रतलाम होगा शिवमय: 14 फरवरी को दो बत्ती पर भव्य शिव महाआरती, विशेष प्रसादी का आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। शहर में एक बार फिर भक्ति की गूंज सुनाई देने वाली है। युवा संकल्प ग्रुप रतलाम द्वारा आयोजित भव्य शिव आराधना एवं शिव महाआरती का तीसरा वर्ष 14 फरवरी 2026, रविवार को मनाया जाएगा। आयोजन रात 8 बजे दो बत्ती चौराहा, रतलाम पर होगा। आयोजन से जुड़े अंकुश श्रीवास्तव मित्र मंडल ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रतलाम को शिवमय बनाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में भगवान शिव की भव्य आराधना, मंत्रोच्चार और सामूहिक महाआरती की जाएगी। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपने परिवार और मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु “जय श्री महाकाल” के जयघोष के साथ भक्ति में सराबोर होंगे। शिव महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसादी वितरण भी रखा गया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में भी इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। शहर के श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आस्था और भक्ति का एक विशेष अवसर रहेगा।

JSG संगिनी उमंग का सुख शक्ति धाम में ध्यान शिविर, जैन तीर्थ बीबड़ौद व जयंतसेन धाम में किए दर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। JSG संगिनी उमंग परिवार रतलाम द्वारा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सुख शक्ति धाम ध्यान केंद्र का सामूहिक भ्रमण एवं ध्यान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रुप की लगभग 60 सखियों ने सहभागिता की। ध्यान केंद्र पर योग गुरु द्वारा ध्यान के महत्व, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात सभी सखियों को सामूहिक रूप से ध्यान भी करवाया गया, जिससे सभी ने आत्मिक शांति का अनुभव किया। ध्यान सत्र के बाद समूह जैन तीर्थ बीबड़ौद जी पहुंचा, जहां चाय-नाश्ते के उपरांत प्रभु दर्शन, चैत्यवंदन एवं प्रभु भक्ति की गई। इस दौरान सखियों ने मनोरंजक गेम्स भी खेले, जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण और आनंदमय बना रहा। बाद में सभी ने सामूहिक भोजन किया। इसके पश्चात समूह ने जैन तीर्थ जयंतसेन धाम पहुंचकर दर्शन-वंदन किए और धार्मिक वातावरण में समय व्यतीत किया। कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन ग्रुप की सखियों द्वारा सेल्फ कंट्रीब्यूशन से किया गया। सुख शक्ति धाम एवं बीबड़ौद आने-जाने के लिए 4 मैजिक वाहनों की व्यवस्था की गई, जिसका खर्च ग्रुप की सदस्य रश्मि जी जैन द्वारा वहन किया गया। इस अवसर पर रश्मि जी जैन का स्वागत ग्रुप अध्यक्ष रेनू लुनिया द्वारा किया गया, वहीं कार्यक्रम में सहयोग देने वाली सभी सखियों का आभार ग्रुप सचिव अनीता कोठारी ने व्यक्त किया। यह आयोजन आध्यात्मिक जागरूकता, सामूहिक एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने वाला रहा।

उमंग के रंग, सेवा के संग: JSG संगिनी उमंग रतलाम ने लगाया स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, ₹50 में 650 जांचें

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित JSG संगिनी उमंग रतलाम द्वारा अपने सेवा के संकल्प के अंतर्गत एक और सराहनीय पहल करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 27 जनवरी 2026 को लॉयंस डायग्नोस्टिक सेंटर पर संपन्न हुआ। इस शिविर का आयोजन ग्रुप सखी प्रतिभा पाटनी के सौजन्य से किया गया, जिसमें आमजन को मात्र ₹50 शुल्क में लगभग ₹650 मूल्य की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में डॉक्टर परामर्श के साथ हृदय जांच, ECG, शुगर, किडनी, लीवर (SGPT), ब्लड प्रेशर एवं कैल्शियम जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। शिविर के दौरान रीजन चिकित्सा कमेटी कन्वीनर एवं अध्यक्ष श्री मनोज कटारिया तथा रतलाम ज़ोन कोऑर्डिनेटर श्री निर्मल मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमा प्रदान की। इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ ग्रुप सखियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उठाया। आयोजन में ग्रुप अध्यक्ष रेनू लुनिया, बिंदु कटारिया, निर्मला पटवा, अनिता कोठारी, रश्मि जैन, प्रतिभा पाटनी, ममता भंडारी, अरुणा नाहर, किरण मेहता, पुष्पलता जिन्दानी, प्रीति चोरड़िया, संगीता पोरवाल, स्नेहलता धाकड़ सहित अनेक सखियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार ग्रुप सचिव द्वारा व्यक्त किया गया।JSG संगिनी उमंग रतलाम की यह पहल समाज के प्रति उनकी निरंतर सेवा भावना और स्वास्थ्य जागरूकता को दर्शाती है।

मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन रतलाम ने मनाया गणतंत्र दिवस, 12 फरवरी की संयुक्त हड़ताल पर हुई रणनीतिक चर्चा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (MPMSRU) रतलाम शाखा द्वारा आज गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर यूनियन कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया, जिसमें यूनियन पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। ध्वजारोहण कार्यक्रम में यूनियन अध्यक्ष अभिषेक जैन, सह-सचिव अविनाश पोरवाल, उपाध्यक्ष रशिद खान, कोषाध्यक्ष संजय व्यास सहित बड़ी संख्या में यूनियन के साथी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की मूल भावना और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लिया। संयुक्त श्रम संगठनों की हड़ताल पर हुआ विचार-विमर्श कार्यक्रम के दौरान आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित संयुक्त श्रम संगठनों की हड़ताल को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में हड़ताल को सफल बनाने हेतु रणनीति एवं कार्ययोजना पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तय की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर यह हड़ताल महत्वपूर्ण है और इसमें अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। एकता और संगठन शक्ति का संदेश गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यूनियन की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

म.प्र–छत्तीसगढ़ का पहला आईएसओ प्रमाणित प्रेस क्लब बना रतलाम, पत्रकारिता में रचा नया इतिहास

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रतलाम प्रेस क्लब ने पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं आसपास के राज्यों में पहला आईएसओ प्रमाणित प्रेस क्लब बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि प्रेस क्लब द्वारा वर्षों से की जा रही अनुशासित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है। आईएसओ प्रमाणीकरण मिलने के उपलक्ष्य में प्रेस क्लब भवन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर मीशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से रतलाम प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को आईएसओ प्रमाण पत्र सौंपा। आईएसओ प्रमाणन से बढ़ी जिम्मेदारी : मंत्री काश्यप कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि आईएसओ प्रमाणीकरण गुणवत्ता, अनुशासन और विश्वसनीयता का प्रतीक है। इससे रतलाम प्रेस क्लब की जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। अब क्लब को पत्रकारिता की गुणवत्ता को और ऊंचाई तक ले जाने के साथ समाज के प्रति अपनी भूमिका को अधिक सशक्त रूप में निभाना होगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरी कार्यप्रणाली स्वागत भाषण में रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी ने बताया कि आईएसओ प्रमाणीकरण के साथ ही रतलाम प्रेस क्लब मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ क्षेत्र का पहला ऐसा प्रेस क्लब बन गया है, जिसकी कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय मानकों की मान्यता मिली है। यह उपलब्धि पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता को दर्शाती है। अतिथियों का स्वागत क्लब सचिव यश शर्मा, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, सौरभ कोठारी, दिलजीत सिंह मान एवं कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला ने किया। कार्यक्रम का संचालन अदिति मिश्रा ने किया। समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों और संगीत के बीच पत्रकार साथियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर खुशी जाहिर की। पत्रकारिता के क्षेत्र में मील का पत्थर आईएसओ प्रमाणन को केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि वर्षों से की जा रही मूल्यनिष्ठ और जिम्मेदार पत्रकारिता की पहचान माना जा रहा है। यह उपलब्धि पूरे संभाग के पत्रकार संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। गणतंत्र दिवस भी मनाया गया उत्साह के साथ आईएसओ प्रमाणीकरण समारोह के बाद प्रेस क्लब परिसर में गणतंत्र दिवस का भी उल्लासपूर्ण आयोजन हुआ। देशभक्ति गीतों, शेरो-शायरी, ग़ज़लों और कविताओं की प्रस्तुतियों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इसे रतलाम की पत्रकारिता के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित कार्यक्रम में सह-सचिव हेमंत भट्ट, वरिष्ठ सदस्य दिनेश दवे, चंद्रशेखर सोलंकी, किशोर जोशी, निलेश बाफना, विनोद वाधवा, शुभ दशोत्तर, मानस व्यास, चेतन्य शर्मा, सिकंदर पटेल, धरम वर्मा, विशेष आमंत्रित सदस्य आरिफ कुरैशी, गोविंद उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष शरद जोशी, दिलीप पाटनी, राजेश मूणत, सुरेंद्र जैन, राजेश जैन, पूर्व सचिव रमेश टांक, अरुण त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस पर गोसेवा और देशभक्ति का संगम: संगिनी उमंग परिवार ने बकरा साला गौशाला में किया सेवा प्रोजेक्ट

