Ratlam News: रतलाम में नाबालिग के घर पहुंचे युवक के गले पर गंभीर चोट, 20 टांके; पिता ने आरोप से किया इनकार

Ratlam News: रतलाम में नाबालिग से मिलने पहुंचे 20 वर्षीय युवक के गले पर कांच से हमला होने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया। बताया गया कि 20 वर्षीय युवक एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के माता-पिता के घर लौटने पर विवाद हो गया और युवक के गले पर कांच से चोट लग गई। घायल युवक के गले में करीब 7×2 सेंटीमीटर का घाव बताया गया है। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसके गले पर करीब 20 टांके लगाए गए। चिकित्सकीय जांच में दो छोटी नसों के कटने की बात भी सामने आई है। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई गई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बयान सामने आए हैं। नाबालिग ने पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में अपने पिता पर कांच की बोतल से हमला करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, लड़की के पिता ने युवक पर हमला करने से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग से मिलने घर पहुंचा था युवक जानकारी के अनुसार, बिरियाखेड़ी निवासी 20 वर्षीय समीर पुत्र शमी कुरैशी मंगलवार को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे। कुछ देर बाद माता-पिता के अचानक घर लौटने पर उन्हें घर में युवक दिखाई दिया। इसके बाद युवक और लड़की के पिता के बीच विवाद होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग और युवक करीब तीन साल से एक-दूसरे को जानते हैं। प्राथमिक पूछताछ में नाबालिग ने युवक को अपना प्रेमी बताया है। गले में कांच लगने से गंभीर चोट विवाद के दौरान युवक के गले में कांच लगने से गंभीर चोट आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गले के बीचों-बीच करीब 7×2 सेंटीमीटर का घाव हुआ। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को जानकारी दी। पुलिस ने घायल युवक को डायल-112 वाहन की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकीय उपचार के दौरान युवक के गले में करीब 20 टांके लगाए गए। जांच में दो छोटी नसों के कटने की जानकारी भी सामने आई है। नाबालिग ने पिता पर लगाया हमला करने का आरोप घटना के बाद नाबालिग भी मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में उसने अपने पिता पर कांच की बोतल से युवक के गले पर वार करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने अभी मामले में अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। घायल युवक के बयान फिलहाल दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। लड़की के पिता ने आरोपों को बताया गलत लड़की के पिता ने युवक पर हमला करने के आरोप से इनकार किया है। उनके अनुसार, पड़ोसियों ने फोन कर बताया था कि घर में कोई युवक घुस गया है। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। पिता का दावा है कि दरवाजा खुलवाने के लिए उन्होंने आवाज लगाई। उनके अनुसार, इसी दौरान युवक ने उनकी बेटी को धमकाते हुए कहा कि वह मर जाएगा और उसे उसका साथ देना होगा। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर खुद कांच का गिलास अपने गले पर मार लिया। पिता के इस दावे की पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक के गले में चोट किन परिस्थितियों में लगी। पुलिस कर रही मामले की जांच एसआई ध्यानसिंह सोलंकी के अनुसार, मामले की जांच जारी है। नाबालिग के बयान लिए जा रहे हैं। घायल युवक के बयान दर्ज होने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में नाबालिग लड़कियों से अनैतिक देह व्यापार कराने का मामला, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया

Ratlam News: रतलाम के रिंगनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। दो नाबालिग लड़कियों का रेस्क्यू कर मामला दर्ज किया गया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस ने जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढर स्थित बाछड़ा डेरे में की गई, जहां से पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दोनों नाबालिग पीड़िताओं को संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद और ढोढर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम ढोढर के बाछड़ा डेरे में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी हंसु पिता गोपाल चौहान (19 वर्ष) निवासी बाछड़ा डेरा, ढोढर को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें आवश्यक कानूनी और सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया गया है। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 302/2026 दर्ज किया है। आरोपी पर निम्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है— फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई रतलाम पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लालतथा जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना एवं ढोढर चौकी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक नरेंद्र सिंह हाड़ा, आरक्षक शोभाराम शर्मा, आरक्षक रविंद्र सिंह तथा महिला आरक्षक निशा डडिंग सहित थाना रिंगनोद एवं पुलिस चौकी ढोढर की संयुक्त टीम शामिल रही।

