MP News: महाकाल मंदिर में संध्या-शयन आरती पर ₹250 फीस, ‘Pay & Enter’ मॉडल पर सियासी घमासान

उज्जैन- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में संध्या और शयन आरती को लेकर नई व्यवस्था लागू होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर समिति ने इन दोनों आरतियों में शामिल होने के लिए प्रति श्रद्धालु ₹250 शुल्क और अनिवार्य ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम लागू कर दिया है। इसके बाद “Pay & Enter” मॉडल को लेकर आस्था और व्यवस्था के बीच बहस छिड़ गई है। क्या है नई व्यवस्था? मंदिर समिति के अनुसार अब श्रद्धालुओं को संध्या और शयन आरती में शामिल होने के लिए अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से स्लॉट बुक करना होगा। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार, इस डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी। मंदिर समिति का पक्ष मंदिर प्रबंधन का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम लागू करने से दलाल प्रथा खत्म होगी और दर्शन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। साथ ही चलित दर्शन की व्यवस्था भी जारी रहेगी ताकि अधिक से अधिक भक्तों को दर्शन का लाभ मिल सके। विपक्ष का हमला: “आस्था पर शुल्क” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस फैसले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “भगवान के दरबार में भी टिकट लगाना श्रद्धालुओं का अपमान है” और इसे आस्था के खिलाफ बताया। बीजेपी के भीतर भी असहमति इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल के भीतर से भी विरोध की आवाज उठी है। आलोट से बीजेपी विधायक और पूर्व सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय ने इस फैसले को खेदजनक बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को इसका विरोध करना चाहिए। सरकार ने लिया संज्ञान मामले में प्रदेश के धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह निर्णय मंदिर समिति का है, लेकिन सरकार इस पर संज्ञान लेगी और चर्चा के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार सनातन परंपराओं के प्रति प्रतिबद्ध है। भक्ति बनाम फीस: बड़ा सवाल महाकाल की नगरी में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धार्मिक आस्था भी शुल्क आधारित मॉडल पर चलेगी? एक ओर व्यवस्था और पारदर्शिता का तर्क दिया जा रहा है, तो दूसरी ओर आम श्रद्धालु इसे “आस्था पर आर्थिक बोझ” मान रहे हैं।

Ratlam News: आलोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पिस्टल व 8 जिंदा राउंड के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस मामले में फरार हथियार सप्लायर की तलाश कर रही है। वीडियो देखिए नाकाबंदी में पकड़ाए आरोपी पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीवनगढ़ रोड स्थित महादेव मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान जावरा की ओर से आ रही टीवीएस अपाचे बाइक (MP 43 ZL 2994) को रोककर तलाशी ली गई। कमर से मिली अवैध पिस्टल तलाशी के दौरान आरोपी शादाब (25) की कमर से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। जब पिस्टल के मैगजीन की जांच की गई तो उसमें से 8 जिंदा राउंड भी मिले। दूसरे आरोपी जगदीश (26) के साथ मिलकर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उज्जैन से हथियार खरीदने का खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी शादाब ने बताया कि उसने यह अवैध पिस्टल और कारतूस उज्जैन निवासी एजाज से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी एजाज को फरार घोषित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आर्म्स एक्ट में केस दर्ज दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और हथियार तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जप्त सामग्री पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक प्रमोद राठौर सहित पुलिस टीम के कई जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

