Ratlam News: रतलाम में नई शराब दुकान का विरोध: महिलाओं का चक्काजाम, ‘जय भीम-जय भारत’ के नारों के बीच सड़क जाम

रतलाम के शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच खुलने वाली नई शराब दुकान का जोरदार विरोध, महिलाओं ने सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में शहीद चौक से आबकारी चौराहे के बीच प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को क्षेत्र के रहवासी, खासकर महिलाएं, तपती धूप में सड़क पर उतर आईं और दुकान के बाहर टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं। वीडियो देखे प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में ‘जय भीम, जय भारत’ के झंडे और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बैनर लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस विरोध के दौरान रहवासियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस को मार्ग डायवर्ट करना पड़ा। व्यापारियों ने भी दिया समर्थन विरोध के चलते शहीद चौक व्यापारी संघ ने अपनी दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन को समर्थन दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। रहवासियों की चिंता स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ेगा। रहवासियों ने बताया कि पास में पाठशाला और लाइब्रेरी है, जहां बच्चों का आना-जाना रहता है।उनका कहना है कि एक ओर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी जगह पर शराब दुकान खोलना विरोधाभासी है। साथ ही शहीद चौक जैसे श्रद्धास्थल के पास दुकान खोलने पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। पहले भी हो चुका है विरोध बताया जा रहा है कि इससे पहले शनिवार को भी रहवासियों ने इस दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, पहले शराब दुकान आबकारी कंपाउंड के अंदर स्थित थी, जिसे नए ठेके के बाद मुख्य सड़क पर स्थानांतरित किया जा रहा है। नए ठेकेदार द्वारा दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, हालांकि अभी तक दुकान में शराब का स्टॉक नहीं रखा गया है। अधिकारियों का पक्ष आबकारी सब इंस्पेक्टर पुष्पराज सिंह का कहना है कि दुकान में फिलहाल कोई सामान नहीं है और विरोध का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया था। पुलिस ने लोगों को समझाइश दी है और संबंधित विभागों से अनुरोध किया गया है कि किसी भी निर्णय से पहले स्थानीय रहवासियों की राय जरूर ली जाए।

Ratlam News: रतलाम में देर रात लूट: माही नदी पुल के पास परिवार को चाकू की नोक पर लूटा, आधा दर्जन बदमाश फरार

रतलाम के बाजना क्षेत्र में माही नदी पुल के पास देर रात लूट की वारदात, कुशलगढ़ निवासी परिवार से नकदी और जेवरात छीने, पुलिस जांच में जुटी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बाजना क्षेत्र में देर रात लूटपाट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जावरा से राजस्थान के कुशलगढ़ लौट रहे एक परिवार को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर चाकू की नोक पर लूट लिया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। आधा दर्जन बदमाशों ने घेरकर की लूट प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशलगढ़ निवासी कादर खान अपनी बेटी और तीन वर्षीय पोते के साथ बाइक से जावरा से घर लौट रहे थे। जब वे रतनपुर के पास माही नदी से करीब 9 किलोमीटर पहले पहुंचे, तभी रात करीब 12 बजे 6 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने धारदार हथियार (चाकू) दिखाकर परिवार को डराया-धमकाया। एक बदमाश ने कादर खान की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार सहम गया। नकदी, जेवर और जरूरी दस्तावेज लूटे पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब 5 हजार रुपये नकद, उनकी बेटी से 15 हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स लूटकर ले गए। इसके अलावा बाइक की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और कपड़ों से भरा बैग सहित अन्य जरूरी सामान भी छीन लिया गया। वाहन की लाइट देखकर भागे बदमाश इसी दौरान बाजना की ओर से आ रही एक मैजिक पिकअप वाहन की रोशनी देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार रात करीब 1 बजे बाजना थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस गश्त पर उठे सवाल बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शुरू की तलाश फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ratlam News: रतलाम में 47 लाख का साइबर फ्रॉड लिंक, डिजिटल अरेस्ट स्कैम में 3 गिरफ्तार

