Ratlam News: एसपी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस की सख्ती, नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों पर कार्रवाई  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अपराधों पर लगाम लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। बीती रात पुलिस ने 350 से अधिक वाहनों की जांच की, जिसमें 12 नाबालिग वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने उनके अभिभावकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199ए के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये के चालान न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है।   शहर में अपराध नियंत्रण के लिए सख्ती जारी   एसपी अमित कुमार के निर्देशानुसार, अपराधियों में कानून का भय बढ़ाने, लोक शांति बनाए रखने और चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं।   एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी गश्त और पेट्रोलिंग करने, अवैध गतिविधियों पर नजर रखने और आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।   थानों की सख्त कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों की जांच   शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। माणकचौक थाना पुलिस ने देर रात 35 बेवजह घूमने वाले लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उचित समझाइश देने के बाद छोड़ा।   अवैध हथियार के साथ बदमाश गिरफ्तार   थाना स्टेशन रोड पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश को अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़ा, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।   वाहन चेकिंग में बड़ी कार्रवाई   – 350 से अधिक वाहनों की जांच   – 36 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई   – 12 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों पर 25-25 हजार रुपये का चालान   पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों को सचेत किया है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का सख्त अभियान जारी रहेगा।

MP News: किसानों को झेलने होगी परेशानियां क्योंकि इस कारण से 5 दिन मंडी के गेट पर लगा रहेगा ताला

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: रतलाम कृषि उपज मंडी समिति ने आगामी त्योहारों और बैंक वार्षिक लेखाबंदी को ध्यान में रखते हुए मंडी में अवकाश घोषित किया है। मंडी समिति ने कृषक, व्यापारी, तुलावटी और हैम्माल बंधुओं को सूचित किया है कि रतलाम मंडी के विभिन्न प्रांगण निम्नलिखित तिथियों को बंद रहेंगे।   मंडी अवकाश का विवरण   -28 मार्च, शुक्रवार – रमजान माह का अंतिम शुक्रवार  -29 मार्च, शनिवार – व्यापारी एसोसिएशन के आवेदन अनुसार   -30 मार्च, रविवार – शासकीय अवकाश   -31 मार्च, सोमवार – ईद-उल-फितर पर्व   -1 अप्रैल, मंगलवार – बैंक वार्षिक लेखाबंदी    किन-किन मंडियों में रहेगा अवकाश   इन अवकाश के दौरान मुख्य अनाज मंडी प्रांगण, लहसुन-प्याज मंडी प्रांगण एवं उप मंडी नामली प्रांगण बंद रहेंगे।   हरी सब्जी मंडी रहेगी चालू   मंडी समिति ने स्पष्ट किया है कि इन अवकाश के दौरान हरी सब्जी का क्रय-विक्रय सामान्य रूप से जारी रहेगा।   कृषि उपज मंडी समिति रतलाम का आग्रह   मंडी समिति ने सभी किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों से अपील की है कि वे इन तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी व्यापारिक एवं कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं।   रतलाम मंडी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए हमारे पोर्टल पर जुड़े रहें।

Ratlam News: सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन, 210 मरीजों ने लिया लाभ  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र, जिला चिकित्सालय रतलाम द्वारा बुधवार को आरोग्यम उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें 210 मरीजों ने अपनी जांच करवाई और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।   शिविर में एचआईवी, वीडीआरएल, हेपेटाइटिस बी और सी, टीबी, रक्तचाप और शुगर जैसी प्रमुख बीमारियों की जांच की गई। मरीजों को हेल्थ काउंसलिंग के साथ 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई और एचआईवी के लक्षण एवं बचाव पर जागरूकता फैलाई गई।   शिविर में मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग   शिविर में BMO डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य की उपस्थिति में डॉ. पूजा राठौर और डॉ. प्रियांशु शर्मा ने मरीजों की जांच की। इस दौरान आईसीटीसी परामर्शदाता धर्मेंद्र बड़ोदिया, STS राहुल पाटीदार, फार्मासिस्ट संजय माली, लैब टेक्नीशियन महेश कटारा और निलेश पांचाल ने अहम भूमिका निभाई।   इसके अलावा, सीएचओ रोहित पाटीदार, ममता पाटोदी, मनीषा भाटे (एएनएम), आशा सहयोगिनी हेमलता शर्मा, आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी शिविर को सफल बनाने में योगदान दिया।   सम्पूर्ण सुरक्षा कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान जारी   सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र के प्रोग्राम मैनेजर हरीश बिसेन ने बताया कि सरकार के सम्पूर्ण सुरक्षा अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य गंभीर बीमारियों की रोकथाम और जागरूकता बढ़ाना है, जिससे अधिक से अधिक लोग समय पर अपनी जांच करवा सकें और उचित इलाज पा सकें।  

