MP News: संघ शिक्षा वर्ग कार्यकर्ताओं के निर्माण की साधना: श्री श्रीनाथ जी,दीप प्रज्वलन के साथ पेटलावद में प्रारंभ हुआ मालवा प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग

पेटलावद- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत का व्यवसायी वर्ग (2025) रविवार को पेटलावद में भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत प्रारंभ हुआ। 15 दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में मालवा प्रांत के 28 जिलों से चयनित 228 शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। प्रारंभिक सत्र में मालवा प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह श्रीनाथ जी गुप्ता, वर्ग के माननीय सर्वाधिकारी  सुरजीत सिंह तनेजा तथा सह प्रांत कार्यवाह रघुवीर सिंह सिसोदिया मंचासीन रहे। वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ता निर्माण एवं उनके सर्वांगीण विकास को समर्पित है। श्री श्रीनाथ जी गुप्ता ने उद्घाटन सत्र में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा, “संघ का शिक्षा वर्ग कार्यकर्ताओं के निर्माण की साधना है। अहंकार व्यक्ति के विकास में बाधा है, इसे त्यागकर ‘मुझे सीखना है’ की भावना से आगे बढ़ना चाहिए।” उन्होंने डॉ. हेडगेवार के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने भारत को पुनः गौरवशाली बनाने के लिए संगठित समाज की नींव रखी। उन्होंने कहा कि संघ की कार्यपद्धति पूर्णतः वैज्ञानिक है, और शाखा से लेकर वर्ग तक का हर पड़ाव कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा है। इस वर्ग में चयनित स्वयंसेवकों को न केवल स्वयं को निखारना है, बल्कि समाज में जाकर संघ कार्य को आगे भी बढ़ाना है। श्री गुप्ता ने तीन प्रमुख ध्येय चिंतन की ओर ध्यान आकर्षित किया: उन्होंने कहा कि संगठन को चलाने के लिए क्रोध पर नियंत्रण आवश्यक है, क्योंकि संगठन में क्रोध का स्थान नहीं होता। साथ ही उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। प्रशिक्षण का दैनिक क्रम:प्रत्येक दिन प्रातः 4:10 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10:15 बजे दीप विसर्जन तक शिक्षार्थियों को शारीरिक एवं बौद्धिक सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन:यह वर्ग 1 जून को सायं 6 बजे पेटलावद स्थित सांदीपनी विद्यालय (सीएम राइस स्कूल) प्रांगण में प्रकट कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा।

Ratlam News: जेएसजी संगिनी उमंग रतलाम ने मेडिकल कॉलेज में लगाया वाटर कूलर, जलसेवा प्रोजेक्ट के तहत सामाजिक सेवा का संकल्प

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जैन सोशल ग्रुप संगिनी उमंग रतलाम द्वारा जलसेवा प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक और सराहनीय पहल करते हुए मेडिकल कॉलेज रतलाम में वाटर कूलर भेंट किया गया। यह सेवा कार्य संगठन के सेवा संकल्प का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य गर्मी के मौसम में प्यासों को शीतल जल उपलब्ध कराना है। वाटर कूलर स्थापना में मीना लुनिया, रश्मि जैन, सरोज कोठारी, अनीता हरकावत और मीना कटारिया ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा ने संगिनी उमंग परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा कार्य की सराहना की। सभी सहयोगकर्ताओं का स्वागत व सम्मान संगठन की अध्यक्ष रेनू लुनिया एवं सदस्यों संगीता कांठेड़, निर्मला पटवा, अनिता कोठारी व मधु चोपड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संगिनी सखियों में संगीता पोरवाल, आभा नागोरी, सरोज चत्तर, ममता भंडारी, नीता बाफना गणा नाहर, साधना पोरवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।

