Ratlam News: रतलाम सर्राफा बाजार में डकैती की साजिश नाकाम, अंतरराज्यीय गैंग के 6 बदमाश घातक हथियारों सहित गिरफ्तार

रतलाम में स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्राफा बाजार में डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से तलवार, फालिया, गुप्ती और हाईड्रोलिक कटर सहित कई हथियार बरामद हुए। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्टेशन थाना पुलिस ने सर्राफा बाजार में बड़ी ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाकर डकैती की योजना बना रहे एक खतरनाक अंतरराज्यीय गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घातक हथियार और चोरी-डकैती में उपयोग होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। वीडियो देखे मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में रात्रि गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह और नई ईदगाह के पास उंकाला रोड पर कुछ संदिग्ध लोग हथियारों के साथ बैठे हैं और सर्राफा बाजार में बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से क्या मिला? पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार, फालिया, गुप्ती, लोहे की टॉमी, गुलेल, हाईड्रोलिक कटर, पेचकस, पाना और अन्य औजार जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि ये सभी उपकरण ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी और डकैती के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले थे। अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के रायसेन, अशोकनगर, उज्जैन और अन्य जिलों से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रभात उर्फ चेतन बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में हुई एक बड़ी डकैती का फरार इनामी आरोपी भी है। वहीं कई अन्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी और स्थायी वारंट भी लंबित पाए गए हैं। एक आरोपी फरार, तलाश जारी पुलिस के अनुसार सर्राफा बाजार की रेकी करने वाला आरोपी दिनेश हांडा, निवासी बजरंग नगर रतलाम, कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का बयान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण सर्राफा बाजार में होने वाली बड़ी वारदात को टाल दिया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 458/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 310(5) और आयुध अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहले भी सक्रिय रहा है पारदी गैंग मध्यप्रदेश में पारदी और मोगिया गैंग के कई सदस्य पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और डकैती जैसी घटनाओं में शामिल पाए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Ratlam News: 4 साल से खुदी पड़ी सड़क पर फूटा जनता का गुस्सा, वार्ड 26 में चक्का जाम की चेतावनी; CCTV में गिरता दिखा बाइक सवार

वार्ड नंबर 26 की सड़क पिछले चार वर्षों से खुदी पड़ी होने का आरोप है। परेशान नागरिकों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर चक्का जाम की चेतावनी दी है। खराब सड़क के कारण एक बाइक सवार के गिरने का CCTV वीडियो भी सामने आया है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: वार्ड नंबर 26 की एक प्रमुख गली की सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। नागरिकों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों से सड़क पूरी तरह खुदी हुई पड़ी है, जिससे क्षेत्रवासियों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाराज लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए गली में चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। घटना का CCTV देखे सड़क निर्माण नहीं होने से बढ़ी परेशानी स्थानीय नागरिकों के अनुसार, वार्ड की यह सड़क लंबे समय से अधूरी स्थिति में है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या तो रहती ही है, वहीं सामान्य दिनों में भी धूल और गड्ढों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि जिस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी को भारी समर्थन मिलता है, वहां विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है, जबकि अन्य इलाकों में लगातार विकास कार्य और उद्घाटन किए जा रहे हैं। CCTV में गिरता दिखा बाइक सवार खराब सड़क की स्थिति के बीच एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक बाइक सवार सड़क पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। नागरिकों ने दी चक्का जाम की चेतावनी परेशान नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। लोगों का आरोप है कि कई वर्षों से उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है और अब आंदोलन ही अंतिम विकल्प बचा है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “चार साल से सड़क खुदी पड़ी है। रोजाना दुर्घटना का डर बना रहता है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।” पहले भी उठ चुके हैं विकास कार्यों पर सवाल स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में देरी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई बार नागरिकों ने सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराई हैं। हालांकि संबंधित विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Ratlam News: रतलाम में निवेश क्षेत्र का विरोध हिंसक: अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

