Ratlam News: गुलाब चक्कर गार्डन में लावारिस मिली 1 साल की बच्ची, पास में मिला कपड़ों से भरा बैग; खंगाल रही पुलिस

रतलाम के गुलाब चक्कर गार्डन में एक साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के पास कपड़ों से भरा बैग भी मिला। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और बच्ची को शिशु गृह भेज दिया गया है। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के पुराने कलेक्ट्रेट स्थित गुलाब चक्कर गार्डन में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। तपती धूप में अकेली बैठी बच्ची लगातार रो रही थी और उसके पास कपड़ों से भरा एक बैग रखा हुआ था। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना का वीडियो देखे मामले की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के हवाले किया गया। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से बच्ची को छोड़ने वालों की तलाश में जुटी है। आशा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान मिली बच्ची जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गुलाब चक्कर गार्डन परिसर में आशा और ऊषा कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं की नजर एक छोटी बच्ची पर पड़ी, जो अकेली बैठकर रो रही थी। रत्तागढ़खेड़ा की आशा कार्यकर्ता शोभा पाटीदार ने बताया कि बच्ची के आसपास चींटियां लगी हुई थीं और वह काफी परेशान नजर आ रही थी। कार्यकर्ताओं ने तुरंत बच्ची को पानी पिलाया और बिस्किट खिलाकर शांत कराने की कोशिश की। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब कोई परिजन नहीं आया, तो पुलिस को सूचना दी गई। बच्ची के पास मिला कपड़ों से भरा बैग मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के आसपास जांच की तो उसके पास छोटे बच्चों के कपड़ों से भरा एक बैग मिला। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जानबूझकर वहां छोड़कर जाया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक प्रेम चौधरी ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। मेडिकल परीक्षण के बाद बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उसे शिशु गृह भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस स्थिति में बच्ची मिली, उससे यह मामला सामान्य नहीं लग रहा। फिलहाल बच्ची की देखभाल शिशु गृह में की जा रही है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बच्ची को वहां कौन छोड़कर गया और उसके पीछे क्या वजह थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही बच्ची के परिजनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल बच्ची सुरक्षित फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और शिशु गृह में उसकी देखभाल की जा रही है। पुलिस जांच जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि CCTV फुटेज के जरिए जल्द ही बच्ची को छोड़ने वालों तक पहुंचा जा सकेगा।

Ratlam News: रतलाम में पुलिस का जनसंवाद अभियान: एसपी अमित कुमार ने सुनी जनता की समस्याएं, शिकायत पर तत्काल FIR के निर्देश

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा “जनसंवाद अभियान” चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी अंबे माता चौक परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वीडियो देखे क्षेत्रवासियों ने उठाए सुरक्षा और यातायात से जुड़े मुद्दे जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, यातायात व्यवस्था, रात्रिकालीन गश्त और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित समस्याएं पुलिस प्रशासन के सामने रखीं। एसपी अमित कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धमकी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, FIR दर्ज करने के निर्देश कार्यक्रम के दौरान एक आवेदक ने खुद को धमकाए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक के सामने रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार ने तत्काल आवेदक को पुलिस वाहन से थाना औद्योगिक क्षेत्र भेजकर प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अन्य शिकायतों के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। कॉलोनी का निरीक्षण कर दिए जरूरी दिशा-निर्देश जनसंवाद कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र का भ्रमण कर कॉलोनी की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र सत्येंद्र रघुवंशी सहित थाना स्टाफ और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पार्षद श्रीमती पुरोहित, मयूर पुरोहित और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आमजन से पुलिस की अपील रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याएं और शिकायतें बिना किसी संकोच के पुलिस के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा सके।

Ratlam Circle Jail में यौन शोषण का आरोप: कोर्ट के आदेश के बाद मचा हड़कंप, बंद कमरे में दर्ज हुए पीड़ित के बयान

