Ratlam News: शादी समारोह में युवक पर हमला, सिर में आई चोट; चार लोगों पर केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के अम्बेडकर नगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हो गया। समाज से बहिष्कृत होने की बात कहने वाले एक युवक पर चार लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो देखे पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह लोहारी का काम करता है और प्रकाश बावरी के घर आयोजित शादी समारोह में सुबह करीब 8 बजे शामिल होने गया था। इसी दौरान मोहल्ले के सत्यानारायण, अनिल तंवर, रोहन और योगेंद्र वहां मिले। आरोप है कि चारों ने उससे पूछा कि वह कार्यक्रम में क्यों आया है। युवक ने बताया कि उसे शादी में बुलाया गया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सत्यानारायण ने ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी, जिससे सामने की तरफ चोट लगी और खून बहने लगा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी मारपीट की। घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में डीजे विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या से शादी समारोह मातम में बदला

रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद में युवक की हत्या, तीन बारातें बिना फेरे लौटीं। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ताल थाना क्षेत्र के भोई मोहल्ले में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब डीजे ऑपरेटरों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया और एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और हालात बिगड़ने की आशंका के चलते तीनों बारातें बिना विवाह की रस्में पूरी किए ही वापस लौट गईं। घटना का वीडियो देखे तीन बेटियों की शादी में आई थीं तीन बारातें जानकारी के अनुसार, भोई मोहल्ला निवासी शंकरलाल भोई की तीन बेटियों का विवाह एक साथ आयोजित किया गया था। इस समारोह में हाटपिपलिया (उणी), रुनीजा और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के बसाड़ से तीन अलग-अलग बारातें आई थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन डीजे ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा ने माहौल बिगाड़ दिया। माइक पर गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बताया जा रहा है कि अलग-अलग बारातों के साथ आए डीजे संचालकों के बीच गाने बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि माइक पर ही गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। समझाइश देने पहुंचे युवक पर हमला मोहल्ले का रहने वाला दिलीप (22) अपने साथियों सुनील और रवि के साथ मौके पर पहुंचा और डीजे ऑपरेटरों को महिलाओं और परिवारजनों की मौजूदगी का हवाला देते हुए गाली-गलौज बंद करने को कहा। इसी बात से नाराज आरोपितों ने दिलीप और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। चाकू से हमला, रास्ते में मौत विवाद के दौरान एक डीजे ऑपरेटर ने दिलीप के पेट में चाकू मार दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य युवकों पर भी लोहे के पाइप से हमला करने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को पहले जावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रतलाम रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी मृतक दिलीप की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। परिवार में पत्नी, माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है। तनाव के चलते तीनों बारातें लौटीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए तीनों बारातें बिना फेरे लिए ही वापस लौट गईं और शादी का कार्यक्रम पूरी तरह से रद्द हो गया। दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार, मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में सनसनी: मथुरी तालाब में तैरते मिले दो शव, इलाके में हड़कंप

रतलाम के मथुरी तालाब में दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस, गोताखोर और FSL टीम जांच में जुटी। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के करमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों के शव पानी में तैरते हुए देखे गए। सबसे पहले यह दृश्य गांव के कुछ ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो देखे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और गोताखोर टीम की कार्रवाई तालाब से शवों को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी गई है, ताकि मृतकों की पहचान हो सके। एफएसएल टीम भी जांच में जुटेगी घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। यह टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मौत के कारणों का पता लगाने में मदद करेगी।

रतलाम में बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, कथित अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

रतलाम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न कथित आपराधिक और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पढ़ें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर देश और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने माननीय जिला कलेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन में कथित अवैध गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीडियो देखे ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि हाल के कुछ मामलों ने सामाजिक ताने-बाने और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, और जबरन धर्मांतरण जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा, ज्ञापन में सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनजातीय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि वे राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। वहीं, इस मामले में प्रशासन की ओर से कहा गया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और संबंधित बिंदुओं पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रतलाम में सेवा भारती की चित्रकला प्रतियोगिता: 250 विद्यार्थियों ने ‘सेवा’ थीम पर दिखाया हुनर

