MP News: गोठड़ा माताजी भविष्यवाणी: नहीं बदलेगा राजा, पर राजनीति में खींचतान रहेगी, बारिश-फसल-आगहानी पर भी जताई आशंका, देखिए लाइव वीडियो

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: जावरा तहसील के मेलनी नदी किनारे स्थित प्रसिद्ध गोठड़ा माताजी मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी नवमी पर हजारों भक्तों की मौजूदगी में भविष्यवाणी हुई। मंदिर परिसर में माताजी के दर्शन और पंडाजी की भविष्यवाणी सुनने के लिए मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। माताजी के अनन्य भक्त और सात पीढ़ियों से इस परंपरा को निभा रहे पंडा श्री नागुलालजी धनगर ने इस वर्ष की भविष्यवाणी में देश-दुनिया, राजनीति, मौसम, फसल और बाजार के हालातों का पूर्वानुमान दिया।  उन्होंने कहा,इस साल राजा नहीं बदलेगा, लेकिन आपसी खींचतान बहुत रहेगी। राजनीति में उठा-पटक देखने को मिलेगी, दंगे-फसाद की भी आशंका है। दुर्घटनाएं बढ़ेंगी, इसलिए सतर्क रहें। मौसम को लेकर चेतावनीपंडाजी के अनुसार, इस वर्ष गर्मी अत्यधिक पड़ेगी, जिससे कई जगहों पर आगजनी की घटनाएं होंगी, यहां तक कि वाहनों में भी आग लग सकती है। बैसाख माह में हवा के साथ बारिश होगी जबकि आषाढ़ में आंधी-तूफान से जन-धन की भारी हानि हो सकती है। फसल और भाव का पूर्वानुमान पंडाजी ने कहा कि आने वाले साल में ओले गिरेंगे, मावठे की बारिश भी होगी। हालांकि बारिश समय से पहले आ सकती है, लेकिन शुरुआती बारिश में बोवनी न करने की सलाह दी गई है। इस साल खंड वर्षा के चलते दो बार बोवनी करनी पड़ सकती है। फसलें अच्छी होंगी, लेकिन धैर्य जरूरी होगा। * लहसुन-प्याज के भाव अच्छे रहेंगे * सोयाबीन में इल्ली का प्रकोप रहेगा * मटर, टमाटर, चना, मिर्च सहित अन्य फसलों के दाम बढ़िया रहेंगे * सोना-चांदी का भाव मिडियम रहेगा रोगों के फैलाव की संभावनापंडाजी ने यह भी कहा कि इस साल बीमारियां अधिक फैलेंगी। इसलिए यज्ञ, हवन और कुलदेवताओं की पूजा करनी चाहिए, जिससे संकट टाला जा सके। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी इस भविष्यवाणी को सुनने के लिए न केवल आमजन बल्कि सांसद, विधायक, अधिकारी और उद्योगपति तक पहुंचते हैं। अप्रैल की चिलचिलाती गर्मी में भी हजारों की भीड़ यह भविष्यवाणी सुनने के लिए उमड़ती है। सदियों पुरानी परंपरापंडाजी की सात पीढ़ियों से माताजी के धाम पर यह भविष्यवाणी की परंपरा चली आ रही है, जिसे आस्था का विषय माना जाता है। गोठड़ा माताजी मंदिर का यह आयोजन न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक रूप से भी अत्यंत महत्व रखता है।

Gas Cylinder Price hike: घरेलू गैस सिलेंडर हुआ महंगा, सरकार ने पेट्रोल-डीजल के बाद बढ़ाए गैस सिलेंडर के भी दाम

