Ratlam News: रतलाम पटवारी सुसाइड केस: धरना के बाद बड़ा एक्शन, 7 दिन का अल्टीमेटम

रतलाम के पटवारी सुसाइड केस में बड़ा मोड़, नायब तहसीलदार निलंबित। 7 घंटे धरना, विधायक का अल्टीमेटम—7 दिन में FIR नहीं तो कलेक्ट्रेट घेराव। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के आलोट में पदस्थ पटवारी रविशंकर खराड़ी की आत्महत्या के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों और पटवारी संघ के विरोध के बीच प्रशासन ने नायब तहसीलदार सविता राठौर को निलंबित कर दिया है। मेडिकल कॉलेज में करीब 7 घंटे तक चले धरने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। वीडियो देखे 7 घंटे धरना, फिर प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन बुधवार सुबह से ही परिजन एफआईआर दर्ज होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए धरने पर बैठ गए। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और संगठन भी शामिल हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति संभालने पहुंचे अधिकारियों ने जमीन पर बैठकर परिजनों को समझाया। जब अनुग्रह राशि की बात हुई तो परिजन भड़क उठे और साफ कहा—“हमें पैसे नहीं, न्याय चाहिए।” आखिरकार प्रशासन ने 7 दिन में जांच पूरी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। विधायक और पुलिस में तीखी बहस, दिया अल्टीमेटम धरने के दौरान सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि मामले को दबाया नहीं जाए और 7 दिन के भीतर एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो मृतक की तेरहवीं के दिन कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। पहले भी हुआ था विरोध, लेटर को माना जाए ‘मृत्यु पूर्व बयान’ इससे पहले मंगलवार रात भी थाना औद्योगिक क्षेत्र में करीब 5 घंटे तक धरना चला था। परिजनों की मांग थी कि मृतक द्वारा लिखे गए लेटर को मृत्यु पूर्व बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) माना जाए और तत्काल केस दर्ज किया जाए। पटवारी संघ ने भी आरोप लगाया कि मृतक पर अधिकारियों द्वारा अनुचित दबाव डाला जा रहा था और छुट्टी तक नहीं दी गई थी। क्या है पूरा मामला? कैसे हुई घटना रविशंकर खराड़ी अपने भाई की शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गांव गए थे, लेकिन अचानक वापस रतलाम लौट आए। वे रिसेप्शन में भी शामिल नहीं हुए और उनका फोन बंद था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उनकी गर्भवती पत्नी ने दरवाजा तोड़कर देखा तो वे फंदे पर लटके मिले। मृतक के परिवार में पत्नी, 4 साल की बेटी, मां और छोटी बहन हैं। प्रशासन की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति बढ़ते विरोध और राजनीतिक दबाव के बीच कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। अब सबकी नजर 7 दिन की डेडलाइन पर टिकी है। अगर इस दौरान एफआईआर दर्ज नहीं होती, तो मामला और बड़ा आंदोलन बन सकता है।

Ratlam News: रतलाम में डीजे विवाद बना जानलेवा, युवक की हत्या से शादी समारोह मातम में बदला

रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान डीजे विवाद में युवक की हत्या, तीन बारातें बिना फेरे लौटीं। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जिले के ताल थाना क्षेत्र के भोई मोहल्ले में रविवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब डीजे ऑपरेटरों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया और एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और हालात बिगड़ने की आशंका के चलते तीनों बारातें बिना विवाह की रस्में पूरी किए ही वापस लौट गईं। घटना का वीडियो देखे तीन बेटियों की शादी में आई थीं तीन बारातें जानकारी के अनुसार, भोई मोहल्ला निवासी शंकरलाल भोई की तीन बेटियों का विवाह एक साथ आयोजित किया गया था। इस समारोह में हाटपिपलिया (उणी), रुनीजा और राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के बसाड़ से तीन अलग-अलग बारातें आई थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन डीजे ऑपरेटरों के बीच प्रतिस्पर्धा ने माहौल बिगाड़ दिया। माइक पर गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बताया जा रहा है कि अलग-अलग बारातों के साथ आए डीजे संचालकों के बीच गाने बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि माइक पर ही गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। समझाइश देने पहुंचे युवक पर हमला मोहल्ले का रहने वाला दिलीप (22) अपने साथियों सुनील और रवि के साथ मौके पर पहुंचा और डीजे ऑपरेटरों को महिलाओं और परिवारजनों की मौजूदगी का हवाला देते हुए गाली-गलौज बंद करने को कहा। इसी बात से नाराज आरोपितों ने दिलीप और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। चाकू से हमला, रास्ते में मौत विवाद के दौरान एक डीजे ऑपरेटर ने दिलीप के पेट में चाकू मार दिया। बीच-बचाव करने आए अन्य युवकों पर भी लोहे के पाइप से हमला करने का प्रयास किया गया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को पहले जावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रतलाम रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी मृतक दिलीप की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। परिवार में पत्नी, माता-पिता, एक बड़ी बहन और दो भाई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है। तनाव के चलते तीनों बारातें लौटीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। हालात को देखते हुए तीनों बारातें बिना फेरे लिए ही वापस लौट गईं और शादी का कार्यक्रम पूरी तरह से रद्द हो गया। दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी के अनुसार, मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ratlam News: रतलाम में सनसनी: मथुरी तालाब में तैरते मिले दो शव, इलाके में हड़कंप

रतलाम के मथुरी तालाब में दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस, गोताखोर और FSL टीम जांच में जुटी। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के करमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों के शव पानी में तैरते हुए देखे गए। सबसे पहले यह दृश्य गांव के कुछ ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो देखे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और गोताखोर टीम की कार्रवाई तालाब से शवों को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी गई है, ताकि मृतकों की पहचान हो सके। एफएसएल टीम भी जांच में जुटेगी घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। यह टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मौत के कारणों का पता लगाने में मदद करेगी।

Ratlam News: जावरा में गुप्ती से हमला: मामूली विवाद में युवक घायल, आरोपी फरार

जावरा में मामूली विवाद के बाद युवक पर गुप्ती से हमला, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: जावरा शहर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर गुप्ती से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो देखे प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक कमालसिंह को सीएच जावरा से सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे। यहां फरहान उर्फ गोलू (19) पिता कामील अब्बासी, निवासी अकब बिजली घर के पीछे जावरा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अप्रैल को फरियादी के बड़े भाई दानिश ने समीर हुसैन को गली में वाहन धीरे चलाने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर समीर हुसैन ने फरहान को ईदगाह मैदान पर बुलाया। फरियादी अपने दोस्त सारेफ शेख के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखी गुप्ती से फरियादी के बाएं गाल, दाहिने कंधे और दाहिने हाथ के अंगूठे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायल युवक को उसके दोस्त द्वारा तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर देहाती नालसी दर्ज कर थाना जावरा शहर में आरोपी समीर हुसैन के खिलाफ धारा 118(1), 296(बी), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Ratlam News: बाजना पुलिस का बड़ा खुलासा: 72 घंटे में हत्या और लूटकांड का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम के बाजना थाना क्षेत्र में हत्या और लूट की दो बड़ी वारदातों का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा किया। 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, पुलिस की विशेष टीम की बड़ी कार्रवाई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र में हुई हत्या और लूट की दो गंभीर घटनाओं का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। वीडियो देखे माही नदी पुल पर लूट की वारदात 13 अप्रैल 2026 को बांसवाड़ा निवासी कादर खान अपनी पुत्री के साथ जावरा से शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान रतनगढ़पीठ स्थित माही नदी पुल पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनसे लूटपाट की। बदमाशों ने 20 हजार रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज, सोने-चांदी के जेवर, कपड़ों से भरा बैग और अन्य सामान लूट लिया। इस मामले में बाजना थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। डीजे विवाद में युवक की हत्या दूसरी घटना 14 अप्रैल 2026 की है, जहां देवीपाड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने सुनील झोड़िया पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की विशेष टीम ने किया खुलासा दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी फरार आरोपी: अश्विन कटारा (निवासी केलदा, थाना शिवगढ़) जप्ती और पुलिस टीम की भूमिका पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इस पूरे ऑपरेशन में बाजना, रावटी और सरवन थाना पुलिस सहित कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रतलाम में बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, कथित अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

