Ratlam News: रतलाम में पांचवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परीक्षा वाले दिन घर में मिला शव

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत विरियाखेड़ी इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रतलाम पब्लिक स्कूल में कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र सनी उर्फ शेखर पुत्र मोहनलाल डामोर बुधवार दोपहर अपने घर में मृत अवस्था में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह पिता मोहनलाल डामोर रोज़ की तरह काम पर चले गए थे, जबकि मां शारदा भी अपने कार्य पर निकल गई थीं। उस समय सनी घर में अकेला था। दोपहर करीब 2 बजे जब मां घर लौटीं, तो उन्होंने बेटे को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। प्रारंभिक जांच में मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। परिवार ने बताया कि सनी इकलौता बेटा था। इससे पहले एक संतान की कम उम्र में बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी थी। सनी पढ़ाई के साथ-साथ मोबाइल गेमिंग में भी रुचि रखता था। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है। मनोचिकित्सक की राय मनोचिकित्सक डॉ. प्रहलाद पाटीदार का कहना है कि हाल के वर्षों में कम उम्र के बच्चों में मानसिक दबाव तेजी से बढ़ा है। परीक्षा का तनाव, असफलता का डर और मोबाइल गेमिंग की अधिकता बच्चों के मन पर गहरा असर डाल सकती है। इस उम्र में बच्चे भावनात्मक रूप से पूरी तरह परिपक्व नहीं होते, जिससे वे समस्याओं को अस्थायी रूप में नहीं देख पाते। समाज और अभिभावकों के लिए संदेश विशेषज्ञों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों से नियमित संवाद बनाए रखना चाहिए, उनके व्यवहार में आने वाले बदलावों पर ध्यान देना चाहिए और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की मदद लेनी चाहिए। यदि कोई बच्चा या किशोर मानसिक दबाव में है, तो समय पर बात करना और सहायता लेना बेहद जरूरी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में रेलवे भूमि पर बनी अवैध मजार हटाई गई, जेसीबी से कार्रवाई कर स्थान समतल, टीन शेड व जाली जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के लक्ष्मणपुरा स्थित पीएंडटी कॉलोनी क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर बनाए गए अवैध धार्मिक निर्माण पर बुधवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध मजार को हटाकर पूरे क्षेत्र को समतल कर दिया। साथ ही मौके पर लगाए गए टीन शेड और लोहे की जाली को जब्त कर लिया गया। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुरा पीएंडटी कॉलोनी में रेलवे के वर्षों पुराने सरकारी मकान बने हुए हैं। इन्हीं में से एक मकान के भीतर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मजार का निर्माण कर दिया गया था। बाद में उस स्थान को धार्मिक स्थल का स्वरूप देने के लिए टीन की चादरों का शेड और जाली लगाकर कवर कर दिया गया। रेलवे को इस अवैध निर्माण की जानकारी दो दिन पूर्व मिली, जिसके बाद जिला प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही बुधवार सुबह जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी चलाकर अवैध मजार को हटाया गया और जमीन को पूरी तरह समतल कर दिया गया। जब्त किया गया टीन शेड और जाली रेलवे अपने साथ ले गया। इस कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एएसपी राकेश खाखा, आरपीएफ कमांडेंट आर.के. शर्मा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी, थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी और स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन सहित बड़ी संख्या में पुलिस और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। क्या बोले अधिकारीअपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि “दो दिन पहले रेलवे क्षेत्र में धार्मिक स्ट्रक्चर बनाकर अतिक्रमण किया गया था। रेलवे से सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन मौके पर मौजूद रहा।”एएसपी राकेश खाखा ने कहा कि “जीआरपी से सूचना मिली थी कि रेलवे भूमि पर अवैध रूप से धार्मिक स्थल का निर्माण किया गया है, जिसका प्रभाव शहर की शांति व्यवस्था पर पड़ सकता था। मौके पर रहकर निर्माण को हटाया गया है। मामले की जांच रेलवे द्वारा की जा रही है।” प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे एवं शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रॉयल कॉलेज में कानूनी जागरूकता व साइबर अपराध पर कार्यशाला, विद्यार्थियों को बताए गए ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के तरीके

