Ratlam News: चलती ट्रेन के वॉशरूम में जज की पत्नी की मौत, मोबाइल लोकेशन से जावरा में रुकवाई ट्रेन

रतलाम के जावरा में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी उषा चौहान मृत मिलीं। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने ट्रेन रुकवाई। डॉक्टरों ने साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में चलती ट्रेन के वॉशरूम में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव वॉशरूम में मिला, जिसे दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई है। जीआरपी के अनुसार राजस्थान के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ 4 मार्च को कांचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17606) से यात्रा कर रहे थे। दोनों का अलग-अलग कोच में आरक्षण था। दंपती सोयत स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे और निंबाहेड़ा जा रहे थे। वॉशरूम जाने के बाद नहीं लौटीं निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ समय पहले उषा चौहान ने फोन कर अपने पति को बताया कि वह वॉशरूम जा रही हैं। ट्रेन जब निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान उतर गए, लेकिन उषा चौहान नहीं उतरीं। स्टेशन पर काफी देर तक तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन महिला को ट्रेन से उतरते हुए नहीं देखा गया। इससे संदेह हुआ कि वह अभी भी ट्रेन के भीतर ही हो सकती हैं। मोबाइल लोकेशन से ट्रेन का पता चला जीआरपी ने उषा चौहान के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो ट्रेन के अंदर ही मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने पहले मंदसौर में ट्रेन रुकवाई, लेकिन वॉशरूम का दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद ट्रेन को रतलाम जिले के जावरा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया गया। यहां संबंधित कोच की तलाशी ली गई तो वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां उषा चौहान अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित महिला को तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीमच जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के अनुसार डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर परिजन भी जावरा पहुंच गए थे। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले लिया। उषा चौहान की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उनका अंतिम संस्कार जोधपुर में किया जाएगा।

Ratlam News: इंस्टाग्राम पोस्ट से बची जान: जावरा पुलिस ने एक घंटे में खेत से बदहवास युवक को किया रेस्क्यू

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान जावरा के थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक की जान बचा ली। युवक ने इंस्टाग्राम पर 40 सेकंड का वीडियो अपलोड कर तीन प्रकार के जहरीले पदार्थ दिखाते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बात कही थी। पोस्ट सामने आते ही पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हुई और महज एक घंटे के भीतर युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। घटना का वीडियो देखे साइबर सेल ने निकाली लोकेशन, खेत से मिला युवक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि एसपी अमित कुमार के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस को इंस्टाग्राम पर अपलोड एक वीडियो की सूचना मिली, जिसमें युवक खुद को नुकसान पहुंचाने की बात कर रहा था। वीडियो तत्काल साइबर सेल को भेजा गया। तकनीकी विश्लेषण के बाद युवक की लोकेशन रिंगनोद क्षेत्र में ट्रेस हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सर्चिंग के दौरान युवक गेहूं के खेत में बदहवास हालत में मिला। उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर काउंसलिंग की गई और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वीडियो में कहा – “मैं अपनी खुशी से मर रहा हूं” वीडियो में युवक ने कहा था कि वह कीटनाशक, चूहे मारने की दवा और अन्य जहरीला पदार्थ लेकर आया है और अपनी इच्छा से जान देने जा रहा है। उसने पुलिस से किसी को परेशान न करने की अपील भी की थी। तलाशी के दौरान युवक की लोकेशन बदलने से पुलिस को दिक्कत आई, लेकिन लगातार ट्रैकिंग के बाद उसे ढूंढ निकाला गया। युवक शादीशुदा है और गांव में किराना दुकान संचालित करता है। पूछताछ में उसने आर्थिक तंगी के चलते परेशान होने की बात कही। कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस घटना के बाद मंगलवार को पुलिस ने क्षेत्र के कीटनाशक दवा विक्रेताओं को नोटिस जारी किए। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि दवा बेचते समय खरीदार से उपयोग का कारण अवश्य पूछा जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध, परेशान या नशे की हालत में प्रतीत हो तो तत्काल उसके परिजन, संबंधित थाना या डायल 112 को सूचना दें। नाबालिगों को किसी भी स्थिति में कीटनाशक दवा न बेचने और लाइसेंस व कर्मचारियों की जानकारी थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित कारण जाने दवा बेचने पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से टली बड़ी घटना पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी और त्वरित तकनीकी कार्रवाई के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार, मित्रों या प्रशासन से संपर्क करें और कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं।