Ratlam News: मातृ-पितृ पूजन में भावुक हुए नौनिहाल, लिया आशीर्वाद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:  भारतीय सनातन संस्कृति से नौनिहालों को जोड़ने के उद्देश्य से योग वेदांत सेवा समिति युवा सेवा संघ और महिला उत्थान मंडल द्वारा श्री कालिका माता गरबा प्रांगण में रविवार को भव्य मातृ-पितृ पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर चरण स्पर्श किया और उनका आशीर्वाद लिया। पूजन के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जब माता-पिता और संतानें भावुक हो गईं।    संस्कारों से ओत-प्रोत रहा आयोजन   कार्यक्रम में विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, संस्कार ऋषि दिनेश व्यास, राजराजेश्वरी देवी (उदासीन अखाड़ा), महर्षि शिवशंकर दवे, एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा, प्रवीण तोगड़िया, महावीर भाई और पार्षद प्रतिनिधि राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे।   आयोजन के दौरान मातृ-पितृ को प्रयागराज के संगम का पवित्र जल प्रदान किया गया। साथ ही बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने एक लघु नाटिका प्रस्तुत कर समाज में माता-पिता के सम्मान का संदेश दिया।   संस्कारों की सिखलाई   मातृ-पितृ पूजन के इस धार्मिक अनुष्ठान में योग वेदांत सेवा समिति युवा सेवा संघ, महिला उत्थान मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस आयोजन ने समाज को एक बार फिर से माता-पिता के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यबोध की प्रेरणा दी।

Ratlam News: महापौर परिषद 11 ने पत्रकार 11 को हराया, मैत्री मैच में सद्भावना और खेल भावना का दिखा नजारा  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अक्षय संघवी मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित रतलाम ट्रॉफी के आठवें संस्करण का शुभारंभ 4 फरवरी 2025 को पोलो ग्राउंड में हुआ। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला महापौर परिषद 11 बनाम पत्रकार 11 के बीच खेला गया, जिसमें महापौर परिषद 11 ने जीत दर्ज की।   मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर महापौर प्रहलाद पटेल रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, एएसपी राकेश खाका, सुशील अजमेरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, क्षेत्रीय पार्षद योगेश पापटवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।   टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर अक्षय संघवी मित्र मंडल द्वारा महापौर परिषद 11 और पत्रकार 11 के सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। अक्षय संघवी ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और रतलाम का नाम खेल जगत में रोशन करते हैं।   महापौर परिषद 11 की शानदार जीत   मैच का टॉस भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने करवाया और दोनों टीमों से परिचय प्राप्त किया। महापौर परिषद 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और पत्रकार 11 को लक्ष्य से पीछे रखते हुए जीत दर्ज की। मैच समाप्ति के बाद विजेता और उपविजेता टीम को शील्ड प्रदान की गई।   रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से शहर को नई पहचान मिलती है और इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी खिलाड़ियों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।   सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण   अक्षय संघवी ने मंच से महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इसके अलावा, सभी पार्षदों और एमआईसी सदस्यों का मोती की माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।   मैच के दौरान अंपायरिंग विकास बड़ोदिया और नमन ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी निलेश यादव और सीमर सिंह अजवानी ने निभाई।   आने वाले मुकाबले   रतलाम ट्रॉफी के तहत 5 फरवरी को तीन मुकाबले खेले जाएंगे   1. इंडियन गोल्ड बनाम रिलायबल   2. एमपी पुलिस बनाम रतलाम बॉयज   3. आपका अपना बनाम नई शुरुआत  

Ratlam News: परशुराम कल्याण बोर्ड ब्राह्मणों के माध्यम से सनातन की परंपरा को समाज में व्याप्त करेगा – पं. विष्णु राजोरिया  