Ratlam News: राॅयल कॉलेज का बी.सी.ए. एवं बी.कॉम. परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन द्वारा घोषित बी.सी.ए. एवं बी.कॉम तृतीय वर्ष मुख्य परीक्षा 2025 के परिणाम में राॅयल कॉलेज ने एक बार फिर श्रेष्ठता सिद्ध की है। कॉलेज के दोनों संकायों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। बी.सी.ए. विभाग का शानदार प्रदर्शनराॅयल कॉलेज के कम्प्यूटर साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत ने जानकारी दी कि बी.सी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा खुशी पंवार (पिता – अजय पंवार) ने 85.50 प्रतिशत अंक अर्जित कर कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं देवाशीष खंडेलवाल (पिता – अशोक कुमार खंडेलवाल) ने 83.50 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा प्राची सुतार (पिता – मुकेश सुतार) ने 83.30 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। काॅमर्स संकाय में भी छात्रों ने लहराया परचमकॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्रा कोमल पाटीदार (पिता – भरतलाल पाटीदार) ने 79.70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रियंका राठौड़ (पिता – समरथ राठौड़) ने 77.70 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और ऋषभ जाट (पिता – दिनेश जाट) ने 76.50 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज परिवार ने दी शुभकामनाएंइस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर राॅयल कॉलेज परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कॉलेज के प्रशासक प्रफुल्ल उपाध्याय ने कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है।

Ratlam News: रतलाम में पुलिस लाइन बनी चोरों का निशाना: पेट्रोलिंग पर गए प्रधान आरक्षक के घर से 5 लाख की चोरी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मियों के घर भी उनकी पहुंच से बाहर नहीं रहे। ताजा मामला कनेरी रोड स्थित पुलिस लाइन का है, जहां बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक प्रधान आरक्षक के सूने घर को निशाना बनाकर नगदी व आभूषणों सहित 5 लाख रुपये से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, सालाखेड़ी चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक निलेश पाठक शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे रात्रिकालीन फोरलेन पेट्रोलिंग ड्यूटी पर निकले थे। शनिवार सुबह करीब 7.45 बजे जब वे वापस लौटे, तो देखा कि उनके घर का मुख्य दरवाजा अंदर से लॉक है। शक होने पर वह अपार्टमेंट के पीछे गए, जहां खिड़की की ग्रिल टूटी मिली। पड़ोसी की बालकनी के जरिए घर में पहुंचकर जब उन्होंने दरवाजा खोला तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने के तीन मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक अंगूठी, चांदी के बर्तन, चांदी की तीन चेन, तीन ब्रेसलेट, 15 जोड़ी बिछियां सहित अन्य आभूषण चुरा लिए। अनुमान है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक है। सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी मनीष डाबर, साइबर सेल, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कनेरी पुलिस लाइन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि किसी भी कैमरे में चोर कैद नहीं हुए। इस वारदात ने पुलिस लाइन जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Ratlam News: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर एबीवीपी रतलाम ने सैनिकों के सम्मान में किया फ्लैश मॉब का आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे विश्व में भारत की शक्ति, संप्रभुता और सैन्य क्षमता का डंका बजाया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर देशभर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रतलाम द्वारा शनिवार को चांदनी चौक चौराहा पर एक विशेष फ्लैश मॉब कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सेना के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करना था। बड़ी संख्या में रतलाम के नागरिक, छात्र और युवाओं ने इस आयोजन में भाग लिया और देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियों के माध्यम से सैनिकों को सम्मान अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत की सेना किसी भी परिस्थिति में देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। प्रत्येक भारतीय को अपनी सेना पर गर्व है और वह हर परिस्थिति में सेना के साथ खड़ा है। एबीवीपी रतलाम के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और देशभक्ति से ओतप्रोत पोस्टर लेकर यह संदेश दिया कि देश की एकता और सुरक्षा के लिए सेना को समाज का पूरा सहयोग प्राप्त है। इस कार्यक्रम ने रतलाम के नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया और भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम करने का सशक्त माध्यम बना।

MP News: मंत्री विजय शाह के बयान पर महिला कांग्रेस का फूटा गुस्सा, इस्तीफे की मांग,भारत माता के चरणों में रखा ज्ञापन, पोस्टर पर पहनाई चूड़ियां

