Ratlam News: नगर निगम के नए कर का कांग्रेस ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बाजार बैठक वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे नगर निगम अधिनियम के खिलाफ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इसी मुद्दे पर पूर्व विधायक पारस सकलेचा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रस्ताव को बताया अवैध कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर द्वारा पारित किया गया प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धारा 19 का उल्लंघन है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने बताया कि 4 मार्च 2025 को एमआईसी से स्वीकृत प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल नहीं किया गया और इसे मौखिक रूप से पेश किया गया, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। महापौर ने जनता के साथ छल किया – कांग्रेस सकलेचा ने आरोप लगाया कि महापौर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024-25 के बजट सत्र में भी 750 ट्यूबवेल मोटरों का बिजली बिल मोहल्ला समितियों से वसूलने का प्रस्ताव बिना किसी उचित प्रक्रिया के पास किया गया था। कांग्रेस का सवाल – करोड़ों रुपये कहां गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 2025-26 के बजट में 104 मदों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। पार्टी ने सवाल उठाया कि दिसंबर 2023 में दर्शाई गई करोड़ों की आय मार्च 2024 में शून्य कैसे हो गई। नगर निगम आयुक्त का जवाब चर्चा के दौरान आयुक्त हिमांशु भट्ट ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर कांग्रेस की व्याख्या से वे सहमत नहीं हैं, लेकिन वे बजट में गड़बड़ियों का विश्लेषण करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। कांग्रेस करेगी आंदोलन कांग्रेस ने बाजार बैठक वसूली को जबरन वसूली करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व विधायक पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष कमरुद्दीन कछवाय, वरिष्ठ पार्षद यास्मीन शेरानी, सलीम मोहम्मद बागवान, वसीम अली, रजनीकांत व्यास, हितेश पेमाल और शाकिर खान उपस्थित रहे।

Ratlam News: श्री पद्मावती माता मंदिर से 111 फीट लंबी चुनरी यात्रा 4 अप्रैल को होगी आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर श्री पद्मावती माता मंदिर, राजमहल से श्री गढ़खंखाई माता मंदिर, राजापुरा तक भव्य और विराट चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 4 अप्रैल, शुक्रवार को शाम 6 बजे शुरू होगी और 39 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद अष्टमी की सुबह मंदिर पहुंचेगी। इस आयोजन में 111 भगवा ध्वज और 111 फीट लंबी चुनरी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। चुनरी यात्रा से पहले शाम 6 बजे श्री हनुमान चालीसा का पाठ होगा। इसके बाद महाआरती कर मां पद्मावती और मां चामुंडा को ग्यारह-ग्यारह फीट की चुनरी ओढ़ाई जाएगी। इस दौरान संत महात्माओं और समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा। श्री पद्मावती माता मंदिर, राजमहल से निकलने वाली चुनरी यात्रा पेलेस रोड, डालुमोदी बाजार, माणक चौक, धांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, लक्कड़ पीठा, बाजना बस स्टैंड, सागोद रोड, शिवगढ़ होते हुए श्री गढ़खंखाई माता मंदिर, राजापुरा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान घोड़ों पर भगवा ध्वजधारी, उज्जैन से बुलाए गए विशेष साउंड सिस्टम से भजन संध्या, ढोल-बैंड, भगवा ध्वज और वाहनों का भव्य काफिला शामिल रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए 40 से अधिक स्थानों पर चाय, पानी, ठंडाई और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्यों जनक नागल, धर्मेन्द्र रांका, नरेन्द्र सिंह चौहान, मंगल सिंह पंवार, ओमप्रकाश धिमान, डॉ. रचित अग्रवाल, मदन सोनी, विपिन सोनी, अजय यार्दे, संजय पेमाल, श्याम उपाध्याय, प्रकाश सेठिया, नीरज चावला, नितिन संधवी, मुकेश गांधी, रत्ना पाल, राखी उपाध्याय, सारिका दीक्षित, भावना गुर्जर, काजोल टांक, गोपाल शर्मा, ऋषि पाटीदार, गब्बर यादव, अर्जुन प्रजापति, सोनू प्रजापति आदि ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर परिवार और मित्रों के साथ शामिल होने की अपील की है। हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ माता रानी को अर्पित की जाएगी चुनरी।

Ratlam News: गर्मी में निर्बाध जल आपूर्ति के लिए निगम आयुक्त ने किया फिल्टर प्लांट का निरीक्षण

