ले जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से गांजा लेकर प्रतापनगर बायपास की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भक्तन की बावड़ी रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक (MP 43 DP 7952) को रोका। बाइक सवार दोनों युवक शुरुआत में गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद उनके पास से 4 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इम्तियाज (38 वर्ष) निवासी माधवगंज मोहल्ला, नीमच सिटी और रविंद्र (28 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11, पुरानी टंकी के पास, नामली जिला रतलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और गांजा ले जाने में उपयोग की गई बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। टीआई डाबी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जल्द ही गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर और खुलासे हो सकते हैं।

Ratlam News: रतलाम में बड़ी ड्रग्स कार्रवाई: 14.83 लाख की MDMA जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले की आलोट पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लाख 83 हजार रुपये की कीमत की एमडीएमए (MD) ड्रग्स जब्त की है। कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य सप्लायर सहित कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस गिरोह का मास्टरमाइंड फिलहाल फरार है। पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ एक बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। पुलिस को यह सफलता मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मिली। रतलाम एसपी अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई एएसपी राकेश खाखा व एसडीओपी शाबेरा अंसारी के निर्देशन में की गई। रविवार को आलोट थाना पुलिस ने ताल रोड जीवनगढ़ फंटा, आलोट से बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार तीन आरोपियों — — को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से 45 ग्राम एमडीएमए जब्त की गई। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि यह ड्रग्स उन्हें फरहान (21) पिता फैय्याज खान पठान निवासी अर्जुन नगर, आगर (वर्तमान में देवलजी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान) से मिली थी, जिसे वे आगर (मालवा) में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दूसरी टीम रवाना की और फरहान को रात 8:50 बजे ग्राम पिपलिया सिसोदिया, जमुनिया शंकर फंटा से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 55.21 ग्राम एमडीएमए व 30.07 ग्राम अजीनोमोटो पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, गिरोह के फरार मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Ratlam News: हत्या के 5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली: रतलाम में युवक की चाकू मारकर हत्या, परिजन बोले– आरोपी खुलेआम घूम रहा है

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में 28 मई की रात 22 वर्षीय युवक अरुण असावरा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात को 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो पुलिस हत्याकांड का खुलासा कर पाई है और न ही मुख्य आरोपी गिरफ्त में आया है। इससे नाराज परिजन सोमवार को एसपी अमित कुमार से मिले और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। मृतक के पिता मनोहरलाल असावरा ने बताया कि उनका बेटा अरुण इलेक्ट्रिकल का काम करता था और 28 मई की सुबह रोज की तरह काम पर निकला था। लेकिन रात तक वह घर नहीं लौटा। अगली सुबह दो अज्ञात युवक घर आए और अरुण की हत्या की सूचना दी। अरुण का शव स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की मित्र निवास कॉलोनी में मिला था। शरीर पर चाकू के कई निशान थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अरुण का कालिका माता मंदिर परिसर में किसी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसे चाकू मारा गया। पुलिस को एक संदिग्ध का नाम भी मिला है – उत्तम सोलंकी, जो अब उज्जैन में रह रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि उत्तम और अरुण पहले मित्र थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच रिश्ते बिगड़ गए थे। परिजन ने बताया कि हत्या के दिन शाम करीब 7:30 बजे एक अज्ञात युवक अरुण की बाइक (MP 43 BB 3691) लेकर घर आया और घर के बाहर सामान की थैली व लाइटें रखकर बाइक लेकर वापस चला गया। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक लेकर भागने वाला युवक ही हत्या में शामिल हो सकता है। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि हत्या स्थल कालिका माता मंदिर से महज 500 फीट की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद आरोपी अब तक फरार है। परिजनों की मांग: हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Ratlam News: भोपाल के मामले में बजरंग दल पर टिप्पणी, आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर रतलाम के युवक पर एफआईआर दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भोपाल की हालिया घटना के बाद सोशल मीडिया पर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में रतलाम जिले में संगठन के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल, रतलाम जिला इकाई द्वारा थाना स्टेशन रोड पहुँचकर एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सुल्तान एजाज खान नामक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की माँग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि एजाज खान ने सोशल मीडिया पर विश्व हिंदू परिषद को “गुंडा संगठन” कहकर संबोधित किया और पूरे प्रशासन पर भी अभद्र टिप्पणी की, जिससे न केवल संगठन की छवि को ठेस पहुँची, बल्कि हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाईसंगठन की इस आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने भारतीय दंड संहिता की धारा 153, 295A, 505(2) व आईटी एक्ट की धारा 66 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से माँग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिया जाए। प्रतिक्रिया में संगठन का सख्त रुखबजरंग दल ने स्पष्ट कहा कि हिन्दू समाज की आस्था, संस्कृति और संगठन की गरिमा के विरुद्ध कोई भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह केवल संगठन नहीं, बल्कि सम्पूर्ण हिन्दू समाज को अपमानित करने का प्रयास है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय ये पदाधिकारी रहे उपस्थित:जिला संयोजक मुकेश व्यास, जिला सह-संयोजक योगेंद्र कुशवाह, आशु टांक, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल, जिला विद्यार्थी सह प्रमुख कृष्ण भामा, राजेश शर्मा और विजय प्रजापत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन की समाज से अपीलविश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल ने हिन्दू समाज से अपील की कि वे संगठित व सतर्क रहें और ऐसे विघटनकारी तत्वों के विरुद्ध वैधानिक और सामाजिक रूप से कड़ा प्रतिकार करें। संगठन ने कहा कि यह धर्म और राष्ट्र की रक्षा का समय है, और हर हिन्दू को इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना चाहिए।

