MP Board 5th 8th Result 2025: आज दोपहर 1 बजे जारी होंगे नतीजे, ऐसे करें चेक  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Board 5th 8th Result 2025: मध्य प्रदेश बोर्ड के कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम आज, 28 मार्च 2025 को दोपहर 1 बजे घोषित किए जाएंगे। राज्य शिक्षा केंद्र मध्य प्रदेश के संचालक हरजिंदर सिंह ने जानकारी दी कि परीक्षाओं के नतीजे आधिकारिक परीक्षा पोर्टल पर जारी किए जाएंगे।   MP Board 5th 8th Result 2025 ऐसे करें चेक   जो छात्र MP Board Class 5th & 8th Result 2025 देखना चाहते हैं, वे निम्नलिखित प्रक्रिया से अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं:   1. आधिकारिक वेबसाइट rskmp.in/result.aspx पर जाएं।   2. रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करें।   3. ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें।   4. स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट कर सकते हैं।   शिक्षक और स्कूल कैसे देख सकते हैं रिजल्ट?   – शिक्षक और स्कूल प्रमुख भी इसी पोर्टल पर लॉग इन कर अपने विद्यालय का विद्यार्थीवार परिणाम देख सकते हैं।   – राज्य शिक्षा केंद्र ने रिजल्ट पोर्टल का लिंक QR कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराया है।   MP Board 5th & 8th Exam 2025: परीक्षा में इतने छात्र हुए शामिल   MP Board 5th & 8th Exam 2025 का आयोजन 24 फरवरी से 5 मार्च 2025 तक किया गया था। इस परीक्षा में—   – कक्षा 5वीं के 11.17 लाख से अधिक छात्र   – कक्षा 8वीं के 11.68 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे।   इन करीब 22.85 लाख छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां 1.19 लाख से अधिक शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य किया।   MP Board 5th 8th Result 2025: डायरेक्ट लिंक जल्द होगा एक्टिव   एमपी बोर्ड 5वीं और 8वीं के छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। सीधा लिंक रिजल्ट घोषित होते ही सक्रिय हो जाएगा।  

 Ladli Behna Yojana : नहीं बढ़ेगी राशि, नए पंजीयन पर भी रोक! जानें पूरी डिटेल  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। विधानसभा में बुधवार को पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि योजना के तहत न तो महिलाओं को दी जाने वाली राशि बढ़ेगी और न ही नए पंजीयन शुरू किए जाएंगे। हालांकि, सरकार को नए पंजीयन शुरू करने के प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं, लेकिन फिलहाल इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।    नहीं बढ़ेगी लाड़ली बहनों की राशि   योजना को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार 1250 रुपये की राशि बढ़ाकर 3000 रुपये की जा सकती है, लेकिन विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार, फिलहाल सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। 2025-26 के बजट में लाड़ली बहना योजना के लिए 18 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।   नए पंजीयन फिलहाल नहीं होंगे शुरू   सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि फिलहाल लाड़ली बहना योजना में नए पंजीयन शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। वर्तमान में 1.27 करोड़ महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन नए लाभार्थियों को जोड़ने की कोई योजना नहीं है।   तीन लाख महिलाओं के नाम हटे   विधानसभा में विधायक प्रताप ग्रेवाल के सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि अब तक 15,748 महिलाओं के नाम उनकी मृत्यु के बाद योजना से हटाए गए हैं। इसके अलावा, 60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाली 3,19,991 महिलाओं के नाम स्वत: पोर्टल से हटा दिए गए हैं।  सरकार ने क्या कहा   सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि योजना के तहत न तो लाभार्थियों की संख्या में इजाफा होगा और न ही दी जाने वाली राशि बढ़ाई जाएगी। हालांकि, सरकार लगातार आ रहे नए पंजीयन के प्रस्तावों पर विचार कर रही है, लेकिन अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।  

MP Weather: MP में 27-31 मार्च के बीच लू के आसार, रतलाम-नर्मदापुरम सबसे गर्म, भोपाल-इंदौर में भी बढ़ेगी गर्मी

