Ratlam News: रतलाम में युवती पर सरेराह कैंची से हमला: शादी का दबाव बना रहा था युवक, मां ने बचाई जान

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने सरेराह स्कूटी से जा रही 19 वर्षीय युवती पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। युवती की मां ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बेटी की जान बचाई। आरोपी ने गले, सिर और पीठ पर हमला किया, लेकिन शोर मचने पर वह अपनी स्कूटी छोड़ मौके से भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। पुलिस को पहले ही दी गई थी शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़िता की मां दुर्गा ने बताया कि आरोपी युवक नीलेश पाटीदार पिछले छह माह से उनकी बेटी को फोन कर परेशान कर रहा था और शादी का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को ही उन्होंने थाना औद्योगिक क्षेत्र में इसकी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते अगले ही दिन यह वारदात हो गई। घटना का विवरण: पहले रोका, फिर किया हमला दुर्गा अपनी बेटी के साथ टिफिन डिलीवरी के बाद मंगलमूर्ति कॉलोनी से लौट रही थीं। कॉलोनी गेट नंबर 1 से निकलते ही आरोपी नीलेश ने उन्हें रोका। मां ने विरोध में युवक पर बाल्टी से वार किया, लेकिन उसने युवती पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर दिए। युवती जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ती रही। कॉलोनीवासियों के बाहर आने पर आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकला। 6 माह से कर रहा था मानसिक उत्पीड़न युवती ने बताया कि नीलेश पूर्व परिचित था, लेकिन पिछले छह माह से वह शादी का दबाव बना रहा था। बात न मानने पर आत्महत्या की धमकी देता और लगातार पीछा करता था। परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। आरोपी को पुलिस ने किया राउंडअप थाना औद्योगिक क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर उसे राउंडअप किया गया है। मामले में युवती द्वारा दिए गए आवेदन की भी जांच की जा रही है।

Ratlam News: नाले में मिला महिला का शव, खुले बिजली तार बने मौत का कारण?

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के तेजा नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक महिला का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव के पास बिजली के टूटे तार और कचरा बीनने का थैला मिलने से करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना न सिर्फ प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। जानकारी के अनुसार, घटना माणक चौक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 अंतर्गत तेजा नगर की है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने नाले में महिला का शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और स्थानीय पार्षद अक्षय संघवी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के पास बिजली के टूटे हुए तार और एक थैला मिला, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि मृतका कचरा बीनने का कार्य करती थी। बाद में शव की पहचान ईश्वर नगर निवासी 45 वर्षीय कमला के रूप में हुई, जो सुबह करीब 6 बजे रोज़ की तरह कचरा बीनने निकली थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नाले में गिरे बिजली के तारों से करंट फैल गया और कमला उसकी चपेट में आ गई। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने जानकारी दी कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर लिया गया है। साथ ही महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। लापरवाही बनी मौत की वजह? यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रतलाम में बीते दिन तेज आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए थे। 20 घंटे बीत जाने के बाद भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। खुले तारों और गिरे पोलों को हटाने में देरी जानलेवा साबित हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी बिजली संबंधित हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो बिजली विभाग ने और न ही नगर निगम ने स्थायी समाधान की ओर कदम बढ़ाया। अब बड़ा सवाल यह है कि —क्या इस मौत के बाद किसी की जवाबदेही तय की जाएगी या यह मामला भी बाकी हादसों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा?