तमिलनाडु के कोयंबटूर में डिजिटल अरेस्ट स्कैम से 67 लाख की ठगी, 47 लाख रतलाम के बैंक खाते में ट्रांसफर। पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुए बड़े डिजिटल अरेस्ट साइबर फ्रॉड मामले में रतलाम कनेक्शन सामने आया है। ठगी गई करीब 67.75 लाख रुपए की राशि में से 47.75 लाख रुपए रतलाम के एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इस मामले में रतलाम पुलिस ने खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोयंबटूर के व्यक्ति से 67 लाख की ठगी मामले के अनुसार, कोयंबटूर निवासी केसी श्रीधर ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाया और 67,75,301 रुपए की ठगी कर ली। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि का एक बड़ा हिस्सा रतलाम के फेडरल बैंक खाते में जमा हुआ है, जिससे अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा हुआ। रतलाम के तीन आरोपी गिरफ्तार रतलाम पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि यह बैंक खाता माणकचौक निवासी प्रथम मित्तल (23) के नाम पर है। 25 मार्च 2026 को उसके खाते में 47,75,301 रुपए जमा हुए थे। पूछताछ में प्रथम ने बताया कि उसने अपने साथियों हेमंत रायक उर्फ मोनू और शुभम रेडा के कहने पर कमीशन के लालच में अपना खाता उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। म्यूल अकाउंट का हुआ इस्तेमाल जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त बैंक खाता “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे अकाउंट का उपयोग साइबर अपराधी ठगी के पैसे को छिपाने और ट्रांजेक्शन ट्रैकिंग से बचने के लिए करते हैं। पुलिस कर रही नेटवर्क की तलाश पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, इस मामले में अन्य राज्यों से जुड़े साइबर अपराधियों की भी तलाश की जा रही है। NCRP और I4C पोर्टल के जरिए डेटा एनालिसिस कर नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि— किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

रतलाम में RSS का विशेष प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, ‘गुणवत्ता संचलन’ पर रहा फोकस

रतलाम में RSS द्वारा आयोजित एक दिवसीय विशेष वर्ग में कार्यकर्ताओं को गुणवत्ता संचलन, दंड प्रकट और संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया। जानें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला रतलाम द्वारा “गुणवत्ता संचलन” विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ग का उद्देश्य संघ के कार्य विस्तार को गति देना और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। वीडियो देखे प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विशेष वर्ग 11 अप्रैल (शनिवार) को आयोजित हुआ, जिसका समापन 12 अप्रैल (रविवार) को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रतलाम के जैन कन्या स्कूल, काटजू नगर में किया गया, जहां चयनित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रशिक्षण वर्ग में “गुणवत्ता संचलन” के साथ-साथ दंड प्रकट कार्यक्रम, प्रथम वर्ष अपेक्षित वर्ग, उपखंड स्तर की टोली संचालन गतिविधियां और जिला समता प्रतियोगिता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण आयाम शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल और शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण दिया गया। संघ के अनुसार कार्यकर्ता निर्माण की प्रक्रिया में नियमित प्रशिक्षण और शारीरिक क्षमता का विशेष महत्व होता है। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के वर्गों का आयोजन किया जाता है, जिससे संगठन की मजबूती और कार्यकुशलता में वृद्धि हो सके। आयोजन में अभ्यास वर्गों के संचालक, जिला, नगर एवं खंड स्तर की टोली के सदस्य तथा दंड विषय की तैयारी करने वाले कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों के लिए पूर्ण गणवेश में उपस्थित होना अनिवार्य रखा गया था।

