Ratlam News: गुलाब चक्कर हुआ रोशन: रतलाम की ऐतिहासिक धरोहर को मिला नया जीवन, कलेक्टर राजेश बाथम ने किया भव्य शुभारंभ

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम शहर की ऐतिहासिक विरासत गुलाब चक्कर अब गुलाबी रोशनी और संगीत की मधुर धुनों के साथ एक नए रूप में जगमगा रही है। शहर के मध्य स्थित इस सांस्कृतिक धरोहर का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद शनिवार शाम को इसका भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर राजेश बाथम की प्रमुख उपस्थिति रही। गुलाब चक्कर को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा आकर्षक प्रकाश सज्जा और साउंड सिस्टम से सजाया गया है। उद्घाटन अवसर पर एसएएफ इंदौर के पुलिस बैंड ने प्रस्तुति दी, जिसके बाद प्रकाश और संगीत का मनोहारी प्रदर्शन हुआ। कलेक्टर बाथम ने जानकारी दी कि गुलाब चक्कर परिसर में 9 जून से प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे योग कक्षाएं प्रारंभ होंगी। आगामी 5 दिनों तक रतलाम की स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा गीत-संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दो माह में दो ओपन एयर रेस्टोरेंट भी आमजन के लिए खोले जाएंगे। प्रकाश और साउंड शो हर शाम सूर्यास्त के 10 मिनट बाद और रात 9:30 बजे नियमित रूप से होगा। यह परिसर शुरूआती कुछ महीनों तक लगभग निशुल्क उपयोग के लिए आमजन को उपलब्ध रहेगा। गुलाब चक्कर में अब कला, साहित्यिक गोष्ठियां, योग, पेंटिंग, बुक फेयर, लोकनाट्य, इंडोर गेम्स, रोलर स्केटिंग, खादी-हथकरघा प्रदर्शनियोंजैसे आयोजनों की भी अनुमति रहेगी। हालांकि सामाजिक सम्मेलन, शादी या निजी पार्टियों की इजाजत नहीं होगी।  गुलाब चक्कर का ऐतिहासिक महत्व 1879 में महाराजा रणजीत सिंह द्वारा अपनी पुत्री गुलाब कंवर के नाम पर बनवाया गया यह चक्कर रतलाम की पहचान है। चतुष्कोणीय आकार में बनी इस संरचना के चारों कोनों पर मीनार जैसे स्तंभ हैं, जिन पर गुलाब के फूलों की आकृतियां उकेरी गई हैं। यहां पूर्व में फव्वारों से गुलाबजल की बौछारें होती थीं और चिड़ियाघर भी था। इस परिसर में आज भी साढ़े चार क्विंटल वज़नी पत्थर मौजूद है, जो सन 1900 में पंजाब के पहलवान गुलाम मोहम्मद द्वारा उठाया गया था। जनभागीदारी और सहयोग से साकार हुआ सपना गुलाब चक्कर का जीर्णोद्धार जिला पुरातत्व परिषद, मध्य प्रदेश शासन की जनभागीदारी योजना, IPCA कंपनी के CSR फंड और जन सहयोग से संभव हुआ है।  शुभारंभ कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति इस अवसर पर कलेक्टर राजेश बाथम, डीआईजी मनोज सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, एसडीएम अनिल भाना, समाजसेवी गोविंद काकानी, जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय, संध्या बेलसरे सहित कई अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Ratlam News: टोकड़ा कंजर डेरा के दो शातिर कंजर गिरफ्तार: 60 लीटर कच्ची शराब के साथ चोरी की वारदातों का भी खुलासा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अवैध शराब और चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर बड़ावदा थाना अंतर्गत चौकी हाटपिपलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 5 जून को पुलिस ने राजस्थान के टोकड़ा कंजर डेरा से दो शातिर बदमाशों को अवैध शराब के साथ धरदबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी ट्रैक्टर व वाहन चोरी की वारदातों में लिप्त रहे हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति नीली प्लास्टिक केनो में कुछ लेकर स्प्लेंडर बाइक से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में दो केनों से 60 लीटर कच्ची महुए की हाथ भट्टी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 6000 रुपये बताई गई है। शराब के साथ पकड़ी गई मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर घिसा हुआ था, जिससे उसके चोरी का होना भी संदिग्ध लग रहा है। इंजन नंबर HA11E8R5G81239 दर्ज किया गया है। चोरी के मामलों में भी कबूलनामा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज बाबू पिता भगतिया कंजर (उम्र 40 वर्ष) और शैतानसिंह पिता कलालिया कंजर (उम्र 35 वर्ष), दोनों निवासी टोकड़ा कंजर डेरा, थाना उन्हैल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने करीब पांच महीने पहले सिन्दुरकिया गांव के पास एक आयशर कंपनी का ट्रैक्टर और 5-6 माह पूर्व सरसी के पास खीमाखेड़ी गांव से एक तूफान गाड़ी चोरी करना कबूला है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 3 हार्स पावर की पानी की मोटर भी बरामद की गई है। कानूनी कार्यवाही जप्त सामग्री टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, प्रधान आरक्षक 504 दिनेशसिंह भदौरिया, आरक्षक 1011 नरेन्द्र परमार, 1099 रोहताश जाट, सैनिक 1081 संग्रामसिंह, 1159 प्रतापसिंह और 1059 अंकित प्रजापत की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।

