ट्रेन में चोरी : आरपीएफ जवान मेवालाल यादव की सतर्कता से पकड़ में आया चोर, महिला यात्री के करीब 6 लाख के सामान पर किया था हाथ साफ

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। स्टेशन के प्लेटफॉर्म 5 पर बुधवार रात 2.30 बजे के करीब ट्रेन में सवार महिला यात्री का पर्स चोरी होने की घटना सामने आई। जिसके बाद यह सूचना आरपीएफ जवान मिली और वह हरकत में आया। जवान ने बिना देरी किए सर्चिंग की और चोर को पकड़ लिया। दरअसल शांति एक्सप्रेस के ऐसी कोच बी-3 में सवार महिला का पर्स चोरी कर रतलाम प्लेटफॉर्म पर उतरे आरोपी चोर को आरपीएफ जवान मेवालाल यादव ने सूझबूझ से धरदबोचा। महिला के पर्स में गहने, नगदी व मोबाइल सहित 6 लाख रुपए से अधिक का सामान था। जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 19309 शांति एक्सप्रेस रात 2 बजे रतलाम आकर रवाना हुई। इसमें सवार महिला यात्री को अपना लेडिस पर्स नहीं मिला। चोरी की आशंका होने पर घबराई महिला ने इसकी जानकारी नागदा आरपीएफ को दी। जिसके बाद हरकत में आई आरपीएफ ने वायरलेस सेट पर रतलाम में प्लेटफार्म पर तैनात जवान मेवालाल यादव को इसकी जानकारी दी। यादव ने तुरंत सर्चिंग शुरू की और चोर को पकड़ लिया। चोरी करने वाला आरोपी रूपेश उर्फ पिंटू नागर पिता ओमप्रकाश नागर (40 वर्ष) निवासी अमृत नगर, पंवासा, जिला-उज्जैन का रहने वाला है। जिसके बाद आरपीएफ ने मामला रतलाम जीआरपी के सुपुर्द किया। जीआरपी ने मामले में 6 लाख17 हजार रूपयेे चोरी का आंकलन कर महिला यात्री के परिजन जीतू निवासी अहमदाबाद की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। यादव की सूझबूझ से ऐसे धराया चोरजब ट्रेन रतलाम आई थी तब प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ पोस्ट के कांस्टेबल मेवालाल यादव कोच चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कोच अटेंडेंट ने बताया कि सिग्नल होते ही एक आदमी जल्दबाजी में उतरकर तेजी से चलता बना। ट्रेन निकलने के बाद जवान यादव प्लेटफॉर्म पर सर्चिंग कर ही रहे थे कि नागदा से सूचना आई कि रतलाम ट्रेन ठहरने के वक्त ऐसी कोच से पर्स चोरी हुआ है। आशंका पुख्ता होने के बाद कोच अटेंडेंट के बताए हुलिए के मुताबिक जवान यादव ने सभी सफाई कर्मचारीयों को प्लेटफॉर्म पर जुटाया। तब एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म के आखरी छोर पर बैठा हुआ दिखाई दिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से लेडीज पर्स मिला।पूछताछ में ठीक से जवाब नहीं देकर गुमराह करता रहा। जिसके बाद उसे आरपीएफ़ पोस्ट रतलाम पर ले जाया गया। जहां उप निरीक्षक सतीश तंवर व सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह द्वारा सख्ती से पूछताछ की। तब आरोपी ने अपना नाम रूपेश उर्फ पिंटू नागर पिता ओमप्रकाश नागर बताया और चोरी की घटना कबूली। आरपीएफ ने उसके पास से मिले लेडीज पर्स की जांच की तो उसमें एक मोबाइल वीवो कंपनी, अंदर रखा एक छोटा पर्स जिसमें 6,900 रुपए नगदी, एक सोने की डायमंड लगी चैन, एक सोने की डायमंड लगी अंगूठी मिली।

लोकसभा चुनाव 2024 : सुदर्शन ग्रुप ने किया मतदान से पहले भारत विजय बल यज्ञ, केंद्र में बने फिर से मोदी सरकार!

