Ratlam News: खाली डंपर जब्ती पर रिंगनोद थाने में धरना, 17 मार्च को कलेक्टर कार्यालय घेराव की घोषणा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News:  जिले के जावरा क्षेत्र में खनिज विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अवैध उत्खनन के आरोप में दो डंपर जब्त किए जाने के विरोध में करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवनसिंह शेरपुर ने रिंगनोद थाने में समर्थकों के साथ धरना शुरू कर दिया। सोमवार रात से शुरू हुआ यह धरना मंगलवार को भी जारी रहा। क्या बोले जीवन सिंह शेरपुर बताया जा रहा है कि जीवनसिंह शेरपुर अपने समर्थकों के साथ थाने में ही गद्दा-बिस्तर मंगवाकर रातभर डटे रहे और मंगलवार सुबह फिर से धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि खनिज विभाग ने खाली डंपरों को अवैध मुर्रम परिवहन बताकर गलत कार्रवाई की है। रोड निर्माण के दौरान डंपर जब्त जानकारी के अनुसार जावरा ब्लॉक के झालवा-कलालिया मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी दौरान सोमवार को खनिज विभाग की टीम दो पटवारियों के साथ मौके पर पहुंची और दो डंपरों को जब्त कर लिया। विभाग का कहना है कि इन डंपरों से अवैध रूप से मुर्रम का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद दोनों डंपरों को रिंगनोद थाने में खड़ा करवा दिया गया। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए डंपर ठेकेदार आयुष शर्मा के हैं, जो सड़क निर्माण का कार्य कर रहे हैं और उन्हें जीवनसिंह शेरपुर का समर्थक बताया जा रहा है। ठेकेदार की सूचना पर पहुंचे शेरपुर डंपर जब्त होने की सूचना मिलने पर जीवनसिंह शेरपुर सोमवार रात अपने समर्थकों के साथ रिंगनोद थाने पहुंच गए। उन्होंने खनिज विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। सूचना मिलने पर खनिज निरीक्षक शंकर कनेश थाने पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई। खाली डंपर होने का दावा जीवनसिंह शेरपुर और ठेकेदार का कहना है कि जिन डंपरों को पकड़ा गया, वे मुर्रम नहीं बल्कि गिट्टी के परिवहन में लगे हुए थे और कार्रवाई के समय पूरी तरह खाली थे। उनका आरोप है कि पंचनामा बनाते समय डंपरों को मुर्रम से भरा हुआ दर्शाया गया, जबकि मौके पर वे खाली थे। ठेकेदार का यह भी कहना है कि गिट्टी परिवहन की रॉयल्टी मौके पर दिखाई गई थी और पहले किए गए मुर्रम कार्य की अनुमति व रॉयल्टी भी मौजूद है। बहस के दौरान बढ़ा विवाद खनिज अधिकारी ने मामले की जांच कराने की बात कही, जिस पर जीवनसिंह शेरपुर नाराज हो गए। उनका कहना था कि जब डंपर मौके पर खाली हैं तो जांच की जरूरत ही क्या है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई। गद्दा-बिस्तर मंगवाकर थाने में बिताई रात डंपर नहीं छोड़े जाने और कार्रवाई को गलत बताते हुए जीवनसिंह शेरपुर ने समर्थकों के साथ थाने में ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने गद्दा-बिस्तर मंगवाकर थाना परिसर में ही रात बिताई। खनिज विभाग के अधिकारी वहां से चले गए, जबकि शेरपुर और उनके समर्थक थाने में ही डटे रहे। मंगलवार को फिर शुरू हुआ धरना मंगलवार सुबह जीवनसिंह शेरपुर अपने समर्थकों के साथ फिर से धरने पर बैठ गए और खनिज विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय भी थाने पहुंचे और स्थिति को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों को थाने बुलाने की मांग जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की ओर से जीवनसिंह शेरपुर और उनके समर्थकों को रतलाम कार्यालय बुलाया गया है। हालांकि समर्थकों का कहना है कि यदि कार्रवाई सही है तो अधिकारियों को खुद थाने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। दोपहर तक खनिज विभाग का कोई अधिकारी थाने नहीं पहुंचा था, जबकि जब्त किए गए दोनों डंपर थाने में खाली खड़े बताए जा रहे हैं। परिवहनकर्ताओं को परेशान करने का आरोप जीवनसिंह शेरपुर ने आरोप लगाया कि परिवहनकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि कागजी कार्रवाई में खाली डंपरों को भरा हुआ दिखाकर फर्जी प्रकरण दर्ज करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वैध अनुमति और रॉयल्टी होने के बावजूद संबंधित लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है और ऐसी कार्रवाई को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 17 मार्च को कलेक्टर कार्यालय घेराव की घोषणा धरने के दौरान जीवनसिंह शेरपुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खनिज विभाग की कार्रवाई वापस नहीं ली गई और डंपर नहीं छोड़े गए तो 17 मार्च को रतलाम कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील भी की।

