Ratlam news: रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष की कार पर पत्थरबाजी, कांच टूटा; कार्यकर्ता घायल, बाल-बाल बचे नेता

रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। हमले में कार का कांच टूट गया और एक कार्यकर्ता घायल हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में कार का शीशा टूट गया और एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया। हालांकि कार में सवार भाजपा जिलाध्यक्ष और जिला उपाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। रावटी जाते समय हुआ हमला जानकारी के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन और कार्यकर्ता चिराग नाहर सोमवार रात रावटी में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तीनों उपाध्यक्ष जुबिन जैन की कार में सवार थे। रात करीब 8 बजे जब उनकी कार मोरवानी क्षेत्र के पास आमलीपाड़ा गांव के आसपास पहुंची, तभी अचानक एक बड़ा पत्थर कार पर आकर लगा। पत्थर ड्राइवर के पीछे वाली खिड़की पर लगा, जिससे कांच चकनाचूर हो गया। कार्यकर्ता चिराग नाहर के सिर में लगी चोट हमले के दौरान पीछे की सीट पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता चिराग नाहर को पत्थर सिर पर लग गया, जिससे वह घायल हो गए। कार में आगे की सीट पर जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय बैठे थे, जबकि पीछे जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन मौजूद थे। दोनों नेता इस हमले में सुरक्षित रहे। घटना के बाद कार सवारों ने कुछ दूरी पर जाकर वाहन रोका और तत्काल पुलिस को सूचना दी। गोफन से हमला करने का आरोप भाजपा जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन ने दावा किया कि कार पर गोफन (गुलेल) के माध्यम से पत्थर फेंका गया है। उन्होंने बताया कि पत्थर काफी तेज गति से कार पर आकर लगा, जिससे कांच टूट गया और कार्यकर्ता घायल हो गया। घायल चिराग नाहर को रात में ही रतलाम लाकर उपचार कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि देर रात तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पत्थर फेंकने वाले बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Ratlam News: फेसबुक पर 10 लाख के लोन का लालच पड़ा भारी, किसान से ठगे 9.66 लाख रुपए; बैंककर्मी बनकर ठगों ने किया खेल

रतलाम के बिलपांक में फेसबुक पर 10 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 57 वर्षीय किसान से 9.66 लाख रुपए ठग लिए। बैंककर्मी बनकर क्यूआर कोड के जरिए रकम जमा करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। फेसबुक पर लोन दिलाने का विज्ञापन देखकर एक किसान ठगों के जाल में फंस गया। ठगों ने पहले 10 लाख रुपए का लोन देने का भरोसा दिलाया और बाद में विभिन्न बहानों से करीब 9.66 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैसे शुरू हुआ पूरा मामला? बिलपांक थाना क्षेत्र के बिरमावल निवासी 57 वर्षीय किसान शंकरलाल पाटीदार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फेसबुक पर अशोक मल्होत्रा नाम के व्यक्ति का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दावा किया गया था कि जरूरतमंद लोगों को आसानी से लोन उपलब्ध कराया जाता है। विज्ञापन देखने के बाद शंकरलाल ने संपर्क किया और 10 लाख रुपए की जरूरत बताई। इस पर आरोपी ने कहा कि वह 10 लाख नहीं बल्कि 25 लाख रुपए तक का लोन दिला सकता है। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनके पास कॉल और मैसेज आने लगे। बैंक अधिकारी बनकर रची गई ठगी की साजिश शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिनों बाद एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए फोन किया। उसने कहा कि उनके पास इटली की करेंसी में बड़ी रकम उपलब्ध है, जिसे भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए कुछ प्रोसेसिंग चार्ज जमा करना होगा। इसके बाद ठगों ने क्यूआर कोड भेजना शुरू कर दिया। शुरुआत में 2 हजार, 7 हजार और 15 हजार रुपए जमा करवाए गए। धीरे-धीरे अलग-अलग बहानों से और रकम मांगी गई। 4 अप्रैल से 20 मई के बीच शंकरलाल ने विभिन्न क्यूआर कोड पर कुल 9 लाख 66 हजार 463 रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो लोन मिला और न ही जमा की गई राशि वापस मिली। डराकर और भ्रमित कर ऐंठे लाखों रुपए पीड़ित का आरोप है कि पहले उसे बड़े लोन का लालच दिया गया और बाद में विभिन्न टीम सदस्यों ने फोन कर दबाव बनाया। कभी दस्तावेज सत्यापन तो कभी विदेशी करेंसी बदलने के नाम पर पैसे मांगे गए। जब तक उसे ठगी का एहसास हुआ, तब तक लाखों रुपए उसके खाते से निकल चुके थे। पुलिस ने दर्ज किया मामला बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और मोबाइल नंबरों व बैंकिंग ट्रांजैक्शन की जानकारी खंगाली जा रही है।