Ratlam News: रतलाम में शीतला माता मंदिर के बाहर मांस मिलने से हड़कंप, अज्ञात के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने की साजिश का मामला दर्ज

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क | Ratlam News: शहर के ऊंकाला रोड स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के बाहर रविवार सुबह मांस के टुकड़े पाए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से कृत्य करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर सेवक रवि प्रजापत ने बताया कि वह सुबह करीब 7 बजे जब मंदिर के पट खोलने पहुंचे, तो उन्होंने नाले के ऊपर फर्शी पर मांस के टुकड़े देखे। उन्होंने तुरंत स्थानीय रहवासियों और हिंदू संगठनों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हिंदू संगठन के प्रतिनिधि कमलेश्वर ग्वालियरी समेत क्षेत्रीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी व अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। वहीं, नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मांस के टुकड़े हटवाए और फायर ब्रिगेड ने परिसर को पूरी तरह साफ किया। मंदिर सेवक रवि प्रजापत की शिकायत पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और अशांति फैलाने के उद्देश्य से कृत्य करने की धाराओं में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी। स्थानीय लोगों में आक्रोश, रात में नशेड़ी युवकों की आवाजाही पर सवाल घटना के बाद कमलेश ग्वालियरी, मंगल लोढ़ा, चंदन शर्मा, मोनू मराठा, भरत गुर्जर, गजराज यादव, रामकन्या बाई, ललिता कहार, राजेश कहार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मंदिर पहुंचे और नाराजगी जताई।रहवासियों का कहना है कि मंदिर के आसपास देर रात तक कुछ युवक बैठकर नशा करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना के पीछे उन्हीं में से किसी का हाथ हो सकता है।

Ratlam News: रतलाम में बड़ा हादसा टला: बेकाबू ट्रॉला पुलिस चौकी में घुसा, डिवाइडर तोड़ सड़क की दूसरी ओर पहुंचा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ढोढर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार में दौड़ता एक ट्रॉला (NL 01 AH 0729) बेकाबू होकर पुलिस चौकी में जा घुसा। यह हादसा जावरा-मंदसौर फोरलेन पर सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। ट्रॉला चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन डिवाइडर तोड़कर सड़क की दूसरी ओर पहुंच गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पुलिस चौकी का गेट टूट गया और अंदर खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रॉला पूरी तरह खाली था और जावरा से मंदसौर की ओर जा रहा था। नशे में था चालक? पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ट्रॉला चालक नशे की हालत में था। घटना के समय पुलिस चौकी के पास यात्री प्रतीक्षालयमें कुछ ही लोग मौजूद थे। सुबह का समय होने के कारण भीड़ कम थी, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉला को हटवाया गया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और ट्रॉला मालिक से भी संपर्क किया जा रहा है।

Ratlam News: रतलाम के दो जांबाज अफसरों को मिला केएफ रुस्तमजी पुरस्कार: नक्सलियों के सप्लायर पर कार्रवाई और फरार गुंडे को मुठभेड़ में दबोचने का इनाम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के लिए गर्व की बात है कि सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मो और एसआई अनुराग यादव को वर्ष 2021-22 के ‘केएफ रुस्तमजी पुरस्कार’ से नवाजा जा रहा है। यह पुरस्कार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा उन अफसरों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी बहादुरी, समझदारी और सेवा के दौरान असाधारण कार्य किए हों। दुर्गेश आर्मो की नक्सली नेटवर्क पर सर्जिकल स्ट्राइक सीएसपी दुर्गेश आर्मो वर्ष 2021-22 में नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र में पदस्थ थे। इस दौरान उन्होंने नक्सलियों को हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क को बेनकाब किया और प्रभावी कार्रवाई की। उनके इस कार्य से नक्सली गतिविधियों को बड़ा झटका लगा। एसआई अनुराग यादव की मुठभेड़ जैसी गिरफ्तारी माणक चौक थाना प्रभारी एसआई अनुराग यादव ने जनवरी 2022 में रतलाम में हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी कुख्यात गुंडे अकबर घोसी को राजस्थान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान जब आरोपी रास्ते में पुलिसकर्मी को धक्का मारकर राइफल छीन भागने लगा, तो एसआई यादव ने पीछा करते हुए उसके पैर में गोली मारकर उसे दोबारा गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई न केवल साहसिक थी, बल्कि रतलाम पुलिस की तत्परता और कुशलता का भी प्रमाण बनी। कौन थे केएफ रुस्तमजी? खुसरो फ़रामुर्ज़ रुस्तमजी (K.F. Rustamji) भारतीय पुलिस सेवा के पहले बैच के अफसरों में से एक थे। 1952 में वे प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे। उन्होंने चंबल के दुर्दांत डकैतों को हराया और 1971 के भारत-पाक युद्ध में बीएसएफ के महानिदेशक रहते हुए अहम भूमिका निभाई। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। क्या है केएफ रुस्तमजी पुरस्कार? यह पुरस्कार 22 अगस्त 2013 से प्रारंभ किया गया था और इसे हर साल तीन श्रेणियों में पुलिसकर्मियों को प्रदान किया जाता है: इसका उद्देश्य नक्सल विरोधी अभियानों, सांप्रदायिक तनाव, गंभीर कानून-व्यवस्था स्थितियों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित करना है। रतलाम के इन दोनों अफसरों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलना जिले के लिए गौरव की बात है और पुलिस बल के लिए प्रेरणा।

