Ratlam News: रतलाम में अवैध खनन विवाद: विरोध करने वाले ग्रामीणों पर प्रकरण दर्ज, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुनेरा में कथित अवैध मुरम खनन को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पोकलेन मशीन से खुदाई किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने खनन कार्य रुकवाया, लेकिन बाद में उन्हीं पर पुलिस प्रकरण दर्ज होने से मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दर्ज प्रकरण निरस्त करने की मांग की है। WATCH VIDEO मंदिर से 50 मीटर दूरी पर उत्खनन का आरोप ज्ञापन के अनुसार 9 फरवरी 2026 को ग्रामीणों को सूचना मिली कि पंचमुखी हनुमान मंदिर से लगभग 50 मीटर दूरी पर पोकलेन मशीन के माध्यम से मुरम का उत्खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान आसपास के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खनन कार्य रुकवाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और पटवारी पहुंचे, हालांकि खनिज विभाग का अधिकारी तत्काल मौजूद नहीं था। दो घंटे तक मार्ग जाम, खनन निरीक्षक ने की जप्ती कार्रवाई घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर करीब 2 बजे से 4 बजे तक रतलाम-धानासुता मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में खनन निरीक्षक दिवेंद्र चिराड मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाते हुए एक पोकलेन मशीन व दो डंपर की जप्ती दर्शाई। एक डंपर को बिलपांक थाने भेजा गया, जबकि पोकलेन मशीन को गांव के कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक पेड़ों की खुदाई को लेकर पटवारी द्वारा भी पंचनामा तैयार किया गया है। रात में दर्ज हुआ प्रकरण, दबाव का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे ठेकेदार के सुपरवाइजर ने पुलिस पर दबाव बनाकर मानवेन्द्र सिंह, राकेश प्रजापत और जितेंद्र चावड़ा के खिलाफ रास्ता रोकने, धमकाने और रुपये मांगने का मामला दर्ज करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने केवल अवैध खनन का विरोध किया था और मंदिर परिसर के 200 मीटर दायरे में खुदाई प्रतिबंधित है। साथ ही ठेकेदार के पास पर्यावरणीय अनुमति नहीं होने का भी दावा किया गया है। वीडियो साक्ष्य होने का दावा ज्ञापन में ग्रामीणों ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। उनका कहना है कि ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उच्च अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। ग्रामीणों ने साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर झूठा प्रकरण समाप्त करने और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Ratlam News: मौत के बाद प्रधान आरक्षक का क्वार्टर खाली: पहली पत्नी की शिकायत पर प्रशासन की कार्रवाई, पुलिस लाइन में हंगामा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कनेरी स्थित पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दिवंगत कार्यवाहक प्रधान आरक्षक लक्ष्मण चारेल के नाम आवंटित सरकारी आवास को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान दूसरी पत्नी जमना चारेल और उनके परिजनों को क्वार्टर से बाहर किया गया तथा मकान को सील कर दिया गया। इस दौरान मौके पर भावुक माहौल और हल्का हंगामा भी देखने को मिला। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक लक्ष्मण चारेल का लगभग तीन वर्ष पूर्व बीमारी के कारण निधन हो गया था। विभागीय रिकॉर्ड में उनकी पहली पत्नी मीरा चारेल और चार बच्चों के नाम दर्ज हैं, जो गांव में निवास करते हैं। वहीं दूसरी पत्नी जमना चारेल अपने दो पुत्रों और दो पुत्रियों के साथ पिछले दो वर्षों से पुलिस लाइन के क्वार्टर में रह रही थीं, लेकिन उनका नाम सेवा पुस्तिका में दर्ज नहीं है। पहली पत्नी को नहीं मिल रहे थे विभागीय लाभ पहली पत्नी मीरा चारेल ने आरोप लगाया था कि क्वार्टर खाली नहीं होने के कारण उन्हें पति के निधन के बाद मिलने वाले विभागीय लाभ प्राप्त करने में दिक्कत आ रही है। इस संबंध में उन्होंने आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी देने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। 12 नोटिस के बाद भी नहीं छोड़ा कब्जा पुलिस के अनुसार दूसरी पत्नी को पिछले दो वर्षों में करीब 12 बार नोटिस जारी कर मकान खाली करने को कहा गया था, लेकिन कब्जा नहीं छोड़ा गया। इसके बाद अधिकारियों ने एक कमेटी गठित कर गुरुवार को कार्रवाई की। संयुक्त टीम में आरआई मोहन भर्रावत, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी गायत्री सोनी और सूबेदार मोनिका सिंह चौहान सहित पुलिस बल और फायर ब्रिगेड मौजूद रही। नियम क्या कहते हैं? नियमों के अनुसार किसी भी पुलिसकर्मी के निधन के बाद परिजनों को अधिकतम छह माह तक सरकारी क्वार्टर में रहने की अनुमति होती है, वह भी विशेष परिस्थितियों में। आरआई मोहन भर्रावत ने बताया कि परिवार के लिए त्रिपोलिया गेट के पास एक सप्ताह की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, ताकि वे आगे की व्यवस्था कर सकें। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने घर का सामान बाहर निकलवाया और आवास को सील कर दिया।

