Ratlam News: नगर निगम के नए कर का कांग्रेस ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बाजार बैठक वसूली के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे नगर निगम अधिनियम के खिलाफ बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इसी मुद्दे पर पूर्व विधायक पारस सकलेचा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रस्ताव को बताया अवैध कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर द्वारा पारित किया गया प्रस्ताव नगर निगम अधिनियम की धारा 19 का उल्लंघन है। पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने बताया कि 4 मार्च 2025 को एमआईसी से स्वीकृत प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल नहीं किया गया और इसे मौखिक रूप से पेश किया गया, जो कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है। महापौर ने जनता के साथ छल किया – कांग्रेस सकलेचा ने आरोप लगाया कि महापौर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024-25 के बजट सत्र में भी 750 ट्यूबवेल मोटरों का बिजली बिल मोहल्ला समितियों से वसूलने का प्रस्ताव बिना किसी उचित प्रक्रिया के पास किया गया था। कांग्रेस का सवाल – करोड़ों रुपये कहां गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 2025-26 के बजट में 104 मदों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। पार्टी ने सवाल उठाया कि दिसंबर 2023 में दर्शाई गई करोड़ों की आय मार्च 2024 में शून्य कैसे हो गई। नगर निगम आयुक्त का जवाब चर्चा के दौरान आयुक्त हिमांशु भट्ट ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर कांग्रेस की व्याख्या से वे सहमत नहीं हैं, लेकिन वे बजट में गड़बड़ियों का विश्लेषण करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। कांग्रेस करेगी आंदोलन कांग्रेस ने बाजार बैठक वसूली को जबरन वसूली करार देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व विधायक पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष कमरुद्दीन कछवाय, वरिष्ठ पार्षद यास्मीन शेरानी, सलीम मोहम्मद बागवान, वसीम अली, रजनीकांत व्यास, हितेश पेमाल और शाकिर खान उपस्थित रहे।

CBSE Board Result 2025: जल्द खत्म होगा इंतजार, इस तारीख को आ सकता है रिजल्ट

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। CBSE Board Result 2025 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE द्वारा वर्ष 2025 की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। अब लाखों छात्रों को अपने रिजल्ट का इंतजार है। उम्मीद की जा रही है कि सीबीएसई मई 2025 के दूसरे सप्ताह में परीक्षा परिणाम घोषित कर सकता है। CBSE Class 10th 12th Result 2025 कब होगा जारी पिछले वर्षों के परिणाम जारी करने के पैटर्न को देखते हुए संभावना है कि CBSE Board 10वीं और 12वीं का रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह में जारी हो सकता है। 2024 में रिजल्ट 13 मई को आया था।2023 में रिजल्ट 12 मई को घोषित हुआ था।2025 में भी रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह में आने की संभावना है। कैसे चेक करें CBSE 10वीं 12वीं का रिजल्ट छात्र अपना रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर देख सकते हैं। CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट ऐसे चेक करें Digilocker और UMANG App से भी मिलेगा रिजल्ट CBSE छात्रों के लिए Digilocker और UMANG ऐप पर भी रिजल्ट उपलब्ध कराएगा। सीबीएसई छात्रों के डिजिलॉकर अकाउंट्स बनाएगा और लॉगिन डिटेल्स पहले ही साझा कर देगा।छात्र मार्कशीट और प्रमाण पत्र डिजिलॉकर और उमंग ऐप से डाउनलोड कर सकते हैं। CBSE Result 2025: 44 लाख से ज्यादा छात्रों को रिजल्ट का इंतजार इस साल सीबीएसई की परीक्षाओं में कुल 44 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए, जिनमें कक्षा 10वीं के 24.12 लाख छात्रकक्षा 12वीं के 17.88 लाख छात्र ताजा अपडेट के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

MP News: आतंकी फिरोज को रतलाम से भोपाल शिफ्ट किया गया, पनाह देने वालों से अब तक नहीं हुई पूछताछ