Ratlam News: रतलाम: जमीन विवाद में लाठी-डंडे चले, सिर फोड़ा, कोर्ट ने 5 को सुनाई 5-5 साल की सजा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नामली थाना क्षेत्र के सेमलिया रोड पर जमीन के सीमांकन के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने फैसला सुनाया है। कोर्ट ने पांच आरोपियों को दोषी मानते हुए 5-5 साल के सश्रम कारावास और 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह फैसला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरा ने सुनाया। जिला लोक अभियोजक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना 1 जून 2022 को दोपहर करीब 12:30 बजे की है। फरियादी भंवरलाल अपने खेत पर स्थित नवज्योति विद्यापीठ की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य देख रहे थे, तभी यह विवाद हुआ। आरोपियों ने मिलकर किया हमला घटना के दौरान आरोपी प्रेमा बाई ने सीमांकन को हटाने की कोशिश की, जिसका फरियादी के बेटों ने विरोध किया। इसके बाद महेश, गोविंद और पंकज लाठी लेकर मौके पर पहुंचे। 14 गवाह और 40 दस्तावेजी साक्ष्य पेश पुलिस ने विवेचना के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ चालान कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 14 गवाहों के बयान और 40 दस्तावेजी साक्ष्य कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किए। वैज्ञानिक एवं प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

Ratlam News: गर्लफ्रेंड को फोन लगाया तो कर दी हत्या: रतलाम में युवक की चाकू मारकर हत्या का खुलासा, दोस्त निकला कातिल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम के कालिका माता मंदिर परिसर में 9 दिन पहले हुई 21 वर्षीय युवक अरुण असावरा की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतक ने आरोपी की महिला मित्र को फोन किया था, जिससे नाराज होकर उसके दोस्त ने शराब के नशे में चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। 29 मई को मिला था युवक का शव शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित मित्र निवास कॉलोनी में 29 मई की सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक की पहचान अरुण (21) पिता मनोहरलाल असावरा निवासी रत्नेश्वर रोड के रूप में हुई। शव पर चाकू के कई निशान थे। 📹 सीसीटीवी में कैद हुआ अरुण का संघर्ष जांच के दौरान पुलिस को कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिला, जिसमें अरुण जान बचाकर भागता नजर आया। चाकू लगने के बाद वह करीब 100 मीटर दूर खाली प्लॉट तक दौड़ता हुआ गया, जहां अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी उज्जैन से फरार मिला पुलिस ने मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की तो शक की सुई उत्तम सोलंकी (20) निवासी उज्जैन पर जाकर टिक गई। आरोपी घटना के बाद अरुण की बाइक लेकर उज्जैन भाग गया था और वहां से भोपाल ट्रेन से चला गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्रकी मदद से भोपाल में उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया।  “गर्लफ्रेंड को फोन क्यों किया” – इसी बात पर किया खून एसपी अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 मई की रात उत्तम सोलंकी और अरुण ने डोसी गांव स्थित शराब दुकान पर शराब पी। इसके बाद दोनों कालिका माता मंदिर के पास चौपाटी पर पहुंचे। वहां अरुण ने उत्तम की महिला मित्र को फोन किया, जिससे उत्तम नाराज हो गया। नशे में दोनों में विवाद हुआ और उत्तम ने चाकू से अरुण पर हमला कर दिया। आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं केस उत्तम सोलंकी मूल रूप से रतलाम के खातीपुरा में रहता था, लेकिन करीब दो साल पहले उज्जैन के सिंधी कॉलोनी, बागपुर में बस गया। स्टेशन रोड थाने में उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।