लीकेज सुधारने के दिए निर्देश, पानी की बर्बादी रोकने पर जोर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गर्मी के मौसम में नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और जल आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने बुधवार, 2 अप्रैल को धोलावाड़ और मोरवानी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों को पेयजल वितरण से जुड़े सभी तकनीकी संसाधनों को सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए ताकि पानी की सप्लाई प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने लीकेज की समस्या को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए, जिससे पानी का अपव्यय रोका जा सके। साथ ही, उन्होंने नागरिकों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, सहायक यंत्री सुहास पंडित, उपयंत्री भैयालाल चौधरी, ब्रजेश कुशवाहा, अनुपम मिश्रा, जितेंद्र सिसोदिया, नीरज यादव, मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ratlam News: रामनवमी और महावीर जयंती पर मांस विक्रय रहेगा प्रतिबंधित नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार रामनवमी 6 अप्रैल, रविवार और महावीर जयंती 10 अप्रैल, गुरुवार के अवसर पर नगर सीमा के भीतर सभी पशु वधगृह और मांस विक्रय की दुकानों पर पशु वध और मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने स्वच्छता निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन दिनों में यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंध का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया, नौ करोड़ की जमीन मंदिर प्रशासन को सौंपी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर श्री राजेश बाथम के निर्देशानुसार प्रशासन ने ग्राम सुराखेड़ी स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे मंदिर प्रशासन को सौंप दिया। यह कार्रवाई 3 अप्रैल 2025 को की गई, जिसमें कुल 1.79 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये है। क्या है मामला? ग्राम सुराखेड़ी में सर्वे क्रमांक 8 (0.240 हेक्टेयर) एवं 7 (1.550 हेक्टेयर) की भूमि, जो कि राजस्व रिकॉर्ड में श्री कालिका माता मंदिर, रतलाम (प्रबंधक: कलेक्टर, जिला रतलाम, म.प्र. शासन) के नाम दर्ज है, पर सईदा बी बेवा अब्दुल हमीद, अशरफ पिता अब्दुल हामिद, सत्तार पिता वकील खां, और रईसा पति अकरम खां द्वारा गेहूं की फसल बोकर अतिक्रमण कर लिया गया था। प्रशासन की कार्रवाई प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और इसे श्री कालिका माता मंदिर के पुजारी हेमंत पिता चंडीप्रसाद एवं प्रकाश पिता अमरलालजी को सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद इस कार्रवाई में राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार (पूर्वी भाग) श्री आशीष उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक श्री मेहरबान सिंह मालवीय, पटवारी श्री गिरीश शर्मा, श्री मुकेश मरमट, श्री अंकित परिहार, श्री विजय मकवाना उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से सालाखेड़ी चौकी प्रभारी श्री मुकेश यादव ने अपनी टीम के साथ सहयोग किया। प्रशासन की सख्ती जारी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब चुनाव की प्रक्रिया शुरू, प्रेस क्लब में चुनावी सरगर्मियां तेज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर की प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन रतलाम प्रेस क्लब के द्वि-वार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी रतलाम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव ऊबी को सौंपी गई है, जो बतौर निर्वाचन अधिकारी कार्य करेंगे। चुनाव की औपचारिकता हुई पूरी वर्तमान अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी और उपाध्यक्ष डॉ. हिमांशु जोशी ने प्रेस क्लब की ओर से आधिकारिक पत्र सौंपकर निर्वाचन कराने का अनुरोध किया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार आरिफ कुरैशी, नीरज शुक्ला, कमल सिंह जाधव, सौरभ कोठारी, प्रदीप नागौरा, जलज शर्मा, अर्पित चौबे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। निर्वाचन अधिकारी राजीव ऊबी ने आश्वस्त किया कि प्रेस क्लब के संविधान के अनुसार चुनावी प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति और साधारण सभा की बैठक की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। 92 सदस्य चुनेंगे नई कार्यकारिणी गुरुवार को प्रेस क्लब भवन पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई, जिसमें 92 सदस्य शामिल हैं। ये सदस्य आगामी चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, तीन उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, दो सह सचिव और ग्यारह कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल उन्नीस पदों के लिए मतदान करेंगे। चुनावी माहौल गर्माया जैसे-जैसे चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वैसे ही पत्रकारों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी समीकरण बिठाने शुरू कर दिए हैं और चुनावी चर्चा तेज हो गई है। अगर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन नहीं होता है, तो मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आगामी दिनों में चुनाव की तारीख और प्रक्रिया की घोषणा की जाएगी। रतलाम प्रेस क्लब के चुनाव को लेकर शहर के पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Ratlam News: गुलाब चक्कर में दो ओपन एयर रेस्टोरेंट खुलेंगे, सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी मिलेगा मंच