Ratlam Circle Jail रतलाम सर्किल जेल में बंद 19 वर्षीय युवक ने साथी कैदी पर यौन शोषण का आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश पर मेडिकल जांच और सीजेएम के सामने बयान दर्ज हुए। जानिए पूरा मामला रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam Circle Jail: रतलाम की सर्किल जेल में सामने आए कथित यौन शोषण मामले ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एनडीपीएस एक्ट में बंद 19 वर्षीय युवक ने जेल के भीतर ही एक अन्य कैदी पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला कोर्ट पहुंचा, जहां से मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराने के आदेश जारी किए गए। मामला क्या है? मामला मध्य प्रदेश के Ratlam स्थित सर्किल जेल का है। जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार एक 19 वर्षीय युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था। युवक ने आरोप लगाया कि जेल में बंद एक अन्य आरोपी, जो दुष्कर्म मामले में बंद है, ने उसके साथ यौन शोषण किया। पीड़ित ने पहले जेल प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि वहां उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में जब युवक के पिता उससे मिलने जेल पहुंचे तो उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने भी जेल प्रबंधन से मौखिक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोर्ट पहुंचा मामला, जज ने दिए सख्त निर्देश पीड़ित के पिता ने अधिवक्ताओं की मदद से 8 मई को जावरा स्थित एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में आवेदन पेश किया। आवेदन में निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश ने तत्काल युवक का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराने और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के समक्ष बयान दर्ज कराने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बंद कमरे में दर्ज हुए बयान, मेडिकल रिपोर्ट तैयार सोमवार को Ratlam District Hospital में मेडिकल बोर्ड द्वारा युवक की जांच की गई। डॉक्टरों की टीम ने दो पन्नों की रिपोर्ट तैयार की है। इसके बाद सीजेएम के समक्ष बंद कमरे में करीब 30 मिनट तक युवक के बयान दर्ज किए गए। पीड़ित के अधिवक्ता देवेंद्र भटनागर ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दिए गए बयान आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि घटना कब और कितनी बार हुई तथा कहीं अन्य बंदियों के साथ भी ऐसा तो नहीं हुआ। जेल प्रशासन पर उठे सवाल इस पूरे मामले ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल में हर समय निगरानी के लिए नाइट विजन कैमरे लगे होने का दावा किया जाता है। अब जांच में यह देखा जाएगा कि घटना के समय कैमरों की स्थिति क्या थी और फुटेज सुरक्षित हैं या नहीं। साथ ही यह भी जांच होगी कि दोनों बंदियों को एक ही बैरक या सेल में क्यों रखा गया था और यदि घटना हुई तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है। क्षमता से डेढ़ गुना ज्यादा बंदी रतलाम सर्किल जेल की अधिकृत क्षमता 380 बंदियों की है, लेकिन वर्तमान में यहां करीब 610 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें बड़ी संख्या विचाराधीन कैदियों की है। क्षमता से अधिक भीड़ के कारण जेल प्रशासन को सुरक्षा और निगरानी में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुसार मेडिकल परीक्षण और बयान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों और न्यायालय को भेजी जा रही है। फिलहाल क्या है स्थिति? फिलहाल मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि आरोप कितने सही हैं और इस मामले में किन अधिकारियों या बंदियों की जिम्मेदारी तय होती है। मामले ने प्रदेश की जेल सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Ratlam News: जावरा पुलिस को बड़ी सफलता: बकरा चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा में बकरा चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रतलाम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए चार बड़े बकरे और वारदात में इस्तेमाल की गई एक यूवी कार बरामद की है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 6.62 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, फरियादी शाकिर पटेल निवासी महिदपुर गेट जावरा ने थाना जावरा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 और 27 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात बदमाश उनके घर के पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर आठ बकरा-बकरी चोरी कर ले गए। चोरी गए पशुओं की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई थी। मामले में थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 144/2026 धारा 331(4) और 305A बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। साइबर सेल और तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने जावरा, नागदा, उज्जैन और इंदौर में तलाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर निवासी अब्दुल दानिश, जीशान उर्फ हम्मू, अमीनुद्दीन और जुनेद शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चार बड़े बकरे, एक सिल्वर रंग की यूवी कार, सब्जी काटने का चाकू, दो लोहे की टामी और नकदी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जावरा शहर और आसपास के इलाकों में अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस रिमांड लेकर अन्य मामलों की जांच की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम फोरलेन पर दौड़ती गाड़ी बनी आग का गोला! टेंट का लाखों का सामान जलकर खाक