Ratlam News: बकरीद से पहले गोवंश तस्करी और वध के विरोध में विहिप सक्रिय, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: बकरीद पर्व से पहले गोवंश की तस्करी और संभावित वध की आशंका को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गो रक्षा विभाग ने शुक्रवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया, जिसमें जिला प्रशासन और पुलिस को सख्त निर्देश जारी करने की मांग की गई। ज्ञापन में विहिप ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन कुछ स्थानों पर बकरीद जैसे पर्वों पर गोवंश की अवैध तस्करी और वध की घटनाएं बढ़ जाती हैं। परिषद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो गोरक्षक सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रमुख पदाधिकारी:इस अवसर पर विहिप के जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावल, जिला मंत्री गौरव शर्मा, जिला संयोजक मुकेश व्यास, सह संयोजक मुन्नू कुशवाहा, गो रक्षा प्रमुख योगेश चौहान, बजरंग दल गो रक्षा प्रमुख डिंपल प्रजापत, सह प्रमुख गजनेंद्र शक्तावत, प्रचार प्रमुख मोंटी जायसवाल, सह प्रमुख रिक्की सेन और धर्म प्रसार प्रमुख बालाजी गुर्जर मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जिले में गोवंश की ढुलाई और वध पर सख्त निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही उन्होंने अपील की कि कई राज्यों में बकरीद पर गोवंश ढुलाई को लेकर दी जाने वाली ढील इस बार न दी जाए। विहिप ने स्पष्ट किया कि हिंदू समाज गोवंश की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी कीमत पर गोवध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Ratlam News: रतलाम नगर निगम में मारपीट का वीडियो वायरल: रिटायर्ड महिला और पुरुष कर्मचारी आपस में भिड़े, थाने में हुआ समझौता

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम नगर निगम परिसर गुरुवार को उस समय अखाड़ा बन गया जब दो रिटायर्ड कर्मचारी—एक पुरुष और एक महिला—के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस पूरी घटना का वीडियो गुरुवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को लात-घूंसे चलाते हुए देखा जा सकता है। विवाद में शामिल पुरुष कर्मचारी दिनेश सोलंकी मीसाबंदी रह चुके हैं, जबकि महिला कर्मचारी का नाम फूलकुंवर बताया गया है। घटना नगर निगम मुख्य द्वार के अंदर परिसर में दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। आपसी अनबन ने लिया हिंसक रूप स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से आपसी कहासुनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि सोलंकी ने महिला को कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे नाराज महिला दो दिन से उनकी प्रतीक्षा कर रही थी। जैसे ही गुरुवार को सोलंकी नगर निगम पहुंचे, महिला ने उनका रास्ता रोक लिया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने पहले थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में सोलंकी ने भी वार किया। गाली-गलौज के साथ महिला ने हाथ में लट्ठ तक उठा लिया। बाद में अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो इस मारपीट का वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों को आपस में धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। वीडियो में सोलंकी यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने “हंसी-मजाक में बात की थी”, लेकिन क्या कहा गया था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। थाने में पहुंचा मामला, बिना FIR हुआ समझौता घटना के बाद दोनों कर्मचारी स्टेशन रोड थाने पहुंचे, जहां नगर निगम के अन्य कर्मचारी भी पहुंच गए। थाने में दोनों पक्षों को समझाया गया, और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। नगर निगम के उपायुक्त और प्रभारी कमिश्नर करुणेश दंडोतिया ने पुष्टि की कि मारपीट की सूचना उन्हें मिली थी, लेकिन किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी।

Ratlam News: CM के दौरे से पहले रतलाम में खून की होली: 17 साल के किशोर की थाने के पास चाकू से हत्या

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जिले में आगमन से ठीक पहले रतलाम शहर में एक और नृशंस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात स्टेशन रोड थाने से चंद कदमों की दूरी पर एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह पिछले सात दिनों में दूसरी ऐसी हत्या है, जो पुलिस चौकियों के पास हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक विशाल (17) पिता दिनेश ररोतिया, निवासी रतलाम, ई-रिक्शा चालक था। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त के साथ चाय पीने निकला था। लौटते समय स्टेशन रोड क्षेत्र के दो बत्ती फ्रिंगज चौराहे के पास एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद के बाद विशाल वहां से भागा, लेकिन पीछे से दो युवकों ने उसका पीछा कर उस पर 15 बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल किशोर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी स्वराज डाबी, एसआई हीरालाल चंदन सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है— एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि हत्या का प्राथमिक कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है। यह घटना न केवल शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अपराधी अब पुलिस की मौजूदगी से भी नहीं डरते।