रतलाम होगा शिवमय: 14 फरवरी को दो बत्ती पर भव्य शिव महाआरती, विशेष प्रसादी का आयोजन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। शहर में एक बार फिर भक्ति की गूंज सुनाई देने वाली है। युवा संकल्प ग्रुप रतलाम द्वारा आयोजित भव्य शिव आराधना एवं शिव महाआरती का तीसरा वर्ष 14 फरवरी 2026, रविवार को मनाया जाएगा। आयोजन रात 8 बजे दो बत्ती चौराहा, रतलाम पर होगा। आयोजन से जुड़े अंकुश श्रीवास्तव मित्र मंडल ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रतलाम को शिवमय बनाने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में भगवान शिव की भव्य आराधना, मंत्रोच्चार और सामूहिक महाआरती की जाएगी। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपने परिवार और मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु “जय श्री महाकाल” के जयघोष के साथ भक्ति में सराबोर होंगे। शिव महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसादी वितरण भी रखा गया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में भी इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। शहर के श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आस्था और भक्ति का एक विशेष अवसर रहेगा।

Ratlam News: महिला के घर मुस्लिम युवक आने पर बवाल, ग्रामीणों ने की मारपीट और तोड़फोड़; पुलिस जांच में जुटी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत करिया गांव में बुधवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला के घर मुस्लिम युवक के आने की जानकारी ग्रामीणों को लगी। आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के घर पहुंचकर युवक के साथ मारपीट की और घर व कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया। WATCH VIDEO युवक को पकड़कर की मारपीट, कार छोड़कर भागा जानकारी के अनुसार, गांव में रहने वाली 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला के घर बुधवार शाम करीब 6:30 बजे राजस्थान के बांसवाड़ा से एक युवक आया था। ग्रामीणों को जब युवक के गांव में आने की खबर मिली तो बड़ी संख्या में लोग महिला के घर पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। हालात बिगड़ते देख युवक अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घर और कार में की तोड़फोड़ ग्रामीणों ने महिला के घर का दरवाजा, टीन शेड और कवेलू तोड़ दिए। वहीं युवक की कार के आगे और साइड के कांच फोड़ दिए गए। आधी नंबर प्लेट भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। महिला का आरोप: “मदद करने आया था मुंहबोला भाई” महिला ने सैलाना थाने में नामजद आवेदन देकर बताया कि युवक उसका मुंहबोला भाई है, जो घर की छत पर पल्ली लगाने में मदद करने आया था। उसने आरोप लगाया कि राहुल बैरागी, जितेंद्र बैरागी, नंदकिशोर पाटीदार, किशन और सोहन नायक सहित अन्य लोगों ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। महिला ने कहा कि “अगर कुछ गलत मिला हो तो सजा दें, लेकिन बेवजह मारपीट करना अपराध है। मैं पढ़ी-लिखी हूं और कानून जानती हूं।” जान-माल की सुरक्षा की मांग महिला ने आवेदन में परिवार और मुंहबोले भाई की सुरक्षा की मांग की है। उसने घर में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की भी मांग की है। घटना के बाद महिला के बच्चे डरे हुए हैं। कार पर राजनीतिक चिन्ह मौके पर मिली कार पर भाजपा का कमल चिन्ह और ‘अल्पसंख्यक मोर्चा, बांसवाड़ा’ लिखा हुआ है। हालांकि नंबर प्लेट आंशिक रूप से टूटी हुई पाई गई है। पुलिस का बयान सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि बाहरी युवक के गांव में आने की सूचना पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। महिला के आवेदन पर जांच की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: दिनदहाड़े व्यापारी की बाइक की डिक्की से 1.24 लाख चोरी, आरोपी हिरासत में

