Ratlam News: रतलाम में समाजसेवी गोविंद काकानी ने लावारिस माने जा रहे बुजुर्ग गंगाराम का परिवार ढूंढ करवाया अंतिम संस्कार

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मानवीय संवेदना का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए समाजसेवी गोविंद काकानी ने एक और लावारिस माने जा रहे मृतक बुजुर्ग का परिवार ढूंढ निकाला और उनका अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक करवाया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी पर बातचीत के दौरान नायक पवन सिंह परिहार ने बताया कि एक अज्ञात शव का अंतिम संस्कार किया जाना था। तभी काकानी ने सहज ही पूछा कि क्या उसका नाम गंगाराम तो नहीं है? इस पर उन्होंने जानकारी दी कि वही व्यक्ति हैं जिन्हें 16 सितंबर को गंभीर हालत में शहर सराय स्थित शिव मंदिर से 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय लाया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान गंगाराम की हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन किडनी की खराबी के चलते 30 सितंबर को उन्हें मेडिकल कॉलेजमें भर्ती करवाया गया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती पर्ची में जानकारी न होने से उन्हें लावारिस मान लिया गया था। इसी बीच, समाजसेवी गोविंद काकानी ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस की मदद से जानकारी जुटाई और औद्योगिक थाना पुलिस के माध्यम से गंगाराम बड़गोतिया के परिवार तक सूचना पहुंचाई। सूचना मिलते ही मृतक के सुपुत्र प्रवीण बड़गोतिया अपने मित्रों के साथ पहुंचे और अपने पिता की पहचान आधार कार्ड से की। प्रवीण ने बताया कि उनके पिता ने वर्षों पहले परिवार त्यागकर संन्यासी जीवन अपना लिया था। आज सिंधी समाज के निशुल्क शव वाहन और काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की मदद से जवाहर नगर मुक्तिधाम पर विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला रोगी कल्याण समिति, समन्वय परिवार, प्रभु प्रेमी संघ और काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Railway News: उज्जैन यार्ड रिमॉडलिंग कार्य समय से पहले पूरा: 15 अक्टूबर से सभी ट्रेनें फिर चलेंगी अपने नियमित मार्ग से

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Railway News: पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से जुड़ी बड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चल रहा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य अब तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। इस कारण रेलवे ने 14 अक्टूबर 2025 को ही ब्लॉक समाप्त करने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि इस कार्य के चलते 11 से 15 अक्टूबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य हेतु ब्लॉक लिया गया था। इस अवधि में उज्जैन होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को निरस्‍त, शॉर्ट टर्मिनेट/ओरिजिनेट या मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा था। अब कार्य समय से पूर्व पूर्ण हो जाने के बाद, 15 अक्टूबर 2025 से सभी प्रभावित ट्रेनें अपने नियमित मार्ग से संचालित की जाएंगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उज्जैन यार्ड रिमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों की संचालन क्षमता और रफ्तार में सुधार होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