Ratlam News: रतलाम में ‘स्वाद’ के नाम पर सेहत से खिलवाड़! जूस सेंटर पर छापा, एक्सपायरी अमूल क्रीम और गंदगी का खुलासा

रतलाम के आदर्श जूस सेंटर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। जांच में एक्सपायरी अमूल फ्रेश क्रीम, अव्यवस्थित खाद्य सामग्री और गंदगी मिली। चार सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने शहर के जूस और डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार दोपहर दो बत्ती चौराहा स्थित आदर्श जूस सेंटर पर उज्जैन संभागीय उड़नदस्ते ने औचक छापा मारकर कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट की अमूल फ्रेश क्रीम, अव्यवस्थित खाद्य सामग्री और साफ-सफाई में भारी लापरवाही सामने आई। घटना का वीडियो देखे भोपाल के निर्देश पर हुई कार्रवाई प्रदेशभर में मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। भोपाल आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा और बीएस देवलिया की टीम ने आदर्श जूस सेंटर पर पहुंचकर जांच शुरू की। बाद में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार गुप्ता को भी मौके पर बुलाया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान में मिल्क शेक, जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, पनीर और अन्य खाद्य सामग्री रखी मिली। साथ ही शेक बनाने में इस्तेमाल होने वाले रंग खुले में रखे पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करते हैं। एक्सपायरी अमूल क्रीम का हो रहा था उपयोग जांच में अमूल फ्रेश क्रीम के एक-एक लीटर के पैकेट मिले, जिनकी एक्सपायरी तिथि 15 मार्च 2026 थी। अधिकारियों के अनुसार एक्सपायरी अवधि समाप्त होने के बाद भी इनका उपयोग किया जा रहा था। डिस्प्ले फ्रिज में ऐसे दो पैकेट पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। इसके अलावा दुकान में चारों ओर गंदगी और खाद्य सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण की स्थिति भी सामने आई। अधिकारियों ने इसे उपभोक्ताओं की सेहत के लिए गंभीर खतरा बताया। चार सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिल्क शेक, अनार जूस, अमूल फ्रेश क्रीम और पनीर के नमूने लेकर उन्हें सील किया। सभी सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जब्त पनीर ले जाने पर हुआ विवाद कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया। सेंपलिंग के दौरान जब्त किया गया पनीर एक व्यक्ति बिना अनुमति अपने साथ ले गया। पूछताछ में पता चला कि वह राजेंद्र नगर निवासी प्रकाश सोयल था, जो बालाजी मिल्क एजेंसी संचालित करता है। अधिकारियों ने उसे तुरंत मौके पर बुलाया, लेकिन वह जब्त किया गया पनीर साथ नहीं लाया। बाद में उसे फटकार लगाई गई और वास्तविक पनीर वापस लाने के निर्देश दिए गए। काफी देर बाद जब्त किया गया वही पनीर अधिकारियों को सौंपा गया, जिसके बाद उसकी विधिवत सैंपलिंग की गई। अधिकारी ने क्या कहा? खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि आदर्श जूस सेंटर पर कई अनियमितताएं पाई गई हैं। दुकान में साफ-सफाई का अभाव था, खाद्य सामग्री अव्यवस्थित रखी गई थी और खुले रंगों का उपयोग किया जा रहा था। साथ ही एक्सपायरी अमूल फ्रेश क्रीम का इस्तेमाल भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं और प्रकरण आगे की कार्रवाई हेतु जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सौंप दिया गया है। शहर के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान जारी रहेगा।

