Ratlam News: सलवानिया और नारायणगढ़ के पंचायत सचिव निलंबित, अधूरे कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सलवानिया और नारायणगढ़ के सचिवों को अधूरे निर्माण कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत रतलाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रृंगार श्रीवास्तव द्वारा मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत की गई है। ग्राम पंचायत सलवानिया में अनुसूचित जनजाति बस्ती विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2018 में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य अधूरा पाया गया। इस मामले में तत्कालीन सचिव श्री कोदर सिंह कटारा पर ₹3 लाख की वसूली प्रतिवेदित की गई है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत नारायणगढ़ अंतर्गत ग्राम खाखराकुंडी नयापाड़ा में सीसी रोड का निर्माण भी अधूरा रहा, जिसके लिए तत्कालीन सचिव श्री राजेंद्र सिंह मेईडा (उर्फ राजकुमार मेईडा) पर ₹10 लाख की वसूली निर्धारित की गई है। इन दोनों अधिकारियों को पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए पेशी के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। किंतु, दोनों ही अधिकारी बार-बार की गई पेशियों में अनुपस्थित रहे। पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, कार्य के प्रति गंभीर असावधानी और वित्तीय अनियमितताओं को देखते हुए दोनों सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला पंचायत रतलाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा। यह कार्रवाई पंचायत स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

Ratlam News: मिलावट पर सख्ती: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम में लगातार कार्रवाई जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहे हैं। आज की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा ताल और आलोट क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। ग्राम मंडावल में स्थित श्री कृष्ण टी स्टाल रेस्टोरेंट एंड किराना स्टोर से बेसन, चावल और चायपत्ती के नमूने लिए गए। वहीं, ग्राम आबूपुरा में स्थित सवारियां मावा भट्टी से मावा और दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा, मेन रोड आलोट स्थित स्वागत ट्रेडर्स से रवा, वंदन ट्रेडर्स से देसी घी तथा बड़ौद नाका आलोट स्थित खाटूश्याम टी स्टाल एवं रेस्टोरेंट से बेसन और मिठाई के नमूने एकत्रित किए गए। कार्रवाई के दौरान सभी दुकान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का भंडारण व विक्रय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी लिए गए नमूने भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को मिलावट मुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Ratlam News: भीषण गर्मी के चलते रतलाम जिले के स्कूलों के समय में बदलाव, अब सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। रतलाम जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं अन्य सभी बोर्ड से सम्बद्ध विद्यालयों के लिए नया समय तय कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों को गर्मी से राहत देने एवं स्वास्थ्यगत जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। इस आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के विभिन्न स्तरों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है। प्रशासन ने जनसंपर्क अधिकारी को आदेशित किया है कि इस निर्णय की जानकारी जिले के समस्त समाचार पत्रों के माध्यम से आमजन तक पहुँचाई जाए। साथ ही, सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे समय पर इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।

Ratlam News: शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया, नौ करोड़ की जमीन मंदिर प्रशासन को सौंपी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर श्री राजेश बाथम के निर्देशानुसार प्रशासन ने ग्राम सुराखेड़ी स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे मंदिर प्रशासन को सौंप दिया। यह कार्रवाई 3 अप्रैल 2025 को की गई, जिसमें कुल 1.79 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये है। क्या है मामला? ग्राम सुराखेड़ी में सर्वे क्रमांक 8 (0.240 हेक्टेयर) एवं 7 (1.550 हेक्टेयर) की भूमि, जो कि राजस्व रिकॉर्ड में श्री कालिका माता मंदिर, रतलाम (प्रबंधक: कलेक्टर, जिला रतलाम, म.प्र. शासन) के नाम दर्ज है, पर सईदा बी बेवा अब्दुल हमीद, अशरफ पिता अब्दुल हामिद, सत्तार पिता वकील खां, और रईसा पति अकरम खां द्वारा गेहूं की फसल बोकर अतिक्रमण कर लिया गया था। प्रशासन की कार्रवाई प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और इसे श्री कालिका माता मंदिर के पुजारी हेमंत पिता चंडीप्रसाद एवं प्रकाश पिता अमरलालजी को सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद इस कार्रवाई में राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार (पूर्वी भाग) श्री आशीष उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक श्री मेहरबान सिंह मालवीय, पटवारी श्री गिरीश शर्मा, श्री मुकेश मरमट, श्री अंकित परिहार, श्री विजय मकवाना उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से सालाखेड़ी चौकी प्रभारी श्री मुकेश यादव ने अपनी टीम के साथ सहयोग किया। प्रशासन की सख्ती जारी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ratlam News: 12 मदिरा दुकानों के लाइसेंस निलंबित, लाइसेंसियों पर 24 लाख रुपये जुर्माना