रतलाम के पलसोड़ी में निवेश क्षेत्र के विरोध के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव हुआ, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क । Ratlam News: जिले के पलसोड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित मेगा इंडस्ट्रियल पार्क निवेश क्षेत्र को लेकर शुक्रवार को बड़ा बवाल हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो देखे निवेश क्षेत्र के विरोध में उग्र हुआ आंदोलन जानकारी के अनुसार पलसोड़ी सहित आसपास के चार से पांच गांवों की करीब 1700 हेक्टेयर भूमि को निवेश क्षेत्र में शामिल किया जा रहा है। ग्रामीण लंबे समय से इस योजना का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे प्रशासनिक अधिकारी, भारी पुलिस बल और अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी-बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे थे। कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर करीब 2 बजे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लेने के बाद बढ़ा तनाव स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जुलवानिया सरपंच छोटू मईडा समेत 20 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अमले पर पथराव कर दिया। अचानक हुई पत्थरबाजी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सरपंच बोले- हम शांतिपूर्ण तरीके से समय मांगने पहुंचे थे जुलवानिया सरपंच छोटू मईडा ने दावा किया कि ग्रामीण केवल कार्रवाई रोकने और सात दिन का समय मांगने पहुंचे थे। उनका कहना है कि मामले में हाईकोर्ट में स्थगन के लिए आवेदन भी लगाया गया है। इसके बावजूद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। सरपंच ने पथराव की घटना से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि यह काम असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में लेने के बाद उन्हें और अन्य ग्रामीणों को करीब दो घंटे तक वज्र वाहन में घुमाया गया। क्या है पूरा मामला? मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) जिले में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क निवेश क्षेत्र विकसित कर रहा है। इसके तहत जामथुन, बिबड़ोद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया और सरवनी खुर्द की करीब 1370.532 हेक्टेयर शासकीय भूमि को विकसित किया जाना है। कई बड़ी कंपनियां यहां निवेश की तैयारी भी कर चुकी हैं। हालांकि वर्षों से शासकीय भूमि पर खेती कर रहे ग्रामीण इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें रोजगार या भूखंड नहीं, बल्कि खेती के लिए जमीन चाहिए।

Ratlam News: रतलाम में खौफनाक हत्याकांड: घर के बाहर सो रहे युवक को तलवार-कुल्हाड़ी से काट डाला

रतलाम के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के खेरिया पाड़ा गांव में युवक की तलवार और कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने घर में आगजनी भी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेरिया पाड़ा में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। घर के बाहर खाट पर सो रहे 35 वर्षीय मानसिंह मईडा पर हथियारबंद लोगों ने तलवार और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मानसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपियों ने वारदात के बाद घर में आगजनी भी की, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। रात 11 बजे घर पर बोला हमला जानकारी के अनुसार, खेरिया पाड़ा निवासी मानसिंह पुत्र ऊंकार मईडा मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसके पास एक बच्ची भी सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य थोड़ी दूरी पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा सहित 8 से 10 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपियों ने मानसिंह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके माता-पिता ऊंकार और मांगूबाई को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। तलवार और कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार परिजनों के अनुसार, पत्नी पायल और बच्चों के चीखने-चिल्लाने के बावजूद आरोपियों ने मानसिंह पर तलवार और कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपियों ने घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान मानसिंह ने दम तोड़ दिया। पत्नी के घर छोड़कर जाने से जुड़ा है मामला पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी जयसिंह मईडा की पत्नी संध्या 4 जून को बिना बताए घर से चली गई थी। इस संबंध में 6 जून को शिवगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पता चला कि संध्या गांव के ही ओमप्रकाश मईडा के साथ गई थी। इसी बात को लेकर जयसिंह और उसके साथियों में नाराजगी थी। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया राउंडअप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार लाल ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर हत्या, आगजनी, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी जयसिंह पुत्र कैलाश मईडा समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खेरिया पाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Ratlam News: रतलाम में शिक्षा विभाग का बाबू 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, रिटायर्ड शिक्षक से मांगी थी 20 हजार की घूस