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Gas Cylinder Price Hike: केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद अब गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ा दिए हैं। पाठकों को बता दें कि आज आमजन पर पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के बाद यह तीसरी महंगाई की मार पड़ी है। सरकार ने आज 7 अप्रैल को घरेलू गैस सिलेंडर दाम 50 रुपए बढ़ाने का फैसला लिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गैस सिलेंडर के दामों में ₹50 की बढ़ोतरी की जानकारी दी है। गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में गैस सिलेंडर 803 रुपए की जगह अब 853 रुपए में मिलेगा। इससे पहले सरकार ने 8 मार्च 2024 को महिला दिवस पर सिलेंडर के दाम 100 रुपए कम किए थे। उस समय दिल्ली में 803 रुपए में मिलने वाला सिलेंडर 903 रुपए में मिलता था। सरकार द्वारा ₹100 कम करने पर सिलेंडर के दाम 803 रुपए हो गए थे। आज सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी ₹2 बढ़ाने के बाद अब गैस सिलेंडर के दाम भी ₹50 बढ़ाने का फैसला लिया है।  पेट्रोल डीजल हुआ 2 रुपए महंगा देश में एक बार फिर लोगों पर महंगाई की मार पड़ने जा रही है। केंद्र सरकार ने देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। हालांकि कच्चे तेल के दामों में लगातार गिरावट देखी जा रही है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार ने लोगों को झटका देते हुए देश में पेट्रोल और डीजल 2 रुपए महंगा कर दिया है।  पाठकों को बता दें कि सरकार ने आज 7 अप्रैल को पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी है। इससे पेट्रोल-डीजल के दाम  आज रात 12 बजे से 2 रुपए बढ़ जाएंगे। लोगों को हैरानी इस बात की हो रही है कि क्रूड ऑयल में लगातार हो रही गिरावट के बावजूद सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम सस्ते करने की बजाय बढ़ा दिए हैं।  पेट्रोल पर 19.90% और डीजल पर 15.80%  एक्साइज ड्यूटी ले रही है सरकार देश में वर्तमान में सरकार पेट्रोल पर 19.90 रुपए और डीजल पर 15.80 रुपए एक्साइज ड्यूटी के रूप में लोगों से वसूल रही है। अब सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपए की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी 21.90 रुपए और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी 17.80 रुपए हो जाएगी।  हालांकि क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट के बावजूद सरकार ने ₹2 एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर पेट्रोल पर 21.90 रुपए लीटर और डीजल पर 17.80 रुपए प्रती लीटर कर दी है। सरकार के एक्साइज ड्यूटी बढ़ने से आमजन पर पड़ेगा असर  सरकार द्वारा आज पेट्रोल और डीजल के दामों पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी के दामों में ₹2 बढ़ोतरी करने के बाद अब आमजन की जेब पर इसका असर पड़ना शुरू हो जाएगा। पाठकों को बता दें कि आज रात से पेट्रोल डीजल के दामों में ₹2 बढ़ोतरी होने के बाद आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्ट खर्च अधिक होने के कारण महंगाई भी बढ़ेगी। इसके अलावा वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों में अब पहले से महंगे दामों पर पेट्रोल और डीजल डलवाना पड़ेगा। देश की राजधानी दिल्ली में आज रात 12:00 से एक्साइज ड्यूटी में ₹2 की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 96 रुपए प्रति लीटर, डीजल 89 रुपए लीटर के हिसाब से मिलेगा। वर्तमान में दिल्ली में डीजल 87 रुपए लीटर और पेट्रोल ₹94 लीटर मिल रहा है।  आपकी जानकारी जानकारी के लिए बता दें कि एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के साथ डीजल और पेट्रोल पर सेस व वैट भी बढ़ने के आधार पर ही नए दाम तय होंगे।

Ratlam News: भव्यता के साथ आज होगा बरबड़ हनुमान मेले का शुभारंभ, हर रात होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के प्रसिद्ध बरबड़ हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित होने वाला 5 दिवसीय बरबड़ हनुमान मेला आज 8 अप्रैल मंगलवार को शाम 5 बजे से भव्य शुभारंभ के साथ शुरू होगा। मेले का आयोजन 8 से 12 अप्रैल तक किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन रात्रि में आकर्षक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में होगा शुभारंभ मेले का शुभारंभ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप तथा रतलाम-झाबुआ सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में, महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। हर दिन होंगे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास ने बताया कि मेले में हर दिन निगम रंगमंच पर विशेष सांस्कृतिक आयोजन होंगे। कार्यक्रमों की सूची इस प्रकार है: जनप्रतिनिधियों ने की नागरिकों से सहभागिता की अपील नगर निगम के विभिन्न पदाधिकारियों एवं पार्षदगणों ने शहरवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है। मेले का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देना है।

