Ratlam News: सलवानिया और नारायणगढ़ के पंचायत सचिव निलंबित, अधूरे कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सलवानिया और नारायणगढ़ के सचिवों को अधूरे निर्माण कार्यों और वित्तीय अनियमितताओं के चलते निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत रतलाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रृंगार श्रीवास्तव द्वारा मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत की गई है। ग्राम पंचायत सलवानिया में अनुसूचित जनजाति बस्ती विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2018 में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य अधूरा पाया गया। इस मामले में तत्कालीन सचिव श्री कोदर सिंह कटारा पर ₹3 लाख की वसूली प्रतिवेदित की गई है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत नारायणगढ़ अंतर्गत ग्राम खाखराकुंडी नयापाड़ा में सीसी रोड का निर्माण भी अधूरा रहा, जिसके लिए तत्कालीन सचिव श्री राजेंद्र सिंह मेईडा (उर्फ राजकुमार मेईडा) पर ₹10 लाख की वसूली निर्धारित की गई है। इन दोनों अधिकारियों को पूर्व में कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए पेशी के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। किंतु, दोनों ही अधिकारी बार-बार की गई पेशियों में अनुपस्थित रहे। पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, कार्य के प्रति गंभीर असावधानी और वित्तीय अनियमितताओं को देखते हुए दोनों सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला पंचायत रतलाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा। यह कार्रवाई पंचायत स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

Ratlam News: 12वीं में फेल होने पर युवती ने की आत्महत्या: मामा के घर से लौटते ही लगाई फांसी, प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के मलवासा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 21 वर्षीय युवती महिमा परमार ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में फेल होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिमा प्राइवेट रूप से परीक्षा दे रही थी और एक विषय में फेल हो गई थी, जिससे वह काफी तनाव में थी। घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब महिमा घर की पहली मंजिल पर ब्रश करने गई थी। काफी देर तक नीचे नहीं लौटने पर उसकी 12 वर्षीय छोटी बहन हर्षिता उसे देखने ऊपर गई, जहां उसने खिड़की से महिमा को फांसी पर झूलते देखा। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक दिन पहले मामा के घर से लौटी थीपरिजनों ने बताया कि महिमा बुधवार को ही खाचरौद स्थित अपने मामा के घर से लौटी थी। रिजल्ट आने के बाद से ही वह तनाव में थी और इस वजह से कुछ दिन मामा के घर पर ही रह रही थी। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं सकी। स्कूल में पढ़ाती थी, साथ ही कोचिंग भी करती थीमहिमा गांव के एक निजी मिडिल स्कूल में पढ़ाती थी और कोचिंग भी जाती थी। वह आर्ट्स स्ट्रीम की छात्रा थी। उसके पिता का ईंट भट्टे का व्यवसाय है, जबकि परिवार में मां, एक छोटा भाई राज (17) और बहन हर्षिता (12) हैं। सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस जांच जारीनामली थाना के एसआई एसएस परमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला परीक्षा में फेल होने के तनाव से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। महिमा ने घर की पहली मंजिल पर वेंटिलेशन में फांसी का फंदा लगाया था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Ratlam News: रतलाम में युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की आशंका, CCTV में भागते हुए नजर आया, पुलिस जांच में जुटी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित मित्र निवास कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रत्नेश्वर रोड निवासी अरुण के रूप में हुई है। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटना स्थल के पास लगे CCTV फुटेज में युवक को जान बचाकर भागते हुए देखा गया है। कालिका माता मंदिर के पास हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात अरुण का कालिका माता मंदिर परिसर में कुछ अज्ञात लोगों से विवाद हुआ था। इसके कुछ घंटों बाद गुरुवार सुबह मंदिर से लगभग 100 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में उसका शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने सुबह जब कचरा फेंकने के दौरान शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश खाखा और स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस आसपास लगे सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि, “शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। CCTV में युवक के दौड़ते हुए दृश्य मिले हैं। आसपास के सभी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।” स्थानीय लोग डरे, सुरक्षा को लेकर सवाल इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। वहीं पुलिस की सक्रियता और CCTV फुटेज की जांच से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

