Ratlam News: बिहार STF की टीम का रतलाम में एक्सीडेंट: दो जवान शहीद, चार घायल, गुप्त मिशन पर जा रहे थे

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुजरात के गांधीधाम में एक कुख्यात अपराधी को पकड़ने जा रही बिहार STF की टीम सोमवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना का शिकार हो गई। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दो STF जवानों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। मारे गए जवानों की पहचान: घायल जवानों की सूची: हादसे का विवरण: कॉन्स्टेबल रंजन कुमार ने बताया कि वह डिक्की में सो रहे थे और उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि गाड़ी कैसे पलटी। मिथिलेश पासवान के अनुसार, वाहन 100 मीटर तक घिसटता चला गया। तीन जवान गाड़ी के पीछे सो रहे थे, जो हादसे के बाद जागे और स्थिति को समझ सके। प्रशासन की प्रतिक्रिया: रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि वाहन STF का ही था और टीम का एक अधिकारी ही गाड़ी चला रहा था। हादसे के कारणों की जांच जारी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के ADG (ऑपरेशन्स) कुंदन कृष्णन ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, “हमारे दो बहादुर जवानों ने ड्यूटी पर शहादत दी है। टीम एक बड़े अपराधी को पकड़ने जा रही थी। घायलों और शहीदों के पार्थिव शरीर को लाने के लिए एक विशेष टीम रतलाम भेज दी गई है।”

Ratlam News: सोने की उधारी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, सर्राफा व्यापारी पिता-पुत्र पर FIR दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिला मुख्यालय पर बीते दिनों उधारी को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। लकड़ी व्यापारी अशोक कुमार खिमेसरा ने माणक चौक थाना पुलिस में रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक और सर्राफा व्यवसायी श्रीपाल मांडोत व उनके पुत्र सचिन मांडोत के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज कराया है। अशोक खिमेसरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने रत्न सम्पत ज्वेलर्स से 18.860 ग्राम सोने की पोची 1,80,678 रुपये में खरीदी थी, जिसके बदले 1 लाख 65 हजार रुपये नकद अदा कर दिए गए थे। शेष राशि का भुगतान करना शेष था। फरियादी का आरोप है कि 20 मई 2025 को व्यापारी श्रीपाल मांडोत और उनका बेटा सचिन मांडोत उनके रतलाम स्थित लक्कड़पीठा रोड स्थित घर पहुंचे और शेष राशि की तत्काल मांग की। जब खिमेसरा ने असमर्थता जताई, तो दोनों ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लात-घूंसों एवं थप्पड़ों से मारपीट की। अशोक खिमेसरा ने बताया कि बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी मीना कुमारी, पुत्री अंजली एवं दामाद रितेश जैन के साथ भी आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी दी कि यदि शेष राशि जल्द नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। पुलिस ने इस मामले में श्रीपाल और सचिन मांडोत के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। खिमेसरा ने यह भी आरोप लगाया कि मांडोत परिवार द्वारा संचालित सर्राफा व्यवसाय में पहले भी इस प्रकार की दबाव और धमकी की घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस जांच में जुटीमाणक चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में महाराणा प्रताप जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर प्रतिमा का वैदिक अनुष्ठान, आज निकलेगी भव्य शौर्य यात्रा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: महाराणा प्रताप जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सैलाना बस स्टैंड स्थित उनकी प्रतिमा का सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। पंडित गोपाल सावरा द्वारा दुग्ध और पंचामृत से प्रतिमा का अभिषेक कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। आज निकलेगी शौर्य यात्रा, ऐतिहासिक स्थलों पर होगा पूजनआज दिनांक 29 मई, गुरुवार को शाम 4:00 बजे महलवाड़ा परिसर से भव्य शौर्य यात्रा निकाली जाएगी, जिसका आयोजन श्री महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति व समस्त राजपूत संगठनों द्वारा किया जा रहा है। यात्रा से पूर्व राजमहल परिसर में राजराजेश्वरी नागणेचा माता, पद्मावती माता, श्रीनाथ जागनाथ महादेव (हाथी खाना) और श्री चारभुजा नाथ मंदिर (अमृत सागर) में विशेष पूजा कर चुनरी अर्पण की जाएगी। इसके पश्चात रतलाम के संस्थापक महाराजा रतन सिंह राठौर और महाराजा सज्जन सिंह राठौर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। यात्रा मार्ग और विशेष आकर्षणशौर्य यात्रा महलवाड़ा से प्रारंभ होकर महाराजा रतन सिंह चौराहा, नगर निगम, कॉलेज रोड, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, रानी जी का मंदिर, शहीद चौक, गायत्री टॉकीज मार्ग होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंचेगी। वहाँ महाराणा प्रताप प्रतिमा पर समाज के वरिष्ठ अतिथि द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा तथा भव्य आतिशबाजी की जाएगी। यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे: इनकी रहेगी विशेष भूमिकाआयोजन में राजेंद्र सिंह गोयल, विजय सिंह हारोड़, विजय सिंह चौहान, दिलीप सिंह सोनगरा, नरेंद्र सिंह सोलंकी, किशोर सिंह चौहान, देवी सिंह राठौर, शैलेंद्र सिंह देवड़ा, निखिलेश सिंह पवार, वीरेंद्र सिंह खंगारोत सहित कई वरिष्ठजनों की उपस्थिति रहेगी। महिलाओं में जया गोयल, किरण तंवर, पूर्णिमा चौहान, अनीता सोलंकी, रेखा सिसोदिया, टीना चंद्रावत सहित अनेक महिलाएं आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सम्पर्क:निवेदक: श्री महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति, रतलाममो.: 9691644666