Ratlam News: गाय का कटा सिर मिलने से बवाल, हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम; प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

रतलाम के सिविक सेंटर क्षेत्र में गाय का कटा सिर और अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लगे, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सिविक सेंटर क्षेत्र में गुरुवार को गाय का कटा सिर और अन्य अवशेष मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वीडियो देखे मौके पर पहुंचकर भड़के कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी गनी शक्तावत ने बताया कि उन्हें पहले केवल गौ अवशेष मिलने की सूचना मिली थी, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जो स्थिति सामने आई, उसने सभी को झकझोर दिया। उनके अनुसार यह केवल अवशेष नहीं, बल्कि गाय के शरीर का आधा हिस्सा था। उन्होंने कहा कि रतलाम में इस तरह की यह दूसरी घटना है और अब तक प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को शांत कर देता है, जबकि जमीन पर कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता। उन्होंने नगर निगम पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निगम सड़क से गायों को पकड़कर अवैध रूप से छोड़ देता है, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। जान से मारने की धमकियों का आरोप गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि जब तक गाय के पूरे अवशेष बरामद नहीं किए जाते और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि थाने में आवेदन देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। लोकेंद्र टॉकीज से सैलाना बस स्टैंड तक बढ़ा प्रदर्शन प्रदर्शनकारी लोकेंद्र टॉकीज चौराहे से सैलाना बस स्टैंड की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ता दोबारा सड़क पर बैठ गए और नगर निगम कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रभारी सीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी किशोर पाटन वाला, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी सहित शहर के चारों थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं एसडीएम आर्ची हरित और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी हालात संभालने में जुटे रहे। अवैध झोपड़ियों पर उठे सवाल जिस क्षेत्र में गाय के अवशेष मिले हैं, वह नगर निगम और निजी जमीन का हिस्सा बताया जा रहा है। यहां एक समुदाय विशेष के घुम्मड़/साठिया समुदाय के लोगों द्वारा अवैध झोपड़ियां बनाकर रहने की बात सामने आई है। हिंदू संगठनों ने इसी समुदाय के कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब एक साल पहले भी इसी इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय प्रशासन ने सात दिन के भीतर अवैध झोपड़ियां हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि सात दिन के भीतर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध झोपड़ियों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर मिले अवशेषों की जांच कराई जा रही है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Ratlam News: सैलाना में विधायक कमलेश्वर डोडियार का औचक निरीक्षण: पेयजल संकट और बंद पड़े कामों पर फूटा गुस्सा, धरने की चेतावनी