रतलाम में सेवा भारती द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ‘सेवा’ विषय पर बनी रचनाओं ने समाज, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सेवा भारती रतलाम द्वारा विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के तीन प्रमुख विद्यालयों — पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रेलवे स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर, काटजू नगर — के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “सेवा” रखा गया था। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला के जरिए समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की कल्पनाशीलता, रंगों का संयोजन और विषय की गहरी समझ ने निर्णायकों को भी काफी प्रभावित किया। तीनों विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 10 विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया। सेवा भारती रतलाम के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सेवा भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की पद्मनाभ जोशी, संगमित्रा सोनी, रेलवे स्कूल के प्राचार्य जयदेव गोस्वामी, राष्ट्रीय कलाकार महावीर प्रसाद वर्मा, आशुतोष शर्मा सहित सेवा भारती के पदाधिकारी अनुज छाजेड़, मोहित कसेरा, अभिनव बरमेचा, शीतल भंसाली, संगीता जैन, निधि अग्रवाल, आशा दुबे, संजीव पाठक, स्वाति पाटनी, नितिन फलोदिया, राकेश मोदी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ratlam News: रतलाम के नामली थाने में सनसनी: बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार पिता ने हवालात में लगाई फांसी

रतलाम के नामली थाने में दुष्कर्म के आरोपी पिता ने हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 16 वर्षीय बेटी ने दर्ज कराया था केस, पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के नामली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने पुलिस हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, नामली थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी ने बुधवार शाम अपने ही पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। एफआईआर में उसने आरोप लगाया कि उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को उसी रात करीब 9:30 बजे गिरफ्तार कर लिया और हवालात में बंद कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे आरोपी ने हवालात के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कैसे हुई घटना सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी रात करीब 3 बजे तक हवालात में बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद उसने पानी के पाइप से अपने पजामे के नाड़े के सहारे फांसी लगा ली। सुबह करीब 4 बजे हवालात प्रभारी नारायण जादौन ने जब सीसीटीवी चेक किया तो आरोपी फंदे पर लटका हुआ मिला। तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे अधिकारी  घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर ने बताया:“हवालात में बंद आरोपी द्वारा फांसी लगाने की घटना सामने आई है। मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।” मौके पर ही डॉक्टर राजेश मंडलोई ने शव का प्राथमिक परीक्षण किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। परिजनों के आरोप घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष ने प्रताड़ित कर झूठा मामला दर्ज कराया। मृतक की मां और बहन ने भी पत्नी, बेटी और साले पर मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पत्नी, बेटी और साले को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।

Ratlam News: धराड़ में बरात बनी बवाल! चाकूबाजी से भड़का सांप्रदायिक तनाव, बाजार बंद की चेतावनी

धराड़ में बरात के दौरान विवाद ने लिया सांप्रदायिक रूप, चाकूबाजी में युवक घायल, बजरंग दल और विहिप ने बाजार बंद की चेतावनी दी। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News:  रतलाम जिले के धराड़ गांव में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव में बदल गया। चाकूबाजी और पथराव की इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना का वीडियो देखे क्या है पूरा मामला?  मंगलवार रात करीब 11:20 बजे बिलपांक थाना क्षेत्र के धराड़ में कुछ युवक भाटी बड़ोदिया रोड पर स्थित एक हेयर सैलून के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक मुस्लिम परिवार की बरात वहां से गुजर रही थी। आरोप है कि बरात में शामिल कुछ लोगों ने वाहन रोककर नाम पूछते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ ही देर में 15-20 लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि पथराव भी शुरू कर दिया। इसी दौरान चाकू निकालकर दो युवकों—आदित्य वर्मा (22) और रूपसिंह चंद्रावत (26)—पर हमला कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। कैसे बढ़ा तनाव? घटना के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। बजरंग दल और अन्य कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति और बिगड़ने पर दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें अशोक पाटीदार, त्रिलोक प्रजापत और बादल राणा भी घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन का एक्शन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। रातभर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के अनुसार,“प्रारंभिक जांच में गाड़ी निकालने को लेकर विवाद सामने आया है। घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।” संगठनों की चेतावनी और बाजार बंद घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद धराड़ ने अपील जारी करते हुए कहा है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी और उनका जुलूस नहीं निकाला जाएगा, तब तक धराड़ का बाजार बंद रखा जाएगा। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी तोड़फोड़ की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वर्तमान स्थिति फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि स्थानीय लोग भय और अनिश्चितता के माहौल में हैं।

Ratlam News: जावरा-उज्जैन मार्ग पर धधकी पिकअप: चलते-चलते फ्यूल टैंक में लगी आग, मिनटों में जलकर राख