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Weather: मध्यप्रदेश में बारिश और ओलों का दौर थमते ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रतलाम में लगातार दूसरे दिन तापमान 39 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम में भी गर्मी तीखी बनी रही। मौसम विभाग ने 27 से 31 मार्च के बीच लू चलने की संभावना जताई है, खासतौर पर मालवा-निमाड़ के जिलों रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा और धार में लू का असर ज्यादा रह सकता है।   मौसम विभाग के अनुसार, दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है। सोमवार को रतलाम में सबसे अधिक 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम में 38.9 डिग्री, धार में 38.6 डिग्री, खरगोन में 37.2 डिग्री, शाजापुर में 37.1 डिग्री, नरसिंहपुर में 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।     बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 35.5 डिग्री, इंदौर में 36.8 डिग्री, ग्वालियर में 36.1 डिग्री, उज्जैन में 37.5 डिग्री और जबलपुर में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।   अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम   25 मार्च को गर्मी का असर रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।   26 मार्च को तीखी धूप के कारण गर्मी और बढ़ेगी, बारिश की संभावना नहीं है।   मौसम विभाग ने मार्च से मई तक 15 से 20 दिन लू चलने की संभावना जताई है। अप्रैल-मई में हीट वेव का असर ज्यादा रहेगा, जिससे 30 से 35 दिन तक गर्म हवाएं चल सकती हैं।   भोपाल में मार्च में दिन में तेज गर्मी पड़ने के साथ बारिश का भी ट्रेंड है। 30 मार्च 2021 को अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंचा था। 9 मार्च 1979 की रात में पारा 6.1 डिग्री तक गिर गया था। 2014 से 2023 के बीच अधिकतर बार तापमान 38 से 41 डिग्री के बीच रहा।   इंदौर में मार्च में गर्मी का असर तेज होने लगता है। यहां दिन का पारा 41.1 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो 28 मार्च 1892 को दर्ज किया गया था। 4 मार्च 1898 को रात में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक रहा था। 24 घंटे में करीब एक इंच बारिश होने का रिकॉर्ड है, जबकि पूरे महीने में दो इंच पानी गिर चुका है।   ग्वालियर में 31 मार्च 2022 को दिन का पारा रिकॉर्ड 41.8 डिग्री पहुंच गया जबकि 1 मार्च 1972 की रात में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हो चुका है। साल 2015 में पूरे महीने 5 इंच से ज्यादा पानी गिरा। 12 मार्च 1915 को 24 घंटे में करीब 2 इंच बारिश हुई थी।   जबलपुर में मार्च में भी रातें ठंडी रहती हैं। पारा औसत 15 डिग्री के आसपास ही रहता है। वहीं, दिन में 36 से 40 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया जाता है। 31 मार्च 2017 को दिन का पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है जबकि 4 मार्च 1898 में रात का तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां मार्च में मावठा भी गिरता है। पिछले 10 में से 9 साल बारिश हो चुकी है।   उज्जैन में दिन गर्म रहते हैं। 22 मार्च 2010 को पारा रिकॉर्ड 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। 1 मार्च 1971 की रात में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रहा था। पिछले साल दिन में तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। उज्जैन में 2017 सबसे गर्म साल रहा था। मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने बारिश भी होती है। एक दिन में पौने 2 इंच बारिश का रिकॉर्ड 17 मार्च 2013 का है।   गर्मी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें, ज्यादा पानी और तरल पदार्थ लें, धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछा इस्तेमाल करें और जरूरत हो तो ओआरएस या इलेक्ट्रॉल का सेवन करें।  