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। जय जिनेंद्र जैन सोशल ग्रुप (JSG) के संगिनी उमंग परिवार, रतलाम द्वारा सेवा के संकल्प के तहत एक और प्रेरणादायी सेवा प्रोजेक्ट का आयोजन किया गया। यह सेवा प्रोजेक्ट देश प्रेम संग जीव दया गोसेवा की भावना को समर्पित रहा। ग्रुप की सक्रिय सदस्य सखी किरण निर्मल जी मेहता द्वारा अपनी पोती के प्रथम जन्मदिवस के पावन अवसर पर बकरा साला गौशालामें गोसेवा का आयोजन किया गया। इस सेवा के अंतर्गत गौशाला में गायों को हरी घास , रोटी , खली, कपासिया एवं गुड़ का स्वल्पाहार कराया गया। इसी अवसर पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में झोन कोऑर्डिनेटर निर्मल जी मेहता के सानिध्य में झंडा वंदन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में ग्रुप की अध्यक्ष रेनू लुनिया द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर ग्रुप की सखियां प्रतिभा पाटनी, अरुणा नाहर, ममता भंडारी, प्रीति जिंदानी, प्रीति खिलौसिया, हंसा गादीया, समता संघवी सहित अनेक सखियां एवं परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन निर्मला पटवा द्वारा किया गया। यह सेवा आयोजनदिनांक: 26 जनवरी 2026 (सोमवार)समय: प्रातः 8:15 बजे स्थान: बकरा साला गौशाला, त्रिवेणी रोड, रतलामपर संपन्न हुआ।

रतलाम में भगवान देवनारायणजी जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा, नौवें वर्ष उमड़ा आस्था का सैलाब

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। भगवान देवनारायणजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को रतलाम नगर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा प्रातः 10 बजे त्रिपोलिया गेट से प्रारंभ हुई, जिसमें गुजर समाज के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान देवनारायणजी की आकर्षक सजीव झांकी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। WATCH VIDEO शोभायात्रा त्रिपोलिया गेट से निकलकर चांदनी चौक, चोमुखीपुल, धानमंडी, नाहरपुरा चौराहा, कॉलेज रोड, नगर निगम चौराहा, महलवाड़ा, धावरिया बाजार, चार चक्की चौराहा एवं रत्नेश्वर रोड होते हुए गुजर मोहल्ला स्थित श्री देवनारायण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। दोपहर में श्री देवनारायण मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। आयोजन के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाज के स्वयंसेवक एवं पुलिस बल तैनात रहा। उल्लेखनीय है कि भगवान देवनारायणजी जन्मोत्सव एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन लगातार नौवें वर्ष किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन समस्त गुजर समाज, जिला रतलाम द्वारा किया गया, जिसमें समाजजनों का सराहनीय सहयोग रहा।

रतलाम में 51 कुंडीय शिव–शक्ति महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में, कलश यात्रा को लेकर समाजजनों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। रतलाम शहर के दीनदयाल नगर में आगामी 19 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले भव्य 51 कुंडीय शिव–शक्ति महायज्ञ की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में महायज्ञ को सुव्यवस्थित, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने हेतु दीनदयाल नगर स्थित यज्ञशाला पंडाल में नगर के समस्त समाजजनों एवं धार्मिक–सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की एक दीर्घ एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर गहन चिंतन–मनन किया गया। विशेष रूप से 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे श्री गोपाल मंदिर, माणकचौक से निकलने वाली भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी समाजों एवं संस्थाओं द्वारा पूर्ण सहयोग देने पर सर्वसम्मति बनी। साथ ही यज्ञकुंड में आहुतियां प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों एवं पदाधिकारियों ने पांच मंजिला ऊंचे भव्य यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का दर्शन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का निर्माण कार्य 1 जनवरी से प्रारंभ होकर अब अपने अंतिम चरण में है, जिसमें नगरवासियों का सराहनीय सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। बैठक के पश्चात यज्ञशाला स्थल से दीनदयाल नगर क्षेत्र में जन-जागृति के उद्देश्य से संध्या फेरी का शुभारंभ किया गया, जो प्रतिदिन महायज्ञ के प्रारंभ तक जारी रहेगी। संध्या फेरी में संत समाज, सनातनी बंधु एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 हिंदूरत्न आनंद गिरि जी महाराज, परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 देवस्वरूपानंद जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम के महंत श्री नरेंद्र गिरी जी महाराज, महर्षि संजय शिवशंकर दवे, काजल गुरु जागीरदार, राजराजेश्वरी देवी सहित अनेक संत–महात्मा उपस्थित रहे। साथ ही सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री अनिल झालानी, पं. जितेंद्र नागर, नवनीत सोनी, राजेंद्र राठौड़, अनिता कटारिया, जीवन ज्योति, क्षेत्रीय पार्षद संगीता सोनी, कविता चौहान, मनोहर राजू सोनी, पूर्व पार्षद राजेंद्र राठौड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जनक नागल द्वारा किया गया। बैठक के दौरान यज्ञ में गोमाता संरक्षण से संबंधित पेम्पलेट का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महायज्ञ को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।