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और कानूनी जानकारी की आवश्यकता को देखते हुए रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज में “कानूनी जागरूकता एवं साइबर अपराध” विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश शर्मा, तथा विशिष्ट वक्ता के रूप में अधिवक्ता प्रतीक गौतम एवं अधिवक्ता पंकज रजक उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के समय में डेटा सबसे बड़ी पूंजी है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कानूनी जानकारी के अभाव में लोग आसानी से साइबर अपराध का शिकार हो जाते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को बैंक विवरण, ओटीपी साझा न करने की सलाह दी और डीपफेक व हनीट्रैप जैसे नए साइबर खतरों से सतर्क रहने का संदेश दिया। अधिवक्ता प्रतीक गौतम ने सोशल मीडिया, इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग के दौरान होने वाली कानूनी भूलों की जानकारी देते हुए कहा कि लापरवाही से किया गया एक पोस्ट भी कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। वहीं अधिवक्ता पंकज रजक ने ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं वैधानिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष सोनी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रॉयल महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. अमित शर्मा, प्रो. कपिल केरोल, प्रो. मृदुला उपाध्याय, प्रो. समीक्षा मेहरा, प्रो. ममता यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संदीप सिद्ध द्वारा किया गया।

Ratlam News: 5 हजार का इनामी कंजर आरोपी गिरफ्तार, 5 मामलों में था फरार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा जिले में लम्बित स्थाई एवं फरारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। WATCH VIDEO इसी क्रम में थाना आलोट पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप लूट की योजना बनाने के मामले में फरार चल रहे कंजर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सोदान पिता कालिया उर्फ कालुलाल कंजर (उम्र 40 वर्ष), निवासी कंजर डेरा अरनिया, थाना उन्हेल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को अप.क्र. 607/2024 धारा 191(2,3), 190, 109 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय से जारी अन्य चार प्रकरणों में स्थाई वारंट लंबित थे, जिनमें उसे फार्मल गिरफ्तार किया गया है। सभी प्रकरणों में आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक प्रमोद राठौर, आरक्षक 490 दीपक पाटीदार एवं आरक्षक 89 अशोक गुर्जर की मुख्य भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल है और फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान को गति मिली है।

Ratlam News: रतलाम जैन कॉलोनी में महिला से चेन स्नेचिंग का प्रयास, छह ग्राम सोने का पेंडल व नाका लेकर फरार हुए बदमाश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार शाम जैन कॉलोनी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से चेन स्नेचिंग का प्रयास किया। इस दौरान महिला की सोने की चेन तो बच गई, लेकिन करीब छह ग्राम वजनी पेंडल और नाका बदमाश लेकर फरार हो गए। WATCH VIDEO प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे थाना स्टेशन रोड अंतर्गत जैन कॉलोनी की है। पीड़िता प्रिया पत्नी श्रेंकी छाजेड़, निवासी जैन कॉलोनी महलवाड़ा, रोजाना की तरह अपनी 9 वर्षीय बेटी वियाना को कॉलोनी में स्केटिंग कराने निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चला रहा बदमाश हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने मास्क लगा रखा था। झपटमारी के दौरान सोने की चेन टूटकर महिला के हाथ में ही रह गई, लेकिन चेन का पेंडल और नाका बदमाशों के हाथ लग गया, जिसका वजन लगभग छह ग्राम बताया जा रहा है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पति श्रेंकी छाजेड़ चांदनी चौक क्षेत्र में सराफा व्यवसाय करते हैं और छाजेड़ मोती ज्वेलर्स नाम से दुकान का संचालन करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना स्टेशन रोड पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पूरी वारदात कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। शहर में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Ratlam News: रतलाम में किराना दुकान से चोरी, महिला-पुरुष ने कर्मचारी को उलझाकर उड़ाया तेल का डिब्बा, CCTV में कैद वारदात