रतलाम में परशुराम कल्याण बोर्ड का वसंतोत्सव संपन्न, सनातन संस्कृति, वसंत महोत्सव और रतलाम राज्य के इतिहास पर डाला प्रकाश   रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष पं. विष्णु राजोरिया ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं को समाज में पुनः स्थापित करने का दायित्व सबसे पहले ब्राह्मणों का है। परशुराम कल्याण बोर्ड ब्राह्मणों के माध्यम से समाज में सनातन संस्कृति को विस्तारित करने का कार्य करेगा। जातियां कालांतर में अस्तित्व में आईं, लेकिन मूल रूप से समाज कर्म आधारित व्यवस्था थी। यह बात उन्होंने परशुराम कल्याण बोर्ड रतलाम इकाई द्वारा डॉ. कैलासनाथ काटजू विधि महाविद्यालय में आयोजित वसंतोत्सव 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में कही।   ब्राह्मणों को वेदपाठी संतानों को बढ़ावा देना होगा   प्रदेश अध्यक्ष पं. विष्णु राजोरिया ने कहा कि प्रत्येक पर्व को केवल घर में नहीं बल्कि सामूहिक रूप से भी मनाया जाना चाहिए। उन्होंने ब्राह्मण परिवारों से अपील की कि वे कम से कम एक संतान को वेदपाठी अवश्य बनाएं, भले ही वह कर्मकांड न करे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन के बिना भारत की कल्पना संभव नहीं।   अक्षय तृतीया पर होगा सामूहिक विवाह आयोजन   उन्होंने बताया कि परशुराम कल्याण बोर्ड के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में जनजागरण कर अक्षय तृतीया पर सनातन समाज की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराएंगे। साथ ही, रतलाम जिले के प्रत्येक ब्राह्मण परिवार की डायरेक्ट्री तैयार करने का सुझाव दिया, जिसमें उनकी पारिवारिक स्थिति का भी उल्लेख होगा।   सनातन को समझना है तो वेदों की ओर लौटें – डॉ. मुरलीधर चांदनीवाल   कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शिक्षाविद् एवं वेदों के अनुवादक डॉ. मुरलीधर चांदनीवाल ने कहा कि सनातन धर्म को समझने के लिए वेदों का अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वसंत का महत्व यज्ञों में विशेष रूप से वर्णित है। परशुराम को अग्नि की लपटों और समुद्र की तरंगों में देखें, वे ही पहले राम हैं।   रतलाम राज्य का गौरवशाली इतिहास – कैलाश व्यास   रंगकर्मी एवं पूर्व उप संचालक अभियोजन कैलाश व्यास (एडवोकेट) ने रतलाम राज्य के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रतलाम राज्य की स्थापना प्रयाग से जुड़ी हुई है। उन्होंने 22 जनवरी 1641 को लाहौर में शाहजहां द्वारा आयोजित एक समारोह का जिक्र किया, जिसमें जालोर के राजा महेशदास के पुत्र रतनसिंह ने एक उग्र हाथी को काबू में कर लोगों की जान बचाई थी, जिसके उपहार स्वरूप उन्हें रतलाम परगना प्रदान किया गया था।   उन्होंने यह भी बताया कि रतलाम में सती प्रथा 1743 में ही समाप्त हो गई थी, जबकि देश में सती प्रथा को कानूनी रूप से 1829 में प्रतिबंधित किया गया था।   तीन शख्सियतों का सम्मान   समारोह में चिकित्सा, शिक्षा और संगीत शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाली तीन विभूतियों को सम्मानित किया गया   डॉ. अनुराधा गोखले – चिकित्सा क्षेत्र में योगदान   डॉ. सुलोचना शर्मा – शिक्षा क्षेत्र में योगदान   डॉ. स्नेहा पंडित – संगीत शिक्षा में योगदान   कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन   कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री डॉ. लीला जोशी ने की। इस अवसर पर सनाढ्य ब्राह्मण समाज के श्याम उपाध्याय, परशुराम कल्याण बोर्ड के जिला अध्यक्ष अनुराग लोखंडे, डॉ. अनुराधा गोखले, डॉ. सुलोचना शर्मा, डॉ. स्नेहा पंडित सहित कई गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे।   शुभारंभ वेदपाठ से हुआ, जिसे महर्षि पं. संजय दवे और वेदपाठी बटुकों ने प्रस्तुत किया। सरस्वती वंदना सुहाष चितलने ने प्रस्तुत की। समारोह का संचालन लगन शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन नीरज कुमार शुक्ला ने व्यक्त किया।   उपस्थित गणमान्य अतिथि   इस अवसर पर जिला पंचायत के एसीईओ निर्देशक शर्मा, त्रिवेदी आर्ट के ओमप्रकाश त्रिवेदी, सत्येंद्र जोशी, अशोक पांडेय, सुनील दुबे, शरद चतुर्वेदी, राकेश आचार्य, श्याम लालवानी, मनमीत कटारिया, महेंद्र भंडारी, नितेश कटारिया, राजेंद्र चतुर्वेदी, अजय तिवारी, पत्रकार शरद जोशी, डॉ. खुशालसिंह पुरोहित, गोपाल शर्मा टंच, गोपाल जोशी, गीता दुबे, विनीता ओझा, नीलू चंडालिया, देवशंकर पांडेय, लक्ष्मण पाठक, पं. मुस्तफा आरिफ, प्रकाश शुक्ला, प्रशांत शौचे, राजेंद्र गोयल, जलज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।   – विशेष संवाददाता

