MP में जनआक्रोश यात्रा : आज रतलाम में प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में कांग्रेस भरेगी हुंकार, जीतू पटवारी और कुलदीप इंदौरा भी होंगे शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने ‘जन आक्रोश रैली’ की शुरुआत कर दी है। कांग्रेस का दावा है कि शिवराज सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश और असंतोष को आवाज देने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा 21सितंबर गुरुवार को शाम को रतलाम जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा का नेतृत्व पूर्व मंत्री जीतू पटवारी व प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा करेंगे। गुरुवार को शाम 5 बजे जन आक्रोश यात्रा मंदसौर से रतलाम जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। आलोट के बरखेड़ा में प्रवेश के दौरान यात्रा का स्वागत पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रेमचंद गुड्डू करेंगे। प्रेमचंद गुड्डू के नेतृत्व में आलोट क्षेत्र के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान उपस्थित रहेंगे। जानकारी के अनुसार बरखेड़ा में प्रवेश करने के दौरान शाम को जन आक्रोश यात्रा के पहले रथ सभा होगी। सभा को पूर्व मंत्री व राऊ विधायक जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा व पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू संबोधित करेंगे। बरखेड़ा से जनाक्रोश यात्रा कराड़िया होते हुए ताल पहुंचेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा जगह – जगह आक्रोश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। जन आक्रोश यात्रा के ताल पहुंचने पर भी सभा का आयोजन होगा। यात्रा का रात्रि विश्राम ताल के पास अष्ट पद जैन तीर्थ पर रहेगा। यात्रा के रतलाम जिले में प्रवेश के दौरान स्वागत के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल सहित कांग्रेस नेता अजीत बोरासी, रमेश पाठक  आदि उपस्थित रहेंगे।

सौंपा ज्ञापन : MPMSR यूनियन की न्यूनतम वेतन की मांग, नवंबर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की राष्ट्रव्यापी हड़ताल

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सीटू एवं मध्यप्रदेश – छत्तीसगढ़ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन ने संयुक्त रूप से पूरे प्रदेशभर में न्यूनतम वेतन के रिवीजन की मांग को लेकर बुधवार को ज्ञापन सौंपा। यूनियन के सदस्य रतलाम के एमआर कार्यालय से मोटरसाइकिल रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू रतलाम इकाई के अध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने बताया की मध्यप्रदेश की सरकार ने 2016 में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए न्यूनतम वेतन घोषित किया था।लेकिन पिछले 9 साल से न तो न्यूनतम वेतन में कोई रिवीजन किया गया है और न ही 8 घंटे के काम को लागू किया गया।  साथ ही मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के लिए लागू  सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज एक्ट 1976 का पालन भी नहीं किया जा रहा है। रतलाम जिले के उपाध्यक्ष कॉमरेड अभिषेक जैन ने बताया की पुरे देश में मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है जिसने पिछले 9 सालों में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी नही की है। इसके अलावा शिवराज सरकार ने ट्रेड यूनियनों की त्रिपक्षीय समितियों के साथ आज तक कोई बैठक नहीं की। जिसके खिलाफ सीटू एवं एमपीएमएसआरयू पूरे प्रदेश में न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर मुखर हुई है। साथ ही भारत सरकार के श्रम मंत्री भूपेंद्रसिंह यादव के नाम मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर 8 सूत्रीय मांगों का भी ज्ञापन सौंपा गया। एमपीएमएसआरयू (MPMSRU) के  प्रादेशिक उपाध्यक्ष कॉमरेड अश्विनी शर्मा ने जानकारी दी कि हमारे अखिल भारतीय संगठन FMRAI द्वारा 30 नवंबर 2023 को 8 सूत्रीय मांगों को लेकर  एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। हमारी मांग है कि देश के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की समस्याओं को लेकर बनी त्रिपक्षीय समिति की बैठक बुलाई जाए। जिसमें एसपीएक्ट 1976 को सुरक्षित एवं सुनिश्चित किया जाए। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के काम करने की नियमावाली तय होने के साथ काम करने के मौलिक अधिकार को सुरक्षित किया जाए। सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज की डिजिटेलाइजेशन के नाम ट्रेकिंग सर्विलांस पर रोक लगाए। दवाओं पर जीरो जीएसटी लागू करे। इस दौरान रतलाम इकाई के सहसचिव कॉमरेड रसीद खान, कोषाध्यक्ष संजय व्यास, कार्यकारणी सदस्य अविनाश पोरवाल, ,सचिन तिवारी, निखिल मिश्र, आनंद गरवाल, एम एल नगावत एवं काफी संख्या में दवा प्रतिनिधि व अन्य ट्रेड यूनियन के साथी उपस्थित रहे।

रंजिश ने रची हत्या : पंचेड़ में युवक की हत्या में शामिल 3 आरोपी गिरफ्तार, छोटे भाई के साथ हुए कुकृत्य का लेना था बदला!