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर स्थित बालाजी मार्केट का है, जहां किराना सामान खरीदने के बहाने आए एक महिला-पुरुष ने दुकान कर्मचारी को बातों में उलझाकर तेल का डिब्बा और अन्य सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, बालाजी मार्केट में स्थित सुंदर ट्रेडर्स एवं जनरल स्टोर्स के संचालक नरेंद्र शर्मा ने शनिवार रात औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी की शाम करीब 7:45 बजे एक महिला और उसके साथ एक युवक दुकान पर आए। दोनों ने चावल, हल्दी, धनिया सहित अन्य किराना सामान खरीदा। इस दौरान युवक ने अपने मुंह पर रुमाल बांध रखा था। खरीदारी के दौरान महिला और युवक लगातार दुकान कर्मचारी से अलग-अलग सामान मंगवाते रहे, ताकि उसका ध्यान बंटा रहे। इसी बीच महिला के साथ आया युवक मौका पाकर तेल की शीशी और अन्य घरेलू उपयोग का सामान झोले में डालता रहा। बाद में जाते समय महिला ने कर्मचारी को हाउसकीपिंग का सामान लाने के लिए दुकान के पीछे भेज दिया। जैसे ही कर्मचारी पीछे गया, युवक दुकान के सामने रखे तेल के डिब्बों में से एक डिब्बा उठाकर बाहर निकल गया। कुछ ही देर बाद महिला भी दुकान से बाहर चली गई। घटना के बाद जब दुकान संचालक ने स्टॉक का मिलान किया तो तेल का एक डिब्बा गायब मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें युवक चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2500 रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के सहारे महिला-पुरुष की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Ratlam News: रतलाम में एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10.930 किलो एमडी जब्त, 16 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और लग्जरी वाहन सीज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस को मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में ऐतिहासिक सफलता मिली है। जिले के जावरा अनुभाग अंतर्गत थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में पुलिस ने अवैध एमडी (मेथाड्रोन) ड्रग फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो 930 ग्राम एमडी, भारी मात्रा में केमिकल, उपकरण, अवैध हथियार, दो लग्जरी चारपहिया वाहन और 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। WATCH VIDEO विश्वसनीय सूचना पर बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर दिनांक 16 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश खाखा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।टीम का नेतृत्व एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान एवं नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया ने किया। घर में चल रही थी एमडी बनाने की फैक्ट्री पुलिस टीम ने ग्राम चिकलाना में आरोपी दिलावर लाला के निवास पर दबिश दी, जहां घर के अंदर अवैध रूप से एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मौके से 16 आरोपी रंगे हाथों एमडी का निर्माण करते हुए पकड़े गए। भारी मात्रा में मादक पदार्थ और वाहन जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने: अवैध हथियार भी बरामद घर की तलाशी में पुलिस को: राष्ट्रीय पक्षी मयूर का रेस्क्यू कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के घर में राष्ट्रीय पक्षी मयूर को अवैध रूप से पालतू बनाकर रखा गया था। सूचना पर वन विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से दो मयूर का रेस्क्यू किया। इसके साथ ही कीमती चंदन की लकड़ी भी बरामद हुई है। NDPS और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज थाना कालूखेड़ा में सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 09/26 के तहतधारा 8, 22, 25 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी दिलावर खान, उसका दामाद याकूब खान सहित कुल 16 आरोपी शामिल हैं, जिनमें एक नाबालिग भी है। गिरफ्तार आरोपी (आरोपियों की सूची यथावत प्रकाशित) पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस बड़ी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल, एसडीओपी संदीप मालवीय, निरीक्षक अय्यूब खान, सत्येंद्र रघुवंशी, गायत्री सोनी, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, राजेश मालवीय सहित समस्त पुलिस बल की अत्यंत सराहनीय भूमिका रही।

Ratlam News: रतलाम के जावरा में एमडी ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश, 5 किलो नशीला पदार्थ व हथियार जब्त, 10 से अधिक आरोपी हिरासत में

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिकलाना में पुलिस ने एमडी (मेथाड्रोन) ड्रग बनाने की अवैध फैक्ट्री का बड़ा खुलासा किया है। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे मस्जिद के पीछे स्थित एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह मकान दिलावर खां का है, जहां बीते लगभग एक वर्ष से अवैध रूप से एमडी ड्रग का निर्माण किया जा रहा था। WATCH VIDEO पुलिस छापे के दौरान मौके से करीब पांच किलो एमडी ड्रग, केमिकल से भरे कई ड्रम, नशीला पदार्थ बनाने में उपयोग होने वाले उपकरणों के साथ हथियार भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां बड़े पैमाने पर एमडी तैयार कर उसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 10 से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान सहित जावरा और कालूखेड़ा थाना पुलिस तथा भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। तीन दिन से एसपी कर रहे थे निगरानीपुलिस अधीक्षक अमित कुमार भोपाल से पूरी कार्रवाई पर लगातार नजर बनाए हुए थे। भोपाल में अस्थायी कंट्रोल रूम बनाकर वे रातभर पल-पल की जानकारी लेते रहे और विशेष टीमों को निर्देश देते रहे। जानकारी के अनुसार, पुलिस की विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से इस अवैध फैक्ट्री की रेकी कर रही थीं। पूरी योजना के तहत यह छापा मारा गया। फिलहाल जब्त एमडी ड्रग, केमिकल और हथियारों की विधिवत गणना व परीक्षण की प्रक्रिया जारी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

