Ratlam News: जावरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 60 ग्राम MD ड्रग्स के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 6 लाख की ड्रग्स जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जावरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को 60 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी जा रही है। जावरा शहर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह जादौन के मार्गदर्शन में सउनि सगीर खान व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को जावरा-उज्जैन बायपास स्थित मीणापुरा तिराहा से दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में उमर (36 वर्ष) पिता पुत्तन खां निवासी ऊंटखाना, जावरा एवं हफीज (22 वर्ष) पिता मेहमूद निवासी सागरपेशा, जावरा शामिल हैं। दोनों आरोपी रजनीगंधा के पाउच में भरकर एमडी ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने तस्करों से 60 ग्राम एमडी ड्रग्स के अलावा 90 हजार रुपये कीमत की लाल-काली रंग की हीरो HF डीलक्स बाइक (बिना नंबर प्लेट) और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में थाना जावरा पर अपराध क्रमांक 218/2025 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एमडी ड्रग्स को रजनीगंधा के पाउच में भरकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और अब इस नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में जावरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह जादौन, सउनि सगीर खान, जाकिर खान, अजय कुमार दुबे, मृदंग सातपुते, राधेश्याम चौहान, यशवंत जाट, राजेश पंवार, रामप्रसाद मीणा, सुरेन्द्रपाल सिंह सिसौदिया, राजेश परिहार, नारायण सिंह, सुगडसिंह, देवेन्द्र शर्मा, मोहित नोगिया, विष्णु सिंह ह. एवं साइबर सेल रतलाम की अहम भूमिका रही।

tatkal Ticket Booking: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: 1 जुलाई से तत्काल टिकट बुकिंग के नए नियम लागू, अब बिना आधार और OTP के नहीं मिलेगा टिकट

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। tatkal Ticket Booking: रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत और पारदर्शिता से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग को लेकर भारतीय रेलवे तीन नए नियम लागू करने जा रहा है, जिससे आम यात्रियों को प्राथमिकता मिलेगी और दलालों की भूमिका पर रोक लगेगी। रेलवे मंत्रालय ने यह कदम तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए उठाया है। इन बदलावों से IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, पीआरएस काउंटर और अधिकृत एजेंट बुकिंग सभी प्रभावित होंगे। जानिए क्या होंगे 1 जुलाई से लागू होने वाले 3 नए नियम: 1. तत्काल टिकट बुकिंग के लिए अब आधार कार्ड अनिवार्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेंगे, जो IRCTC पोर्टल या ऐप पर आधार नंबर डालकर लॉगिन करेंगे। बिना आधार सत्यापन के अब टिकट बुक नहीं होंगे। 2. 15 जुलाई से OTP वेरिफिकेशन भी होगा जरूरी 15 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान, चाहे वह IRCTC ऐप, PRS काउंटर या अधिकृत एजेंट से हो, यात्रियों को मोबाइल पर भेजे गए OTP को दर्ज कर सत्यापन करना होगा। इससे फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी और असली यात्रियों को प्राथमिकता मिलेगी। 3. बुकिंग एजेंट्स पर 30 मिनट का बैन रेलवे ने दलालों पर नकेल कसने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। अब रेलवे के अधिकृत एजेंट तत्काल टिकट की बुकिंग शुरुआत के पहले 30 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। इससे आम यात्रियों को पहले मौके पर टिकट मिलने का लाभ मिलेगा। यात्रियों के लिए अपील: रेल मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन नए नियमों को समय रहते समझें और यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए आधार और मोबाइल नंबर अपडेट रखें।

Ratlam News: नोएडा से रतलाम आ रहे परिवार की कार डंपर में घुसी: मां-बेटे की मौत, पिता-बेटी इंदौर में भर्ती; दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है प्रद्युम्न

