Ratlam News: त्रिशूल दीक्षा एवं बजरंग दल संयोजक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न, शौर्य कुंभ की जानकारी साझा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कालिका माता प्रखंड द्वारा श्री जगपाल महादेव मंदिर में त्रिशूल दीक्षा एवं बजरंग दल संयोजक सम्मेलन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन की आगामी गतिविधियों पर चर्चा की।   कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बजरंग दल विभाग संयोजक भाई साहब विनोद शर्मा ने त्रिशूल दीक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उपस्थित कार्यकर्ताओं को त्रिशूल दीक्षा दिलाई। उन्होंने हिंदू संस्कृति और संगठन की भूमिका पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया।    शौर्य कुंभ की जानकारी दी गई   इस अवसर पर 29 मार्च को इंदौर के नेहरू स्टेडियम और शिवजी पार्क में आयोजित होने वाले बजरंग दल शौर्य कुंभ की जानकारी भी साझा की गई। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।   सम्मेलन में प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित   इस कार्यक्रम में विभाग सह मंत्री भाई साहब पवन जी बंजारा, जिला धर्म प्रसार प्रशासकीय प्रमुख भाई साहब पंकज जी चौहान, प्रखंड उपाध्यक्ष लाल सिंह गौड, प्रखंड मंत्री विजय प्रजापत, संयोजक अमनप्रीत सलुजा, सत्संग प्रमुख नाथूराम पानोला, गौ रक्षा प्रमुख शुभम माली सहित खंड एवं ग्राम समिति के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।   इस सम्मेलन की जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी कार्यकर्ताओं ने उत्साह व्यक्त किया और हिंदू समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

MP Board 5th 8th Result 2025: आज दोपहर 1 बजे जारी होंगे नतीजे, ऐसे करें चेक  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Board 5th 8th Result 2025: मध्य प्रदेश बोर्ड के कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम आज, 28 मार्च 2025 को दोपहर 1 बजे घोषित किए जाएंगे। राज्य शिक्षा केंद्र मध्य प्रदेश के संचालक हरजिंदर सिंह ने जानकारी दी कि परीक्षाओं के नतीजे आधिकारिक परीक्षा पोर्टल पर जारी किए जाएंगे।   MP Board 5th 8th Result 2025 ऐसे करें चेक   जो छात्र MP Board Class 5th & 8th Result 2025 देखना चाहते हैं, वे निम्नलिखित प्रक्रिया से अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं:   1. आधिकारिक वेबसाइट rskmp.in/result.aspx पर जाएं।   2. रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करें।   3. ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें।   4. स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं।   शिक्षक और स्कूल कैसे देख सकते हैं रिजल्ट?   – शिक्षक और स्कूल प्रमुख भी इसी पोर्टल पर लॉग इन कर अपने विद्यालय का विद्यार्थीवार परिणाम देख सकते हैं।   – राज्य शिक्षा केंद्र ने रिजल्ट पोर्टल का लिंक QR कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराया है।   MP Board 5th & 8th Exam 2025: परीक्षा में इतने छात्र हुए शामिल   MP Board 5th & 8th Exam 2025 का आयोजन 24 फरवरी से 5 मार्च 2025 तक किया गया था। इस परीक्षा में—   – कक्षा 5वीं के 11.17 लाख से अधिक छात्र   – कक्षा 8वीं के 11.68 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे।   इन करीब 22.85 लाख छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां 1.19 लाख से अधिक शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया।   MP Board 5th 8th Result 2025: डायरेक्ट लिंक जल्द होगा एक्टिव   एमपी बोर्ड 5वीं और 8वीं के छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। सीधा लिंक रिजल्ट घोषित होते ही सक्रिय हो जाएगा।  

Ratlam News: देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी, इलाके में फैली सनसनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के डॉट की पुल क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।    सीने में चाकू मारकर की गई हत्या   मृतक की पहचान रईस खान 30 वर्ष के रूप में हुई है, जो शिव नगर का निवासी था। गुरुवार रात अज्ञात हमलावरों ने उसके सीने में चाकू मार दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।    हाल ही में जेल से छूटा था मृतक   सूत्रों के अनुसार, रईस खान पर तीन से चार महीने पहले मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, और वह हाल ही में जेल से छूटा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पुरानी रंजिश के चलते यह हत्या तो नहीं की गई।   सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस   हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस हत्यारों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।   मृतक के परिवार में मचा कोहराम   रईस खान के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। हत्या के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस इस मामले में जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रही है।