Ratlam News:  रतलाम शहर मानसून से पहले संकट में — सीमा टाक ने उठाए नगर निगम की अधोसंरचना पर सवाल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: मानसून की दस्तक से पहले रतलाम शहर की जर्जर अधोसंरचना एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। समाजसेवी और पूर्व पार्षद श्रीमती सीमा टाक ने नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने महापौर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्यवाही की मांग की है। सीमा टाक ने कहा कि बारिश के पहले हर साल जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कें और अव्यवस्थित यातायात जैसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन नगर निगम की कार्यप्रणाली में कोई ठोस सुधार नहीं दिखता। ❝ सीवर लाइन योजना का मूल उद्देश्य भुला दिया गया ❞ सीमा टाक ने पत्र में उल्लेख किया कि नगर में वर्षाजल और गंदे पानी की निकासी के लिए पृथक व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन सीवर लाइन योजना के क्रियान्वयन में यह मूल सिद्धांत पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। नतीजा यह है कि— “वर्षाजल सीधे सीवर लाइन में जा रहा है, जिससे सीवेज ओवरफ्लो हो रहा है और गंदा पानी सड़कों व घरों में भर रहा है।”  ये लापरवाहियां कर रहीं आमजन को परेशान:  मानसून पूर्व ठोस कदमों की मांग सीमा टाक ने नगर निगम को कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं: ‘दो साल बेमिसाल’ या ‘दो साल बेहाल’? सीमा टाक ने नगर निगम की ‘दो साल बेमिसाल’ अभियान पर भी सवाल उठाए और तंज कसते हुए कहा: “अगर यही ‘बेमिसाल’ विकास है, तो फिर स्वच्छता रैंकिंग और बुनियादी सुविधाओं में गिरावट क्यों देखी जा रही है?”

Ratlam News: सिवरेज सिस्टम बना मौत का कारण: पारस सकलेचा ने नगर निगम और ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में सिवरेज सिस्टम की बदहाली ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जहरीली सिवरेज गंदगी नालियों से बहकर अब घरों तक पहुँच रही है, जिससे स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने इस गंभीर स्थिति के लिए नगर निगम और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सिवरेज सिस्टम पूरी तरह फ्लॉप हो चुका है और नगर निगम ठेकेदार के एजेंट की तरह काम कर रहा है। भ्रष्टाचार ने किया शहर को तबाह सकलेचा ने आरोप लगाया कि सिवरेज परियोजना में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का भ्रष्टाचार हुआ है। योजना के अंतर्गत 6 सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने थे, लेकिन सिर्फ 2 प्लांट ही बने। इसके अलावा 53273 मकानों को जोड़ने का लक्ष्य था, पर सिर्फ 26939 मकानों को जोड़कर ही 138 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर दी गई। बरसात ने खोली पोल जैसे ही शहर में हल्की बारिश हुई, नालियों में जमा सिवरेज का काला और जहरीला पानी सड़कों पर फैल गया। सकलेचा ने बताया कि पाइप बिछाने में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई, और मेनहोल तथा हाउस सर्विस चैंबर भी सही स्थानों पर नहीं बनाए गए। कई घरों का सिवरेज सीधे नालियों में छोड़ा गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। बीमारियों का खतरा बढ़ा शहर की सड़कों पर फैली सिवरेज की गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। सकलेचा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थिति जनस्वास्थ्य आपदा में बदल सकती है। नगर निगम पर सवाल पूर्व विधायक ने कहा कि योजना के पूर्ण होने के बाद 5 साल का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड रखा गया था, इसके बावजूद ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ठेकेदार के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।

Ratlam News: बिहार STF की टीम का रतलाम में एक्सीडेंट: दो जवान शहीद, चार घायल, गुप्त मिशन पर जा रहे थे

