Ratlam News: रतलाम में युवती पर सरेराह कैंची से हमला: शादी का दबाव बना रहा था युवक, मां ने बचाई जान

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने सरेराह स्कूटी से जा रही 19 वर्षीय युवती पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। युवती की मां ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बेटी की जान बचाई। आरोपी ने गले, सिर और पीठ पर हमला किया, लेकिन शोर मचने पर वह अपनी स्कूटी छोड़ मौके से भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। पुलिस को पहले ही दी गई थी शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़िता की मां दुर्गा ने बताया कि आरोपी युवक नीलेश पाटीदार पिछले छह माह से उनकी बेटी को फोन कर परेशान कर रहा था और शादी का दबाव बना रहा था। शुक्रवार को ही उन्होंने थाना औद्योगिक क्षेत्र में इसकी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते अगले ही दिन यह वारदात हो गई। घटना का विवरण: पहले रोका, फिर किया हमला दुर्गा अपनी बेटी के साथ टिफिन डिलीवरी के बाद मंगलमूर्ति कॉलोनी से लौट रही थीं। कॉलोनी गेट नंबर 1 से निकलते ही आरोपी नीलेश ने उन्हें रोका। मां ने विरोध में युवक पर बाल्टी से वार किया, लेकिन उसने युवती पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर दिए। युवती जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ती रही। कॉलोनीवासियों के बाहर आने पर आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकला। 6 माह से कर रहा था मानसिक उत्पीड़न युवती ने बताया कि नीलेश पूर्व परिचित था, लेकिन पिछले छह माह से वह शादी का दबाव बना रहा था। बात न मानने पर आत्महत्या की धमकी देता और लगातार पीछा करता था। परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। आरोपी को पुलिस ने किया राउंडअप थाना औद्योगिक क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर उसे राउंडअप किया गया है। मामले में युवती द्वारा दिए गए आवेदन की भी जांच की जा रही है।

Ratlam News: नाले में मिला महिला का शव, खुले बिजली तार बने मौत का कारण?

रतलाम- पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर के तेजा नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक महिला का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव के पास बिजली के टूटे तार और कचरा बीनने का थैला मिलने से करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। यह घटना न सिर्फ प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि नागरिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। जानकारी के अनुसार, घटना माणक चौक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 अंतर्गत तेजा नगर की है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने नाले में महिला का शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और स्थानीय पार्षद अक्षय संघवी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के पास बिजली के टूटे हुए तार और एक थैला मिला, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिला कि मृतका कचरा बीनने का कार्य करती थी। बाद में शव की पहचान ईश्वर नगर निवासी 45 वर्षीय कमला के रूप में हुई, जो सुबह करीब 6 बजे रोज़ की तरह कचरा बीनने निकली थी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नाले में गिरे बिजली के तारों से करंट फैल गया और कमला उसकी चपेट में आ गई। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने जानकारी दी कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर लिया गया है। साथ ही महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है। लापरवाही बनी मौत की वजह? यह घटना ऐसे समय में हुई है जब रतलाम में बीते दिन तेज आंधी-तूफान के कारण कई पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए थे। 20 घंटे बीत जाने के बाद भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। खुले तारों और गिरे पोलों को हटाने में देरी जानलेवा साबित हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी बिजली संबंधित हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो बिजली विभाग ने और न ही नगर निगम ने स्थायी समाधान की ओर कदम बढ़ाया। अब बड़ा सवाल यह है कि —क्या इस मौत के बाद किसी की जवाबदेही तय की जाएगी या यह मामला भी बाकी हादसों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा?

Ratlam News: खेत मालिक ने जेसीबी चालक पर किया दरांता से हमला, गले में आए 10 टांके

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सड़क पर गड्ढे भरने का काम कर रहे जेसीबी चालक पर खेत मालिक ने धारदार दरांता से गले पर हमला कर दिया। हमले में जेसीबी चालक का गला बुरी तरह कट गया और उसे 10 टांके आए हैं। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे कांडरवासा और बड़ौदा गांव के बीच की है। जेसीबी चालक शैलेंद्र पिता राधेश्याम मईड़ा (30), निवासी बड़ौदा, क्षेत्र में सड़क किनारे गड्ढों में मुर्रम डालने का कार्य कर रहा था। वह पल्टूना निवासी मनोज धाकड़ की जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा था। स्थानीय किसान मिलकर रास्ते को ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान पास के खेत का मालिक लोकेंद्रसिंह पिता रामसिंह (निवासी कांडरवासा) वहां पहुंचा और जेसीबी चालक से खेत के पास रास्ता बनाने को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज करते हुए उसने अचानक दरांता निकाला और चालक के गले पर जानलेवा वार कर दिया। दरांता गर्दन के केंद्र से थोड़ा हटकर लगा, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन गले में करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने घायल को 10 टांके लगाए हैं। घायल को घटनास्थल से कांडरवासा निवासी जीवन जायसवाल बाइक पर बैठाकर नामली स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। नामली थाना पुलिस ने आरोपी लोकेंद्रसिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर केके सिंह पटेल के अनुसार, यह रोड सार्वजनिक थी और गड्ढों की मरम्मत का कार्य हो रहा था। आरोपी ने बेवजह हमला किया, मामले की जांच जारी है।