Ratlam News: रतलाम में बंगाली कारीगर 6 लाख का सोना लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात, एक महीने बाद दर्ज हुई FIR

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट में एक बंगाली कारीगर 6 लाख रुपए मूल्य का सोना लेकर फरार हो गया। यह कारीगर बंगाली स्वर्णकार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद फारुख शेख की ज्वेलरी शॉप “एएच ज्वेलर्स” में काम करता था। चोरी की यह घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। मामले में पुलिस ने घटना के करीब एक महीने बाद अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। पैंडल बनाने के लिए मिला था सोना, परिवार सहित हुआ फरार करीब तीन महीने पहले दुकान पर कारीगरी के लिए रखे गए फरीदुद्दीन शेख (निवासी जुरेपारा, थाना कान्ला वेस्ट, जिला बर्धमान, पश्चिम बंगाल) को 26 अप्रैल 2025 को 63.20 ग्राम (92 टंच) सोना दिया गया था। उसे 20 पैंडल तैयार करने थे। इसके चार दिन बाद, 30 अप्रैल को दुकान बंद होने के बाद वह परिवार सहित गायब हो गया। 1 मई को दुकान संचालक ने माणकचौक थाने में आवेदन देकर कारीगर के फरार होने की सूचना दी थी। आखिरकार 30 मई को पुलिस ने अमानत में खयानत की धारा में एफआईआर दर्ज की। पुलिस के पास आरोपी के दस्तावेज, तलाश में जाएगी बंगाल माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है और पुलिस को कुछ इनपुट भी मिले हैं। जल्द ही पुलिस टीम पश्चिम बंगाल रवाना होगी। फरार कारीगर का पुलिस वेरिफिकेशन पहले ही हो चुका था। पुलिस के पास उसका आधार कार्ड व अन्य पहचान दस्तावेज मौजूद हैं। शहर में 3 हजार से ज्यादा बंगाली कारीगर रतलाम शहर में करीब 3 हजार बंगाली कारीगर काम कर रहे हैं। इनकी एक रजिस्टर्ड संस्था “बंगाली स्वर्णकार एसोसिएशन” भी है, जिसमें 130 सदस्य शामिल हैं। जिस दुकान से कारीगर सोना लेकर फरार हुआ, उसके संचालक मोहम्मद फारुख शेख स्वयं बंगाली मूल के हैं, लेकिन पिछले 35 वर्षों से रतलाम में ही निवास कर रहे हैं। जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि फरार कारीगर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।