Ratlam News: CEIR पोर्टल से जावरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, ₹2.5 लाख के 11 गुम मोबाइल बरामद

रतलाम/जावरा- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश और बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से करीब ₹2.5 लाख कीमत के 11 गुम मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित धारकों को सुपुर्द किए। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर गुम मोबाइलों की पतारसी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहानके नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। CEIR पोर्टल से हुई ट्रैकिंग गठित टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण कर गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। कार्रवाई के दौरान कुल 11 मोबाइल फोन (10 एंड्रॉइड एवं 1 आईफोन) बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ₹2,50,000 बताई गई है। सभी मोबाइल धारकों को थाना बुलाकर आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया गया और विधिवत मोबाइल उनके सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इन मोबाइल धारकों को मिले फोन मोबाइल पाने वालों में श्रवण गायरी, प्रकाश गायरी, अंकित हरीजन, नितिन दुबे, राहुल पाटीदार, आदित्य पाटीदार, अरुण कुमावत, मो. शाहीद, राधेश्याम, इसराइल हुसैन एवं हरीश शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक 52 संजय आंजना तथा आरक्षक 726 कुलदीप पाटीदार (सायबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जावरा पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर वापस पाना संभव है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर जानकारी अपडेट करें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

Ratlam News: रतलाम में जमीन सौदे में 90 लाख की ठगी, ओवैस मेटल ग्रुप से जुड़े सैय्यद अख्तर व परिवार के खिलाफ केस दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में जमीन के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रतलाम के स्टेशन रोड थाने में ओवैस मेटल ग्रुप से जुड़े सैय्यद अख्तर अली समेत पांच आरोपितों के खिलाफ 90 लाख रुपये की ठगी का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि जमीन का विक्रय अनुबंध करने के बाद आरोपितों ने न तो रजिस्ट्री कराई और न ही बैंक ऋण का निपटारा किया। शिकायतकर्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट पुलिस के अनुसार 64 वर्षीय विजय पुत्र मांगीलाल कटारिया, निवासी पैलेस रोड ने अपने भाइयों सुरेश कटारिया और विनोद कटारिया के साथ मिलकर आरोपित सैय्यद अख्तर अली, सैय्यद अफसर अली, सैय्यद मोहब्बत अली, अल्ताफ बी और फिरोजा बी (सभी निवासी रतलाम) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 2.70 करोड़ में हुआ था जमीन का सौदा शिकायतकर्ता के मुताबिक रिंग रोड और पुराने बायपास रोड स्थित कृषि भूमि (सर्वे नंबर 221/1 और 221/2) का कुल सौदा 2 करोड़ 70 लाख रुपये में तय हुआ था। 9 मार्च 2021 को उप पंजीयक कार्यालय में इसका रजिस्टर्ड विक्रय अनुबंध भी कराया गया था। चेक से लिए 90 लाख रुपये बेचाननामे के बाद आरोपितों ने अलग-अलग चेक के माध्यम से कुल 90 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। समझौते के अनुसार 7 मार्च 2023 तक शेष राशि लेकर रजिस्ट्री कराना और जमीन पर लिए गए बैंक ऋण का निपटारा कर एनओसी देना तय हुआ था। टालमटोल के बाद दान पत्र कर दिया समय आने पर रजिस्ट्री की मांग करने पर आरोपितों ने व्यक्तिगत कारण बताकर एक साल का अतिरिक्त समय मांगा। 9 फरवरी 2023 को पंजीयन अवधि बढ़ाने का अनुबंध भी किया गया, लेकिन इसके बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने जमीन का दान पत्र सैय्यद मुर्तुजा अली के नाम कर दिया और उसी जमीन के आधार पर HDFC Bank से लाखों रुपये का लोन भी ले लिया। 90 लाख रुपये हड़पने का आरोप शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने धोखाधड़ी कर 90 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने भादवि की धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोने की खदान का लाइसेंस भी हो चुका निरस्त जानकारी के अनुसार सैय्यद अख्तर अली Owais Metal and Mineral Processing Limited के संचालकों में शामिल हैं। कंपनी ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल क्षेत्र के भूकिया-जगपुरा में सोने की खदान के लिए 65.30% की सबसे बड़ी बोली लगाई थी, लेकिन बाद में दस्तावेजों, संपत्ति और आयकर रिटर्न में विसंगतियों के चलते खनन विभाग ने यह नीलामी निरस्त कर दी थी। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार इस प्रोजेक्ट में रतलाम सहित आसपास के कई लोगों का निवेश फंसा हुआ है और बैंकों की करोड़ों रुपये की वसूली प्रक्रिया अभी जारी है।