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति के साथ जिले में मदिरा दुकानों के लाइसेंसी परिवर्तित हुए हैं। इसी बीच, कुछ बहिर्गामी ठेकेदारों द्वारा अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए 12 मदिरा दुकानों के लाइसेंस एक दिन के लिए निलंबित कर दिए हैं। साथ ही, प्रत्येक लायसेंसी पर 2-2 लाख रुपये (कुल 24 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया गया है। आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई मदिरा दुकानों पर विक्रय दरों में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने संबंधित दुकानों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए। आबकारी विभाग अवैध मदिरा संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रख रहा है और इस संबंध में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। नवीन आबकारी नीति से बढ़ा राजस्व रतलाम जिले में आबकारी नीति 2025-26 के तहत 99 मदिरा दुकानों को 8 समूहों में विभाजित कर निष्पादन किया गया। जिले का आरक्षित मूल्य 3,83,41,23,153 रुपये था, जबकि निष्पादन प्रक्रिया में 3,87,31,96,840 रुपये का वार्षिक मूल्य प्राप्त हुआ, जो आरक्षित मूल्य से 3.90 करोड़ रुपये अधिक और पिछले वर्ष की तुलना में 21.22% अधिक है। प्रशासन की सख्ती के चलते मदिरा दुकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे अनियमितताओं पर रोक लग सके।

Ratlam News: जनसुनवाई में 62 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश, भूमि कब्जे से लेकर सड़क अवरुद्ध होने तक के मामले उठे  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में 62 आवेदनों पर सुनवाई की गई। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने इन आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश जारी किए।   ग्राम आक्याकला निवासी को नहीं मिल रहा भूमि का कब्जा   ग्राम आक्याकला निवासी शंकरलाल चौहान ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई कि तहसीलदार ताल द्वारा तीन बार आदेश जारी होने के बावजूद उन्हें उनकी भूमि का कब्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने गिरदावर, पटवारी और चौकीदार की मिलीभगत का आरोप लगाया। इस पर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ताल को तत्काल आदेश पालन के निर्देश दिए गए।    ग्राम सुनारी में डूब क्षेत्र को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति   सैलाना तहसील के ग्राम सुनारी के ग्रामीणों ने जल संरचना मैराज डेम निर्माण का विरोध किया। उनका कहना था कि इससे उनका गांव और आसपास के चार-पांच अन्य गांव डूब क्षेत्र में आ जाएंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना ही पांचवीं अनुसूची लागू कर दी गई, जो अनुचित है। इस मामले को संबंधित विभाग को निराकरण के लिए भेजा गया है।    दुर्घटना में घायल पुत्र के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग   त्रिमूर्ति नगर निवासी सुरेंद्रसिंह चौधरी ने जनसुनवाई में बताया कि उनके पुत्र का आठ फरवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के कारण इंदौर के बाम्बे हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। उपचार में काफी धन खर्च होने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर एसडीएम रतलाम शहर को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।   आनंद विहार में रास्ता अवरुद्ध, नागरिकों को हो रही परेशानी   महेश नगर स्थित आनंद विहार निवासी रमेश मनानिया ने शिकायत की कि एक निवासी द्वारा रास्ते पर दो बार दीवार बनाकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया था, जिसे कॉलोनीवासियों ने हटाया था। लेकिन अब फिर से दीवार बना दी गई है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने और नागरिकों को बाजार व अस्पताल जाने में परेशानी हो रही है। मामले को निराकरण के लिए नगर निगम आयुक्त को भेजा गया है।   जिला प्रशासन ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान के निर्देश जारी किए हैं।