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: जयपुर में हुए सीरियल ब्लास्ट की साजिश में शामिल एनआईए राष्ट्रीय जांच एजेंसी के मोस्ट वांटेड आतंकी फिरोज 48 को रतलाम जेल से भोपाल सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों से गुरुवार रात ही पुलिस और जेल प्रशासन उसे कड़ी निगरानी में भोपाल ले गए। अब तक पनाह देने वालों से नहीं हुई पूछताछ आतंकी फिरोज रतलाम में अपनी बहन रेहाना के घर में छिपकर रह रहा था। हालांकि उसे पनाह देने वालों से अब तक रतलाम पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की और न ही किसी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि एनआईए ने इस मामले में केस दर्ज किया है इसलिए जांच की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष के भाई के घर से पकड़ा गया था बता दें कि फिरोज को बुधवार तड़के 4:30 बजे पुलिस ने आनंद कॉलोनी से गिरफ्तार किया था। उसे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मंसूर जमादार के भाई मसरूफ जमादार के घर से पकड़ा गया था। मसरूफ फिरोज का जीजा है और पुलिस का कहना है कि वह अपनी बहन रेहाना के घर पर छिपा था। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश की थी पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय फिरोज ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम के साथ धक्का मुक्की की। इस वजह से उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी केस दर्ज किया गया है। गुरुवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया और रात में सुरक्षा कारणों से भोपाल शिफ्ट कर दिया गया। एनआईए ने तेज की जांच प्रोडक्शन वारंट लेकर ले जा सकती है अपने साथ तीन साल से फरार फिरोज राजस्थान के बांसवाड़ा और रतलाम जिले के आसपास छिपकर रह रहा था। इस दौरान वह बांसवाड़ा में मस्जिदों में नमाज भी पढ़ता रहा लेकिन पुलिस के खुफिया विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब रतलाम पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद एनआईए की टीम भी रतलाम पहुंच चुकी है और वह जल्द ही प्रोडक्शन वारंट लेकर फिरोज को अपने साथ ले जा सकती है। घर में मिला बिखरा सामान पुलिस जुटा रही इनपुट आनंद कॉलोनी में जहां फिरोज छिपा था वह 18 कमरों का दो मंजिला आलीशान मकान है। पुलिस अधिकारियों की टीम जब वहां पहुंची तो कमरे में बिस्तर पलंग पेटी और अलमारी समेत पूरा सामान बिखरा मिला। एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा ने मौके का निरीक्षण किया और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया को निर्देश दिए कि घर के सभी सदस्यों की जानकारी जुटाई जाए। जीजा की आय और संपत्ति की होगी जांच एसपी अमित कुमार ने बताया कि घर में रहने वाले लोगों और फिरोज को पनाह देने वालों की भूमिका की जांच एनआईए करेगी। साथ ही पुलिस अपने स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है। फिरोज के जीजा मसरूफ की आय के स्रोतों की जांच की जाएगी और अगर कोई अवैध संपत्ति मिली तो उसे नियमानुसार अटैच किया जाएगा। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें

Ratlam News: श्री पद्मावती माता मंदिर से 111 फीट लंबी चुनरी यात्रा 4 अप्रैल को होगी आयोजित

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर श्री पद्मावती माता मंदिर, राजमहल से श्री गढ़खंखाई माता मंदिर, राजापुरा तक भव्य और विराट चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 4 अप्रैल, शुक्रवार को शाम 6 बजे शुरू होगी और 39 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद अष्टमी की सुबह मंदिर पहुंचेगी। इस आयोजन में 111 भगवा ध्वज और 111 फीट लंबी चुनरी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। चुनरी यात्रा से पहले शाम 6 बजे श्री हनुमान चालीसा का पाठ होगा। इसके बाद महाआरती कर मां पद्मावती और मां चामुंडा को ग्यारह-ग्यारह फीट की चुनरी ओढ़ाई जाएगी। इस दौरान संत महात्माओं और समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा। श्री पद्मावती माता मंदिर, राजमहल से निकलने वाली चुनरी यात्रा पेलेस रोड, डालुमोदी बाजार, माणक चौक, धांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, लक्कड़ पीठा, बाजना बस स्टैंड, सागोद रोड, शिवगढ़ होते हुए श्री गढ़खंखाई माता मंदिर, राजापुरा पहुंचेगी। यात्रा के दौरान घोड़ों पर भगवा ध्वजधारी, उज्जैन से बुलाए गए विशेष साउंड सिस्टम से भजन संध्या, ढोल-बैंड, भगवा ध्वज और वाहनों का भव्य काफिला शामिल रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए 40 से अधिक स्थानों पर चाय, पानी, ठंडाई और अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्यों जनक नागल, धर्मेन्द्र रांका, नरेन्द्र सिंह चौहान, मंगल सिंह पंवार, ओमप्रकाश धिमान, डॉ. रचित अग्रवाल, मदन सोनी, विपिन सोनी, अजय यार्दे, संजय पेमाल, श्याम उपाध्याय, प्रकाश सेठिया, नीरज चावला, नितिन संधवी, मुकेश गांधी, रत्ना पाल, राखी उपाध्याय, सारिका दीक्षित, भावना गुर्जर, काजोल टांक, गोपाल शर्मा, ऋषि पाटीदार, गब्बर यादव, अर्जुन प्रजापति, सोनू प्रजापति आदि ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर परिवार और मित्रों के साथ शामिल होने की अपील की है। हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ माता रानी को अर्पित की जाएगी चुनरी।