रतलाम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न कथित आपराधिक और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पढ़ें पूरी खबर। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर देश और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने माननीय जिला कलेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन में कथित अवैध गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की। वीडियो देखे ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि हाल के कुछ मामलों ने सामाजिक ताने-बाने और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, और जबरन धर्मांतरण जैसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा, ज्ञापन में सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जनजातीय क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि वे राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। वहीं, इस मामले में प्रशासन की ओर से कहा गया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और संबंधित बिंदुओं पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रतलाम में सेवा भारती की चित्रकला प्रतियोगिता: 250 विद्यार्थियों ने ‘सेवा’ थीम पर दिखाया हुनर

रतलाम में सेवा भारती द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ‘सेवा’ विषय पर बनी रचनाओं ने समाज, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। सेवा भारती रतलाम द्वारा विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के तीन प्रमुख विद्यालयों — पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रेलवे स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर, काटजू नगर — के कक्षा 6वीं से 12वीं तक के करीब 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “सेवा” रखा गया था। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला के जरिए समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की कल्पनाशीलता, रंगों का संयोजन और विषय की गहरी समझ ने निर्णायकों को भी काफी प्रभावित किया। तीनों विद्यालयों में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 10 विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया। सेवा भारती रतलाम के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सेवा भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की पद्मनाभ जोशी, संगमित्रा सोनी, रेलवे स्कूल के प्राचार्य जयदेव गोस्वामी, राष्ट्रीय कलाकार महावीर प्रसाद वर्मा, आशुतोष शर्मा सहित सेवा भारती के पदाधिकारी अनुज छाजेड़, मोहित कसेरा, अभिनव बरमेचा, शीतल भंसाली, संगीता जैन, निधि अग्रवाल, आशा दुबे, संजीव पाठक, स्वाति पाटनी, नितिन फलोदिया, राकेश मोदी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ratlam News: रतलाम में 20 हजार की रिश्वत लेते पटवारी ट्रैप, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

रतलाम के सैलाना में लोकायुक्त उज्जैन ने पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। सीमांकन के नाम पर मांगी गई थी रकम, जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क| Ratlam News: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त संगठन उज्जैन की टीम ने गुरुवार को सैलाना तहसील में एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी सीमांकन (नपती) के नाम पर आवेदक से रिश्वत मांग रहा था। लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस अधीक्षक आनन्द कुमार यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। टीम ने हल्का नंबर 26 के पटवारी कैलाश वडख्या को तहसील सैलाना के नायब नाजिर कक्ष में ट्रैप कर पकड़ा। क्या है पूरा मामला?आवेदक जितेंद्र पाटीदार (निवासी ग्राम अडवानिया, तहसील सैलाना) ने 10 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पिता ईश्वरलाल पाटीदार के नाम पर सैलाना और बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है। भूमि के सीमांकन के लिए 22 जनवरी 2026 को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई। जब आवेदक ने पटवारी से संपर्क किया, तो उससे पैसे की मांग की गई। 30 हजार की मांग, 20 हजार में सौदाशिकायत के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को पटवारी कैलाश वडख्या आवेदक के घर पहुंचा और सीमांकन के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। बताया गया कि आरोपी पहले ही 3 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि लेने के दौरान लोकायुक्त ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। ऐसे हुई ट्रैप कार्रवाईशिकायत की सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने 16 अप्रैल 2026 को ट्रैप प्लान किया। जैसे ही आरोपी ने आवेदक से 20 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम में शामिल अधिकारीइस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश और श्याम शर्मा शामिल रहे। भ्रष्टाचार पर सख्त रुखलोकायुक्त की इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और रिश्वतखोरी करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है।

Ratlam News: रतलाम बैल चोरी: गांव की आखिरी बैलों की जोड़ी चोरी, इंसाफ के लिए पूरा गांव पहुंचा एसपी ऑफिस