Ratlam News: बढ़े हुए संपत्ति कर के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, महापौर और विधायक के खिलाफ नारेबाजी  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में बढ़ोतरी और अधिभार वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल के नेतृत्व में महापौर और विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संपत्ति कर में पांच साल की बढ़ोतरी और उस पर अधिभार वसूली गैरकानूनी है और नगर निगम अधिनियम के विपरीत की जा रही है।   जनता बढ़ा हुआ संपत्ति कर न भरे – कांग्रेस का आह्वान   कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि वे बढ़ा हुआ संपत्ति कर जमा न करें। यदि नगर निगम पुरानी दरों पर कर स्वीकार करने से इनकार करता है, तो कांग्रेस नेताओं से संपर्क करें। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि अवैध कर वसूली निरस्त नहीं की गई, तो उग्र जन आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महापौर, विधायक और नगर निगम प्रशासन की होगी।  नगर निगम अधिनियम का उल्लंघन – कांग्रेस का आरोप   ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि अधिनियम की धारा 143 और 146 के तहत संपत्ति कर में बढ़ोतरी से पहले भवन मालिकों को सूचना पत्र देना जरूरी था, जो नहीं दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अधिकारी बिना किसी आधिकारिक सूचना के मौखिक रूप से बढ़ी हुई राशि बताकर वसूली कर रहे हैं और जनता को धमका रहे हैं।   नगर निगम कमिश्नर से तीखी बहस   नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि अब तक 10,000 सूचना पत्र जारी किए गए हैं, लेकिन पूर्व विधायक पारस सकलेचा और नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने इसे गलत बताते हुए कहा कि एक भी भवन मालिक को सूचना पत्र नहीं दिया गया है।    नियमों की अनदेखी और न्यायिक प्रक्रिया का उल्लंघन   ज्ञापन में कहा गया कि संपत्ति कर के पुनर्निर्धारण और मूल्यांकन से पहले जनता को सूचित करना और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर देना आवश्यक था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा, भवन मालिकों को बढ़े हुए कर के खिलाफ अपील करने का मौका भी नहीं मिला, जिससे वे जिला न्यायालय में भी वाद दायर नहीं कर सकते।   नगर निगम को चेतावनी – अवैध वसूली बंद करो वरना आंदोलन होगा   कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन को अवैध वसूली तुरंत रोकने की चेतावनी दी। यदि वसूली जारी रही, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा जन आंदोलन करेंगे।   प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे शामिल   इस विरोध प्रदर्शन में नगर निगम पार्षद दल उपनेता कमरुद्दीन कछवाय, कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, राजीव रावत, सैयद वुसत, बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, जोएब आरिफ, वहीद शैरानी, नासिर कुरेशी, सलीम भगवान, केसर बाई, किशन भगिनामा, कविता महावर, हितेश पेमाल, भावना पेमाल, सोनू व्यास, इक्का बेलूत, इकरार चौधरी, रशीद अंसारी, रमेश शर्मा, डॉक्टर मुस्तफा, राजेश प्रजापत, अन्नू धभाई, रुखसाना खान, राजकुमार जैन लाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ratlam News: पीपल वृक्ष कटान और अतिक्रमण के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने निकाली वाहन रैली, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में सूतारों के वास की जमीनों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण और हिंदू धर्म के पूज्यनीय पीपल वृक्षों के कटान के विरोध में सर्व हिंदू समाज ने सोमवार, 3 मार्च को विशाल वाहन रैली निकाली। यह रैली जाट धर्मशाला, सूतारों का वास से शुरू होकर रतलाम के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टर ऑफिस पहुंची। इस दौरान सैकड़ों हिंदू समाज के लोगों ने पीपल का पेड़ हमारी आन है, हिंदू धर्म की शान है, अवैध अतिक्रमण बंद करो, हिंदू धर्म का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारों के साथ विरोध प्रदर्शन किया।   रैली का नेतृत्व रामबाबू शर्मा ने किया, जिनके साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। विरोध प्रदर्शन के बाद सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन और कलेक्टर महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सूतारों के वास की जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को तुरंत रोका जाए और हिंदू समाज की धार्मिक आस्थाओं से जुड़े पीपल जैसे वृक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।   इस अवसर पर रामबाबू शर्मा, सुरेंद्र सुरेखा, झमक भरगट, मुनालाल शर्मा, ललित पालीवाल, विशाल शर्मा, कन्हैया लाल जाट, मंगल लौड़ा, रवि पवार, राजेंद्र शर्मा, नवनीत सोनी, राजेश रावल, नीलेश सोनी, विशाल जायसवाल, मनीष सुरेखा, तपन शर्मा, संजय खटीक, गोपाल सोनी, संजय झाजेड, धर्मेंद्र राका, हीरा वर्मा, राम मोठीया, गौरव भरगट, बाबू गोसर, गोपाल राठी, चेतन पहलवान, मनोज सगरवंशी, भुरू यादव, बसंती लाल पहलवान, अर्जुन सिंह, रामकृष्ण गहलोत, लक्ष्मण सिंह, उमाकांत उपाध्याय, महेश गोयल, दिनेश राव, महावीर पहलवान, विजय यादव, श्रीपाल जैन, विशाल डांगी, देवेंद्र सिंह, संतोष काबरा, दिनेश धूत, विशाल पवार, सत्यनारायण अग्रवाल, नरेंद्र श्रेष्ठ, राजेंद्र माहेश्वरी, मुकेश चंद्र जाट, अरविंद शर्मा, पृथ्वीराज सालवी, प्रकाश मुडत सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।   सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Ratlam News: खेल चेतना मेला; खेलों के महाकुंभ का समापन, विजेताओं का सम्मान, महापौर और कलेक्टर ने थामा बल्ला