Ratlam News: रतलाम में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका, CCTV में भागते हुए नजर आया, पुलिस जांच में जुटी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित मित्र निवास कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रत्नेश्वर रोड निवासी अरुण के रूप में हुई है। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटना स्थल के पास लगे CCTV फुटेज में युवक को जान बचाकर भागते हुए देखा गया है। कालिका माता मंदिर के पास हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात अरुण का कालिका माता मंदिर परिसर में कुछ अज्ञात लोगों से विवाद हुआ था। इसके कुछ घंटों बाद गुरुवार सुबह मंदिर से लगभग 100 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में उसका शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह जब कचरा फेंकने के दौरान शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश खाखा और स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस आसपास लगे सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि, “शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। CCTV में युवक के दौड़ते हुए दृश्य मिले हैं। आसपास के सभी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।” स्थानीय लोग डरे, सुरक्षा को लेकर सवाल इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। वहीं पुलिस की सक्रियता और CCTV फुटेज की जांच से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

Ratlam News: सोने की उधारी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिला मुख्यालय पर बीते दिनों उधारी को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। लकड़ी व्यापारी अशोक कुमार खिमेसरा ने माणक चौक थाना पुलिस में रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक और सर्राफा व्यवसायी श्रीपाल मांडोत व उनके पुत्र सचिन मांडोत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज कराया है। अशोक खिमेसरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने रत्न सम्पत ज्वेलर्स से 18.860 ग्राम सोने की पोची 1,80,678 रुपये में खरीदी थी, जिसके बदले 1 लाख 65 हजार रुपये नकद अदा कर दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान करना शेष था। फरियादी का आरोप है कि 20 मई 2025 को व्यापारी श्रीपाल मांडोत और उनका बेटा सचिन मांडोत उनके रतलाम स्थित लक्कड़पीठा रोड स्थित घर पहुंचे और शेष राशि की तत्काल मांग की। जब खिमेसरा ने असमर्थता जताई, तो दोनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। अशोक खिमेसरा ने बताया कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी मीना कुमारी, पुत्री अंजली एवं दामाद रितेश जैन के साथ भी आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी दी कि यदि शेष राशि जल्द नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इस मामले में श्रीपाल और सचिन मांडोत के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। खिमेसरा ने यह भी आरोप लगाया कि मांडोत परिवार द्वारा संचालित सर्राफा व्यवसाय में पहले भी इस प्रकार की दबाव और धमकी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस जांच में जुटीमाणक चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: बड़ोदिया गांव में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो घायल

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह, शराब के नशे में स्कूल परिसर में हुआ संघर्ष, 12 पर एफआईआर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। सरकारी स्कूल परिसर में शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरों की बौछार में बदल गई। इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय श्यामलाल पुत्र रूपलाल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरानी रंजिश बनी झगड़े की वजहघटना रात करीब 10 बजे की है, जब गांव से 10 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में दीपक नामक युवक के विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था। मृतक श्यामलाल का चचेरा भाई दीपक इस समारोह का मेजबान था। समारोह में बड़ोदिया और ईटावाखुर्द गांव के युवक शामिल हुए थे। इसी दौरान शराब पीते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जो हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। श्यामलाल की मौके पर ही मौत, दो घायललाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने के दौरान श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायल 28 वर्षीय मनोज और 23 वर्षीय दशरथ का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से पहले तोड़े गए सीसीटीवी कैमरेपुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने वारदात से पहले स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था, जिससे घटना का कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है। हमले की आवाजें सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। 12 पर एफआईआर, 8 हिरासत मेंघटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी स्वराज डाबी और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना एक माह पूर्व डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में हुई है। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 8 आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतक की एक माह पहले हुई थी शादीमृतक श्यामलाल हाल ही में शादी के बंधन में बंधा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चाचा लखन ने बताया कि हमले के वक्त श्यामलाल का छोटा भाई संजय भी वहां मौजूद था। संजय ने गांव के सुनील, गौरीशंकर और जगदीश पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईटावाखुर्द के युवकों को बुलाकर हमला करवाया। गांव में तनाव, पुलिस तैनातघटना के बाद बड़ोदिया गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