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने वार्ड शिविर का औचक निरीक्षण कर पेयजल संकट, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे और अधूरे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई। सीएमओ को जल्द समाधान के निर्देश, नहीं तो धरने की चेतावनी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना में बुधवार को विधायक कमलेश्वर डोडियार ने वार्ड क्रमांक 3 में आयोजित वार्ड शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने पेयजल संकट, अधूरे निर्माण कार्य और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों जैसी कई समस्याएं विधायक के सामने रखीं। लोगों की शिकायतें सुनते ही विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द समाधान नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी भी दी। वीडियो देखे पेयजल संकट से परेशान वार्डवासी वार्ड क्रमांक 3 के रहवासियों ने विधायक को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। नियमित जल सप्लाई नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ पर लगे गंभीर आरोप निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 2 में गली और नाली निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद सामने आया। पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने सीएमओ मनोज शर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार मांग और शिकायत करने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे पर विधायक ने भी नाराजगी जताई और अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर भी सख्त रुख वार्ड क्रमांक 3 में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े होने की शिकायत भी क्षेत्रवासियों ने विधायक के सामने रखी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए विधायक डोडियार ने तत्काल थाना प्रभारी को कैमरे चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना निरीक्षण के दौरान विधायक कमलेश्वर डोडियार ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे जनता के साथ धरना देने को मजबूर होंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और सभी लंबित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, पार्षद विशाल धभाई, कुलदीप कुमावत सहित परिषद के कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Ratlam News: रतलाम में मसीही सम्मेलन पर बवाल: विहिप-बजरंग दल का मतांतरण का आरोप, होटल अजंता पैलेस बना तनाव का केंद्र

रतलाम के होटल अजंता पैलेस में आयोजित मसीही सम्मेलन में विहिप और बजरंग दल ने मतांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच जारी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में आयोजित एक मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन बुधवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। संगठनों ने सम्मेलन की आड़ में कथित मतांतरण कराने का आरोप लगाया, जिसके बाद होटल अजंता पैलेस के बाहर तनावपूर्ण माहौल बन गया। वीडियो देखे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर हॉल का मुख्य गेट बंद कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आयोजन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। मसीही सम्मेलन में हंगामे से गरमाया माहौल रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित होटल अजंता पैलेस में यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल रतलाम और रतलाम पास्टर्स फैलोशिप द्वारा 26 और 27 मई को दो दिवसीय “जीवन दर्शन” मसीही आध्यात्मिक सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दूसरे दिन अचानक विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आयोजन केवल ईसाई समुदाय के लिए घोषित किया गया था, लेकिन अंदर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद थे। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने कथित मतांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। जय श्रीराम और नरेंद्र मोदी के नारों से गूंजा परिसर हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। एक ओर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया, वहीं दूसरी ओर मसीही समाज के लोगों ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और होटल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। पुलिस ने एहतियातन हॉल का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया ताकि विवाद और न बढ़े। आयोजकों ने आरोपों को बताया निराधार यूसीसीआर जिला सेक्रेटरी बिनोय कुरियाकोस ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सम्मेलन पूरी तरह आध्यात्मिक उन्नति और प्रार्थना पर आधारित था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बैनरों और निमंत्रण पत्रों में स्पष्ट लिखा गया था कि यह सम्मेलन केवल मसीही विश्वासियों के लिए है। उन्होंने बताया कि वर्तमान माहौल को देखते हुए सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए 50 रुपये का रजिस्ट्रेशन रखा गया था। साथ ही प्रतिभागियों को दी गई आईडी पर यह भी उल्लेख किया गया था कि वे अपनी इच्छा से कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। राजस्थान से आए थे मुख्य प्रचारक सम्मेलन में जयपुर के आचार्य विकास मुख्य प्रचारक के रूप में शामिल हुए थे, जबकि संगीत आराधना के लिए पीएस विलियम मैसी पहुंचे थे। आयोजन समिति का कहना है कि कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोग रतलाम और आसपास के क्षेत्र के ही थे। पुलिस कर रही जांच हंगामे के बाद बजरंग दल जिलाध्यक्ष राधेश्याम रावल और जिला संयोजक मुकेश व्यास सहित कई पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से आयोजन बंद कराने और आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।