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: चेतन्य काश्यप फाउंडेशन और क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित 25वें खेल चेतना मेला का समापन सोमवार को हुआ। इस आयोजन में 18 अलग-अलग खेलों की स्पर्धाएं हुईं, जिनमें 10,000 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर नेहरू स्टेडियम में महापौर प्रहलाद पटेल और कलेक्टर राजेश बाथम ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने क्रिकेट मैदान पर बल्ला थामकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।  मुख्य खेल और विजेता1. हॉकी   – बालक वर्ग: गुजराती समाज इंग्लिश मीडियम ने गुरु रामदास स्कूल को 6-2 से हराया।     – बालिका वर्ग: महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 4-0 से हराकर खिताब जीता।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: बालक वर्ग में चिराग परमार और बालिका वर्ग में सलोनी खोईवाल।  2. वॉलीबॉल    – निर्णायक मुकाबले में हिमालया इंटरनेशनल ने न्यू तैय्यबी स्कूल को 2-0 से हराया।     – हिमालया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।  3. फुटबॉल    – फाइनल: रेलवे स्कूल ने हिमालया इंटरनेशनल को 1-0 से हराया।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: कार्तिक मंगल।  4. कबड्डी    – जूनियर वर्ग: उत्कृष्ट विद्यालय विजेता, उपविजेता सरस्वती शिशु मंदिर।     – सीनियर वर्ग: उत्कृष्ट विद्यालय विजेता, उपविजेता नाहर ग्लोबल।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: जूनियर वर्ग में भूपेंद्र मकवाना और सीनियर वर्ग में अमन धाकड़।  5. खो-खो   – सीनियर बालक: जैन विद्या निकेतन विजेता, साईं श्री इंटरनेशनल उपविजेता।     – सीनियर बालिका: जैन स्कूल विजेता, साईं श्री इंटरनेशनल उपविजेता।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: सीनियर बालक वर्ग में मनीष भाभर और बालिका वर्ग में पलक।  6. टेबल टेनिस   – बालक वर्ग: सेंट जोसेफ विजेता, चेतन्य टेक्नो उपविजेता।     – बालिका वर्ग: सेंट जोसेफ विजेता, गुरु तेग बहादुर उपविजेता।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: बालक में अनमोल सोनी, बालिका में आयुषी गौड़।  7. शरीर सौष्ठव प्रतियोगिता   – मिस्टर खेल चेतना मेला: साईं श्री अकादमी के यदुनंदन अवस्थी।     – अन्य खिताब: बेस्ट पोजर जतिन भारतीय, बेस्ट मस्कुलर जय कहार।  8. क्रिकेट   – गुरु तेग बहादुर एकेडमी विजेता और गुरु रामदास स्कूल उपविजेता।     – सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: वैदित्य राज सिंह देवड़ा।  इस आयोजन में खेल भावना, प्रतियोगिता और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। समिति ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Ratlam News: प्रशिक्षु आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने कलेक्टर राजेश बाथम से की मुलाकात, सर्विस की बारीकियों पर की चर्चा

रतलाम – पब्लिक वार्ता,जयदीप गुर्जर। Ratlam News: सोमवार को प्रशिक्षु आईएएस, आईपीएस अधिकारियों ने कलेक्टर राजेश बाथम से मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर ने उनके साथ बैठक आयोजित कर रतलाम जिले की विशेषताओं और विविधताओं के बारे में जानकारी साझा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण रवि गुप्ता, सहायक परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण अरुण पाठक, और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत निर्देशक शर्मा भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जिले के भ्रमण के लिए विभिन्न स्थानों की बिंदुवार जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु अधिकारी रतलाम जिले में 16 नवंबर तक अध्ययन भ्रमण पर हैं। इनमें छह आईएएस अधिकारी, पांच आईपीएस अधिकारी और एक आईडीएएस अधिकारी शामिल हैं। आईएएस अधिकारियों (IAS Officers) में सय्यद आदिल मोहसिन, विपिन दुबे, सचिन राहर, आयुषी प्रधान, और सुभांशु कटियार शामिल हैं। आईपीएस (IPS Officers) अधिकारियों में माधव गुप्ता, सिमरन सिंह, कुहू गर्ग, अनिकेत कुलकर्णी, और अजीत सिंह सम्मिलित हैं, जबकि हर्षवर्धन पांडे आईडीएएस (IDAS Officer) कैडर से हैं। आपको बता आईडीएएस कैडर के अंतर्गत भारतीय रक्षा बलों में वित्तीय प्रबंधन के लिए अधिकारी का चयन करना होता है। आईडीएस रेंक भी आईएएस अफसर के बराबरी की रेंक होती है। इसमें शहर या जिला नहीं देखते बल्कि भारतीय सुरक्षा बलों के लिए बेहतर फाइनेंशियल स्टेटस तैयार करने का काम होता है।