पब्लिक वार्ता – रतलाम,जयदीप गुर्जर। सोमवार रात रतलाम के पास गांव पंचेड़ में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है की नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचेड़ में अज्ञात आरोपियों ने 23 वर्षीय युवक आबिद पिता सुल्तान हुसैन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। मामले ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया था। जिसके बाद बतौर एहतियात मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करते हुए पूरे गांव को छावनी बना दिया गया। पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढ़ा ने खुद मौके पर पहुंचकर मामले में पूरी जानकारी ली थी। जिसके बाद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी बीच मंगलवार को शव दफनाने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुस्लिम समाज ने नामली थाने का घेराव भी कर दिया था। समझाईश के बाद परिजन व समाज के लोगों ने मृतक का शव दफनाया। मामले में खुलासा करते हुए एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि मुख्य आरोपी के छोटे भाई के साथ साल 2020 में मृतक आबिद हुसैन पर अपहरण कर अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप था। इस मामले में उस पर विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ था। वह जमानत पर आया था। इसी बात पर बदला लेने की नियत से आरोपियों ने मौका देखकर आबिद की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आशुतोष उर्फ भोला पिता दिनेश भांबी उम्र 23 वर्ष, त्रिभुवन पिता भंवरसिंह चौहान उम्र 20 वर्ष व एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने तीनो को चित्तौड़गढ़ टोल से गिरफ्तार किया। पुलिस हत्या की धारा में केस दर्ज मामले में आगे जांच कर रही है।

धूमधाम से मनाया लोकदेवता बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव, मारू भांबी समाज की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। लोकदेवता श्री बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव भादवा बीज रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हाट रोड स्थित शहर के अति प्राचीन बाबा रामदेवजी मंदिर पर श्री मारू भांबी समाज द्वारा दो दिवसीय उत्सव रखा गया। समाजजन भारी वर्षा के बीच चल समारोह में पैदल निकले। चल समारोह के बाद महाआरती का आयोजन किया गया।     श्री मारू भांबी सामाजिक सेवा समिति के रविन्द्र गहलोत ने बताया की समाज के आराध्य देवता श्री रामदेवजी के जन्मोत्सव पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया। इसमें समाज के उन छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे अंक हासिल किए। समिति द्वारा पिछले 4 माह में लगभग 5 लाख रुपये के कार्य मंदिर परिसर में किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रतलाम शहर विधायक चैतन्य काश्यप, विशिष्ट अतिथि राजसमंद पूर्व विधायक बंशीलाल गहलोत, समाज के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल मारू, जावरा के पूर्व पार्षद प्रदीप शर्मा थे। अतिथियों ने 20 से अधिक प्रतिभावान छात्र-छात्राओ को शील्ड व प्रोत्साहन राशि भेंट की। भारतीय यूथ बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी गोल्ड मेडल विजेता मोहित जोकचंद को बंशीलाल जी गहलोत ने 50 हजार रूपये की राशि भेंट की। साथ ही धर्मशाला निर्माण में 20,000 रू. का पुनः सहयोग किया। जन्मोत्सव के अवसर पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि समाज में सांस्कृतिक कार्यक्रम हो या प्रतिभा सम्मान समारोह जैसे सृजनात्मक कार्यक्रम ऐसे समारोह सामाजिक समन्वय के लिए बहुत आवश्यक है और यह मेरे रतलाम शहर की अवधारणा में सर्वांगीण विकास के विचार को मजबूती देते है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष झमक पड़ियार, कोषाध्यक्ष राजेश बोचा, सहकोषाध्यक्ष प्रभूलाल राठौड़, युवा प्रकोष्ठ के गोलू भूमारचा सहित वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य, दीपेश पड़ियार, रमेश जोकचंद, महेश मकवाना, अमर भूमारचा, दिनेश पड़ियार, जगदीश मातोरिया, मनोज गोधा, मांगीलाल अनखे, बाबूलाल जोकचंद, बहादुर सिंह खांबू , नंदकिशोर खांबू , दीपक बामनिया, सावन राठौड़, सहित समस्त युवा कार्यकरिणी सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विकास शैवाल ने किया व आभार सचिव रविंद्र गहलोत ने माना।