Ratlam News: धार के बदनावर में सड़क हादसा: रतलाम के हिस्ट्रीशीटर की मौत, मोड़ पर बाइक पेड़ से टकराई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: धार जिले के बदनावर तहसील अंतर्गत कोद-बिड़वाल मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रतलाम के पीपल चौक निवासी 21 वर्षीय हर्ष उर्फ कटोरा पुत्र संतोष पंवार की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव इंदौर के देपालपुर ले गए। मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, पेड़ से टकराई बाइक जानकारी के अनुसार हर्ष अपनी नानी के यहां बिड़वाल में रह रहा था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात वह बाइक से कोद-बिड़वाल मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर उसकी बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना रविवार सुबह मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक देखी। पास की झाड़ियों में हर्ष को मृत अवस्था में पड़ा देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। गंभीर चोटों के कारण हुई मौत पुलिस के मुताबिक हर्ष के जबड़े सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। कई मामलों में दर्ज था हिस्ट्रीशीटर बताया गया है कि हर्ष रतलाम के थाना स्टेशन रोड क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के 2, अवैध वसूली के 4, एट्रोसिटी एक्ट का 1 और आम लोगों से मारपीट के 9 से अधिक प्रकरण दर्ज थे।

Ratlam News: रतलाम औद्योगिक क्षेत्र थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, त्योहारों से पहले हाई अलर्ट

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार ने 21 फरवरी 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। वीडियो देखिए निरीक्षण के दौरान एसपी अमित कुमार ने थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी एवं स्टाफ के साथ बैठक कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर हवालात, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की। ड्यूटी रजिस्टर, एफआईआर और शिकायत रजिस्टर का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश एसपी ने आगामी त्योहारों होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और रमजान को देखते हुए पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। हवालात और संसाधनों की जांच निरीक्षण के दौरान हवालात की साफ-सफाई, बंदियों के खान-पान और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इसके अलावा थाना में उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री और आपातकालीन संसाधनों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस वाहनों में आवश्यक उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए। फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार पर जोर एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ अच्छा व्यवहार करने और हर संभव मदद करने के लिए प्रेरित किया। आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और गुंडा तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

Ratlam News: बर्थडे पार्टी में छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर छेड़छाड़, ‘मुन्ना लाला’ ने अश्लील फोटो खींचकर दी धमकी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम में लव जिहाद और महिला सुरक्षा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छुपाकर (मुन्ना लाला बनकर) 12वीं की हिंदू छात्रा को बर्थडे पार्टी के दौरान नशीला पाउडर खिलाया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पूरी घटना: दोस्ती के नाम पर दिया नशीला पदार्थ घटना 30 नवंबर 2025 की है। पीड़िता, जो 12वीं की छात्रा है, अपनी सहेली के जन्मदिन की पार्टी में शिवनगर गई थी। वहां उसकी मुलाकात मुन्ना लाला नाम के युवक से हुई। आरोपी ने छात्रा को सफेद रंग का नशीला पाउडर खाने के लिए दिया। छात्रा के मना करने पर उसने इसे ‘स्वाद में अच्छा’ बताकर उसे खिला दिया। पॉउडर खाते ही छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। जब वह बाहर गई, तो आरोपी मुन्ना लाला ने उसका पीछा किया और उसके साथ छेड़छाड़ की। इसी दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से छात्रा की अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं। असली नाम सैफ अली, पहले से दर्ज हैं कई मामले जब छात्रा ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। जांच में पता चला कि ‘मुन्ना लाला’ का असली नाम सैफ अली (पिता मुश्ताक अली) है, जो मोचीपुरा का निवासी है। आरोपी नगर निगम के पास चश्मे की दुकान लगाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सैफ अली एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले भी शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। डेढ़ महीने बाद पीड़िता ने जुटाई हिम्मत आरोपी लगातार छात्रा को फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिससे वह डरी हुई थी। लेकिन जब उसे पता चला कि सैफ अली पहले भी कई अन्य लड़कियों के साथ इस तरह की घिनौनी हरकतें कर चुका है, तो उसने हिम्मत जुटाई। पीड़िता ने अपनी नानी के साथ थाना औद्योगिक क्षेत्र पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस की कार्रवाई थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि: * आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। * फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। * वह नशीला पदार्थ क्या था, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो पाएगा।

MP Weather: मध्य प्रदेश मौसम अलर्ट: 48 घंटे भारी, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से किसानों पर संकट