Ratlam News: गर्मी में निर्बाध जल आपूर्ति के लिए निगम आयुक्त ने किया फिल्टर प्लांट का निरीक्षण

लीकेज सुधारने के दिए निर्देश, पानी की बर्बादी रोकने पर जोर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गर्मी के मौसम में नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और जल आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने बुधवार, 2 अप्रैल को धोलावाड़ और मोरवानी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों को पेयजल वितरण से जुड़े सभी तकनीकी संसाधनों को सुचारू रूप से चालू रखने के निर्देश दिए ताकि पानी की सप्लाई प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने लीकेज की समस्या को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए, जिससे पानी का अपव्यय रोका जा सके। साथ ही, उन्होंने नागरिकों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, सहायक यंत्री सुहास पंडित, उपयंत्री भैयालाल चौधरी, ब्रजेश कुशवाहा, अनुपम मिश्रा, जितेंद्र सिसोदिया, नीरज यादव, मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ratlam News: रामनवमी और महावीर जयंती पर मांस विक्रय रहेगा प्रतिबंधित नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार रामनवमी 6 अप्रैल, रविवार और महावीर जयंती 10 अप्रैल, गुरुवार के अवसर पर नगर सीमा के भीतर सभी पशु वधगृह और मांस विक्रय की दुकानों पर पशु वध और मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने स्वच्छता निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन दिनों में यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंध का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया, नौ करोड़ की जमीन मंदिर प्रशासन को सौंपी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर श्री राजेश बाथम के निर्देशानुसार प्रशासन ने ग्राम सुराखेड़ी स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे मंदिर प्रशासन को सौंप दिया। यह कार्रवाई 3 अप्रैल 2025 को की गई, जिसमें कुल 1.79 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये है। क्या है मामला? ग्राम सुराखेड़ी में सर्वे क्रमांक 8 (0.240 हेक्टेयर) एवं 7 (1.550 हेक्टेयर) की भूमि, जो कि राजस्व रिकॉर्ड में श्री कालिका माता मंदिर, रतलाम (प्रबंधक: कलेक्टर, जिला रतलाम, म.प्र. शासन) के नाम दर्ज है, पर सईदा बी बेवा अब्दुल हमीद, अशरफ पिता अब्दुल हामिद, सत्तार पिता वकील खां, और रईसा पति अकरम खां द्वारा गेहूं की फसल बोकर अतिक्रमण कर लिया गया था। प्रशासन की कार्रवाई प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और इसे श्री कालिका माता मंदिर के पुजारी हेमंत पिता चंडीप्रसाद एवं प्रकाश पिता अमरलालजी को सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद इस कार्रवाई में राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार (पूर्वी भाग) श्री आशीष उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक श्री मेहरबान सिंह मालवीय, पटवारी श्री गिरीश शर्मा, श्री मुकेश मरमट, श्री अंकित परिहार, श्री विजय मकवाना उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से सालाखेड़ी चौकी प्रभारी श्री मुकेश यादव ने अपनी टीम के साथ सहयोग किया। प्रशासन की सख्ती जारी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ratlam News: सड़क किनारे खड़ी एडवोकेट की कार में मिली युवक की लाश, इलाके में मचा हड़कंप