आसमां से 8 लेन : 20 सितंबर से MP में शुरू होगा एक्सप्रेस वे, कितना और कैसे लगेगा टोल टैक्स, जानिए इस खबर में और देखे वीडियो

  बारिश के बीच बादलों में घिरा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे इतना खूबसूरत!, देखिए EXCLUSIVE वीडियो सिर्फ पब्लिक वार्ता पर CLICK HERE – देखे वीडियो ऊपर क्लिक करें पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। दिल्ली – मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे मध्यप्रदेश में बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। 8 लेन वाले प्रदेश के हिस्से में वाहनों का आवागमन 20 सितंबर से अधिकृत रूप से शुरू हो जाएगा। आपको बता दे कि प्रदेश में एक्सप्रेस वे या 8 लेन रतलाम, मंदसौर व झाबुआ जिले से गुजर रहा है। इसके शुरू होते ही पहले दिन से ही टोल-टैक्स भी लगना शुरू हो जाएगा। हालांकि बगैर किसी बड़े राजनीतिक आयोजन के ही इसे शुरू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका शुभारंभ करने की बाते शुरू से की जा रही थी। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (NHAI) के एक्सप्रेस-वे एनई-4 की दिल्ली से मुंबई तक की कुल दूरी 1380 किलोमीटर है। 244.5 किलोमीटर का यह सड़क मार्ग मध्यप्रदेश के हिस्से में आता है, जिसमें 3 जिले शामिल है। रतलाम जिले में 90, झाबुआ जिले में 50.95 व मंदसौर में 102 किमी में इसकी लंबाई है। मुंबई से दिल्ली का सफर 12 से 13 घंटे, रतलाम सेंटर : एक्सप्रेस-वे से मुंबई से दिल्ली के सफर में अब केवल 12 से 13 घंटे ही लगेंगे। अभी करीब 22 घंटे तक का समय लग रहा है। खास बात यह है कि रतलाम दोनों बड़े शहरों का सेंटर पॉइंट रहेगा। आपको रतलाम से मुंबई जाना हो या दिल्ली, समय बराबर 6 – 7 घंटे लगेगा। एक्सप्रेस वे पर टू व्हीलर प्रतिबंधित रहेंगे जबकि फोर व्हीलर और अन्य वाहन के लिए गति 100 से 120 किमी प्रति घण्टे तक रहेगी। अगर आप इससे ज्यादा की स्पीड रखते है तो यहां टोल की तरह ही ऑटोमेटिक चालान भी कट जाएगा। स्पीड कंट्रोलिंग के लिए पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। ऐसे कटेगा टोल टैक्स : एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स लागत पर आधारित होगा। जिस पार्ट में पुल-पुलियाएं व इंटरचेंज ज्यादा होंगे वहां टोल ज्यादा लगेगा। टोल की दरें सेक्शन के अनुसार होगी। राजस्थान के दौसा में यह शुरू हो चुका है। वहां वाले हिस्से के मान से देखे तो कार व हल्के वाहनों के लिए टोल 2.20 रुपये से 2.25 रुपये प्रति किलोमीटर तक की दर हो सकती है। बड़े यात्री वाहन, ट्रक के लिए यह 7 से 7.35 रुपये तक होने की संभावना है। फिलहाल MP में टोल टैक्स कितना क्या होगा इसकी जानकारी जल्द ही आधिकारिक रूप से दे दी जाएगी। 8 लेन में एंट्री के समय आपकी गाड़ी को रजिस्टर्ड कर लिया जाएगा। इसके बाद आप जहां से आउट होंगे वहां तक का चार्ज प्रति किलोमीटर के हिसाब से काट लिया जाएगा। रतलाम को मिलेगा लाभ : एक्सप्रेस वे पर दिल्ली व मुंबई का सेंटर पॉइंट रतलाम शहर होगा। जिससे इसका लाभ रतलाम को मिलने वाला है। खास बात यह है कि रतलाम से धामनोद के समीप होकर व जावरा के भूतेड़ा के समीप इंटरचेंज होने से दो स्थानों से वाहनों की एक्सप्रेस वे पर आवाजाही हो सकेगी। इससे बांंसवाड़ा, उज्जैन, आगर, इंदौर से आने वाले वाहन भी रतलाम या जावरा होकर ही निकलेंगे। रतलाम में बनने वाले मेगा इंडस्ट्रियल पार्क को भी एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा। इससे व्यापारिक व आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। (फोटो व वीडियो : सुनील सोनार्थी)