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Weather: प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर भारत से सक्रिय होकर आगे बढ़े पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के असर से मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वीडियो देखिए अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए संवेदनशील रहेंगे। कई जिलों में तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है और ठंड का असर बढ़ेगा। 23-24 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 फरवरी से सक्रिय होगा। इन जिलों में ओलावृष्टि की आशंका राजगढ़, नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी के कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। आंधी-तूफान का अलर्ट ग्वालियर, भिंड, दतिया और मुरैना में तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। इन शहरों में हल्की बारिश इंदौर, भोपाल और उज्जैन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। किसानों के लिए खतरे की घंटी फरवरी में तीसरी बार मौसम बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी गेहूं और चने की फसल पर बारिश और ओलावृष्टि से बड़ा नुकसान हो सकता है।कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक: सलाह:किसान 23 फरवरी से पहले फसल की कटाई पूरी कर लें और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें। पिछले 48 घंटे का हाल प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। उज्जैन, मंदसौर, धार, शिवपुरी, ग्वालियर, भोपाल समेत 25 जिलों के करीब 80 शहरों में बारिश हुई।श्योपुर में 63 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चली और कई गांवों में खड़ी फसलें जमीन पर गिर गईं, जिससे भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने कई क्षेत्रों में सर्वे शुरू कर दिया है। तापमान में गिरावट बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अधिकांश शहरों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28°C और न्यूनतम 17°C रहने का अनुमान है।

Ratlam News: बच्चा चोर की अफवाह में ग्रामीणों का हमला, मंदिर से लौट रहे युवकों की पिटाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बिलपांक थाना क्षेत्र के सिमलावदा के पास बुधवार दोपहर बच्चा चोर की आशंका में ग्रामीणों ने कार सवार छह युवकों को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। घटना इंदौर फोरलेन स्थित झालरापाड़ा गांव के पास की है। सभी युवक इंदौर के घाटाबिल्लौद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और राजस्थान के प्रसिद्ध सांवलियाजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। WATCH VIDEO कैसे फैली अफवाह और हुआ हमला जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे युवकों की कार ढाबे पर रुकी। इसी दौरान आसपास से गुजर रहे बच्चों को देखकर कुछ ग्रामीणों को संदेह हुआ और देखते ही देखते बच्चा चोर गिरोह की अफवाह फैल गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और कार सवारों को घेर लिया। भीड़ में शामिल महिलाओं समेत कई लोगों ने लात-घूंसे और डंडों से युवकों की पिटाई शुरू कर दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार के शीशे और कांच भी तोड़ दिए। कार में मिले ‘मनोरंजन वाले’ नोट घटना के दौरान कार की डिक्की से 10 और 20 रुपये के मनोरंजन के लिए बनाए गए नकली नोट भी मिले, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया। हालांकि पुलिस ने इन नोटों को लेकर किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चार युवक छुड़ाए गए, दो मौके से भागे मारपीट के दौरान कार में सवार छह में से दो युवक मौके से भाग निकले, जबकि चार को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेन्द्रसिंह डावर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर बिलपांक थाने ले गए, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। युवकों का दावा—दर्शन कर लौट रहे थे युवकों ने पुलिस को बताया कि वे सुबह रतलाम के चिकलिया टोल नाके से गुजरने की रसीद भी दिखा चुके हैं और ढाबे पर भोजन व टॉयलेट के लिए रुके थे। इसी दौरान उन्हें बच्चा चोर समझ लिया गया। पुलिस जांच जारी, कोई शिकायत नहीं पुलिस के अनुसार, अब तक बच्चा चोरी की कोई आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई है। युवकों के बताए पते और पहचान की पुष्टि की जा रही है। वायरल रीलों से बढ़ रहा डर और भ्रम हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर बच्चा चोर गिरोह से जुड़े कई वीडियो बिना पुष्टि के वायरल हो रहे हैं। इन्हीं अफवाहों के कारण लोग डर और भ्रम में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति को संदिग्ध मान रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अफवाहों के आधार पर कानून हाथ में लेना न सिर्फ निर्दोष लोगों के लिए खतरनाक है, बल्कि यह स्वयं एक अपराध भी है।