रतलाम जिले के जावरा में शिक्षा विभाग के बाबू को लोकायुक्त टीम ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। रिटायर्ड शिक्षक से पीपीओ और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले मांगी थी घूस। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा में मंगलवार को उज्जैन लोकायुक्त टीम ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी ने एक रिटायर्ड शिक्षक का सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे कार्यालय में ही ट्रैप कर लिया। रिटायर्ड शिक्षक से मांगे थे 20 हजार रुपए लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट शासकीय उमावि हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा में उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और 31 मई को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें रिटायरमेंट सर्टिफिकेट और पीपीओ जारी करवाना था। आरोप है कि जावरा के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 बाबू अनिल वर्मा ने इन दस्तावेजों को जारी करने के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ। कई दिनों तक लगवाए चक्कर, फिर पहुंची शिकायत लोकायुक्त तक जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड शिक्षक पिछले चार से पांच दिनों से अपने दस्तावेजों के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। बार-बार रिश्वत की मांग और काम में देरी से परेशान होकर उन्होंने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत मिलने के बाद वॉयस सैंपल और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। टेबल की दराज में रजिस्टर के नीचे छिपाए थे नोट मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 10 हजार रुपए आरोपी बाबू अनिल वर्मा ने स्वीकार कर लिए और अपनी टेबल की दराज में रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दिए। जैसे ही रिश्वत की राशि रखी गई, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत के रुपए भी बरामद कर लिए गए। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत, कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत लोकायुक्त विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त को दें। शिकायत के लिए लोकायुक्त उज्जैन एसपी के मोबाइल नंबर 9425103975 और कार्यालय नंबर 0734-2512756 पर संपर्क किया जा सकता है।

Ratlam News: रतलाम सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, चेतक ब्रिज पर किया चक्काजाम

रतलाम में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच करेगी। न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के महू-नीमच रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बाइक दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चेतक ब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक अपने दोस्तों के साथ गया था, ऐसे में उसका अकेले एक्सीडेंट होना कई सवाल खड़े करता है। वीडियो देखे आमने-सामने बाइक टकराने से हुआ था हादसा जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे महू-नीमच रोड स्थित पहलवान बाबा की दरगाह के पास दो बाइक आमने-सामने टकरा गई थीं। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घायलों में करण पिता कैलाश गुजराती (31) निवासी आमलिया भेरु मंदिर के पास, काटजू नगर की सोमवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। चेतक ब्रिज पर चक्काजाम, गिरफ्तारी की मांग पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर गुस्साए परिजन सैलाना बस स्टैंड स्थित चेतक ब्रिज पर सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। परिजन कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि पुलिस ने दूसरी ओर से यातायात को सुचारू बनाए रखा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। भाई ने उठाए सवाल, कहा- तीन लोग साथ गए थे तो अकेले का एक्सीडेंट कैसे? मृतक के छोटे भाई सुनील गुजराती ने बताया कि रविवार शाम करण को उसके दोस्त अशोक, प्रेम, हनीश और किशन अपने साथ बुलाकर ले गए थे। रात करीब 10:30 बजे अशोक डांगी का फोन आया और उसने दुर्घटना की जानकारी दी। सुनील का कहना है कि जब उनका भाई दोस्तों के साथ गया था तो फिर अकेले उसका एक्सीडेंट कैसे हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के साथ करण गया था, उन्हीं लोगों ने उसके साथ कुछ गलत किया है। इसी संदेह के आधार पर परिवार हत्या की जांच की मांग कर रहा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल करण गुजराती कबाड़े का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस बोली- हर एंगल से होगी जांच औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि फिलहाल सड़क दुर्घटना के मामले में मर्ग कायम किया गया है। परिजनों द्वारा जताई गई शंकाओं की भी गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से भी लिखित शिकायत देने को कहा गया है।

Ratlam News: रतलाम स्पा सेंटर कांड: थाई युवतियों ने कबूला देह व्यापार, वाटर पार्क संचालक समेत 4 पर केस दर्ज