राह वीर योजना: दुर्घटना को देखकर नहीं भागे, अस्पताल पहुंचाने पर 25 हजार आपके!, जानिए कैसे ले योजना का लाभ

नई दिल्ली- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। राह वीर योजना: सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों और गंभीर चोटों को देखते हुए भारत सरकार द्वारा “Rah-Veer योजना” शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य है गोल्डन आवर में सड़क हादसे के शिकार लोगों की जान बचाने वाले “Good Samaritan” नागरिकों को प्रोत्साहित करना। परिवहन मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी नई गाइडलाइंस के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को तुरंत प्राथमिक चिकित्सा देकर और उसे एक घंटे के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर उसकी जान बचाता है, तो ऐसे नागरिक को ₹25,000 का नकद पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। क्या है “गोल्डन आवर”? मोटर वाहन अधिनियम 2019 की धारा 2(12A) के अनुसार, “गोल्डन आवर” वह महत्वपूर्ण एक घंटा होता है जब समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। योजना की मुख्य बातें: पुरस्कार पाने की प्रक्रिया: कानूनी सुरक्षा: मोटर वाहन अधिनियम 2019 की धारा 134A और 29 सितंबर 2020 को जारी नियमों के अनुसार, किसी भी Good Samaritan को कानूनी कार्यवाही से संरक्षण प्राप्त है। उनकी अनुमति के बिना उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती।

Ratlam News: मिलावट पर सख्ती: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम में लगातार कार्रवाई जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देश पर रतलाम जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहे हैं। आज की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा ताल और आलोट क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। ग्राम मंडावल में स्थित श्री कृष्ण टी स्टाल रेस्टोरेंट एंड किराना स्टोर से बेसन, चावल और चायपत्ती के नमूने लिए गए। वहीं, ग्राम आबूपुरा में स्थित सवारियां मावा भट्टी से मावा और दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा, मेन रोड आलोट स्थित स्वागत ट्रेडर्स से रवा, वंदन ट्रेडर्स से देसी घी तथा बड़ौद नाका आलोट स्थित खाटूश्याम टी स्टाल एवं रेस्टोरेंट से बेसन और मिठाई के नमूने एकत्रित किए गए। कार्रवाई के दौरान सभी दुकान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का भंडारण व विक्रय करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी लिए गए नमूने भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को मिलावट मुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Rajasthan News: पाली मारवाड़ गुर्जर समाज की ऐतिहासिक पहल: विवाह व अन्य आयोजनों में नशे पर पूर्ण प्रतिबंध, रतलाम गुर्जर समाज ने की सराहना