Ratlam News: रतलाम में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 1 आरोपी व 3 बाल अपचारी गिरफ्तार, 9 मोटरसाइकिल बरामद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 01 मुख्य आरोपी और 03 बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। वीडियो देखे लगातार हो रही थीं बाइक चोरी की घटनाएं शहर के संत नगर और ईदगाह रोड क्षेत्रों में पिछले दिनों बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में थाना माणकचौक में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के नेतृत्व में शहर के थानों और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान रानीसिंह क्षेत्र में चार संदिग्ध युवक मिले। दस्तावेज नहीं दिखा पाने और पूछताछ में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करना कबूल किया। ये आरोपी हुए गिरफ्तार पुलिस ने विकास पिता लालु मचार (25), निवासी ग्राम नवापाड़ा, थाना थांदला जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है। 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद आरोपियों के कब्जे से कुल 09 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनमें माणकचौक, स्टेशन रोड और डीडी नगर क्षेत्रों से चोरी हुई बाइकें शामिल हैं। साथ ही दो मोटरसाइकिलें वारदात में इस्तेमाल की गई थीं, जिन्हें भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे सहित थाना माणकचौक, स्टेशन रोड, डीडी नगर एवं साइबर सेल की टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए शहर में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Ratlam News: होली-रमजान साथ: जिले में पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च और जनसंवाद

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इस बार होली और रमजान एक साथ होने के कारण सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। वीडियो देखे रविवार शाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में कालिका माता क्षेत्र से चिन्हित संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च में शहर के चारों थानों और पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। इस दौरान स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन, औद्योगिक क्षेत्र (आईए) थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव, माणक चौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे और आरआई मोहन भर्रावत मौजूद रहे। एसपी अमित कुमार ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और आमजन से सतत संवाद बनाए रखा जाए। उन्होंने त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। रविवार को एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आयोजन समितियों, शांति समिति और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठकें कर त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

Ratlam News: रतलाम में पान दुकान में चोरी, CCTV में कैद चोर

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में रविवार तड़के एक चोरी की घटना सामने आई है। दो बत्ती चौराहे स्थित विनायक पान भंडार को निशाना बनाते हुए एक चोर बीड़ी-सिगरेट और नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। CCTV देखे दुकान संचालक सतीश चौरसिया ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे वे दुकान बंद कर अपने घर नरीमन पाइंट चले गए थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला और बाहर एक खाली खाद का कट्टा रखा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति शटर उचकाकर दुकान के अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। वह अपने साथ टॉर्च लेकर आया था और कपड़े में बीड़ी-सिगरेट के पैकेट भरकर ले गया। फुटेज में आरोपी करीब 10 मिनट तक दुकान के अंदर रहा और जाते समय शटर को फिर से गिरा दिया। आरोपी ने गल्ले में रखे 10 और 20 रुपये के नोटों सहित चिल्लर पर भी हाथ साफ किया। दुकानदार के अनुसार करीब 10 हजार रुपये नकद और लगभग 20 हजार रुपये का माल चोरी हुआ है। घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी गई है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