Ratlam News: डॉ आनंद चंदेलकर सेवानिवृत्त, डॉ एम एस सागर बने नए CMHO रतलाम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) एवं पूर्व सिविल सर्जन आनंद चंदेलकर आज अपनी शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर जिला चिकित्सालय, जिला मलेरिया कार्यालय एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।   इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी महेंद्र सिंह राठौर भी अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने के बाद सेवानिवृत्त हुए। कार्यक्रम में नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एम एस सागर ने आनंद चंदेलकर को शाल, श्रीफल और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया।   सेवानिवृत्ति समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कृपाल सिंह राठौर, बी एल तापड़िया, अभिषेक अरोरा, ममता शर्मा, अंकित जैन, कैलाश चारेल, प्रणब मोदी, रजत दुबे सहित कई अन्य चिकित्सकों और विभागीय कर्मचारियों ने आनंद चंदेलकर को सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।   सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आनंद चंदेलकर को अभिनंदन पत्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।

Ratlam News: नानी बाई का मायरा: भगवान राम के अयोध्या पाठोत्सव में भक्तों ने लिया आशीर्वाद, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कस्तूरबा नगर, गली नंबर 6 स्थित बगीचे में मनीषा मनोज शर्मा मित्र मंडल द्वारा आयोजित नानी बाई का मायरा महोत्सव भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। तीसरे दिन के आयोजन में सहस्त्र ओदिच्य ब्राह्मण समाज, श्रीमाली ब्राह्मण समाज, नागर ब्राह्मण समाज, प्रभु प्रेमी संघ, गोपाल गौशाला, साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट, गोपाल जी का बड़ा मंदिर न्यास, नमो ग्रुप, वैष्णव बैरागी समाज, रिद्धि-सिद्धि गणेश उत्सव समिति, रामेश्वर महादेव मंदिर समिति, सनातन सुरक्षा दल और विश्व हिंदू महासंघ समेत भाजपा पार्षद दल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।   आयोजन का शुभारंभ पोथी पूजन और आयोजक मनीषा शर्मा एवं मनोज शर्मा के सम्मान के साथ हुआ। सभी समाज के अध्यक्षों और सचिवों ने उनका दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।   भगवान राम का अयोध्या पाठोत्सव और भक्ति का महत्व   तीसरे दिन की कथा में अनिरुद्ध मुरारी ने भगवान राम के अयोध्या पाठोत्सव का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान राम की मूर्ति की स्थापना को एक वर्ष पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में तीन का विशेष महत्व है। तीन देव (ब्रह्मा, विष्णु, महेश), तीन लोक (आकाश, पाताल, पृथ्वी), और तीन काल (भूत, भविष्य, वर्तमान) हमारी संस्कृति के मूल स्तंभ हैं।   मुरारी ने गीता में बताए गए तीन मार्गों—कर्म मार्ग, ज्ञान मार्ग और भक्ति मार्ग का महत्व भी समझाया। उन्होंने भक्ति मार्ग को सबसे श्रेष्ठ बताते हुए कहा, “भक्ति मार्ग में भगवान स्वयं अपने भक्तों के आगे-पीछे नृत्य करते हैं।”   भजन, नृत्य और आरती   कथा के दौरान मुरारी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिसमें महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय आरती के साथ हुआ, जिसमें निगम अध्यक्ष मनीषा मनोज शर्मा, भाजपा पार्षद दल और अन्य भक्तगण शामिल रहे।   कथा का समय और अनुरोध   कथा संयोजक मनीषा मनोज शर्मा ने बताया कि नानी बाई का मायरा की कथा प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से प्रारंभ हो रही है। धर्म प्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने और धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया गया।  

Ratlam News: शांतिकुंज हरिद्वार से पूजित चरण पादुकाएँ बांगरोद पहुँची, 24 कुण्डीय गायत्री यज्ञ के साथ होगी स्थापना