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान पर महिला कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को रतलाम में अलकापुरी चौराहा स्थित भारत माता उद्यान पर महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भारत माता के चरणों में ज्ञापन अर्पित किया और मंत्री विजय शाह से तत्काल इस्तीफे की मांग की। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह के पोस्टर पर चूड़ियों की माला पहनाई और प्रतीकात्मक रूप से उन्हें चूड़ियां भेंट कीं। महिला कांग्रेस ने इसे समस्त महिलाओं का अपमान करार देते हुए भाजपा नेतृत्व से मंत्री पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत माता से प्रार्थना करते हुए ज्ञापन में लिखा कि “विजय शाह और जगदीश देवड़ा जैसे नेता जब संविधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर महिला विरोधी बयान देते हैं, तो यह केवल एक महिला नहीं बल्कि समूचे देश की बेटियों का अपमान होता है। ऐसे नेताओं को सद्बुद्धि मिले, यही हमारी प्रार्थना है।” प्रमुख मौजूदगान:पूर्व विधायक पारस सकलेचा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, राधा प्रजापति, अनु नेकाडी, आशा रावत, नजमा बेलुत, तबस्सुम शेरानी, मोना, रंजना, जायदा बेगम, हिना, लीलाबाई, रेखा सोलंकी, काजल, अफसाना, शानू, अनीता, मुमताज खान, रश्मि सिंह, अनुराधा, कविता, संगीता गुर्जर, अंजू चौहान, शारदा राठी, हेमलता, फैय्याज मंसूरी, शैलेंद्र सिंह, कमरुद्दीन कछवाया, बसंत पंड्या, राजेश प्रजापत, इक्का बैलूत, अमित शर्मा, मोंटी, इकरार चौधरी, सलीम बागवान, हरविंदर सिंह नांद्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि जब तक मंत्री विजय शाह अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते और पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक महिला कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

Ratlam News: बाजारवाद में फेक नेरेटिव सबसे बड़ा संकट: डॉ. जोशी, नारद जयंती पर रतलाम प्रेस क्लब और विश्व संवाद केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में व्याख्यान आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व संवाद केंद्र एवं रतलाम प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नारद जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार, लोकसभा टीवी के पूर्व प्रधान संपादक और वर्तमान में रेडियो कर्मवीर से जुड़े डॉ. आशीष जोशी ने “राष्ट्रचिंतन और समाज निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका – नारदीय परंपरा से आज तक” विषय पर उद्बोधन दिया। डॉ. जोशी ने कहा कि आज के दौर में सबसे बड़ा संकट फेक नेरेटिव है, जो बाजारवाद की देन है। फार्मास्यूटिकल, एग्रीकल्चर केमिकल्स, हथियार उद्योग जैसी वैश्विक कंपनियां अपने हितों के लिए सोशल मीडिया पर झूठे नैरेटिव गढ़ती हैं। उन्होंने चेताया कि पत्रकारों को इन बाजारवादी चालों का हिस्सा बनने से बचना होगा और समाजहित को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि नारद केवल संवाद के वाहक नहीं थे, बल्कि वे लोकहित में संवाद करते थे। पत्रकारों को नारद के साथ ही भगवान श्री गणेश से भी प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने ऋषि वेदव्यास की बातों को जस का तस लिखा, अपने विचार नहीं थोपे। आज जब भारत-पाक तनाव जैसे मुद्दे सामने हैं, तो पत्रकारिता को और अधिक जिम्मेदार होना होगा। डॉ. जोशी ने यह भी कहा कि आज की पत्रकारिता में यह तय करना सबसे जरूरी है कि क्या प्रसारित नहीं करना है। बाजारवाद सूचनाओं की बाढ़ लेकर आया है, लेकिन इन सूचनाओं में से सार निकालना और समाजहित में कार्य करना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा मुनि नारद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला, सह सचिव हेमंत भट्ट सहित पत्रकारिता क्षेत्र के अनेक वरिष्ठजन, क्लब सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रतलाम की पत्रकारिता की रही समृद्ध परंपराकार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष गोस्वामी ने रतलाम की पत्रकारिता परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में गोपाल सिंह नेपाली जैसे पत्रकारों ने रतलाम से अखबार निकालकर जनजागरण किया। देश की पहली महिला पत्रकार हेमंत कुमारी चौधरी ने भी यहीं से अपनी पत्रिका ‘सुग्रहिणी’ का प्रकाशन कर महिला पत्रकारिता को दिशा दी। आज भी रतलाम के पत्रकार सकारात्मक और समाजमूलक पत्रकारिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन अदिति मिश्रा ने किया और अंत में आभार संस्था के कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों की तुलना में छोटे शहरों के पत्रकार जमीनी सच्चाइयों से ज्यादा रूबरू होते हैं, और डॉ. जोशी जैसे वक्ता जो खुद इसी धरती से निकले हैं, वे इन सच्चाइयों को बेहतर समझते हैं। कार्यक्रम में मौजूद रहे:शरद जोशी, रमेश टांक, दिलीप पाटनी, राजेश मूणत, सुरेंद्र जैन, नरेंद्र जोशी, विजय मीणा, आरिफ कुरैशी, तुषार कोठारी, भेरूलाल टांक, संजय पाठक, असीमराज पांडेय, राजेश पुरोहित, विवेक बाफना, साजिद खान, समीर खान, राकेश पोरवाल, विवेकानंद चौधरी, जयदीप गुर्जर, नारायण चौधरी, महेश पुरोहित, प्रकाश कुमावत, गोवर्धन चौहान, विवेक मल्होत्रा सहित विश्व संवाद केंद्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।