 रतलाम-इंदौर फोरलेन पर लोडिंग वाहन में लगी भीषण आग, टेंट का पूरा सामान जलकर खाक। ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, जानिए पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलते लोडिंग वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में शादी समारोह का टेंट सामान भरा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया।ड्राइवर की सूझबूझ से उसकी जान बच गई, लेकिन पूरा वाहन और सामान खाक हो गया। घटना का वीडियो देखे क्या है पूरा मामला  यह घटना बुधवार सुबह करीब 4 बजे की है, जब एक लोडिंग वाहन रतलाम से गांव धराड़ की ओर शादी समारोह का टेंट सामान लेकर जा रहा था। जैसे ही वाहन रतलाम शहर की सीमा पार कर महू-नीमच फोरलेन पर चौपाल सागर के पास पहुंचा, ड्राइवर को वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और खुद बाहर कूद गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कैसे लगी आग? प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीटिंग की वजह से हो सकता है।जांच के बाद ही असली कारण सामने आएगा। फायर ब्रिगेड और पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सालाखेड़ी चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब आधे से पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।इस दौरान फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए वाहनों को रोका गया। अधिकारी का बयान सालाखेड़ी चौकी प्रभारी जगदीशचंद्र यादव के अनुसार:“इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ड्राइवर सुरक्षित है, लेकिन लोडिंग वाहन और उसमें रखा टेंट का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है।” नुकसान इस आगजनी में लाखों रुपए के टेंट सामान के जलने की आशंका जताई जा रही है। शादी सीजन के बीच यह नुकसान संबंधित व्यापारी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Ratlam News: रतलाम एक्सप्रेसवे हादसा: ट्रॉले में घुसी कार बनी आग का गोला, ड्राइवर जिंदा जला; CA एग्जाम देने जा रही बेटी घायल

रतलाम एक्सप्रेसवे हादसे में कार ट्रॉले से टकराकर जल गई, ड्राइवर की मौत हो गई जबकि CA एग्जाम देने जा रही बेटी और पिता घायल हो गए। जानें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार ट्रॉले से टकराकर आग का गोला बन गई, जिसमें ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, कार में सवार पिता और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए—बेटी उसी दिन CA परीक्षा देने जा रही थी। घटना का वीडियो देखे यह भयावह हादसा दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बावड़ी गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, झाबुआ से रतलाम की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक सामने चल रहे ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही सेकंड में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। कौन थे हादसे के शिकार? इस हादसे में: CA एग्जाम देने जा रही थी बेटी पुलिस के अनुसार, तिशा का उसी दिन रतलाम में चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) का एग्जाम था। वह अपने पिता और ड्राइवर के साथ परीक्षा देने के लिए रतलाम जा रही थी, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। कैसे हुआ हादसा? प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और ड्राइवर ने ट्रॉले को समय पर नहीं देखा। पीछे से हुई टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तुरंत आग लग गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस का बयान शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना ने बताया: “हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। ट्रॉला जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।” एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण पिछले कुछ महीनों में कई गंभीर सड़क हादसे सामने आए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हाई-स्पीड कॉरिडोर पर ड्राइविंग के दौरान अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।

Ratlam News: WhatsApp पर ‘Bye-Bye’ लिखकर छात्र ने खाया जहर, रैगिंग और आरोपों से था परेशान