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुजरात के गांधीधाम में एक कुख्यात अपराधी को पकड़ने जा रही बिहार STF की टीम सोमवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना का शिकार हो गई। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दो STF जवानों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। मारे गए जवानों की पहचान: घायल जवानों की सूची: हादसे का विवरण: कॉन्स्टेबल रंजन कुमार ने बताया कि वह डिक्की में सो रहे थे और उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि गाड़ी कैसे पलटी। मिथिलेश पासवान के अनुसार, वाहन 100 मीटर तक घिसटता चला गया। तीन जवान गाड़ी के पीछे सो रहे थे, जो हादसे के बाद जागे और स्थिति को समझ सके। प्रशासन की प्रतिक्रिया: रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि वाहन STF का ही था और टीम का एक अधिकारी ही गाड़ी चला रहा था। हादसे के कारणों की जांच जारी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के ADG (ऑपरेशन्स) कुंदन कृष्णन ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, “हमारे दो बहादुर जवानों ने ड्यूटी पर शहादत दी है। टीम एक बड़े अपराधी को पकड़ने जा रही थी। घायलों और शहीदों के पार्थिव शरीर को लाने के लिए एक विशेष टीम रतलाम भेज दी गई है।”

Ratlam News: सोने की उधारी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिला मुख्यालय पर बीते दिनों उधारी को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। लकड़ी व्यापारी अशोक कुमार खिमेसरा ने माणक चौक थाना पुलिस में रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक और सर्राफा व्यवसायी श्रीपाल मांडोत व उनके पुत्र सचिन मांडोत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज कराया है। अशोक खिमेसरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने रत्न सम्पत ज्वेलर्स से 18.860 ग्राम सोने की पोची 1,80,678 रुपये में खरीदी थी, जिसके बदले 1 लाख 65 हजार रुपये नकद अदा कर दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान करना शेष था। फरियादी का आरोप है कि 20 मई 2025 को व्यापारी श्रीपाल मांडोत और उनका बेटा सचिन मांडोत उनके रतलाम स्थित लक्कड़पीठा रोड स्थित घर पहुंचे और शेष राशि की तत्काल मांग की। जब खिमेसरा ने असमर्थता जताई, तो दोनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। अशोक खिमेसरा ने बताया कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी मीना कुमारी, पुत्री अंजली एवं दामाद रितेश जैन के साथ भी आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी दी कि यदि शेष राशि जल्द नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इस मामले में श्रीपाल और सचिन मांडोत के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। खिमेसरा ने यह भी आरोप लगाया कि मांडोत परिवार द्वारा संचालित सर्राफा व्यवसाय में पहले भी इस प्रकार की दबाव और धमकी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस जांच में जुटीमाणक चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: मिलावट पर सख्ती: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम में लगातार कार्रवाई जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहे हैं। आज की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा ताल और आलोट क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। ग्राम मंडावल में स्थित श्री कृष्ण टी स्टाल रेस्टोरेंट एंड किराना स्टोर से बेसन, चावल और चायपत्ती के नमूने लिए गए। वहीं, ग्राम आबूपुरा में स्थित सवारियां मावा भट्टी से मावा और दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा, मेन रोड आलोट स्थित स्वागत ट्रेडर्स से रवा, वंदन ट्रेडर्स से देसी घी तथा बड़ौद नाका आलोट स्थित खाटूश्याम टी स्टाल एवं रेस्टोरेंट से बेसन और मिठाई के नमूने एकत्रित किए गए। कार्रवाई के दौरान सभी दुकान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का भंडारण व विक्रय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी लिए गए नमूने भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को मिलावट मुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Ratlam News: बड़ोदिया गांव में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो घायल

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह, शराब के नशे में स्कूल परिसर में हुआ संघर्ष, 12 पर एफआईआर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। सरकारी स्कूल परिसर में शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरों की बौछार में बदल गई। इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय श्यामलाल पुत्र रूपलाल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरानी रंजिश बनी झगड़े की वजहघटना रात करीब 10 बजे की है, जब गांव से 10 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में दीपक नामक युवक के विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था। मृतक श्यामलाल का चचेरा भाई दीपक इस समारोह का मेजबान था। समारोह में बड़ोदिया और ईटावाखुर्द गांव के युवक शामिल हुए थे। इसी दौरान शराब पीते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जो हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। श्यामलाल की मौके पर ही मौत, दो घायललाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने के दौरान श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायल 28 वर्षीय मनोज और 23 वर्षीय दशरथ का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से पहले तोड़े गए सीसीटीवी कैमरेपुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने वारदात से पहले स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था, जिससे घटना का कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है। हमले की आवाजें सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। 12 पर एफआईआर, 8 हिरासत मेंघटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी स्वराज डाबी और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना एक माह पूर्व डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में हुई है। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 8 आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतक की एक माह पहले हुई थी शादीमृतक श्यामलाल हाल ही में शादी के बंधन में बंधा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चाचा लखन ने बताया कि हमले के वक्त श्यामलाल का छोटा भाई संजय भी वहां मौजूद था। संजय ने गांव के सुनील, गौरीशंकर और जगदीश पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईटावाखुर्द के युवकों को बुलाकर हमला करवाया। गांव में तनाव, पुलिस तैनातघटना के बाद बड़ोदिया गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