Ratlam News: सैलाना में 9 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा: CCTV ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई 9 लाख की सोने-चांदी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन सुरक्षा कवच के CCTV कैमरों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद किया गया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के सैलाना में हुई लाखों रुपए की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं। वीडियो देखे शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई थी बड़ी चोरी जानकारी के अनुसार, सैलाना निवासी प्रेम जैन ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात वे अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले। दुकान से करीब 4.5 किलो चांदी के आभूषण और लगभग 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी पाए गए। चोरी गए माल की कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई। CCTV कैमरों से मिला बड़ा सुराग घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए कैमरों में एक आरोपी दुकान के अंदर पीले प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरते दिखाई दिया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता नजर आया। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के झकनावदा पहुंची। ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया। आरोपियों ने कबूला जुर्म पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आनंद गुर्जर और विकास उर्फ फरीद हुसैन निवासी झकनावदा जिला झाबुआ बताए। दोनों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका, घटना में इस्तेमाल औजार, बिना नंबर की पल्सर बाइक, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली राउंड बरामद किए। पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद आरोपी माल को करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे हुए थे। कई और वारदातों का खुलासा पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना के कीर्तिविहार, बिलपांक के हिंगलाज माता मंदिर, पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होना भी स्वीकार किया है। इसके अलावा मंदसौर जिले के दलौदा से पल्सर बाइक और राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी सामने आई है। संबंधित थाना क्षेत्रों से समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश सहित थाना सैलाना, साइबर सेल और सीसीटीवी टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है और अवैध हथियारों के संबंध में अलग से जांच जारी है।

Ratlam News: शादी में डांस बना बवाल! रतलाम में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव, CCTV में कैद हुई हिंसा

रतलाम के मोतीनगर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। CCTV वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के मोतीनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब डांस को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट व पथराव हुआ। इस घटना में क्षेत्र में खड़ी कारों और आसपास के मकानों को भी निशाना बनाया गया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का वीडियो देखे शादी समारोह में कैसे बढ़ा विवाद? जानकारी के मुताबिक, मामला रविवार रात का है। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र के मोतीनगर इलाके में शादी समारोह चल रहा था, जहां DJ पर डांस हो रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवक वहां डांस देखने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए और एक-दूसरे पर लाठियों और पत्थरों से हमला करने लगे। पथराव इतना ज्यादा था कि वहां खड़ी एक कार के कांच टूट गए, जबकि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। CCTV में कैद हुई पूरी घटना घटना का वीडियो सोमवार दोपहर सामने आया। CCTV फुटेज में कई युवक एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ युवतियां भी नजर आ रही हैं, जो दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश करती दिख रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के बाद कुछ युवक मौके से चले गए थे, लेकिन बाद में मुंह पर नकाब बांधकर दोबारा लौटे और पथराव किया। इससे इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विवाद करने वाले अधिकांश लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, जिस कार के कांच टूटे हैं, उसके मालिक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि विवाद करने वाले कुछ युवक डीडी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले रतलाम और आसपास के इलाकों में शादी समारोहों में DJ और डांस को लेकर विवाद के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। कई बार मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। पुलिस प्रशासन लगातार ऐसे आयोजनों में सतर्कता बरतने की अपील करता रहा है।

Ratlam News: जावरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, CCTV से खुला राज