रतलाम मेडिकल कॉलेज के छात्र ने व्हाट्सएप ग्रुप में ‘बाय-बाय’ लिखकर जहरीला पदार्थ सेवन किया। रैगिंग और मानसिक तनाव से जूझ रहा था छात्र, इंदौर रेफर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मेडिकल कॉलेज के एक छात्र ने व्हाट्सएप ग्रुप में ‘बाय-बाय’ मैसेज लिखने के बाद जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। गंभीर हालत में छात्र को इंदौर रेफर किया गया है। घटना के पीछे मानसिक अवसाद और कॉलेज से जुड़े विवादों को कारण माना जा रहा है।  WhatsApp ‘Bye-Bye’ मैसेज के बाद उठाया खौफनाक कदम नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। बंजली रोड स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज के 21 वर्षीय छात्र अमोलिक वर्मा ने रविवार को अपने साथियों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक भावुक संदेश भेजा। इस मैसेज में उसने अपने ऊपर लगे आईपैड चोरी के आरोपों पर सफाई दी और अंत में ‘बाय-बाय’ लिख दिया। मैसेज पढ़ते ही दोस्तों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। तुरंत वे गंगासागर कॉलोनी स्थित उसके किराए के मकान पहुंचे, जहां अमोलिक बेसुध अवस्था में मिला। गंभीर हालत में इंदौर रेफर सहपाठियों ने बिना समय गंवाए छात्र को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। रैगिंग केस और आरोपों से था परेशान जानकारी के अनुसार अमोलिक सेकंड ईयर का छात्र है और अगस्त माह में हुए एक रैगिंग मामले में उसे छह महीने के लिए शैक्षणिक गतिविधियों से निलंबित किया गया था। इसके अलावा हाल ही में उस पर आईपैड चोरी का आरोप भी लगा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी दबाव में था। करीबियों का कहना है कि वह लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा था और मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग में उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस जांच में जुटी मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसआई ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि,“पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। छात्र के मानसिक हालात और अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।” मेडिकल छात्रों में बढ़ता मानसिक दबाव यह घटना एक बार फिर मेडिकल छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और रैगिंग जैसी समस्याओं को उजागर करती है। पिछले कुछ वर्षों में देशभर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां छात्र तनाव और अवसाद के कारण गंभीर कदम उठा रहे हैं।

Ratlam News: रतलाम डबल मर्डर: शादी के विवाद में चाकूबाजी, बीच-बचाव करने आए दो युवकों की मौत

रतलाम में डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया। शादी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो युवकों की मौत और एक गंभीर घायल। जानिए पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम में रविवार रात एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद देर रात चाकूबाजी में बदल गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? यह घटना रतलाम के जीआरपी थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड रेलवे क्वार्टर के पास की है। मृतकों की पहचान आनंद (पिता गोविंद रावत) और शाहबाज उर्फ आशु (पिता आफताब खान) के रूप में हुई है। वहीं, 22 वर्षीय पीयूष गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि एक शादी के जुलूस में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात फिर से विवाद भड़क गया। बीच-बचाव करना पड़ा भारी घायल पीयूष के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई आनंद और शाहबाज के साथ शंकर मंदिर के पास मौजूद था। तभी रोजर बिन्नी नामक युवक ने आकर बताया कि उसका मुन्ना और रोहित खंडकर से विवाद हो गया है। कुछ ही देर में मुन्ना, रोहित और उनके साथी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीयूष और उसके साथियों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। सीने, पेट और पीठ पर किए ताबड़तोड़ वार पीयूष ने बताया कि मुन्ना ने उसके सिर पर ईंट से हमला किया। इसके बाद रोहित ने आनंद के सीने और पेट पर चाकू से वार किए। शाहबाज जब बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने उसकी पीठ पर भी चाकू घोंप दिया। हमलावर यहीं नहीं रुके—उन्होंने पीयूष के गले पर भी वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत घटना के बाद रोजर बिन्नी ने बीच-बचाव कर घायलों को आरोपियों से छुड़ाया। तीनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया। घायल पीयूष को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस जांच और कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र थाने ने इस मामले में जीरो पर केस दर्ज कर जांच जीआरपी को सौंप दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Ratlam News: रतलाम में 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, बड़ा हादसा टला; ओवरलोडिंग पर फिर उठे सवाल