पाली राजस्थान- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Rajasthan News: राजस्थान के पाली मारवाड़ क्षेत्र के गुर्जर समाज ने नशा मुक्ति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए विवाह, नोतरा, मौसर व अन्य शुभ-अशुभ आयोजनों में अफीम, डोडा पोस्त के उपयोग पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से न केवल पाली मारवाड़ बल्कि पूरे राजस्थान व अन्य राज्यों के गुर्जर समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह निर्णय भगवान श्री देवनारायण जी मंदिर ट्रस्ट देव डूंगरी तथा 11 हथाई के गुर्जर समाजजनों द्वारा आपसी विचार-विमर्श के बाद लिया गया। पाली मारवाड़ गुर्जर समाज के जिला अध्यक्ष बाबूलाल पोसवाल ने बताया कि ऐसे आयोजनों में अफीम और डोडा पोस्त के उपयोग से आयोजक परिवारों को 1 से 10 लाख रुपए तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था, जिससे समाज आर्थिक रूप से पिछड़ रहा था। लगभग 350 से अधिक गांवों की महापंचायत में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। साथ ही शादियों में डीजे, गाड़ियों का उपयोग व दूल्हे द्वारा दाढ़ी रखने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित परिवार पर ₹2,51,000 का आर्थिक दंड व समाज से बहिष्कार का कठोर निर्णय लिया गया है। सचिन केवतराम बजाड व राजूराम मीणदार ने इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से लागू करने की जिम्मेदारी गांव-गांव के गुर्जर पंचों और सरपंचों को सौंपी है। इस अनुकरणीय फैसले से रतलाम नगर सहित पूरे गुर्जर समाज में हर्ष और उत्साह की लहर है। रतलाम श्री गुर्जर समाज युवा इकाई अध्यक्ष मुरलीधर गुर्जर, राधेश्याम गुर्जर, रूपेश गुर्जर, अर्जुन गुर्जर, सूरज गुर्जर, मन्नालाल गुर्जर, रवि गुर्जर, मनोहर गुर्जर, राहुल गुर्जर, रघुवीर गुर्जर, पवन गुर्जर, कमल गुर्जर, किशन गुर्जर, रूप सिंह गुर्जर सहित अन्य समाजजनों ने इस फैसले की सराहना करते हुए इसे समाज सुधार की दिशा में मील का पत्थर बताया है। पाली मारवाड़ गुर्जर समाज ने विवाह व अन्य आयोजनों में अफीम-डोडा पर पूर्ण रोक लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। समाज से नशा मुक्ति की पहल पर रतलाम गुर्जर समाज में खुशी की लहर।

Ratlam News: जीएसजी संगिनी उमंग रतलाम द्वारा वृद्धाश्रम में सेवा प्रोजेक्ट के अंतर्गत जन्मदिन मनाया गया

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जीएसजी संगिनी उमंग रतलाम द्वारा एक और सराहनीय सेवा प्रोजेक्ट के तहत बोर्ड मेंबर सरोज चत्तर ने अपने जीवनसाथी श्री उमेश चत्तर का जन्मदिन विशेष रूप से अन्न क्षेत्र वृद्धाश्रम, लक्कड़पीठा में बुजुर्गों के साथ मनाया। इस अवसर पर बुजुर्गों को आमरस, कचोरी एवं विशेष भोज्य सामग्री वितरित की गई। सेवा, स्नेह और सम्मान के इस आयोजन में बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और संतोष देखने को मिला। चत्तर दंपति का संस्था की अध्यक्ष रेनू लूनिया, रमिला सकलेचा, संगीता कांठेड़, बिंदु कटारिया और निर्मला पटवा द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संगिनी उमंग की सक्रिय सदस्यों ऊषा भंडारी, उषा कटारिया, सुनीता कटारिया, पदमा मुरार, ज्योति मांडोत, अरुणा नाहर, संगीता पगारिया, किरण मेहता, विजया लुनिया, स्नेह लता धाकड़, सुनीता डांगी, उषा लूणावत, प्रतिभा पाटनी, कल्पना जैन, किरण जैन सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं। जीएसजी संगिनी उमंग का यह सेवा प्रकल्प समाज में सकारात्मक संदेश देता है और युवाओं को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील बनाने की प्रेरणा देता है।

