खूनी खेल : रंजिश के चलते युवक को उतारा मौत के घाट, 300 मीटर दूर लहूलुहान होकर गिरा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। बुधवार शाम 7 बजे करीब एक युवक को बदमाशों ने चाकू या किसी नुकीले हथियार को घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। घटना शहर के बाजना बस स्टैंड क्षेत्र की है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। घटना में सिलावटों का वास हरिजन बस्ती निवासी प्रवीण उर्फ पप्पू पिता सुनील रानवे उम्र 23 वर्ष की मृत्यु हुई है। मृतक सफाईकर्मी था। मृतक प्रवीण परिवार में इकलौता था। मिली जानकारी के अनुसार मृतक प्रवीण उर्फ पप्पू को लहूलुहान हालत में रिक्शे में डालकर जिला चिकित्सालय ले जाया गया। परिजनों ने बताया की आरोपियों से सैलाना की एक शादी में विवाद के बाद से पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते 15 दिन पहले मोहल्ले में विवाद भी हुआ था। आज प्रवीण को कुछ युवकों ने घेरकर हरिजन मोहल्ले में स्थित एक घर के सामने हमला कर दिया। वो भागकर 300 मीटर दूर वीर सावरकर मार्केट तक गया और गिर गया। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद एडीशनल एसपी राकेश खाखा, टीआई माणकचौक रंजीत सिंगार सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच की। खबर लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही थी। परिजनों ने विकास, रितेश, आशु, आदित्य, अनिकेत सहित अन्य युवकों पर आरोप घटना में शामिल होने के आरोप लगाए है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच व आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सोने पर दबिश : RPF की टीम ने 80 लाख की गोल्ड ज्वेलरी के साथ युवक को दबोचा, देर रात रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई

MCX सट्टे में आया था जिस KD ज्वेलर्स का नाम सामने, उसी का है बताया जा रहा गोल्ड! पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रेलवे स्टेशन से बीती रात आरपीएफ (RPF) की टीम ने सोने की ज्वेलरी (GOLD JWELLERY) ले जाते एक युवक को दबोचा। जिसके पास से करीब 1 किलो से अधिक का सोना जप्त किया। युवक ने पूछताछ में रतलाम के चांदनी चौक स्थित केडी (KD) ज्वेलर्स के लिए डिलेवरी बॉय का काम करना बताया। यह ज्वेलरी KD ज्वेलर्स से लेकर जबलपुर में डिलीवर करना थी, मगर उससे पहले ही RPF ने युवक को दबोच लिया। युवक से जब अपने साथ ले जाई जा रही ज्वेलरी के बिल व अन्य पेपर्स मांगे तो युवक नहीं बता पाया। जिसके बाद RPF ने करीब 80 लाख रुपए कीमत की ज्वेलरी को जप्त कर मामला आयकर विभाग और सीजीएसटी सहित केंद्रीय उत्पाद शुल्क, प्रभाग रतलाम को सौंप दिया है। गौरतलब है की 5 माह पूर्व माणकचौक पुलिस ने KD ज्वेलर्स के यहां से करोड़ों के हिसाब का MCX का सट्टा भी पकड़ा था। पुलिस ने उस दौरान केडी ज्वेलर्स पर एमसीएक्स का सट्टा करते दीप (29) पिता दिनेश अग्रवाल निवासी चांदनी चौक और गोविंद उर्फ डमरू (50) पिता कन्हैयालाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। जिन्होंनेपूछताछ में इंदौर के बंटी केडी उर्फ अतुल अग्रवाल व मनीष के लिए एमसीएक्स का सट्टा करने की बात कबूली थी। फिलहाल मामके की जांच चल रही है और न्यायालय में विचाराधीन है। RPF कमिश्नर (DIVISIONAL SECURITY COMMISSIONER) मिथून सोनी के अनुसार मंगलवार रात करीब 12.30 बजे आरपीएफ (RPF) कर्मियों ने रतलाम रेलवे स्टेशन के पुराना माल गोदाम एरिया में बनी लिफ्ट के पास पिठू बैग टांगे एक व्यक्ति से पूछताछ की। संबंधित ने अपना नाम भगवान सिंह (34) पिता भूर सिंह हलमुकम वेद व्यास कॉलोनी, रतलाम बताया। युवक राजस्थान के राजसमंद जिले में ग्राम मेडिया का मूल निवासी है। जब उसकी तलाशी ली गई तो काले रंग के बेग में सोने की ज्वेलरी निकली। उसे आरपीआफ (RPF) पोस्ट पर लाया गया। एसआई सतीश तंवर ने उक्त व्यक्ति से पूछताछ की और बैग खोलकर चेक किया। उसमें से 2 प्लास्टिक के बॉक्स निकाले। उन्हें खोला गया तो उसमें सोने के आभूषण मिले। टैक्स चोरी की आशंका प्लास्टिक के बॉक्स में 8 नग सोने का टिका वजन 35.530 ग्राम, 32 नग लेडिस रिंग वजन 159.93 ग्राम, 12 नग बांबे हार वजन 243.94 ग्राम, 44 नग पेंडेट वजन 216.830 ग्राम तथा दूसरे बॉक्स में 12 नग चोकर सेट वजन 468.20 ग्राम मिला। सभी ज्वेलरी का कुल वजन 1 किलो 124.43 ग्राम पाया गया। इन सभी आभूषण की कीमत 80 लाख रुपए आंकी गई है। RPF कमिश्नर सोनी के अनुसार ज्वेलरी की डिलवरी चालान में KD ज्वेलर्स के नाम से एंट्री है। मगर पक्का बिल व GST संबंधी कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिले है। टैक्स चोरी की आशंका के चलते मामला जांच के लिए आयकर व अन्य विभाग को सौंपा है।