रतलाम के काल्मोड़ा गांव में इकलौती बैलों की जोड़ी चोरी, नाराज़ ग्रामीण एसपी ऑफिस पहुंचे। जानिए पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क। Ratlam News: रतलाम में एक अनोखी लेकिन चिंताजनक चोरी का मामला सामने आया है, जहां गांव की इकलौती बैलों की जोड़ी ही चोर ले उड़े। इस घटना से नाराज़ ग्रामीण अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गए हैं। वीडियो देखे क्या है पूरा मामला? मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के काल्मोड़ा गांव में 6 अप्रैल की रात अज्ञात बदमाशों ने किसान प्रदीप जाट के दो बैल चोरी कर लिए। खास बात यह है कि पूरे गांव में यही एकमात्र बैलों की जोड़ी बची थी, जो अब चोरी हो चुकी है। पीड़ित किसान ने तुरंत मुंदड़ी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से एसपी ऑफिस पहुंचकर न्याय की मांग की। खेती का आधार थे ये बैल प्रदीप जाट ने बताया कि उनके बैल ही उनकी आय का एकमात्र साधन थे। आधुनिक मशीनों के दौर में भले ही ट्रैक्टर का उपयोग बढ़ गया हो, लेकिन सोयाबीन की फसल में ‘डोरे’ (करपे) चलाने के लिए आज भी बैलों की जरूरत पड़ती है। उन्होंने बताया कि इन बैलों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये थी और गांव में अब किसी के पास बैलों की जोड़ी नहीं बची है, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों और किसान नेता का आरोप किसान नेता डीपी धाकड़ ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि,“पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है, जबकि यह सिर्फ चोरी नहीं बल्कि किसान की आजीविका पर सीधा हमला है। आज के समय में बैलों की जोड़ी मिलना भी आसान नहीं है।” ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद बैलों को ढूंढा जा सकता था। पुलिस का क्या कहना है? मामले में एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि पुलिस बैलों की तलाश में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

Ratlam News: धराड़ में बरात बनी बवाल! चाकूबाजी से भड़का सांप्रदायिक तनाव, बाजार बंद की चेतावनी

धराड़ में बरात के दौरान विवाद ने लिया सांप्रदायिक रूप, चाकूबाजी में युवक घायल, बजरंग दल और विहिप ने बाजार बंद की चेतावनी दी। जानिए पूरा मामला। रतलाम- पब्लिक वार्ता, न्यूज़ डेस्क।Ratlam News:  रतलाम जिले के धराड़ गांव में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव में बदल गया। चाकूबाजी और पथराव की इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना का वीडियो देखे क्या है पूरा मामला?  मंगलवार रात करीब 11:20 बजे बिलपांक थाना क्षेत्र के धराड़ में कुछ युवक भाटी बड़ोदिया रोड पर स्थित एक हेयर सैलून के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक मुस्लिम परिवार की बरात वहां से गुजर रही थी। आरोप है कि बरात में शामिल कुछ लोगों ने वाहन रोककर नाम पूछते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ ही देर में 15-20 लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि पथराव भी शुरू कर दिया। इसी दौरान चाकू निकालकर दो युवकों—आदित्य वर्मा (22) और रूपसिंह चंद्रावत (26)—पर हमला कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। कैसे बढ़ा तनाव? घटना के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। बजरंग दल और अन्य कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति और बिगड़ने पर दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें अशोक पाटीदार, त्रिलोक प्रजापत और बादल राणा भी घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन का एक्शन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। रातभर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के अनुसार,“प्रारंभिक जांच में गाड़ी निकालने को लेकर विवाद सामने आया है। घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।” संगठनों की चेतावनी और बाजार बंद घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद धराड़ ने अपील जारी करते हुए कहा है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी और उनका जुलूस नहीं निकाला जाएगा, तब तक धराड़ का बाजार बंद रखा जाएगा। साथ ही प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी तोड़फोड़ की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वर्तमान स्थिति फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि स्थानीय लोग भय और अनिश्चितता के माहौल में हैं।