Ratlam News: रतलाम में IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Ratlam News: रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मोबाइल और सट्टा आईडी के स्क्रीनशॉट जब्त। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: शहर में आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला माणकचौक थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वीडियो देखे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अप.क्र. 175/26 में सट्टा अधिनियम की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 11 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:25 बजे चौमुखी पुल क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कसेरा बाजार स्थित गणेश मंदिर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए IPL मैच Chennai Super Kings vs Delhi Capitals पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पंचों के साथ मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के आधार पर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अक्षय पिता सुनील सुराना (उम्र 31 वर्ष), निवासी तेलियों की सड़क, रतलाम बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सैमसंग कंपनी का काले रंग का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया, जिसमें जियो सिम लगी हुई थी। मोबाइल की जांच करने पर गूगल क्रोम ब्राउजर में “ZEE EXCH” नामक ऑनलाइन सट्टा आईडी के माध्यम से IPL मैच पर दांव लगाना पाया गया। पुलिस ने सट्टा आईडी से जुड़े तीन स्क्रीनशॉट भी जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। साथ ही धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर आरोपी को नियत तिथि पर न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई में आरक्षक अविनाश मिश्रा, विशाल सेन, गोविंद गेहलोत और चंदन सिंह मार्को की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

MP Board Result 2026: 15 अप्रैल तक आ सकते हैं 10वीं-12वीं के नतीजे, जानें पूरी अपडेट

MP Board Result 2026 जल्द जारी होने वाला है। MPBSE 10वीं-12वीं रिजल्ट 15 अप्रैल तक आने की संभावना, जानें रिजल्ट डेट, समय, पासिंग मार्क्स और चेक करने का पूरा तरीका। भोपाल- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम अब किसी भी वक्त जारी किए जा सकते हैं। ताजा अपडेट के अनुसार, बोर्ड ने रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है और 15 अप्रैल 2026 तक परिणाम घोषित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी होगा रिजल्ट सूत्रों के मुताबिक, इस बार भी रिजल्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जारी किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। साथ ही कुल पास प्रतिशत, टॉपर्स लिस्ट, जिला-वार और जेंडर-वार रिजल्ट भी साझा किया जाएगा। कब तक आएगा रिजल्ट? ऐसे चेक करें MP Board Result 2026 रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इन आसान स्टेप्स से अपना परिणाम देख सकते हैं: छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना एडमिट कार्ड पहले से तैयार रखें।

Ratlam News: रतलाम रेलवे स्टेशन हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने में फिसला युवक, दर्दनाक मौत

रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में युवक की दर्दनाक मौत। सीसीटीवी में कैद पूरी घटना, जीआरपी जांच में जुटी। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना का वीडियो देखे यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने हादसे की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया। मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग (40 वर्ष) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा क्षेत्र में परिवार के साथ रहकर कैटरिंग और इवेंट मैनेजमेंट का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से लौटकर मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आया था। कैसे हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल के रवाना होते समय मृतक चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवक को ट्रेन से कटकर मृत अवस्था में पाया गया। मौके से क्या मिला घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोका गया और तकनीकी जांच के बाद रवाना किया गया। वहीं, ट्रैक पर युवक का शव दो हिस्सों में पड़ा मिला। मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि प्लेटफॉर्म से एक ट्रॉली बैग और अन्य बैग भी मिला। बैग की तलाशी में कपड़े, आधार कार्ड और करीब 4 लाख रुपये नकद मिले, लेकिन कोई यात्रा टिकट नहीं मिला। जीआरपी की जांच और बयान जीआरपी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा लापरवाहीपूर्वक चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के कारण हुआ। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सावधानी ही सुरक्षा यह हादसा एक बार फिर यह साबित करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

Ratlam News: रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बड़ा हादसा: ट्रक में घुसी स्लीपर बस, 5 यात्री घायल

रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मध्यप्रदेश के रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में राजस्थान के बाड़मेर के 5 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो देखे– कैसे हुआ हादसा? जानकारी के मुताबिक, गजराज ट्रेवल्स की प्राइवेट स्लीपर बस जोधपुर से इंदौर जा रही थी। सुबह करीब 7 बजे रत्तागिरी फंटे के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बताया जा रहा है कि ट्रक का स्टीयरिंग फेल हो गया था, जिसके चलते ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। पीछे आ रही तेज रफ्तार बस का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे ट्रक में जा घुसी। हादसे के वक्त हल्की बारिश भी हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी थी। 5 यात्री घायल, सभी बाड़मेर निवासी इस हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान इस प्रकार है: सूचना मिलते ही सातरुंडा पुलिस चौकी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सड़क निर्माण की खामी भी आई सामने स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में फोरलेन की मरम्मत की गई थी। सड़क पर डामर के साथ बारीक गिट्टी डाली गई है, जिससे वाहन फिसलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसे हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस का बयान सातरुंडा चौकी प्रभारी लोकेश डाबर ने बताया कि,“ट्रक का स्टीयरिंग फेल होने के कारण ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए, इसी दौरान पीछे चल रही बस ट्रक में टकरा गई। पांच लोग घायल हुए हैं, मामले की जांच जारी है।” जांच जारी, बस हटाई गई हादसे के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Ratlam News: रतलाम में पुलिस का बड़ा एक्शन: कॉम्बिंग गश्त में 85 वारंटी गिरफ्तार, गुंडे-बदमाशों पर कसा शिकंजा

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कॉम्बिंग गश्त में 24 स्थाई वारंटी और 61 गिरफ्तारी वारंट तामील, गुंडे-बदमाशों पर सख्ती तेज। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रतलाम पुलिस ने बीती रात व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। वीडियो देखे दिनांक 04-05 अप्रैल की दरमियानी रात से सुबह तक जिले के सभी पुलिस अनुभागों में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु आईपीएस श्री वैभव प्रिय, सीएसपी रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया सहित जिले के सभी एसडीओपी और पुलिस अधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ क्षेत्र में सघन गश्त की। इस दौरान पुलिस ने गुंडे-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिलाबदर अपराधियों और असामाजिक तत्वों की चेकिंग करते हुए धरपकड़ अभियान चलाया। शहर में नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुराने कंट्रोल रूम से बल को ब्रीफिंग देकर रवाना किया गया और मुख्य मार्गों पर पैदल मार्च कर आमजन से संवाद भी स्थापित किया गया। अभियान की बड़ी उपलब्धि:कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार 24 स्थाई वारंटियों और 61 गिरफ्तारी वारंटों को तामील कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस द्वारा जनसंवाद के माध्यम से लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस का संदेश:रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Ratlam News: रतलाम में ड्रग्स तस्करों पर सख्त शिकंजा, 16.16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कालूखेड़ा थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री चलाने वाले आरोपियों की 16.16 करोड़ की संपत्ति SAFEMA कोर्ट ने फ्रीज की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कालूखेड़ा क्षेत्र में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री संचालित करने वाले आरोपियों की करोड़ों की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए SAFEMA न्यायालय ने 16 करोड़ 16 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए हैं। वीडियो देखे पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। 55 करोड़ से ज्यादा संपत्ति की जांच, 16.16 करोड़ पर कार्रवाई थाना कालूखेड़ा अंतर्गत ग्राम चिकलाना में संचालित अवैध ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े आरोपियों की करीब 55.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का मामला SAFEMA न्यायालय में भेजा गया था। इसमें से फिलहाल 16.16 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश दिए गए हैं। इन आरोपियों पर कार्रवाई इस मामले में आरोपी दिलावर खान, अजहर खान, मुमताज बी और इमरान खान की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। जांच में सामने आया कि ये आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त थे और इसी अवैध कमाई से इन्होंने भारी संपत्ति अर्जित की। NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई जांच अधिकारी द्वारा NDPS Act, 1985 की धारा 68-ई और 68-एफ के तहत पूरी प्रक्रिया अपनाते हुए SAFEMA कोर्ट से संपत्ति फ्रीज कराने के आदेश प्राप्त किए गए। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई रतलाम पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे अन्य लोगों को भी चिन्हित कर उनकी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त और निरंतर कदम उठाए जाते रहेंगे।