Ratlam News: रतलाम में आफत की बारिश: आकाशीय बिजली से 3 की मौत, दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,   न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जिलेभर में दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश इतनी भीषण थी कि रतलाम शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे ताश के पत्तों की तरह गिर पड़े। पत्रकार कॉलोनी में तीन बिजली के पोल एक साथ जमींदोज हो गए, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। रेल यातायात पर भी पड़ा असर गौतमपुरा और बड़नगर के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से इंदौर-रतलाम रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। इंदौर से रतलाम आने वाली डेमू ट्रेन को नजदीकी स्टेशन पर रोकना पड़ा। राहत कार्य के लिए रतलाम से विशेष दल रवाना किया गया है, जो ट्रैक से पेड़ हटाने का कार्य कर रहा है। दीवार पर गिरा पीपल का विशाल पेड़ शहर के पैलेस रोड स्थित महलवाड़ा क्षेत्र में एक जर्जर दीवार पर लगा पीपल का विशाल पेड़ तेज आंधी में भरभराकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति हादसे की चपेट में नहीं आया। वहीं कसार बाजार इलाके में एक पुराना खाली मकान भी भरभराकर गिर पड़ा। शहरभर में बिजली सप्लाई ठप्प तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। विद्युत विभाग की टीमें पूरे शहर में मरम्मत कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के आसपास न जाएं।

Ratlam News: खेत मालिक ने जेसीबी चालक पर किया दरांता से हमला, गले में आए 10 टांके

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सड़क पर गड्ढे भरने का काम कर रहे जेसीबी चालक पर खेत मालिक ने धारदार दरांता से गले पर हमला कर दिया। हमले में जेसीबी चालक का गला बुरी तरह कट गया और उसे 10 टांके आए हैं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे कांडरवासा और बड़ौदा गांव के बीच की है। जेसीबी चालक शैलेंद्र पिता राधेश्याम मईड़ा (30), निवासी बड़ौदा, क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में मुर्रम डालने का कार्य कर रहा था। वह पल्टूना निवासी मनोज धाकड़ की जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा था। स्थानीय किसान मिलकर रास्ते को ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पास के खेत का मालिक लोकेंद्रसिंह पिता रामसिंह (निवासी कांडरवासा) वहां पहुंचा और जेसीबी चालक से खेत के पास रास्ता बनाने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने अचानक दरांता निकाला और चालक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। दरांता गर्दन के केंद्र से थोड़ा हटकर लगा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गले में करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने घायल को 10 टांके लगाए हैं। घायल को घटनास्थल से कांडरवासा निवासी जीवन जायसवाल बाइक पर बैठाकर नामली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। नामली थाना पुलिस ने आरोपी लोकेंद्रसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर केके सिंह पटेल के अनुसार, यह रोड सार्वजनिक थी और गड्ढों की मरम्मत का कार्य हो रहा था। आरोपी ने बेवजह हमला किया, मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: रतलाम में रात को बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती: शर्ट उतारकर किया हंगामा, 6 युवक गिरफ्तार कर जेल भेजे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम शहर में देर रात सड़क पर बेवजह घूमने और असामाजिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों और पान-चाय की दुकानों के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई युवकों से पूछताछ की और बेवजह खड़े लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस से बहसबाजी शुरू कर दी। दो बत्ती क्षेत्र में एक युवक ने तो हद पार करते हुए शर्ट उतार दी और सड़क पर हंगामा करने लगा। पुलिस को देखकर वह और उसके साथी वीडियो बनाने की धमकी देने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे डीएसपी अजय सारवान ने युवकों को शांत कराया और थाने ले जाकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए 6 युवकों के नाम व पते: इन सभी युवकों को थाना स्टेशन रोड लाया गया और धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने खुद लिया अभियान का जायजापुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने देर रात खुद शहर में पेट्रोलिंग की निगरानी की। उनके साथ डीएसपी अजय सारवान, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, आरआई मोहन भर्रावत और चारों थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर के व्यस्त क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को सतर्क किया और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों को चेतावनी दी। एसपी का बयान:“बेसिक पुलिसिंग के तहत रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। कुछ युवक बेवजह सड़कों पर घूम रहे थे और चेकिंग के दौरान विवाद कर रहे थे। ऐसे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।”

MP News: मध्यप्रदेश के कर्मचारियों को बड़ी राहत, पूरे देश में मिलेगा अनलिमिटेड कैशलेस इलाज, पेंशनर्स पर फैसला 13 जून को