Ratlam News: काटजू नगर में युवक ने लगाई फांसी, बदबू आने पर खुला राज; दो माह पहले हुई थी दूसरी शादी

रतलाम के काटजू नगर में 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दो माह पहले हुई दूसरी शादी भी टूट गई थी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के काटजू नगर में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो युवक दूसरे कमरे में चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने करीब 24 घंटे पहले आत्महत्या की थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान सुरेश उर्फ लखन (35) पिता दर्शन चौहान, निवासी काटजू नगर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वह अकेला रह रहा था और दो माह पहले हुई उसकी दूसरी शादी भी अधिक समय तक नहीं चल सकी थी। बदबू आने पर पड़ोसियों को हुआ संदेह बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे मल्टी में रहने वाले लोगों को सुरेश के घर से बदबू आने लगी। पड़ोसियों ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर के बाद से दिखाई नहीं दिया था। संदेह होने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर दूसरे कमरे में सुरेश का शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका मिला। पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच घटना की सूचना पर थाना प्रभारी गायत्री सोनी, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घर की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दो माह पहले हुई थी दूसरी शादी पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेश की शादी 30 अप्रैल 2026 को नागदा निवासी कविता उर्फ थापू से रतलाम के श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर में हुई थी। यह महिला की भी दूसरी शादी थी। उसके पहले विवाह से एक बेटी और एक बेटा हैं। जानकारी के अनुसार शादी के करीब 10 दिन बाद ही पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। बाद में जून 2026 में दोनों का तलाक हो गया था। अकेले रहता था युवक सुरेश कबाड़ के सामान से जुड़े लोडिंग वाहन का चालक था। उसके पिता का करीब 10 वर्ष पहले और मां का लगभग पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था। वह मल्टी की पहली मंजिल पर अकेला रह रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद उसकी मौसी की बेटी सपना कायस्थ जावरा से रतलाम पहुंचीं और पुलिस को परिवार व विवाह से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस कर रही है हर पहलू से जांच फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिवार के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Ratlam News: रतलाम की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों पर बड़ा एक्शन: जनवरी 2023 के बाद खरीदे प्लॉट का नहीं होगा नामांतरण, नगर निगम की चेतावनी