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम की ऐतिहासिक धरोहर गुलाब चक्कर परिसर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा इसे पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र बनाने की दिशा में विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में, गुलाब चक्कर परिसर में दो ओपन एयर रेस्टोरेंट खोले जाएंगे, जहां पर्यटक एवं स्थानीय नागरिक शुद्ध शाकाहारी भारतीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। रेस्टोरेंट संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित कलेक्टर श्री राजेश बाथम ने जानकारी दी कि इन रेस्टोरेंट्स के संचालन के लिए दो पृथक ऑनलाइन वित्तीय प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक 16 अप्रैल 2025 दोपहर 12:00 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी http://mptenders.gov.inhttp://mptenders.gov.in और https://ratlam.nic.inhttp://mptenders.gov.in पर उपलब्ध है। प्रत्येक रेस्टोरेंट के लिए 1400 वर्गफीट स्थान आवंटित किया जाएगा। गुलाब चक्कर में होगा सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन गुलाब चक्कर परिसर में सार्वजनिक जनहित के कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी नीति निर्धारित की गई है। इसमें ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति होगी, जिनमें सभी नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो। किसी भी धर्म, समाज या वर्ग विशेष के व्यक्तिगत आयोजनों की अनुमति नहीं होगी। इन आयोजनों की मिलेगी अनुमति गुलाब चक्कर के गुम्बदाकार परिसर में योग, शारीरिक स्वास्थ्य, खेल कक्षाएं, साहित्यिक गोष्ठियां, खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी, कला प्रदर्शनी, पेंटिंग प्रदर्शनी, पुस्तक मेला, शिल्प मेला, फूड मेला, लाफ्टर शो, कवि सम्मेलन, बच्चों के लिए हॉबी क्लासेस एवं समर कैंप जैसे आयोजनों की अनुमति दी जाएगी। पहले तीन माह निःशुल्क आयोजन की सुविधा प्रथम तीन माह तक इन आयोजनों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, केवल परिसर की सफाई व्यवस्था के लिए न्यूनतम राशि जमा करनी होगी। तीन माह बाद जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा निर्धारित शुल्क लागू किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कलेक्टोरेट कार्यालय, कक्ष क्रमांक 204 एवं 205 में संपर्क किया जा सकता है।

MP News: मध्यप्रदेश में 19 धार्मिक स्थलों पर शराब की बिक्री बंद, नई आबकारी नीति लागू

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों पर शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। एक अप्रैल 2025 से लागू हुई नई आबकारी नीति के तहत प्रदेश के 19 धार्मिक क्षेत्रों में शराब की 47 दुकानें बंद कर दी गई हैं। इन क्षेत्रों में अब बार भी संचालित नहीं किए जा सकेंगे, और भविष्य में यहां शराब के नए लाइसेंस भी जारी नहीं होंगे। किन क्षेत्रों में बंद हुई शराब की दुकानें राज्य सरकार द्वारा जिन 19 धार्मिक स्थलों को चिन्हित किया गया है, वे इस प्रकार हैं इन क्षेत्रों में स्थित सभी शराब की दुकानें पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं। उज्जैन के काल भैरव मंदिर में भी बंद हुई शराब की दुकान उज्जैन स्थित काल भैरव मंदिर में श्रद्धालु भगवान को शराब का भोग लगाते हैं। इसी परंपरा को देखते हुए मंदिर के भीतर ही एक शराब की दुकान संचालित की जा रही थी। लेकिन अब सरकार के नए फैसले के तहत यह दुकान भी बंद कर दी गई है। श्रद्धालुओं को अब बाहर से शराब लानी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई आबकारी नीति 2025 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई आबकारी नीति 2025 को लागू कर दिया है, जिसका मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना है। आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल ने बताया कि इन 19 धार्मिक क्षेत्रों में भविष्य में भी किसी प्रकार की शराब दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शराब दुकानदारों को नहीं मिलेगा पुनर्वास विकल्प सरकार के इस फैसले से शराब कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उन्हें अपनी दुकानें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की अनुमति भी नहीं दी गई है। इससे प्रभावित दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। नई नीति का असर

Ratlam News: शहर की स्ट्रीट लाइटों के संचालन और संधारण का कार्य होगा तेज़, महापौर ने दी हरी झंडी

शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क करें: 9893746810, 07412423092 रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में स्ट्रीट लाइटों के संचालन और संधारण कार्य को तेज़ी से करने के लिए अहमदाबाद की सन ट्रेडिंग कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महापौर प्रहलाद पटेल ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय परिसर से कंपनी के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, विद्युत एवं यांत्रिकी समिति प्रभारी अक्षय संघवी, महापौर परिषद सदस्य पप्पू पुरोहित, धर्मेंद्र व्यास, रत्नदीप सिंह राठौर (शक्ति बना), परमानंद योगी, योगेश पापटवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। तेजी से होगा संधारण कार्य विद्युत एवं यांत्रिकी समिति प्रभारी अक्षय संघवी ने बताया कि शहर की 13,655 स्ट्रीट लाइटों के संचालन और संधारण के लिए दो वर्ष की निविदा आमंत्रित की गई थी, जिसमें गुजरात की सन ट्रेडिंग कंपनी को चुना गया है। कंपनी ने इस कार्य के लिए 6 वाहन और 25 कर्मचारियों को तैनात किया है। कार्य आज से ही प्रारंभ कर दिया गया है। शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क करें यदि नागरिकों को स्ट्रीट लाइट से संबंधित कोई समस्या होती है तो वे अपनी शिकायतें मोबाइल नंबर 9893746810 और दूरभाष क्रमांक 07412-423092 पर दर्ज करा सकते हैं। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, उपयंत्री बृजेश कुशवाह, देवेंद्र धाकड़, योगेश मालवीय, नरेंद्र, सोहन सिंह राठौर और विनोद समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

Ratlam News: विश्वकर्मा जागिंड ब्राह्मण समाज की वार्षिक गोठ संपन्न, सामूहिक विवाह सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित  

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: श्री विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज मंदिर ट्रस्ट द्वारा हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर विश्वकर्मा धाम, नेमीनाथ नगर, रतलाम में समाज की वार्षिक गोठ का आयोजन किया गया। इस दौरान एक देश, एक चुनाव के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर इसे राष्ट्रपति को पत्र द्वारा भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही देवउठनी ग्यारस पर निःशुल्क सामूहिक विवाह, तुलसी विवाह एवं अन्नकूट महाप्रसाद के आयोजन की घोषणा की गई।   महिला मंडल ने गाए भजन, समाज की बैठक में लिए अहम निर्णय   कार्यक्रम में समाजबंधुओं का सुबह से आगमन शुरू हो गया। चाय-नाश्ते के उपरांत महिला मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके पश्चात मंदिर ट्रस्ट की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिसमें समाज के धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया गया।   समाज के प्रमुख त्योहारों एवं मंदिर विकास को मिली स्वीकृति   बैठक में जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, विश्वकर्मा पूजन, अन्नकूट, शिवरात्रि, होलिका दहन, धुलेटी एवं सामूहिक विवाह जैसे प्रमुख त्योहारों को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही श्री विश्वकर्मा धाम मंदिर धर्मशाला के विस्तार एवं विकास की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।   वरिष्ठजनों एवं मेधावी छात्रों का सम्मान   शाम पांच बजे से आयोजित विशेष सत्र में माता श्री राज राजेश्वरी मुनी की उपस्थिति में समाज के बारह वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। इनमें श्री शांतिलाल चुहेल, मोतीलाल वंडेला, शिवराम कुलरिया, कन्हैया लाल बरड़वा, राधेश्याम चिचोलिया, जगदीश लाखा, कन्हैया शर्मा, जयप्रकाश वणचनीया, संजय जालवार, घनश्याम लूंजा, हरिराम भिडोलिया एवं अशोक चावलारेट का अभिनंदन किया गया।   इसके अलावा, समाज के पच्चीस से अधिक मेधावी छात्रों को उनकी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। यह पुरस्कार श्रीमती चंदा महेश बोदलीया एवं श्री राजेश चावलारेट द्वारा प्रदान किए गए।   अतिथियों एवं समाजसेवियों का किया गया सम्मान   कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं अतिथियों का ट्रस्ट अध्यक्ष जनक नागल, राजेश नागल, जितेंद्र बामनिया, धर्मेंद्र जोपिंग, रवि वंडेला, वीरेंद्र वंडेला, सुरेश लतारा, विष्णु भाणनेचा, मनोहर नागल, विवेक गोलु, अरुण बरड़वा, राहुल शर्मा एडवोकेट, निलेश वुडडल एडवोकेट, प्रवीण नागल, श्रीमती सुमन नागल एवं श्रीमती रीता नागल आदि द्वारा स्वागत किया गया।   इस सफल आयोजन ने समाज के भीतर सामूहिकता, सेवा और संस्कारों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।

↑
0%