Ratlam News: बड़ोदिया गांव में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो घायल

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह, शराब के नशे में स्कूल परिसर में हुआ संघर्ष, 12 पर एफआईआर रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। सरकारी स्कूल परिसर में शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरों की बौछार में बदल गई। इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय श्यामलाल पुत्र रूपलाल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरानी रंजिश बनी झगड़े की वजहघटना रात करीब 10 बजे की है, जब गांव से 10 किलोमीटर दूर स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में दीपक नामक युवक के विवाह समारोह का आयोजन चल रहा था। मृतक श्यामलाल का चचेरा भाई दीपक इस समारोह का मेजबान था। समारोह में बड़ोदिया और ईटावाखुर्द गांव के युवक शामिल हुए थे। इसी दौरान शराब पीते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जो हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। श्यामलाल की मौके पर ही मौत, दो घायललाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने के दौरान श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायल 28 वर्षीय मनोज और 23 वर्षीय दशरथ का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से पहले तोड़े गए सीसीटीवी कैमरेपुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने वारदात से पहले स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया था, जिससे घटना का कोई वीडियो फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाया है। हमले की आवाजें सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। 12 पर एफआईआर, 8 हिरासत मेंघटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी स्वराज डाबी और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना एक माह पूर्व डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में हुई है। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से 8 आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतक की एक माह पहले हुई थी शादीमृतक श्यामलाल हाल ही में शादी के बंधन में बंधा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चाचा लखन ने बताया कि हमले के वक्त श्यामलाल का छोटा भाई संजय भी वहां मौजूद था। संजय ने गांव के सुनील, गौरीशंकर और जगदीश पर आरोप लगाया कि उन्होंने ईटावाखुर्द के युवकों को बुलाकर हमला करवाया। गांव में तनाव, पुलिस तैनातघटना के बाद बड़ोदिया गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

Ratlam News: चोरों का मंदिरों पर धावा: एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों में सेंधमारी, पुलिस को खुली चुनौती

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। चोरों ने न सिर्फ क्षेत्र के तीन प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाया, बल्कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आवासीय क्षेत्र के पास स्थित जैन मंदिर में भी बड़ी चोरी की वारदात कर दी। एक ही रात में तीन मंदिरों में हुई चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए।  गौरतलब है की चोरी होने से एक रात पहले ही एसपी ने शहर में पुलिस की मुस्तेदी जांचने के लिए निरीक्षण किया था। जिसके अगले ही दिन चोरों ने तीन मंदिरों में ताले चटकाकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। यह दूसरी बार है जब पुलिस को चोरों ने खुली चुनोती दी है। नो दिन पूर्व चोरों ने कनेरी पुलिस लाइन में धावा बोला था। यहां हेड कांस्टेबल नीलेश पाठक के सुने मकान से करीब 50 हजार नगद व सोने- चांदी के जेवर उड़ा ले गए थे। पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है। और अब चोरों ने एसपी बंगले के पास के ही मंदिर को निशाना बनाकर खुली चुनौती दी है। जैन मंदिर में सीसीटीवी बंद कर मारी सेंध विक्रम नगर ऑफिसर्स कॉलोनी में स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जो कलेक्टर व एसपी बंगले से चंद मिनट की दूरी पर स्थित है, वहां सोमवार सुबह चोरी की घटना सामने आई। पुजारी शिवलाल जब सुबह 6 बजे मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार पर नकूचा लगा मिला, लेकिन ताले गायब थे। अंदर जाकर देखा तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। सूचना ट्रस्टी निर्मल जैन को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से लोहे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी रूम का ताला तोड़ा और डीवीआर के तार काट दिए जिससे कैमरे बंद हो गए। इसके बाद मुख्य मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकद राशि चुरा ले गए। दानपात्र से केवल नोट ले गए और चिल्लर छोड़ गए। पूजा में उपयोग आने वाले चांदी के पात्र भी चोर ले उड़े।  पंचमुखी हनुमान मंदिर भी बना निशाना थावरिया बाजार मेन रोड स्थित पंचेश्वर महादेव पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। पुजारी धर्मेश दशोत्तर ने सुबह मंदिर पहुंचकर जब दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख स्तब्ध रह गए। मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त था। समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा को सूचित किया। जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर के पास स्थित बगीचे के रास्ते से होकर पीछे के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। मंदिर में लगे दो दानपात्रों में से एक को वहीं खोल लिया जबकि बड़े दानपात्र को परिसर में एक तरफ ले जाकर तोड़ा और उसमें रखी राशि निकालकर भाग गए। दान राशि का अनुमान नहीं लगाया जा सका, क्योंकि दानपात्र 4-5 सालों बाद ही खोला जाता है। माताजी मंदिर के कैमरे में कैद हुए बदमाश जीआरपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में डॉट की पुल के आगे स्थित मां आद्य शिवशक्ति धाम माताजी मंदिर भी चोरों से नहीं बच सका। जानकारी के अनुसार यहां से चोरों ने दानपात्र तोड़कर करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद चुराए। इसके अलावा, माताजी की मूर्ति पर चढ़े लगभग आधा किलो चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। खास बात यह रही कि इस मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। दानपात्र तोड़ते समय की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है। फिंगरप्रिंट मिले, जांच शुरू घटनाओं की जानकारी मिलते ही एएसपी राकेश खाखा, एफएसएल टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंदिरों से एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट जुटाए है। एसपी अमित कुमार ने बताया  तीनों घटनाएं एक ही रात में हुई हैं, जो किसी संगठित बाहरी गैंग की ओर इशारा करती हैं। मामले की जांच बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान को सौंपी गई है। पुलिस को कुछ तकनीकी सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।