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे में नोएडा से रतलाम आ रहे एक परिवार की कार खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में रतलाम निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रद्युम्न दुबे की पत्नी पायल (38) और बेटा अथर्व (20) की मौत हो गई। जबकि प्रद्युम्न (40) और बेटी कामांक्षी (18) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इंदौर में इलाज जारी है। घटना रतलाम जिले के शिवगढ़ के समीप हुई, जहां हाईवे पर साइड में खड़े डंपर में यूपी नंबर की कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे-पिछले हिस्से चकनाचूर हो गए और सभी को कार के गेट तोड़कर बाहर निकाला गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को बाहर निकाल कर रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया। यह  खबर भी पढ़िये… https://publicvarta.com/ratlam-news-dumper-was-standing-on-8-lane-expressway-creta-entered-from-behind-husband-wife-and-two-children-were-coming-to-ratlam-from-noida-broke-the-gate-and-pulled-out-indore-refer/ रविवार को मां-बेटे की एक साथ निकली अर्थीरविवार सुबह पायल और अथर्व के शव रतलाम लाए गए। शाम को भक्तन की बावड़ी स्थित मुक्तिधाम में मां-बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। यह दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया। दिल्ली में जॉब, रतलाम में घरप्रद्युम्न दुबे दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वह परिवार के साथ नोएडा से रतलाम अपने माता-पिता से मिलने आ रहे थे। उनके माता-पिता गीता मंदिर के सामने मित्र निवास रोड स्थित कॉलोनी में रहते हैं। परिवार की कार में कुल चार सदस्य सवार थे—प्रद्युम्न, उनकी पत्नी पायल, बेटा अथर्व और बेटी कामांक्षी। हादसे की जांच जारीडीडी नगर थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार के सभी एयरबैग खुले थे, फिर भी टक्कर की तीव्रता के कारण जान नहीं बच सकी। हादसे के समय पति-पत्नी कार की अगली सीट पर थे जबकि बच्चे पीछे बैठे थे।

Ratlam News: रतलाम में उच्च शिक्षा की नई उड़ान: रॉयल कॉलेज को M.Pharma पाठ्यक्रम की PCI से मिली मंजूरी

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली ने राॅयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज़, रतलाम को शैक्षणिक सत्र 2025-26 से एम.फार्मा (M.Pharma) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान की है। यह उपलब्धि रतलाम जिले के लिए गौरव की बात है, क्योंकि यह जिला का पहला महाविद्यालय बन गया है जिसे PCI से एम.फार्मा पाठ्यक्रम के संचालन की अनुमति प्राप्त हुई है। एम.फार्मा की फार्मास्युटिक्स ब्रांच होगी प्रारंभरॉयल कॉलेज द्वारा इस सत्र से एम.फार्मा की फार्मास्युटिक्स ब्रांच में अध्ययन कराया जाएगा। इस कोर्स के अंतर्गत विद्यार्थियों को दवाइयों के निर्माण, विकास और वितरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जानकारी दी जाएगी। इससे छात्रों को फार्मा कंपनियों में पैकेजिंग, मार्केटिंग, क्वालिटी कंट्रोल और प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के बेहतरीन अवसर मिलते हैं। रॉयल कॉलेज का बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्डसंस्था के चेयरमैन प्रमोद गुगालिया ने बताया कि रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स वर्ष 2008 से बी.फार्मेसी और वर्ष 2020 से डी.फार्मेसी पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित कर रहा है। रॉयल कॉलेज रतलाम जिले का पहला संस्थान है जिसे फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) से सेक्शन 12 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त है। इसका सीधा लाभ यहां के विद्यार्थियों को मेडिकल लाइसेंस प्राप्त करने की पात्रता के रूप में मिलता है। भविष्य की योजनाएं भी तयश्री गुगालिया ने यह भी जानकारी दी कि अगले शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री, फार्माकोग्नोसी और फार्माकोलॉजी जैसे ब्रांच में भी एम.फार्मा की शुरुआत की जाएगी। संस्था में खुशी का माहौलएम.फार्मा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति मिलने पर रॉयल कॉलेज के निदेशक, प्राचार्य, प्राध्यापक एवं समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया और इसे जिले के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर बताया।

Ratlam News: रतलाम में मनाया गया विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस, बुजुर्गों को दी गई सुरक्षा और सम्मान की शपथ

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, रतलाम के द्वारा विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मानव सेवा समिति सभागृह में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति समाज को जागरूक करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के जिला समन्वयक रत्‍नेश विजयवर्गीय ने की। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित है, जो अपने अनुभव और जीवन मूल्यों के साथ समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने “एल्डर लाइन हेल्पलाइन – 14567” की जानकारी देते हुए बताया कि यह टोल फ्री नंबर वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए 24×7 उपलब्ध है। पतंजलि युवा भारत राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रभारी विशाल कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “हर समाज में बुजुर्ग अतीत और वर्तमान के बीच एक जीवंत पुल होते हैं। उनका सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।” उन्होंने बताया कि पतंजलि योगपीठ द्वारा रतलाम के गुलाब चक्कर पर नियमित रूप से निःशुल्क योगशाला चलाई जा रही है, जिसमें बुजुर्गों के लिए विशेष योगाभ्यास सत्र भी आयोजित होते हैं। समाजसेवी दिनेश वाघेला ने इस अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों को बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार न करने और उनके सम्मान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “हम भारतवासी वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, ज्ञान और सेवा को सम्मान देते हुए एक ऐसा समाज बनाएंगे जहाँ उन्हें सुरक्षा और गरिमा मिले।” इस दौरान 21 जून को आने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर आधारित सामूहिक योग प्रशिक्षण का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में बाबूलाल सिसोदिया जी के जन्मदिवस पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का सम्मान कर नशामुक्ति व बुजुर्ग सम्मान की शपथ भी दिलाई गई। इस आयोजन में रामबाबू यादव, राजकुमार पंजाबी, हरिश पाहुजा, रामचंद्र भाटी, राजेन्द्र पुरोहित, श्यामसुंदर उपाध्याय, बाबूलाल चौहान, सैलाना से गोवर्धन लाल बिलवार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। महिला सहभागिता भी उल्लेखनीय रही, जिनमें श्यामा वाघेला, शकुन्तला सिसोदिया, इंदू यादव, मंजू सोनी, रेखा शर्मा, निशा तिवारी, रेखा राठौर, सरोज सोनी प्रमुख रहीं।

