Ratlam News: महिला से दुष्कर्म करने वाले को 10 साल की सजा, 44 सुनवाई के बाद कोर्ट का फैसला

घर छोड़ने के बहाने किया विश्वासघात, कोर्ट ने सुनाया 10 साल का सश्रम कारावास रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम की विशेष अदालत ने छह साल पुराने दुष्कर्म के मामले में आरोपी लाल बिहारी को दोषी करार देते हुए 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। मामला 2019 का है, जब आरोपी ने मोटरसाइकिल पर महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती की थी। अपर लोक अभियोजक सतीश त्रिपाठी ने बताया कि घटना 26 मई 2019 की है। पीड़िता देवका गांव में भोपा को नारियल चढ़ाकर ठिकरिया से पैदल-बाजना की ओर जा रही थी, तभी सूरज बड़ला रोड स्थित स्कूल के पास आरोपी लाल बिहारी (उम्र 34, निवासी ग्राम धोलपुर) बाइक से पहुंचा और महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर ग्राम कानवा छावनी ले गया, जहां उसने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने किसी तरह जान बचाकर पति को पूरी घटना बताई और बाद में बाजना थाना में मामला दर्ज कराया गया। डीएनए रिपोर्ट से मिली पुष्टि पुलिस जांच में डीएनए रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद आरोपी के खिलाफ मजबूत सबूत अदालत में पेश किए गए। 44 सुनवाई के बाद न्यायाधीश बरखा दिनकर ने लाल बिहारी को दोषी पाया। जानिए क्या रही सजा: न्यायालय ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं एक साथ भुगतनी होंगी, यानी कुल मिलाकर आरोपी को 10 वर्ष तक जेल में रहना होगा।

Ratlam news: हरियाणा के दो युवक रतलाम में डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने 20 हजार की नशीली सामग्री जब्त की

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर की स्टेशन रोड पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से आए दो युवकों को डोडाचूरा के साथ गिरफ्तारकिया है। आरोपियों के पास से 5 किलो डोडाचूरा, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार में कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार देर रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जावरा रोड क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक वहां से जा चुके थे। इसके बाद टीम ने सतर्कता बढ़ाते हुए डीमार्ट रोड और मछली मार्केट की ओर गश्त तेज की। इसी दौरान मछली मार्केट के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम गुरुदेवसिंह उर्फ गेबी और काबलसिंह उर्फ बट्टी निवासी खेड़ी सरफली, असंद, जिला करनाल (हरियाणा) बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वे नशे का सामान कहां से लाए और किन-किन को सप्लाई करने वाले थे। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य ठिकानों पर भी छापे मारे जाएंगे।

Ratlam News: पूर्व सैनिक कैलाश निनामा दोबारा बने रतलाम जिला अध्यक्ष, कहा- संगठन में एकता से हर समस्या का होगा समाधान

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा पूर्व सैनिक नायक कैलाश निनामा को एक बार फिर जिला रतलाम का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा मालवा प्रांत के महासचिव पूर्व सैनिक सुबेदार सुरेंद्र सिंह सिसोदिया ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए की। गौरतलब है कि निनामा इससे पहले भी वर्ष 2016 से 2019 तक परिषद के जिला अध्यक्ष पद पर कार्य कर चुके हैं। संगठन की केंद्रीय समिति ने उनके अनुभव और सेवा को देखते हुए दोबारा उन पर भरोसा जताया है। इस अवसर पर प्रांत कोषाध्यक्ष पूर्व सैनिक नायब सुबेदार ईश्वर सिंह राठौर सहित कई गणमान्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष वी. के. त्रिपाठी, सुबेदार टी. आर. वर्मा, हवलदार वाघेला, नायक जोशी सहित अन्य पदाधिकारी और परिषद सदस्य शामिल हुए। पूर्व सैनिकों और मित्रों ने कैलाश निनामा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नवनियुक्त अध्यक्ष निनामा ने बताया कि जिला इकाई की नई कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा, “हर समस्या का समाधान संगठनात्मक एकता और चिंतन से संभव है। यदि सभी सदस्य सहभागिता और सक्रियता से साथ चलें, तो बड़ी से बड़ी चुनौती भी हल हो जाती है।”