भोपाल- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्यप्रदेश सरकार ने सीएम केयर कैशलेस योजना (CM Care Cashless Yojana) की अंतिम रूपरेखा तैयार कर ली है। यह योजना राज्य के 10 लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों को देशभर के अस्पतालों में अनलिमिटेड कैशलेस इलाज की सुविधा देगी। अब सबकी निगाहें 13 जून को होने वाली मुख्यमंत्री की बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि पेंशनर्स को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा या नहीं। क्या है सीएम केयर कैशलेस योजना? मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषित इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब सरकारी कर्मचारी देश के किसी भी अस्पताल में बिना पैसे दिए इलाज करवा सकेंगे।पहले इलाज की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपए तय थी, लेकिन अब इसे अनलिमिटेड करने की तैयारी है। इलाज के लिए मिलनी वाली राशि का निर्धारण आयुष्मान कार्ड की गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा। यानी जिस बीमारी के लिए आयुष्मान योजना में 50 हजार मिलते हैं, उतनी ही राशि इस योजना में भी तय होगी। कर्मचारियों से लिया जाएगा मासिक प्रीमियम यह बीमा योजना अंशदायी आधार पर संचालित की जाएगी। कर्मचारियों को 250 रुपए से 1200 रुपए तक मासिक प्रीमियम देना होगा। यह राशि उनके पद और वेतनमान के अनुसार तय की जाएगी। क्या पेंशनर्स को मिलेगा लाभ? इस योजना में पेंशनर्स को शामिल किया जाए या नहीं, इस पर फैसला 13 जून, शुक्रवार को होने वाली मुख्यमंत्री की बैठक में होगा।यदि पेंशनर्स को शामिल किया जाता है, तो ये सवाल उठेंगे: वित्त विभाग पहले ही पेंशनर्स को योजना में शामिल करने पर आपत्ति जता चुका है, लेकिन अब अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री लेंगे। क्यों जरूरी है कैशलेस सुविधा? फिलहाल राज्य में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (चिकित्सा परिचर्या) नियम 2022 लागू हैं, जिनमें कर्मचारी इलाज के बाद रिम्बर्समेंट के लिए आवेदन करते हैं। रिम्बर्समेंट की खामियां

Ahmedabad Plane Crash: हादसे में अब तक 50 शव बरामद, अमित शाह बोले- हर संभव मदद देंगे, राहत कार्य जारी”

अहमदाबाद- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है। हादसे में अब तक 50 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार की कई एजेंसियां मौके पर जुटी हुई हैं। राहतकर्मी मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृहमंत्री और अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया और सूरत से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में राहत और बचाव दलों की कई टीमें तैनात की गई हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, विमान के टेकऑफ के कुछ देर बाद उसका पिछला हिस्सा किसी वस्तु से टकराया, जिसके चलते इंजन में खराबी आ गई। हादसे के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। इस हादसे से जुड़ी हर अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

Ahmedabad plane crash: अहमदाबाद विमान हादसा: लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश, 100 से ज्यादा मौतें, पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन!

अहमदाबाद- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ahmedabad plane crash: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भीषण विमान हादसा हो गया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के महज दो मिनट बाद क्रैश हो गई। हादसा इतना भयानक था कि घटनास्थल पर आग और धुएं का गुबार फैल गया। अब तक 100 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं। विमान हादसे की प्रमुख बातें: कैसे हुआ हादसा? फ्लाइट ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी और 1:40 बजे क्रैश हो गई। एटीसी रिकॉर्ड्स के मुताबिक, विमान ने रनवे 23 से उड़ान भरी थी और कुछ ही सेकंड बाद मेडे कॉल दिया गया। बताया जा रहा है कि विमान का टेल किसी चीज से टकरा गया, जिससे संतुलन बिगड़ा और इंजन में आग लग गई। पायलट और क्रू: डॉक्टर्स की बिल्डिंग पर गिरा विमान: जहां विमान गिरा, वह सिविल हॉस्पिटल के इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल था। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, 15 से अधिक डॉक्टर्स घायल हुए हैं। वहीं, कई लोगों की मौत की आशंका है।  रेस्क्यू ऑपरेशन और सरकार की प्रतिक्रिया: हेल्पलाइन नंबर: एयर इंडिया हेल्पलाइन: 1800-5691-444परिजन इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। यह हादसा भारत के इतिहास में दर्ज एक और बड़ा विमान हादसा बन गया है। राहत व बचाव कार्य जारी है, लेकिन पीड़ितों की पहचान में DNA टेस्ट की जरूरत पड़ रही है। सरकार और एयर इंडिया इस हादसे की पूरी जांच कराने का भरोसा दे रही है।