रतलाम-पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के समीप स्थित ग्राम बांगरोद के श्रीराम गौशाला एवं गायत्री धाम में “प्रखर प्रज्ञा – सजल श्रद्धा” नामक नवनिर्मित चरणपीठ में शांतिकुंज हरिद्वार से लाई गई अभिमंत्रित एवं पूजित चरण पादुकाओं की स्थापना की जाएगी। यह स्थापना आगामी 22 से 25 जनवरी 2025 तक आयोजित 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के अंतर्गत होगी।   गुरुवार सुबह शांतिकुंज हरिद्वार से चरण पादुकाएँ लेकर रतलाम एवं बांगरोद के गायत्री परिजनों का दल बांगरोद पहुँचा। पादुकाओं के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में गायत्री परिजन और ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने पूरे उत्साह के साथ पादुकाओं का फूल-मालाओं और श्रद्धापूर्वक पूजन से स्वागत किया।   चल समारोह और स्वागत कार्यक्रम   चरण पादुकाओं को ग्राम में एक भव्य चल समारोह के रूप में ले जाया गया। इस दौरान गायत्री परिजनों ने मंत्रोच्चार, भजन और गीत गाकर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। ग्राम के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए यह चल समारोह श्रीराम गौशाला स्थित गायत्री धाम पहुँचा। यहां मंत्र जाप, पुष्पांजलि और पूजन के साथ पादुकाओं को सम्मानपूर्वक रखा गया।   महायज्ञ का आयोजन गायत्री परिवार ट्रस्ट और शांतिकुंज हरिद्वार से आने वाली आचार्य टोली 22 से 25 जनवरी 2025 तक होने वाले इस 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का संचालन करेगी। इस महायज्ञ के माध्यम से चरण पादुकाओं की स्थापना विधि-विधान से की जाएगी।   विशेष अतिथियों की उपस्थिति स्वागत समारोह में गायत्री परिवार नगर ट्रस्ट के पातीराम शर्मा, जिला समन्वयक दामोदर शर्मा, प्रांतीय युवा प्रमुख विवेक चौधरी, मदनमोहन साहू, तहसील संयोजक लाला भाई पाटीदार, प्रज्ञा मंडल अध्यक्ष पन्नालाल सूर्या, और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। महिला मंडल की डॉली साहू, वीणा पाठक, ज्योति गौड़ और अन्य परिजन भी इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।   गायत्री महायज्ञ एवं चरण पादुकाओं की स्थापना के साथ यह आयोजन ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

Ratlam News: इप्का लेबोरेट्री के श्रमिक संगठनों ने 35 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: इप्का लेबोरेट्री लिमिटेड के चार प्रमुख श्रमिक संगठनों ने संयुक्त रूप से 35 सूत्रीय मांग पत्र कंपनी के प्रबंधक और श्रम अधिकारी को सौंपा। इसमें श्रमिकों के वेतन, भत्तों और अन्य सुविधाओं में वृद्धि की मांग की गई है।   मांग पत्र में मुख्य रूप से मूल वेतन में ₹20,000 की वृद्धि, महंगाई भत्ता ₹5 प्रति प्वाइंट, त्योहारों पर काम करने वाले श्रमिकों को तीन गुना वेतन, उत्पादन बोनस ₹6,000 प्रति वर्ष, शिक्षा भत्ता ₹10,000 की वृद्धि, ₹20,000 आपात सहायता, अनाज खरीदने के लिए ₹20,000 एडवांस और मेडिकल, शिक्षा एवं मकान के लिए ₹2 लाख का लोन शामिल है।   इस अवसर पर चारों श्रमिक संगठनों – इप्का फार्मा एवं केमिकल्स श्रमिक कर्मचारी कामगार संघ (शिवसेना), केमिकल वर्कर्स यूनियन (एटक), इप्का फार्मा एवं केमिकल्स श्रमिक संघ (बीएमएस) और ड्रग्स एंड केमिकल्स श्रमिक कर्मचारी संघ (इंटक) के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।   कार्यक्रम में शिवसेना कामगार सेना के प्रदेश अध्यक्ष जनक नागल, बीएमएस संघ के संरक्षक श्याम मनोहर यादव, दिलीप मेहता, इंटक संघ के संरक्षक भंवर सिंह चौहान, और एटक संघ के संरक्षक अश्विनी शर्मा समेत कई प्रमुख पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शिवसेना यूनियन के अध्यक्ष ओमप्रकाश धीमान, महासचिव लखन मालवीय और अन्य पदाधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे।   श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन से जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।  

0%