Ratlam News: रतलाम में रात को बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती: शर्ट उतारकर किया हंगामा, 6 युवक गिरफ्तार कर जेल भेजे

रतलाम – पब्लिक वार्ता,  न्यूज़ डेस्क।Ratlam News: रतलाम शहर में देर रात सड़क पर बेवजह घूमने और असामाजिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों और पान-चाय की दुकानों के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई युवकों से पूछताछ की और बेवजह खड़े लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। चेकिंग के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस से बहसबाजी शुरू कर दी। दो बत्ती क्षेत्र में एक युवक ने तो हद पार करते हुए शर्ट उतार दी और सड़क पर हंगामा करने लगा। पुलिस को देखकर वह और उसके साथी वीडियो बनाने की धमकी देने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे डीएसपी अजय सारवान ने युवकों को शांत कराया और थाने ले जाकर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए 6 युवकों के नाम व पते: इन सभी युवकों को थाना स्टेशन रोड लाया गया और धारा 151 (शांति भंग की आशंका) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने खुद लिया अभियान का जायजापुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने देर रात खुद शहर में पेट्रोलिंग की निगरानी की। उनके साथ डीएसपी अजय सारवान, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, आरआई मोहन भर्रावत और चारों थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर के व्यस्त क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को सतर्क किया और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों को चेतावनी दी। एसपी का बयान:“बेसिक पुलिसिंग के तहत रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। कुछ युवक बेवजह सड़कों पर घूम रहे थे और चेकिंग के दौरान विवाद कर रहे थे। ऐसे युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।”

Ratlam News: रतलाम में गांजा तस्करी का सप्लायर गिरफ्तार: इमरान उर्फ सुक्का पहले भी नशे के मामलों में आ चुका है नाम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम पुलिस ने गांजा तस्करी मामले में एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी इमरान उर्फ सुक्का महाराज (उम्र 35 वर्ष), निवासी पुरोहित जी का वास, को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, इमरान पर पहले भी नशे से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने 3 जून को रतलाम के इम्तियाज खान और रविंद्र पडियार को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों तस्करों ने खुलासा किया था कि वे यह मादक पदार्थ इमरान उर्फ सुक्का महाराज को सप्लाई करने जा रहे थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने इमरान को ट्रेस किया और गिरफ्तार कर लिया। पहले से थे नशे से जुड़े अपराध में लिप्तस्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार, आरोपी इमरान के खिलाफ पहले भी नशे के कारोबार से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से इमरान की गतिविधियों पर शक था और लगातार निगरानी की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद इमरान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य नेटवर्क की जांच भी कर रही है ताकि पूरे सप्लाई चैन का खुलासा किया जा सके।