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भारत में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान आज यानी 19 अप्रैल शुक्रवार से शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदान शाम 6 बजे मतदान का सिलसिला खत्म हो गया। पहले चरण में शाम 7 बजे तक कुल 60.03 प्रतिशत औसत मतदान हुआ। पहले चरण में कुल 102 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। लोकसभा चुनाव 2024 कुल 7 चरणों में पूरा होगा जो की 13 मई को समाप्त होगा। राजनीतिक दल व उनके समर्थक चुनाव जीतने के लिए तरह तरह के आयोजन कर रहे है। मध्यप्रदेश के रतलाम में भी भाजपा की विजय और मोदी सरकार की वापसी के लिए हवन का अनूठा आयोजन किया गया। ऊंकाला रोड स्थित महिषासुर मर्दिनी माता मंदिर पर हुए हवन को भारत विजय बल यज्ञ का नाम दिया गया। सिद्धार्थ पंड्या ने बताया सुदर्शन ग्रुप के सदस्यों ने मतदान शुरू होने की पूर्व संध्या पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत हो ऐसी मनोकामना के साथ यज्ञ संपन्न किया। इस भारत विजय बल यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दी गई। सभी की मनोकामना है की देश में तीसरी बार भारी बहुमत के साथ भाजपा सरकार केंद्र में पुनः आए। यज्ञाचार्य पं. मनीष परसाई द्वारा यज्ञ सम्पन्न करवाया। उपस्थित सदस्यों ने यज्ञ के बाद महाआरती कर  प्रसादी का वितरण किया। इस अवसर पर अनिल पोरवाल, सिदार्थ पंड्या , वैभव व्यास , अशोक सोनी , राजू सुरोलिया , चीकू सोनी ,  डाक्टर कमल तिवारी , पूर्व एल्डर मेन ताराबेन सोनी , गोविन्द काकानी आदि मौजूद रहे ।

घर पहुंचे फाइनेंस कंपनी मैनेजर की कर दी पिटाई, मिल्लत नगर में गया था लोन किस्त मांगने

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। एक युवक को लोन की किस्त मांगने आए मैनेजर का आना इतना नागवार गुजरा की उसने पहले तो मैनेजर को कॉल कर धमकी दी। उसके बाद साथियों के साथ पहुंचकर मैनेजर की पिटाई कर दी।  पूरा मामला लोन की बकाया राशि जमा नहीं करने का है। मारपीट के बाद मैनेजेर अस्पताल में भर्ती है। घायल मैनेजर को दो साथी बचाने आए तो उसके साथियों ने उनके साथ भी मारपीट की। यह पूरा घटनाक्रम आनंद कॉलोनी का है। मैनेजर ने स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। ईटावाकलां निवासी बालकृष्ण (37) पिता कैलाश पाटीदार ने स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि मैं एक्शन फॉर सोशियल एडवांसमेंट (आशा) संस्था में एरिया मैनेजर हूं। साथ ही हमारे एनजीओ से जुड़ी फाइनेंस कंपनी के नए कर्मचारियों को कस्टमर के घर विजिट करवाने के साथ कलेक्शन करवाने का काम करता हूं। मैं नए कर्मचारी को सोहेल पिता साजिद खान निवासी मिल्लत नगर ऊंकाला रोड के यहां लेकर गया था। वहां सोहेल की पत्नी मिली। उसने बताया कि वो घर पर नहीं है। इसके बाद हम सखी वन स्टॉप सेंटर के सामने मेरे अंकल शांतिलाल पाटीदार की दूध की दुकान पर आ गए। इस दौरान मेरे पास सोहेल का कॉल आया। उसने कहा कि तुमने मेरे घर आकर ऊंची आवाज में बात क्यों की और गालियां देने लगा। मैंने कहा कि हमने ऊंची आवाज में बात नहीं की है और हम वन स्टॉप सेंटर के सामने खड़े हैं। थोड़ी देर बाद वहां सोहेल तीन-चार साथियों के साथ बाइक से आया। सोहेल ने बेस बॉल के बेट से मेरे साथ मारपीट की। जिससे मुझे दाहिने हाथ व सिर में चोट लगी। मेरे अंकल का बेटा विवेक पाटीदार व साथी महेंद्रसिंह पंवार बचाने आए तो सोहेल ने विवेक के सिर और महेंद्र के मुंह पर बेट मारा। सोहेल के साथियों ने भी लात-घूंसों से मारपीट की। सोहेल ने धमकी दी कि मेरे घर आए तो जान से मार दूंगा।

अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग : इंग्लिश कोचिंग संचालक पोरवाल पर एक और FIR दर्ज, मंदसौर की पिड़िता आई सामने

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। इंग्लिश कोचिंगे की आड़ में महिलाओं का दैहिक शोषण कर उन्हें ब्लैकमेल करने वाले द विजन इंगलिश कोचिंग क्लासेस के संचालक संजय पोरवाल की मुश्किल और बढ़ गई है। मंदसौर की रहने वाली एक युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके बाद जेल में बंद आरोपी संजय पोरवाल के खिलाफ दूसरा मामला दर्ज किया गया। दीनदयाल नगर पुलिस थाने के बाद आरोपी कोचिंग संचालक संजय के खिलाफ माणक चौक पुलिस ने मंदसौर निवासी युवती की शिकायत पर दुष्कर्म सहित धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। इसके बाद यह स्पष्ट है की और भी सैकड़ों ऐसी युवतियां व महिलाएं होगी जिनकी अस्मत के साथ आरोपी पोरवाल ने खिलवाड़ किया। और यह घिनौना खेल शिक्षण संस्था की आड़ व शिक्षक के भेस में किया गया। जानकारी के अनुसार कोचिंग संचालक आरोपी संजय पोरवाल ने पीड़िता के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसका वीडियो बनाकर लंबे समय तक धमकाया और ब्लैकमेल कर रुपए भी ऐंठे। आरोपी संजय पोरवाल ने रतलाम शहर के नागरवास में भी द विजन इंगलिश कोचिंग क्लासेस संचालित की है। वहीं रूम में युवती के साथ दुष्कर्म कर स्पाई कैमरे से वीडियो बनाया था। आरोपी ने वीडियो वायरल करने को लेकर लगातार डरा धमकाकर कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा और बाद में रुपए वसूलना भी शुरू कर दिए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कोचिंग संचालक संजय पोरवाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (2) (N), 376 (2) (F), 328, 420, 406, 506 में मुकदमा दर्ज किया है। 9 दिन पहले हुआ था खुलासा10 अप्रैल को आरोपी संजय पोरवाल के खिलाफ थाना दीनदयाल नगर में मामला दर्ज हुआ था। तब यह बात सामने आई थी कि आरोपी अपनी कोचिंग पर आने वाली महिलाओं व युवतियों से करीबी बढाता और उन्हें अपने जाल में फंसाता था। उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने के दौरान उनकी वीडियो स्पाई कैमरा से उतार कर रख लेता। वीडियो बनाने के बाद महिलाओं व युवतियों को ब्लैकमेल कर उनसे रुपयों की मांग की जाती। नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी आरोपी देता था। इस तरह से उसने करीब 10 से 12 महिलाओं को अपना शिकार बनाया है या यह संख्या ज्यादा भी हो सकती है। पुलिस के पास एक महिला शिकायतकर्ता के तौर पर पहुंची जो  करीब 10 साल से आरोपी से परेशान थी और उसे 4 से 5 लाख रुपए दे चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को जेल पहुंचाया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करे)

भए प्रगट कृपाला… : बनारस का गंगा घाट बना हमारे रतलाम का महलवाड़ा, असंख्य भक्तों ने मनाई अलौकिक राम नवमीं