Ratlam News: गुर्जर समाज की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न, जिला सम्मेलन और नई कार्यकारिणी गठन का निर्णय

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुर्जर समाज जिला रतलाम की कार्यकारिणी बैठक रविवार को शिवगढ़ में सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार और एकता को मजबूती देने के उद्देश्य से कई निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी समय में गुर्जर समाज का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही तहसील स्तर पर नई कार्यकारिणी गठित कर संगठन को मजबूत बनाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता देवेंद्र सिराधना गुर्जर ने की। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और युवा सहभागिता ही विकास का आधार है। बैठक में राहुल धभाई, अशोक गुर्जर, दयाराम गुर्जर, नीलेश गुर्जर, भूपेंद्र गुर्जर, देव गुर्जर, लाला गुर्जर, विशाल धभाई, दिलीप गुर्जर, राजवीर गुर्जर, सोनू गुर्जर, दिग्विजय धभाई, गोपाल गुर्जर, देव धभाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। बैठक में सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी, संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Ratlam News: रतलाम में 27 जून को निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, सुंदरकांड, सहस्त्रधारा अभिषेक और महाप्रसादी होंगे मुख्य आकर्षण

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन 26 जून से शुरू होगा। थावरिया बाजार स्थित मंदिर से निकलने वाली यह रथयात्रा धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक मानी जाती है। आयोजन जगन्नाथ रथयात्रा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के रूप में संपन्न होगा। आयोजन की रूपरेखा तय करने हेतु समिति की बैठक संस्थापक मुन्नालाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। समिति अध्यक्ष मंगल लोढ़ा व सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि बीते तीन दशकों से भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा समिति द्वारा भव्यता से निकाली जा रही है। महोत्सव की प्रमुख तिथियां एवं कार्यक्रम:  26 जून (बुधवार):शाम 7:30 बजे थावरिया बाजार मंदिर में महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। 27 जून (गुरुवार):सुबह 9:00 बजे सहस्त्रधारा अभिषेक व भगवान का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।दोपहर 2:30 बजे रथयात्रा प्रारंभ होगी। रथयात्रा मार्ग:थावरिया बाजार मंदिर से प्रारंभ होकर यात्रा सूरज पोर, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालू मोदी बाजार, नाहरपुरा, रानीजी का मंदिर, गणेश देवरी, बजाजखाना, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखी पुल, घास बाजार, कलईगर रोड, सेठजी का बाजार, कसारी दरवाजा, बिचला वास, मेहताजी का वास होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। अंत में महाआरती और महाप्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। समिति संरक्षक विश्वमोहन लोढ़ा, अपूर्व जोशी, अशोक लोढ़ा, जितेंद्र जायसवाल, रामचंद्र डोई, रमेश सोलंकी, नारायण सोलंकी, रवींद्रसिंह सोनगरा, कमल सकलेचा, प्रकाश मारोठिया सहित कई सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।

Ratlam News: 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर खड़ा था डंपर, पीछे से क्रेटा घुसी: नोएडा से रतलाम आ रहे थे पति-पत्नी और दो बच्चे, गेट तोड़कर निकाला, इंदौर रेफर