होगा प्रतिभाओं का सम्मान : कुमावत समाज करेगा 10वीं और 12वीं बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान, 30 मई तक होंगे रजिस्ट्रेशन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुमावत समाज के विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें बोर्ड परीक्षा 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 60% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु कुमावत समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानीय समाजजनों द्वारा सर्टिफिकेट, मोमेंटो एवं मेडल देकर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मारोह 2 जून 2024 को शहर के बड़बड़ रोड स्थित जानकी मंडप में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। इसके अलावा इस समारोह में विद्यार्थियों को अलग-अलग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न एक्सपर्ट द्वारा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए केरियर संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। समाज के ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा में 60% से अधिक अंक प्राप्त किए है, उन्हें पहले गूगल फॉर्म के माध्यम से दी गई लिंक पर जाकर रेजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन की अंतिम दिनांक 30 मई 2024 है। इस लिंक पर करे क्लिक – https://forms.gle/BmP5HaroWgQYsSac8

मानवता हुई शर्मसार : अधेड़ ने गाय व उनके बछड़ों के साथ गुप्तांग निकालकर की अश्लील हरकतें, फूल मंडी के सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद

रात में रास्ते से गुजर रहे युवकों ने पकड़ा रंगे हाथ, किया पुलिस के हवाले पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश के रतलाम में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी है। यहां देर रात गाय व उनके बछड़ों के साथ अश्लील हरकत करते एक अधेड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी खोजेमा पिता नजमुद्दीन बोहरा (समोसेवाला) उम्र 52 वर्ष है। आरोपी खोजेमा बोहरा शहर के चांदनी चौक में किराना की दुकान संचालित करता है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी खोजेमा को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 377 व 506 में मामला दर्ज किया है। माणकचौक थाना टीआई रंजित सिंगार ने बताया की शनिवार रात करीब 2 बजे हरमाला रोड स्थित फूल मंडी के यहां आरोपी खोजेमा विचरण करने वाली गाय और उनके बछड़ों के साथ अश्लीलता कर रहा था। घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गाय के बछड़े को बिस्किट खिला कर उसके साथ व अन्य गायों के साथ कुकृत्य करते नजर आ रहा है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवकों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने इसे रंगेहाथ पकड़ा। मौके पर पुलिस पहुंची और  आरोपी को थाने लाया गया। युवकों की रिपोर्ट पर मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई शूर की है। वैटनरी डॉक्टरों द्वारा गायों का मेडिकल परीक्षण भी किया जा रहा है।

जातिवाद का दंश : पुलिस की मार से प्रताड़ित युवक ने पिया कीटनाशक, ASI प्रदीप शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप

ऊंची जाति की लड़की से प्रेम विवाह करने के बाद से था प्रताड़ित, 3 दिन पहले एसपी से लगाई थी मदद की गुहार पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। गुरुवार शाम मांगरोल निवासी एक युवक ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों ने थाना स्टेशन रोड की सालाखेड़ी चौकी पर पदस्थ पुलिसकर्मी एएसआई प्रदीप शर्मा व अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए है। परिजनों ने एएसआई प्रदीप शर्मा का नाम लेते हुए  पीड़ित युवक को रातभर चौकी में पिटने और जातिसूचक शब्द कहने जैसे गंभीर आरोप लगाए है। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे युवक का नाम यश पिता मोहनलाल सारवान उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम मांगरोल है। यश साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज में बीए सेकंड ईयर का छात्र है। यश ने 21 मई यानी 3 दिन पहले ही एसपी ऑफिस में आवेदन देकर अपनी पत्नी की कस्टडी मांगने के लिए पुलिस से गुहार भी लगाई थी। न्याय नहीं मिलने के बाद आज उसने यह कदम उठाया। कीटनाशक पीने के बाद परिजन युवक को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर आए। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफेर कर दिया गया है। फिलहाल युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती है,जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया की पीड़ित यश के अलावा उसकी मां नीलम व छोटी बहन दिव्या घर पर थे। गुरुवार शाम करीब 5 बजे यश पीछे वाले कमरे में उल्टियां करने लगा। जिसके बाद पिता मोहनलाल को फोन कर बुलाया और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया। यश के पिता ने बताया की बेटे ने 13 मार्च को गांव की ही लड़की तमन्ना पिता महेशगिरि गोस्वामी से प्रेम विवाह किया था। यह विवाह धार जिले के चिराखान गांव के एक मंदिर में संपन्न हुआ था। जिसके बाद 16 मार्च को लड़की ने अपने माता – पिता से जान का खतरा, ससुराल वालों पर अनावश्यक कार्रवाई आदि विषय को लेकर एक आवेदन डाक पोस्ट के माध्यम से एसपी ऑफिस भेजा। पुलिस की समझाईश के बाद लड़की 31 अप्रैल को बयान के लिए थाना स्टेशन रोड पहुंची। जहां से उसके पिता व अन्य परिजन उसे अपने साथ ले गए। तब से उसकी हमसे या हमारे लड़के यश से कोई मुलाकात या बातचीत नहीं हुई। उसके बाद से यश डिप्रेशन में चला गया था और लड़की को ढूंढने की कोशिश भी कर रहा था। लड़की ऊंची जाति की होने से उसके परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। जिसके बाद पुलिस में उसकी झूठी शिकायत भी की और पुलिस ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार कर जातिसूचक शब्द कहे। इससे वह और डर गया था। फिलहाल पूरे मामले में पुलिसकर्मियों द्वारा चौकी के अंदर जातिवाद का यह मामला बड़ा ही संगीन है। अब यह देखना बाकी है की सूबे की सरकार और महकमे के आला अधिकारी इसमें क्या एक्शन लेते है और क्या जांच करते है? क्या दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर उन पर उचित कार्रवाई होगी या उन्हें किसी तरह बचा लिया जाएगा। फिलहाल एक नोजवान युवक पुलिस की बर्बरता और जातिवाद का दंश झेलने के बाद मौत से जीत हार कर रहा है। वहीं दूसरी और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है, उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना बहुत जरूरी है। पूरी रात पिटाई की, कहा – तेरी बहन को उठा लेंगे!यश की छोटी बहन दिव्या ने बताया 12 मई को पुलिस उसे सालाखेड़ी चौकी पर ले गई थी। हमें अगले दिन एएसआई प्रदीप शर्मा ने फोन लगाकर सूचना दी की यश को छुड़ाकर ले जाओ। फिर पिताजी थाने गए और एसडीएम कोर्ट से उसे छुड़वाकर लेकर आये। पुलिस ने यश पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की थी। पिता ने पुलिस से यश को चौकी लाने और केस बनाने का कारण पूछा तो प्रदीप शर्मा ने कहा की इसे समझाओ अपनी जात की छोरी देखे और उस लड़की को भूल जाए। यश ने घर आकर परिजनों को बताया की एएसआई प्रदीप शर्मा व अन्य पुलिसकर्मियों ने मिलकर पूरी रात उसकी पिटाई की। एएसआई प्रदीप शर्मा ने जातिसूचक शब्द कहे व गंदी-गंदी गालियां दी। उसने यश से कहा की तू नीची जाति का है ऊंची जात की लड़की से दूर रहना। अपनी जात देखकर शादी कर और उस लड़की को छोड़ दे। एएसआई शर्मा ने यह भी कहा की सीधे से मान जा नहीं तो तेरी बहन भी है उसे उठा लेंगे। इस घटना के बाद से परिवार डर और सहम गया था, उन्होंने इसकी शिकायत किसी को नहीं की। इसी बीच लड़की का दूसरे नंबर से यश के पास फोन आया था। जिसमें उसने कहा की मेरे घरवाले जबरदस्ती मेरी दूसरी शादी कर रहे है। मेरी जान खतरे में है मुझे बचा ले। 3 दिन पहले 21 मई को यश द्वारा एसपी ऑफिस में आवेदन देकर लड़की की कस्टडी की गुहार भी लगाई थी। मगर वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। जिसके बाद आज अचानक उसने कीटनाशक पिने जैसा कदम उठाया।