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। भए प्रगट कृपाला दीनदयाला, कौसल्या हितकारी। हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी… इस स्तुति को रामचरित मानस में तुलसीदास जी ने लिखा। जब वे प्रभु श्रीराम के जन्म का वर्णन कर रहे होते है। जिसका अर्थ है दीनों पर दया करने वाले, माता कौशिल्‍या के हितकारी प्रगट हुए हैं। मुनियों के मन को हरने वाले भगवान के अदभुत रूप का विचार कर माता कौशल्या हर्ष से भर गई। ठीक इसी प्रकार के भाव आज रतलाम नगर के रोम रोम में थे। जब पुरा रतलाम शहर राममय हो गया। यह मौका था श्रीराम नवमीं के पावन पर्व का जब भगवान श्रीराम धरती पर अवतरित हुए। रतलाम नगर का महलवाड़ा करीब 25 मिनट तक बनारस के गंगा घाट में तब्दील हो चुका था। सभी ने आरती के मनमोहक दृश्य को अपने मन में उतारा। हजारों की संख्या में पहुंचे राम भक्तों ने महाआरती का लाभ लिया। 21 हजार लड्डुओं का भोग भगवान को अर्पित किया गया। समिति द्वारा आरती में उपस्थित सभी राम भक्तों को दीपक एवं भोग की थाल उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रत्येक रामभक्त ने महाआरती भी की और प्रभु को भोग लगा कर प्रसादी ग्रहण की। वहीं मध्यप्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री अपने पूरे परिवार के साथ इस आयोजन में शामिल हुए। श्रीराम नवमी पर रतलाम में पहली बार श्रीराम जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में एक विशाल आयोजन किया गया। इस आयोजन में बनारस के गंगा घाट के आरती दल ने मां गंगा जी की आरती के समान ही प्रभु श्रीराम की आरती उतारी। गंगा आरती करते पुजारी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। भव्य आतिशबाजी और साज सज्जा ने सभी का मन मोह लिया।   आरती से पहले प्रसिद्ध संगीतकार व मंत्री पुत्र सिद्धार्थ काश्यप ने अपनी टीम अमित गुप्ता, साक्षी होलकर एवं ईशान खान के साथ राम भजनों की प्रस्तुतियां दी। जिसमें इंडियन आइडल आर्टिस्ट गिरीश बिस्वाजी ने संगत की। श्रीराम जन्मोत्सव समिति के इस भव्य आयोजन में नित्यानंद आश्रम के स्वामी श्री नर्मदानंद बाबजी महाराज, अखण्ड ज्ञान आश्रम के स्वामी श्री देवस्वरूपानंद जी महाराज, बड़ा राम द्वारा के श्री पुष्पराज जी रामस्नेही भी मौजूद रहे। इस मौके पर आरएसएस के विभाग प्रचारक विजेन्द्र गोटी, जिला प्रचारक राकेश कुशवाह, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष गोविन्द काकानी, अनिल पोरवाल, मुन्नालाल शर्मा, राजेश कटारिया, प्रद्युम्न मजावदिया, निर्मल लुनिया, मुकेश जैन, रामबाबू शर्मा, सुदीप पटेल, महेश डोडियार, मनोहर डोडियार आदि द्वारा अतिथियों का स्वागत – सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया।

राम नवमीं का उल्लासः इंटरनेशनल सिंगर व मंत्री पुत्र सिद्धार्थ काश्यप देंगे भजनों की प्रस्तुति, महलवाड़ा पर होगा भव्य आयोजन

रतलाम में मिलेगा भक्तों को बनारस के गंगा घाट की आरती का अदभूत आनंद पब्लिक वार्ता-रतलाम,जयदीप गुर्जर। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की तैयारी देशभर में उत्साह के साथ चल रही है। मध्यप्रदेश के रतलाम में 17 अप्रैल यानी रामनवमीं को लेकर खास तैयारीयां हो रही है। रामनवमीं पर शहर के मध्य स्थित महलवाड़ा पर भगवान श्रीराम की 10 हजार दीपों से महाआरती की जाएगी। इसके पूर्व केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के पुत्र व इंटरनेशनल सिंगर सिद्घार्थ काश्यप अपनी टीम के साथ सुमधूर भजनों की प्रस्तुति देंगे। जिसके बाद बनारस के पुजारियों का दल मां गंगा की तर्ज पर प्रभु राम की भव्य आरती करेगा। यह आयोजन श्रीराम जन्मोत्सव समिती के बैनर तले होगा। कार्यक्रम की शुरआत शाम 7 बजे से होगी। जिसको लेकर तैयारीयां अंतिम चरणों में पहुंच चुकी है। समिती के गोविंद काकानी ने बताया रामनवमीं पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम से पूर्व सभी समाज प्रमुखों, महिला व सामाजिक संगठनों आदि की बैठक ली गई। जिसमें विभिन्न कार्यो व व्यवस्था को सौंपा गया। बनारस का गंगा आरती दल, हजारों शहरवासियों के साथ दस हजार दीपों से प्रभु श्रीराम की महाआरती करेगा। इससे पूर्व मुंबई के प्रसिद्ध संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप भक्तिमय प्रस्तुति देंगे। महाआरती के लिए दीपक के साथ आरती की थाल और भोग के लिए प्रसाद भी समिति उपलब्ध कराएगी। महाआरती के दौरान अग्रिम पंक्ति में सभी समाजों के प्रमुख परिवार सहित रहेंगे। उनके पीछे खड़े होकर शहरवासी प्रभु की आरती करेंगे। समिति के सदस्य मोहनलाल भट्ट, मुन्नालाल शर्मा, राजेश कटारिया, संजय व्यास, निर्मल लुनिया, मुकेश जैन, रामबाबू शर्मा, अनिल पोरवाल, राकेश नागर, मनोहर पडियार, महेश डोडियार, सुदीप पटेल के साथ समाजों से जुड़े सतीश राठौर, सतीश भारती, पंकज भाटी, अनिल पुरोहित, रवि पंवार, निलेश सोनी, विशाल जायसवाल, विनोद शर्मा, गौरव शर्मा, अंकुश श्रीवास्तव, कमलेश ग्वालियरी, सिद्धार्थ पांड्या, वैभव व्यास, कुलदीप माहेश्वरी आदि ने जनता से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील कि है।