MP News: मध्यप्रदेश में बलात्कार के मामलों में 19% वृद्धि, प्रतिदिन 20 घटनाएं  

पिछले पांच वर्षों में इंदौर में सर्वाधिक 2301 मामले, झाबुआ में 158% वृद्धि   भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्थिति गंभीर होती जा रही है। वर्ष 2024 में प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 20 बलात्कार की घटनाएं दर्ज की गईं। वर्ष 2020 में यह संख्या 6134 थी, जो 2024 में बढ़कर 7294 हो गई, यानी पांच वर्षों में बलात्कार के मामलों में 19% की वृद्धि हुई।   मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह जानकारी विधानसभा में विधायक पंकज उपाध्याय के प्रश्न के उत्तर में दी। मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि 2023-24 के वार्षिक प्रतिवेदन में दर्शाई गई बलात्कार की कुल संख्या 5374 असत्य थी। वास्तविक आंकड़ा 7202 था, जिसमें से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं से जुड़े मामलों की संख्या 3831 थी। जबकि वार्षिक प्रतिवेदन में इसे केवल 883 बताया गया था।   वार्षिक प्रतिवेदन के आंकड़े असत्य   मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा शाखा और अजाक शाखा से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह गड़बड़ी हुई। जिलों से वास्तविक आंकड़े मंगाने पर पता चला कि रिपोर्ट में दी गई संख्या से वास्तविक आंकड़े काफी अधिक हैं।   विधायक पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि वार्षिक प्रतिवेदन में वास्तविक संख्या छिपाने का प्रयास किया गया और विधानसभा में गलत आंकड़े पेश कर उसकी अवमानना की गई।   2023 की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक कुल बलात्कारों की संख्या 5374 थी, जबकि असल में यह 7202 रही। अनुसूचित जाति की महिलाओं से जुड़े मामले 883 बताए गए, लेकिन असल में यह 3831 थे। यानी अनुसूचित जाति व जनजाति की महिलाओं से बलात्कार के मामले 340% अधिक निकले।   जातिगत आधार पर बलात्कार के बढ़ते आंकड़े   मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, अनुसूचित जाति की महिलाओं से बलात्कार की घटनाओं में 10%, अनुसूचित जनजाति में 26%, पिछड़ा वर्ग में 20% और सामान्य वर्ग में 24% की वृद्धि हुई है।   2020 से 2024 के बीच अनुसूचित जाति की महिलाओं के बलात्कार के मामलों में सरकारी रिपोर्ट और वास्तविक आंकड़ों में भारी अंतर देखा गया।   वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार 2020 में 546, 2021 में 611, 2022 में 593, 2023 में 538 और 2024 में 557 मामले थे, जबकि वास्तविक आंकड़ों के अनुसार 2020 में 1640, 2021 में 1712, 2022 में 1861, 2023 में 1769 और 2024 में 1799 मामले सामने आए।   इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी सरकारी रिपोर्ट में आंकड़े काफी कम बताए गए। वार्षिक रिपोर्ट में 2020 में 395, 2021 में 394, 2022 में 403, 2023 में 345 और 2024 में 359 मामले बताए गए, जबकि वास्तविक आंकड़े 2020 में 1742, 2021 में 1968, 2022 में 2874, 2023 में 2062 और 2024 में 2194 रहे।   जिलावार बलात्कार के आंकड़े   पिछले पांच वर्षों में इंदौर जिला बलात्कार के मामलों में सबसे आगे रहा, जहां 2301 मामले दर्ज हुए। इसके बाद भोपाल में 1949, धार में 1602, खरगोन में 1230, सागर में 1200, जबलपुर में 1056 और रतलाम में 1018 मामले सामने आए।   सबसे अधिक वृद्धि झाबुआ में देखी गई, जहां 158% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इंदौर शहर में 103% वृद्धि, इंदौर ग्रामीण में 69% वृद्धि, भोपाल शहर में 59% वृद्धि और रतलाम में 46% वृद्धि दर्ज की गई।   वहीं, बालाघाट और जबलपुर में क्रमशः 33% और 15% की कमी आई। गुना, अशोकनगर, भिंड, बुरहानपुर, शाजापुर, कटनी, सिवनी, पन्ना, सतना, अनूपपुर और राजगढ़ में भी मामले घटे। ग्वालियर, दमोह और विदिशा में संख्या स्थिर रही।   न्यायालय में सजा का प्रतिशत कम   विधायक पंकज उपाध्याय ने न्यायालय में बलात्कार के मामलों की सफलता दर पर भी सवाल उठाया। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में बलात्कार के मामलों में सजा की दर बेहद कम रही। अनुसूचित जाति के 2739 मामलों में सिर्फ 23% दोषसिद्धि हुई और 77% आरोपी बरी हुए। अनुसूचित जनजाति के 3163 मामलों में 22% दोषसिद्धि हुई और 78% आरोपी बरी हो गए। पिछड़ा वर्ग के 3982 मामलों में 21% दोषसिद्धि और 79% बरी हुए। सामान्य वर्ग के 1222 मामलों में केवल 18% दोषसिद्धि हुई और 82% आरोपी छूट गए।   महिला सुरक्षा पर सवाल   बलात्कार के मामलों में लगातार वृद्धि और न्यायिक प्रक्रिया में कम दोषसिद्धि दर ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। विधायक पंकज उपाध्याय ने मांग की है कि सरकार को बलात्कार के मामलों में सही आंकड़े प्रस्तुत करने, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।  