Toll Tax Rule Change: 3000 रुपये में सालभर टोल फ्री! जानिए 200 ट्रिप का असली मतलब और आपके लिए कितना फायदेमंद है ये पास

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Toll Tax Rule Change: अगर आप रोजाना या अक्सर हाईवे से यात्रा करते हैं तो केंद्र सरकार की नई फास्टैग स्कीम आपके लिए बड़ी राहत लेकर आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक नई योजना की घोषणा की है, जिसके तहत अब सिर्फ ₹3000 में सालभर या 200 टोल ट्रिप (जो पहले हो) बिल्कुल फ्री में कर सकते हैं। लेकिन इस स्कीम को समझे बिना इसका फायदा उठाना मुश्किल हो सकता है, क्योंकि “200 ट्रिप” का मतलब हर किसी की समझ में नहीं आ रहा। 200 ट्रिप का मतलब क्या है? बहुत से लोग सोचते हैं कि दिल्ली से लखनऊ जाना और वापस आना कुल मिलाकर 2 ट्रिप मानी जाएंगी। लेकिन असल में यह गिनती टोल प्लाजा के हिसाब से की जाएगी, न कि दूरी या यात्रा की संख्या से। उदाहरण के लिए, अगर आप दिल्ली से जयपुर जाते हैं और इस रूट में 7 टोल प्लाजा आते हैं, तो इन 7 टोल से गुजरना 7 ट्रिप माना जाएगा। वापस लौटने पर फिर वही 7 टोल पार करने होंगे, तो कुल 14 ट्रिप मानी जाएंगी। यानी 200 ट्रिप में से 14 ट्रिप घट जाएंगी और आपके पास सिर्फ 186 ट्रिप बचेंगी। किसे मिलेगा फायदा? किन रूट्स पर लागू नहीं होगी ये सुविधा? यह योजना सिर्फ NHAI (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अंतर्गत आने वाले टोल प्लाजा पर ही लागू होगी।यमुना एक्सप्रेसवे (दिल्ली-आगरा) और आगरा-लखनऊ ताज एक्सप्रेसवे जैसे प्राइवेट टोल पर यह स्कीम लागू नहीं होगी। इन पर पहले की तरह टोल भरना होगा। ट्रक-बस वालों को नहीं मिलेगा फायदा यह सालाना पास सिर्फ निजी वाहनों जैसे कार, जीप, वैन के लिए ही है। ट्रक, बस और कमर्शियल गाड़ियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। कैसे मिलेगा पास? क्या होगा अगर 200 ट्रिप से ज्यादा हो जाएं? जैसे ही 200 ट्रिप पूरी हो जाएंगी, फास्टैग ऑटोमैटिक तरीके से सामान्य मोड में आ जाएगा और हर टोल पर पुराने नियमों के अनुसार भुगतान करना होगा। यानी सावधानी जरूरी है कि 200 ट्रिप की लिमिट पर नज़र रखें।

Ratlam News: एक ही विषय में 100 छात्रों को मिले शून्य अंक, ABVP ने उठाई कॉपी रीचेकिंग की मांग

रतलाम- पबकिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: स्वामी विवेकानंद वाणिज्य महाविद्यालय के बी.कॉम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम में एक ही विषय में बड़ी संख्या में शून्य व पूरक अंक दिए जाने पर आक्रोश देखने को मिला। इसी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ABVP ने मांग की कि विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की रीचेकिंग करवाई जाए और परीक्षा परिणाम में सुधार किया जाए। परिषद के अनुसार, लगभग 100 से अधिक विद्यार्थियों को एक ही विषय में शून्य या पूरक अंक देना किसी त्रुटि की ओर इशारा करता है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। ज्ञापन देने पहुंचे कार्यकर्ताओं में रतलाम नगर मंत्री सिद्धार्थ राव मराठा सहित बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि इस गंभीर विषय को प्राथमिकता से लिया जाए और जल्द निष्पक्ष जांच कर सुधार किया जाए। छात्रों ने यह भी कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Ratlam News: रतलाम में 45 फीट गहरे कुएं में दबे दो मजदूर, दर्दनाक मौत; मिट्टी धंसने से हुआ हादसा, रात 1.45 बजे निकाले गए शव