रतलाम नगर निगम ने 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में जनवरी 2023 के बाद खरीदे गए प्लॉटों के नामांतरण पर रोक लगा दी है। जानिए किन कॉलोनियों पर लागू होगा नियम और क्या है पूरी जानकारी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में प्लॉट खरीदने वालों के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। शहर की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में 27 जनवरी 2023 के बाद कालोनाइजर या भूमि स्वामी से खरीदे गए प्लॉटों का नामांतरण नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने सार्वजनिक सूचना जारी कर नागरिकों से बिना जांच-पड़ताल के भूखंड खरीदने से बचने की अपील की है। जनवरी 2023 के बाद खरीदे प्लॉट का नहीं होगा नामांतरण नगर निगम आयुक्त अनिल भाना द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शहर की 61 अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने और भवन अनुज्ञा की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान संबंधित कालोनाइजर या भूमि स्वामी अपने स्वामित्व के शेष भूखंडों का विक्रय नहीं कर सकेंगे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 27 जनवरी 2023 के बाद यदि किसी व्यक्ति ने इन कॉलोनियों में प्लॉट खरीदा है, तो उसका नामांतरण नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं, संबंधित भूमि के अधिग्रहण सहित नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर निगम ने लोगों को दी यह सलाह नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और नगर निगम से संबंधित रिकॉर्ड की पूरी जांच अवश्य करें। बिना जानकारी के प्लॉट खरीदना भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। इन प्रमुख कॉलोनियों पर लागू होगा नियम नगर निगम द्वारा जारी सूची में मालवा नगर-पीएनटी कॉलोनी, वरदान नगर, राम नगर, अभय नगर, रेल नगर, महेश नगर, इंद्रा नगर, गणेश नगर, राजीव नगर, जनता नगर, निराला नगर, भवानी नगर, शक्ति नगर, आदर्श नगर, पटवारी कॉलोनी, त्रिमूर्ति नगर, टाटा नगर, धीरज शाह नगर, सैफी नगर, कल्याण नगर, तेजा नगर ब्लॉक-2, अशोक नगर, ज्योति नगर, सरस्वती नगर, मौलाना आजाद नगर, समता नगर, राजस्व नगर, प्रताप नगर, संजय नगर, रहमत नगर, बापू नगर, सर्वोदय नगर, कृष्णा विहार, सखवाल नगर, रंगमहल और रामदेवजी की घाटी सहित कुल 61 अनाधिकृत कॉलोनियां शामिल हैं। तीन साल पुराने सौदों पर भी पड़ेगा असर नगर निगम द्वारा यह प्रतिबंध 27 जनवरी 2023 से प्रभावी माना गया है। ऐसे में पिछले लगभग तीन वर्षों के दौरान जिन लोगों ने इन अनाधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट खरीदे हैं, उन्हें अब नामांतरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अभाव में कई खरीदारों ने भूखंड खरीद लिए थे, जिन पर अब निगम का यह फैसला परेशानी बढ़ा सकता है। नगर निगम आयुक्त का क्या कहना है? नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियों में आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और नियमितीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसी कारण संबंधित कालोनाइजरों को शेष प्लॉट बेचने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam Firing News: दिनदहाड़े सराफा व्यापारी के घर पर चली गोली, CCTV में कैद हुए चार बदमाश, इलाके में दहशत