युवा मोर्चा ने रक्तदान कर मनाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, युवाओं ने लिया हिस्सा

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। भारत के प्रधानमंत्री व दुनिया के लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा धूमधाम से मनाया गया। रतलाम युवा मोर्चा ने जिलाध्यक्ष विप्लव जैन के नेतृत्व में इस अवसर पर रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में युवा मोर्चा पदाधिकारियों समेत भाजपा के अन्य नेता भी शामिल हुए। युवा मोर्चा जिला सहमीडिया प्रभारी किशोर सिलावट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 73वें जन्मदिन पर युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रजवलित कर की। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र पाटीदार ने किया। जिला अध्यक्ष राजेंद्र लुनिया ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर युवा मोर्चा द्वारा रक्त दान शिविर लगाकर सिर्फ वोट मांगने या पार्टी हित का नहीं सोचा बल्कि लोगो के बारे में सोचकर ये आयोजन रखा। आम आदमी को रक्त की बहुत जरुरत होती है। अंचल में जावरा, बाजाना, सैलाना आलोट जैसे भी क्षेत्र है, में युवा मोर्चा से आग्रह करता हु ऐसे आयोजन वहा भी आयोजित हो। जिला अध्यक्ष विपल्व जैन ने कहा की केन्दीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सम्पूर्ण देश प्रदेश में हमारे देश के लोकप्रिय मंत्री के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर रखा गया। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ राजनीति कार्यो में रूचि नहीं रखती इसके साथ मानव सेवा का कार्य हो जनजाति सेवा के कार्य हो, तमाम सेवा के कार्यो में भी निरंतर रूचि रखती है। भाजपा चुनाव में वोट मांगने या चुनाव कार्य की राजनीति तक सिमित नहीं रहती। इसी के तहत युवा मोर्चा मानव सेवा में निरंतर प्रयासरत है। रक्त दान शिविर कार्यक्रम के दौरान शहर विधायक चेतन कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र लूनिया, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विप्लव जैन, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला मंत्री राजेंद्र पाटीदार, पार्षद भगत भदौरिया, मानव सेवा समिति अध्यक्ष मोहनलाल मुरलीवाला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश पाटीदार, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष गौरव मूणत, यादवेंद्र सिंह, जिला मंत्री शुभम चौहान, संजय पांचाल, संजय जाट, समेत सभी मंडलों के अध्यक्ष /उपाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं युवा नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।  

पुलिस की तैयारी : त्यौहार के पूर्व थानेवार बैठक शुरू, सीएसपी अभिनव कुमार वारंगे हुए आयोजन समितियों से रूबरू

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। प्रमुख त्यौहारों का सिलसिला शुरू होने से पूर्व रतलाम पुलिस ने अपनी तैयारियां पुरी कर ली है। शहर में गणेश चतुर्थी, तेजा दशमी व अनंत चतुर्दशी का त्यौहार धूम धाम से मनाया जाता है। इस दौरान पुलिस को सुरक्षा की दृष्टी से महत्वपूर्ण तैयारियां करनी होती है। गौरतलब है कि रतलाम धार्मिक मामले में प्रदेश में संवेदनशील माना जाता है। इस लिहाज से पुलिस सतर्कता बरतते हुए कोई चूक नहीं करती है। पुलिस ने इसके लिए शहर में थानेवार बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। सीएसपी अभिनव कुमार वारंगे ने पब्लिक वार्ता को बताया की शहर में गणेश चतुर्थी व अन्य त्यौहारों को देखते हुए थाना क्षेत्रों में बैठक ली जा रही। रविवार को थाना माणक चौक, दीनदयाल नगर व औद्योगिक क्षेत्र में बैठक ली गई है। सोमवार को बाकी थाना क्षेत्रों में भी बैठक ली जाएगी। बैठक में आयोजन समितियों के प्रमुख के साथ ही जनप्रतिनिधियों व क्षेत्र के अन्य प्रबुद्धजनों के अलावा सर्व समाज के लोगों को बुलाया जा रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए उनको विशेष निर्देश भी दिए है। पुलिस हर पॉइंट पर तैनात रहेगी। साथ ही इस बार हर समिति को वोलेंटियर्स रखने को कहा है। इन वोलेंटियर्स की जानकारी पुलिस एक विशेष फॉर्म में अपने पास रखेगी। साथ ही प्रमुख चौराहे व आयोजन स्थल पर 24 घन्टे सीसीटीवी सर्विलांस बना रहेगा। निकलने वाले अखाड़ों व विसर्जन स्थल की तैयारियों को लेकर भी अलग से व्यवस्था व बैठक ली जाएगी। आयोजनकर्ताओं से पुलिस की अपील है कि वे संबंधित थाने पर परमिशन के लिए आवेदन जरूर करे। पुलिस द्वारा चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।    