Ratlam News: नाबालिग से निकाह के लिए अड़ी 35 साल की महिला गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में जेल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 35 वर्षीय महिला को 17 साल के नाबालिग लड़के से निकाह करने की जिद पर अड़कर हंगामा करने और उसके कथित शारीरिक शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला, जो पहले से दो बच्चों की मां और तलाकशुदा है, को पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। यह घटना सोमवार देर रात की है, जब 35 वर्षीय महिला रतलाम के डीडी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले 17 साल के नाबालिग लड़के के घर पहुंच गई। उसने नाबालिग से निकाह करने की जिद की और घर के अंदर ही धरने पर बैठ गई। परिवार वालों ने उसे समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और हंगामा करती रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर पहले वन स्टॉप सेंटर भेजा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नाबालिग के पिता ने दर्ज कराई FIR मंगलवार को नाबालिग के पिता ने महिला के खिलाफ डीडी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अपनी एफआईआर में, पिता ने बताया कि महिला पिछले एक साल से उनके बेटे को धमकाकर और बहला-फुसलाकर उसका शारीरिक शोषण कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला उनके बेटे को अपनी “शारीरिक यौन क्रियाओं” के लिए इस्तेमाल कर रही थी और निकाह न करने पर जान से मारने की धमकी भी देती थी। महिला का आपराधिक इतिहास और धमकी भरा बर्ताव पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला का नाम अंजुम बताया जा रहा है, जो पहले से दो बार शादी कर चुकी है और तलाकशुदा है। उसके 14 साल की बेटी और 9 साल का बेटा है। उसकी पहली शादी एक 15 साल के नाबालिग का धर्म परिवर्तन करवाने के बाद हुई थी, जिससे उसे दोनों बच्चे हैं। दूसरी शादी उसने चार साल पहले 18 वर्षीय युवक से की थी, जिससे अब वह अलग रह रही है। नाबालिग के पिता ने यह भी बताया कि महिला और उनके बेटे की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद महिला लगातार उनके बेटे को फोन कर अपने घर बुलाने लगी। तीन महीने पहले जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो वे अपनी पत्नी के साथ महिला के घर गए और उसे बेटे को परेशान न करने को कहा। तब महिला ने कहा था कि लड़का उसके बेटे जैसा है और वह उसे केवल काम के लिए बुलाती है। हाल ही में, महिला ने नाबालिग पर निकाह के लिए दबाव बनाया और धमकाया कि अगर उसने निकाह नहीं किया तो वह अपनी हाथ की नस काट लेगी। इस धमकी के बाद ही महिला सोमवार रात को लड़के के घर पहुंची और निकाह की जिद पर अड़ गई, जिससे आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और अंततः पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई डीडी नगर थाना प्रभारी मनीष डाबर ने बताया कि महिला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। यह घटना समाज में नाबालिगों की सुरक्षा और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर प्रकाश डालती है।

Ratlam News: रतलाम में 12 जून को नाटक की रचना प्रक्रिया पर होगा विशेष विमर्श, NSD प्रशिक्षित अविजित सोलंकी करेंगे मार्गदर्शन

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: रतलाम शहर में थिएटर प्रेमियों और रंगकर्मियों के लिए एक खास आयोजन होने जा रहा है। नाटक की रचना प्रक्रिया और रंगमंच के विभिन्न पहलुओं पर आधारित यह विमर्श 12 जून 2025 (गुरुवार) को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10:30 बजे जी.डी. अंकलेसरिया रोटरी हॉल, रतलाम में किया जाएगा, जिसमें टैगोर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक अविजित सोलंकी बतौर मुख्य वक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन संस्था युगबोध, जन नाट्यमंच और जनवादी लेखक संघ द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजक एडवोकेट कैलाश व्यास ने बताया कि यह बैठकी रंगमंच को गहराई से समझने का एक दुर्लभ अवसर होगी। रतलाम में चल रही है थिएटर मेकिंग वर्कशॉप उल्लेखनीय है कि अविजित सोलंकी, जो कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से प्रशिक्षित हैं, इन दिनों रतलाम में तीन दिवसीय थिएटर मेकिंग वर्कशॉप में प्रशिक्षण दे रहे हैं। यह कार्यशाला टैगोर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, भोपाल के सह-निदेशक विक्रांत भट्ट के संयोजन में आयोजित की जा रही है।वर्कशॉप का आयोजन रोटरी हॉल में रोजाना शाम 4 से रात 8 बजे तक किया जा रहा है। युवाओं को मंचीय कला की मिलेगी व्यावहारिक समझ यह वर्कशॉप विशेष रूप से 16 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए डिज़ाइन की गई है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को अभिनय, समूह में कार्य करना और परफॉर्मेंस डिवाइज़िंग की बुनियादी तकनीकों से परिचित कराना है।यह प्रशिक्षण युवा रंगकर्मियों को सामूहिक कहानी गढ़ने और परफॉर्मेंस निर्माण की व्यावहारिक समझ प्रदान करेगा।

Ratlam News: “रतलाम पुलिस का वारंट स्पेशल ड्राइव: 9 दिन में 256 फरार आरोपी गिरफ्त में”

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए रतलाम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार प्रभावशाली साबित हो रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा के मार्गदर्शन में 1 जून से 9 जून 2025 तक चले इस अभियान में 35 स्थाई वारंट और 221 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए हैं। इस दौरान विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने मिलकर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को चिन्हित कर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। यह अभियान विशेष रूप से उन अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा है, जो न्यायालय के वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते आ रहे थे। पुलिस की इस सक्रियता से जिले में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी अमित कुमार ने कहा कि “जिले में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।”