Ratlam News: 14 मार्च को नेशनल लोक अदालत: संपत्तिकर-जलकर के बकायादारों को सरचार्ज में बड़ी छूट

रतलाम में 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन होगा। संपत्तिकर और जलकर के बकायादारों को सरचार्ज में 100% तक की छूट मिलेगी। जानिए कहां और कैसे जमा करें बकाया राशि। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और राज्य शासन के निर्देशानुसार 14 मार्च शनिवार को नेशनल लोक अदालतका आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगर निगम रतलाम द्वारा संपत्तिकर और जलकर के बकायादारों को अधिभार (सरचार्ज) में विशेष छूट का लाभ दिया जाएगा। नगर निगम ने बकाया कर जमा कराने के लिए दो स्थानों पर व्यवस्था की है। पहला काउंटर नगर निगम कार्यालय में फायर स्टेशन भवन के पासऔर दूसरा जिला न्यायालय परिसर में लगाए जाने वाले शिविर में रहेगा। दोनों स्थानों पर कार्यालयीन समय में बकाया राशि जमा की जा सकेगी। संपत्तिकर पर मिलेगी यह छूट नेशनल लोक अदालत में संपत्तिकर के प्रकरणों में निम्नानुसार सरचार्ज में छूट दी जाएगी— जलकर पर मिलेगी यह राहत जलकर के बकायादारों को भी अधिभार में छूट दी जाएगी— नगर निगम के अनुसार यह छूट वन टाइम सेटलमेंट (एक बार) के तहत दी जाएगी और यह केवल वित्तीय वर्ष 2024-25 तक की बकाया राशिपर ही लागू होगी। साथ ही यह सुविधा केवल 14 मार्च 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत के दिन ही मान्य रहेगी। नगर निगम ने सभी संपत्तिकर और जलकर बकायादारों से अपील की है कि वे 14 मार्च को आयोजित एक दिवसीय लोक अदालत में उपस्थित होकर बकाया राशि जमा करें और अधिभार में दी जा रही छूट का लाभ उठाएं।

Ratlam News: रतलाम में रिश्वतखोर पंचायत सचिव ट्रैप: 4500 रुपए लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस ने रतलाम जिले में एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आवेदक की शिकायत पर उज्जैन लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 4500 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। वीडियो देखे जानकारी के अनुसार, आवेदक प्रेम जैसवार निवासी रतलाम ने दिनांक 18 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत की थी कि उन्होंने रतलाम स्थित मां विंध्यवासिनी ड्रीम सिटी कॉलोनी में दो भूखंड खरीदे हैं। इनमें से भूखंड क्रमांक बी-41 पर भवन निर्माण की अनुमति और भूखंड क्रमांक 96 के ग्राम पंचायत में नामांतरण के लिए ग्राम पंचायत कनेरी के सचिव सत्यनारायण सेन उनसे 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की तस्दीक की और 23 फरवरी 2026 को ट्रैप की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार 9 मार्च 2026 को उज्जैन लोकायुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिव सत्यनारायण सेन को आवेदक से 4500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत और आरक्षक इसरार शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Ratlam News: आलोट में 2 किलो से ज्यादा अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक भी की जब्त

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 147 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार 7 मार्च को पुलिस टीम ने बरखेड़ा–आलोट रोड स्थित ग्राम नारायणी फंटा पर दबिश दी। यहां पुलिस ने राहुल पिता मांगु चंद्रवंशी (26), निवासी ग्राम नाथुखेड़ी को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 147 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 42 MF 0743 भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पीआर प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से अवैध अफीम के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, उपनिरीक्षक आर.सी. खड़िया, आरक्षक दीपक पाटीदार, अभिनंदन, अंकित काला और लोकेंद्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ratlam News: रतलाम में फोरलेन निर्माण के लिए चला बुलडोजर: लक्कड़पीठा रोड से बाजना बस स्टैंड तक 27 मकान-दुकानों का अतिक्रमण हटाया