New UPI Rules: 1 अप्रैल से बदलेंगे बैंकिंग और टैक्स से जुड़े ये नियम, जेब पर पड़ेगा असर

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। New UPI Rules: 1 अप्रैल 2025 से नया वित्तीय वर्ष शुरू होने जा रहा है और इसके साथ ही कई बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, टैक्स और निवेश से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों का असर आम ग्राहकों से लेकर निवेशकों तक सभी पर पड़ेगा। अगर आप बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करते हैं या शेयर बाजार व म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं, तो इन नियमों की जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।    एटीएम से पैसे निकालने के नियम बदले   भारतीय रिजर्व बैंक के नए दिशानिर्देशों के अनुसार, अब ग्राहक दूसरे बैंक के एटीएम से सिर्फ तीन बार मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। इसके बाद हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर 20 से 25 रुपये का शुल्क लगेगा।   बचत खाते में मिनिमम बैलेंस जरूरी   बैंकों ने मिनिमम बैलेंस को लेकर भी नए नियम लागू किए हैं। अगर आपके खाते में न्यूनतम बैलेंस नहीं होगा, तो जुर्माना देना पड़ेगा। यह जुर्माना बैंक, खाता प्रकार और ब्रांच लोकेशन जैसे मेट्रो, शहरी और ग्रामीण के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।    यूपीआई ट्रांजैक्शन से जुड़े नए नियम   अगर आपका यूपीआई खाता लंबे समय से निष्क्रिय है, तो बैंक उसे डीएक्टिवेट कर देगा। यूपीआई का लगातार उपयोग न करने वाले ग्राहकों को नया रजिस्ट्रेशन करना पड़ सकता है।    पॉजिटिव पे सिस्टम लागू होगा   50 हजार रुपये से अधिक के चेक जारी करने पर ग्राहकों को बैंक को पहले से जानकारी देनी होगी। बैंक चेक जारी करने वाले से डिटेल वेरिफाई करेगा, जिससे धोखाधड़ी रोकी जा सके।    क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले फायदे कम होंगे   एसबीआई सिम्प्ली क्लिक कार्ड पर स्विगी रिवॉर्ड पांच गुना से घटाकर आधा कर दिया जाएगा। एयर इंडिया सिग्नेचर कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट 30 से घटाकर 10 कर दिए जाएंगे। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने क्लब विस्तारा माइलस्टोन बेनेफिट्स को खत्म करने का फैसला किया है।   टैक्स नियमों में बदलाव   नया टैक्स सिस्टम लागू हो गया है। यदि आपने पुराने सिस्टम 80सी बेनिफिट्स का चयन नहीं किया, तो आप नए सिस्टम में अपने आप शामिल हो जाएंगे। पैन को आधार से लिंक नहीं करने पर डिविडेंड और कैपिटल गेन पर अधिक टीडीएस कटेगा।   डीमैट और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए नया नियम   सभी डीमैट और म्यूचुअल फंड निवेशकों को केवाईसी और नॉमिनी डिटेल्स फिर से वेरिफाई करनी होंगी। केवाईसी अपडेट नहीं करने पर अकाउंट फ्रीज हो सकता है।   डिजिटल बैंकिंग में एआई और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन   बैंकों में डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के लिए एआई बैंकिंग असिस्टेंट और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की शुरुआत की जा रही है। इससे ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोका जा सकेगा और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।    क्या करें   एटीएम से निकासी सीमा का ध्यान रखें, ताकि अतिरिक्त शुल्क न देना पड़े। अपने यूपीआई खाते को निष्क्रिय होने से बचाने के लिए समय-समय पर ट्रांजैक्शन करें। अगर आप क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग करते हैं, तो रिवॉर्ड पॉलिसी के बदलावों की जानकारी लें। पैन-आधार लिंकिंग सुनिश्चित करें, वरना आपका डिविडेंड और टैक्स रिफंड अटक सकता है। अपने डीमैट और म्यूचुअल फंड अकाउंट को अपडेट रखें, वरना निवेश अटक सकता है।  