सवाल सुरक्षा का : अस्पताल में दो पक्षो ने जमकर मचाया उत्पात, 5 आरोपी गिरफ्तार अन्य फरार

कहां थे सरकारी अस्पताल के सुरक्षा गार्ड?, क्या खत्म हो रही है परफेक्ट पुलिसिंग? पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। रतलाम शासकीय जिला अस्पताल में शनिवार रात करीब 1 बजे दो पक्ष आपस में भिड गए। जिसके हाथ जो लगा, उसे उठाकर एक दूसरे पर हमला किया। अस्पताल के जांच काउंटर का कांच तोड़ डाला। फायर एक्सटेंशन उखाड़कर उसे भी इस्तेमाल किया। करीब 20 मिनट तक जमकर उत्पात मचाया। इस वक्त तक वीडियो जमकर वायरल हो रहे है। इससे भी मारपीट की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बेबस होकर केवल वीडियो बनाती रहे। दरअसल शहर के मदीना कॉलोनी में एक परिवार के दो गुटों में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। अस्पताल में झगड़ने से पहले भी मारपीट हुई। एक गुट के कुछ लोग माणक चौक थाने में रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। मारपीट में घायल के मेडिकल के लिए पुलिस जवान उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। इतने में दूसरे पक्ष के लोग आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मारपीट शुरू हो गई। अस्पताल में मौजूद मरीज डॉक्टर व स्टाफ घबराकर इधर उधर भागने लगे। पुलिस ने एक पक्ष के शौकत की रिपोर्ट पर शाकिर, नासिर और तीन अन्य के खिलाफ केस किया है। दूसरे पक्ष के समीर की शिकायत पर अबरार, अंसार, रमजानी, आसिफ के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। अस्पताल में तोड़फोड़ पर सीएमएचओ की शिकायत पर भी केस दर्ज किया गया है। जिसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार 5 लोगों को गिरफ्तार किया व अन्य फरार है। सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति और पुलिस की देरी?घटनाक्रम के दौरान शासकीय जिला अस्पताल की चौकी में एक ही पुलिस जवान था। दूसरा जवान माणकचौक पुलिस का मेडिकल कराने एक पक्ष के लोगों को लेकर आया था। दोनों ही जवान उत्पात मचाती भीड़ के सामने बेबस थे। दोनों पुलिस जवान केवल सबूत के तौर पर वीडियो बनाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 25 मिनट तक पुलिस का बेक फोर्स नहीं आया। तब तक अपराधी उत्पात मचाकर रवाना हो चुके थे। ऐसे में पुलिसिंग पर सवालिया निशान खड़े हो रहे है। क्या जिले में पुलिकर्मियों की इस कदर कमी है की घटना के दौरान पहुंचने में देरी लग रही है? क्या शहर या जिले में परफेक्ट पुलिसिंग अब खत्म होती जा रही है?   वहीं अस्पताल में केवल 1 गार्ड मौजूद था। जबकी अस्पताल में अन्य कमरों में रजिस्टर के अंदर करीब 5 से 7 गार्ड ऑन डयूटी रहते है। जिनकी जिम्मेदारी शासकीय अस्पताल की सुरक्षा की है। लेकिन जब मारपीट और तोड़फोड़ हो रही  थी तब कोई नहीं था। ऐसे में सीएमएचओ आनंद चन्देलकर केवल शिकायत कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते। इनको किया गिरफ्तारअस्पताल में उत्पात मचाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जिसके बाद रविवार को समीर उर्फ बाबु पिता साबीर हुसैन निवासी 25 हाट रोड़, गोलु उर्फ अफसार पिता शौकतहुसैन निवासी हाट की चौकी वेदव्यास कालोनी, माहिद उर्फ अप्पु पिता नासीर हुसैन निवासी सुभाष नगर, पीर मोहम्मद उर्फ ईम्मु पिता मान खाँ फकीर निवासी सुभाष नगर, रमजानी पिता खेराती निवासी वेदव्यास कालोनी को गिरफ्तार किया है। वहीं अबरार, अंसार, आसीफ हुसैन, आमीन हुसैन, साबिर हुसैन एवं अन्य साथी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है।