Ratlam News: रतलाम में समर स्पोर्ट्स एवं गतका कैंप का भव्य समापन, 310 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: गुरु तेग बहादुर एकेडमी, अरविंद मार्ग द्वारा आयोजित 24 दिवसीय समर स्पोर्ट्स एवं गतका कैंप का समापन भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में गुरु सिंह सभा रतलाम के अध्यक्ष अवतार सिंह, गुरु रामदास गुरुद्वारा अध्यक्ष कश्मीरी सिंह सोढ़ी एवं गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति के अध्यक्ष गुरनाम सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कक्षा 2 से 10 तक के करीब 310 विद्यार्थियों ने इस ग्रीष्मकालीन शिविर में हिस्सा लिया, जिसमें 12 विभिन्न खेल विधाओं जैसे कि गदका, मलखंब, घुड़सवारी, वॉलीबॉल, कबड्डी आदि के साथ-साथ हॉर्स राइडिंग एवं स्विमिंग जैसी लाइफ सेविंग स्किल्स का प्रशिक्षण भी दिया गया। समारोह को संबोधित करते हुए अवतार सिंह ने कहा कि समिति द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा, “ग्रीष्मकालीन कैंप न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।” कश्मीरी सिंह सोढ़ी ने कहा कि खेल से अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है। “जो विद्यार्थी खेल को जीवन का हिस्सा बनाते हैं, वे जीवन की चुनौतियों को सहजता से पार कर पाते हैं।” गुरनाम सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी दक्षता जरूरी है। “इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने तैराकी जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक कला और गतका जैसे पारंपरिक मार्शल आर्ट का अभ्यास किया। हमारा उद्देश्य बच्चों में सकारात्मक जीवन मूल्य, सांस्कृतिक और शारीरिक विकास सुनिश्चित करना है।” कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान दिया गया। इस अवसर पर समिति के सचिव अजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष हरजीत सिंह चावला, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह वाधवा, स्पोर्ट्स कन्वीनर सुरेंद्र सिंह भामरा, प्राचार्य रेखा शास्त्री, धर्मेंद्र गुरुदत्ता, गनदीप सिंह डंग, गुरिंदर खालसा, अमरपाल वाधवा, बंटी गांधी सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा गतका, मलखंब एवं घुड़सवारी का प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन सीमा भाटी ने किया एवं आभार प्रदर्शन सुरेंद्र भामरा ने किया।