Ratlam News: पंचायत परिसर में सरपंच को जातिगत अपमान और जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: ग्राम अजीतपुरा, तहसील शिवगढ़ से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पंचायत परिसर में एक व्यक्ति द्वारा सरपंच को जातिगत अपमान व जान से मारने की धमकी देने की घटना घटी है। सरपंच ने दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, वह आज दोपहर करीब 1 बजे ग्राम पंचायत शिवगढ़ कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान पंचायत के बाहर राजेश मईड़ा व प्रकाश भाभर भी मौजूद थे। तभी गांव का ही पीयूष उर्फ लक्की, पिता जितेंद्र सोनावा वहां आया और सरपंच से कहा – “मैं तुझे काट कर फेंक दूंगा, तू कालिया ज्यादा चल रहा है।” इसके बाद उसने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। सरपंच द्वारा गालियां देने से मना करने पर आरोपी ने और उग्र होते हुए कहा – “तू आदिवासी ज्यादा चल रहा है, मैं तुझे पंचायत से बाहर निकलते ही जान से खत्म कर दूंगा।” इस पूरे घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी राजेश मईड़ा और प्रकाश भाभर बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद सरपंच, उपसरपंच राहुल धवई व पंचायत सचिव मांगीलाल गुर्जर के साथ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्राप्त प्रथम सूचना तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच अधिकारी को सौंपी गई है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Ratlam News: रतलाम के न्यू नाइस फुटवियर की धोखाधड़ी बेनकाब; एक दिन में फट गया नया जूता, अब भरना होगा हर्जाना