मामला अवैध माल गौदाम का : लक्ष्मी नगर में ट्रक ने तोड़ी हाइटेंशन लाइन, बाल-बाल बची घर के बाहर बैठी महिलाएं

रहवासियों के विरोध के बीच गोदाम मालिक ने साथियों को बुलाया, पुलिस ने कराया मामला शांत पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के हरमाला रोड स्थित लक्ष्मी नगर में शनिवार रात करीब 9.30 बजे ट्रक ने शीतलामाता मंदिर के पास हाईटेंशन लाइन तोड़ दी। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। हाईटेंशन लाइन टूटने के दौरान करीब 3 से 4 महिलाएं अपने घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान फॉल्ट होकर चिंगारी निकलने लगी और केबल महिलाओं के ऊपर गिरती इससे पहले महिलाएं इधर उधर हो गई। जिससे उनकी जान बाल – बाल बची। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने ट्रक को घेर लिया। ट्रक कॉलोनी में बने फल गोदाम पर जा रहा था। जिसके बाद ट्रक मालिक ने फोन लगाकर अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसी बीच संवेदनशील क्षेत्र में मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। जिसके तुरंत बाद स्टेशन रोड थाना टीआई दिनेश भोजक बल के साथ पहुंचे और स्थिति संभाली। मामले में पुलिस ने ट्रक को जप्त कर ट्रक क्रमांक RJ09GC1247 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर ने बताया कि क्षेत्र में फल स्टोर करने के 6-7 गोदाम हैं। यह सभी गौदाम रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से बगैर अनुमति के बने हुए है। वहां फल खाली करने के लिए दिनभर ट्रक जैसे भारी वाहन गुजरते हैं। इससे हमेशा हादसा होने का डर बना रहता है। क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि जलज सांखला ने बताया की मैं और क्षेत्रवासी चार बार नगर निगम शिकायत कर चुके हैं, जिस पर गोदाम संचालकों को निगम से नोटिस भी मिल चुके हैं। बावजूद रहवासी क्षेत्र से गोदाम नहीं हट रहे हैं और दिनभर भारी वाहन यहां से गुजर रहे हैं। नगर निगम और पुलिस प्रशासन को गोदाम संचालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि यहां किसी प्रकार का बड़ा हादसा नहीं हो। समस्या का निराकरण नहीं होता है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

भगवद ज्ञान गंगा : अखंड ज्ञान आश्रम में कल से शुरू होगी संगीतमय 7 दिवसीय कथा, 108 जोड़े करेंगे महारुद्राभिषेक

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सैलाना बस स्टैंड स्वामी ज्ञानानंद मार्ग स्थित अखंड ज्ञान आश्रम पर 7 दिवसीय श्रीमदभगवद गीता ज्ञान यज्ञ का आयोजन कल यानी 19 मई से शुरू होने जा रहा है। कथा श्रवण के दूसरे दिन 108 जोड़ों द्वारा शिव महारुद्राभिषेक होगा, जो की निःशुल्क रहेगा। कथा का यह आयोजन श्री श्री 1008 गुरुदेव स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की 33वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। कथा के मुख्य यजमान शहर के पापटवाल परिवार के सदस्य रहेंगे। कथा के इन 7 दिनों में देश के कई प्रमुख मठों से करीब 20 से अधिक संत पधारेंगे। बुधवार को भूमि पूजन कर ध्वज स्थापित किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, पार्षद योगेश पपटवाल, जनक नागल, सुरेश पापटवाल आदि श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जानकारी देते हुए शुभम पापटवाल ने बताया कथा 19 मई से 25 मई तक आयोजित की जाएगी। रतलाम के पं. नरेंद्र शर्मा (दंतोड़िया वाले) के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का प्रवाह होगा। कथा का समय दोपहर 2 बजे से रखा गया है। कथा समाप्ति के अगले दिन 26 मई को सुबह 11 बजे से महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कथा में मुख्य आतिथ्य चित्रकूट पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित डॉ. स्वामी दिव्यानंद जी महाराज का होगा। पापटवाल परिवार को इस कथा में मुख्य यजमान बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। सभी धर्मालुओं से धर्म लाभ लेने का आग्रह है।