पर्वाधिराज पर्युषण : आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा.की निश्रा में हुई उपधान तप की जय -जयकार, 25 अक्टूबर से पूरा समाज होगा शामिल

पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। आचार्य श्री विजय कुलबोधि सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में पर्वाधिराज पर्युषण के दौरान रविवार को सैलाना वालों की हवेली मोहन टॉकीज में उपधान तप की जय -जयकार हुई। श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय, श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी के तत्वावधान में 25 अक्टूबर से उपधान तप की शुरुवात करने के लिए सभी समाजजनों ने सहमति दी। कई भक्तो ने आचार्यश्री के हाथों से तप के फार्म लिए और सकल जैन श्री संघ से इसमें जुड़ने का आव्हान किया। इसके पहले सुबह आचार्य श्री ने “संघर्ष, साधना और सिद्धि” विषय पर प्रवचन देते हुए उसके महत्व और भूमिका का वर्णन किया। दोपहर में “गणधरवाद” विषय पर प्रवचन हुए। आचार्य श्री ने संघर्ष की भूमिका के साथ ही साधना का महत्व और सिद्धि तप की प्राप्ती के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। प्रवचन में श्री देवसूर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ गुजराती उपाश्रय एवं श्री ऋषभदेवजी केशरीमलजी जैन श्वेताम्बर तीर्थ पेढ़ी के पदाधिकारी एवं श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

रेल यात्री ध्यान दे! : तेज बारिश ने थामे रेलवे के पहिये, कई ट्रेन के टाइम टेबल में बदलाव, यात्रा से पहले जरूर जान ले

  पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। मध्यप्रदेश व गुजरात में जारी भारी बारिश ने रतलाम रेल मंडल में रेल यातायात को प्रभावित कर दिया है। कई यात्री ट्रेन अलग-अलग स्टेशन पर खड़ी की गई है। कई यात्री ट्रेन रेलवे ने निरस्त कर दी है। इसके अलावा कुछ के टाइम टेबल व फेरों में बदलाव कर उन्हें दूसरे रेल रास्ते से चलाया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेन को रेलवे बदले मार्ग से चला रहा है। इसके पीछेकारण रतलाम से मुंबई रेल मार्ग के रतलाम – गोधरा सेक्शन में लगातार तेज जारी बारिश है। इस रेल मार्ग पर चट्टान व मुरम के पहाड़ है, जिसके बाद यहां बारिश से चट्टान व मुरम पत्थर पटरियों पर या ट्रेन पर गिर रहे है। आपको बता दे कि शनिवार सुबह रतलाम दाहोद रेल खंड पर अमरगढ़ और पंच पिपलिया के बीच ट्रेन नंबर 12494 हज़रत निज़ामुद्दीन मिराज दर्शन एक्सप्रेस का इंजिन और ब्रेकवान पटरी से उतर गया था। बारिश के चलते एक चट्टान पटरी पर गिर गई थी, जीस कारण इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े थे। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद रेलवे ने ट्रेक क्लियर किया। फिलहाल जानिए किन ट्रेन में क्या हुआ बदलाव – इनका किया मार्ग परिवर्तित : 1. 15 सितम्‍बर को वाराणसी सिटी से चली गाड़ी संख्‍या 19168 वाराणसी सिटी-अहमदाबाद एक्‍सप्रेस वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद 2. 16 सितम्‍बर को जबलपुर से चली गाड़ी संख्‍या 11464 जबलपुर वेरावल एक्‍सप्रेस वाया वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद 3. 15 सितम्‍बर को गोरखपुर से चली गाड़ी संख्‍या 19490 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्‍सप्रेस वाया वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-बेरछ-उदयपुरसिटी-असारवा 4. 16 सितम्‍बर को निजामुद्दीन से चली गाड़ी संख्‍या 12918 निजामुद्दीन अहमदाबाद एक्‍सप्रेस वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद 5. 15 सितम्‍बर को पटना से चली गाड़ी संख्‍या 09448 पटना अहमदाबाद स्‍पेशल एक्‍सप्रेस वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद 6. 16 सितम्‍बर को बान्‍द्रा टर्मिनस से चली गाड़ी संख्‍या 22901 बान्‍द्रा टर्मिनस एक्‍सप्रेस वाया वडोदरा-अहमदाबाद-हिम्‍मतनगर 7. 16 सितम्‍बर को बीकानेर से चली गाड़ी संख्‍या 04711 बीकानेर बान्‍द्रा टर्मिनस स्‍पेशल एक्‍सप्रेस वाया नागदा-रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-उदयपुरसिटी-अहमदाबाद 8. 16 सितम्‍बर को जयपुर से चली गाड़ी संख्‍या 82654 जयपुर यशवंतपुर एक्‍सप्रेस वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-उदयपुर सिटी-अहमदाबाद- वडोदरा 9. 16 सितम्‍बर को अहमदाबाद से चली गाड़ी संख्‍या 19167 अहमदाबाद वाराणसी सिटी एक्‍सप्रेस वाया वडोदरा-सूरत-जलगांव-भुसावल-खंडवा-इटारसी-भोपाल-बीना 10. 17 सितम्‍बर को अहमदाबाद से चली गाड़ी संख्‍या 19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्‍सप्रेस वाया वडोदरा-सूरत-जलगांव-भुसावल-खंडवा-इटारसी-भोपाल-बीना 11. 16 सितम्‍बर को गांधीधाम से चली गाड़ी संख्‍या 12937 गांधीधाम हावड़ा एक्‍सप्रेस वाया वडोदरा-सूरत-जलगांव-भुसावल-खंडवा-इटारसी-भोपाल-बीना 12. 16 सितम्‍बर को निजामुद्दीन से चली गाड़ी संख्‍या 12284 निजामुद्दीन एर्नाकुलम एक्‍सप्रेस वाया नागदा-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-पनवेल 13. 16 सितम्‍बर को अमृतसर से चली गाड़ी संख्‍या 12926 अमृतसर मुम्‍बई सेंट्रल एक्‍सप्रेस वाया नागदा-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-सूरत-मुम्‍बई सेंट्रल 14. 