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज डेस्क। Ratlam News: जिले के जावरा-बड़ावदा रोड स्थित ग्राम जूना गड़गड़िया में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दो मजदूरों की कुएं में दबकर मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब खेत में नए कुएं की गोलाकार बाउंड्री का निर्माण कार्य चल रहा था। बारिश से कमजोर हुई मिट्टी हादसे की बड़ी वजह बनी। मृतकों की पहचान विक्रम सिंह (43) पिता वैशाल सिंह और अमर सिंह (32) पिता गोपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम केलूखेड़ा, थाना बरखेड़ाकला, तहसील ताल, जिला रतलाम के रूप में हुई है। दोनों मजदूर कुएं के अंदर बाउंड्री निर्माण का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वे लगभग 45 फीट गहरे कुएं में मलबे के साथ दब गए। राहत और रेस्क्यू में लगी पूरी रात घटना शाम करीब 7 बजे की है। खेत में रास्ता खराब होने और गीली मिट्टी के कारण प्रशासन को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने में कई घंटे की देरी हुई। रात करीब 12 बजे जावरा से पोकलेन मशीन मंगवाई गई और किनारे से खुदाई कर कुएं तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया। अंततः रात 1.45 बजे दोनों के शव बाहर निकाले जा सके। जिम्मेदार कौन? हादसे के बाद मौके पर एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, एसडीएम त्रिलोचन गौड़ और सीएसपी दुर्गेश आमों पहुंचे। रेस्क्यू में जेसीबी मशीन काम नहीं आई क्योंकि मिट्टी अधिक गीली थी। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से पोकलेन से खुदाई कर शव निकाले गए। यह हादसा सरपंच प्रतिनिधि दशरथ गुर्जर के खेत में हुआ, जहां निर्माण कार्य कराया जा रहा था। सवाल उठ रहे हैं कि क्या कुएं के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? क्या मजदूरों को सुरक्षा उपकरण दिए गए थे? इन सवालों के जवाब अभी बाकी हैं, लेकिन एक बात तय है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और गैरजिम्मेदारी का नतीजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए बुधवार सुबह मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों मजदूरों के असमय निधन से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Train Cancelled: रथ यात्रा के कारण रद्द हुई वडोदरा-दाहोद मेमू, 20 जून से 12 जुलाई तक बंद रहेगी सेवा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Train Cancelled: रथ यात्रा में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। पूर्व तटीय रेलवे द्वारा 24 जून से 10 जुलाई 2025 तक पुरी में आयोजित रथ यात्रा महोत्सव के दौरान अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में दाहोद-वडोदरा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन का रेक अस्थाई रूप से पुरी भेजा जाएगा। इस कारण वडोदरा-दाहोद-वडोदरा के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 69233/69234 मेमू सेवा 20 जून 2025 से 12 जुलाई 2025 तक अस्थाई रूप से निरस्त रहेगी। यानी यात्री लगभग 23 दिनों तक इस ट्रेन सेवा का लाभ नहीं ले सकेंगे। रेलवे द्वारा यह कदम रथ यात्रा के दौरान बढ़ी हुई मांग को देखते हुए उठाया गया है, ताकि तीर्थ यात्रियों को अधिकतम सुविधा मिल सके। यात्रियों से अपील: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस अस्थाई रद्दीकरण को ध्यान में रखते हुए बनाएं और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक ट्रेनों की जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें।

Ratlam News: टैलेंट ऑफ रतलाम: 4 वर्षीय ईशानवी के डांस और भव्यराज की गायकी ने लूटी महफिल, हजारों दर्शकों ने बजाई तालियां