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा से रतलाम आ रही एक क्रेटा कार शिवगढ़ के पास साइड में खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का 60% हिस्सा डंपर में समा गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को कार के दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, प्रद्युम्न दुबे (40) पत्नी पायल (38), बेटा अथर्व (20) और बेटी कामांक्षी (18) के साथ नोएडा से रतलाम अपने पिता शरद दुबे से मिलने आ रहे थे। शिवगढ़ के पास खड़े डंपर में उनकी यूपी पासिंग क्रेटा कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के चलते एयरबैग तो खुल गए लेकिन कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सभी यात्री अंदर ही फंस गए। घटना के समय रतलाम निवासी लोकेश ठाकरे भी एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने तुरंत अपना वाहन रोका और राहगीरों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एनएचएआई की एम्बुलेंस से चारों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर शाम को इंदौर रेफर कर दिया गया। परिजन मधुसूदन त्रिवेदी के अनुसार, प्रद्युम्न दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। इस समय छुट्टी लेकर परिवार सहित रतलाम आ रहे थे। हादसे में बेटा और बेटी को ज्यादा चोट आई है क्योंकि टक्कर के समय वे पीछे से झटके में आगे आ गए थे। कार के पीछे से डंपर में घुसने की वजह बनी जानलेवा इस घटना ने 8 लेन एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर खड़े भारी वाहन और उनकी पहचान के लिए न संकेतक होते हैं न रिफ्लेक्टर, जिससे ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं।

Ladli Behna Yojana 25th Kist: अब 16 जून को खातों में आएंगे ₹1250, जानिए किसे मिलेगा फायदा और कैसे चेक करें स्टेटस?

भोपाल – पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ladli Behna Yojana 25th Kist: मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा जबलपुर में 13 जून को लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त जारी करने का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन अहमदाबाद विमान हादसे के चलते यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। अब सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त 16 जून 2025 से महिलाओं के खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगी। करीब 1.27 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को ₹1250 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जो अगले 24 से 48 घंटों में सभी खातों में पहुंच जाएगी। लाड़ली बहना योजना क्या है? लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही एक प्रमुख सामाजिक योजना है, जिसका उद्देश्य राज्य की गरीब, जरूरतमंद और मध्यम वर्गीय महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1250 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। अब तक इस योजना की 24 किस्तें वितरित की जा चुकी हैं और 25वीं किस्त 16 जून को आएगी। लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त किसे मिलेगी? इस किस्त का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो निम्नलिखित पात्रता मानदंडों को पूरा करती हैं: Ladli Behna Yojana 25th Kist Status कैसे चेक करें? अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त आई है या नहीं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें: अगर आप लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी हैं, तो 16 जून 2025 से अपने खाते की जांच जरूर करें। सरकार की तरफ से साफ कर दिया गया है कि 25वीं किस्त की राशि निर्धारित तिथि से ही ट्रांसफर होगी। अपने बैंक खाते को डीबीटी से लिंक रखें और आधार अपडेट करवा लें, जिससे कोई भी भुगतान अटकने की संभावना न रहे।

Ratlam News: रतलाम में बिजली संकट: 24 घंटे से आधा शहर अंधेरे में, ग्रिड कर्मचारी को थाने ले गए रहवासी, नशे में होने का आरोप

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शुक्रवार शाम आए प्री-मानसून तूफान को 24 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब भी शहर के पटरी पार और मध्य क्षेत्रों की आधी से ज्यादा आबादी अंधेरे में है। बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार शाम विनोबा नगर के रहवासी बिजली ग्रिड पर पहुंचे और जब उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी को थाने पहुंचा दिया। रहवासियों का आरोप है कि कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नशे में था और उसने उनसे अभद्र व्यवहार किया। “बच्चे-बुजुर्ग बेहाल, इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं”अलकापुरी निवासी सचिन गावड़ेकर ने बताया कि शुक्रवार रात उनके परिवार ने बिना बिजली के बेहद कठिन समय बिताया। उन्होंने कहा, “सुबह से लेकर शाम तक कई बार ग्रिड पर फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब हम वहां पहुंचे, तो बदतमीजी झेलनी पड़ी।”वहीं रहवासी योगेश ने कहा, “बिजली विभाग तुरंत बिल काटता है, लेकिन जब 24 घंटे से सप्लाई बंद हो और कोई जवाबदेही न हो, तो हम कहां जाएं? घर में बच्चे और बुजुर्ग हैं, इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं।” अभी भी सड़कों पर गिरे हैं पेड़ और खंभेशुक्रवार को आए तेज तूफान ने शहर में तबाही मचा दी थी। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए थे। शनिवार शाम तक भी नगर निगम और बिजली विभाग कई इलाकों से पेड़ और खंभे नहीं हटा सके। इससे साफ है कि आपात स्थिति से निपटने की तैयारी पूरी तरह नाकाम साबित हुई। लापरवाही बनी आम जनता की मुसीबतशहरवासी लगातार सोशल मीडिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब आमजन यह सवाल उठा रहे हैं कि जब संकट में जनता का कोई साथ नहीं देता, तो उन्हें समय पर बिजली बिल चुकाने की बात कैसे की जाती है?