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए नगर निगम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। लक्कड़पीठा रोड से पुराने बाजना बस स्टैंड तक बनने वाले फोरलेन के बीच आ रहे 27 मकान और दुकानों के हिस्सों को बुलडोजर और जेसीबी की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों ने इसे मास्टर प्लान के तहत की गई नियमानुसार कार्रवाई बताया। वीडियो देखे जानकारी के अनुसार चांदनी चौक से लगे लक्कड़पीठा रोड को 18 मीटर चौड़ा फोरलेन बनाया जा रहा है, जो पुराने बाजना बस स्टैंड तक जाएगा। इस सड़क के निर्माण पर करीब 6.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से अतिक्रमण के कारण इस परियोजना का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। नगर निगम द्वारा पहले ही क्षेत्र के मकान और दुकान मालिकों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। अक्टूबर-नवंबर में हुई नपती में 192 मकानों में 2 से 4 मीटर तक अतिक्रमण पाया गया था। इसके बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण हटा लिए थे, जबकि कुछ लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। हाल ही में महापौर प्रहलाद पटेल ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसी के तहत सोमवार को नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना ने बताया कि सभी संबंधित लोगों को दो महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे और 9 मार्च तक का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बावजूद जिन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के अनुसार फोरलेन बनने से इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।

Ratlam News: रतलाम में हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; 15–20 लाख का नुकसान

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के टैंकर रोड स्थित विनोबा नगर इलाके में रविवार दोपहर एक हार्डवेयर और सेनेटरी की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना का वीडियो देखे जानकारी के मुताबिक श्री राम हार्डवेयर एंड सेनेटरी नाम की दुकान में रविवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। उस समय दुकान बंद थी। आसपास के लोगों ने पहले दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। कुछ ही देर में दुकान से तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 फायर लॉरी मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आग लगने से दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान, प्लास्टिक पाइप, नल सहित अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक राहुल पिता सुनील प्रसाद, निवासी विनोबा नगर, रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ राजस्थान के सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए गए थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद वे तुरंत रतलाम के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्राथमिक आकलन में 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान की संभावना जताई गई है।

T20 World Cup Final: भारत की जीत पर T20 रंगपंचमी में घुला जश्न, रतलाम में आतिशबाजी

T20 World Cup Final: भारत ने T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया। रंगपंचमी के दिन रतलाम में लोगों ने तिरंगा लहराकर, रंग-गुलाल और आतिशबाजी के साथ मनाया जीत का जश्न। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। T20 World Cup Final: रंगों के पर्व रंगपंचमी के उल्लास के बीच भारत की ऐतिहासिक जीत ने जश्न का माहौल और भी खास बना दिया। टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जैसे ही टीम इंडिया की जीत पक्की हुई, रात करीब 11 बजे शहरभर में उत्सव का माहौल बन गया। वीडियो देखे रविवार को सुबह से ही शहर में रंगपंचमी की गेर और रंग-गुलाल का माहौल था। वहीं शाम होते ही क्रिकेट प्रेमी फाइनल मुकाबला देखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जुटने लगे। शहर के दो बत्ती चौराहा, रेलवे स्टेशन परिसर और अलकापुरी सहित कई जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही भारत ने फाइनल मुकाबला जीता, शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवक-युवतियां, महिलाएं, पुरुष और बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “इंडिया-इंडिया” के नारे लगाते नजर आए। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोगों ने नाचते-गाते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। रंगीन आतिशबाजी और पटाखों से आसमान जगमगा उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और रंग-गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि रंगपंचमी के दिन मिली यह जीत लंबे समय तक यादगार रहेगी। रंगों के पर्व और क्रिकेट की इस ऐतिहासिक जीत के अनोखे संगम ने पूरे देश के साथ रतलाम शहर में भी रविवार की रात को उत्सव में बदल दिया।

Ratlam News: रंगपंचमी से पहले रतलाम पुलिस अलर्ट: गैर के रूट का निरीक्षण, ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रंगपंचमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रतलाम पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पारंपरिक गैर के आयोजन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को गैर के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया और ड्रोन कैमरे के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार घनघोरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे गैर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र की निगरानी कर संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का आकलन किया गया, ताकि रंगपंचमी के दिन सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात करने की योजना बनाई गई है। गैर का निर्धारित रूट रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली पारंपरिक गैर धानमण्डी से प्रारंभ होकर गणेश देवरी, न्यू क्लॉथ मार्केट, जमनालाल स्वीट्स, महालक्ष्मी मंदिर के सामने, घांस बाजार चौराहा, चौमुखी पुल, चाँदनी चौक, तोपखाना, हरदेवलाला पिपली, रानीजी का मंदिर, नाहरपुरा चौराहा होते हुए डालूमोदी चौराहा पर समाप्त होगी। ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी रतलाम पुलिस ने बताया कि रंगपंचमी के दौरान पूरे शहर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस की अपील रतलाम पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे रंगपंचमी का पर्व शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Ratlam News: रंगपंचमी से पहले पुलिस सख्त: चाकूबाजी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पैदल न्यायालय ले जाकर निकाला जुलूस