रतलाम के तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस कार्रवाई के बाद बड़ा खुलासा। थाई युवतियों ने देह व्यापार स्वीकार किया, 4 आरोपियों पर केस दर्ज, मानव तस्करी एंगल से भी जांच शुरू। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान थाईलैंड की तीन युवतियों ने मोबाइल ट्रांसलेटर के जरिए पूछताछ में स्वीकार किया कि वे स्पा सेंटर की आड़ में रुपये लेकर देह व्यापार कर रही थीं। मामले में पुलिस ने चार लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें एक अभी फरार है। वीडियो देखे स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार शुक्रवार शाम पुलिस ने तुलसी वाटर पार्क स्थित स्पा सेंटर पर छापा मारकर थाईलैंड निवासी तीन युवतियों को बरामद किया था। जांच में सामने आया कि युवतियां टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन स्पा सेंटर में काम कर रही थीं। एफआईआर के अनुसार पूछताछ में युवतियों ने बताया कि स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से मनचाही रकम लेकर देह व्यापार किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में स्पा संचालक और प्रबंधन से जुड़े लोग उनकी मदद करते थे। इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला पुलिस ने नामली निवासी वाटर पार्क मैनेजर दिलीप सिंह ठाकुर, राजस्थान के पाली निवासी स्पा संचालक नरेश चौहान और जोधपुर निवासी मैनेजर भरत मेवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वाटर पार्क संचालक रतलाम निवासी योगेश सिंह डाबी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। चारों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, आप्रवास एवं विदेशियों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। कमरों से मिले कंडोम, मोबाइल जब्त तलाशी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के कमरों से उपयोग किए हुए और नए कंडोम के कई पैकेट मिले। इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मानव तस्करी एंगल से भी होगी जांच जांच में जयपुर कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि युवतियों को संगठित नेटवर्क के जरिए राजस्थान से रतलाम लाया गया था। इसी कारण अब मामले की जांच मानव तस्करी के एंगल से भी की जाएगी। एसपी अमित कुमार ने कहा कि उन स्थानीय लोगों की तलाश की जाएगी जिन्होंने युवतियों को रतलाम तक पहुंचाने, ठहराने और सिम कार्ड उपलब्ध कराने में मदद की। मामले में थाईलैंड दूतावास से भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को नोटिस, कई स्पा सेंटर बंद कार्रवाई के बाद जिले में संचालित कई स्पा सेंटर शनिवार को बंद नजर आए। वहीं एसपी अमित कुमार ने नामली थाना प्रभारी रमेश कोली और संबंधित बीट इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Ratlam News: रतलाम वाटर पार्क में स्पा सेंटर पर पुलिस का बड़ा छापा, थाईलैंड की 3 युवतियां और कई युवक हिरासत में

रतलाम के तुलसी वाटर पार्क में संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। छापे के दौरान थाईलैंड की 3 युवतियां, कई युवक और स्टाफ हिरासत में लिए गए। अवैध गतिविधियों की जांच जारी है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित एक स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को मौके से थाईलैंड की तीन युवतियां, कई युवक और स्पा सेंटर का स्टाफ संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कार्रवाई के बाद सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वीडियो देखे शिकायतों के बाद बनी विशेष टीम जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वाटर पार्क की आड़ में स्पा सेंटर में अवैध और अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों में स्थानीय थाना पुलिस की मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार दोपहर एक विशेष टीम का गठन किया गया। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए संबंधित थाना पुलिस को भी पहले से सूचना नहीं दी गई। टीम में शामिल अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी एक स्थान पर रखवा दिए गए थे। ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी, फिर मारा छापा पुलिस टीम दोपहर करीब तीन बजे तुलसी वाटर पार्क पहुंची। कुछ पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया, जबकि अन्य अधिकारी बाहर से गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी। कार्रवाई में एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी नीलम बघेल और डीएसपी अनिशा जैन सहित कई अधिकारी शामिल रहे। छह कमरों में चल रहा था स्पा सेंटर पुलिस जांच में सामने आया कि वाटर पार्क के पीछे बने छह कमरों में स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां अलग-अलग युवकों के साथ मिलीं। तलाशी के दौरान एक कमरे की डस्टबिन से बड़ी संख्या में उपयोग किए हुए कंडोम भी बरामद हुए, जिससे संदेह और गहरा गया। दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। वाटर पार्क का संचालन रतलाम के बड़बड़ निवासी योगेशसिंह पुत्र भंवरसिंह द्वारा किया जाता है। कार्रवाई के दौरान मैनेजर दिलीप ठाकुर समेत स्टाफ को भी पूछताछ के लिए नामली थाने ले जाया गया। क्या बोले एएसपी विवेक कुमार? एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि विदेशी युवतियों की स्थानीय थाने में नियमानुसार सूचना दी गई थी या नहीं। साथ ही वाटर पार्क और स्पा सेंटर से जुड़े दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जाएगी।