Ratlam News: रतलाम में मोमो सेंटर पर बवाल: छात्रा को घूरने पर भड़का विवाद, लाठी-डंडों से जमकर मारपीट

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 80 फीट रोड स्थित एक मोमो सेंटर के सामने छात्रा को घूरकर देखने की बात को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद लात-घूंसे से बढ़कर लाठी-डंडों तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। WATCH VIDEO छात्रा के साथ छेड़छाड़ का आरोप, विवाद ने पकड़ा तूल मिली जानकारी के अनुसार, बंजली स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज की एक छात्रा अपने सहपाठी के साथ फास्ट फूड दुकान पर मोमोज खा रही थी। इसी दौरान वहां खड़े कुछ युवकों पर छात्रा को घूरने का आरोप लगा। छात्रा के साथी ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। 15-20 युवक पहुंचे, लाठी-डंडों से हमला बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कॉलेज के 15-20 युवक मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और हाथ में आई वस्तुओं से मारपीट शुरू हो गई। कुछ युवकों के हाथ में लाठियां भी देखी गईं, जिससे सड़क पर हड़कंप मच गया और राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर थाने ले जाया गया। थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान कर रही है।

Ratlam News: बाजना के सदला माल में भीषण आग: मकान में लगी आग से 3 बेल, 4 बकरियां और 15 मुर्गे जिंदा जले

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बाजना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सदला माल में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी गौतम पिता जीवणाके मकान में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पशुओं को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। WATCH VIDEO इस हादसे में तीन बेल, चार बकरियां और करीब 15 मुर्गे जिंदा जल गए, जबकि दो बेल और एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई हैं। आगजनी से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने का कारण अज्ञात प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। प्रशासन को सूचना घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार ने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

MP News: मध्य प्रदेश के IAS अवि प्रसाद की तीसरी शादी चर्चा में, दो पूर्व पत्नियां भी हैं कलेक्टर

भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP News: मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में तीसरी शादी की है। खास बात यह है कि उनकी तीनों पत्नियां भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी रही हैं और दो पूर्व पत्नियां वर्तमान में जिले की कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। 11 फरवरी को कूनो नेशनल पार्क में हुआ विवाह जानकारी के अनुसार, अवि प्रसाद ने 11 फरवरी 2026 को कूनो नेशनल पार्क में 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह किया। अंकिता धाकरे वर्तमान में राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। इस शादी की चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है। कौन हैं IAS अवि प्रसाद? आईएएस अवि प्रसाद वर्तमान में मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे प्रदेश के कई जिलों में जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर रह चुके हैं। कटनी में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कुपोषण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर पहचान बनाई थी। पहली शादी: रिजु बाफना से, अब शाजापुर कलेक्टर अवि प्रसाद ने पहली शादी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से की थी। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों का तलाक हो गया। वर्तमान में रिजु बाफना शाजापुर जिले की कलेक्टर हैं। दूसरी शादी: मिशा सिंह से, अब रतलाम कलेक्टर पहली पत्नी से अलग होने के बाद अवि प्रसाद ने 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से दूसरी शादी की। यह रिश्ता करीब चार साल चला और बाद में दोनों अलग हो गए। मिशा सिंह वर्तमान में रतलाम जिले की कलेक्टर हैं। तीसरी पत्नी अंकिता धाकरे: डिप्टी सेक्रेटरी पद पर तीसरी पत्नी अंकिता धाकरे 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल राज्य मंत्रालय (प्रशासनिक सेवा) में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत हैं। वे मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की रहने वाली हैं। मूल निवास आईएएस अवि प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा, आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आईएएस अवि प्रसाद की तीसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। हालांकि, इस विषय में अवि प्रसाद या अंकिता धाकरे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसे उनका व्यक्तिगत निर्णय बताया जा रहा है।

↑
0%