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के फ्रीगंज इलाके में एक कार के अंदर युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। यह कार हिमालया होटल के पास सड़क किनारे तीन दिनों से खड़ी थी, जिसमें से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का दरवाजा खोला, तो पिछली सीट के नीचे युवक की सड़ी-गली लाश मिली। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज में सामने आई अहम जानकारी पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि मृतक 1 अप्रैल की रात करीब 3 बजे नशे की हालत में कार में घुसा था। इसके बाद से वह कार से बाहर नहीं निकला। शुरुआती जांच में किसी तरह की हिंसक वारदात के संकेत नहीं मिले हैं। कार एडवोकेट के परिवार से जुड़ी पुलिस के अनुसार, यह सफेद रंग की महिंद्रा केयूवी कार क्रमांक एमपी 43 सीए 5573 रोशन कुमार वर्मा नामक व्यक्ति की है। उनकी कार की नंबर प्लेट पर एडवोकेट लिखा हुआ है, क्योंकि उनके परिवार में एक वकील हैं। एफएसएल टीम और पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी समेत एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ताजा अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।

Ratlam News: बडावदा में अपंजीकृत अस्पताल पर कार्रवाई, दो आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के जावरा विकासखंड स्थित बडावदा क्षेत्र में अपंजीकृत अस्पताल संचालन के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में चिकित्सकीय दल ने 2 अप्रैल की शाम हंस मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया, जहां बिना पंजीकरण के एलोपैथिक पद्धति से उपचार किया जा रहा था। बिना लाइसेंस चल रहा था अस्पताल जांच के दौरान सत्यनारायण पाटीदार और मुकेश लक्षकार से पूछताछ की गई, लेकिन वे चिकित्सकीय उपचार से संबंधित वैधानिक पंजीयन प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा, उनके पास मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अधिकृत अनुमति भी नहीं थी। सत्यनारायण पाटीदार ने खुद को जनस्वास्थ्य रक्षक बताया, जबकि मुकेश लक्षकार जीएनएम तृतीय वर्ष का छात्र है। एफआईआर दर्ज, चिकित्सा सामग्री जब्त प्रशासन ने मौके से उपचार सामग्री जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ बडावदा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। इस कार्रवाई में डॉ. नरेंद्र कुमार वर्मा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बर्डिया गोयल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग की सख्ती जारी स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिना पंजीकरण और योग्यताधारी चिकित्सकों के अस्पताल संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अवैध अस्पतालों और फर्जी चिकित्सकों पर लगातार नजर रखी जा रही है, और इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ratlam News: रतलाम प्रेस क्लब चुनाव की प्रक्रिया शुरू, प्रेस क्लब में चुनावी सरगर्मियां तेज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर की प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन रतलाम प्रेस क्लब के द्वि-वार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी रतलाम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव ऊबी को सौंपी गई है, जो बतौर निर्वाचन अधिकारी कार्य करेंगे। चुनाव की औपचारिकता हुई पूरी वर्तमान अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी, सचिव यश शर्मा बंटी और उपाध्यक्ष डॉ. हिमांशु जोशी ने प्रेस क्लब की ओर से आधिकारिक पत्र सौंपकर निर्वाचन कराने का अनुरोध किया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार आरिफ कुरैशी, नीरज शुक्ला, कमल सिंह जाधव, सौरभ कोठारी, प्रदीप नागौरा, जलज शर्मा, अर्पित चौबे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। निर्वाचन अधिकारी राजीव ऊबी ने आश्वस्त किया कि प्रेस क्लब के संविधान के अनुसार चुनावी प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति और साधारण सभा की बैठक की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। 92 सदस्य चुनेंगे नई कार्यकारिणी गुरुवार को प्रेस क्लब भवन पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई, जिसमें 92 सदस्य शामिल हैं। ये सदस्य आगामी चुनाव में अध्यक्ष, सचिव, तीन उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, दो सह सचिव और ग्यारह कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल उन्नीस पदों के लिए मतदान करेंगे। चुनावी माहौल गर्माया जैसे-जैसे चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, वैसे ही पत्रकारों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। संभावित उम्मीदवारों ने चुनावी समीकरण बिठाने शुरू कर दिए हैं और चुनावी चर्चा तेज हो गई है। अगर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन नहीं होता है, तो मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आगामी दिनों में चुनाव की तारीख और प्रक्रिया की घोषणा की जाएगी। रतलाम प्रेस क्लब के चुनाव को लेकर शहर के पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।