Ratlam News: अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट रतलाम ने नीट चयनित विद्यार्थियों का मनाया विजयोत्सव, 2019 से 2024 तक चयनित छात्रों का हुआ सम्मान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शास्त्री नगर स्थित अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट द्वारा रविवार, 6 अप्रैल को जानकी मंडप, बड़बड़ (रतलाम) में नीट परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों के सम्मान में विजयोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन शाम 6 बजे प्रारंभ हुआ और रात 9 बजे तक चला, जिसमें वर्ष 2019 से 2024 तक चयनित 40 से अधिक मेडिकल विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सादाब अहमद सिद्दीकी (असिस्टेंट कमिश्नर, आबकारी विभाग, रतलाम) उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. गोपाल यादव (अध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, रतलाम), श्री वैभव उपाध्याय (DCMI, रेलवे मंडल, रतलाम), डॉ. सोनी यादव (नेत्र रोग विशेषज्ञ) और संस्था प्रमुख डॉ. राकेश कुमावत एवं नीलिमा कुमावत मंचासीन रहे। भावनात्मक दृश्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र कार्यक्रम में चयनित छात्र-छात्राएं जब अपने अभिभावकों के साथ मंच पर पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद भावुक और गर्व से भरा था। ग्रामीण परिवेश से आए माता-पिता की पारंपरिक वेशभूषा और आंखों में खुशी के आँसू सबका ध्यान खींच रहे थे। संस्था द्वारा विद्यार्थियों को पारंपरिक अंदाज में सम्मानित किया गया, जिसमें गुरुओं और अभिभावकों की उपस्थिति ने पल को और भी खास बना दिया। मुख्य वक्ता के विचार डॉ. सादाब सिद्दीकी ने कहा, “नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफल होना निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके, उन्हें भी हार नहीं माननी चाहिए। प्रयास ही सफलता की पहली सीढ़ी है।” उन्होंने कहा कि अभ्यास इंस्टीट्यूट छोटे शहरों में बड़े सपनों को साकार कर रहा है, और यहां की गुणवत्ता 24 कैरेट सोने जैसी है। उन्होंने अपने उद्बोधन में अपने विभागीय अनुभव साझा करते हुए छात्रों को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने की सलाह दी, जिस पर दर्शकों ने खूब ठहाके लगाए। डॉ. गोपाल यादव ने विद्यार्थियों को मेहनत, आशीर्वाद और मार्गदर्शन की महत्ता बताते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारण पर बल दिया। श्री वैभव उपाध्याय ने अभ्यास संस्था को एक वटवृक्ष बताते हुए कहा कि “जो बीज कभी बोया गया था, वह अब फल देने लगा है।” संस्था प्रमुख ने साझा की सफलता की कहानियांसंस्था के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत ने संस्था की स्थापना, उद्देश्य और सफलता की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों की संघर्ष की कहानियां सुनाकर वर्तमान में अध्ययनरत छात्रों को प्रेरित किया। स्वागत भाषण संस्था की मैनेजिंग डायरेक्टर नीलिमा कुमावत ने दिया। संचालन डॉ. विकास जैन और डॉ. आदर्श द्विवेदी ने किया। आकर्षक प्रस्तुतियों से सजा मंच कार्यक्रम में मेघा मल्लिक, भूमिका परमार और मुस्कान राठौर ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मोनिका मालवीय ने मधुर संगीत प्रस्तुति दी। सम्मानित हुए ये विद्यार्थी कार्यक्रम में चयनित 40+ विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिनमें दिव्यांशी परिहार, रिया भूरिया, चेतना डिंडोर, प्रतिभा पाटीदार, दिव्या पोरवाल, प्रियंका भाटी, रितिका बाबेरिया, जया पाटीदार, नंदनी चौहान, नीलम मुनिया, पायल डामोर, संदीप राठौड़, प्रद्युम्न कुमावत, निखिल वर्मा, समकित जैन, पीयूष धाकड़, भूमि सिलावट, खुशबू मईडा, शिवांगी पडियार, रूमेज़ा कुरैशी, महेश गणावा सहित अन्य विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अंत में हुआ सामूहिक भोज और आभार प्रदर्शन कार्यक्रम का समापन अनिमेष कुमावत द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों, चयनित विद्यार्थियों और संस्था की पूरी टीम ने एक साथ भोजन ग्रहण किया। संस्था के फैकल्टी एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ एक समान गणवेश में उपस्थित रहे, जिससे अनुशासन और एकता की मिसाल देखने को मिली।

MP Weather Update: एमपी में भीषण गर्मी का कहर: 13 जिलों में पारा 40 के पार, दो जिलों में लू, कुछ इलाकों में बारिश का अलर्ट

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान रतलाम में 42.6 डिग्री और नर्मदापुरम में 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जहां लू जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी और बढ़ने की चेतावनी जारी की है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में पहली बार 40 के पार पाराइस सीजन में पहली बार भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। भोपाल में रविवार को तापमान 40.5 डिग्री, ग्वालियर में 40.2 डिग्री और उज्जैन में 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं इंदौर और जबलपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे, जहां तापमान क्रमशः 39.8 और 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रात में भी नहीं मिल रही राहतगर्मी का असर रात के तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। धार में रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रातों में से एक रही। हालांकि पचमढ़ी में रविवार को प्रदेश का सबसे कम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो थोड़ी राहत देने वाला रहा। लू और बारिश दोनों का अलर्ट जारीमौसम विभाग के मुताबिक, 9 अप्रैल को बालाघाट, डिंडोरी, सिंगरौली, मंडला और अनूपपुर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, राजस्थान से सटे एमपी के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले 3 दिन सतर्क रहेंविशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन दिन तक प्रदेश में गर्म हवाओं और तेज धूप का असर बना रहेगा। दिन में बाहर निकलने से बचें, धूप में छाता या टोपी का उपयोग करें और पानी की कमी न होने दें। ताजा मौसम अपडेट और अलर्ट के लिए जुड़े रहें हमारे साथ।