Ratlam News: रतलाम में बर्थडे पार्टी पर बवाल: तलवारें चलीं, 7 घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर में गुरुवार देर रात जन्मदिन की पार्टी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रत्नेश्वर रोड पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, तलवारबाजी और पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के 7 लोग घायल हो गए। घायलों में एक 8 साल की बच्ची भी शामिल है। घटना का वीडियो देखिए क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक एक पक्ष ने घर के बाहर जन्मदिन मनाते हुए तेज शोर किया, जिस पर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार, लट्ठ और पत्थरों से हमला किया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घटना का वीडियो भी सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किए हैं। पहले से चल रहा था विवाद पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद भी चल रहा था। कुछ दिन पहले भी इनके बीच झगड़ा हुआ था और नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप लगते रहे हैं। आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी शंकरसिंह के खिलाफ पहले से 13 केस दर्ज हैं और उस पर बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। वहीं सागरसिंह के खिलाफ भी 10 मामले दर्ज हैं और प्रकरण एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। पुलिस ने क्या किया? घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। एक पक्ष का इलाज जिला अस्पताल में और दूसरे पक्ष का मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Ratlam News: रतलाम में नकली घी का बड़ा खेल! 1610 लीटर जब्त, महाकाल ट्रेडर्स के नाम से हो रही थी सप्लाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में नकली घी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। शुक्रवार दोपहर रतलाम के नयागांव टैंकर रोड स्थित ग्लोबस सिटी कॉलोनी के एक मकान पर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 1610 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया। यह घी बाजार में “देशी घी” के नाम पर कम कीमत में बेचा जा रहा था, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो देखिए महाकाल ट्रेडर्स के नाम से हो रही थी सप्लाई जांच में सामने आया कि जब्त किया गया घी महाकाल ट्रेडर्स के नाम से शहर की अलग-अलग किराना दुकानों पर सप्लाई किया जा रहा था। मौके पर यूपी फ्रेश क्वालिटी और मदर बेस्ट काव घी ब्रांड के पैकेट बड़ी मात्रा में मिले। पूछताछ में कारोबारी विक्रांत त्यागी ने बताया कि वह घी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर से मंगवाता था और लगभग 310 रुपये प्रति लीटर में खरीदकर मामूली मार्जिन पर बेचता था। अधिकारियों के मुताबिक, इतनी कम कीमत पर “देशी घी” बेचना संदिग्ध है, जिससे मिलावट या नकली होने की आशंका जताई जा रही है। गोदाम में मिला मिश्रित स्टॉक जिस मकान में यह घी रखा गया था, वहां मसाले, डिटर्जेंट और अन्य पर्चून सामग्री भी मिली। इससे यह मकान अवैध गोदाम के रूप में उपयोग किए जाने की आशंका है। 9 सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे कार्रवाई के दौरान अलग-अलग वजन के पैकेट और बड़े डिब्बों से कुल 9 सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण शाला भोपाल भेजे गए हैं। पूरी खेप को एक कमरे में सुरक्षित रखकर सील कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एमआरपी और पैकेजिंग पर भी शक जब्त डिब्बों पर 480 रुपये और 760 रुपये तक की एमआरपी अंकित मिली, जबकि बाजार में इससे कम दर पर बिक्री हो रही थी। अधिकारियों ने पैकेजिंग में दूसरे ब्रांड की नकल होने की आशंका भी जताई है। अधिकारियों का बयान जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बताया कि सस्ता घी बेचने की शिकायत मिली थी, जो जांच में सही पाई गई। संदेह के आधार पर सैंपल लिए गए हैं और रिपोर्ट आने तक पूरा स्टॉक जब्ती में रखा गया है।

Ratlam News: रतलाम में बारात पर हमला: दूल्हे को घोड़ी से गिराया, तलवार से मां घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के ग्राम मथुरी में एक शादी समारोह के दौरान डीजे को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बारात के दौरान गांव के कुछ युवकों ने दूल्हे को घोड़ी से धक्का देकर गिरा दिया और बारातियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दूल्हे की मां समेत कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो देखिए डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार फरियादी राधाबाई पत्नी स्वर्गीय गिरधारीलाल पारगी ने बताया कि बुधवार को उनकी पुत्री रानू की बारात धराड़ के पास स्थित भैरूपाड़ा से आई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे वर निकासी के दौरान गांव के आशिष मोरी, दीपक पारगी, जितेंद्र पारगी और ध्रुव वहां पहुंचे और डीजे नहीं लगाने को लेकर विवाद करने लगे। उन्होंने बारातियों से गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। दूल्हे की मां पर तलवार से वार विवाद के दौरान आरोपितों ने बारातियों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच राहुल मईड़ा, संजय मईड़ा और अंकित मईड़ा भी वहां आ गए और हंगामा करने लगे। जब दूल्हे की मां संतोषबाई बीच-बचाव करने पहुंचीं तो अंकित ने तलवार से वार कर दिया, जिससे उनके चेहरे और आंख के पास गंभीर चोट आई। कई बाराती घायल, थाने पहुंची बारात हमले में दूल्हे के भाई अमृत, सिताराम और अन्य बाराती भी घायल हुए। घटना के बाद दूल्हे कन्हैयालाल सहित बाराती सीधे थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपितों को लिया हिरासत में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मामले में आशिष मोरी, दीपक पारगी, जितेंद्र पारगी, ध्रुव, राहुल मईड़ा, संजय मईड़ा और अंकित मईड़ा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने राहुल और अंकित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।