मकर संक्रांति पर सनातन सोशल ग्रुप का सेवा संकल्प, 501 जरूरतमंदों को कंबल व तिल–गुड़ वितरण

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। मकर संक्रांति एवं सनातन सोशल ग्रुप के स्थापना दिवस के अवसर पर नगर में एक सराहनीय सेवा कार्य का आयोजन किया गया। शीतलहर को ध्यान में रखते हुए सनातन सोशल ग्रुप द्वारा ग्रामीण अंचलों से आकर रतलाम नगर के विकास में श्रम करने वाले वनवासी भाइयों एवं निराश्रित जरूरतमंदों को तिलक लगाकर 501 कंबलों का वितरण किया गया। साथ ही तिल–गुड़ के लड्डू, शुद्ध घी की नुकती एवं सेव का वितरण प्रातः 9 बजे चांदनी चौक पर किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सनातन सोशल ग्रुप के संयोजक मुन्नालाल शर्मा एवं अध्यक्ष अनिल पुरोहित ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी मकर संक्रांति के पावन अवसर पर यह भव्य सेवा कार्य आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वनवासी बंधुओं एवं निराश्रित भाइयों ने सहभागिता कर लाभ लिया। सेवा कार्य का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी, व्यापारीगण एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी सचिव रवि पंवार ने निभाई, जबकि आभार व्यक्त उपाध्यक्ष निलेश सोनी द्वारा किया गया। सनातन सोशल ग्रुप का यह सेवा अभियान सामाजिक समरसता, मानव सेवा और सनातन मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।

Ratlam News: चिकित्सा शिक्षा के लिए रतलाम में छठा देहदान, हितेश टटावत ने दिया समाज को अमूल्य योगदान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक और प्रेरणादायक पहल सामने आई है। रतलाम निवासी हितेश कुमार टटावत(पिता मानक लाल टटावत, उम्र 43 वर्ष) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन के पश्चात परिजनों ने मानव सेवा की भावना से देहदान का संकल्प लिया, जो समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण बन गया। WATCH VIDEO परिवार के सदस्य कपिल टटावत ने देहदान की प्रक्रिया के लिए काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी से सहयोग मांगा। सूचना मिलते ही तत्काल रतलाम मंडल रेल चिकित्सा अस्पताल पहुंचकर देहदान हेतु डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज से संपर्क किया गया, लेकिन वहां पूर्व से ही व्यवस्था पूर्ण होने के कारण नई चुनौती उत्पन्न हुई। इसके पश्चात मंदसौर सुंदरलाल पटवा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशी गांधी से संपर्क किया गया, जिन्होंने पूर्व में देहदान को लेकर अपील भी की थी। डॉ. गांधी ने प्रदेश शासन, जिला कलेक्टर एवं जिला रोगी कल्याण समिति के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक पत्र जारी किया, जिससे देहदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सकी। भाई-बहन की सराहनीय पहलउल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बड़े भाई कपिल टटावत एवं बहन सोना टटावत ने अपने पिता मानक लाल टटावत और माता कस्तूरी देवी टटावतके देहदान के लिए भी अथक प्रयास कर स्वीकृति प्राप्त की थी। समाजसेवी गोविंद काकानी ने बताया कि बीते तीन महीनों में जिले से यह छठा देहदान है, जबकि इससे पूर्व पांच देहदान सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। रतलाम, मंदसौर और नीमच के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए मानव शरीरों की आवश्यकता होती है। ऐसे में देहदान चिकित्सा शिक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा देहदान पर गार्ड ऑफ ऑनर देने की पहल से लोगों में जागरूकता और प्रोत्साहन तेजी से बढ़ा है। सूर्यास्त से पूर्व गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों से देहदान सम्मानपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, रेलवे अस्पताल, पत्रकार बंधु एवं समाजसेवियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के पश्चात रेलवे अस्पताल के डॉ. नरेश, स्टाफ, जिला प्रशासन की ओर से रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी, पत्रकारगण एवं परिजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। रतलाम जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए शव वाहन से रात्रि 8 बजे देह को सुरक्षित रूप से मंदसौर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां व्यवस्थित रूप से प्राप्त होने की पुष्टि भी हो गई। यह देहदान न केवल चिकित्सा शिक्षा के लिए अमूल्य योगदान है, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और जागरूकता का सशक्त संदेश भी देता है।

0%