Ratlam News: एम.फार्मा: शत-प्रतिशत रोजगार की गारंटी! रॉयल कॉलेज, रतलाम में शुरू हुआ नया सत्र, प्रवेश जारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में फार्मेसी आज तेजी से उभरता हुआ करियर विकल्प बन गया है। रोजगार के व्यापक अवसरों और स्थिर भविष्य की दृष्टि से एम.फार्मा (Master of Pharmacy) की डिग्री आज युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है।हाल के उद्योग सर्वेक्षणों के अनुसार, एम.फार्मा डिग्री धारकों को लगभग 100 प्रतिशत रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। रॉयल कॉलेज, रतलाम में भी एम.फार्मा पाठ्यक्रम की पढ़ाई उत्कृष्ट स्तर पर कराई जा रही है। कॉलेज के फार्मेसी संकाय के प्राचार्य डॉ. मनीष सोनी के अनुसार, “एम.फार्मा की डिग्री न केवल एक सुरक्षित करियर का मार्ग प्रशस्त करती है, बल्कि यह स्वास्थ्य सेवा और देश की अर्थव्यवस्था में भी अहम भूमिका निभाती है।” एम.फार्मा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ अनुसंधान आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान करता है, जिससे छात्र उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी तरह तैयार होते हैं। इस डिग्री के माध्यम से छात्र अनुसंधान एवं विकास (R&D), उत्पादन (Production), गुणवत्ता नियंत्रण एवं आश्वासन (Quality Control & Quality Assurance), क्लीनिकल रिसर्च (Clinical Research), अस्पताल फार्मेसी (Hospital Pharmacy) जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ड्रग इंस्पेक्टर, वैज्ञानिक पद एवं शैक्षणिक क्षेत्र में भी उज्ज्वल संभावनाएं उपलब्ध हैं। रॉयल कॉलेज, रतलाम में वर्तमान सत्र के लिए एम.फार्मा में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थियों के लिए कॉलेज में एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहाँ उन्हें प्रवेश प्रक्रिया, करियर गाइडेंस, काउंसलिंग और प्लेसमेंट से जुड़ी समस्त जानकारी दी जा रही है।

Ratlam News: रतलाम में दिखा 10 किलो वजनी दुर्लभ पेंगोलीन, किसान ने दिखाई समझदारी – वन विभाग ने किया रेस्क्यू

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के सिमलावदा गांव में उस समय लोगों में उत्सुकता फैल गई जब एक किसान के खेत में दुर्लभ प्रजाति का वन्य जीव पेंगोलीन (चित्तीदार चींटीखोर) दिखाई दिया। यह पेंगोलीन लगभग 10 किलो वजनी बताया जा रहा है। किसान ने समझदारी दिखाते हुए इसे सुरक्षित रखा और सुबह वन विभाग को सूचना देकर सौंप दिया। वीडियो देखे घटना नयापुरा बस्ती, सिमलावदा की है, जहां किसान दुलेसिंह दायमा (बंजारा) रविवार–सोमवार की रात अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में एक अनोखा जीव देखा। पहले तो वे घबरा गए, लेकिन पहचानने के बाद सावधानीपूर्वक उसे पकड़ा और घर ले जाकर बाथरूम में सुरक्षित रखा। किसान ने रातभर जीव की सुरक्षा की और सुबह इंटरनेट के जरिए पता लगाया कि यह एक दुर्लभ प्रजाति का पेंगोलीन है। सुबह करीब 10 बजे सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम — रेंजर शंकरलाल राणा और छोकसिंह डांगी — मौके पर पहुंची और जीव का सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन किया। फिलहाल पेंगोलीन को रेंजर कार्यालय में रखा गया है। रेंजर अधिकारी कमलसिंह देवड़ा ने बताया कि जिस क्षेत्र में यह पेंगोलीन मिला है, वहां आसपास और भी इसी प्रजाति के जीव होने की संभावना है। इसलिए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पेंगोलीन एक अत्यंत दुर्लभ और विलुप्तप्राय वन्य जीव है, जिसकी तस्करी और शिकार बड़े पैमाने पर होते हैं। इस कारण इसकी संख्या लगातार घट रही है। वन विभाग ने किसान दुलेसिंह दायमा की जागरूकता और जीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Ratlam News: IMA रतलाम की नई कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह सम्पन्न, डॉ चैतन्य खण्डेलवाल बने अध्यक्ष, डॉ विनय शर्मा ने संभाली सचिव की जिम्मेदारी