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच दिनदहाड़े एक व्यापारी की बाइक की डिक्की से 1 लाख 24 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। WATCH VIDEO जानकारी के अनुसार, व्यापारी किसी काम से बाजार क्षेत्र में पहुंचे थे और अपनी बाइक खड़ी कर पास की दुकान में चले गए। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए बाइक की डिक्की खोली और उसमें रखी 1,24,000 रुपये की नकदी निकालकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और संदिग्ध की पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ कोई अन्य साथी तो शामिल नहीं था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार क्षेत्र में व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में बड़ी रकम न रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ratlam News: शराब दुकान कर्मचारियों पर हमला, जीप के शीशे फोड़े

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बस स्टैंड के पास शराब दुकान कर्मचारियों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत आरोपितों ने जीप का रास्ता रोककर गालियां दीं और विरोध करने पर एक कर्मचारी के सिर पर शराब की बोतल मार दी। घटना के बाद पुलिस ने एक नामजद सहित तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। WATCH VIDEO प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भोनपुरा, जिला भिण्ड निवासी दीपसिंह पुत्र संजीवसिंह भदोरिया रावटी स्थित शराब दुकान पर कार्यरत है। शुक्रवार दोपहर वह अपने साथी सोनू राजावत, किशन सिंह तोमर और आनंद पाल के साथ जीप वाहन से रानीसिंग बस स्टैंड से रावटी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक शराब के नशे में आए और जीप का रास्ता रोक लिया। इनमें से एक युवक को दीपसिंह ने पहचान लिया, जिसका नाम बबलु दामा निवासी कुंवरपाड़ा बताया गया है। आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर बबलु दामा ने हाथ में पकड़ी शराब की बोतल से दीपसिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। इसके बाद आरोपितों ने लकड़ी से जीप (बोलेरो) के चारों शीशे तोड़ दिए। वाहन में सवार अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद सहित तीन आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ratlam News: पिपलिया जोधा डेरे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाहरी 5 आरोपितों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत केस

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने पिपलिया जोधा डेरे में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर सख्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई की है। इस दौरान बाहर से आए पांच संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान जब आरोपी मीडिया के सामने लाए गए, तो सभी अपने चेहरे छिपाते हुए नजर आए। इससे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान जिन आरोपितों को पकड़ा गया, उनके नाम इस प्रकार हैं— पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी ग्राम सिहावदा, थाना देपालपुर, जिला इंदौर के निवासी हैं और बिना किसी वैध कारण के डेरे क्षेत्र में मौजूद पाए गए थे। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में चालान किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Ratlam News: जयपुर-बांदा स्पेशल में शराब तस्करी, जीआरपी ने 1.37 लाख की शराब के साथ दो आरोपी पकड़े