Ratlam News: हत्या की गुत्थी सुलझी: कुएं में मिली महिला की लाश का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चाँदी के आभूषण बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कुएं में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी। मृतिका की पहचान राजुबाई पति स्व. रामलाल मालवीय, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम रणायरा पीरखेडा थाना झारड़ा जिला उज्जैन के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि मृतिका की हत्या उसके परिचितों ने ही की थी। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाका एवं एसडीओपी आलोट श्री साबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा संदेही शंकरलाल मालवीय और उसके भांजे ईश्वर मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने राजुबाई की हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि मृतिका द्वारा उधार दिए गए पैसों की मांग और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर उन्होंने पहले गला दबाकर और फिर कुएं में धकेलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के सोने-चाँदी के आभूषण और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर मृतिका के आभूषण, चप्पल, और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी – जब्त माल –– मृतिका के चाँदी के दो पायलों (वजन लगभग 400 ग्राम), चाँदी की चेन, नाक की बाली, सोने के टॉप्स व बालियाँ, चाँदी की अंगूठी और चप्पल, कुल अनुमानित कीमत ₹73,700। विशेष भूमिका –निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक रविंद्र मालवीय, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, आरक्षक शुभम सिंह, राहुल, प्रीतम, विश्वेन्द्र, मनोज। सराहनीय योगदान –प्र.आर. देवराज सिंह चौधरी, आर. देवेंद्र, आर. सोहन, आर. मनीष, आर. शांतिलाल, आर. कुलदीप सिंह, आर. विक्रम, आर. मनोज, आर. पवन, आर. हरीशंकर। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं टीम के समन्वय से यह जघन्य हत्या का मामला सुलझा, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Ratlam News: टोलकर्मियों के समर्थन में बोलना पड़ा भारी; भाजपा नेता सुनील गुर्जर पर एफआईआर दर्ज, टोल मैनेजर ने लगाया 50 हजार की अवैध वसूली का आरोप!

रतलाम- पब्लिक वार्तान्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चिकलिया टोल प्लाजा पर जमुनिया निवासी पूर्व सरपंच व भाजपा नेता सुनील गुर्जर पर टोल मैनेजर ने हर महीने 50 हजार रुपए की अवैध वसूली और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में बिलपांक थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, सुनील का दावा है कि उन्होंने टोलकर्मियों के हक में आवाज उठाई थी, इसलिए उन्हें झूठे केस में फंसाया जा रहा है। टोल प्लाजा मैनेजर अमित गुप्ता ने रिपोर्ट में बताया कि टोल का संचालन एसकेएम कॉन्ट्रैक्टर एंड सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 1 फरवरी 2024 से किया जा रहा है। तभी से सुनील गुर्जर हर महीने 50 हजार रुपए की मांग कर रहा है। रुपए न देने पर उसने कई बार गाड़ियों को जबरन निकलवाया और टोल स्टाफ को गाली-गलौज कर धमकाया। साथ ही कर्मचारियों की नियुक्ति में हस्तक्षेप कर अपने भाई को नौकरी दिलवाने का दबाव भी बनाया। गुप्ता के अनुसार, 8 मई को सुनील ने टोलकर्मियों को ड्यूटी पर चढ़ने से रोक दिया जिससे घंटों तक टोल फ्री रहा और कंपनी को नुकसान हुआ। सुनील बोले – कर्मचारियों के समर्थन की सजा मिल रही है भाजपा नेता सुनील गुर्जर ने बताया कि वह पूर्व में टोल प्लाजा पर शिफ्ट इंचार्ज रह चुके हैं, लेकिन पीठ दर्द के चलते 9 महीने से कार्यरत नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कंपनी ने कर्मचारियों को 14% वेतन वृद्धि का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। इस मुद्दे पर 8 मई को कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और उन्होंने पूर्व शिफ्ट इंचार्ज होने के नाते समर्थन किया। सुनील का कहना है कि उन्होंने टोल अटेंडर से टोल कलेक्टर का काम लेने, वेतन न बढ़ाने और कर्मचारियों के शोषण की बात उठाई थी। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली और जातिगत टिप्पणी भी की गई। अब उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें दबाव में लाया जा रहा है। बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान ने पुष्टि की है कि सुनील गुर्जर के खिलाफ अवैध वसूली और धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

0%