Ratlam News: रतलाम में गांजा तस्करी का सप्लायर गिरफ्तार: इमरान उर्फ सुक्का पहले भी नशे के मामलों में आ चुका है नाम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी इमरान उर्फ सुक्का महाराज (उम्र 35 वर्ष), निवासी पुरोहित जी का वास, को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, इमरान पर पहले भी नशे से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने 3 जून को रतलाम के इम्तियाज खान और रविंद्र पडियार को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों तस्करों ने खुलासा किया था कि वे यह मादक पदार्थ इमरान उर्फ सुक्का महाराज को सप्लाई करने जा रहे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने इमरान को ट्रेस किया और गिरफ्तार कर लिया। पहले से थे नशे से जुड़े अपराध में लिप्तस्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार, आरोपी इमरान के खिलाफ पहले भी नशे के कारोबार से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से इमरान की गतिविधियों पर शक था और लगातार निगरानी की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद इमरान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य नेटवर्क की जांच भी कर रही है ताकि पूरे सप्लाई चैन का खुलासा किया जा सके।

Indian Railways: रेलवे स्टेशन पर कुली चार्ज बढ़े: अब सामान उठवाने के लिए चुकाने होंगे 100 रुपये तक, जानिए नए रेट

रेलवे स्टेशनों पर कुली सेवा के चार्ज में बदलाव, नए दर लागू रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Indian Railways: यात्रियों के लिए अहम खबर है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में रेलवे स्टेशन पर यात्री सहायक (कुली) सेवा के चार्ज में संशोधन किया गया है। भारतीय रेलवे द्वारा निर्धारित नए पोर्टरेज चार्जेज (सामान ढोने की फीस) को रतलाम मंडल के सभी संबंधित स्टेशनों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। रेलवे ने स्टेशन की श्रेणी के अनुसार कुली दरों को तय किया है— एनएसजी-1 से एनएसजी-4 व एसजी-1 से एसजी-3 स्टेशनों पर:– प्रति ट्रिप कुली चार्ज: ₹100– यदि 20 से 40 किलो तक सामान हो: प्रति बैग ₹50 अतिरिक्त– ट्रेन पर सामान चढ़ाने के लिए 30 मिनट तक का इंतजार नि:शुल्क, इसके बाद प्रत्येक 30 मिनट या उसके भाग के लिए ₹100 अतिरिक्त शुल्क एनएसजी-5, एनएसजी-6, एचजी-1 से एचजी-3 स्टेशनों पर:– प्रति ट्रिप कुली चार्ज: ₹80– 20 से 40 किलो सामान होने पर: ₹50 अतिरिक्त– ट्रेन पर सामान लदवाने के इंतजार पर 30 मिनट के बाद ₹80 अतिरिक्त भुगतान हाथगाड़ी चार्ज:– टू/फोर व्हीलर हाथगाड़ी से 160 किलो तक का सामान ले जाने पर प्रति ट्रिप ₹150 विकलांग या बीमार यात्रियों के लिए सुविधा शुल्क:– व्हीलचेयर या स्ट्रेचर (दो सहायकों के साथ): ₹150– स्ट्रेचर (चार सहायकों के साथ): ₹200 यह संशोधन यात्रियों की सुविधा को सुव्यवस्थित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।