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, नया सिस्टम एक्टिव, इन 7 जिलों में बारिश का अलर्ट  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। शनिवार को भिंड जिले के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।   मौसम विभाग ने बताई बारिश की वजह   भारतीय मौसम विभाग आईएमडी के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण चंबल संभाग में बारिश हुई। भिंड के अटेर क्षेत्र में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा, देश के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई।   अगले 24 घंटे में इन जिलों में बारिश का अलर्ट   मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भिंड, मुरैना, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।   तापमान का हाल: नर्मदापुरम सबसे गर्म, शहडोल सबसे ठंडा   शनिवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   कन्नौद, खजुराहो और टीकमगढ़ में 39.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि राजगढ़, नौगांव, शिवपुरी और कल्याणपुर में तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।   शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।   मार्च के तापमान रिकॉर्ड   सबसे अधिक तापमान 30 मार्च 2021 को 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।   सबसे कम तापमान 9 मार्च 1979 को 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।   पश्चिमी विक्षोभ का असर, बढ़ सकती है हीट वेव   वर्तमान में पश्चिमी अफगानिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपरी वायुमंडल में चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से गुजरात और राजस्थान की गर्म हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे राज्य में तापमान बढ़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश में भी हीट वेव का असर दिख सकता है।   क्यों जरूरी है यह अलर्ट   यदि आप भिंड, मुरैना, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, झाबुआ या रतलाम में रहते हैं, तो हल्की बारिश के लिए तैयार रहें।   गर्मी से बचने के लिए धूप में निकलते समय सावधानी बरतें और हाइड्रेटेड रहें।   मौसम अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक रिपोर्ट्स पर नजर रखें।  

 MP Budget 2025: लाड़ली बहनों को लेकर बड़ा ऐलान, DA बढ़ेगा, किसानों को मिलेगा बोनस, पढ़ें पूरी डिटेल  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।MP Budget 2025: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि यह बजट “आंकड़ों का नहीं, विश्वास का बजट है।” सरकार ने लाड़ली बहनों, किसानों, सरकारी कर्मचारियों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े ऐलान किए हैं। साथ ही, 2025-26 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की गई है। आइए जानते हैं बजट की बड़ी घोषणाएं—   लाड़ली बहनों को मिलेगा अटल पेंशन योजना का लाभ   – सरकार ने लाड़ली बहनों की राशि में बढ़ोतरी नहीं की है   – हालांकि, अब उन्हें अटल पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा   – इस योजना के तहत उन्हें बुढ़ापे में पेंशन का लाभ मिलेगा   सरकारी कर्मचारियों का बढ़ेगा डीए   – एक अप्रैल 2025 से डीए यानी महंगाई भत्ता संशोधित किया जाएगा   – इससे लाखों सरकारी कर्मचारियों को राहत मिलेगी   किसानों को मिलेगा धान पर बोनस   – धान की फसल पर किसानों को बोनस देने की घोषणा की गई है   – इसके अलावा, सिंचाई परियोजनाओं के लिए 17,863 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है   शिक्षा क्षेत्र में बड़े ऐलान   – एमबीबीएस की चार सौ सीटें बढ़ाई जाएंगी   – पीजी मेडिकल सीटों में 255 सीटों का इजाफा होगा   – ग्यारह नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जाएंगे   – पचास जनजातीय छात्रों को विदेश में पढ़ाई के लिए भेजा जाएगा   स्वास्थ्य और परिवहन में बड़ा निवेश   – स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 23,533 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है   – शहरों में इलेक्ट्रिक बसे चलाई जाएंगी ताकि प्रदूषण कम किया जा सके   – सभी सरकारी वाहन 15 साल पूरे होने पर स्क्रैप किए जाएंगे    पर्यटन और धार्मिक योजनाओं को बढ़ावा   – धार जिले में डायनासोर जीवाश्म केंद्र बनाया जाएगा   – श्रीकृष्ण पाथेय योजना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया   – राम वन पथ गमन के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया   – सिंहस्थ महाकुंभ के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया   डिजिटल और औद्योगिक विकास पर जोर   – मध्य प्रदेश में पहली डिजिटल यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी   – प्रदेश में 22 नए आईटीआई कॉलेज खोले जाएंगे ताकि युवाओं को तकनीकी शिक्षा मिल सके   – तीन लाख लोगों को नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है   कांग्रेस ने किया बजट का विरोध   – कांग्रेस ने बजट को जनता विरोधी बताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया   – कांग्रेस का आरोप है कि जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार हो रहा है   – किसानों को वादे के मुताबिक समर्थन मूल्य नहीं दिया गया   MP Budget 2025: किन योजनाओं को कितना बजट मिला   | क्षेत्र | बजट (करोड़ रुपये) |   | स्वास्थ्य | 23,533 |   | कृषि | 58,257 |   | जल जीवन मिशन | 17,135 |   | नगरीय विकास | 18,715 |   | ऊर्जा | 19,000 |   | पर्यटन और संस्कृति | 1,610 |   | गृह विभाग | 13,876 |   आप इस बजट के बारे में क्या सोचते हैं? हमें कमेंट में बताएं