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से रविवार को कालिका माता गार्डन परिसर में “नई शुरुआत” संस्था के बैनर तले टैलेंट ऑफ रतलाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के उभरते कलाकारों ने अपने हुनर का ऐसा जलवा बिखेरा कि दर्शक कुर्सियां छोड़ खड़े होकर तालियां बजाने को मजबूर हो गए। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें 27 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रस्तुतियां दीं। गायन से लेकर सोलो व ग्रुप डांस तक मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों की धूम रही। गायन में भव्यराज की दमदार प्रस्तुति ने दिल जीता गायन प्रतियोगिता में शेरपुर के नेत्रहीन भव्यराज सिंह राठौर की प्रस्तुति ने हर किसी का मन मोह लिया। उन्होंने फिल्म ‘भूल भुलैया’ का गीत ‘भोला भाला था’ गाकर ऐसा समां बांधा कि मंच से लेकर दर्शकदीर्घा तक तालियों की गूंज सुनाई दी। उनकी इस शानदार प्रस्तुति ने उन्हें प्रथम स्थान दिलाया। गायन में महेश सिंह पंवार को दूसरा स्थान मिला। गायन प्रतियोगिता के निर्णायक शुभम गंधर्व और नीलेश जोशी रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों की सराहना के साथ आगे सुधार के सुझाव भी दिए। 4 वर्षीय ईशानवी राठौर ने नृत्य में मचाई धूम सोलो डांस में महज 4 वर्ष की ईशानवी राठौर ने अपने जबरदस्त डांस और एक्सप्रेशन से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने सोलो नृत्य प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। पहल सुरेखा को दूसरा और प्रियांशी पाटीदार को तीसरा स्थान मिला। ग्रुप डांस में पॉयजन अंजल ग्रुप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहला स्थान अपने नाम किया। विशाल स्वामी को बेस्ट परफॉर्मर का खिताब मिला। छोटे बच्चों ने भी दिखाई बड़ी प्रतिभा कार्यक्रम में मानवी, खुशी, राही, वर्षा, फैंटेस्टिक 3, मोही, माहिरा मेव, पूर्व उपाध्याय और माधव जैसी नन्ही प्रतिभाओं ने डांस की शानदार प्रस्तुतियां दीं। जजों की सधी हुई प्रतिक्रिया नृत्य प्रतियोगिता में निर्णायक चंद्रभान वाघेला ने परफॉर्मेंस में सुधार की गुंजाइश बताते हुए सभी प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि चेहरे पर एक्सप्रेशन और जोश की कमी को तुरंत समझा जा सकता है, लेकिन उनका उद्देश्य बच्चों को आगे बढ़ाना है, न कि हतोत्साहित करना। मंच से एंकरों ने बढ़ाया जोश कार्यक्रम का संचालन अल्फिया खान और लोकेंद्र गंधर्व ने बेहद उत्साहपूर्ण अंदाज में किया। उन्होंने मंच पर आकर न सिर्फ कलाकारों का जोश बढ़ाया, बल्कि दर्शकों को भी पूरी तरह कार्यक्रम से जोड़े रखा। रतलाम की प्रतिभा को मंच देने की पहल संस्था “नई शुरुआत” के अध्यक्ष हिम्मत जैथवार ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य रतलाम की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देना है। शहर में कई ऐसे हुनरमंद हैं जो अब तक पहचान से दूर हैं, “टैलेंट ऑफ रतलाम” उनके लिए एक बड़ा अवसर है। इनका रहा विशेष सहयोग आयोजन में रशीद खान, साबिर अजीम खान और आयुष सिंह देवड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही राजेंद्र चौहान, ललित चोपड़ा शरीफ, राजेश जैन, अशोक पोरवाल, अजय चौहान और अमित सिंह देवड़ा सहित अनेक लोगों ने आयोजन की सराहना की। रात 11 बजे तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में हजारों दर्शकों की मौजूदगी रही, जिसने रतलाम की प्रतिभाओं को न केवल मंच दिया, बल्कि उनकी मेहनत को नई पहचान भी दिलाई।