सराफा चौपाटी एसोसिएशन : चांदनी चौक में लगने वाली खान पान दुकान संचालकों ने बनाई समिति, दायित्वों की हुई घोषणा

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। शहर के चांदनी चौक में संचालित हो रहे सराफा मार्केट में लगने वाली खान पान की दुकानों के संचालकों ने अपनी समिति का गठन किया। जिसे सराफा चौपाटी एसोसिएशन का नाम दिया गया है। एसोसिएशन के गठन के साथ ही विभिन्न दायित्वों की भी घोषणा हुई। आपको बता दे की दोपहर में सोने चांदी के खरीददारों से भरे रहने वाले चांदनी चौक में रात होते ही चौपाटी सजने लगती है। जहां खान पान के शौकीन लोग अपने परिवार के साथ आकर फ़ूड आईटम का लुत्फ उठाते है। श्री सर्राफा चौपाटी एसोसिएशन के संरक्षक के तौर पर सराफा के अध्यक्ष झमक भरगट, डॉ. राजेन्द्र शर्मा, सोनू चौरड़िया को बनाया गया। अध्यक्ष मनीष सोनी (भीमा),  उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सचिव, अनिल पांड्या, सह सचिव रवि प्रजापत,  कोषाध्यक्ष, मुकेश व्यास, संगठन मंत्री कैलाश  मोरवाल, कार्यकारिणी सदस्य उमेश विश्वकर्मा व संजय शर्मा को बनाया गया। एसोसिएशन में 23 सदस्यों को शामिल किया गया है।

जाग्रत नारी समिति ने की कथित बलात्कारी कोचिंग संचालक की पैरवी ना करने की अपील, सौंपा ज्ञापन

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। जाग्रत नारी समिति और अन्य महिला संगठनों ने जिला बार एसोसिएशन रतलाम से अपील की है कि वह एक कोचिंग सेंटर के संचालक संजय पोरवाल का बचाव न करें, जिस पर कई महिलाओं और लड़कियों से बलात्कार और ब्लैकमेल करने का आरोप है। शिकायत दर्ज होने के बाद रतलाम पुलिस प्रशासन ने 80 फिट रोड पर स्थित विजन इंग्लिश कोचिंग के संचालक आरोपी संजय पोरवाल को गिरफ्तार कर लिया था और उसके कब्जे से हजारों अश्लील वीडियो बरामद किए गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर जघन्य अपराध किए हैं, जिससे शहर की छवि खराब हुई है और नागरिकों को शर्मिंदगी उठानी पड़ी है। महिला संगठनों ने वकीलों से आरोपी का बचाव नहीं करने का आग्रह करते हुए कहा है कि इससे ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश जाएगा और पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित होगा। उन्होंने आरोपियों को सख्त सजा देने की भी मांग की है। जाग्रत नारी समिति और अन्य संगठनों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है और एसपी राहुल लोढा से मिलकर उनके उद्देश्य का समर्थन किया। उनका मानना ​​है कि ऐसे अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और भविष्य के लिए एक उदाहरण स्थापित करने के लिए ऐसे आरोपियों को पुलिस द्वारा कड़ी सजा दी जानी चाहिए। इस दौरान जाग्रत नारी समिति की अध्यक्ष सीमा टाक, प्रबल वेलफेयर सोसायटी की अदिति दवे सार, अर्चना पालीवाल, विधा सांखला, आशा सोनी, बबीता नागर, पुष्पा शाह, सुषमा शर्मा, प्रीति सोलंकी, एडवोकेट मोनिका बबली पाल सहित कई महिलाएं उपस्थित थी।