MP News: एमपी में सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल? 12 मार्च को बजट में हो सकता है बड़ा फैसला  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।  MP News: मध्य प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर आ सकती है। 12 मार्च को राज्य का बजट पेश होने वाला है, और इस दौरान सरकार पेट्रोल-डीजल पर वैट टैक्स में कटौती का ऐलान कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हो सकते हैं।   छत्तीसगढ़ सरकार के फैसले से बढ़ी उम्मीदें   हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने बजट में टैक्स कम किया है, जिससे वहां पेट्रोल-डीजल के दाम घटे हैं। अब मध्य प्रदेश के लोग भी सरकार से ऐसी ही उम्मीद लगाए बैठे हैं।    एमपी में पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा टैक्स   मध्य प्रदेश उन राज्यों में शामिल है, जहां पेट्रोल-डीजल पर सबसे अधिक टैक्स लिया जाता है। फिलहाल एमपी में पेट्रोल पर 29 प्रतिशत वैट, 2.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और 1 प्रतिशत सेस लगाया जाता है। वहीं, डीजल पर 19 प्रतिशत वैट, 1.5 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और 1 प्रतिशत सेस लिया जाता है।    पेट्रोल-डीजल के मौजूदा दाम   – पेट्रोल: 108.34 रुपये प्रति लीटर (9 मार्च को 107.38 रुपये)   – डीजल: 92.69 रुपये प्रति लीटर (9 मार्च को 92.73 रुपये)    12 मार्च को क्या होगा बड़ा फैसला   अगर राज्य सरकार वैट कम करने का फैसला करती है, तो पेट्रोल-डीजल के दाम में राहत मिल सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों को ध्यान में रखते हुए एमपी सरकार इस मुद्दे पर गंभीर निर्णय ले सकती है। अब देखना होगा कि 12 मार्च को पेश होने वाले बजट में जनता को सस्ता पेट्रोल-डीजल मिल पाता है या नहीं।   लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

MP News: लाड़ली बहना योजना पर खतरा? कांग्रेस नेता का बड़ा दावा, बीजेपी सुप्रीम कोर्ट में करेगी बंद  