PF Withdrawal Process: EPFO मेंबर्स के लिए बड़ी राहत: अब ATM और UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा, जून से मिलेगी सुविधा

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। PF Withdrawal Process: EPFO मेंबर्स के लिए बड़ी खुशखबरी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन जल्द ही अपने मेंबर्स को ATM और UPI के जरिए PF विड्रॉल की सुविधा देने जा रहा है। इससे EPFO मेंबर्स अपने PF अकाउंट से सीधे 1 लाख रुपए तक की निकासी कर सकेंगे। इस सुविधा को मई के अंत या जून की शुरुआत तक लागू किए जाने की उम्मीद है।   श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की सचिव सुमिता डावरा ने बुधवार को इस नई सुविधा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि EPFO सब्सक्राइबर्स को एक खास EPFO विड्रॉल कार्ड मिलेगा, जिससे वे ATM से आसानी से पैसे निकाल सकेंगे। वहीं, UPI के जरिए मेंबर्स अपना PF बैलेंस भी चेक कर पाएंगे और सीधे अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकेंगे।   PF निकालने की नई प्रक्रिया क्या होगी   1. EPFO विड्रॉल कार्ड – EPFO अपने सब्सक्राइबर्स को एक विशेष ATM कार्ड जारी करेगा, जिसे मेंबर्स अपने PF अकाउंट से लिंक कर सकेंगे। यह कार्ड किसी भी ATM में इस्तेमाल किया जा सकेगा।   2. UPI से निकासी – EPFO मेंबर्स अपने PF अकाउंट को UPI से लिंक कर सकेंगे। इसके बाद वे UPI ऐप के जरिए अपने PF अकाउंट से बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर पाएंगे।   PF निकासी के मौजूदा नियम   – नौकरी जाने पर PF निकासी – यदि किसी मेंबर की नौकरी चली जाती है, तो वह एक महीने बाद अपने PF अकाउंट से 75 प्रतिशत रकम निकाल सकता है। बाकी 25 प्रतिशत राशि दो महीने बाद निकाली जा सकती है।   – इनकम टैक्स नियम     – यदि कर्मचारी ने पांच साल की सेवा पूरी कर ली है, तो PF निकासी पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।     – यदि पांच साल से पहले 50,000 रुपए से ज्यादा की निकासी की जाती है, तो 10 प्रतिशत TDS देना होगा।     – यदि कर्मचारी के पास पैन कार्ड नहीं है, तो 30 प्रतिशत TDS कटेगा।     – फॉर्म 15G या 15H भरने पर TDS से छूट मिल सकती है।   नई सुविधा क्यों जरूरी है   वर्तमान में EPFO मेंबर्स को ऑनलाइन क्लेम प्रोसेस में दो हफ्ते तक का समय लग जाता है। ATM और UPI के जरिए निकासी की सुविधा से यह प्रक्रिया काफी तेज और आसान हो जाएगी।   EPFO की इस नई सुविधा से करोड़ों कर्मचारियों को राहत मिलेगी। अब उन्हें PF का पैसा निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा, बल्कि सीधे ATM और UPI के माध्यम से फंड ट्रांसफर कर सकेंगे। 