Ratlam News: मोबाइल के लालच में 16 साल के बेटे ने बेच दिए मां के 12.50 लाख के गहने, सिर्फ फोन और 2 लाख में ठगी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग ने मोबाइल खरीदने के लालच में अपनी मां के करीब 12.50 लाख रुपये के सोने के गहने बेच दिए। इस पूरे घटनाक्रम में एक नाबालिग दोस्त और एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर गहने दिलवाए, और बदले में सिर्फ एक मोबाइल फोन और 2 लाख रुपये ही दिए। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सोने की रिकवरी की कोशिश की जा रही है।  ऐसे रची गई गहनों की ठगी की साजिश घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है। 6 जून को जब महिला एक शादी समारोह के लिए तैयार हो रही थी, तब अलमारी से गहने गायब मिले। महिला के पति ने जब बेटे से पूछा, तो पहले वह घबराया, फिर सच्चाई सामने लाई। पिता बोले- बेटे का ब्रेनवॉश कर गिरोह ने फंसाया नाबालिग के पिता ने कहा कि यह कोई सामान्य धोखाधड़ी नहीं है, बल्कि एक पूरी गैंग है जो बच्चों को महंगे मोबाइल के लालच में फंसा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रभावित किया गया और बार-बार गहने मंगवाए गए। “बेटा यह नहीं समझ सका कि सोना कितना महंगा होता है। तीन बार में करीब 20 से 22 लाख रुपये का सोना चला गया,” – पिता मां ने भी जताई चिंता, बेटे को किया टारगेट नाबालिग की मां ने कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर टारगेट किया गया। उन्होंने कहा कि सरफिन अंसारी और उसके जैसे लोग नाबालिगों को बहकाकर उनका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने पुलिस से अपील की कि उनके बेटे को रिहा कर पढ़ाई की ओर वापस लाया जाए।  दो सराफा दुकानों पर बेचा सोना, व्यापारी भी जांच के घेरे में पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरफिन ने चांदनी चौक की दो सराफा दुकानों — वीके मार्केट और कोठारी मार्केट — में गहने बेचे। पुलिस इन व्यापारियों से भी पूछताछ कर रही है। अब सवाल उठ रहा है कि इतना सोना खरीदते वक्त सराफा व्यापारियों ने किसी तरह की पूछताछ क्यों नहीं की? तीन मोबाइल खरीदे गए, एक गिफ्ट कर दिया पुलिस रिपोर्ट में सिर्फ एक मोबाइल की बात है, लेकिन पिता के अनुसार तीन मोबाइल खरीदे गए, जिनमें से एक बेटा खुद रखे था, एक दोस्त के पास था और एक किसी को गिफ्ट कर दिया गया। पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच यह घटना सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि किस तरह नाबालिग बच्चों को टारगेट कर ठगी की जा रही है।पुलिस को अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करनी होगी ताकि आगे कोई और बच्चा इस जाल में न फंसे।

Ratlam News: रतलाम में रात की सख्ती: चाकू के साथ दो युवक गिरफ्तार, बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में देर रात तक बेवजह घूमने और हथियार लेकर चलने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार रात रतलाम पुलिस ने एक संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर दो युवकों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया, जबकि कई बाइक चालकों के भी चालान काटे गए। यह अभियान हाल ही में हुई चाकूबाजी की दो वारदातों के बाद तेज किया गया है, जिनमें रात के समय दो युवकों की जान जा चुकी है। इसके बाद पुलिस शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में है। चौराहों, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर पुलिस की सख्ती सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के निर्देशन में औद्योगिक थाना, डीडी नगर, स्टेशन रोड और माणकचौक थानों की संयुक्त टीमों ने देर रात शहर के संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी की। खास फोकस चौराहों, बस स्टैंड, और मुख्य मार्गों पर रखा गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाशी ली। बाजना बस स्टैंड से युवक पकड़ा गया चाकू के साथ डीडी नगर थाना पुलिस ने बाजना बस स्टैंड से एक युवक संदीप उर्फ शिनु (21), निवासी सैनिक कॉलोनी, दीनदयाल नगर को खटकेदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। दूसरी गिरफ्तारी दो मुंह की बावड़ी क्षेत्र से इसी अभियान के दौरान थाना माणकचौक की पुलिस टीम ने कमलेश धानक, निवासी दो मुंह की बावड़ी, को भी चाकू रखने के आरोप में गिरफ्तार किया और उस पर भी कानूनी कार्रवाई की गई। रात 11 बजे के बाद दुकानों को कराया जा रहा बंद पुलिस अब रात 11 बजे के बाद दुकानें बंद करवा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर लगाम लगाई जा सके। इसके अलावा, चाय की होटलों और चौराहों पर खड़े युवकों से पूछताछ कर उनके दस्तावेज जांचे जा रहे हैं। पुलिस की अपील: शहर की सुरक्षा में सहयोग करें पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय बेवजह न घूमें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 100 पर दें। शहर की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है।