श्री मारू भांबी समाज द्वारा हुआ गोठ का आयोजन, निकला चल समारोह

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर श्री मारू भांबी समाज द्वारा सामुहिक गोठ का आयोजन किया गया।  शहर के सुभाष नगर स्थित श्री बाबा रामदेवजी मंदिर पर गोठ का आयोजन संपन्न हुआ। श्री मारू भांबी सामाजिक सेवा समिति के द्वारा आयोजित गोठ के अवसर पर पधारे हुए सभी समाजजनों का समिति द्वारा भगवा दुपट्टा पहना स्वागत किया और नववर्ष की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर श्री बाबा रामदेव जी का ध्वज चल समारोह निकाला गया। चल समारोह भांबी मोहल्ला, हाट रोड़, राधा कृष्ण मंदिर होते हुए प्रमुख मार्गों से निकला। समाजजनों ने ध्वज पूजन व महाआरती करने के बाद सभी ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। निर्वाचित रतलाम शहर अध्यक्ष बद्रीलाल पुनवर, उपाध्यक्ष झमक पडियार, सचिव रविन्द्र गहलोत, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सह कोषाध्यक्ष प्रभुलाल राठौड़, समन्वयक रूपेश बोका, युवा प्रभारी गोलू भुमारचा व कार्यकारिणी सदस्य कन्हैयालाल बोका, जगदीश मातोरिया, दिपेश पडियार, अमर भुमारचा, दिनेश पडियार, मांगीलाल अनखे, सावन राठौड़, बाबूलाल जोकचंद, नंदकिशोर खांबु, बहादुर खांबु, दीपक बामनिया, रमेश कथिरिया सहित इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज जन शामिल हुए। समाज के लोगों ने समिति द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मौसम की मार : तपती गर्मी में अचानक शुरू हुई तेज बारिश, सैलाना में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

रतलाम समेत कई जिलों में अलर्ट जारी, सप्ताह भर ऐसा ही रहेगा मौसम पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिन से आंधी, बारिश और ओले गिरने का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिन तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश में 10 से 13 अप्रैल तक मौसम खराब रहने पूर्वानुमान है। रतलाम के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। जिले में शाम 5 बजे से शुरू हुई तेज बारिश ने सभी को हैरत में डाल दिया। रुक रुक कर तेज बारिश होती रही। जिले के ग्रामीण में ओला वृष्टि भी देखी गई। आपको बता दे बुधवार से प्रदेश में बेमौसम बारिश का मौसम जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में 21 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। जिले के सैलाना में एक युवक पर आकाशीय बिजली गिर जाने से उसकी मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सैलाना की गीताभवन गली निवासी अंकित पिता प्रकाश रजक उम्र23 वर्ष बायपास रोड पर बन्टी ढाबे के पास था कि उस पर बिजली गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक के शव को मेडीकल कालेज ले जाया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं के आने से मध्य प्रदेश में तीन दिन मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।  यही नहीं राजस्थान और महाराष्ट्र के ऊपर दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हैं। ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। 10-11 अप्रैल को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे मौजूदा सिस्टम और भी मजबूत हो जाएगा। इस कारण एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश का अनुमानवर्षा या गरज चमक के साथ बौछारों का कई जिलों में अनुमान है। इनमें शहडोल और उज्जैन संभाग, भोपाल, विदिशा, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, झाबुआ, धार, इंदौर, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह और सागर शामिल हैं। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में, रायसेन, सिहोर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा शामिल हैं। यहां के लिए चेतावनी बिजली गिरने के साथ आंधी शहडोल संभाग के जिलों में, भोपाल, विदिशा, राजगढ़, खरगौन, बड़वानी झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, अगरमालवा, मंदसौर, नीमच, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, पन्ना, दमोह और सागर जिलों में । ओलावृष्टि व वज्रपात के साथ आंधी रायसेन सिहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, नारसिंहपुर, उज्जैन, देवास, शाजापुर और बालाघाट जिलों में।  यहां पर ओलावृष्टि का रेड अलर्टबैतूल छिंदवाड़ा सिकनी और पांढुर्णा जिलों में। 

0%