 Ladli Behna Yojana : नहीं बढ़ेगी राशि, नए पंजीयन पर भी रोक! जानें पूरी डिटेल  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। विधानसभा में बुधवार को पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि योजना के तहत न तो महिलाओं को दी जाने वाली राशि बढ़ेगी और न ही नए पंजीयन शुरू किए जाएंगे। हालांकि, सरकार को नए पंजीयन शुरू करने के प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं, लेकिन फिलहाल इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।    नहीं बढ़ेगी लाड़ली बहनों की राशि   योजना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार 1250 रुपये की राशि बढ़ाकर 3000 रुपये की जा सकती है, लेकिन विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, फिलहाल सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। 2025-26 के बजट में लाड़ली बहना योजना के लिए 18 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।   नए पंजीयन फिलहाल नहीं होंगे शुरू   सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि फिलहाल लाड़ली बहना योजना में नए पंजीयन शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। वर्तमान में 1.27 करोड़ महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन नए लाभार्थियों को जोड़ने की कोई योजना नहीं है।   तीन लाख महिलाओं के नाम हटे   विधानसभा में विधायक प्रताप ग्रेवाल के सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि अब तक 15,748 महिलाओं के नाम उनकी मृत्यु के बाद योजना से हटाए गए हैं। इसके अलावा, 60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाली 3,19,991 महिलाओं के नाम स्वत: पोर्टल से हटा दिए गए हैं।  सरकार ने क्या कहा   सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि योजना के तहत न तो लाभार्थियों की संख्या में इजाफा होगा और न ही दी जाने वाली राशि बढ़ाई जाएगी। हालांकि, सरकार लगातार आ रहे नए पंजीयन के प्रस्तावों पर विचार कर रही है, लेकिन अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।  

Ratlam News: रतलाम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवकार मंत्र का सामूहिक जाप, तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  Ratlam News: रतलाम में आगामी 9 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवकार मंत्र का सामूहिक जाप आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर सेठ जी का बाजार स्थित तेरापंथ सभा भवन में जीतो लेडीज विंग के तत्वावधान में रतलाम नगर की विभिन्न जैन महिला मंडलों के पदाधिकारियों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई।   जीतो अध्यक्ष संध्या गांधी और सचिव ऊषा भंडारी ने बताया कि बैठक का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ, जिसे सुनीता मूणत ने प्रस्तुत किया। इस दौरान उपस्थित महिला मंडलों की पदाधिकारियों को सीमा बोथरा ने कार्यक्रम को सफल बनाने की शपथ दिलाई और नवकार मंत्र का जाप करवाया।   इस अवसर पर जिज्ञासा व समाधान का संचालन योगीषा बरमेचा, आस्था बोथरा और रीतिका संघवी ने किया।   कार्यक्रम का शेड्यूल   8 अप्रैल मंगलवार   स्थान: लक्कड़ पिठा स्थित छोटू भाई की बगीची डीपी परिसर   समय: दोपहर 2 बजे से 5 बजे   कार्यक्रम: नवकार मंत्र पर लघु नाटिका और स्तवन   9 अप्रैल बुधवार   स्थान: डीपी परिसर   समय: सुबह 8 बजे से 9:36 बजे   कार्यक्रम: सामूहिक नवकार मंत्र जाप   संभागिता: 5 हजार से अधिक जैन महिलाएं   बैठक के अंत में रूचि मांडोत और राखी मेहता सहित सभी महिलाओं ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सीमा बोथरा ने किया और आभार ऊषा भंडारी ने व्यक्त किया।   रतलाम में होने वाले इस विशाल आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी महिला मंडल सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Ratlam News: त्रिशूल दीक्षा एवं बजरंग दल संयोजक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न, शौर्य कुंभ की तैयारियों पर हुई चर्चा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में बिरिया खेड़ी धर्मशाला में त्रिशूल दीक्षा एवं बजरंग दल संयोजक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और हिंदू समाज की एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।    त्रिशूल दीक्षा का महत्व और शौर्य कुंभ की तैयारियां   कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बजरंग दल जिला संयोजक मुकेश व्यास ने त्रिशूल दीक्षा के महत्व को विस्तार से समझाया और सभी कार्यकर्ताओं को त्रिशूल दीक्षा दिलाई। उन्होंने बताया कि यह दीक्षा हिंदू युवा शक्ति को संगठित करने और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।   इस अवसर पर बजरंग दल जिला सहसंयोजक आशु टाक, जिला गोरक्षा प्रमुख योगेश चौहान, जिला साप्ताहिक मिलन प्रमुख सुनील राठौड़, जिला विद्यार्थी प्रमुख कृष्ण भामा, प्रखंड सह मंत्री सौरभ वर्मा, संयोजक दुर्गेश डागर, सहसंयोजक मनीष टाक, गोरक्षा प्रमुख गनि शक्तावत, विद्यार्थी प्रमुख रौनक सोलंकी सहित खंड समिति और ग्राम समिति के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।   कार्यक्रम में आगामी 29 मार्च को इंदौर के नेहरू स्टेडियम और शिवाजी पार्क में आयोजित होने वाले बजरंग दल शौर्य कुंभ की जानकारी दी गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हिंदू शक्ति का प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।   इस आयोजन की जानकारी जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मोंटी जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से सफल रहा और इससे कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ।  