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा सियासी बयान सामने आया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने दावा किया है कि बीजेपी खुद सुप्रीम कोर्ट जाकर इस योजना को बंद करवाएगी। उनका कहना है कि बिहार चुनाव के बाद बीजेपी फ्रीबीज योजनाओं पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है।    सज्जन सिंह वर्मा का बड़ा आरोप   पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी फ्रीबीज की नई पॉलिसी लेकर आई है, जिसका असली मकसद बिहार चुनाव जीतना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही बिहार चुनाव खत्म होंगे, बीजेपी सुप्रीम कोर्ट के जरिए लाड़ली बहना योजना और किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि जैसी योजनाओं को बंद करा देगी।    लाड़ली बहना योजना पर विवाद क्यों   मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का दावा है कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि यह सिर्फ चुनावी रणनीति है। सज्जन सिंह वर्मा के बयान के बाद प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है।   10 मार्च को विधानसभा घेराव करेगी कांग्रेस   विधानसभा बजट सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस किसानों के समर्थन में 10 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। कांग्रेस की मांग है कि गेहूं का समर्थन मूल्य 3,000 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, जबकि बीजेपी सरकार 2,600 रुपये प्रति क्विंटल पर गेहूं खरीदने की योजना बना रही है।   क्या सच में बंद होगी लाड़ली बहना योजना   बीजेपी ने अब तक इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन अगर सुप्रीम कोर्ट में मामला जाता है तो इस योजना के भविष्य पर असर पड़ सकता है। क्या सच में लाड़ली बहना योजना बंद होने जा रही है या यह सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी है? इसका जवाब आने वाले दिनों में मिल सकता है।   लेटेस्ट अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

MP News: आईआरसीटीसी की भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 25 मार्च को रीवा से होगी रवाना, ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका और शिर्डी के दर्शन  

इंदौर- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा “ज्योतिर्लिंग के साथ द्वारका एवं शिर्डी यात्रा” के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन 25 मार्च 2025 को रीवा से रवाना होगी और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।   किन-किन स्टेशनों से यात्री चढ़ सकते हैं   यह ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर, इंदौर, देवास, उज्जैन और रतलाम स्टेशनों पर रुकेगी, जहां से यात्री इसमें सवार हो सकते हैं।   11 दिन की यात्रा में होंगे ये दर्शन   यह यात्रा 10 रातें और 11 दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालु द्वारका, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, शिरडी, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।    किराया और सुविधाएं   यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध हैं   – स्लीपर (इकॉनमी) – 20,700 रुपये प्रति व्यक्ति   – 3AC (स्टैंडर्ड) – 34,600 रुपये प्रति व्यक्ति   – 2AC (कम्फर्ट) – 45,900 रुपये प्रति व्यक्ति   आईआरसीटीसी इस सर्व-समावेशी टूर पैकेज में यात्रियों को आरामदायक ट्रेन यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन, गुणवत्तायुक्त बसों से दर्शनीय स्थलों की यात्रा, ठहरने की सुविधा, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा और सुरक्षा व हाउसकीपिंग सेवाएं प्रदान करेगा।   बुकिंग और अधिक जानकारी   इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं या अधिकृत एजेंट से संपर्क कर सकते हैं।   अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी के भोपाल, जबलपुर और इंदौर रेलवे स्टेशन कार्यालयों से निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है   – भोपाल: 9321901862, 8287931723   – जबलपुर: 0761-2998807, 9321901832, 7021091459   – इंदौर: 0731-2522200, 9321901865, 9321901866, 8287931711, 8287931624  

Ratlam News: मुख्य टिकट निरीक्षक यशवंत पावेचा और नरसिंह मकवाना को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: मुख्य टिकट निरीक्षक यशवंत पावेचा और नरसिंह मकवाना के सेवानिवृत्ति अवसर पर टिकट चेकिंग वेलफेयर सोसायटी द्वारा एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर दोनों अधिकारियों को दीर्घकालिक सेवाओं और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, मेडल, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।   समारोह के दौरान उपस्थित स्टाफ सदस्यों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। इस अवसर पर चेकिंग स्टाफ के मोहन जोशी, राकेश यादव, बनवारीलाल मीणा, इरफान शेख, मुनेश मीणा, प्रदीप पाटिल, रविंद्र बघेल, इंद्रजीत सोलंकी, रमेश गुर्जर, सादिक शेख और मनोज खरे सहित कई सदस्य मौजूद रहे।   कार्यक्रम का संचालन महेंद्र सिंह गौतम ने अपने रोचक अंदाज में किया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके योगदान को यादगार बताया।