Ratlam Firing News: रतलाम के सैफी नगर में सराफा व्यापारी कमल सोनी के घर पर दिनदहाड़े फायरिंग। CCTV में चार बदमाश कैद, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के सैफी नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी के घर पर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोली घर की खिड़की का कांच तोड़ते हुए अंदर तक पहुंच गई। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। घटना का CCTV देखे चार बदमाशों ने चलती बाइक से किया हमला जानकारी के अनुसार, दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में रहने वाले सराफा व्यापारी कमल सोनी के मकान पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे। सभी आरोपितों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आगे चल रही बाइक के पीछे बैठे एक युवक ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। उसने अचानक पिस्टल निकाली और चलती बाइक से ही मकान की ओर निशाना साधते हुए फायर कर दिया। गोली घर की कांच की खिड़की तोड़ते हुए अंदर घुसी और दीवार से टकराकर दरवाजे के पास पड़े पैरदान पर जाकर गिर गई। घर में मौजूद था पूरा परिवार फरियादी कमल सोनी ने पुलिस को बताया कि उनकी केके मार्केट में श्री गणेश ज्वेलर्स नाम से दुकान है। घटना के समय वह अपने सबसे छोटे बेटे दिव्यांशु के साथ दुकान पर थे। घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, बड़ा बेटा अमित और मझला बेटा अश्विन मौजूद थे। मनीषा सोनी घर के नीचे वाले हिस्से में सोफे पर लेटी हुई थीं, जबकि दोनों बेटे ऊपर कमरे में थे। अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर पूरा परिवार घबरा गया। जब उन्होंने देखा कि गोली घर के अंदर तक पहुंच चुकी है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और साइबर टीम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी अनुराग यादव और साइबर टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है। सुरक्षा की मांग, पुलिस जांच में जुटी घटना के बाद कमल सोनी और उनके परिवार ने सुरक्षा की मांग की है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने इलाके के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे किसी प्रकार की पुरानी रंजिश, धमकी या अन्य आपराधिक कारण तो नहीं है। Ratlam Firing News: दिनदहाड़े सराफा व्यापारी के घर पर चली गोली, CCTV में कैद हुए चार बदमाश, इलाके में दहशत Gold-Silver Rate Crash: दो दिन में ₹22,000 टूटी चांदी, सोना भी हुआ धड़ाम; खरीदारी का सुनहरा मौका? Ratlam News: सरकारी स्कूल के पास मिला रहस्यमयी युवक का शव, जेब में मिला 'वीर बहादुर सिंह' नाम का आईडी कार्ड; नेपाली होने का अनुमान EPFO Good News: अब ATM और UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा! 7 करोड़ कर्मचारियों को जून में मिल सकती है बड़ी सुविधा MP News: कोर्ट के आदेश से मचा हड़कंप! दो TI समेत 100 पुलिसकर्मियों पर FIR, 30 मिनट की कार्रवाई पर उठे सवाल MP Police Direct Recruitment: खिलाड़ियों के लिए CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, अब बिना परीक्षा मिलेगी पुलिस में नौकरी! ट्रेन में सीट नहीं मिली तो युवक ने फैलाई बम की अफवाह, रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप; जांच के बाद गिरफ्तार Ratlam News: आलोट अस्पताल में BMO से मारपीट: डॉक्टरों की हड़ताल, CCTV में कैद हुई पूरी घटना E20 Petrol Insurance Claim: E20 पेट्रोल डलवाने पर रिजेक्ट हो जाएगा इंश्योरेंस क्लेम? बढ़े विवाद के बाद कंपनी ने दी बड़ी सफाई Ratlam News: रतलाम में हिंदू युवती का शोषण: जबरन धर्म परिवर्तन कर निकाह, 3 साल तक प्रताड़ना; गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी का आरोप Ratlam News: रतलाम में शादी के नाम पर 2.80 लाख की ठगी! 3 दिन बाद भाई के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन Click here

Ratlam News: रतलाम में शिक्षा विभाग का बाबू 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, रिटायर्ड शिक्षक से मांगी थी 20 हजार की घूस

रतलाम जिले के जावरा में शिक्षा विभाग के बाबू को लोकायुक्त टीम ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। रिटायर्ड शिक्षक से पीपीओ और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले मांगी थी घूस। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा में मंगलवार को उज्जैन लोकायुक्त टीम ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी ने एक रिटायर्ड शिक्षक का सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे कार्यालय में ही ट्रैप कर लिया। रिटायर्ड शिक्षक से मांगे थे 20 हजार रुपए लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट शासकीय उमावि हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा में उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और 31 मई को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें रिटायरमेंट सर्टिफिकेट और पीपीओ जारी करवाना था। आरोप है कि जावरा के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 बाबू अनिल वर्मा ने इन दस्तावेजों को जारी करने के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ। कई दिनों तक लगवाए चक्कर, फिर पहुंची शिकायत लोकायुक्त तक जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड शिक्षक पिछले चार से पांच दिनों से अपने दस्तावेजों के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। बार-बार रिश्वत की मांग और काम में देरी से परेशान होकर उन्होंने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत मिलने के बाद वॉयस सैंपल और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। टेबल की दराज में रजिस्टर के नीचे छिपाए थे नोट मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 10 हजार रुपए आरोपी बाबू अनिल वर्मा ने स्वीकार कर लिए और अपनी टेबल की दराज में रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दिए। जैसे ही रिश्वत की राशि रखी गई, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत के रुपए भी बरामद कर लिए गए। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत, कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत लोकायुक्त विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त को दें। शिकायत के लिए लोकायुक्त उज्जैन एसपी के मोबाइल नंबर 9425103975 और कार्यालय नंबर 0734-2512756 पर संपर्क किया जा सकता है।

↑
0%