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क|Ratlam News: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रतलाम शाखा की नवीन कार्यकारिणी का पदग्रहण समारोह सूभेदार स्थित IMA हॉल में गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ चैतन्य खण्डेलवाल ने अध्यक्ष एवं डॉ विनय शर्मा ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ लीला जोशी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में CHMO डॉ संध्या बेलसरे और सिविल सर्जन डॉ एम.एस. सागर उपस्थित रहे। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ गोपाल यादव ने स्वागत भाषण देते हुए अपने कार्यकाल की गतिविधियों की जानकारी पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। वहीं, निवर्तमान सचिव डॉ अभिषेक अरोरा ने सभी IMA सदस्यों को सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया गया। सम्मानित चिकित्सकों में प्रमुख रूप से पद्मश्री डॉ लीला जोशी, डॉ एम.ए. सय्यद, डॉ एन.के. शाह, डॉ वी.वी. पुरोहित, डॉ राजकुमारी पुरोहित, डॉ अनुराधा गोखले, डॉ गायत्री तिवारी, डॉ जी.पी. डबकरा, डॉ पी.एस. ठाकुर सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। नई कार्यकारिणी में प्रमुख पदाधिकारियों में — नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ चैतन्य खण्डेलवाल ने कहा कि आने वाले कार्यकाल में नियमित चिकित्सकीय कार्यशालाओं, स्वास्थ्य शिविरों और समाज व चिकित्सकों के बीच संवाद बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ स्मिता शर्मा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन सचिव डॉ विनय शर्मा द्वारा किया गया।

Ratlam News: रतलाम में मां कालरात्रि प्राकट्य कथा से गुंजा भक्तिभाव, कल होगा शिव-पार्वती विवाह उत्सव

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मेहताजी का वास स्थित मधुरभाव हरीदासी में चल रही नौ दिवसीय मां देवी भागवत कथा में शनिवार को भक्तिमय माहौल के बीच मां कालरात्रि प्राकट्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से पधारे पंडित श्री हेमंत जी अग्निहोत्री द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का संचालन संस्कृत गुरुकुल शैक्षणिक जन कल्याण समिति एवं ज्योतिषाचार्य श्याम कुमार सांवरा के तत्वावधान में किया जा रहा है। पंडित हेमंत जी ने श्रद्धालुओं को बताया कि मां कालरात्रि मां दुर्गा का सातवां स्वरूप हैं, जो नवरात्रि की सप्तमी तिथि को पूजित होती हैं। उन्होंने कहा — “जब रक्तबीज राक्षस ने तीनों लोकों में उत्पात मचाया, तब देवी ने कालरात्रि रूप धारण कर उसका संहार किया और संसार को भयमुक्त किया।” उन्होंने बताया कि मां कालरात्रि के पूजन से भय, बाधा, भूत-प्रेत, तंत्र-मंत्र और ग्रहदोष का नाश होता है। साधक को साहस, निडरता और आध्यात्मिक शक्ति की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के दौरान पोती पूजन एवं व्यास पीठ पूजन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में देवीसिंह गोयल (उस्ताद), पवन सोमानी, निशा सोमानी, जनक नागल, सुमन नागल, जुझार सिंह भाटी एवं श्रीमती रेखा सिसोदिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कथा के अंत में मां की आरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। कल कथा के मध्य शिव-पार्वती विवाह उत्सव का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा।

MP News: रतलाम में किसानों के लिए हेल्पडेस्क नंबर जारी — अब पंजीयन और खरीदी की शिकायतों का होगा तुरंत समाधान

रतलाम- पब्लिक वार्ता,न्यूज़ डेस्क। MP News: किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रतलाम जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार भावान्तर भुगतान योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और किसान हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है। यह कंट्रोल रूम कलेक्टर कार्यालय, कक्ष क्रमांक 222 में स्थापित किया गया है। किसान अब अपनी पंजीयन एवं खरीदी संबंधित शिकायतोंके समाधान के लिए हेल्पडेस्क नंबर 07412-299061 पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कॉल कर सकेंगे। कलेक्टर ने बताया कि किसानों की सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा ताकि किसी को भी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई न हो। हेल्पडेस्क का संचालन डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा के मार्गदर्शन में किया जाएगा। वहीं, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सहायक संचालक कृषि श्री भीका वास्के और कंप्यूटर प्रोग्रामर आत्मा श्री जसवंत बारिया को दायित्व सौंपा गया है। नोडल अधिकारी प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर शाम 6 बजे कलेक्टर को प्रस्तुत करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को योजनाओं से जुड़ी हर जानकारी और सहायता समय पर मिले।