Ratlam News: चोरों का मंदिरों पर धावा: एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों में सेंधमारी, पुलिस को खुली चुनौती

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। चोरों ने न सिर्फ क्षेत्र के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया, बल्कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आवासीय क्षेत्र के पास स्थित जैन मंदिर में भी बड़ी चोरी की वारदात कर दी। एक ही रात में तीन मंदिरों में हुई चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए।  गौरतलब है की चोरी होने से एक रात पहले ही एसपी ने शहर में पुलिस की मुस्तेदी जांचने के लिए निरीक्षण किया था। जिसके अगले ही दिन चोरों ने तीन मंदिरों में ताले चटकाकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। यह दूसरी बार है जब पुलिस को चोरों ने खुली चुनोती दी है। नो दिन पूर्व चोरों ने कनेरी पुलिस लाइन में धावा बोला था। यहां हेड कांस्टेबल नीलेश पाठक के सुने मकान से करीब 50 हजार नगद व सोने- चांदी के जेवर उड़ा ले गए थे। पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है। और अब चोरों ने एसपी बंगले के पास के ही मंदिर को निशाना बनाकर खुली चुनौती दी है। जैन मंदिर में सीसीटीवी बंद कर मारी सेंध विक्रम नगर ऑफिसर्स कॉलोनी में स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जो कलेक्टर व एसपी बंगले से चंद मिनट की दूरी पर स्थित है, वहां सोमवार सुबह चोरी की घटना सामने आई। पुजारी शिवलाल जब सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार पर नकूचा लगा मिला, लेकिन ताले गायब थे। अंदर जाकर देखा तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। सूचना ट्रस्टी निर्मल जैन को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से लोहे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी रूम का ताला तोड़ा और डीवीआर के तार काट दिए जिससे कैमरे बंद हो गए। इसके बाद मुख्य मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकद राशि चुरा ले गए। दानपात्र से केवल नोट ले गए और चिल्लर छोड़ गए। पूजा में उपयोग आने वाले चांदी के पात्र भी चोर ले उड़े।  पंचमुखी हनुमान मंदिर भी बना निशाना थावरिया बाजार मेन रोड स्थित पंचेश्वर महादेव पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। पुजारी धर्मेश दशोत्तर ने सुबह मंदिर पहुंचकर जब दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख स्तब्ध रह गए। मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त था। समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा को सूचित किया। जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर के पास स्थित बगीचे के रास्ते से होकर पीछे के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। मंदिर में लगे दो दानपात्रों में से एक को वहीं खोल लिया जबकि बड़े दानपात्र को परिसर में एक तरफ ले जाकर तोड़ा और उसमें रखी राशि निकालकर भाग गए। दान राशि का अनुमान नहीं लगाया जा सका, क्योंकि दानपात्र 4-5 सालों बाद ही खोला जाता है। माताजी मंदिर के कैमरे में कैद हुए बदमाश जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में डॉट की पुल के आगे स्थित मां आद्य शिवशक्ति धाम माताजी मंदिर भी चोरों से नहीं बच सका। जानकारी के अनुसार यहां से चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद चुराए। इसके अलावा, माताजी की मूर्ति पर चढ़े लगभग आधा किलो चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। खास बात यह रही कि इस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। दानपात्र तोड़ते समय की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है। फिंगरप्रिंट मिले, जांच शुरू घटनाओं की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश खाखा, एफएसएल टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंदिरों से एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट जुटाए है। एसपी अमित कुमार ने बताया  तीनों घटनाएं एक ही रात में हुई हैं, जो किसी संगठित बाहरी गैंग की ओर इशारा करती हैं। मामले की जांच बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान को सौंपी गई है। पुलिस को कुछ तकनीकी सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।