रतलाम – पब्लिक वार्ता, जयदीप गुर्जर। Ratlam News: आम जनता के खून-पसीने की कमाई से कमाया पैसा अगर व्यापारी की ठगी में चला जाए, तो इसे लूट नहीं तो और क्या कहा जाए? रतलाम के प्रतिष्ठित समझे जाने वाले फुटवियर शोरूम “न्यू नाइस फुटवियर” द्वारा उपभोक्ता के साथ की गई लूट अब उजागर हो चुकी है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग रतलाम ने इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए न केवल उपभोक्ता को पूरा न्याय दिलाया, बल्कि फुटवियर व्यापारी को मुआवजा भी भरने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी व सदस्य जयमाला संघवी ने की। क्या था मामला? 24 वर्षीय मंथन मुसले नामक युवक ने इस शोरूम से 1350 रुपये के जूते खरीदे। दुकानदार ने इसे ‘उत्तम गुणवत्ता’ के नाम पर ऊँचे दामों में थमा दिया। लेकिन यह जूते महज़ एक दिन में ही फट गए। जब उपभोक्ता ने दुकानदार से शिकायत की, तो उसे टालने और बहलाने की कोशिश की गई। जब वह पुनः शिकायत लेकर दुकान पहुँचा, तो जूते बदलने की बजाय उसे दुकान से भगा दिया गया। यह न केवल उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी थी, बल्कि एक खुली ठगी थी – और इसे बेनकाब करना ज़रूरी था। मंथन ने इस मामले को उपभोक्ता आयोग में उठाया, और निर्णायक तरीके से न्याय पाया। मामले में दुकान संचालक मुस्तफा ने बताया की ग्राहक का जूता कुछ दिनों के बाद फट गया था। जिसे कुछ दिनों में बदलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने बदलाया नहीं। उपभोक्ता फोरम के हर्जाना भरने के आदेश पर मुस्तफा ने कहा वे अपने वकील से सलाह लेंगे।  आयोग का फैसला – व्यापारी को लगेगा सबक आयोग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह ‘खरी-खरी लूट’ है। आयोग ने दोषी व्यापारी को आदेश दिया कि— • उपभोक्ता को जूते की कीमत 1350 रुपये समेत 6% वार्षिक साधारण ब्याज के साथ लौटाई जाए। • मानसिक क्षतिपूर्ति एवं न्यायिक खर्च के रूप में 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएं। • यदि 60 दिनों में भुगतान नहीं किया गया, तो 8% वार्षिक ब्याज दर से यह राशि वसूल की जाएगी। व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी नहीं चलेगी! यह फैसला उन लालची व्यापारियों के लिए चेतावनी है जो ग्राहकों को “ब्रांडेड” और “गुणवत्ता वाले” प्रोडक्ट के नाम पर घटिया सामान बेचते हैं। उपभोक्ता आयोग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब आम जनता के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले व्यापारी बख्शे नहीं जाएंगे। रतलाम की जनता अब जागरूक हो रही है – और यह फैसला इस मुहिम में एक बड़ा मील का पत्थर है। अब जनता पूछ रही है – ‘क्या ऐसे दुकानदारों की दुकानें चलने लायक हैं?’

Ratlam News: रतलाम पुलिस ने किया 53 लाख की अंतरराज्यीय चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, माल बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस थाना दीनदयाल नगर ने शानदार कार्रवाई करते हुए शांति निकेतन कॉलोनी में दो दिन पूर्व हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 53 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकद 49 हजार रुपये बरामद किए हैं। घटना दिनांक 13 मई 2025 की सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच की है, जब फरियादी मनीष जैन, निवासी ग्राम जामली (झाबुआ) हाल मुकाम शांतिनिकेतन कॉलोनी रतलाम, ने थाना दीनदयाल नगर में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे कीमती आभूषण और 54 हजार रुपये नकद चुरा ले गए हैं। इस पर थाना दीनदयाल नगर रतलाम में अपराध क्रमांक 371/2025 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। ऐसे हुआ खुलासा:पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में डीडी नगर थाना व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, होटल मैनेजरों व बस कंडक्टरों से पूछताछ कर दो संदिग्धों की पहचान की गई, जो राजस्थान के डूंगरपुर जिले के निवासी निकले। टीम ने सागवाडा और गलियाकोट (डूंगरपुर) जाकर दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रतलाम सहित उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। बरामद माल: होटल मालिक पर भी कार्रवाई:जांच के दौरान आरोपियों के एक होटल में ठहरने की जानकारी सामने आई। होटल महाराजा के मालिक मुकेश हरसोद, निवासी पिंडावल (डूंगरपुर) पर यात्रियों की जानकारी न देने के कारण थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 401/25 धारा 223 ch,u,l में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस टीम को मिला सम्मान:वारदात के खुलासे के बाद फरियादी मनीष जैन व उनके परिवार ने पुलिस टीम का शाल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से सम्मान किया। साथ ही साइबर टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार चेक द्वारा देने की घोषणा की गई। इनकी रही प्रमुख भूमिका:निरीक्षक मनीष डावर, निरीक्षक अय्यूब खान, उप निरीक्षक अमित शर्मा, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह गौड़, नारायण जादौन, ईश्वर सिंह, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, दीपक सिंह, अवधेश प्रताप परमार सहित साइबर सेल व सीसीटीवी टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 30,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।