Ratlam News: संघ शताब्दी वर्ष पर पांच स्थानों से पथ संचलन, 20 हजार स्वयंसेवकों का होगा महासंगम

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार, 5 अक्टूबर को रतलाम शहर में ऐतिहासिक पथ संचलन निकाला जाएगा। शहर को पांच उपनगरों में विभाजित कर पांच अलग-अलग स्थानों से संचलन शुरू होगा, जिसका संगम सैलाना बस स्टैंड स्थित महाराणा प्रताप चौराहे पर किया जाएगा। संचलन में लगभग 20 हजार स्वयंसेवकों के शामिल होने की तैयारी है। शनिवार देर शाम कलेक्टर मिशा सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। शहर के सभी थानों का बल और क्विक रिएक्शन फोर्स (QRF) संवेदनशील इलाकों में तैनात कर दी गई है। पांच स्थानों से निकलेगा संचलन स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण दोपहर 4 बजे होगा। बौद्धिक व प्रार्थना के बाद संचलन प्रारंभ होगा और शाम 6:30 बजे महाराणा प्रताप चौराहे पर महासंगम होगा। रूट और संगम स्थल खास बातें तैयारियों में जुटे स्वयंसेवक पिछले एक माह से स्वयंसेवक अभ्यास कर रहे हैं। घर-घर जाकर पुरुषों से संचलन में शामिल होने और महिलाओं से स्वागत हेतु रंगोली सजाने का आग्रह किया गया है।

Ratlam News: महाअष्टमी पर हाकिमवाड़ा में दुर्गा वाहिनी का भव्य शस्त्र गरबा, 52 वर्षों से निभाई जा रही परंपरा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नवरात्रि पर्व पर शहर में गरबा और भक्तिमय कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। इसी कड़ी में हाकिमवाड़ा क्षेत्र की शत्रु संवार नवदुर्गा सेवा समिति द्वारा महाअष्टमी पर दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में भव्य शस्त्र गरबा रास – 2025 का आयोजन किया गया। यह परंपरा लगातार 52 वर्षों से धूमधाम के साथ निभाई जा रही है। समिति के आयोजक धर्मेंद्र शर्मा, भरत शर्मा (पत्रकार), चैतन्य शर्मा, तपन भैया, अशोक भल्ला, अंकुश शर्मा, मेहुल सिंह राणावत और मोनू राजवत सहित सदस्यों ने बड़े स्तर पर पांडाल सजाकर मां अंबे का आकर्षक श्रृंगार किया। मंगलवार को गरबा रास से पूर्व माता रानी की पूजन-अर्चना हिंदुत्व प्रहरी प्रकाश शर्मा सवारियां के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में आरधिकाओं ने पारंपरिक परिधानों में उत्साह और उमंग के साथ गरबा रास कर मां दुर्गा की आराधना की। हाकिमवाड़ा क्षेत्र का यह गरबा महोत्सव हर साल भक्तों और गरबा प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का

Ratlam News: नव युवा मंच परिवार का 20वां गरबा महोत्सव : सांस्कृतिक धरोहर संग आरएसएस शताब्दी वर्ष पर विशेष साज-सज्जा

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: नवरात्रि के पावन अवसर पर डोसीगांव स्थित नव युवा मंच परिवार द्वारा भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लगातार 20वें वर्ष संपन्न हो रहा है, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। समिति के सदस्य सोहम कटारिया ने बताया कि इस वर्ष गरबा पंडाल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सजाया गया है। पंडाल में भारत माता, आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार, गुरुजी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजगुरु, सुखदेव, भगत सिंह, आदिवासी नायक टांट्या मामा, राणा पूंजा भील तथा चार साहिबजादों के चित्र लगाए गए हैं। ये प्रेरणादायी झांकियां श्रद्धालुओं और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी क्षेत्र की बालिकाओं ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर नवरात्र उत्सव को जीवंत बना दिया। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन का आनंद ले रहे हैं। फोटो – गरबा पंडाल में मौजूद आयोजन समिति के सदस्य

↑
0%