रतलाम में 51 कुंडीय शिव–शक्ति महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में, कलश यात्रा को लेकर समाजजनों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रतलाम शहर के दीनदयाल नगर में आगामी 19 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले भव्य 51 कुंडीय शिव–शक्ति महायज्ञ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में महायज्ञ को सुव्यवस्थित, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने हेतु दीनदयाल नगर स्थित यज्ञशाला पंडाल में नगर के समस्त समाजजनों एवं धार्मिक–सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की एक दीर्घ एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर गहन चिंतन–मनन किया गया। विशेष रूप से 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे श्री गोपाल मंदिर, माणकचौक से निकलने वाली भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी समाजों एवं संस्थाओं द्वारा पूर्ण सहयोग देने पर सर्वसम्मति बनी। साथ ही यज्ञकुंड में आहुतियां प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों एवं पदाधिकारियों ने पांच मंजिला ऊंचे भव्य यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का दर्शन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का निर्माण कार्य 1 जनवरी से प्रारंभ होकर अब अपने अंतिम चरण में है, जिसमें नगरवासियों का सराहनीय सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। बैठक के पश्चात यज्ञशाला स्थल से दीनदयाल नगर क्षेत्र में जन-जागृति के उद्देश्य से संध्या फेरी का शुभारंभ किया गया, जो प्रतिदिन महायज्ञ के प्रारंभ तक जारी रहेगी। संध्या फेरी में संत समाज, सनातनी बंधु एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 हिंदूरत्न आनंद गिरि जी महाराज, परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 देवस्वरूपानंद जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम के महंत श्री नरेंद्र गिरी जी महाराज, महर्षि संजय शिवशंकर दवे, काजल गुरु जागीरदार, राजराजेश्वरी देवी सहित अनेक संत–महात्मा उपस्थित रहे। साथ ही सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री अनिल झालानी, पं. जितेंद्र नागर, नवनीत सोनी, राजेंद्र राठौड़, अनिता कटारिया, जीवन ज्योति, क्षेत्रीय पार्षद संगीता सोनी, कविता चौहान, मनोहर राजू सोनी, पूर्व पार्षद राजेंद्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जनक नागल द्वारा किया गया। बैठक के दौरान यज्ञ में गोमाता संरक्षण से संबंधित पेम्पलेट का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महायज्ञ को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।

मकर संक्रांति पर सनातन सोशल ग्रुप का सेवा संकल्प, 501 जरूरतमंदों को कंबल व तिल–गुड़ वितरण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। मकर संक्रांति एवं सनातन सोशल ग्रुप के स्थापना दिवस के अवसर पर नगर में एक सराहनीय सेवा कार्य का आयोजन किया गया। शीतलहर को ध्यान में रखते हुए सनातन सोशल ग्रुप द्वारा ग्रामीण अंचलों से आकर रतलाम नगर के विकास में श्रम करने वाले वनवासी भाइयों एवं निराश्रित जरूरतमंदों को तिलक लगाकर 501 कंबलों का वितरण किया गया। साथ ही तिल–गुड़ के लड्डू, शुद्ध घी की नुकती एवं सेव का वितरण प्रातः 9 बजे चांदनी चौक पर किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सनातन सोशल ग्रुप के संयोजक मुन्नालाल शर्मा एवं अध्यक्ष अनिल पुरोहित ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी मकर संक्रांति के पावन अवसर पर यह भव्य सेवा कार्य आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वनवासी बंधुओं एवं निराश्रित भाइयों ने सहभागिता कर लाभ लिया। सेवा कार्य का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी, व्यापारीगण एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सचिव रवि पंवार ने निभाई, जबकि आभार व्यक्त उपाध्यक्ष निलेश सोनी द्वारा किया गया। सनातन सोशल ग्रुप का यह सेवा अभियान सामाजिक समरसता, मानव सेवा और सनातन मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।

0%