जावरा शहर पुलिस ने महिलाओं के साथ जालसाजी कर सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। ऑपरेशन सुरक्षा कवच के तहत लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस, ₹2.43 लाख के आभूषण बरामद। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा शहर में महिलाओं के साथ जालसाजी कर सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब ₹2.43 लाख कीमत के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। खास बात यह रही कि आरोपी तक पहुंचने में “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए CCTV कैमरों ने अहम भूमिका निभाई। वीडियो देखे जावरा में मंगलसूत्र चोरी की वारदात का खुलासा जानकारी के मुताबिक, 23 मई 2026 को बरगुंडापुरा तालनाका जावरा निवासी कांताबाई कल्याणे ने थाना जावरा शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 22 मई की शाम करीब 4:20 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने जालसाजी और धोखाधड़ी करते हुए उनका मंगलसूत्र चोरी कर लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना जावरा शहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 318(4) और 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV कैमरों ने आरोपी तक पहुंचाई पुलिस पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल व नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की। जांच के दौरान “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” के तहत जावरा और रतलाम शहर में लगाए गए CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के अनुसार, रतलाम शहर में करीब 400 और जावरा शहर में 100 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनका सीधा फीड कंट्रोल रूम में मॉनिटर किया जाता है। तकनीकी जांच, साइबर सेल और जमीनी पुलिसिंग की मदद से आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया। गुजरात का निकला शातिर आरोपी पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यासीन खां उर्फ बाकड़ा पिता काले खां पठान (52 वर्ष) निवासी जमानलपुर, अहमदाबाद (गुजरात) बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से: बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब ₹2.43 लाख बताई जा रही है। कई राज्यों में वारदात करना कबूला पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हैदराबाद, महाराष्ट्र, गुजरात समेत अन्य राज्यों में भी इसी तरह की जालसाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। अब पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर अन्य राज्यों में हुई वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर डिगा, साइबर सेल प्रभारी जीवन बारिया समेत पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। ऑपरेशन सुरक्षा कवच बना पुलिस की ताकत रतलाम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” अब अपराधियों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। शहरभर में लगाए गए CCTV कैमरों की मदद से लगातार अपराधों का खुलासा हो रहा है। इस मामले में भी तकनीक और पुलिस की सतर्कता ने एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Ratlam News:गेहूं-चावल मांगकर किया तंत्र-मंत्र का नाटक, महिलाओं के गहने लेकर फरार; 4 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम जिले के पिपलोदा क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं के गहने चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर और बाइक जब्त। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का फायदा उठाकर चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चार आरोपी गेहूं और चावल की भिक्षा मांगने के बहाने घर में घुसे और “भूत-प्रेत का साया” बताकर झाड़-फूंक करने लगे। इसी दौरान परिवार की महिलाओं से जेवर उतरवाकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तंत्र-मंत्र के नाम पर की लाखों की ठगी फरियादिया कारीबाई भील निवासी ग्राम पंचेवा ने थाना पिपलोदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 मई 2026 को चार युवक उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में गेहूं और चावल की भिक्षा मांगी और बाद में कहा कि घर पर भूत-प्रेत का साया है, जिसे वे जादू-मंत्र और टोटकों से दूर कर सकते हैं। आरोपियों ने घर के अंदर गेहूं और चावल की ढेरी लगवाई और झाड़-फूंक शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने परिवार के लोगों से कहा कि जिसने भी जेवर पहन रखे हैं, वे उतारकर ढेरी पर रख दें। फरियादिया की पुत्री चेतना ने अपने गले का सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर वहां रख दी। बच्चों को बहाने से दूर ले गए आरोपी आरोपियों ने जेवरों को गेहूं की ढेरी में छिपाने का नाटक किया और परिवार के लोगों को थोड़ी दूरी पर बैठा दिया। इसी बीच परिवार के छोटे बच्चे को श्मशान घाट की ओर ले जाकर वापस कुछ दूरी पर छोड़ दिया और आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। जब परिवार ने वापस आकर देखा तो गेहूं की ढेरी में रखे सभी गहने गायब थे। उस समय फरियादिया का पति घर पर मौजूद नहीं था, इसलिए आरोपी आसानी से भाग निकले। मामले में थाना पिपलोदा में अपराध क्रमांक 174/2026 धारा 305 (ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने ऐसे पकड़े आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी रमेश कोली और चौकी प्रभारी सुखेड़ा उनि. राजू मखोड के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जावरा स्थित हुसैन टेकरी क्षेत्र से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल कर लिया। चोरी का सामान और बाइक जब्त पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चांदी की चेन सहित करीब 90 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपी अंधविश्वास फैलाकर वारदात को देते थे अंजाम पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गांवों में घूमकर लोगों को भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र का डर दिखाते थे। इसके बाद झाड़-फूंक के नाम पर महिलाओं के गहने उतरवाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंधविश्वास या झाड़-फूंक के बहकावे में न आएं और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है।

0%