रतलाम में चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाकर जुलूस निकाला। रंगपंचमी से पहले पुलिस की सख्ती, सभी आरोपियों को जेल भेजा गया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: होली और धुलेंडी के दौरान शहर में हुए उत्पात के बाद पुलिस अब रंगपंचमी को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में शराब ठेकेदार पर हुए चाकू हमले के मामले में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो देखे पुलिस ने सभी आरोपितों को पैदल न्यायालय तक ले जाकर उनका जुलूस निकाला और बाद में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया। ये हैं गिरफ्तार आरोपी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं – होलिका दहन के दिन हुआ था विवाद यह घटना 3 मार्च को होलिका दहन के दिन स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के गीता मंदिर रोड स्थित तखतमल पोहे वाली गली में हुई थी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। बताया गया कि सड़क पर खड़ी बाइक हटाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में चाकूबाजी और मारपीट में बदल गई। शराब ठेकेदार और बेटे पर हमला गुलमोहर कॉलोनी निवासी शराब ठेकेदार महेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह 3 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे अपने बेटे प्रथम जायसवाल के साथ कार से स्टेशन रोड स्थित उजाला पैलेस जा रहे थे। तखतमल पोहे वाली गली में एक बुलेट बाइक रास्ते में खड़ी थी, जिससे वाहन निकालने में परेशानी हो रही थी। हार्न बजाने पर घर से महेंद्रसिंह परिहार और उसका भाई ओमसिंग बाहर आए और वाहन हटाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ओमसिंग ने चाकू से महेंद्र जायसवाल के बाएं हाथ की भुजा पर वार किया, जबकि महेंद्रसिंह ने दाहिने हाथ की हथेली पर हमला कर दिया। बेसबाल और बैट से भी किया हमला विवाद बढ़ने पर घर से तीन अन्य लोग भी बाहर आ गए। उनके हाथों में बेसबाल और बैट थे। एक आरोपी ने महेंद्र जायसवाल के दाहिने पैर पर वार किया। इस दौरान आरोपियों ने प्रथम जायसवाल के साथ भी मारपीट की, हालांकि उसने बैट पकड़कर खुद को बचा लिया। मारपीट में गिरी सोने की चेन और अंगूठी का हीरा मारपीट के दौरान प्रथम जायसवाल की सोने की चेन और महेंद्र जायसवाल की अंगूठी का हीरा गिर जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महेंद्र जायसवाल के साथी मौके पर पहुंच गए थे, जिससे क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर पैदल न्यायालय ले जाया गया और उनका जुलूस निकाला गया। बाद में उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। 1 जनवरी 2025 से अब तक पुलिस की प्रमुख कार्रवाई: पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।

Ratlam News: रतलाम में रंगपंचमी गैर जुलूस 8 मार्च को, सुबह 7 से रात 10 बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रंगपंचमी पर्व के अवसर पर 8 मार्च 2026 को रतलाम जागृति मंच द्वारा परंपरागत गैर जुलूस निकाला जाएगा। यह गैर सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे के बीच शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए रतलाम यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। जानकारी के अनुसार गैर में शामिल लोग धानमंडी स्थित रानी जी के मंदिर पर एकत्रित होंगे। यहां से जुलूस गणेश देवरी, न्यू क्लॉथ मार्केट, जमनालाल स्वीट्स, महालक्ष्मी मंदिर, घांस बाजार चौराहा, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, हरदेवलाला पिपली होते हुए फिर रानी जी के मंदिर पहुंचेगा। इसके बाद नाहरपुरा चौराहा और डालूमोदी चौराहा पहुंचकर गैर का समापन किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार जुलूस के दौरान कई मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। रानी जी के मंदिर क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए नाहरपुरा चौराहा, शहीद चौक और हरदेवलाला पिपली से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। गणेश देवरी क्षेत्र में जुलूस के पहुंचने के दौरान बजाज खाना, तोपखाना और चौमुखी पुल से गणेश देवरी की ओर जाने वाले वाहनों को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं न्यू क्लॉथ मार्केट, घांस बाजार चौराहा, डालूमोदी बाजार, कलाईगर मार्ग और खैराती वास क्षेत्र में भी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। चौमुखी पुल और चांदनी चौक क्षेत्र में जुलूस प्रवेश के समय त्रिपोलिया गेट, बाजना बस स्टैंड, गौशाला रोड और गणेश देवरी से आने वाले वाहनों का भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। बजाज खाना से हरदेवलाला पिपली की ओर जुलूस पहुंचने के दौरान नीम चौक, आबकारी चौराहा और मोमीनपुरा की ओर से आने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार यह ट्रैफिक व्यवस्था 8 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने शहर की आम जनता से अपील की है कि रंगपंचमी के दौरान तय किए गए मार्ग परिवर्तन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुचारू रूप से पर्व का आनंद ले सकें।