Ratlam News: सागोद में राजराजेश्वरी मां जगदंबा एवं भेरूजी दरबार में नवचंडी यज्ञ, महाआरती और महाप्रसादी भंडारा सम्पन्न

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News:  जय मां अम्बे शक्ति सामाजिक सेवा समिति सागोद द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राजराजेशवरी मां जगदंबा एवं भेरूजी दरबार में नवचंडी यज्ञ, आदिशक्ति की महाआरती और लगातार नवें वर्ष महाप्रसादी भंडारा संपन्न हुआ। आयोजन में सागोद ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और एक साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन और उन्हें प्रसाद ग्रहण कराने से हुई। इसके बाद नवचंडी यज्ञ की पूर्णाहुति, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं के सहयोग से संपन्न हुआ। इस दौरान अतिथियों का शॉल व चुनरी से सम्मान कर स्वागत किया गया। मंच पर अखंड ज्ञान आश्रम के संत देवस्वरूपानंद जी, श्रंगेरी मठ के दंडी स्वामी आत्मानंद जी महाराज, महर्षि संजय शिवशंकर दवे, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, क्षेत्रीय विधायक मथुरालाल डामर, नगर निगम रतलाम के एमआईएस अधिकारी विशाल शर्मा, परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, समाजसेवी राकेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष अशोक धाकड़, विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी, सरपंच कैलाश खडेड़ा, मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रवीण बघेल, डॉ. ऋषभ जैन सहित कई प्रमुख गणमान्य उपस्थित रहे। संत देवस्वरूपानंद जी महाराज ने कहा कि जब भोजन भगवान को अर्पित होता है, तो वह प्रसाद बन जाता है, और सभी को एक साथ पंगत में बैठकर उसे ग्रहण कराना सामाजिक समरसता का प्रतीक है। दंडी स्वामी आत्मानंद जी महाराज ने कहा कि हिन्दू संस्कृति हमेशा परहित की भावना पर आधारित रही है और यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और सहयोग की भावना को सशक्त करते हैं। विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि सामूहिक भोज समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है और इस प्रकार की पहलें लगातार होती रहनी चाहिए। इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक विजय पाटीदार, अध्यक्ष डॉ. प्रकाश शर्मा, नरेंद्र श्रेष्ठ, योगेश जाट, निखिलेश सोनी, अमन माहेश्वरी, भूपेंद्र गहलोत, सचिन, संजय सोमरवाल, गणपत, घनश्याम, महेश मोहन, गोपाल और राजेश जी सहित समस्त सदस्यों की विशेष भूमिका रही। यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का सजीव उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने क्षेत्र में धार्मिक एकजुटता और सहयोग की मिसाल पेश की।

Gold Rate: गिरते बाजार में निवेशकों की प्रॉफिट बुकिंग, सोना ₹2,613 सस्ता होकर ₹88,401 पर आया; चांदी भी ₹4,535 गिरकर ₹88,375 किलो पर पहुंची

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Gold Rate: शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच सोने-चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 7 अप्रैल को सेंसेक्स में 3000 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली, जिससे घबराए निवेशकों ने प्रॉफिट बुकिंग शुरू कर दी। इसका असर बुलियन मार्केट पर भी साफ नजर आया। सोना ₹2,613 सस्ता, अब ₹88,401 प्रति 10 ग्राम इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹2,613 की बड़ी गिरावट के साथ ₹91,014 से घटकर ₹88,401 पर आ गई है। यह गिरावट बाजार में बढ़ती अस्थिरता और वैश्विक संकेतकों के कारण आई है। चांदी ₹4,535 लुढ़की, अब ₹88,375 प्रति किलो सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। IBJA के अनुसार, चांदी ₹4,535 की गिरावट के साथ ₹92,910 से घटकर ₹88,375 प्रति किलो पर आ गई है। चांदी में यह गिरावट एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावटों में से एक मानी जा रही है। क्या आगे और सस्ता होगा सोना-चांदी? विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में जब तक स्थिरता नहीं आती, तब तक सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। वैश्विक मार्केट में डॉलर की मजबूती, अमेरिका में ब्याज दरों की स्थिति और मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव जैसे फैक्टर कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। निवेशकों के लिए सलाह विशेषज्ञ निवेशकों को सलाह दे रहे हैं कि बाजार की मौजूदा अस्थिरता को देखते हुए जल्दबाजी में कोई फैसला न लें। लॉन्ग टर्म निवेश के नजरिए से सोना अभी भी सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।