धार्मिक आयोजन : सिया के राम ग्रुप द्वारा सीता नवमीं पर की गई महाआरती, भक्तों ने लिया महाप्रसादी का लाभ

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के युवाओं द्वारा संचालित सिया के राम ग्रुप द्वारा सीता नवमीं पर दीनदयाल नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पर आयोजन रखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत आतिशबाजी से की गई। वहीं बालिकाओं ने शस्त्रकला का प्रदर्शन भी किया। जिसके बाद राम दरबार चित्र पर माल्यार्पण कर महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने महा प्रसादी का लाभ लिया। आयोजन में क्षेत्र के रहवासियों व हिंदू संगठनों ने भी हिस्सा लिया। ग्रुप के विकास पांचाल,गोटू सोलंकी, मनीष गेहलोत , राज  डामर, तनीष  चकोटे, कृश पोरवल, वरुण राठौर, दिव्यांश मित्तल , राहुल टाक , जिशांत  टाक , रौनक़ भादर , प्रिंस सोनी, उदय राठौर ,वेदिका पोरवल , माही सिसोदिया , भूमि गोस्वामी, वंशिका सिसोदिया , रिया  सिसोदिया पीहू पोरवल , रिया चौहान , शिवानी ठाकुर, माही  वर्मा आदि उपस्थित रहे।

सेवा और समर्पण : कुष्ठ रोग से पीड़ित महिला को पहुंचाया अस्पताल, जन अभियान परिषद व समाजशास्त्र के विद्यार्थी बने मिसाल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जिले के बिरमावल के समीप छतरी गांव में एक महिला करीब 3 साल से कुष्ठ रोग से पीड़ित थी। समय पर इलाज ना मिलने से महिला की हालत बिगड़ती रही। इसी बीच गांव वालों ने भी महिला से दूरी बना ली। उसे कोई छूना तो दूर देखना तक पसंद नहीं कर रहा था। एक कमरे में खटिया पर पड़ी इस 42 वर्षीय महिला की देखभाल बुजुर्ग माता – पिता करते आ रहे थे। इसी बीच जन अभियान परिषद से जुड़ी समाजशास्त्र की छात्रा नेहा बोरासी को महिला की जानकारी मिली। नेहा ने तुरंत अपने परामर्शदाता प्रदीप बिलवाल को जानकारी दी। जिसके बाद टीम के शेरू कुमावत, नितिन पाठक, भूपेंद्र बिलवाल ने पहुंचकर महिला को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया। टीम द्वारा किए गए इस कार्य की सभी दूर प्रशंसा की जा रही है। नेहा बोरासी ने बताया की मुझे सूचना मिली थी 42 वर्षीय महिला सावित्री पति शम्भू खराड़ी तीन सालों से गंभीर बीमारी से पीड़ित है। जिसके बाद उनके घर पहुंच कर जानकारी जुटाई और देखा तो महिला के शरीर पर बड़े बड़े घाव और फोड़े हो रहे थे। डॉक्टरों से परामर्श करने के बाद मालूम हुआ की महिला कुष्ठ रोग से पीड़ित है। जिसके बाद घर वालों को समझाइश दी गई और महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। महिला 5 सालों से अपने पति से भी अलग रह रही थी। फिलहाल डॉक्टर महिला के बेहतर उपचार का प्रयास कर उसे स्वस्थ करने में जुट गए है। गौरतलब है की पूरी दुनिया में कुष्ठ रोग के बारे में लोगों के मन में गलत और अवैज्ञानिक धारणाएं हैं। इसके कारण कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव भी बढ़ता देखा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुष्ठ रोग को लेकर कलंक के भाव के कारण लोग अपने लक्षणों को छिपाते हैं और उपचार में देरी करते हैं। इस रोग पर जीत हासिल करने के लिए लोगों में सही जानकारी होना जरूरी है। 

0%