16 सितम्‍बर को श्रीमाता वैष्‍णोदेवी कटडा़ से चली गाड़ी संख्‍या 12472 श्रीमातावैष्‍णोदेवी कटड़ा बान्‍द्रा टर्मिनस एक्‍सप्रेस वाया नागदा-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-सूरत-मुम्‍बई सेंट्रल 15. 16 सितम्‍बर को निजामुद्दीन से चली गाड़ी संख्‍या 12954 निजामुद्दीन मुम्‍बई सेंट्रल एक्‍सप्रेस वाया नागदा-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-सूरत-मुम्‍बई सेंट्रल 16. 16 सितम्‍बर को इंदौर से चली गाड़ी संख्‍या 19310 इंदौर गांधीनगर एक्‍सप्रेस वाया रतलाम-चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद 17. 16 सितम्‍बर को निजामुद्दीन से चली गाड़ी संख्‍या 12248 निजामुद्दीन बान्‍द्रा टर्मिनस एक्‍सप्रेस वाया नागदा-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-सूरत-बान्‍द्रा टर्मिनस 18. 16 सितम्‍बर को ग्‍वालियर से चली गाड़ी संख्‍या 22194 ग्‍वालियर दौंड एक्‍सप्रेस वाया भोपाल-इटारसी-खंडवा 19. 16 सितम्‍बर को बरौनी से चली गाड़ी संख्‍या 19038 बरौनी-बान्‍द्रा टर्मिनस वाया चित्‍तौड़गढ़-अजमेर-पालनपुर-अहमदाबाद- वडोदरा-सूरत 20. 16 सितम्‍बर को हरिद्वार से चली गाड़ी संख्‍या 19020 हरिद्वार बान्‍द्रा टर्मिनस एक्‍सप्रेस वाया नागदा-उज्‍जैन-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-भेस्‍तान 21. 16 सितम्‍बर को नई दिल्‍ली से चली गाड़ी संख्‍या 22210 नई दिल्‍ली मुम्‍बई सेंट्रल एक्‍सप्रेस वाया नागदा-उज्‍जैन-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-भेस्‍तान 22. 17 सितम्‍बर को निजामुद्दीन से चली गाड़ी संख्‍या 12432 निजामुद्दीन त्रिवेन्‍द्रम राजधानी एक्‍सप्रेस वाया नागदा-उज्‍जैन-भोपाल-इटारसी-खंडवा-कल्‍याण-पनवेल 23. 17 सितम्‍बर को अमृतसर से चली गाड़ी संख्‍या 12904 अमृतसर सेंट्रल एक्‍सप्रेस वाया नागदा-उज्‍जैन-भोपाल-इटारसी-खंडवा-जलगांव-भेस्‍तान 24. 17 सितम्‍बर को बान्‍द्रा टर्मिनस से चली गाड़ी संख्‍या 22921 बान्‍द्रा टर्मिनस गोरखपुर एक्‍सप्रेस वाया वडोदरा-गेरतपुर-अहमदाबाद-पालनपुर-बांदीकुई-भरतपुर शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेन : 1. 16 सितम्‍बर को अजमेर से चली गाड़ी संख्‍या 12996 अजमेर बान्‍द्रा टर्मिनस एक्‍सप्रेस को मंदसौर स्‍टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया गया । 2. 17 सितम्‍बर को वडोदरा से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 19819 वडोदरा कोटा एक्‍सप्रेस रतलाम से चलेगी तथा वडोदरा से रतलाम के मध्‍य निरस्‍त रहेगी। 3. 17 सितम्‍बर को भोपाल से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 19340 भोपाल दाहोद एक्‍सप्रेस नागदा स्‍टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी तथा नागदा से दाहोद के मध्‍य निरस्‍त रहेगी। 4. 18 सितम्‍बर को दाहोद से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 19339 दाहोद भोपाल नागदा से चलेगी तथा दाहोद से नागदा के मध्‍य निरस्‍त रहेगी। यह ट्रेन रहेगी केंसल : 17 सितम्‍बर को बान्‍द्रा टर्मिनस से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 12995 बान्‍द्रा टर्मिनस अजमेर एक्‍सप्रेस 17 सितम्‍बर को रतलाम से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 09382 रतलाम दाहोद स्‍पेशल 17 सितम्‍बर को दाहोद से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 09350 दाहोद आनंद स्‍पेशल 17 सितम्‍बर को रतलम से चलने वाली 09358 रतलाम दाहोद स्‍पेशल 17 सितम्‍बर को रतलम से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 09383 रतलाम उज्‍जैन स्‍पेशल 17 सितम्‍बर को दाहोद से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 09381 दाहोद रतलाम स्‍पेशल 17 सितम्‍बर को दाहोद से चलने वाली गाड़ी संख्‍या 09357 दाहोद रतलाम स्‍पेशल