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जीआरपी थाना रतलाम पुलिस ने ट्रेन के माध्यम से अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित जयपुर-बांदा स्पेशल ट्रेन से तीन ट्रॉली बैग और दो बड़े बैग में भरकर अंग्रेजी शराब और बीयर गुजरात की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और 138 केन बीयर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 37 हजार रुपये बताई जा रही है। जीआरपी पुलिस के अनुसार 4 फरवरी 2026 को सवारी गाड़ी संख्या 09723 जयपुर-बांदा स्पेशल के सामान्य कोच में चेकिंग के दौरान रतलाम-मोरवानी रेलवे स्टेशनों के बीच दो संदिग्ध व्यक्तियों को भारी बैग के साथ पकड़ा गया। ट्रेन का दाहोद स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण कंट्रोल रूम को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई गई। इसके बाद आरपीएफ दाहोद पोस्ट की टीम ने दोनों आरोपितों को बैग सहित ट्रेन से उतारकर जांच की। बैगों में भारी मात्रा में शराब पाए जाने पर दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना रतलाम को सुपुर्द किया गया। जीआरपी थाना रतलाम में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बैग में शराब होने की पुष्टि की, लेकिन किसी भी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी में कुल 442 क्वार्टर अंग्रेजी शराब (करीब 79.56 लीटर) और 138 केन बीयर (लगभग 69 लीटर) बरामद की गई। नियमानुसार सैंपल निकालकर शेष शराब जब्त की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। गिरफ्तार आरोपितों में सचिन कडिया पिता हसमुख भाई कडिया उम्र 40 वर्ष निवासी वडोदरा (गुजरात) और राकेश पिता ज्वाला सिंह चौरसिया उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मधुवन जिला मऊ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम वडोदरा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

MP News: राजगढ़ के गांव भादाहेड़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पुलिस जांच में जुटी

राजगढ़- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भादाहेड़ी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। WATCH VIDEO मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम गांव से गुजर रहे ग्रामीणों ने प्रतिमा के चेहरे और आंखों पर निशान देखे। प्रतिमा का चश्मा भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला, वहीं आसपास दो-तीन पत्थर पड़े हुए पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिस बल गांव भादाहेड़ी पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा और चश्मे की मरम्मत करवाई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए देर रात तक गांव में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि देर शाम तक इस मामले में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका था। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का बयान खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि ग्राम भादाहेड़ी में प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस बल तुरंत गांव पहुंचा और प्रतिमा को ठीक करवा दिया गया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रेल के साथ खेल नहीं अभियान: आरपीएफ ने स्कूलों में नुक्कड़ नाटक से बच्चों और ग्रामीणों को किया जागरूक

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की जान-माल की हिफाजत और रेल संचालन में बाधा बनने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रतलाम मंडल द्वारा “रेल के साथ खेल नहीं” नामक विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल रतलाम, पश्चिम रेलवे श्री रामराज मीना के दिशा-निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल स्तर पर आरपीएफ बल सदस्यों की विशेष टीम का गठन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को रेसुब पोस्ट मेघनगर के क्षेत्राधिकार में उप निरीक्षक अंकित चौधरी, उप निरीक्षक मायाराम गुर्जर एवं अन्य आरपीएफ स्टाफ द्वारा विभिन्न स्कूलों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। टीम द्वारा झाबुआ जिले के मेघनगर विकासखंड अंतर्गत पीएम श्री शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चैनपुरा, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नौगांव, पीएम श्री कन्या शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनिया एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनिया में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों सहित कुल लगभग 3000 से अधिक लोग उपस्थित रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सवारी गाड़ियों पर पत्थरबाजी न करने, रेलवे ट्रैक पार न करने, पटरी पर पत्थर या अन्य वस्तुएं न रखने, रेलवे लाइन पर वीडियो या रील न बनाने, ट्रैक के पास लगे उपकरणों से छेड़छाड़ न करने और रेलवे संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने के प्रति जागरूक किया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना एवं कारावास तक का प्रावधान है। साथ ही यह भी समझाया गया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है और इसमें यात्रा करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। आरपीएफ द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले दिनों में मंडल के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।

↑
0%