Ratlam News: रतलाम में दर्दनाक हादसा: कचरा कलेक्शन वाहन की टक्कर से शिक्षिका की मौत, बेटा घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सरकारी स्कूल की शिक्षिका की जान चली गई। नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे शिक्षिका की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान रात करीब 9:30 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतका के बेटे ने वाहन चालक के खिलाफ औद्योगिक थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्कूल से लौट रही थीं, बेटा बाइक से लेने आया था जानकारी के अनुसार, टाटा नगर निवासी सुनीता शाह (उम्र 55 वर्ष) कल्मोड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका थीं। सोमवार दोपहर वे स्कूल से लौटकर रतलाम आईं। डोंगरे नगर स्थित बोधि स्कूल के पास उनका बेटा गौतम शाह (उम्र 25 वर्ष) उन्हें बाइक से लेने पहुंचा। दोनों लालबाग की ओर बेटी सोनाली बेरा के घर जा रहे थे। टर्न लेते समय पीछे से टकराया कचरा वाहन करीब 3:45 बजे जब गौतम बाइक से जवाहर स्कूल, बिरियाखेड़ी के पास मोड़ ले रहा था, तभी तेज रफ्तार से सखी मार्केट की दिशा से आ रहे नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहन (MP43 L 1015) ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सिर के बल गिरने से शिक्षिका गंभीर रूप से घायल टक्कर के बाद मां-बेटा दोनों सड़क पर गिर गए। शिक्षिका सुनीता शाह सिर के बल गिरीं, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल 80 फीट रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात 9:30 बजे उनकी मौत हो गई। बेटा भी हुआ घायल, सदमे में परिवार हादसे में गौतम शाह को भी पैर और कमर में हल्की चोट आई है। मां की मौत के बाद वह पूरी तरह टूट गया। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजनों को उसे दोबारा अस्पताल ले जाना पड़ा। साथी शिक्षक ने छोड़ा था डोंगरे नगर परिवार ने बताया कि शिक्षिका को स्कूल से लौटते समय उनके साथी शिक्षक ने डोंगरे नगर तक छोड़ा था, जहां से बेटा गौतम उन्हें लेने आया था। रोज की तरह सोमवार को भी वह मां को लेने पहुंचा था, लेकिन हादसे ने सब कुछ बदल दिया। परिवार में शोक की लहर, रेस्टोरेंट चलाते हैं पति शिक्षिका के पति सुशील शाह और दामाद अयान बेरा बिरमावल में एक रेस्टोरेंट चलाते हैं। वर्तमान में सुनीता बेटी के घर पर ही रह रही थीं। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस ने दर्ज किया केस, जल्द होगी गिरफ्तारी थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि बेटे गौतम शाह की रिपोर्ट पर सोमवार रात 12 बजे वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Ladli Behna Yojana: रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को सीएम मोहन यादव का तोहफा: 1500 रुपए की राशि का ऐलान

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana: मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन का त्योहार इस बार और भी खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को रक्षाबंधन पर 1500 रुपए देने का बड़ा ऐलान किया है। इस योजना के तहत अब हर पात्र बहन को 1250 रुपए के बजाय 1500 रुपए मिलेंगे। यानी रक्षाबंधन पर बहनों को अतिरिक्त 250 रुपए की सौगात दी जाएगी। सीएम मोहन यादव ने इस घोषणा को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह तोहफा प्रदेश की लाड़ली बहनों को समर्पित है, ताकि वे रक्षाबंधन का पर्व और भी उल्लास के साथ मना सकें। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कदम मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना राज्य की महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। इस योजना के माध्यम से सरकार हर माह महिलाओं के खातों में सहायता राशि ट्रांसफर कर रही है। अब रक्षाबंधन जैसे खास अवसर पर अतिरिक्त राशि देकर सरकार ने बहनों को विशेष खुशी देने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री का संदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मध्यप्रदेश को अगले पांच सालों में विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य की हर बहन आत्मनिर्भर बने और खुशहाल जीवन जिए। लाड़ली बहना योजना हमारी इसी सोच का हिस्सा है। रक्षाबंधन पर यह अतिरिक्त राशि हमारी बहनों के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक है।” सीएम का बरेली दौरा और तिरंगा यात्रा में जोश लाड़ली बहना योजना की यह घोषणा पचमढ़ी में बीजेपी के सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग के समापन के बाद हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव रायसेन जिले के बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा में जबरदस्त जनउत्साह देखने को मिला। रास्ते में लोगों ने फूलों की वर्षा की और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लाड़ली बहनों और सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।