चिंता की बारिश : रेड जोन में आने के बाद रतलाम जिला प्रशासन हुआ अलर्ट, भारी बारिश का दौर अब तक नहीं थमा, इमरजेंसी नंबर जारी

बवंडर से फसले हुई चौपट, कई कच्चे मकान भी धराशायी, जिले के सभी तालाब लबालब, पढ़िये पूरे जिले की स्थिति – पब्लिक वार्ता – रतलाम, जयदीप गुर्जर। जिले में बीती रात से हो रही लगातार तेज बारिश शनिवार शाम तक भी नहीं थमती नजर आ रही हव। वहीं मौसम विभाग ने रतलाम को रेड जोन में रख कर भारी बारिश की चेतावनी पहले ही जारी कर दी है। इसके बाद से जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कलेक्टर ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कोटवार, होमगार्ड के जवान, पुलिस जवान तथा अन्य विभागों की टीम को प्रो एक्टिव मोड पर रहने के निर्देश जारी कर दिए है। गठित टीम सक्रियता से मूवमेंट करते हुए तालाबों, जल संरचनाओं, पुलियाओं व नदियों पर मूवमेंट करते हुए नजर रख रही है। फिलहाल जिले में किसी भी स्थान से अब तक कोई अप्रिय स्थिति या सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किया है। इसके इमरजेंसी नंबर 07412 270 416 है। कंट्रोल रूम 24 घंटे नजर बनाए हुए है। किसी भी प्रकार की जानकारी व सहायता इन नंबर पर उपलब्ध रहेगी। जिले में जिन स्थानों पर पर पुलिया या रपट ओवरफ्लो हो रही है, वहां मौके पर नायाब तहसीलदारों को भेजा गया है। पुलिस एवं होमगार्ड के जवान भी तैनात किए गए है। बहाव वाले स्थानों पर वाहनों व लोगों को पार करने से सख्ती से रोका जा रहा है। 122 स्थानों पर निगरानी, ढोलावाड़ डेम के 4 गेट खोले : जिले में जल संसाधन विभाग के समस्त 122 छोटे-बड़े तालाबों पर कर्मचारी तैनात किए गए है। जो तालाबों में जल बहाव की स्थिति पर नजर रख रहे है। विभाग के 98 छोटे तालाब तथा 22 बड़े बैराज है, जहां पर निगरानी दल तैनात है। शाम तक की स्थिति में विभाग के लगभग 70 छोटे तालाबों के वेस्ट वेयर चालू थे। सभी तालाब अपनी पूर्ण क्षमता में भर चुके हैं। वहीं शाम 4 बजे तक धोलावाड़ सरोज सरोवर डेम के चार गेट खोले जा चुके है। जिले के बाजना में प्रशासन द्वारा करण नदी और तेलनी नदी पर होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। सैलाना एसडीएम ने बताया कि ग्राम गोवर्धनपुरा में तेज हवा के बवंडर के कारण 7 किसानो की फसलों में नुकसानी हुई है। जिनका सर्वे करके आरबीसी 6 _4 के तहत सहायता दी जाएगी। सैलाना नगरीय क्षेत्र के शिवगढ़ मार्ग पर पानी के कारण जाम की स्थिति का जायजा लेने के बाद प्रशासन से जेसीबी की मदद से पानी की निकासी कराई। निचली बस्तियों में निगरानी, पूरा अमला अलर्ट : रतलाम ग्रामीण एसडीएम ने बताया कि भदवासा से सिखेड़ी मार्ग पर गंगायता नदी पुल के ऊपर बहने के कारण आवागमन रोक दिया गया। मऊ – बिरमावल मार्ग तथा बिरमावल – जबड़ा मार्ग पर पुल के ऊपर पानी बहने के चलते चौकीदारों की तैनाती की है। छतरी – जबड़ा मार्ग पर पुलिस जवान एवं चौकीदार तैनात किए गए। रतलाम शहर में राजस्व, पुलिस तथा नगर निगम की टीम समन्वय बनाकर निचली बस्तियों में सतत निगरानी रख रही है। करमदी, कनेरी, मथुरी गांव में रपट पर जल बहाव के कारण होमगार्ड जवानों तथा कोटवार को तैनात किया गया है। मौके पर नायब तहसीलदारों को भी भेजा गया है। जावरा एसडीएम ने बताया कि जावरा अनुभाग में कहीं किसी मार्ग पर वर्षा के कारण यातायात अवरुद्ध नहीं है। आलोट एसडीएम ने बताया कि अनुभाग में विगत रात से जारी बारिश के कारण ग्राम जोयन,थूरिया, किशनगढ़, धतुरिया, ददियाखेड़ी, भोजाखेड़ी, भूतिया आदि में शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से पुल, रपटो व पुलियाओ पर लगातार पानी का स्तर बढ़ा हुआ है। मौके पर संबंधित ग्रामों के कोटवार को लगाया है। ग्रामीणों को पुल से गुजरने से रोका जा रहा है। ग्राम अवलिया सोलंकी तथा कस्बा आलोट के राम सिंह दरबार क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा के कारण एक कच्चे मकान के गिरने की शिकायत तथा कुछ मकानों में बारिश का पानी घरों में घुसने से सामान के नुकसान की संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई है। मौके पर संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को भेजकर प्रभावित व्यक्तियों के रुकने व भोजन के लिए ग्राम पंचायत और नगर परिषद के माध्यम से ग्राम पंचायत अरवलिया सोलंकी में पंचायत भवन तथा कस्बा क्षेत्र में रैन बसेरा भवन में व्यवस्था की गई है। अतिवृष्टि से मकान गिरने व पानी भरने से नुकसान की रिपोर्ट बनाकर आर्थिक सहायता हेतु प्रकरण स्वीकृत किए गए। क्षेत्र में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि पशु हानि नहीं हुई छह।