Ratlam accident news: 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, 2 महिलाएं घायल। ओवरलोडिंग पर प्रशासन की लापरवाही उजागर, बड़ा हादसा टला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले में एक बड़ा हादसा टल गया जब करीब 50 मजदूरों से भरी एक बोलेरो खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में केवल दो महिलाओं को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद भी ओवरलोड वाहनों का गुजरना प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहा है। घटना का वीडियो देखे Ratlam Accident: 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक गंभीर हादसा सामने आया। आंबा के पास नवदुर्गा पूनयाखेड़ी रोड फंटे पर करीब 50 मजदूरों से भरी एक बिना नंबर की बोलेरो यू-टर्न लेते समय रिवर्स करते हुए अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, बोलेरो राजस्थान के दानपुर से मजदूरों को लेकर आ रही थी। रिवर्स लेते वक्त ड्राइवर संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन पुलिया के किनारे खाई में उतर गया। हालांकि गाड़ी की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी मजदूर सुरक्षित बच गए। 2 महिलाएं घायल, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता इस हादसे में दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और मदद शुरू की। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से बोलेरो को खाई से बाहर निकाला। हैरानी की बात यह रही कि गाड़ी निकलने के बाद सभी मजदूर उसी ओवरलोड और कंडम बोलेरो में बैठकर आगे रवाना हो गए। मौके पर नहीं पहुंचा प्रशासन, उठे सवाल स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस या प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Ratlam News: रतलाम के आलोट से गायब युवक की हत्या: 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव, पुरानी दुश्मनी आई सामने

रतलाम के आलोट से लापता 22 वर्षीय युवक मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला। परिजनों ने अपहरण और हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट से लापता युवक का मामला अब हत्याकांड में बदल गया है। 22 वर्षीय मनीष माली का शव 19 घंटे बाद उज्जैन में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पहले ही अपहरण की आशंका जताई थी, जो अब हत्या में बदलती दिख रही है। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र के विक्रमगढ़ निवासी 22 वर्षीय मनीष माली शुक्रवार रात अचानक लापता हो गया था। मनीष अपने पिता के साथ हम्माली का काम करता था। शुक्रवार शाम दोनों साथ घर लौटे, लेकिन रात करीब 10:30 बजे मनीष बाजार जाने का कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह परिजन आलोट थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 19 घंटे बाद उज्जैन में मिला शव शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि युवक का शव उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में मिला है। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का गुस्सा, थाने का घेराव शव मिलने की खबर के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और घेराव कर दिया। लोगों ने संदिग्ध आरोपियों को बाहर निकालने की मांग की और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को थाने का चैनल गेट बंद करना पड़ा। कुछ लोगों ने गेट तोड़ने की कोशिश भी की। पुराना विवाद बना हत्या की वजह? मृतक के पिता के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले मनीष का विक्रमगढ़ में रहने वाले मयंक नामक युवक से विवाद हुआ था। मयंक मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला है। परिजनों का आरोप है कि मयंक और उसके साथियों ने मनीष को जबरदस्ती सफेद कार में बैठाकर अगवा किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच और हिरासत में संदिग्ध पुलिस ने परिजनों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर मयंक समेत कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक, कुछ संदिग्धों ने अपने मोबाइल फोन रिसेट कर दिए हैं, जिससे जांच और जटिल हो गई है। पुलिस की एक टीम उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र में भी जांच कर रही है।

0%