Ratlam News: डीजल चोरी करते पकड़े गए दो ड्राइवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में डीजल चोरी का मामला सामने आया है। रोड निर्माण कंपनी के मैनेजर ने डंपर और पोकलेन मशीन से डीजल चोरी करते हुए दो ड्राइवरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।   कैसे पकड़े गए चोर?   मंगलवार रात सरकारी कॉलेज के पास एक खदान में खड़े निर्माण कार्य में लगे वाहनों से डीजल निकाला जा रहा था। इसी दौरान रोड निर्माण कंपनी के मैनेजर भूपेंद्र सिंह चंद्रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने डंपर चालक विष्णु बैरागी और पोकलेन चालक धर्मेंद्र सिंह को डीजल चोरी करते हुए देख लिया।   भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़े गए   मैनेजर को देखते ही दोनों चालक भागने लगे, लेकिन उन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। इसके बाद तुरंत कालूखेड़ा पुलिस को सूचना दी गई।   चोरी के मामले में गिरफ्तार   शिकायत दर्ज होने के बाद कालूखेड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों विष्णु बैरागी (निवासी हाटपिपलिया, जावरा) और धर्मेंद्र सिंह (निवासी सरसोदा, जावरा) को गिरफ्तार कर लिया।   कहां बेचा जाना था डीजल? जांच जारी   फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि चोरी किया गया डीजल कहां बेचा जाना था और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।   इससे पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं   इससे पहले भी कई जगहों से निर्माण कार्य में लगे वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तरह की चोरी के पीछे कोई बड़ा गैंग तो नहीं है।   लेटेस्ट अपडेट्स और खबरों के लिए हमें फॉलो करें।

Ratlam News: आईपीएल सट्टेबाजी; गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते दो आरोपी गिरफ्तार  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आईपीएल 2025 में सट्टेबाजी को लेकर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। माणक चौक थाना क्षेत्र के त्रिवेणी कुण्ड के पास से पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सट्टे की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।   मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई   पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर आईपीएल में सट्टेबाजी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणक चौक उपनिरीक्षक अनुराग यादव के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। बुधवार को थाना प्रभारी अनुराग यादव को सूचना मिली कि त्रिवेणी कुण्ड के पास एक व्यक्ति क्रिकेट सट्टा लगा रहा है।   सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 27 वर्षीय आरोपी आशुतोष सोनीवाल (निवासी तेजा नगर, रतलाम) को गिरफ्तार कर लिया। वह अपने मोबाइल फोन के जरिए park 999 नामक सट्टा आईडी से आईपीएल मैच गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 10,000 रुपये मूल्य का एक realme कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया।    ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क   पुलिस पूछताछ में आशुतोष ने खुलासा किया कि उसे यह सट्टा आईडी अनिल मेनी (निवासी भोयरा बावड़ी सिंधी गली, रतलाम) ने दी थी। अनिल ने ऑनलाइन विज्ञापन के माध्यम से सट्टेबाजी की वेबसाइट की जानकारी प्राप्त की थी। इसके बाद उसने वेबसाइट पर खुद की यूजर आईडी और पासवर्ड बनाए और यूपीआई के जरिए बैलेंस डालकर आशुतोष को सट्टेबाजी की आईडी उपलब्ध करवाई।   पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 4 क के तहत अपराध क्रमांक 158/2025 दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।   गिरफ्तार आरोपी   1. आशुतोष सोनीवाल (27 वर्ष), निवासी 41/2, तेजा नगर, गली नंबर 06, रतलाम।   2. अनिल मेनी (40 वर्ष), पिता स्व. गोवर्धनदास मेनी, निवासी भोयरा बावड़ी सिंधी गली, रतलाम।   पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका   सट्टेबाजों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अनुराग यादव, कार्य. प्रआर अमित त्यागी, कार्य. प्रआर सुधीर, आरक्षक चंद्रशेखर खटवड़ और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।