Ratlam News:  रतलाम फोरलेन पर चलती ई-स्कूटी बनी आग का गोला, देखते ही देखते जलकर खाक; VIDEO में दिखीं ऊंची लपटें

Ratlam E-Scooty Fire: रतलाम के महू-नीमच फोरलेन पर चलती ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के महू-नीमच फोरलेन पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती हुई ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में स्कूटी आग की भीषण लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दूर से उठती आग की ऊंची लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। घटना का वीडियो देखे लुहारी फंटा के पास हुआ हादसा जानकारी के अनुसार घटना जावरा थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत लुहारी फंटा के पास गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ई-स्कूटी सड़क पर चल रही थी, तभी उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। स्कूटी सवार ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत वाहन रोककर उससे दूर हट गया। कुछ ही पलों में स्कूटी ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। संबंधित विभाग और तकनीकी टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ई-वाहनों में बैटरी या इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी होने पर इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। वीडियो बनाने जुटी भीड़, फोरलेन पर लगा जाम जैसा माहौल घटना के दौरान फोरलेन से गुजर रहे लोगों ने जलती हुई स्कूटी के वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिए। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं, जिसके कारण आसपास के लोग मौके पर रुक गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक सब खत्म घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक ई-स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहनों और लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ।

Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की मनमानी का VIDEO वायरल

रतलाम मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की मनमानी के कई वीडियो सामने आए हैं। टोकन वितरण में पक्षपात, महिलाओं से बदसलूकी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल परिसर से कर्मचारियों की कथित मनमानी और अव्यवस्था के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मरीजों और उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार, टोकन वितरण में पक्षपात और सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो देखे टोकन वितरण में पक्षपात का आरोप सामने आए एक वीडियो में अस्पताल के कर्मचारी पर अपने परिचित लोगों को लाइन से अलग बुलाकर पहले टोकन देने का आरोप लग रहा है। वीडियो में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो कर्मचारी पंकज नामक व्यक्ति कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मेरी मर्जी, मैं किसी को भी पहले टोकन दूं।” इस दौरान मरीजों और कर्मचारी के बीच बहस भी होती दिखाई और सुनाई दे रही है। लोगों का आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर कुछ लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार का VIDEO दूसरे वीडियो में मेडिकल कॉलेज परिसर में बैठे कुछ लोगों को एक कर्मचारी द्वारा वहां से हटाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन कई बार कर्मचारियों का रवैया इसके विपरीत देखने को मिलता है। महिलाओं की लाइन में पुरुष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल तीसरी शिकायत मेडिकल कॉलेज की लैबोरेट्री और दवा वितरण केंद्र के बाहर की व्यवस्था को लेकर सामने आई है। वीडियो में महिलाओं की लाइन में पुरुष खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिससे महिला मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि दवा वितरण केंद्र के पास तैनात एक सुरक्षा गार्ड उनसे अभद्र तरीके से बात करता है। वीडियो में गार्ड कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “मैं वकील हूं और जो दवाई दे रहे हैं वह जज हैं, मैं कुछ भी कर सकता हूं।” यह बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है। मरीजों और परिजनों में नाराजगी लगातार सामने आ रहे वीडियो के बाद मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले ही लंबी कतारों और सीमित संसाधनों की समस्या रहती है, ऐसे में कर्मचारियों की मनमानी और अभद्र व्यवहार से परेशानियां और बढ़ जाती हैं। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार फिलहाल इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि मामला चर्चा में आने के बाद लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब बड़ा सवाल यह है कि इन वीडियो के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई करता है या फिर मरीजों को भविष्य में भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।

0%