जावरा-उज्जैन मार्ग पर पिकअप में आग लगने से हड़कंप, इंदौर से अजमेर जा रही गाड़ी जलकर राख। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, जनहानि नहीं। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा-उज्जैन मार्ग पर मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चलते-चलते एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग इतनी भयानक हो गई कि पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना का वीडियो देखे जावरा-उज्जैन मार्ग पर पिकअप में आग कैसे लगी? यह घटना रतलाम जिले के जावरा थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत रेवास फंटा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, केसर सिंह (निवासी ग्राम गौड़ियावास, जिला अजमेर) बोलेरो पिकअप (RJ 01 GC 6060) से इंदौर से अंडों की खाली ट्रे लेकर अजमेर जा रहे थे। रास्ते में रेवास फंटा से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक पिकअप के बोनट के अंदर फ्यूल टैंक ने आग पकड़ ली। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और खुद बाहर निकल गया। फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी घटना की सूचना मिलते ही जावरा नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरी पिकअप जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह चपेट में आ गया। पुलिस का बयान जावरा थाना औद्योगिक प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि:“घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। समय रहते चालक वाहन से बाहर निकल गया था। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।”

Ratlam News: रतलाम में नई शराब दुकान का विरोध: महिलाओं का चक्काजाम, ‘जय भीम-जय भारत’ के नारों के बीच सड़क जाम

रतलाम के शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच खुलने वाली नई शराब दुकान का जोरदार विरोध, महिलाओं ने सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को क्षेत्र के रहवासी, खासकर महिलाएं, तपती धूप में सड़क पर उतर आईं और दुकान के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं। वीडियो देखे प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में ‘जय भीम, जय भारत’ के झंडे और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बैनर लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस विरोध के दौरान रहवासियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को मार्ग डायवर्ट करना पड़ा। व्यापारियों ने भी दिया समर्थन विरोध के चलते शहीद चौक व्यापारी संघ ने अपनी दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन को समर्थन दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। रहवासियों की चिंता स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ेगा। रहवासियों ने बताया कि पास में पाठशाला और लाइब्रेरी है, जहां बच्चों का आना-जाना रहता है।उनका कहना है कि एक ओर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी जगह पर शराब दुकान खोलना विरोधाभासी है। साथ ही शहीद चौक जैसे श्रद्धास्थल के पास दुकान खोलने पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। पहले भी हो चुका है विरोध बताया जा रहा है कि इससे पहले शनिवार को भी रहवासियों ने इस दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, पहले शराब दुकान आबकारी कंपाउंड के अंदर स्थित थी, जिसे नए ठेके के बाद मुख्य सड़क पर स्थानांतरित किया जा रहा है। नए ठेकेदार द्वारा दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, हालांकि अभी तक दुकान में शराब का स्टॉक नहीं रखा गया है। अधिकारियों का पक्ष आबकारी सब इंस्पेक्टर पुष्पराज सिंह का कहना है कि दुकान में फिलहाल कोई सामान नहीं है और विरोध का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी है और संबंधित विभागों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी निर्णय से पहले स्थानीय रहवासियों की राय जरूर ली जाए।

Ratlam News: रतलाम में देर रात लूट: माही नदी पुल के पास परिवार को चाकू की नोक पर लूटा, आधा दर्जन बदमाश फरार

रतलाम के बाजना क्षेत्र में माही नदी पुल के पास देर रात लूट की वारदात, कुशलगढ़ निवासी परिवार से नकदी और जेवरात छीने, पुलिस जांच में जुटी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बाजना क्षेत्र में देर रात लूटपाट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जावरा से राजस्थान के कुशलगढ़ लौट रहे एक परिवार को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर चाकू की नोक पर लूट लिया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आधा दर्जन बदमाशों ने घेरकर की लूट प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशलगढ़ निवासी कादर खान अपनी बेटी और तीन वर्षीय पोते के साथ बाइक से जावरा से घर लौट रहे थे। जब वे रतनपुर के पास माही नदी से करीब 9 किलोमीटर पहले पहुंचे, तभी रात करीब 12 बजे 6 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने धारदार हथियार (चाकू) दिखाकर परिवार को डराया-धमकाया। एक बदमाश ने कादर खान की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार सहम गया। नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज लूटे पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब 5 हजार रुपये नकद, उनकी बेटी से 15 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स लूटकर ले गए। इसके अलावा बाइक की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और कपड़ों से भरा बैग सहित अन्य जरूरी सामान भी छीन लिया गया। वाहन की लाइट देखकर भागे बदमाश इसी दौरान बाजना की ओर से आ रही एक मैजिक पिकअप वाहन की रोशनी देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार रात करीब 1 बजे बाजना थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस गश्त पर उठे सवाल बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शुरू की तलाश फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

↑
0%