Ratlam News: रतलाम में प्रेम प्रसंग के चलते पुलिस जवान की हत्या, लाश ठिकाने लगाने पहुंचे आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, कार की स्टेयरिंग फेल होने से हुआ खुलासा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रिंगनोद थाना क्षेत्र में कुछ आरोपियों ने एक पुलिस जवान की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसकी लाश को कार में लेकर ठिकाने लगाने निकले थे। लेकिन रास्ते में कार की स्टेयरिंग फेल हो गई। इस दौरान भाग रहे तीनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। चौकीदार की सतर्कता से हुआ खुलासाघटना मोरिया ग्राम पंचायत की है, जो रतलाम से करीब 35 किलोमीटर दूर है। सोमवार सुबह कुछ लोग रुकनिया डैम पर पहुंचे। उनके साथ एक कार थी, जिसमें एक शव रखा हुआ था। गांव के चौकीदार ने जब उन्हें संदिग्ध अवस्था में देखा तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। कुछ ही दूरी पर स्थित रणायरा गुर्जर गांव से गुजरते समय कार की स्टेयरिंग फेल हो गई और आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। लाश देखकर ग्रामीणों का फूटा गुस्साग्रामीणों को आरोपियों की हरकत पर शक हुआ। जब उन्होंने कार की तलाशी ली तो अंदर एक लाश पड़ी थी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर तीनों आरोपियों का पीछा किया और मोरिया गांव में जाकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने किया विरोधपुलिस जैसे ही आरोपियों को हिरासत में लेकर ले जाने लगी तो गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए एक सब इंस्पेक्टर पुलिस जीप के बोनट पर बैठ गया और ग्रामीणों को समझाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंकाप्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक एक पुलिस जवान था, जो 32वीं बटालियन में तैनात था और रतलाम के सैलाना क्षेत्र का रहने वाला था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की वजह बताई जा रही है। फिलहाल शव की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस कर रही जांचपुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके पर है और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी एंगल से जांच की जा रही है।

Ratlam News: गुर्जर समाज रतलाम ने नरवरसिंह गुर्जर को बनाया आलोट तहसील अध्यक्ष

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम द्वारा समाज के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने एवं समाजहितैषी कार्यक्रमों के संचालन की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। इसी क्रम में जिला कार्यकारिणी की अनुशंसा पर श्री नरवरसिंह गुर्जर, पिता श्री बहादुर सिंह गुर्जर (निवासी ग्राम हनुमंतिया, तहसील आलोट) को आलोट तहसील का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया कि श्री नरवरसिंह गुर्जर से अपेक्षा है कि वे समाज को संगठित करने, सामाजिक एकत्रिकरण को बढ़ावा देने एवं समाजहित के कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएंगे। समाज ने उन पर विश्वास जताया है कि वे अपने पद की गरिमा को बनाए रखते हुए समाज की एकजुटता और प्रगति के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे। गुर्जर समाज द्वारा यह नियुक्ति समाज में नई ऊर्जा और दिशा देने की मंशा के साथ की गई है, जिससे सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सक्रियता के साथ संचालित किया जा सके।

Ratlam News: रतलाम के कमेड गांव में दो पक्षों के बीच तनाव, चाकूबाजी और आगजनी से माहौल तनावपूर्ण, पुलिस बल तैनात

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत कमेड गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते यह विवाद दो समुदायों के बीच तनाव का कारण बन गया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिसकी पहचान लाल सिंह के रूप में हुई है। हमले का आरोप वली मोहम्मद पर लगाया गया है, जिसे लेकर क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल बन गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने एक दुकान को आग के हवाले कर दिया। दोनों पक्षों के बीच पथराव की भी खबर है। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटनास्थल पर एडिशनल एसपी राकेश खाखा, एसडीओपी किशोर पटनवाला, एसपी अमित कुमार सहित जिला प्रशासन की टीम ADM डॉ शालिनी श्रीवास्तव, SDM ग्रामीण विवेक सोनकर और तहसीलदार पिंकी साठे भी पहुंचे। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है| रतलाम नगर निगम से बुलाई गई दमकल वाहन की मदद से दुकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही आरोपी की तलाश और उपद्रवियों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।